Home Blog Page 1140

70वां स्वतंत्रता दिवस : PM मोदी ने बलूचिस्तान और PoK का जिक्र कर पाकिस्तान को घेरा

0

नई दिल्ली: 70वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लालकिले की प्राचीर से पीएम नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि वे हम पर हमला करने वाले आतंकवादियों का महिमामंडन करते हैं, जबकि भारत पेशावर में आतंकी हमले में बच्चों के मारे जाने पर रोया था। यह पहली बार है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने लाल किले से पीओके (पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर) और बलूचिस्तान का जिक्र किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सभी पड़ोसी देश साथ मिलकर गरीबी से लड़ें, गरीबी से आजादी से बड़ी आजादी कोई और नहीं हो सकती। पेशावर के स्कूल में हुई आतंकी घटना का‍ जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान भारत की संसद से लेकर देश के लोगों की आंखों में आंसू थे। ये ही हमारी मानवता से पली-बढ़ी संस्कृति हैं, जो सभी का दर्द समझती है। लेकिन कुछ जगह आतंकवादी घटनाओं में लोगों के मारे जाने पर जश्न मनाया जाता है।
पीएम ने पाक अधिकृत कश्मीर और बलूचिस्तान का जिक्र करते हु्ए कहा कि मैं वहां के लोगों को धन्यवाद देता हूं कि ये लोग मेरी तारीफ करते हैं। मैं उन लोगों का आभारी हूं। यह मेरा नहीं देश का सम्मान है। मैं पाक अधिकृत कश्मीर के लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं।
पीएम ने कहा कि देश आतंकवाद और चरमपंथ को सहन नहीं कर सकता। मोदी ने युवाओं से हिंसा को त्यागने और मुख्यधारा में लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिंसा किसी भी समस्या का हल नहीं है। मोदी ने इस दौरान गिलगित और बलूचिस्तान का जिक्र भी किया। गौर हो कि वहां लोगों ने पीएम मोदी के उस बयान का स्वागत किया था, जिसमें उन्होंने वहां हो रही ज्यादतियों का सर्वदलीय बैठक में जिक्र किया था।

स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच असम में ब्लास्ट, कोई हताहत नहीं

0

तिनसुकिया (असम): स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच असम के तिनसुकिया जिले में उल्फा-इंडीपेंडेंट के संदिग्ध उग्रवादियों ने चार विस्फोट किये, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार तिनसुकिया के बाहरी इलाके लैपुली के इंदिरा गांधी स्कूल के निकट सुबह 7.15 बजे आईईडी विस्फोट हुआ। इसके बाद डूमडूमा इलाके के बदलाभाटा चाय बागान के लाइन नंबर 6 में दूसरा धमाका हुआ। तीसरा विस्फोट मसूवा इलाके में हुआ।
पुलिस का कहना है कि चौथा धमाका फिलोबरी के गमतुमाटी इलाके में हुआ । इसी इलाके के बाहबोन गांव में उल्फा-आई के उग्रवादियों ने 12 अगस्त की रात दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी और छह अन्य लोगों को घायल कर दिया था।

पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण के दौरान सो गए अरविंद केजरीवाल

0

नई दिल्ली: देश के 70वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को लाखों-करोड़ों लोगों ने टीवी पर देखा-सुना होगा, लेकिन पीएम के शब्द दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कतई उत्साहित नहीं कर पाए, और उन्हें समारोह स्थल पर अन्य वीआईपी मेहमानों के साथ बैठे होने के बावजूद ऊंघते हुए देखा गया.
इससे भी ज़्यादा दिलचस्प तथ्य यह रहा कि जब सोशल मीडिया में अरविंद केजरीवाल के ऊंघने की ओर इशारा किया गया, तब उनके उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसका ‘दोष’ प्रधानमंत्री के ‘बोरिंग’ भाषण को दिया.
वैसे भी, आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों के प्रधानमंत्री के डेढ़ घंटे से भी लंबे भाषण से उत्साहित होने की उम्मीद नहीं की जा सकती, क्योंकि वे आमतौर पर अदालतों में, और बाहर भी, प्रधानमंत्री पर दिल्ली की उनकी सरकार से मूलभूत अधिकारों को छीन लेने का आरोप लगाते रहे हैं, ताकि राज्य पर केंद्र सरकार का ज़रूरत से ज़्यादा आधिपत्य व नियंत्रण बना रहे. पिछले ही सप्ताह दिल्ली हाईकोर्ट ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ फैसला भी सुनाया था, और कहा था कि उपराज्यपाल ही दिल्ली के प्रशासक हैं.
कुछ ही दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यूट्यूब पर एक वीडियो भी अपलोड किया था, जिसमें उन्होंने यहां तक आशंका जताई थी कि प्रधानमंत्री ‘उनकी हत्या तक करवा सकते हैं, क्योंकि वह बौखलाए हुए हैं.’ इसके साथ ही उन्होंने 10 दिन तक विपश्यना साधना के लिए जाने की भी घोषणा की थी, जिसमें वह मौन रहते हैं. पिछले ही हफ्ते दिल्ली वापसी के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को पंजाब, गुजरात और गोवा में चुनावी चुनौती देने की योजना बनाई, जहां जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. फिलहाल तीनों ही राज्यों में बीजेपी सत्ता में है (बीजेपी पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर सत्तासीन है).

मुलायम सिंह का बड़ा बयान- अखिलेश ने बनी बनाई पार्टी बर्बाद कर दी

0

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को यूपी के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव और उनके मंत्रियों को जमकर फटकार लगाई। लखनऊ में आज जब मुलायम पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे, उन्‍होंने अखिलेश को खूब खरी खोटी सुनाई। हैरत की बात यह रही कि मुलायम डांटते रहे और वहां मौजूद अखिलेश यादव सुनते रहे।
मुलायम ने यूपी के मुख्‍यमंत्री की लखनऊ में कार्यकर्ताओं के बीच खूब आलोचना की। उन्‍होंने कहा कि अखिलेश यादव मेहनत नहीं करते हैं। अखिलेश के मंत्री बोझ हैं, भ्रष्‍ट हैं। उन्‍हें मेहनत करनी नहीं, रात को रुकना नहीं।
सपा अध्‍यक्ष ने यह भी कहा कि पार्टी के वरिष्‍ठ नेता शिवपाल यादव के खिलाफ साजिश हो रही है। शिवपाल ने दो बार इस्‍तीफे की पेशकश की। मैंने शिवपाल को इस्‍तीफा देने से रोका। यदि शिवपाल पार्टी छोड़ देंगे तो बड़ी मुश्किल होगी। उन्‍होंने कहा कि कुछ लोग शिवपाल के पीछे पड़े हैं। अगर मैं खड़ा हो गया तो सब भाग जाएंगे।
कहा जा रहा है कि मुलामय सिंह यादव यह चाहते हैं कि विरोधी गुट भी पार्टी के साथ रहें। मुलायम अखिलेश के विरोधी गुट को भी साथ लेकर चलते हैं। मुलायम को पता है कि पार्टी के वरिष्‍ठ नेताओं को साथ लेकर कैसे चला जाए।

लाल किले की प्राचीर से PM मोदी का वादा- देशवासियों की थाली महंगी नहीं होगी

0

नई दिल्ली: सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले से झंडा फहराया और फिर देश के सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को पूरा करना चाहिए। इसके लिए हर आदमी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। अगर देश के पास समस्याएं हैं तो सामर्थ्य भी है। आजादी का पर्व देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का पर्व है। हम महात्मा गांधी, सरदार पटेल, पंडित नेहरू और अनगिनत लोगों को याद करते हैं जिन्होंने स्वराज हासिल करने के लिए अपनी जान की कुर्बानी दे दी।
पीएम मोदी ने कहा है कि हमारी सरकार का उद्देश्य देश के सामान्य नागरिक के जीवन में बदलाव लाने पर है। उन्होंने कहा कि कम से कम समय में आधार कार्ड, पासपोर्ट और आयकर रिफंड की उपलब्धि को सफलता पूर्वक प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले आयकर रिफंड में काफी वक्त लगता था, लेकिन अब यह तीन सप्ताह के अंदर हो जाता है। मोदी ने कहा कि इसी तरह पासपोर्ट बनवाने में पहले छह से आठ महीने का वक्त लगता था, लेकिन अब यह कुछ सप्ताह में ही बन जाता है, भले ही आज की तारीख में सालाना लगभग दो करोड़ लोग पासपोर्ट के लिए आवेदन करते हैं। पहले सालाना लगभग 20 हजार लोग पासपोर्ट के लिए आवेदन करते थे। उन्होंने अपने भाषण में कहा है कि हमने 70 करोड़ भारतीयों को अधार कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऊर्जा के मुद्दे पर कहा कि उनकी सरकार का ध्यान ऊर्जा के नवीकरणीय स्रोतों पर है, खासकर सौर व पवन ऊर्जा पर। उन्होंने कहा कि बाजार में 350 रुपये में मिलने वाले एलईडी बल्ब को उनकी सरकार मात्र 50 रुपये में उपलब्ध करा रही है। मोदी ने कहा कि अब तक, ऐसे 13 करोड़ बल्ब वितरित किए जा चुके हैं और हमारा लक्ष्य 77 करोड़ बल्ब वितरित करना है। इन 70 करोड़ एलईडी बल्बों से 1.25 लाख करोड़ रुपये कीमत की 20 हजार मेगावाट बिजली की बचत होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि बिजली की सुविधा से महरूम 18 हजार गांवों में से 10 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने कहा है कि आजादी के 60 साल के बाद केवल 14 करोड़ एलपीजी (रसोई गैस) का कनेक्शन दिया गया था, जबकि हमने मात्र 60 सप्ताह के अंदर चार करोड़ नए कनेक्शन दिए। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह राजघाट पहुंचे और उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धाजंलि दी। फिर इसके बाद वह अपने काफिले के साथ देश की आजादी की 70वीं वर्षगांठ पर भाषण देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किला पहुंच चुके हैं। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, रक्षा राज्यमंत्री सुभाष रामराव भामरे, केंद्रीय रक्षा सचिव जी.मोहन कुमार और भारतीय सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग ने उनकी अगवानी की।
पीएम मोदी ने कहा कि आज के इस विशेष दिवस पर मैं देश में रहने वाले 125 करोड़ लोगों व विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा है कि मैं उम्मीद करता हूं कि देश की यह ऊर्जा आने वाले वक्त में देश को प्रगति की नई ऊंचाई तक पहुंचाने में मदद करेगी। पीएम मोदी ने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल को सलाम किया। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा है कि यह इनके अथक प्रयास हैं कि हम आज आजादी का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा है कि हर भारतीय ने देश के लिए काम किया है। उनके योगदान से ही स्वराज आया है। आज इस स्वराज को सुशासन में बदलना ही हमारा उद्देश्य है। इसे एक भारत, श्रेष्ठ भारत बनाने की कोशिश करें। पीएम मोदी ने कहा है कि हमारी सरकार का उद्देश्य देश के सामान्य नागरिक के जीवन में बदलाव लाने पर है। उन्होंने कहा कि कम से कम समय में आधार कार्ड, पासपोर्ट और आयकर रिफंड की उपलब्धि को सफलता पूर्वक प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले आयकर रिफंड में काफी वक्त लगता था, लेकिन अब यह तीन सप्ताह के अंदर हो जाता है।
महंगाई को काबू में रखने का संकल्प जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि उनकी सरकार ने मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाया है और उनका प्रयास है कि गरीबों की थाली महंगी न हो। लाल किले की प्राचीर से अपने तीसरे स्वतंत्रता दिवस संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार की तुलना में इस समय महंगाई कम हुई है। उन्होंने रिजर्व बैंक के साथ मौद्रिक नीति मसौदे के तहत अगले पांच साल के लिये दो प्रतिशत घट-बढ़ के साथ चार प्रतिशत मुद्रास्फीत लक्ष्य का समर्थन किया। मोदी ने कहा, ‘..पूर्व सरकार के समय के दौरान मुद्रास्फीति 10 प्रतिशत से पार कर गयी थी। हमारे निरंतर प्रयासों से मुद्रास्फीति छह प्रतिशत से उपर नहीं गयी है।’
प्रधानमंत्री ने माना कि इस समय सब्जियों की कीमतें कुछ चढ़ी हुई हैं। पर इसके कारण में जाते हुए उन्होंने इस तेजी के लिये लगातार दो साल सूखे को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सूखे के कारण आपूर्ति प्रभावित होने से सब्जी की कीमतों में कुछ तेजी आयी है लेकिन इसे काबू में रखने के लिये प्रयास किये गये हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं निरंतर यह प्रयास करूंगा कि गरीबों की थाली महंगी नहीं हो।’ इस साल दाल की कीमतों में तेजी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष दलहन की बुवाई 1.5 गुना हुई है और अच्छे मानसून तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तथा किसानों को बोनस जैसे कदमों के साथ-साथ उपलब्धता बढ़ने से कीमत के मोर्चे पर हालात बेहतर होंगे।
आतंकवादियों को महिमामंडित करने के लिए पाकिस्तान को आड़े हाथ लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ऐलान किया कि देश आतंकवाद के सामने नहीं झुकेगा और कहा कि बलूचिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की जनता ने अपने खिलाफ हो रहे अत्याचार के मुद्दों को उठाने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया है। लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए 90 मिनट के अपने भाषण में प्रधानमंत्री कश्मीर घाटी के हालात पर कुछ नहीं बोले जहां हिज्बुल कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद हिंसा का माहौल है लेकिन उन्होंने पाकिस्तान पर आतंकवादियों को महिमामंडित करने और भारत में लोगों के मारे जाने की खुशी मनाने का आरोप लगाया। मोदी ने वानी का नाम नहीं लिया लेकिन जाहिर तौर पर ऐसा बोलकर उन्होंने उसी का जिक्र किया जिसे पाकिस्तान ने शहीद का दर्जा दिया।
अपनी खास पहचान बने आधी आस्तीन के कुर्ते और राजस्थानी पगड़ी पहने मोदी ने 70वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने भाषण के अधिकतर हिस्से में अपनी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया और खासतौर पर अर्थव्यवस्था की गति बढ़ाने में, कारोबार करना सुगम बनाने में और गरीबों तथा किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाओं में सरकार के कार्यों का ब्योरा पेश किया।

मुसलमानों पर कार्टून बनाने पर शार्ली एब्दो को फिर मिली धमकियां

0

शार्ली एब्दों पर नए कार्टून में मुसलमानों को नग्न दिखाया गया है, जिसके बाद मैग्जीन को धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं। अंग्रेजी खबरों की साइट इंडिपेंडेंट के मुताबिक मैग्जीन पर आतंकी हमले की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। इससे पहले इस फ्रेंच मैग्जीन में पैगंबर मोहम्मद समेत कई इस्लामिक हस्तियों पर विवादित कार्टून छापे जा चुके हैं।
हाल ही में प्रकाशित विवादित कार्टून मैग्जीन के पहले पेज पर है। कार्टून का विषय फ्रांस के कान्स में समुद्री बीचों पर बुर्का पहनने पर रोक लगाने संबंधी है। कार्टून में दिखाया गया है कि एक आदमी और एक औरत बीच पर नग्न अवस्था में दौड़ रहे हैं, पुरुष पारंपरिक दाढ़ी में है, और महिला ने हिजाब पहना हुआ है। कार्टून के कैप्शन में लिखा है- ”द रिफॉर्म ऑफ इस्लाम: मुस्लिम लूसेन अप।”
बुधवार को इस कार्टून के प्रकाशित होते ही मैग्जीन के फेसबुक पेज पर धमकियां मिलनी शुरू हो गई। धमकियों में हमले से निपटने की चेतावनियां दी जा रही हैं। बीते साल जनवरी में पैगंबर मोहम्मद पर विवादित कार्टून के चलते पेरिस स्थित मैगजीन के दफ्तर पर आतंकी वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसमें आतंकियों ने मैग्जीन के 12 कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मारे गए लोगों में जाने-माने कार्टूनिस्ट शामिल थे।

रेवड़ियां बंटनी बंद होंगी तो ही पदक मिलने शुरू होंगे

0

रियो ओलंपिक में पदक हासिल करने की दौड़ में हमारे खिलाड़ी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों से लोहा ले रहे हैं. लेकिन आयोजन अपने आधे में पहुंच गया है और अब तक भारत पदकहीन है जिसने देश भर में खेल प्रशंसकों को निराश किया है. 2012 के लंदन ओलंपिक में जब भारत ने रिकॉर्ड छह पदक जीते थे तो कई मानने लगे थे कि आखिरकार खेल की दुनिया के इस महाकुंभ में भारत एक ताकत के रूप में खड़ा होने लगा है. बताया जा रहा है कि इस समय भारत ने रियो में अपना सबसे बड़ा दल भेजा है. 120 एथलीटों की संख्या 2012 के आंकड़े से 37 ज्यादा है. लेकिन अब जो स्थिति है उससे साफ है कि 2012 की वे उम्मीदें औंधे मुंह गिर चुकी हैं.
यह असफलता उस उदासीन व्यवस्था की देन है जो खेलों को बढ़ावा देने के मामले में जमीन पर ज्यादा खास काम नहीं करती. ऊपर से जख्मों पर नमक डालने वाली बात यह है कि हाल ही में खेल मंत्री बने विजय गोयल और उनके साथ मौजूद दल ने वहां पर असभ्य व्यवहार किया है इसके लिए उन्हें आयोजक समिति से चेतावनी भी मिली है. हमारी व्यवस्था में सड़ांध किस कदर गहरे घुस चुकी है इसका पता इन खबरों से चलता है कि दुति चांद जैसे एथलीटों को तो इकॉनॉमी क्लास में 36 घंटे की यात्रा करवाई गई और खेल प्रशासक खुद बिजनेस क्लास में बैठकर गए. ऐसे हालात में जिमनास्ट दीपा करमाकर की अकूत प्रतिभा हैरान करती है जो जरा से अंतर से कांस्य से चूक गईं. उनके फिजियोथेरेपिस्ट को उनके साथ जाने की इजाजत नहीं दी गई थी. खेल मंत्रालय तभी हरकत में आया जब वे फाइनल में पहुंच गईं और तब फिजियोथेरेपिस्ट को तत्काल रियो रवाना किया गया.
अगर बदलाव लाना है तो हमें यह कड़वा सच स्वीकार करना होगा. भारत की खेल व्यवस्था अभी सिर्फ एक विशाल नेटवर्क है जिसमें रेवड़ियां बांटने के अलावा कोई काम नहीं होता. भारत ने अभी तक ओलंपिक में कुल 26 पदक हासिल किए हैं जिननें हॉकी में जीते गए नौ स्वर्ण पदक शामिल हैं. आबादी के हिसाब से इस आंकड़े को देखा जाए हम लगभग सबसे निचले पायदान पर ठहरेंगे. समय की मांग यह है कि खेल प्रशासन के इस ढांचे में आमूलचूल बदलाव के लिए एक व्यापक नीति बनाई जाए.

बेनो, ग्रेग और बॉथम के विशेष ग्रुप में शामिल हुए अश्विन

0

भारत के रविचंद्रन अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रॉस आइलेट में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में विशेष उपलब्धि हासिल कर ली। अश्विन ने भारत की पहली पारी में शतक (118) लगाया और वे एक सीरीज में दो या ज्यादा शतक और दो बार पारी में 5 या ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के धुरंधर ऑलराउंडरों के समूह में शामिल हो गए।
इस ग्रुप में अभी तक सिर्फ तीन दिग्गज रिची बेनो, टोनी ग्रेग और इयान बॉथम शामिल थे। बेनो ने सबसे पहले 1957-58 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह कारनामा किया था। इसके बाद टोनी ग्रेग ने 1973-74 में इस कारनामे को अंजाम दिया। इंग्लिश ऑलराउंडर बॉथम ने 1981 की एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस उपलब्धि को हासिल किया।
अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में भी शतक लगाया था। उन्होंने शुरुआती दो टेस्ट मैचों में पारी में 5 या ज्यादा विकेट लेने के कारनामे को 1 से ज्यादा बार अंजाम दिया था।
अश्विन ने यह विशेष उपलब्धि सीरीज के शुरुआती तीन टेस्ट मैचों में हासिल की। इस तरह वे इस उपलब्धि को शुरुआती तीन टेस्ट में पूरी करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।

IND-WI: अश्विन व साहा के शतक, वेस्टइंडीज की संयमित शुरुआत

0

ग्रॉस आइलेट। रविचंद्रन अश्विन (118) और रिद्धिमान साहा (104) के शतकों और उनके बीच हुई रिकॉर्ड साझेदारी की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में पहली पारी में सुखद स्कोर बनाया। भारत की पहली पारी दूसरे दिन 129.4 अोवरों में 353 रनों पर समाप्त हुई। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने समाचार लिखे जाने तक 17 अोवरों में बिना किसी नुकसान के 45 रन बना लिए है। क्रैग ब्रैथवेट 25 और लियोन जॉनसन 16 रन बनाकर क्रीज पर है।
यह अश्विन का चौथा टेस्ट शतक है और इस सीरीज में लगातार दूसरा शतक है। उन्होंने चारों शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए हैं। साहा ने टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक बनाया।
भारत ने दूसरे दिन सुबह 234/5 से आगे खेलना शुरू किया और घरेलू गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाए रखा। साहा ने 46 रनों से आगे खेलना शुरू किया और 135 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया। इससे पहले मंगलवार को भारत ने 126 रनों पर पांचवां विकेट खो दिया था, इसके बाद से अश्विन और साहा पारी को संभालने में जुटे हुए हैं। अश्विन ने रोस्टन चेज की गेंद पर छक्का लगाते हुए शतक पूरा किया। उन्होंने 265 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से शतक पूरा किया। इसके कुछ देर बाद साहा ने चेज की गेंद पर 2 रन लेते हुए अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने 223 गेंदों में 12 चौकों की मदद से यह शतक बनाया। जोसेफ ने साहा को विकेटकीपर डॉवरिच के हाथों झिलवाया। उन्होंने 227 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 104 रन बनाए। साहा ने अश्विन के साथ छठे विकेट के लिए रिकॉर्ड 213 रनों की भागीदारी की। यह भारत की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। उन्होंने सुनील गावस्कर-रवि शास्त्री का रिकॉर्ड तोड़ा। यह भारत की तरफ से छठे विकेट के लिए किसी भी देश के खिलाफ दूसरी बड़ी साझेदारी है।
इसके बाद मिगुएल कमिंस ने रवींद्र जडेजा को विकेटकीपर डॉवरिच के हाथों झिलवाकर सीरीज में पहली सफलता हासिल की। गेब्रिएल ने भुवनेश्वर कुमार को खाता भी नहीं खोलने दिया और उनकी उठती हु गेंद को भुवी शॉर्ट लेग पर लियोन जॉनसन के हाथों ‍में खेल बैठे। अश्विन की शानदार शतकीय पारी का अंत कमिंस ने उन्होंने ब्लैकवुड के हाथों झिलवाकर किया। कमिंस की शॉर्ट पिच गेंद को अश्विन ठीक से खेल नहीं पाए और गली में ब्लैकवुड ने आसान कैच लपका। उन्होंने 297 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 118 रन बनाए। कमिंस ने शॉर्ट पिच गेंद पर ईशांत शर्मा को जॉनसन के हाथों झिलवाया और भारत की पारी 353 पर समाप्त हुई। कमिंस ने 54 पर 3 और जोसेफ ने 69 रनों पर 3 विकेट लिए। गेब्रिएल और चेज को 2-2 विकेट मिले।

महेश भट्ट के शो में लीड रोल निभाएंगी संगीता घोष

0

स्टार प्लस पर जल्द ही फिल्ममेकर महेश भट्ट ‘नामकरण’ शो लेकर आ रहे हैं। ये शो मां और बेटी के रिश्ते को लेकर है। शो के बारे में नई खबर इसकी स्टार कास्ट से जुड़ी है।
महेश भट्ट के इस शो में लीड रोल के लिए एक्ट्रेस संगीता घोष को कास्ट किया जा रहा है। खबर है कि इस शो में नारायणी शास्त्री भी मुख्य किरदार में होंगी। शो का प्लॉट कुछ इस तरह तैयार किया जा रहा है कि संगीता और नारायणी एक दूसरे के खिलाफ शो में नजर आएंगी। हालांकि खुद संगीता ने इस बारे में कुछ भी कहने से मना कर दिया है।
खबर है कि इस शो का राजेश राम सिंह के नए प्रोडक्शन हाउस द्वारा बनाया जाएगा। राजेश राम ने ‘पिया रंगरेज’ और ‘फुलवा’ जैसे शोज का निर्देशन किया है।
‘नामकरण’ में महेश भट्ट की अपनी जिंदगी की झलकियां दिखाई देंगी। इस शो के जरिए काफी वक्त बाद महेश भट्ट छोटे पर्दे पर लौट रहे हैं।