Home Blog Page 1108

ब्लैक मनी पर बड़ा करार , स्विट्जरलैंड सूचना देने के लिए तैयार

0

नई दिल्ली। भारत यात्रा पर आये स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति डोरिस लॉएटहार्ड और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच दोनों देशों को लेकर आपस में कई मुद्दों पर सहमति बनी है।

दोनों देशों के मध्य सूचनाओं के ऑटोमेटिक एक्सचेंज पर समझौता हुआ है जिसके तहत स्विट्जरलैंड कालेधन को लेकर भारत की मदद करने के लिए तैयार हो गया है। स्विट्जरलैंड और भारत के बीच हुए इस समझौते के तहत 2019 से पहले कालेधन, विदेश में जमा पैसा और स्विट्जरलैंड में प्रॉपर्टी की खरीददारी से जुड़ी सूचनाओें की अदला बदली शुरू हो जाएगी।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि हम अपनी आजादी के 70 सालों के साथ ही अपनी दोस्ती के 70 सालों को भी मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि एफडीआई हमारे आर्थिक रिश्तों का आधार है और भारत स्विस निवेशकों का स्वागत करता है। पीएम ने कहा कि मुझे खुशी है कि स्विट्जरलैंड ने आयुर्वेद को पहचाना और इस क्षेत्र में ज्यादा सहयोग देने की इच्छा जताई।

वहीं स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति लॉएटहार्ड ने कहा कि स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, क्लीन इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया और स्मार्ट सिटी जैसे प्रोग्राम में भारत के सहयोगी बन सकते हैं। बता दें कि यह स्विट्जरलैंड के किसी राष्ट्रपति की चौथी भारत यात्रा होगी।

इंसेफिलाइटिस से अब नहीं होगी बच्चों की मौत, अमेरिका के डॉक्टर करेंगे ईलाज

0

लखनऊ। गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इंसेफिलाइटिस के प्रकोप से हो रही मासूम बच्चों की मौतों पर अब कुछ हद तक अंकुश लग सकेगा क्योंकि इस बीमारी के विशेषज्ञ अमरीकी डॉक्टर गोरखपुर में फैले इंसेफिलाइटिस से निपटने के लिए यहां के डाक्टर्स की मदद करेंगे।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने बताया कि अमेरिका के डॉक्टर एक दिन के लिए 12 सितंबर को शहर में आएंगे। और पूरे दिन बीआरडी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स के साथ ट्रेनिंग सेशन चलेगा। इस सेशन में गोरखपुर के अलावा उन तमाम शहरों के डॉक्टर मौजूद होंगे, जहां लोग इंसेफिलाइटिस से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तकरीबन चार दशक से लोग इस बीमारी से जूझ रहे हैं। लिहाजा इससे निपटने के लिए हमने इस खास सेशन का आयोजन किया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अमेरिका के डॉक्टर्स की टीम के साथ मिलकर हम इंसेफिलाइटिस से लड़ने के लिए डॉक्टर्स को प्रशिक्षित करेंगे। यह प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़े स्तर पर सुधाने की मुहिम का हिस्सा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि अमेरिका के डॉक्टरों की टीम प्रदेश के अन्य शहरों के डॉक्टरों को भी प्रशिक्षण देगी, ताकि वह आने वाले समय में इंसेफिलाइटिस से लड़ने में पूरी तरह से सक्षम हों। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यूपी सरकार ने इस बात का फैसला लिया है कि हम इंसेफिलाइटिस से पूरी तरह से लड़ेंगे और इसे खत्म करके दम लेंगे।

बेनजीर हत्याकांड में मुशर्रफ भगोड़ा घोषित, अन्य पांच बरी

0

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सभी पांच अभियुक्तों को अदालत ने बरी कर दिया। यह फैसला आज आतंकवाद निरोधी अदालत ने सुनाया। इस मामले में पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ को फरार घोषित कर दिया गया। रावलपिंडी के पूर्व सीपीओ सऊद अजीज और पूर्व सांसद खुर्रम शहजाद को 17 साल की सजा सुनाई गई। चूंकि रक्षा और अभियोजन पक्ष ने बुधवार (30 अगस्त) अपनी दलील अदालत के समक्ष रख दिया था। ऐसे में आतंकवाद निरोधी न्यायालय (एटीसी), रावलपिंडी के जज मोहम्मद असगर खान ने बेनजीर भुट्टो हत्या के मामले में अपने फैसले को सुरक्षित रखा, जिसे आज सुनाया गया।

बता दें कि पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) की अध्यक्ष और पाकिस्तान की दो बार प्रधान मंत्री रहीं बेनजीर भुट्टो की रावलपिंडी में 27 दिसंबर, 2007 को एक चुनाव प्रचार रैली में एक आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।

पानी पानी मुंबई : रेल सेवा बाधित, कई उड़ानें रद्द

0

मुंबई। मुंबई में भारी बारिश के चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बांद्रा रेलवे स्टेशन पर जलभराव की वजह से सिग्लन फेल हो गया है जिसके चलते लोकल ट्रेन की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं दूसरी ओर लो विजिबिलिटी के चलते मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हवाई यातायात कुछ देर के लिए ठप हो गया है।

लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में जल-जभराव से हालात बेहद खराब हो चुके हैं। सड़कों पर बस पानी ही पानी नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से अपील की है कि अगर जरुरी हो तभी घर से बाहर निकलें।

मुख्यमंत्री ने लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने तथा साथ ही आपात काल में मुंबई पुलिस को ट्वीट/कॉल करने की सलाह दी है। मुख्य मंत्री ने बीएमसी आपदा प्रबंधन सेल और मुंबई पुलिस से हॉटलाइन पर बात भी की है साथ ही मंत्रालय के कर्मचारियों को जल्दी जाने के लिए कहा है। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सभी कार्यालयों में छुट्टी का आदेश जारी किया है।

मौसम विभाग ने दी अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

0

मुंबई। मुंबई में हो रही जोरदार बरसात के कारण इस समय जन जीवन जहां एक ओर पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चूका है तो वहीं दूसरी ओर स्थानीय मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों तक भारी बरसात की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों तक इसी तरह की जोरदार बारिश होने की संभावना है। ऐसे में अगले तीन दिनों तक मुंबई वालों को ऐसी ही परेशानी से गुजरना पड़ सकता है।

मुंबई के लोग एक दूसरे की मदद करते हुए जगह-जगह की तस्वीरें शेयर कर रहे हैं और लोगों को बता रहे हैं कि किन रास्तों से जाना सही रहेगा। इतना ही नहीं, बहुत सी वीडियो भी शेयर हो रही हैं, जिनसे पता चल सके कि अलग-अलग इलाकों में कहां क्या स्थिति है।

कलियुगी बाबा रामपाल दो मामलों में बरी, हत्या और देशद्रोह का केस चलता रहेगा

0

हिसार। दो साध्वियों से बलात्कार के मामले में डेरा सच्चा सौदा के मुखिया राम रहीम को 20 साल की सजा मिलने के बाद आज हरियाणा के स्वंयभू संत रामपाल पर हिसार की जिला अदालत ने अपना फैसला सुनते हुए रामपाल को केस नंबर 426, 427 में बरी कर दिया। हालांकि अभी भी रामपाल जेल में ही रहेगा क्योंकि उस पर हत्या और देश द्रोह का भी आरोप है, जिन पर सुनवाई जारी रहेगी।

बता दें कि रामपाल पर केस नंबर 426 में सरकारी कार्य में बाधा डालने और 427 में आश्रम में जबरन लोगों को बंधक बनाने का केस दर्ज था। अर्थात लोगों को बंधक बनाना और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे आरोपों से रामपाल को बरी किया गया है।

हिसार जेल में बंद रामपाल पर 2006 में हत्या का केस दर्ज हुआ था। बरवाला के सतलोक आश्रम के प्रमुख रामपाल को 2014 में हिसार के बरवाला विवाद के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था।

रामपाल की हिसार कोर्ट में पेशी के दौरान भारी तादाद में रामपाल के समर्थक पहुंच जाते थे, जिससे पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने और इन लोगों को काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। इसी वजह से हिसार की सेंट्रल जेल में ही एक स्पेशल कोर्ट बनाकर इन मामलों की सुनवाई चल रही है।

पानी-पानी मुंबई, बारिश का टूटा 12 साल का रिकॉर्ड

0

मुंबई। पिछले चार दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से मायानगरी मुंबई पूरी तरह पानी-पानी हो गई है। सड़कों पर जगह-जगह जलजमाव हो गया है, जिसकी वजह से इस वक्त आम जनजीवन व्यस्त हो गया है। मुंबई में बारिश ने अपना ही 12 साल पुराना रिकार्ड तोड़ दिया है, इस बारिश को 26 जुलाई 2005 के बाद की सबसे लंबी बारिश बताया जा रहा है। यातायात के बुरी तरह से प्रभावित होने की वजह से लोगों को दैनिक काम करने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार शहर में कम से कम अगले 24 घंटे तक बारिश रुकने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने आज शाम ४.३५ बजे समुद्र में ज्वार के आने की आशंका जताई है। इस दौरान लोगों को समंदर के किनारे न जाने की सलाह दी जा रही है। बारिश के कारण जो स्थान सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में वर्ली, भायखला, भांडुप, कोलाबा, सांताक्रुज और दक्षिणी मुंबई हैं जहां बारिश ने लोगों का जीना मुहाल किया है। हालाँकि बीएमसी पंपों के ज़रिए सड़क से पानी निकालने में जुटी है, लेकिन तेज़ बारिश की वजह से पानी निकालने में दिक्क़त आ रही है।

उत्तराखंड में औषधीय उत्पादों का समर्थन मूल्य सरकार नहीं ‘पतंजलि’ तय करेगी

0

देहरादून। देश के किसानों द्वारा उत्पादित किसी भी फसल या उत्पाद का न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार निर्धारित करती है जिससे किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल सके, लेकिन आयुर्वेदिक औषधीय उत्पादों (जड़ी बूटियों) के मामले में इसका उल्टा हो रहा है। उत्तराखंड की सरकार ने जड़ी बूटियों का समर्थन मूल्य निर्धारित करने का अधिकार आयुर्वेदिक उत्पाद बनाने वाली निजी व्यवासायिक कंपनी पतंजलि को दे दिया है।

उत्तराखंड की भाजपा सरकार में मुख्य मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पतंजलि प्रमुख आचार्य बालकृष्ण की मौजूदगी में इस आशय का फैसला लिया गया है कि सरकार उन सभी जड़ी बूटियों की सूची पतंजलि को देगी जो राज्य में मौजूद हैं या जिनका उत्पादन होता है। इसके बाद पतंजलि इनके न्यूनतम क्रय मूल्य तय करेगी। उत्तराखंड में पैदा होने वाली जड़ी बूटियों के खरीद मूल्य की घोषणा अब राज्य सरकार नहीं करेगी। अब से जड़ी बूटियों का दाम बाबा रामदेव के स्वामित्व वाली पतंजलि तय करेगी। ऐसा पहली बार होगा कि जब राज्य सरकार ने जड़ी बूटियों का दाम तय करने का अधिकार एक निजी व्यावसायिक कंपनी को दे दिया। इसके साथ ही सरकार ने यह फैसला लिया है कि राज्य में जो टूरिस्ट सेंटर बंद पड़े हैं उनका संचालन भी पतंजलि को सौंप दिया जाएगा।

सीएम ने इस दिशा में पतंजलि की ओर से सहयोग किए जाने पर बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण को धन्यवाद दिया। सीएम ने यह भी कहा कि उत्तराखंड से पलायन रोकने,किसानों की आय बढ़ाने,स्वरोजगार के अवसर व आयुष ग्राम की स्थापना के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

सरकार के इस फैसले पर कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह का कहना है कि प्रदेश सरकार बाबा की गोदी में बैठी नजर आ रही है। अगर हम इसी फैसले की बात करें तो कोई व्यापारी भला किसान को ज्यादा मूल्य क्यों देगी। जड़ी बूटी का मूल्य सरकार को तय करना चाहिए।

गुरमीत राम रहीम को 10 साल की सजा

0

पंचकूला सीबीआई की विशेष अदालत के जज जगदीप सिंह ने साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी करार दिए गए बाबा राम रहीम को 10 साल की सजा सुनाई है । उल्लेखनीय है कि 15 साल पुराने साध्वी रेप केस में राम रहीम को 25 अगस्त को दोषी करार दिया गया ​था। जिसके बाद पंचकूला, पंजाब और अन्य राज्यों में भारी हिंसा और उपद्रव हुआ। हिंसा में 38 लोग मारे गए। 263 लोग घायल हुए।
राम रहीम की सजा के बाद ट्वीटर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही है। एक ट्वीटर यूजर ने कहा कि ‘गुरमीत राम रहीम जैसे पाखंडी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’ एक अन्य ट्वीट में कहा गया कि ‘आपको शर्म आनी चाहिए आपने भगवान के नाम पर लोगों को धोखा दिया।’

उपचुनाव : दिल्ली में बजा आम आदमी का डंका, भाजपा दूसरे नंबर पर

0

आंध्र प्रदेश की एक और गोवा की दो विधानसभा सीटों सहित दिल्ली की एक विधान सभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के नतीजे लगभग आ चुके हैं। दिल्‍ली में भाजपा के लिए नाक की लड़ाई बनी बवाना विधानसभा सीट पर आप उम्‍मीदवार ने 24 हजार वोटों से जीत दर्ज कर ली है। बवाना विधानसभा सीट से आप उम्‍मीदवार राम चंद्र ने 59886 वोट लेकर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के वेद प्रकाश 35834 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहे। वहीं कांग्रेस उम्‍मीदवार सुरेन्द्र कुमार 31919 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे।

गोवा की दोनों सीटों पर भाजपा ने भगवा लहराया है जिसमें एक सीट खुद मुख्यमंत्री मनोहर परिकर ने जीती। जबकि आंध्रप्रदेश की नांदयाल सीट पर टीडीपी ने 27,466 वोटों के साथ जीत दर्ज कर ली है।