पिछले दिनों खबर आई थी कि फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ में ऐश्वर्या राय ने कुछ इंटीमेट सीन दिए हैं, जिस पर अमिताभ बच्चन ने आपत्ति जताई है। अब सुनने में आ रहा है कि ऐश्वर्या राय के विज्ञापन के एक सेक्सी पोस्टर पर सवाल खड़े हो गए हैं। ये पोस्टर मलेशिया के एक स्टोर पर लगा हुआ था, जिसे हटवा दिया गया है।
ऐश्वर्या पिछले काफी साल से एक घड़ी के ब्रांड की एंबेसडर हैं। मलेशिया के इस स्टोर में घड़ी के विज्ञापन का एक सेक्सी पोस्टर लगा हुआ था। ये पोस्ट काफी बड़ा और आकर्षित थे। बताया जा रहा है कि स्थानीय परिषद ने पाया कि ये पोस्टर काफी सेक्सी है। इससे युवाओं का दिमाग दूषित हो सकता है। ऐसा पोस्टर स्टोर के बाहर नहीं लगना चाहिए।
हालांकि स्टोर के मैनेजर का कहना है कि ये पोस्टर उन्हें कंपनी की तरह से उपलब्ध कराया गया था। यह विज्ञापन का पोस्टर था, इसलिए स्टोर के बाहर लगवा दिया गया। लेकिन स्थानीय परिषद के अधिकारियों ने मैनेजर की एक ना सुनी और पोस्टर को हटवा दिया। बताया जा रहा है कि अश्लील पोस्टर लगाने जुर्म में स्टोर पर जुर्माना भी लगाया गया है।
मलेशिया के स्टोर से हटाया गया ऐश्वर्या के बोल्ड विज्ञापन का पोस्टर
हीरानंदानी अस्पताल में अंग प्रत्यारोपण पर लगी रोक
मुंबई। किडनी प्रत्यारोपण रैकेट मामले में कार्रवाई करते हुए राज्य सरकार ने फिलहाल मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में अंग प्रत्यारोपण पर रोक लगा दी है। फर्जी पहचान बनाकर प्रत्यारोपण करने के मामले में मंगलवार रात अस्पताल के सीईओ एवं पांच डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया था।
मुंबई में ऊंचे दर्जे के अस्पतालों में एक माने जाने वाले डॉ. एलएच हीरानंदानी अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण रैकेट का भंडाफोड़ 14 जुलाई को हुआ था। सूरत के व्यापारी बृजकिशोर जायसवाल यहां किडनी प्रत्यारोपण कराने आए थे।
उन्हें किडनी दान करने वाली महिला शोभा ठाकुर को फर्जी कागजात बनाकर उनकी पत्नी के रूप में पेश किया जा रहा था। अंतिम क्षणों में कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया। शोभा ठाकुर ने 10 लाख रुपयों के लालच में किडनी देना स्वीकार किया था।
रैकेट का भंडाफोड़ पहले इसी अस्पताल में किडनी दे चुके एक व्यक्ति के साथ हुई ठगी के कारण हो सका है। अधिक रकम का वादा करके उसकी किडनी लेने के बाद कुछ हजार रुपये देकर टरका दिया गया था। इस धोखाधड़ी की सूचना उसने कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं को दी, जिन्होंने पुलिस को साथ लेकर अस्पताल में छापा मारा।
मामला सामने आने के बाद गिरफ्तार किया गया बिचौलिया ब्रिजेंद्र बिसेन इससे पहले 2007 में भी अंग प्रत्यारोपण के ही मामले में गिरफ्तार हुआ था। विडंबना है कि बाद में उसे अंग प्रत्यारोपण को प्रोत्साहन देने के लिए पुरस्कृत भी किया जा चुका है।
हीरानंदानी अस्पताल में पहले भी किडनी प्रत्यारोपण में गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं। पवई पुलिस अस्पताल में पिछले एक साल में हुए 30 किडनी प्रत्यारोपण मामलों की जांच कर रही है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय द्वारा गठित समिति की प्रारंभिक जांच में कम से कम चार मामलों में गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं।
इस अस्पताल की स्थापना 12 साल पहले आंख-नाक-कान के मशहूर चिकित्सक एलएच हीरानंदानी के नाम पर उनके बिल्डर पुत्र निरंजन हीरानंदानी द्वारा की गई थी।
जाकिर नाइक को तीन सालों में विदेशों से मिले 60 करोड़ रुपए
मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि विवादित उपदेशक जाकिर नाइक के बैंक खातों में पिछले तीन सालों में तीन अलग- अलग देशों से 60 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। यह रकम नाइक के परिवार के सदस्यों से जुड़े पांच बैंक खातों में जमा की गई है।
एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया, ‘हम अभी तक यह नहीं पता लगा पाए हैं कि ये रकम किस मकसद से जमा की गई है। हमने जांच की और इस लेन-देन का पता लगाया।’
अधिकारी ने साफ किया कि ये बैंक खाते नाईक के एनजीओ से जुड़े नहीं हैं बल्कि उसके अपने हैं। हालांकि, इस सिलसिले में आईआरएफ के दूसरे अधिकारियों से अभी तक पूछताछ नहीं की गई है।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, हमने इनकम टैक्स विभाग से इन कंपनियों की डीटेल मांगी है। हम पता कर रहे हैं कि इन कंपनियों को फंडिंग कहां से होती थी।
क्या धर्म परिवर्तन के लिए फाइनेंस इन्हीं कंपनियों से होता था। पूरी जानकारी मिलने के बाद जाकिर के परिवार के लोगों से पुलिस पूछताछ करेगी।
'जब से BJP ने PDP से हाथ मिलाया तब से मुसीबत झेलनी पड़ रही है': शिवसेना
शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के सम्पादकीय में कश्मीर में पीडीपी से समझौते के लिए बीजेपी की जमकर खिंचाई की है। संपादकीय में कहा गया है कि जब से कश्मीर में बीजेपी ने पीडीपी से हाथ मिलाया है उसे मुसीबतें झेलनी पड़ रही हैं। बीजेपी जिस बुरहान वानी को आतंकी मानती है पीडीपी उसे आतंकी नहीं मानती।
शिवसेना के मुताबिक जम्मू कश्मीर की सत्ता बीजेपी के लिए गले की हड्डी बन गई है। जो आग लगी है वो बुझने का नाम नहीं ले रही। शिवसेना ने पूछा है कि जो लोग आतंकवादी बुरहान वानी को हीरो बना रहे हैं , क्या सरकार की इनके खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत है?
शिवसेना ने कहा कि बुरहान वानी अगर पवित्र आत्मा है तो शहीद जवान की आत्मा को क्या कहा जाए? बीजेपी को समय रहते ही संभालना होगा नहीं तो कश्मीर के मुद्दे पर गधा भी गया और ब्रह्मचारी भी गया ऐसा ना हो जाए। क्योंकि सवाल सुरक्षा और अखंडता का है ?
बारिश से लामबगड़ बना आफत, बदरीनाथ धाम में फंसे 140 यात्री
बदरीनाथ हाईवे दूसरे दिन बुधवार को भी नहीं खुला। लामबगड़ में भूस्खलन थमने को नहीं है। हाईवे बंद होने से आवाजाही पूरी तरह ठप है। 50 यात्रा वाहन और 140 तीर्थयात्री अभी भी बदरीनाथ धाम में ही फंसे हैं।
हालांकि 40 तीर्थयात्री लामबगड़ से बैनाकुली तक पैदल और वहां से वाहन की मदद से बदरीनाथ धाम में मत्था टेकने पहुंचे। उधर, सीमा क्षेत्र में सेना के वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है। बीआरओ ने जोशीमठ-मलारी हाईवे पर तमक गांव के पास समीप वैकल्पिक मार्ग बनाकर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई है।
बुधवार को लामबगड़ के साथ ही मैठाणा भूस्खलन जोन में भी चार घंटे हाईवे अवरुद्ध रहा। मैठाणा गदेरे से भारी मात्रा में मलबा आने से वाहनों की आवाजाही ठप रही। सुबह नौ बजे बीआरओ की मशीनों ने हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला।
बीआरओ के कमान अधिकारी मेजर रुपज्योति दास का कहना है कि लामबगड़ क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश से वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। यहां चट्टान से मलबा और बोल्डरों के छिटकने का सिलसिला जारी है।
लामबगड़ गांव से बदरीनाथ को जाने वाला पैदल रास्ता भी फिसलन भरा बना हुआ है, जिससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। उधर सीमांत क्षेत्र में बुधवार को वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। बीती छह अगस्त को तमक गदेरे के उफनाने से मलारी हाईवे पर पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे सीमा क्षेत्र का संपर्क टूट गया था।
बीआरओ के कमांडर कर्नल आर सुब्रमण्यम ने बताया कि तमक गदेरे में भारी मात्रा में मलबा आने से हाईवे को पूरी तरह से सुचारु करने में समय लगेेगा। फिलहाल वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कर वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी गई है।
सेटेलाइट फोन के इस्तेमाल से उत्तराखंड में अलर्ट, कश्मीर की गई बात
रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र से एक सेटेलाइट फोन से कश्मीर में बात होने की सूचना से खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। पुलिस और खुफिया विभाग बात करने वाले शख्स की तलाश में जुट गई है। साथ ही हरिद्वार जिले में अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश की सीमाओं के साथ-साथ हाईवे, संपर्क मार्गों आदि पर चेकिंग बढ़ा दी गई है।
स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमले की आशंका को लेकर खुफिया विभाग और पुलिस सतर्क है। खुफिया विभाग को सूचना मिली है कि भगवानपुर क्षेत्र से एक सेटेलाइट फोन से कश्मीर में किसी से बातचीत हुई है।
इससे यह बात साफ हो गई है कि क्षेत्र में कोई संदिग्ध है जो किसी आतंकी हमले की फिराक में है। जिस क्षेत्र से सेटेलाइट फोन से बात हुई है उस क्षेत्र में पुलिस और खुफिया विभाग गहन छानबीन कर रही है। इस संबंध में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। लेकिन इस संबंध में कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।
आईबी की ओर से 31 जुलाई को सूचना दी गई थी कि आतंकी 15 अगस्त से पहले किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसी सूचना के तहत हरिद्वार जिले में पुलिस और खुफिया विभाग सतर्क हो गई है।
जनवरी में लंढौरा क्षेत्र से चार संदिग्ध आतंकवादियों को आईबी और दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। यह चारों संदिग्ध अर्द्धकुंभ में बम विस्फोट की फिराक में थे। लेकिन, दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच और आईबी ने समय रहते ही इन संदिग्धों को गिरफ्तार कर आतंकियों के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया था।
पांच साल सरकारी विभाग में किया काम तो पक्की होगी नौकरी
उत्तराखंड में सरकारी विभागों में पांच साल से बतौर दैनिक वेतन, कार्य प्रभारित, संविदा, नियत वेतन, अंशकालिक और तदर्थ रूप से नियुक्त कार्मिकों का विनियमितीकरण किया जाएगा।
इसके लिए कैबिनेट को प्रस्ताव भेजा जाएगा। गृह, ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज मंत्री प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
उप समिति ने निर्णय लिया कि सभी विभागों में कार्यरत ऐसे कार्मिक जो विनियमितीकरण नियमावली 2013 के अनुसार पात्र थे और अभी तक उनका विनियमितीकरण नहीं हुआ है तो एक माह के अंदर इनका विनियमितीकरण कर दिया जाए।
साथ ही विनियमितीकरण नियमावली -2013 का अनुपालन न करने वाले अफसरों को चिह्नित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात भी कही गई।
मंत्रिमंडलीय उप समिति ने यह भी निर्णय लिया कि विनियमितीकरण से संबंधित प्रकरणों को विवरण के साथ कार्मिक के माध्यम से मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक कर दो माह के भीतर समस्याओं का निराकरण किया जाए ताकि कार्मिकों का विनियमितीकरण किया जा सके।
उप समिति के निर्णय से राज्य के हजारों कार्मिकों के विनियमितीकरण का रास्ता साफ होगा जो पिछले कई साल से पक्की नौकरी की मांग कर रहे हैं। बैठक में उप समिति के अन्य सदस्य मंत्री दिनेश धनै, श्रम मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल भी उपस्थित थे।
PM के राजनातिक औजार हैं LG: AAP
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने उपराज्यपाल नजीब जंग पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों की उन्हें फिक्र नहीं है और वह प्रधानमंत्री के राजनीतिक औजार के रूप में काम कर रहे हैं। एलजी के मई 2015 की अधिसूचना का जिक्र करते हुए आप की दिल्ली इकाई के संयोजक दिलीप पांडे ने कहा कि जंग ने अधिकारियों को सीधे मंत्रियों को रिपोर्ट करने संबंधी मुख्यमंत्री के आदेश को असंवैधानिक करार दिया।
अधिसूचना में यह भी कहा गया कि नौकरशाहों के तबादले और नियुक्ति के मामले में एलजी एक मात्र प्राधिकार हैं। उन्हेंने पूछा कि 17,000 गेस्ट शिक्षकों को स्थायी नौकरी देने के दिल्ली सरकार की योजना को जंग क्यों खारिज कर दिया।
चोरी के आरोपित दलित युवक की जाति पता करने के बाद पीट-पीटकर हत्या
उत्तर प्रदेश में दलितों के उत्पीड़न और उनके साथ हिंसा के मामले लगातार बढ रहे हैं. हालिया घटना लखीमपुर जिले की है, जहां एक दलित युवक को पीट-पीटकर मार डाला गया है. खबरों के मुताबिक 22 वर्षीय दलित युवक अवनीश को दुकानदारों ने घड़ी चुराने के आरोप में पकड़ा था. बताया जा रहा है कि दुकानदारों ने अवनीश की जाति पता करने के बाद उसकी बर्बर पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. इस हत्या की शिकायत अवनीश के 14 वर्षीय पड़ोसी प्रसून ने दर्ज कराई है. बुधवार को पुलिस ने दो दुकानदारों पुष्पेंद्र सिंह और संजीव वर्मा गिरफ्तार कर लिया है और अन्य दो आरोपितों की तलाश कर रही है. अवनीश पर पुष्पेंद्र सिंह ने अपनी दुकान से कलाई घड़ी चुराने का आरोप लगाया था.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में कहा गया है कि दुकानदार ने अवनीश पर एक कलाई घड़ी अपनी जेब में रखने का आरोप लगाकर गाली-गलौच शुरू कर दी. इस पर अवनीश ने कहा कि वह दाम चुकाने जा रहा था. लेकिन, दुकानदारों ने उसकी बात पर भरोसा नहीं किया और उसकी जाति पता करने के बाद डंडे से पिटाई शुरू कर दी. गोला थाने के एसएचओ अशोक पाण्डेय ने बताया है कि अवनीश और प्रसून गोला गोकरणनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद भूतनाथ मेला घूमने पहुंचे थे, जहां पर यह घटना हुई है. भूतनाथ मेला हर साल 20 जुलाई से शुरू होता है और एक महीने तक चलता है.
उत्तर प्रदेश में ही पिछले महीने मैनपुरी में एक दुकानदार ने 15 रुपये के बकाए को लेकर हुई बहस में एक दलित दंपति पर कुल्हाडी से हमला कर दिया था और इस घटना में पति-पत्नी, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी.
वोटर तय करेंगे शर्मिला पत्नी बनेंगी या राजनेता
इंफाल। इरोम शर्मिला ने 16 साल लंबी चली अपनी भूख हड़ताल खत्म करते हुए राजनीति में कदम रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा है कि वह आर्म्ड फोर्सेस स्पेशल पावर्स ऐक्ट के खिलाफ संघर्ष जारी रखते हुए वह मुख्यमंत्री बनना चाहती हैं।
इसके लिए वह अगले साल मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनाव में खड़ी होंगी। शर्मिला ने बुधवार को मीडिया को बताया कि अगर लोगों ने उन्हें चुनाव में नकार दिया, तभी वह शादी करेंगी। शर्मिला ने बताया कि वह एक स्वतंत्र प्रत्याशी के तौर पर मौजूदा मुख्यमंत्री ओकराम सिंह की विधानसभा सीट थाउबल से चुनाव लड़ेंगी।
अफस्पा के खिलाफ पिछले 16 सालों से संघर्ष कर रही शर्मिला ने कहा कि निजी शादीशुदा जिंदगी शुरू करने के लिए मैंने एक शर्त रखी है। अगर जनता ने मेरी योजना को नकार देती है, या मेरा अपमान करती है या मुझे छोड़ देती है, तो ही मैं अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करूंगी।
गौरतलब है कि भूख हड़ताल खत्म करने के कारणर शर्मिला को मणिपुर में लोगों का सकारात्मक रुख नहीं मिल रहा है। जिस इलाके में उनका घर है, वहां भी लोगों ने भी उनके घर लौटने पर कोई गर्मजोशी नहीं दिखाई। बताया जा रहा है कि स्थानीय इस्कॉन मंदिर में भी उन्हें रहने के लिए जगह नहीं मिली।
आखिरकार उन्हें वापस अस्पताल के उसी कमरे में लौटना पड़ा, जहां वह पिछले 16 साल से रह रही थीं। मणिपुर में कई लोगों का मानना है कि शर्मिला ने अफस्पा हटाने के संघर्ष से हाथ खींच लिए हैं। इस तरह बीच में ही संघर्ष छोड़कर शर्मिला ने गलत किया है।







