Home Blog Page 442

शहीद कर्नल मनप्रीत और मेजर आशीष को आज दी जाएगी अंतिम सलामी

0

जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष धौंचक का आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. करनाल मनप्रीत सिंह का अंतिम संस्कार पंजाब के मोहाली जिले में उनके पैतृक गांव भारौंजियां में होगा. वहीं मेजर आशीष का हरियाणा के पानीपत में उनके पैतृक गांव बिंझौल में अंतिम संस्कार होगा. मेजर आशीष का पार्थिव शरीर पानीपत स्थित उनके नए मकान में पहुंच गया है.

मोहाली में पतृक गांव में होगा शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह का अंतिम संस्कार: सेना के अधिकारियों से बातचीत के बाद शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह के भाई संदीप सिंह ने कहा कि आज दोपहर 12 बजे के करीब मनप्रीत सिंह का पार्थिव शरीर घर पर लाया जाएगा. उसके बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा.

नए घर में पहली और आखिरी बार प्रवेश: पानीपत में मेजर आशीष धौंचक का नया घर बनकर तैयार है. आशीष इसी मकान के उद्घाटन के लिए अगले महीने छुट्टी पर आने वाले थे. मां के कहने पर ही पार्थिव शरीर को नए घर में लाया गया है. आशीष की मां का कहना है, बेटे के सपनों के घर में उसके कदम आखिरी बार जरूर पड़ने चाहिए.

देशसेवा की मिसाल है शहीद कर्नल मनप्रीत का परिवार, 22 लोग रह चुके हैं फौज में, एक गली से 19 जवानपतृक गांव में होगा शहीद आशीष का अंतिम संस्कार: बता दें कि, आज मेजर आशीष धौंचक को उनके पैतृक गांव बिंझौल में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी. शहीद मेजर आशीष की अंतिम यात्रा में कई बड़े नेता और अधिकारी उनके पैतृक गांव पहुंचने वाले हैं. पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. शहीद मेजर आशीष अपने पीछे माता, पिता, पत्नी और ढाई साल की बेटी छोड़ गए हैं.

UP में प्रेगनेंट महिला समेत 3 दलितों की हत्या, फिर घर में लगा दी आग

0

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां प्रेगनेंट बेटी और दामाद समेत तीन लोगों की पीट पीटकर हत्या कर दी गयी. इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घरों में आग लगा दी है. बवाल बढ़ने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. हालात को नियंत्रित करने के लिए गांव में तीन थानों की पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है. यह मामला संदीपन घाट थाना क्षेत्र के हरराय पुर का है.

इस तिहरे हत्याकांड की वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक यह मामला संदीपन घाट थाना क्षेत्र में हरराय पुर के पटना चौराहे की है. मृतक परिवार का अपने पड़ोसियों के साथ जमीनी विवाद चल रहा था. इस विवाद को लेकर इनके बीच में पहले भी झगड़े हो चुके हैं. इसी क्रम में आरोपियों ने शुक्रवार की अल सुबह पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया. लाठी डंडा लेकर आए आरोपियों ने मृतक परिवार में जो भी सामने नजर आया, उसके ऊपर वार किया.

आरोपियों ने पीड़ित परिवार पर तब तक वार किया जब तक कि वह धराशायी नहीं हो गया.पड़ोसियों के मुताबिक मृत शख्स की प्रेगनेंट बेटी और दामाद भी दो दिन पहले उनके घर आए थे. आरोपियों ने शख्स पर हमला किया तो पहले बेटी और फिर उसके दामाद बचाने के लिए आ गए. ऐसे में आरोपियों ने इन्हें भी नहीं बख्सा और इनके ऊपर भी लाठी डंडे से वार किया. इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. वहीं तीनों मर्डर को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए.

सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और गुस्से में आरोपियों के आधा दर्जन घरों में आग लगा दी. इधर, घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो महकमे में हड़कंप मच गया. आनन फानन में मौके पर भारी पुलिस फोर्स रवाना कर एसपी डीएम भी मौके पर पहुंच गए. मामले की छानबीन की और आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग अलग टीमों का गठन किया है. वहीं घरों में लगाई गई आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया है.

ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का दिल्ली में कर्टेन रेजर, देश-विदेश में होंगे रोड-शो

0

नई दिल्ली: ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के करटेन रेजर के मौके पर आज आईटीसी ने 5000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव उत्तराखंड सरकार को दिया। महिन्द्रा हॉलीडेज एण्ड रिसोर्ट इण्डिया लिमिटेड के साथ 1000 करोड़ और ई-कुबेर के साथ 1600 करोड़ रुपए के निवेश का एमओयू किया गया। पहले ही दिन इतने बड़े निवेश प्रस्ताव पर सहमति यह दिखाती है कि निवेशक उत्तराखण्ड को लेकर कितने ज़्यादा उत्सुक हैं और सरकार भी कितनी तत्पर है।

 

महिन्द्रा हॉलीडेज एण्ड रिसोर्ट इण्डिया लिमिटेड उत्तराखण्ड में अगले तीन महीने में 1000 करोड़ के निवेश के साथ विभिन्न स्थानों पर 45 रिजोर्ट स्थापित करने जा रहा है | इससे 1500 लोगो के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे | पूरे देश में यह महिन्द्रा हॉलीडेज एण्ड रिसोर्ट इण्डिया लिमिटेड का किसी भी राज्य में सबसे बड़ा निवेश है।

 

उत्तराखंड में आगामी दिसम्बर माह में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिट को लेकर नई दिल्ली स्थिति होटल ताजमहल में कर्टेन रेजर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।

 

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में डेस्टिनेशन उत्तराखण्ड-ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट-2023 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड एक युवा राज्य के रूप में तेजी से उभर रहा है जहां उद्योगों के लिए अपार सम्भानाएं हैं। राज्य में ईज आफ डूइंग बिजनेस के साथ-साथ पीस आफ डूइंग बिजनेस भी है। उत्तराखण्ड राज्य में कार्यरत उद्योगों में श्रमिक असन्तोष की घटनायें ना के बराबर है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ-साथ सुगम व्यवसायिक वातावरण तैयार करने के विजन के साथ सरकार काम कर रही है। राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिये विशेष नीतियां लागू करने के साथ ही आकर्षक वित्तीय प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है। इन नीतियों में प्रमुख रूप से पर्यटन नीति-2023, एमएसएमई नीति-2023, स्टार्टअप नीति-2023, लॉजिस्टिक्स नीति-2023, निजी औद्योगिक आस्थानों की स्थापना हेतु नीति-2023 शामिल हैं।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को प्राकृतिक विरासत के साथ राष्ट्र में सबसे तेजी से बढती अर्थ व्यवस्था के रूप में विकसित करने के लिए सरकार संकल्पवद्ध है। राज्य की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिये सशक्त उत्तराखण्ड मिशन लॉच किया गया है, जिसके तहत अगले 5 वर्षों में राज्य की एसजीडीपी को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य द्वारा इस लक्ष्य की प्राप्ति की कड़ी के रूप में उत्तराखण्ड ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट-2023 का आयोजन किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 1200 से अधिक ऐसे अधिनियमों को चिन्हित किया है, जो वर्तमान में अनुपयोगी हैं और इनमें से लगभग 500 अधिनियमों को सिंगल रिपील एक्ट के माध्यम से विलोपित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में वर्तमान में लगभग 6000 एकड़ का लैण्ड बैंक विभिन्न सैक्टर के उद्योगों की स्थापना हेतु उपलब्ध है। राज्य में रेल, रोड एवं एयर कनेक्टिविटी में लगातार सुधार हुआ है।

 

देहरादून एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिये सीधी वायु सेवा उपलब्ध हो गई है। देहरादून एवं पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार भी किया जा रहा है। रेलवे नेटवर्क के विकास एवं उन्नयन के तहत ऋषिकेश – कर्णप्रयाग रेललाईन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। राज्य में चार धाम यात्रा को सुगम बनाने के लिये ऑल वेदर रोड का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के उद्यमी ही हमारे ब्राण्ड एम्बेसडर हैं और राज्य में निवेश बढ़ाने में उनकी सबसे अधिक सहभागिता है। हमारी सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के आधार पर कार्य कर रही है और यह तभी सम्भव है, जब उद्योग संघों से निरन्तर संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि काशीपुर में अरोमा पर्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में इलैक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर तथा अमृतसर कोलकाता इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना की दिशा में प्रभावी कदम उठाये गये हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटकों एवं श्रद्वालुओं की सुविधा हेतु सभी स्थलों पर नवाचार के माध्यम से सुविधाओं का विकास किया जा रहा है निर्यात् को बढ़ावा देने के लिये भी नीति निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी पौराणिक स्थलों के विकास का हमारा लक्ष्य ह। चारधाम आदिकैलाश की भांति कुमाऊं क्षेत्र के मंदिरों का मानसखण्ड मन्दिर माला मिशन के तहत सर्किट बनाया जा रहा है। इसमें राज्य में धार्मिक पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि में कर्म करना हम सबका सौभाग्य है। राज्य का वातावरण पूर्णतः उद्यमियों के अनुकूल है। उत्तराखण्ड का 71 प्रतिशत भूभाग वनों से आच्छादित हैं। हेल्थ वेलनेस के साथ ऊर्जा का भी यह श्रोत है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ आपदा के बाद आज भव्य केदार बन गया है। शीघ्र ही केदारनाथ एवं हेमकुण्ड साहिब के लिए रोपवे का निर्माण हो जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में गढ़वाल व कुमाऊं मण्डलों में एक-एक शहर बसाया जाएगा। हरिद्वार ऋषिकेश में गंगा कॉरीडोर का निर्माण के साथ हरकी पैड़ी की भांति महाभारत काल की भांति यमुना की भी आरती हेतु कालसी के पास हरिपुर में घाट निर्माण का शिलान्यास किया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने राज्य में उत्पादित/निर्मित 9 उत्पादों में जीआई टैग हासिल किये हैं। इन जीआई टैगों में कुमांऊ ब्यूरो ऑयल, मुनस्यारी राजमा भोटिया दन, एपण रिंगाल, ताम्र उत्पाद, धुलमा, तेजपत्ता तथा बासमती चावल शामिल हैं।

 

राज्य सरकार द्वारा नेटल (बिच्छू घास). पिछौड़ा, आर्टिस्टिक कैण्डल मुखौटा एवं मन्दिर प्रतिकृत आदि कुछ अन्य उत्पादों में जीआई टैग के लिये आवेदन किया गया है। उन्होंने कहा कि उद्योग संवर्द्धन और आन्तरिक व्यापार विभाग की ‘ईज आफ डूईंग बिजनेस’ रैंकिंग में वर्ष 2022 की रैंकिंग में उत्तराखण्ड राज्य एचीवर्स श्रेणी में (8वें स्थान पर) शामिल है।

 

जबकि नीति आयोग द्वारा जारी वर्ष 2022 के निर्यात तैयारी सूचकांक में उत्तराखण्ड राज्य हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान पर, जबकि सम्पूर्ण देश में 9वें स्थान पर है। उद्योग संवर्द्धन और आन्तरिक व्यापार विभाग की LEADS रैंकिंग में वर्ष 2022 की रैंकिंग में उत्तराखण्ड राज्य एचीवर्स श्रेणी में शामिल है। इसी प्रकार स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर’ श्रेणी में शामिल है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश प्रोत्साहन एवं संवर्द्धन हेतु उद्योग निदेशालय स्तर पर एक समर्पित इन्वेस्टर फैसिलिटेशन सेल की स्थापना की है, जो निवेशकों / व्यवसायियों के लिये ‘वन स्टॉप शॉप’ के रूप में डेडीकेटेड हैण्डहोल्डिंग सपोर्ट उपलबध करा रहा है।

 

5.00 करोड़ से अधिक के पूंजी निवेश करने वाले उद्यमियों के लिये एक डेडीकेटेड रिलेशनशिप मैनेजर की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। निवेशकों को उद्योगों की स्थापना के लिये अपेक्षित अनुमोदन/अनुज्ञा/स्वीकृति हेतु राज्य में ऑनलाईन सिंगल विण्डो क्लीयरेंस पोर्टल investuttarakhand.uk.gov.in की स्थापना की गई है।

 

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधु ने बताया कि उत्तराखण्ड निवेश के लिये उद्यमियों के लिए बेहतर डेस्टीनेशन हैं। दिल्ली एनसीआर के नजदीक होने के नाते बेहतर सड़क सुविधाओं के विकास द्वारा यह दूरी शीघ्र ही ढाई घण्टे में पूरी होने वाली हैं। इसी प्रकार हरिद्वार, कोटद्वार, रूद्रपुर, काशीपुर, टनकपुर के लिए भी सड़क सुविधाओं से यहां की दूरी भी कम समय में तय हो सकेगी। पर्यावरण की दृष्टि से भी उत्तराखण्ड उद्योगों के अनुकूल है। हमारे प्रदेश में पानी का कोई विवाद नही हैं बिजली की पर्याप्त उपलब्धता है। राज्य के बेहतर इकोसिस्टम से लोग राज्य के प्रति आकर्षित हो रहे है।

 

अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि राज्य में देश के विभिन्न राज्यों की उद्योग एवं निवेश से संबंधित नीतियों का अध्ययन कर नीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक उद्यमी राज्य से जुड़े, इसके लिए उद्योगों के अनुकूल नीतियां एवं सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।

 

लंदन, सिंगापुर, ताइवान में आयोजित किए जाएंगे इंटरनेशनल रोड शो

 

उत्तराखण्ड ग्लोबल इंवेस्टर समिट की तैयारियों को उत्तराखण्ड सरकार ने पूरी तरह से तैयार है। समिट को लेकर विदेश में पहला अंतरराष्ट्रीय रोड शो 25 सितंबर से 28 सितंबर तक लंदन में होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इसमें शामिल होंगे। इसके बाद अक्टूबर के पहले हफ्ते में सिंगापुर और ताइवान में रोड शो होंगे। वहीं दुबई और आबूधाबी में 16 से 20 अक्तूबर तक रोड शो के जरिये विदेशी निवेशकों को उत्तराखंड में निवेश के लिए आकर्षित किया जाएगा।

 

विदेश में होने वाले रोड शो में राज्य सरकार की ओर से अधिकारियों की टीम भी जाएगी। इसके बाद देश में 03 अक्टूबर को पहला रोड शो दिल्ली में आयोजित होगा, उसके बाद 06 और रोड शो होंगे, जो अहमदाबाद, चंडीगढ़, मुंबई, बेंगलुरू, चेन्नई और हैदराबाद में आयोजित होंगे। राज्य सरकार द्वारा निवेशक सम्मेलन के माध्यम से कम से कम ढाई लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य रखा गया है।

फिर होगा घमासान! BJP के बाद कांग्रेस ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप

0

संसद के विशेष सत्र को लेकर राजनीति चरम पर है। राजनीतिक दल भी कमर कस कर तैयार हैं। केंद्र सरकार ने सत्र के एजेंडे के बारे में भी अब सब साफ कर दिया है। इस बीच भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने सांसदों को व्हिप जारी कर दिया है।

PTI के अनुसार, सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी कर 18 से 22 सितंबर तक संसद के विशेष सत्र के दौरान उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। केंद्र सरकार ने इससे पहले विशेष सत्र के एजेंडे को साफ कर दिया है। सरकार ने बताया कि इस सत्र में सरकार संसद के 75 वर्षों की उपलब्धियों, अनुभवों, स्मृतियों और सीख पर चर्चा करेगी। इसके साथ ही सरकार इसके अलावा इस सत्र में चार विधायकों का भी उल्लेख करेगी।

जिन विधेयकों का सरकार उल्लेख करेगी, इसमें अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक 2023 और प्रेस और पुस्तक पंजीकरण विधेयक, 2023 राज्यसभा से पारित हो चुके हैं एवं लोकसभा में लंबित हैं। वहीं, डाकघर विधेयक 2023 तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त, अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति, सेवा शर्त विधेयक 2023 सूचीबद्ध हैं।  

बदल जाएगा नियम, सिर्फ बर्थ सर्टिफिकेट से हो जाएंगे ये काम

0

जन्म और मृत्यु पंजीकरण (Birth and Death Registration) (संशोधन) अधिनियम 2023 देशभर में 1 अक्टूबर 2023 से लागू होने जा रहा है। इसका मतलब ये है कि अब से बर्थ सर्टिफिकेट की महत्ता काफी ज्यादा बढ़ जाएगी। यह सर्टिफिकेट स्कूल कॉलेज में दाखिला ड्राइविंग लाइसेंस के लिए एप्लीकेशन वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने आधार रजिस्ट्रेशन शादी के रजिस्ट्रेशन या सरकारी नौकरी के एप्लीकेशन के लिए अकेला इस्तेमाल किया जाएगा।

अब से बर्थ सर्टिफिकेट की महत्ता काफी ज्यादा बढ़ जाएगी। यह सर्टिफिकेट स्कूल, कॉलेज में दाखिला, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए एप्लीकेशन, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, आधार रजिस्ट्रेशन, शादी के रजिस्ट्रेशन या सरकारी नौकरी के एप्लीकेशन के लिए अकेला इस्तेमाल किया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को एक अधिसूचना जारी करके इस संबंध में घोषणा की है। संसद के दोनों सदनों ने पिछले महीने संपन्न मॉनसून सत्र में जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2023 पारित किया था। इसमें 1969 के अधिनियम में संशोधन की मांग की गई थी।

जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) अधिनियम के लागू होने के बाद आधार से लेकर सभी जरूरी सरकारी दस्तावेज बनवाने में बर्थ सर्टिफिकेट का महत्तव बढ़ जाएगा। इस बिल को लोकसभा में 1 अगस्त और राज्यसभा में 7 अगस्त 2023 को पास किया गया था। इसके बाद अब केंद्र सरकार ने इस पर नोटिफिकेशन जारी करके नए नियमों को 1 अक्टूबर से लागू करने का ऐलान कर दिया है।

यह अधिनियम भारत के रजिस्ट्रार जनरल को पंजीकृत जन्म और मृत्यु का राष्ट्रीय डेटाबेस बनाए रखने का अधिकार देता है। इसके लिए सभी राज्यों की तरफ से मुख्य रजिस्ट्रार और रजिस्ट्रार की नियुक्ति की जाएगी। यह अधिकारी पंजीकृत जन्म और मृत्यु के डेटा को राष्ट्रीय डेटाबेस में शेयर करने के लिए बाध्य होंगे। मुख्य रजिस्ट्रार राज्य स्तर पर एक समान डेटाबेस तैयार करेगा।

विधेयक का एक प्रमुख उद्देश्य पंजीकृत जन्म और मृत्यु के लिए राष्ट्रीय और राज्य-स्तरीय डेटाबेस स्थापित करना है। इस पहल से अन्य डेटाबेस के लिए अपडेट प्रक्रियाओं को बढ़ाने, कुशल और पारदर्शी सार्वजनिक सेवाओं और सामाजिक लाभ वितरण को बढ़ावा देने की उम्मीद है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने इस विधेयक को लोकसभा में पेश किया। इस विधेयक के लागू होने पर जन्म पंजीकरण के दौरान माता-पिता या अभिभावक के आधार नंबर की आवश्यकता होगी।

मैं बोझ बन गई हूं, मम्मी-पापा को सिर्फ रिजल्ट से मतलब है…लिखकर फंदे पर झूल गई बेटी

0

बिहार : जमुई में पॉलिटेक्निक की एक छात्रा ने फंदे से लटककर जान दे दी. पॉलिटेक्निक कॉलेज में इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष की छात्रा ने मंगलवार देर रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. बुधवार को छात्रावास में रहने वाली दूसरी लड़कियां जब उसे नाश्ते के लिए बुलाने गई तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. इसके बाद छात्राओं ने इसकी जानकारी वार्डन को दी तब उसका कमरा खोला गया तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला.

छात्रा लखीसराय जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के महसौडा गांव की रहने वाली थी. 19 वर्षीय छात्रा के पिता मुकेश कुमार हाईस्कूल के टीचर हैं. उसने पिता के स्कूल से ही 12वीं तक की पढ़ाई की थी. इसके बाद वह जमुई के पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ने के लिए पिछले सप्ताह पहले कॉलेज आई थी.

घटना के बारे में वार्डन गजाला परवीन ने बताया कि छात्रा को पहले कॉलेज की तरफ से रूम नंबर 210 अलॉट किया गया था. इसके बाद उसने कहा उसे देर रात तक पढ़ने की आदत है. इसलिए वह अकेले कमरे में रहना चाहती है तब उसे रूम नंबर 404 दिया गया था. वार्डन ने कहा कि मंगलवार रात को कॉलेज की दूसरी छात्राओं के साथ उसने खाना खाया इसके बाद वह रूम नंबर 404 में चली गई थी. दूसरी छात्राओं ने उसे सुबह यह सोचकर नहीं जगाया कि वह देर रात तक पढ़ने के लिए जगी होगी.

हॉस्टल में छात्राओं को 8.30 बजे नाश्ता दिया जाता है. लेकिन 9.30 बजे तक भी जब वह जब नाश्ता करने के लिए नहीं आई तो सुबह 9:40 बजे के करीब लड़कियां उसे जगाने गई. तब कमरे का दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना वार्डन को दी. तब वार्डन और प्रिंसिपल छात्रावास पहुंचे और दरवाजे को खोलने का प्रयास किया. लगातार दरवाजा खटखटाने और पीटने की वजह से अंदर की सिटकनी किसी तरह खुल गई. अंदर छात्रा फांसी के फंदे में लटकी हुई थी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

छात्रा ने एक 6 पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा है. जिसमें उसने मां बाप पर पढ़ाई के लिए दबाव बनाने की बात लिखी है. सुसाइड नोट में किस तरह लॉकडॉउन में उसका पढ़ाई प्रभावित हुआ और फिर अच्छे नबंर नहीं आए. इसके बाद छात्रा के मां बाप ने उसे ताने मारे और उसकी शादी कराने की बात करने लगे. छात्रा ने सुसाइड नोट लिखा है उसका सार है कि मां-बाप उसके मेहनत को नहीं देखते हैं. उन्हें सिर्फ रिजल्ट से मतलब छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह अपने मां के लिए बोझ बन गई है.

स्कूली बच्चों से भरी नाव पलटी, 14 छात्र लापता, 30 से ज्यादा थे सवार

0

बिहार: मुजफ्फरपुर में एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां बच्चों को स्कूल लेकर जा रही नाव पलट गयी है. जिसके बाद 14 बच्चे लापता हैं. नाव पर 30 से ज्यादा बच्चे सवार थे. मौके पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है. घटना गायघाट थाना क्षेत्र का है. हादसा बागमती नदी में हुआ है. बताया जा रहा है भटगामा मधुरपट्टी के पीपल घाट से बच्चे जब स्कूल जा रहे थे तब यह हादसा हुआ है.

हादसे के बाद स्थानीय गोताखोर बच्चों को निकालने में लगे हैं. उन्होंने कई बच्चों को बाहर निकाला है लेकिन अभी भी कई बच्चे लापता बताए जा रहे हैं. घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया है. लोगों की भारी भीड़ जुट गई है. नदी में तेज बहाव है इस वजह से बच्चों को निकालने में गोताखोरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बताया जा रहा है कि नदी में बच्चों को बचाने गया एक युवक भी लापता है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं बचाव के लिए भी रेस्क्यू टीम भी समय पर नहीं पहुंची. लोगों का कहना है बच्चे नदी में लापता हैं उनकी कोई सुध नहीं लेने वाला है. स्थानीय लोगों ने बताया कि वह सालों से नदी पर पुल बनाने की मांग सरकार से कर रहे हैं लेकिन उनकी मांगों को नहीं माना गया और ये हादसा हुआ है. वहीं नाव पर बच्चों के साथ कुछ महिलाओं के भी सवार होने की बात कही जा रही है.

बच्चों को स्कूल लेकर जा रही है नाव पलटने के बाद शासन प्रशासन में हड़कंप मच गया है. दरअसल बिहार के सीएम नीतीश कुमार गुरुवार को मुजफ्फरपुर दौरे पर पहुंच रहे हैं. मुख्यमंत्री यहां कैंसर हॉस्पिटल का उद्धाटन करने पहुंच रहे हैं. उससे पहले यह हादसा हो गया है जिसके बाद प्रशासन के हाथ पांव फुले हैं.

घटना के बारे में डीएसपी पूर्वी सहरियार अख्तर ने बताया कि मधुरपट्टी घाट के पास नाव हादसा हुआ है. नाव पर क्षमता से अधिक बच्चे और महिलाएं सवार थीं. हादसे के बाद कुछ बच्चों को निकाला गया है. उन्हें अस्पताल भेजा गया है. यह अभी नहीं बताया जा सकता है कि नाव पर कितने बच्चे सवार थे.

उत्तराखंड : मौसम विभाग का अलर्ट, इन जिलों में सकती है भारी बारिश

0

देहरादून : उत्तराखंड में मौसम विभाग ने एक बार भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार देहरादून समेत छह जिलों में तेज बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

इन सभी जिलों में बिजली चमकने और तेज गर्जन के साथ कई दौर की तेज बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

देश के लिए दुःखद खबर, मेजर, कर्नल और डीएसपी शहीद

0

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक कर्नल, मेजर सहित तीन अफसर शहीद हो गए हैं। कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष, जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं भट गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद तीनों शहीद हो गए। उन्होंने बताया कि भट की जान ज्यादा खून बहने से हुई है।

मुठभेड़ में सेना के कर्नल मनप्रीत सिंह, बटालियन कमांडिंग मेजर आशीष धोनैक और जम्मू-कश्मीर पुलिस के DSP हुमायूं भट शहीद हो गए. हमारे वीर सपूतों की शहादत से पूरा देश गमगीन है. अनंतनाग में सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोली चला दी. सेना और पुलिस अब दोनों पाकिस्तानी आतंकवादियों के सफाए के लिए ऑपरेशन चला रही है, जो उनके मारे जाने तक जारी रहेगा. हालांकि मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं.

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग और राजौरी में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. पाकिस्तान से आए आतंकवादियों की ओर से होने वाले इस दुस्साहस ने एक बार फिर याद दिलाया कि घाटी से आतंक का सफाया अभी बाकी है.

बता दें कि मंगलवार और बुधवार रात खुफिया जानकारी मिलने के बाद इस ऑपरेशन को शुरू किया गया था. सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन शुरू करते ही आतंकवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी. दोपहर 1 बजे तक सेना के ऑफिसर के जख्मी होने की खबर आई गई थी.

इस दिन होगी परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की शादी, ये है कार्ड

0

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की शादी का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. दोनों जब भी पब्लिक में स्पॉट होते तो उनसे ये सवाल जरूर पूछा जाता कि दोनों शादी कब कर रहे हैं. अब इस सवाल का जवाब मिल गया है. दोनों इस महीने ही शादी करने जा रहे हैं. दोनों की शादी का कार्ड सामने आया है, जिससे पता चलता है कि दोनों 24 सितंबर को शादी करेंगे. वहीं शादी की रस्में 23 सितंबर से शुरू होंगी.

Parineeti Raghav Card

परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की सगाई दिल्ली में हुई थी, जिसमें राजनीति के साथ-साथ बॉलीवुड हस्तियां भी शामिल हुए थे. वहीं अब कपल ने शादी के लिए उदयपुर को चुना है. उदयपुर के लीला पैलेस में दोनों की शादी होगी. शादी से जुड़ी तमाम डिटेल्स आप नीचे देख सकते हैं.

Parineeti Raghva Chaddha Card

  • 23 सिंतबर को सुबह 10 बजे परिणीति चोपड़ा की चूड़ा सेरेमनी होगी.
  • 24 सितंबर को दोपहर एक बजे ताज लेक पैलेस में राघव चड्ढा की सेहराबंदी होगी.
  • दोपहर 2 बजे ताज लेक पैलेस से बारात निकलेगी.
  • लीला पैलेस में 3:30 बजे जयमाला कार्यक्रम होगा.
  • शाम 4 बजे फेरे होंगे और फिर साढ़े 6 बजे परिणीति चोपड़ा की विदाई होगी.
  • 24 की रात को ही साढ़े 8 बजे कोर्टयार्ड में एक रिसेप्शन भी रखा गया है.

Parineeti Chopra Raghav Chadha Cards

23 सितंबर से रस्मों के साथ शादी के फंक्शन्स शुरू होंगे. 24 सितंबर को ताज लेक से राघव चड्ढा बारात लेकर निकलेंगे. 3 बजे जयमाला का कार्यक्रम होगा और फिर 4 बजे फेरे के साथ दोनों सात जन्मों के बंधन में बंध जाएंगे. उसी दिन विदाई भी होगी. विदाई की टाइमिंग 6:30 बजे रखी गई है. उसके बाद उसी रात 8 बजे वहीं एक रिसेप्शन भी होगा.