बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने कहा कि वह ‘नूर’ में पाकिस्तानी पत्रकार की भूमिका में नहीं हैं. यह फिल्म पाकिस्तान की सबा इम्तियाज के नॉवेल ‘कराची यू आर किलिंग मी’ पर आधारित है.
आने वाली फिल्म ‘फोर्स 2’ के लॉन्च पर सोनाक्षी ने फिल्म ‘नूर’ में अपने किरदार के बारे में बातचीत की. इसपर उन्होंने कहा, ‘मैं कहना चाहूंगी कि मैं इसमें पाकिस्तानी पत्रकार की भूमिका में नहीं हूं. फिल्म किताब पर आधारित है, जो पाकिस्तानी लेखक द्वारा लिखित है. कहानी को मुंबई के बैकग्राउंड पर ढाला गया है.’
सनहिल सिप्पी निर्देशित यह फिल्म मुंबई में ‘नूर’ के दुर्भाग्य और प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है. पूरब कोहली, शिबानी दांडेकर और कनन गिल स्टारर फिल्म बड़े पर्दे पर अगले साल सात अप्रैल को रिलीज होगी.
इसके अलावा, सोनाक्षी फिल्म ‘अकीरा’ के बाद ‘फोर्स 2’ में भी अपना मारधाड़ वाला अंदाज कायम रखे नजर आएंगी. एक्शन क्वीन टैग के बारे में पूछे जाने पर सोनाक्षी ने कहा, ‘आप कह सकते हैं कि मैं एक्शन फिल्मों की बहुत शौकीन हूं. मैं बहुत-सी एक्शन फिल्मों का हिस्सा रही हूं. मुझे इसमें मजा आता है.’
सोनाक्षी ने पाकिस्तानी पत्रकार का किरदार निभाने से किया इनकार
विद्या बालन की फिल्म 'बेगम जान' की रिलीज डेट का ऐलान
बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन स्टारर फिल्म ‘बेगम जान’ 6 जनवरी, 2017 को रिलीज होगी. इस फिल्म में दिखाया गया है कि देश के विभाजन के दौरान वेश्यालय में विस्थापित महिलाओं को किस तरह की बुरी स्थितियों का सामना करना पड़ा था.
‘प्ले एंटरटेनमेंट’ द्वारा बनाई जा रही इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता श्रीजित मुखर्जी ने किया है. वह इस फिल्म से बॉलीवुड में बतौर निर्देशक करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं.
विद्या को इस फिल्म में वेश्यालय की प्रमुख ‘बेगम जान’ के किरदार में देखा जाएगा. इसमें उनके अलावा नसीरुद्दीन शाह, रजत कपूर, गौहर खान, पल्लवी शारदा, इला अरुण, आशीष विद्यार्थी और चंकी पांडे मुख्य भूमिकाओं में हैं.
‘प्ले एंटरटेनमेंट’ ने इससे पहले ‘जय गंगाजल’ को प्रोड्यूस किया था, जिसमें अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को पुलिस अधिकारी के किरदार में देखा गया था.
शिवसेना बोली, सलमान खान को पाकिस्तान भेजो
पाकिस्तानी कलाकारों पर बयान को लेकर शिवसेना ने सलमान खान को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शिवसेना के कई नेताओं ने सलमान को पाकिस्तान तक जाने की सलाह दे डाली है। बता दें कि सलमान ने कहा था कि आतंकवादियों और एक्टरों में फर्क है और वहां के कलाकार वीजा लेकर आते हैं।
शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने आईबीएन7 से बातचीत में कहा कि सलमान को सबक सिखाया जाना चाहिए, अगर उन्हें पाकिस्तान से इतना ही प्यार है तो वहां चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सलमान खान को पाकिस्तान भेजो। अगर सलमान खान के परिवार का कोई शहीद हुआ होता, तब सलमान को सब समझ आता कि दर्द कितना बढ़ा होता है। सलमान कई बार ऐसे उल जलूल बयान दे चुके हैं। पीएम सलमान को अपने बगल में कभी खड़ा ना करें। अपने फिल्मों के बिजनेस के लिए वो ऐसे बयान देते रहते हैं।
शिवसेना नेता अरविंद सावंत ने कहा कि सलमान के बयान को इतनी कीमत क्यों दे रहे हैं। सलमान के परिवार के किसी कि गर्दन कटेगी तब पता चलेगा। 125 करोड़ का देश है, केरल से कश्मीर तक कलाकार भरे पड़े हैं। अगर इतना ही दर्द है तो पाकिस्तान जाएं।
वहीं सलमान के पिता सलीम खान ने IBN7 के सवाल पर बस इतना ही कहा कि देश की जनता ही तय कर ले। सलीम से सलमान खान के बयान को लेकर कई सवाल पूछे, लेकिन उन्होंने चुप्पी साधे रखी और जब उनसे सवाल पूछा गया कि देश की जनता जानना चाहती इस बारे में तो सलीम खान ने कहा कि देश की जनता ही तय कर ले।
कस्टम विभाग ने जप्त किए अमेरिका से अवैध तरीक से आयात किए गए ड्रोन
पुणे के कस्टम विभाग ने कनाडा से आयातित सात ड्रोन जप्त किए हैं. करीब 1.2 करोड़ कीमत के यह ड्रोन अमेरिकी कंपनी ” प्रिसिजन हॉक” के हैं. जप्त किए गए ड्रोन वेबोनिज प्राइवेट लिमिटेड के अमित तकते नाम के शख्स ने अवैध तरीके से मंगाए हैं.
पुणे कस्टम के डिप्टी कमिश्नर के शुभेंद्र के मुताबिक बरामद ड्रोन बहुत ही उच्च तकनीक के हैं. इनके जरिए कम समय में काफी दूर तक सर्विलांस किया जा सकता है. इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से भी मामले में तहकीकात की जा रही है. जांच में पता चला है कि कुछ ड्रोन हाइट्सनेक्स्ट कंपनी के विकास कुमार ने पुणे और देश के दूसरे हिस्सों में भी बेचे हैं.
जांच में पता चला है कि कंपनी ने एक ड्रोन दिल्ली और दो अहमदाबाद बेचे हैं. एजेंसियों की नजर में धूल झोंकने के लिए आरोपी विदेशों से ड्रोन के उपकरण मंगाकर उसे असेम्बल करते थे.
बांबे हाई कोर्ट ने एक घर में एक कार का सुझाव दिया
मुंबई: शहर में यातायात की भीड़-भाड़ को कम करने के लिए एक व्यापक नीति की मांग करते हुए बंबई उच्च न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार को प्रति परिवार कारों की संख्या सीमित करने और अंतरदेशीय जल परिवहन जैसे उपाय पर विचार करना चाहिए.
न्यायमूर्ति वीएम कनाड की अध्यक्षता वाली एक खंड पीठ ने वृहन मुंबई नगर निगम, मुंबई महानगर क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण, राज्य शहरी विकास मंत्रालय और यातायात पुलिस को साथ बैठने और यातायात मुद्दे पर एक संपूर्ण नीति बनाने का निर्देश दिया.
अदालत ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया. अदालत ने कहा, ”इन दिनों हर परिवार में कम से कम दो कारें हैं…इसे एक कार प्रति परिवार सीमित किया जाना चाहिए.”
पूर्व बिलियर्ड्स चैंपियन माइकल परेरा गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का मामला
मुंबई: मुंबई की सत्र अदालत ने पूर्व बिलियर्ड्स चैंपियन माइकल परेरा को 13 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. माइकल परेरा सहित कुल पांच लोग क्यूनेट चीटिंग केस में आरोपी हैं. आरोप है कि कंपनी ने मल्टी लेवल मार्केटिंग स्कीम के नाम पर निवेशकों से करोड़ों की ठगी की. पूरे देश में तकरीबन पांच लाख निवेशक ठगे गए हैं.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर माइकल परेरा ने कंपनी के दूसरे डायरेक्टर के साथ अदालत में समर्पण किया. वहां माइकल परेरा की तरफ से वरिष्ठ वकील अमित देसाई ने दलील दी कि परेरा का कंपनी में सिर्फ शेयर था. वे कंपनी के कामकाज में शामिल नहीं थे. सेलेब्रिटी होने के नाते वे कंपनी के कार्यक्रमों में शामिल होते थे. चूंकि उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है इसलिए पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेजने की जरूरत नहीं है. लेकिन अभियोजन पक्ष की मांग पर अदालत ने माइकल परेरा को 13 अक्टूबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया.
निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड के 127412 वोटर्स को किया सूची से बाहर
निर्वाचन आयोग ने 127412 मतदाताओं को सूची से बाहर कर दिया है। आयोग की ओर से जिलावार संचालित मतदाता सूची शुद्धीकरण अभियान के दौरान ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया गया जिनकी या तो मौत हो चुकी हैं या फिर मतदाता का एक से अधिक जगह पंजीकरण था।
ऐसे मतदाता भी चिह्नित किए गए, जिन्होंने फर्जी तरीके से मतदाता पहचान पत्र बनवा लिया था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी ने बताया कि एक अक्तूबर से नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने की तैयारी है। ऐसे सभी युवाओं को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा जो एक जनवरी 2017 को 18 साल की उम्र पूरी कर चुके होंगे।
कोई भी युवा मतदाता बनने से वंचित न रह जाए, इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बीएलओ को निर्देशित किया गया है कि वे घर-घर जाकर ऐसे युवाओं को चिह्नित करें जो 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हैं। बताया कि 10 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
राज्यभर में मतदाता सुविधा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। जहां तक मतदाता सूची में शामिल होने के लिए प्रारूपों को जमा कराने का सवाल है तो इसे किसी भी निकटवर्ती सरकारी राशन की दुकान और आंगनबाडी केंद्र पर जमा करने की सुविधा दी गई है।
बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने बीते दिनों फर्जी मतदान को लेकर सरकार पर आरोप लगाए थे। जिसको लेकर निर्वाचन अधिकारियों ने जांच कर ऐसे मतदाताओं को बाहर करने की बात कही थी।
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद उत्तराखंड की सीमा पर मोदी सरकार की नजर
उत्तराखंड से लगी चीन, नेपाल और तिब्बत की सीमाओं पर मजबूत तंत्र स्थापित करने के मकसद से केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन विभाग के सचिव सुशील कुमार शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। वह दो अक्तूबर तक सीमाओं का आंकलन करने के साथ ही यहां इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह से भी मिलेंगे। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर हुए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद देशभर में अलर्ट है।
इस बीच शुक्रवार को गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन विभाग के सचिव सुशील कुमार दून पहुंचे। शनिवार को वह देहरादून से केदारनाथ होते हुए गौचर भी जाएंगे। यहां 8वीं बटालियन हेडक्वार्टर में बैठक लेंगे। इसके बाद सुशील कुमार चीन सीमा से सटे गांव माणा जाएंगे। यहां माणा पोस्ट पर वह भ्रमण करेंगे।
इसके बाद वह शाम को मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह और प्रदेश सरकार के अन्य अधिकारियों से बातचीत करेंगे। रात को फिर दून में ही स्टे करेंगे। दो अक्तूबर को सुशील कुमार रिमखिम पोस्ट जाएंगे, जहां वह जवानों से बात करेंगे। इसके बाद जोशीमठ जाएंगे।
जोशीमठ से वह आईटीबीपी के सीमाद्वार स्थित परिसर आएंगे और शाम को दिल्ली लौट जाएंगे। उनकी इस विजिट को अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर बढ़े तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रदेश में चीन सीमा पर अभी काफी काम बचा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसके बाद उसी के मुताबिक केंद्र सरकार अपनी सीमाओं पर और मजबूत पहरेदारी कर सकेगी।
स्वच्छता अभियान को लेकर पीएम मोदी ने दिया संदेश
राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान की दूसरी सालगिरह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को स्वभाव बनाने पर जोर दिया. इसके लिए कई तरह के किस्से सुनाए. विज्ञानभवन में मौजूद लोगों को हंसाया लेकिन गंभीर संदेश भी दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि गंदगी से सबको नफरत है लेकिन स्वच्छता को स्वभाव हम नहीं बना पाए, जरूरत इसी की है तभी ये अभियान सफल होगा.
उन्होंने उम्मीद जताई कि जब से बच्चों और महिलाओं ने साफ-सफाई के इस अभियान की कमान संभाली है तब से उनको ये भरोसा हो गया है कि उनकी कोशिश रंग लाएगी. देश साफ जरूर होगा और लोगों के स्वभाव में सफाई जरूर आयेगी.
स्वच्छता और पेयजल मंत्रालय के साथ शहरी विकास मंत्रालय के साझा कार्यक्रम इंडोसैन यानी इंडिया सैनिटेशन का उद्घाटन करते हुए अपने लगभग 40 मिनट लंबे भाषण में मोदी ने कई व्यावहारिक बातों की ओर सबका ध्यान खींचा. मोदी ने कहा कि अपने 20 साल पुराने स्कूटर को रोज लोग रगड़-रगड़ कर साफ करते हैं भले ही उसका पुर्जा पुर्जा नया लग गया हो सब कुछ घिस गया हो. लेकिन जब बस में बैठते हैं और टाइम पास नहीं होता तो बस की सीट में उंगली घुसा-घुसा कर छेद कर देते हैं. दो घंटे के सफर में तीन इंच का फोम तो जरूर निकाल देंगे, क्योंकि मन में ये रहता है कि स्कूटर अपना और बस सरकार की. ये भावना बदलने की जरूरत है.
रिसाइकिलिंग और रियूज हमें पश्चिमी देशों से सीखने की जरूरत नहीं है, ये तो हमारे स्वभाव में हैं. हमारी माएं दादियां सदियों से बड़े बच्चों के कपड़े छोटे बच्चों को पहनाती आ रही हैं, फिर उनके दूसरे भी कई इस्तेमाल हैं, सिर्फ कपड़े ही नहीं बल्कि और चीजों में भी ऐसा है तो हम इस स्वभाव को साफ सफाई में भी अपना सकते हैं.
वेंकैया नायडू ने कहा कि पिछले दो साल से मोदी देश की स्वच्छता का प्रतीक हैं. ये पीएम मोदी नहीं बल्कि मूड ऑफ डेवलपिंग इंडिया का सोच है. मोदी ने इस कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स के सफाई अभियान, पुणे के कचरा उठाने और ठिकाने लगाने वालों के सहकारी संगठन का साथ मंडी जिले और मैसूर शहर को खुले में शौच से मुक्त और सबसे स्वच्छ जिले का पुरस्कार भी दिया.
इसके अलावा देहरादून के केंद्रीय विद्यालय, सिंधुदुर्ग जिला को भी पुरस्कार दिया। गुजरात में पाटन की हजार साल पुरानी रानी की वाव को सबसे स्वच्छ पर्यटन और सांस्कृतिक स्थल, सूरत रेलवे स्टेशन, चंडीगढ़ शहर, सिक्किम की राजधानी गैंगटोक को स्वच्छ पर्यटन शहर का पुरस्कार भी दिया, पीजीआई चंडीगढ़ सबसे स्वच्छ अस्पताल का अवॉर्ड ले गया.
उरी हमले में चूक पर बड़ी कार्रवाई, ब्रिगेड कमांडर को जांच पूरी होने तक हटाया गया
नई दिल्लीः उरी हमले में सुरक्षा में चूक पर बड़ी कार्रवाई की गई है. उरी में सेना के 20 जवानों की शहादत के पीछे बड़ी चूक के जिम्मेदार माने जा रहे सेना अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू की गई है. इसी के तहत उरी ब्रिगेड के कमांडर अपने पद से हटा दिए गए हैं. रक्षा सूत्रों ने बताया कि ब्रिगेडियर के. सोमशेखर को संवेदनशील ब्रिगेड से हटा दिया गया है. उन्होंने बताया कि सेना की 28 माउंटेन डिवीजन के एक अधिकारी उरी ब्रिगेड के कमांडर के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं.
बताया जा रहा है कि जब तक कोर्ट ऑफ इंक्वायरी पूरी नहीं होती तब तक वो पद पर नहीं रहेंगे. उरी पर हमले को सुरक्षा इंतजाम के पर्याप्त ना होने को भी वजह माना जा रहा है और इसकी वजह से ही उरी ब्रिगेड के कमांडर को अपने पद से हटाया गया है. इस घटनाक्रम पर टिप्पणी मांगने पर सेना के अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया.
एबीपी न्यूज के मुताबिक उरी में जहां पर कैंप लगाया गया वहां पर सुरक्षा में चूक हुई जिसकी वजह से आंतकी इतना बड़ा हमला करने और 20 सैनिकों को मौट के घाट उतारने में सफल हो गए. उरी में जहां कैंप था वहां सैनिकों की पेट्रोलिंग ठीक से नहीं की जा रही थी जिसकी वजह से आतंकी कैंप में आग लगाने में कामयाब हुए. हमले में अब तक 20 जवान शहीद हो चुके हैं. सेना की जांच पूरी होने तक उन्हें पद से हटाया गया है.
आज सेना प्रमुख दलबीर सिंह ने नियंत्रण रेखा पर सैन्य तैयारी की समीक्षा के लिए जम्मू कश्मीर में उत्तरी कमान का दौरा किया है और उनके आने से पहले उरी के ब्रिगेड कमांडर को हटाया गया है. उनकी जगह पर नए ब्रिगेडियर इंचार्ज ने पद संभाल लिया है.. उन्हें जांच पूरी तक ऊधमपूर हैडक्वार्टर भेज दिया गया है और जांच होने तक उन्हें कोई अतिरिक्त पदभार नहीं दिया जाएगा और वो ऊधमपुर ऑफिस में रहेंगे. यानी जांच पूरी होने तक उन्हें सेना के कामकाज से अलग कर दिया गया है. सिक्योरिटी एजेंसियों के मुताबिक पठानकोट हमले के बाद से सेना को सुरक्षा के मोर्चे पर ठीक से ध्यान देने के लिए कहा गया था लेकिन इसके बावजूद उरी जैसा हमला सुरक्षा में खामियां दिखाता है और इसी का जिम्मेदार ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी को माना गया है.







