Home Blog Page 1107

काले धन के खिलाफ सरकार की ‘बेहद’ बड़ी कामयाबी

0

नरेंद्र मोदी सरकार की काले धन के खिलाफ शुरू की गयी लड़ाई अब रंग लाने लगी है। पिछले साल के अंत में नोटबंदी लागू होने के बाद फर्जी कंपनियों के माध्यम से अरबों रुपये के लेन देन का काला चिट्ठा अब खुल रहा है। इसे मोदी सरकार की एक बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है।

काले धन के खिलाफ शुरू हुई मुहिम के तहत इसी साल रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज़ ने 2,09,032 कंपनियों का रजिस्ट्रेशन रद्द किया था, और इनके बैंक खातों को फ्रीज़ कर दिया गया था। इन 2,09,032 कंपनियों में से 5,800 कंपनियों के बैंक खातों में हुई जमा-निकासी का ब्योरा 13 बैंकों ने उपलब्ध करवाया है। कंपनियों के बैंक खातों में नोटबंदी के बाद और फ्रीज़ किए जाने तक की अवधि के दौरान की गई जमा-निकासी का ब्योरा चौंकाने वाला है। बैंकों की इस रिपोर्ट को सरकार की बेहद बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, और कहा जा रहा है कि यह ‘टिप ऑफ द आइसबर्ग’ है, इसके बाद बहुत कुछ, बहुत बड़ा सामने आएगा।

बैंकों की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक एक कंपनी के पास तो 2134 बैंक खाते हैं। इसके बाद दूसरे नंबर 900 और तीसरे नंबर 300 खाते वाली कंपनियां हैं। कुछ कंपनियों के नाम पर100 बैंक खाते हैं।

इन 13 बैंकों ने सरकार को बताया कि 8 नवंबर, 2016 को इन कंपनियों की लोन की रकम को अलग करने के बाद इनके खाते में सिर्फ 22.05 करोड़ रुपये थे, लेकिन 9 नवंबर, 2016 के बाद इन कंपनियों ने अपने अकाउंट में काफी बड़ी रकम जमा कराई है। इन कंपनियों ने अपने अकाउंट में 4,573.87 करोड़ रुपये जमा किए हैं। इतनी बड़ी रकम जमा कराने के बाद इन कंपनियों ने अपने खातों से 4,552 करोड़ रुपये निकाले भी हैं।

एक बैंक ने बताया कि 429 ऐसी कंपनियां हैं, जिनके खाते में 8 नवंबर, 2016 तक जीरो बैलेंस था। इसके बाद इन खातों में 11 करोड़ रुपये जमा हुए। कुछ दिन बाद इतनी ही रकम निकाली गई। एक बैंक के मामले में ऐसी 3000 कंपनियों का पता कर लिया गया है।

एल्फिंस्टन हादसे के बाद विरोध झेल रही सरकार ने कमेटी बनाई

0

मुंबई के एल्फिंस्टन रोड और परेल स्टेशन को जोड़ने वाले ओवरब्रिज पर पिछले शुक्रवार को हुए हादसे के बाद जबरदस्त विरोध झेल रही सरकार ने एक सब कमेटी का गठन किया है जो मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को दी जानेवाली सुविधाओं पर विभाग के साथ मिलकर काम करेगी।

बता दें कि एल्फिंस्टन रोड स्टेशन के ब्रिज पर मची भगदढ़ में 23 लोगों की मौत हो गई थी और 37 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे को लेकर महाराष्ट्र सरकार और रेल प्रशासन दोनों ही कड़ी निंदा झेल रहे हैं। हर तरफ दोनों के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है।

महाराष्ट्र कैबिनेट ने मंगलवार को एक सब कमेटी का गठन किया जो उन सब पहलुओं पर विचार करेगी जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ। साथ ही दोबारा ऐसी घटना न हो ऐसी योजना पर काम करेगी। कमेटी ये भी देखेगी कि स्टेशनों पर यात्रियों को किस तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं।

एक समाचार के मुताबिक इस कमेटी का गठन तब किया गया जब मंगलवार को शिव सेना के मंत्री महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से जाकर मिले और कमेटी की मांग की। हादसे के बाद से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने मोदी सरकार के खिलाफ जबरदस्त हल्ला बोला है।

मुंबई को दहलाने की कोशिश, दाऊद की साजिश का पर्दाफाश

0

नई दिल्ली। पाकिस्तान की पनाह में पल रहा भारत का मोस्ट वांटेड अपराधी दाऊद इब्राहिम एक बार फिर मुंबई को दहलाने की साजिश कर रहा है। डी कंपनी के गुर्गों द्वारा देश के खिलाफ रची जा रही नापाक साजिश के कुछ अहम सुराग मुबंई पुलिस के हाथ लगे हैं।

प्राप्त खबरों के अनुसार पाकिस्तानी निवासी दाऊद के भाई इकबाल कास्कर और इंडिया में डी कंपनी के गुर्गों के बीच फ़ोन पर हुई बातचीत को ख़ुफ़िया एजेंसियों ने इंटरसेप्ट कर लिया है। इस बातचीत में मुंबई पुलिस टीम को कुछ अहम जानकारियां भी हाथ लगी हैं। पुलिस टीम इन सभी मामलों को लेकर जांच में जुट गई है। दूसरी ओर सुरक्षा एजेंसियां पूरे देश में डी कंपनी के गुर्गो की तलाश में जुट गई हैं।

बता दें कि अभी पिछले महीने ठाणे क्राइम ब्रांच ने दाऊद के भाई इकबाल कास्कर को उसकी बहन हसीना पारकर के घर से गिरफ्तार किया था। क्राइम ब्रांच ने कास्कर पर धन उगाही, धमकी तथा अवैध धंधे में लिप्त रहने का आरोपी बनाया है।

अखिलेश यादव की ताजपोशी, अगले पांच साल के लिए बने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

0

लखनऊ। ताजनगरी आगरा में समाजवादी पार्टी के 10वें राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी संस्थापक अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और उनके भाई शिवपाल यादव की गैरमौजूदगी में पार्टी के नए संविधान के मुताबिक अखिलेश यादव की अगले पांच साल के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ताजपोशी कर दी गई।

गुरूवार को ताजनगरी आगरा में सम्पन्न इस अधिवेशन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, आजम खान, धर्मेन्द्र यादव व नरेश अग्रवाल सहित कई पूर्व और वर्तमान विधायक शामिल हुए। हालांकि बुधवार शाम तक अटकलें लगाई जा रही थी कि पिता मुलायम सिंह और चाचा शिवपाल यादव इस अधिवेशन का हिस्सा बनकर दोनों पक्षों में जारी मतभेदों को सुलझा लेंगें लेकिन तमाम अटकलों के बावजूद मुलायम और शिवपाल इस अधिवेशन से नदारद दिखे। जिसके बाद उनकी गैरमौजूदगी में ही अखिलेश यादव की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ताजपोशी कर दी गई। इस कार्यक्रम के लिए अखिलेश ने करीब 15 राज्यों के सपा प्रतिनिधियों को निमंत्रण भेजा था। पार्टी कार्यकर्ता बुधवार शाम से ही आगरा में एकत्रित होने लगे थे।

अधिवेशन में सपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने का औपचारिक ऐलान किया।

बताया जा रहा है कि नेताजी ने शिवपाल यादव से आगरा अधिवेशन में शिरकत करने की बात कही लेकिन शिवपाल यादव ने यहां आने से मना कर दिया। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि शिवपाल की नाराजगी अभी दूर नहीं हुई हैं। नाराज शिवपाल लोहिया ट्रस्ट से इस्तीफा देने की बात कह चुके हैं।

हनीप्रीत ने किया सरेंडर, कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

0

नई दिल्ली। एक महीने से भी अधिक समय से पुलिस के साथ आंखमिचौली खेल रही हनीप्रीत ने आज मंगलवार को पंजाब पुलिस के सामने आत्म समर्पण कर दिया जहां से उसे हरियाणा पुलिस को सौंप दिया गया। हरियाणा पुलिस जल्द ही हनीप्रीत को कोर्ट में पेश करेगी।

इससे पहले हनीप्रीत दिल्ली हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की गुहार लगा चुकी हैं लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत देने से इंकार करते हुए उसे सरेंडर करने की नसीहत दी थी। उम्मीद लगाई जा रही थी कि आज हनीप्रीत पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में अर्जी लगा सकती है या फिर सरेंडर कर सकती है। इस दौरान एसआईटी भी हनीप्रीत को गिरफ्तार करने की अपनी जुगत में लगी रही।

पंचकूला के पुलिस कमिश्नर ने कहा था कि अगर हनीप्रीत सरेंडर करेंगी तो उसके लिए हमारे सारे इंतजाम हैं। पंचकूला में हिंसा भड़काने के आरोप में हनीप्रीत के खिलाफ सेक्टर-5 थाने में केस दर्ज है। हनीप्रीत पर आरोप है कि उसने साध्वियों से रेप के दोषी राम रहीम को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की साजिश रची थी।

श्रीलंकाई टीम का भारत दौरा घोषित, जानिए कहां और कब होंगे मुकाबले

0

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम आगामी नवम्बर में सात हप्ते के लिए भारत दौरे पर आ रही है। दोनों टीमों के बीच 3 टेस्ट मैच, 3 वन-डे और 3 टी -20 मैच खेले जायेंगे। मालूम हो कि हाल ही में भारत ने श्रीलंका का दौरा किया था, जहां विराट कोहली के नेतृत्व में टीम ने 5 वन-डे, 3 टेस्ट और 1 टी 20 मैच में जीत हासिल कर श्रीलंका को उसी के घर में 9 – 0 से मात दी थी। निश्चित तौर पर श्रीलंका अपनी इस हार का बदला भारत दौरे में लेना चाहेगा।

भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता के ईडन गार्डन पर 16 नवंबर से खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच नागपुर के वीसीए स्टेडियम में 24 से 28 नवंबर तक होगा। तीसरे टेस्ट मैच की मेजबानी दिल्ली को मिली और वह 2 से 6 दिसंबर तक इस मैच का आयोजन करेगा।

टेस्ट सीरीज के बाद वनडे सीरीज होगी। वनडे सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में 10 दिसंबर को होगा। इसके बाद अगले दो मैच मोहाली (18 दिसंबर) और विशाखापत्तनम (17 दिसंबर) में खेला जाएगा। इसके बाद टी 20 सीरीज खेली जाएगी। इसके मैच कटक (20 दिसंबर), इंदौर (22 दिसंबर) और मुंबई (24 दिसंबर) को खेले जाएंगे।

‘पद्मावती,’ रणवीर ने पेश किया अलाउद्दीन का हैरतअंगेज अंदाज,

0

फिल्म ‘पद्मावती’ में अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभा रहे अभिनेता रणवीर ने फिल्म में अपने लुक को सोशल मीडिया पर रीवील कर दिया। पद्मावती में अलाउद्दीन का नकारात्मक किरदार निभा रहे रणवीर का लुक बेहद हैरतअंगेज है। चेहरे पर एक बड़ा सा चोट का निशान, जो कि वास्तव में अलाउद्दीन के चेहरे पर था, नजर आ रहा है। उनका ये लुक काफी एक्सप्रेसिव लग रहा है। ऐसा पहली बार है जब रणवीर सिंह किसी फिल्म में नेगेटिव रोल में नजर आएंगे।

बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन के किरदार को आत्मसात करने के लिए रणवीर ने काफी मेहनत की है। सुनने में आया था कि इसके लिए उन्होंने खुद को कई दिन तक अपने अपार्टमेंट में बंद रखा। इतना ही नहीं, खिलजी के नेगेटिव शेड में रणवीर ने खुद को इस कदर ढाल लिया कि उनका अपने दोस्तों से बात करने का तरीका भी इस कैरेक्टर जैसा ही हो गया था। अलाउद्दीन का कैरेक्टर रणवीर सिंह पर इस कदर हावी हो गया था कि उसके प्रभाव से बाहर निकलने के लिए उन्हें साइकेट्रिस्ट की मदद लेनी पड़ रही है।

चार हिमालयी राज्यों में ‘सिक्योर हिमालय’ परियोजना की हुई शुरुआत

0

हिमालय के वन्यजीवों और जैव विविधता के संरक्षण तथा उनके विकास के लिए सिक्योर हिमालय परियोजना का शुभारम्भ केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ.हर्षवर्द्धन ने किया। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के सहयोग से शुरू होने वाली ‘सिक्योर हिमालय’ परियोजना देश के चार हिमालयी राज्यों में सोमवार से प्रारंभ हुई।

इस परियोजना के तहत उत्तराखंड, हिमाचल, सिक्किम व जम्मू-कश्मीर के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अब जैवविविधता के संरक्षण के साथ ही वहां रह रहे लोगों के लिए आजीविका विकास को प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। चीन और नेपाल की सीमाओं से सटे उत्तराखंड में गंगोत्री नेशनल पार्क व गोविंद वन्यजीव विहार से लेकर अस्कोट अभयारण्य के उच्च हिमालयी क्षेत्र को सिक्योर हिमालय परियोजना में शामिल किया गया है। गोविंद वन्यजीव विहार में आने वाले 43 और अस्कोट अभयारण्य के 17 गांवों के निवासियों को परियोजना के तहत आजीविका विकास से जुड़े कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा। इसके अलावा इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में जैव विविधता के साथ ही हिम तेंदुओं समेत दूसरे वन्यजीवों के संरक्षण को कदम उठाए जाएंगे।

छह साल तक चलने वाली इस परियोजना में इस वर्ष उत्तराखंड को 25 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड समेत परियोजना में शामिल चारों राज्यों के संरक्षित क्षेत्रों में जैवविविधता, वन्यजीव संरक्षण और इन इलाकों से सटे अथवा इनके अंतर्गत आने वाले गांवों में आजीविका विकास के मद्देनजर एक्शन प्लान तैयार किए गए हैं।
परियोजना के प्रथम चरण में गंगोत्री से लेकर अस्कोट तक के संरक्षित क्षेत्रों में पड़ने वाले इको टूरिज्म, जड़ी-बूटी व फलोत्पादन, रोजगारपरक प्रशिक्षण, चारा विकास से संबंधित कार्यक्रम विभिन्न विभागों के सहयोग से संचालित किए जाएंगे। इन क्षेत्रों में हिम तेंदुओं की गणना के मद्देनजर वहां कैमरा ट्रैप की संख्या बढ़ाई जाएगी।

रोहिंग्या शरणार्थियों को वापस लेगा म्यांमार

0

म्यांमार ने हिंसा भड़कने के बाद भागकर बांग्लादेश में दाखिल हुए करीब पांच लाख रोहिंग्या मुसलमानों को वापस लेने का प्रस्ताव दिया है, म्यांमार और बांग्लादेश ने शरणार्थियों की वापसी में समन्वय के लिए एक कार्य समूह के गठन पर भी सहमति जताई है।

बांग्लादेश के विदेश मंत्री एएच महमूद अली ने म्यांमार के वरिष्ठ प्रतिनिधि क्याव तिन्ट स्वे के साथ संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि वार्ता दोस्ताना माहौल में हुई और म्यांमार ने रोहिंग्या शरणार्थियों को वापस लेने का प्रस्ताव दिया है।

विदेश मंत्री ने कहा कि म्यांमार की सीमा से लगे बांग्लादेश की सीमावर्ती क्षेत्र में 800,000 से अधिक शरणार्थी हैं जिनकी वापसी की प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक संयुक्त कार्य समूह का गठन करने पर दोनों देशों ने सहमति जताई है।
उन्होंने कहा कि यह बैठक शांतिपूर्ण ढंग से हुई और बांग्लादेश ने म्यांमार के प्रतिनिधि को प्रस्तावित समझौते का मसौदा भी सौंपा और सुझाव दिया कि संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अन्नान आयोग की रिपोर्ट का क्रियान्वयन किया जाए।

 

दुर्लभ प्रजाति की छिपकली के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

0

शिलांग। दुर्लभ और लुप्तप्राय गेको प्रजाति की छिपकलियों की तस्करी के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। घटना शिलोंग के रिभोई की है जहां पुलिस और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो ने गेको प्रजाति की छिपकली के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार राजू अली नामक एक व्यक्ति १ लाख रुपये की कीमत वाली विलुप्त प्रजाति की ८ इंच लम्बी गेको छिपकलियों को अपने घर पर बेचने की कोशिश करते समय पकड़ा गया है।

गौरतलब है कि पूर्वोत्तर के राज्यों में वन्य जीवों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो ने अभियान चलाया हुआ है। इसी के तहत राजू अली नामक तस्कर पुलिस हत्थे चढ़ा।

आपको बता दें कि गेको छिपकली एक दुर्लभ और लुप्त हो रही प्रजाति है जिसका इस्तेमाल सेक्स पावर बढ़ाने की दवाई बनाने के लिए होता है। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी बहुत मांग है। इसकी तस्करी पूर्वोत्तर राज्यों से दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में की जाती है। इन लोगों का मानना है कि गेको छिपकली के मांस के इस्तेमाल से सेक्स पावर बढ़ता है साथ ही कई बीमारियां भी ठीक हो जाती हैं।