Home Blog Page 477

“INDIA” के सांसदों का प्रतिनिधिमंडल मणिपुर के लिए रवाना

0

मणिपुर में हिंसा की छिटपुट घटनाएं अभी भी देखने को मिल रही है। बीते 3 मई से कहीं आग लगाई जा रही तो कहीं गोलियां बरसाई जा रही। इसको लेकर सड़क से संसद तक बवाल मचा है और विपक्ष भी सरकार के खिलाफ लामबंद है।

इस बीच आज विपक्षी दलों का गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलांयस ‘INDIA’ के 21 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर का दौरा करने निकला है। ये सांसद हिंसाग्रस्त क्षेत्रों और राहत शिविरों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे।

पश्चिम बंगाल में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन के सांसदों का दिखावा है जो मणिपुर गए हैं। विपक्ष और उसके सहयोगी कभी मणिपुर का नाम तक नहीं लेते थे, जब वो सरकार में थे। उन्होंने कहा कि सभी सांसद जब मणिपुर से वापस आएंगे, तो मैं कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी से उन्हें पश्चिम बंगाल लाने का अनुरोध करूंगा।

सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा, दो बसों की आमने-सामने टक्कर में 6 यात्रियों की मौत

0

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार सुबह दो निजी बसों की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं।

यह दुर्घटना मलकापुर शहर में एक फ्लाईओवर पर देर रात करीब 2.30 बजे हुई। हादसे का शिकार हुई बसों में से एक बस अमरनाथ यात्रा के बाद हिंगोली जा रही थी, जबकि दूसरी निजी बस नासिक की ओर जा रही थी।

दो बस आमने-सामने टकराई

नासिक की ओर जा रही बस ने एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की और दूसरी बस के सामने आ गई, जिससे टक्कर हो गई। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया।

 

उत्तराखंड: चाय बागान के कितने कब्जेदार? एक और खुलासा

0

देहरादून: चाय बागान की सीलिंग की जमीन की खरीद-फरोख्त का फर्जीवाड़ा अब भी जारी है। अब लाडपुर में चाय बागान की लगभग साढ़े चार एकड़ जमीन का फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस जमीन को आसाम के पते पर मोती लाल अग्रवाल ने खरीदा है। अहम बात यह है कि जिस पते पर इस जमीन की रजिस्ट्री हुई है, वह पता इस मामले में विवादित भूमि मालिक संतोष अग्रवाल का भी है।

 

चाय बागान की जमीन का फर्जीवाड़े का खुलासा करने वाले RTI एक्टिविस्ट एडवोकेट विकेश नेगी का कहना है कि इस मामले के उजागर होने से साबित होता है कि भूमाफिया का गैंग अंतरराज्यीय है। उन्होंने कहा कि चाय बागान की जमीन के फर्जीवाड़े और खरीद-फरोख्त की जांच CBI के सुपुर्द करनी चाहिए।

 

चाय बागान की जमीन लाडपुर, रायपुर, चकरायपुर, नथनपुर, मसूरी और विकासनगर में है। आरटीआई एक्टिविस्ट एडवोकेट विकेश नेगी ने हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की थी कि सीलिंग की जमीन को कुछ भूमाफिया अफसरों के साथ सांठगांठ कर खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन थोड़ा सतर्क हुआ। इस मामले की सुनवाई अपर जिलाधिकारी डॉ. शिव बरनवाल कर रहे हैं।

 

जांच के दौरान पता चला कि संतोष अग्रवाल ने अपनी मृत मां के नाम की चाय बागान की सीलिंग की जमीन की खरीद-फरोख्त की है। बल्कि पर्लव्यू होटल भी बना दिया है, जो कि पूरी तरह से अवैध है। संतोष अग्रवाल ने फर्जीवाड़ा कर 1952 की अपनी मां के नाम से रजिस्ट्री की आड़ में चकरायपुर के खसरा नंबर 203, 204 और 205 की अवैध तरीके से बेचने का प्रयास किया है। उसने सहारनपुर में कुछ लोगों के खिलाफ अपनी जमीन होने का दावा कर केस दर्ज करा दिया। जबकि यह जमीन सीलिंग की है और इस पर सरकार का हक है।

 

इस बीच जमीन का एक और दावेदार उमेश कुमार सामने आया और उमेश ने इसी खसरा नंबरों पर 1984 की रजिस्ट्री के आधार पर देहरादून में केस दर्ज करा दिया और इस जमीन पर अपना कब्जा बताया। एडवोकेट विकेश नेगी के अनुसार दोनों ने फर्जीवाड़ा किया है। दोनों का इस जमीन पर कोई अधिकार नहीं है। इसके बावजूद पुलिस ने अब तक इन दोनों को गिरफ्तार नहीं किया।

 

इस बीच एडवोकेट नेगी ने खुलासा किया है कि इसी गैंग ने लाडपुर में खसरा नंबर 80/3, 19 सितम्बर 1975 की रजिस्ट्री के आधार पर साढ़े चार एकड़ भूमि मोतीलाल अग्रवाल के नाम पर खरीदी। अहम बात यह है कि मोती लाल अग्रवाल के निवास का पता भी वही है जो संतोष अग्रवाल का है। दोनो ही आसाम निवासी हैं और एक ही पते पर रहते हैं। मोतीलाल ने इसी तरह से मसूरी में भी एक रजिस्ट्री चंद्रबहादुर की जमीन की कराई। सरकार ने जांच में इसे फर्जी पाया।

 

एडवोकेट विकेश नेगी का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में 21 जून 2022 को इसकी शिकायत एसडीएम, एडीएम और डीएम से भी की, लेकिन शासन ने इसकी जांच नहीं करवाई है। एडवोकेट विकेश नेगी ने कहा है कि चूंकि यह मामला अरबों रुपये के फर्जीवाडे का है और गैंग के तार कई राज्यों में फैले हुए हैं। ऐसे में इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।

स्वामी प्रयाद मौर्य के बयान का विरोध शुरू, बद्रीनाथ धाम को लेकर कही ये बात

0

देहरादून: उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने बद्रीनाथ धाम को लेकर विवादित बयान दिया है. उनके बयान को उत्तराखंड में विरोध शुरू हो गया है.मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बदरीनाथ धाम पूरी दुनिया के लोगों के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है. कहा कि जिस गठबंधन के स्वामी प्रसाद मौर्य हिस्सा हैं, ऐसे में ऐसे बयान आना स्वाभाविक है. सीएम धामी ने आगे कहा कि उनके नाम के आगे स्वामी है, ऐसे में ऐसा बयान देने से पहले उन्हें सोचना चाहिए.

दरअसल, समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि पुरातत्व विभाग से जांच कराई जा रही है तो सभी हिंदू मंदिरों की भी जांच कराई जानी चाहिए. उत्तराखंड बदरीनाथ धाम मंदिर को 8वीं शताब्दी में मठ था. जिसके बाद उत्तराखंड में उनका विरोध शुरू हो गया है. चारधाम में शामिल बदरीनाथ धाम का सनातन धर्म में विशेष महत्व है.

हर साल बदरी विशाल के कपाट खुलने के बाद धाम के कपाट बंद होने तक लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर से बदरीनाथ धाम पर दिए बयान पर धाम के तीर्थ पुरोहित और हक हकूकधारी ने विरोध करना शुरू कर दिया है. साथ ही उत्तराखंड सरकार ने भी स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बता रही है.

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर ज्ञानवापी का पुरातत्व विभाग से जांच कराई जा रही है तो देश सभी हिंदू धार्मिक स्थलों की भी जांच पुरातत्व विभाग से कराई जानी चाहिए. क्योंकि तमाम हिंदू धार्मिक स्थल, मठों को तोड़कर बनाए गए हैं. वो यहीं नहीं रुके, यह भी कहा कि उत्तराखंड स्थित बदरीनाथ मंदिर पहले मठ हुआ करता था, जिसे 8वीं शताब्दी में तोड़कर मंदिर बनाया गया.

स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पलटवार किया है.मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बदरीनाथ धाम पूरी दुनिया के लोगों के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है. लिहाजा स्वामी प्रसाद मौर्य का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है. साथ ही सीएम ने कहा कि जिस गठबंधन के स्वामी प्रसाद मौर्य हिस्सा हैं.

ऐसे में स्वाभाविक है कि उनका बयान इस प्रकार से आना ही है. जो हर चीज को बांटने पर विश्वास करते हैं, और तुष्टिकरण पर विश्वास करते हैं, ऐसे में उनके बयान को लेकर कोई आश्चर्य नहीं है. लेकिन उनके नाम के आगे स्वामी है ऐसे में ऐसा बयान देने से पहले उन्हें सोचना चाहिए.

रिश्तों का कत्ल…शादी से इनकार पर मिली मौत, मौसेरे भाई ने लोहे की रॉड की हत्या

0

नई दिल्ली : महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है। ऐसी हम नहीं, बल्कि दिल्ली में सामने आ रही घटनाएं बयां कर रही हैं। दिल्ली में हर रोज महिलाओं के साथ अपराध की खबरें सामने आती हैं, जहां मामूली बात और विवाद को लेकर महिलाओं या लड़कियों की हत्या कर दी जाती है। अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय एक युवक ने अपनी मौसेरी बहन पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

क्रवार दोपहर करीब 12 बजकर आठ मिनट के आसपास जानकारी मिली थी कि अरबिंदो कॉलेज के पास विजय मंडल पार्क शिवालिक ए ब्लॉक पर एक लड़का एक लड़की को जान से मारकर भाग गया है। लड़की के पास एक लोहे की रॉड पड़ी थी। लड़की की पहचान नरगिस के रूप में हुई है जो दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज कमला नेहरू से पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना अरबिंदो कॉलेज के पास की है। आरोपित लड़की पर रॉड से हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान इरफान (28) पुत्र ईसा खान निवासी संगम विहार के रूप में हुई है। इरफान का परिवार मूलरूप से औरैया का रहने वाला है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि नरगिस की हत्या करने वाला कोई और नहीं उसका मौसेरा भाई है जो उससे शादी करना चाहता था। लेकिन नरगिस के परिवार ने उनकी शादी से इनकार दिया था। इसके बाद लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था, जिसके बाद आरोपित परेशान हो गया और लड़की के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, नरगिस ने इसी साल कमला नेहरू कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरी की थी और वह मालवीय नगर इलाके से स्टेनो की कोचिंग कर रही थी।

 

डीसीपी साउथ चंदन चौधरी ने बताया कि “घटना पार्क के अंदर हुई है। मृतक लड़की कॉलेज की छात्रा है। इस पार्क में अक्सर कॉलेज के लड़के-लड़कियां आते रहते हैं। वह अपने किसी दोस्त के साथ पार्क में आई थी। लड़की के सिर पर चोट के निशान हैं। एक रॉड भी उसके शव के पास से मिली है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक सोमनाथ भारती विकास मंडल पार्क पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह डीडीए का पार्क है। डीडीए, लॉ एंड आर्डर और पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है। लेकिन केंद्र सरकार अपने दायित्वों का निर्वहन करने में फेल हुई है, जबकि दिल्ली सरकार के अधीन शिक्षा, स्वास्थ्य, डीटीसी बस और रोड इत्यादि में उल्लेखनीय कार्य किया गया है।

 

कैसी है रॉकी और रानी की प्रेम कहानी, करण जौहर की निर्देशन में वापसी

0

रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के साथ निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने सात साल बाद निर्देशन में वापसी की है। इस बीच उन्होंने ओटीटी के लिए निर्देशन किया, मगर सिनेमाघरों में उनके डायरेक्शन में बनी आखिरी रिलीज 2016 में आयी ऐ दिल है मुश्किल है, जिसमें रणबीर कपूर लीड रोल में थे और अब उनकी वापसी रणवीर सिंह के साथ हुई है। पारिवारिक फिल्म कभी खुशी कभी गम और कुछ कुछ होता है, कभी अलविदा ना कहना, ऐ दिल है मुश्किल जैसी रोमांटिक फिल्म बना चुके करण इस बार राकी और रानी की प्रेम कहानी में इन दोनों जॉनर का मिश्रण लेकर आए हैं।

कहानी है रॉकी और रानी के प्रेम की, लेकिन परिवार के बिना प्रेम कहानी आगे नहीं बढ़ सकती है। कहानी शुरू होती है दिल्ली के रहने वाले रॉकी रंधावा (रणवीर सिंह) के साथ, जिसका जीवन में लक्ष्य अपनी बॉडी बनाना और अजीबोगरीब अतरंगी कपड़े पहना। वहीं, रानी चटर्जी (आलिया भट्ट) महत्वाकांक्षी है। न्यूज चैनल में एंकर है। दोनों की मुलाकात होती है उनके दादा-दादी की वजह से। रॉकी के दादा कंवल (धर्मेंद्र) और रानी की दादी जामिनी (शबाना आजमी) किसी जमाने में एक-दूसरे से प्यार किया करते थे, लेकिन दोनों की शादी अलग-अलग जगहों पर हो गई थी।

अब रॉकी और रानी उन्हें मिलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इस बीच उन्हें आपस में प्यार हो जाता है। रॉकी और रानी को इस बात का एहसास है कि दोनों के परिवार का रहन-सहन, संस्कृतियां एक-दूसरे से बिल्कुल मेल नहीं खाते हैं। ऐसे में परिवार को वह कैसे इस रिश्ते के लिए तैयार करेंगे। इस बीच बातों-बातों में आइडिया निकलकर आता है कि क्यों न दोनों एक-दूसरे के परिवार के साथ तीन महीने बिताएं, ताकि उन्हें और उनके परिवार वालों को यह बात समझ में आए कि क्या वह आगे एक-दूसरे के साथ पूरी जिंदगी बिता पाएंगे? दोनों एक-दूसरे के परिवार को इंप्रेस करने के लिए पहुंच जाते हैं। क्या दोनों एक-दूसरे के परिवार का दिल जीत पाएंगे? कहानी इस पर आगे बढ़ती है।

करण जौहर की फिल्मों की खास बात होती है कि उनका फ्रेम लार्जर देन लाइफ होता है, उसमें बहुत से रंग होते हैं, भव्य सेट, विदेशी लोकेशन पर गाने यह सारे मसाले उन्होंने इस फिल्म में भी बरकरार रखे हैं। भावनाओं को ह्यूमर के साथ मिलाने की कला करण में है। अपनी पिछली फिल्मों की ही तरह उन्होंने पारिवारिक मूल्यों के साथ कहानी में अहम संदेश भी है। हालांकि, वहां तक पहुंचने में फिल्म समय लेती है। करण ने कॉमेडी और भावनात्मक दृश्यों के बीच दो परिवारों को लेकर जो संतुलन बनाया है, वह सराहनीय है। रॉकी जहां, रानी के गंभीर स्वभाव वाले सदस्यों के बीच रहकर हंसाता है। वहीं रानी, रॉकी के परिवार के बीच रहकर कुछ गंभीर दृश्य लेकर आती है।

कहानी को तर्कसंगत रखने के लिए कुछ किरदारों का चित्रण पटरी से उतर गया है। रॉकी और उसकी बहन गायत्री इतने बड़े और अमीर परिवार से हैं। दिल्ली में रहते हैं, लेकिन फिर भी वह पढ़े लिखे क्यों नहीं हैं, ये सवाल मन में रह जाते हैं। फिल्म के कुछ दृश्य गुदगुदाते हैं- ‘देवदास’ के गाने डोला रे डोला पर रणवीर सिंह और टोटा रॉय चौधरी का डांस तालिया बटोरता है।

बच्चे छुपाने के चक्कर में गई इस मेयर की कुर्सी

0

बिहार : छपरा की मेयर राखी गुप्ता चर्चित चेहरा हैं. जो पहले चुनाव जीतने की बाद चर्चा में आई थी औउर अब पदमुक्त किये जाने का बाद फिर से चर्चा में. निर्वाचन आयोग को बच्चों के बावत गलत जानकरी देने की बात साबित होने के बाद उन्हें मेयर पद से बर्खास्त कर दिया गया है. गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने राखी गुप्ता के तीन बच्चे होने की बात साबित होन के बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया है. साथ ही चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी देने के लिए राखी गुप्ता के खिलाफ नगरपालिका एक्ट 2007 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया है. राखी गुप्ता ने पिछले साल दिसंबर में हुए नगर निगम चुनाव में मेयर का चुनाव जीता था.

राखी गुप्ता के तीन बच्चे हैं. एक बच्चे को उन्होंने जन्म के बाद लिखित तौर अपने एक निःसंतान रिश्तेदार को दिया था. लेकिन चुनाव आयोग के नियम हैं बच्चों को गोद देने के बाद भी वह उस बच्चे के जैविक मां-बाप माने जाएंगे. छपरा मेयर के तीन बच्चों के बारे में जानकारी, रजिस्ट्री ऑफिस से मिले कागजात से साबित हुआ है. कागजात में राखी गु्प्ता के तीन संतान दो बेटी श्रीयांशी प्रकाश, शिवंशी प्रकाश और एक बेटा श्रीश प्रकाश के बारे में जानकारी सामने आई है.

बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के पहली बार में चुनाव लड़कर मेयर बनने वाली राखी गुप्ता मॉडल भी रह चुकी हैं. 2021 में i-glam मिसेज बिहार 2021 में वह दूसरे स्थान पर रहीं थी. राखी ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से एमबीए भी किया है. राखी गुप्ता के परिवार में दूर-दूर तक कोई राजनीत में नहीं था. कोरोना काल के दौरान स्वर्ण व्यवसायी पति वरुण प्रकाश ने लोगों की बढ़-चढ़ कर मदद की थी इसके बाद से वह राजनीति में सक्रिय हुए थे.

राखी गुप्ता के पति BJP में व्यवसायिक प्रकोष्ठ के संयोजक हैं. राखी गुप्ता का मायका पटना के प्रसिद्ध अलंकार परिवार में है. मेयर बनने से पहले राखी गुप्ता अपने पति के स्वर्ण व्यवसाय में हाथ बंटाती थी. छपरा मेयर चुनाव में बीजेपी समर्थित राखी गुप्ता ने राजनीति में धमाकेदार एंट्री की और 17389 वोटों से चुनाव जीता था. मेयर चुनाव में इतने बड़े वोटों के अंतर से जीत को बड़ी जीत माना जाता है. उन्होंने रफी इकबाल को शिकस्त दी थी. लेकिन अब गलत जानकारी देने की वजह से उन्हें पद से हटा दिया गया है.

दिल्ली-मुंबई फ्लाइट में महिला के साथ छेड़छाड़, प्रोफेसर गिरफ्तार

0

मुंबई: पिछले कुछ सालों में फ्लाइट में छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आने लगी हैं। पिछले दिनों महिलाओं पर पेशाब करने के मामले सामने आ चुके हैं। अब एक बार फिर फ्लाइट में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में एक प्रोफेसर पर डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। उसका गिरफ्तार भी किया और कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने दिल्ली-मुंबई उड़ान में एक महिला डॉक्टर का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 47 वर्षीय प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि यह घटना बुधवार को हुई है।

बीते बुधवार को दिल्ली-मुम्बई फ्लाइट में एक महिला डॉक्टर के साथ एक प्रोफेसर ने छेड़छाड़ की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 24 वर्षीय पीड़िता और 47 वर्षीय आरोपी विमान में एक-दूसरे के बगल में बैठे थे, जिस दौरान प्रोफेसर ने गंदी हरकत की।पुलिस ने कहा, “महिला डॉक्टर ने अपनी शिकायत में कहा कि मुंबई हवाईअड्डे पर विमान उतरने से कुछ समय पहले आरोपी ने उन्हें गलत तरीके से छुआ।

इसके बाद दोनों यात्रियों के बीच बहस छिड़ गई, जिसके बाद पीड़ित ने विमान के चालक दल के सदस्यों को सूचित किया। विमान के चालक दल ने मामले में हस्तक्षेप किया। उन्होंने बताया कि फ्लाइट के मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वे सहार पुलिस स्टेशन गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

भीषण हादसा : शव लेकर आ रही एंबुलेंस की वाहन से टक्‍कर, मां-बेटी समेत 4 की मौत

0

पुरवा-मौरावां मार्ग पर वृद्ध का शव लेकर जा रही प्राइवेट एंबुलेंस में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस के परखचे उड़ गए। मां-बेटी समेत चार की मौत हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल पाया। वहीं पुलिस एंबुलेंस चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

मौरावां निवासी 75 वर्षीय धनीराम को पैरालिसिस अटैक पड़ा था। पिछले कई दिन से कानपुर के एलएलआर में इलाज चल रहा था। शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्वजन प्राइवेट एंबुलेंस से शव लेकर घर के लिए निकले। पुरवा-मौरावां मार्ग पर तुसरौर गांव के पास अज्ञात वाहन ने वैन में टक्कर मार दी।

हादसे में एंबुलेंस में बैठी दिवंगत धनीराम की 70 वर्षीय पत्नी प्रेमा, 45 वर्षीय बेटी मंजुला, 40 वर्षीय अंजली, 30 वर्षीय रूबी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक अन्य बेटी सुधा घायल हो गई उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में मां और तीन बेटियों की मौत से कोहराम मच गया। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना व एएसपी शशिशेखर सिंह ने मौके पर पहुंचे और जांच की। एंबुलेंस के चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। तनाव को देखते हुए तीन थानों का पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद रहा।

बड़ी खबर : 26 राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में ऐसा रहेगा मौसम

0

दिल्ली-NCR में आज आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 28 जुलाई को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है. इधर उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी है.

पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में आज बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड में भी अधिकांश जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है. आईएमडी ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने और तेज आंधी (हवा की गति 30-40 किमी. प्रति घंटे) के साथ बारिश होने की संभावना जताई है.

वहीं पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है.