Home Blog Page 614

जौली ग्रांट एयरपोर्ट के खंभों पर बौद्ध धर्म के श्लोक अंकित किए जाने पर शंकराचार्य ने जताई नाराजगी… VIDEO

0

देहरादून : जौलीग्रांट एयरपोर्ट प्रवेश द्वार के खंभों पर बौद्ध धर्म के श्लोक लिखे जाने पर ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने नाराजगी जताई। ज्योतिष पीठाधीश्वर ने कहा कि अच्छा होता इन खंभों पर बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के बारे में भी उल्लेख किया जाता। शंकराचार्य ने मांग की है कि जौली ग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखा जाना चाहिए।

IMG 20230117 WA0006

 

ज्योतिष पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि आदिगुरू शंकराचार्य का जन्म केरल के कालडी में हुआ हो, लेकिन अपना शरीर स्थाई रूप से उत्तराखंड में रखा है । उन्होंने कहा कि वे बौद्ध धर्म के विरोधी नहीं हैं, लेकिन उचित होता कि इन खंभों में गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल के देवी-देवताओं और यहां की प्राचीन संस्कृति से जुड़े हुए कुछ अन्य तथ्यों का भी उल्लेख किया जाता।

 

शंकराचार्य ने कहा कि इससे देश दुनिया से यहां आने वाले लोग यहां की संस्कृति और तीर्थ स्थलों के बारे में जानते। कहा कि यहां कोई बौद्ध धर्म से जुड़ा कोई बड़ा स्थान नहीं है।

उन्होंने कहा कि जौली ग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर होना चाहिए। वे कई बार केंद्र और राज्य सरकार से निवेदन कर चुके हैं।

इस अवसर पर ज्योतिर्मठ के मीडिया प्रभारी डॉ. बृजेश सती, ज्योतिषाचार्य डॉ. प्रदीप सेमवाल, बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य आशुतोष डिमरी, कृष्णा पाराशर आदि मौजूद रहे।

जोशीमठ के छात्रों के लिए अच्छी खबर, परीक्षा केंद्र चुनने की मिलेगी छूट

0

जोशीमठ : भू-धंसाव से प्रभावित छात्र-छात्राओं की परेशानी देखते हुये उन्हें बोर्ड परीक्षा के लिये परीक्षा केन्द्र चुनने की छूट दी जायेगी, इसके लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं। शीघ्र ही प्रभावित छात्र-छात्राओं से परीक्षा केन्द्र के लिये विकल्प मांगे जायेंगे। बोर्ड परीक्षाओं में परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाने के दृष्टिगत प्रधानमंत्री के साथ ‘परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम’ का प्रदेशभर के स्कूलों में आयोजन किया जायेगा।

इसके साथ ही सूबे के स्कूलों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पुस्तक ‘एग्जाम वारियर’ की थीम पर चित्रकला प्रतियागिता का भी आयोजन किया जायेगा। जिसके आयोजन की तैयारियों के बावत विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिये गये हैं। बैठक में विभागीय अधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2022-23 हेतु विभिन्न मदों में स्वीकृत बजट को शीघ्र व्यय कर उपयोगिता प्रमाण पत्र शासन को उपलब्ध करने को कहा गया है।

आपदा प्रभावित क्षेत्र जोशीमठ दौरे से वापस लौटने पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने आज शिक्षा महानिदेशालय ननूरखेड़ में विभागीय बैठक ली। जिसमें डॉ. रावत ने राहत कैम्पों में रह रहे प्रभावित छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में परीक्षा केन्द्र चुनने की छूट देने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि भू-धंसाव से प्रभावित छात्रों को बोर्ड परीक्षा देने में कोई परेशानी न हो इसके लिये उन्हें अपनी सुविधानुसार किसी भी शहर में परीक्षा केन्द्र चुनने की छूट देने का निर्णय लिया है। इसके लिये जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूची तैयार कर शीघ्र संबंधित बोर्ड के अधिकारियों को प्रभावित छात्र-छात्राओं का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।

बैठक में डॉ. रावत ने बताया कि जोशीमठ आपदा प्रभावित क्षेत्र के अधिकतर छात्र-छात्राएं उत्तराखंड बोर्ड व सीबीएससी बोर्ड के विद्यालयों में अध्ययनरत हैं। इस संबंध में सीबीएससी बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी व उत्तराखंड बोर्ड के सचिव को प्रभावित छात्र-छात्रों को उनकी सुविधानुसार बोर्ड परीक्षा केन्द्र आवंटित कराने के निर्देश दे दिये गये हैं। बैठक में डॉ. रावत ने आगामी 27 जनवरी को प्रधानमत्रीं के साथ ‘परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम’ की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यक्रम के माध्यम से बोर्ड परीक्षाओं में प्रतिभाग करने वाले परीक्षार्थियों को सम्बोधित करेंगे।

प्रदेश के सभी विकासखंड मुख्यालयों के विद्यालयों में इस कार्यक्रम को आयोजित किया जायेगी, जिसकी सभी तैयारियों के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिये गये हैं। विभागीय मंत्री ने बताया कि आगामी 20 जनवरी से 23 जनवरी तक प्रदेशभर के विद्यालयों में चित्रकला प्रतियागिता का आयोजन किया जायेगा, जोकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पुस्तक ‘एग्जाम वारियर’ की थीम पर आधारित होगी। जिसमें विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र भी दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों कार्यक्रमों में सांसद, स्थानीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति जरूरी है। इसके विभागीय अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिये गये।

मैं RSS के ऑफिस में नहीं जा सकता, मेरा गला काटना पड़ेगा

0

पंजाब के होशियारपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में अमीरों और गरीबों के बीच बढ़ती खाई का मुद्दा उठाया. राहुल गांधी ने कहा, देश के 1 फीसदी लोगों के पास देश की 40 फीसदी संपत्ति है. उन्होंने कहा देश में 21 लोगों के पास उतना धन है, जितना 70 करोड़ लोगों के पास है.

भारत जोड़ो यात्रा के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस समय पंजाब के होशियारपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पहले किया जाना था लेकिन यात्रा में कांग्रेस सांसद संतोख सिंह की मौत के बाद इसे टाल दिया गया था.

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुरक्षा में चूक की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कौन सी सुरक्षा में चूक हुई थी. वह मुझे गले लगाने आया था और अति उत्साहित था. इसे सुरक्षा में चूक नहीं कहेंगे. यात्रा में ऐसा होता रहता है.”

कांग्रेस नेता ने कहा, “भारत की सभी संस्थाओं को RSS और BJP कंट्रोल कर रही है. सभी संस्थाओं पर उनका दवाब है. चुनाव आयोग, नौकरशाही, न्यायपालिका पर उन्होंने कब्जा कर रखा है. जो पहले राजनीतिक लड़ाई होती थी वैसी लड़ाई नहीं है. अब लड़ाई भारत की संस्थाओं और विपक्ष के बीच है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा “मैं आरएसएस के ऑफिस में कभी नहीं जा सकता, मेरा गला काटना पड़ेगा.”

वरुण गांधी पर राहुल गांधी ने कहा “वो बीजेपी में हैं, मेरी विचारधारा उनसे नहीं मिलती. मैं आरएसएस के दफ्तर में नहीं जा सकता चाहे मेरा गला काट दिया जाए. वरुण ने उस विचारधारा को  अपनाया. उनसे मिल सकता हूं, गले लगा सकता हूं, लेकिन उनकी विचारधारा नहीं अपना सकता.”

राहुल गांधी ने देश में अमीरों और गरीबों के बीच बढ़ती खाई पर भी सवाल उठाया. कांग्रेस ने कहा देश के 50 प्रतिशत सबसे गरीब लोग 64 प्रतिशत जीएसटी देते हैं. वहीं, देश के 10 प्रतिशत सबसे अमीर लोग सिर्फ 3 प्रतिशत जीएसटी देते हैं.

उन्होंने आगे कहा देश की 40 प्रतिशत संपत्ति पर 1 प्रतिशत अमीरों का कब्जा है, जबकि देश की 50 फीसदी आबादी सिर्फ 3 प्रतिशत संपत्ति की मालिक है. उन्होंने कहा देश का मीडिया इन चीजों पर सवाल नहीं करता है.

महाराष्ट्र महिला आयोग ने मुंबई पुलिस को भेजा लेटर, ऊर्फी जावेद को मिले सुरक्षा

0

सोशल मीडिया सेंसेशन उर्फी जावेद अपने अतरंगी अंदाज के चलते सुर्खियों में बनी रहती हैं. वहीं उनके अजीबो-गरीब ड्रेसिंग को लेकर विवाद भी होते रहते हैं. फिलहाल एक्ट्रेस बीजेपी महाराष्ट्र महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा किशोर वाघ के साथ विवाद को लेकर चर्चा में हैं. बीजेपी नेता ने पिछले हफ्ते एक्ट्रेस और टीवी पर्सनैलिटी उर्फी के खिलाफ मुंबई की सड़कों पर ‘अंग प्रदर्शन’ करने को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी.

जिसके बाद उर्फी ने भी बीजेपी नेता चित्रा किरोश वाघ के खिलाफ महाराष्ट्र महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है महाराष्ट्र महिला आयोग ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र वहीं अब महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की तरफ से इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुंबई पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा गया है.

ये पत्र एक्ट्रेस ऊर्फी जावेद की सुरक्षा पुख्ता कराने के संदर्भ में लिखा गया है. बीते हफ्ते ऊर्फी जावेद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर से मिली थीं. बीजेपी नेता चित्रा वाघ द्वारा सार्वजनिक जगह पर मारने- पीटने की धमकी के बाद उर्फी ने महिला आयोग के सामने अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी.

उत्तराखंड : अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम, इन जिलों में हो सकती है बारिश और बर्फ़बारी

0

जोशीमठ : मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 19, 20, 23 और 24 जनवरी को जोशीमठ, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन चार तिथियों में पश्चिमी विक्षोभ के फिर सक्रिय होने से प्रदेश मेें मौसम का मिजाज बदल सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक 19 और 20 जनवरी को बारिश, वहीं 23 और 24 जनवरी को बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में आपदा प्रभावित इलाके जोशीमठ में सरकार, शासन और जिला प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है।

उनका कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता लगातार बनी रहने की संभावनाएं थोड़ी कम हैं, जो राहत की बात है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चौबीस घंटे में ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जैसे जिलों में घना कोहरा छाने और पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना है।

दो और होटलों में आई दरारें… PWD का गेस्ट हाउस हुआ तिरछा

0

जोशीमठ : भू-धंसाव नहीं रुक रहा है। अब तक शहर के 849 भवनों में दरारें आ चुकी हैं। वहीं, होटल माउंट व्यू और मलारी इन के बाद अब दो अन्य कॉमेट और स्नो क्रेस्ट होटलों में भी दरारें आई हैं। होटल आपस में मिलने लगे हैं। वहीं, तहसील भवनों के ऊपरी और निचले हिस्से में भी भू-धंसाव हो रहा है।

CBRI की ओर से इनकी मॉनीटरिंग की जा रही है। सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. सिन्हा ने बताया कि अगर ध्वस्तीकरण की जरूरत हुई तो इन्हें भी पूरी प्रक्रिया अपनाने के बाद ध्वस्त कर दिया जाएगा। CBRI ने मकानों पर क्रेकमीटर लगाए हैं। इससे दरारों की प्रवृत्ति का पता लगाया जा रहा है।

वहीं, लोक निर्माण विभाग का गेस्ट हाउस भी तिरछा हो गया है। यहां का पूरा भवन एक तरफ को धंस गया है। इसलिए प्रशासन ने इस पर ध्वस्तीकरण के लिए स्टीकर लगा दिया है। दो होटल के बाद अब यह सरकारी भवन ध्वस्त किया जाएगा। कुछ घरों और जमीन पर आई दरारों में एक से दो मिलीमीटर की वृद्धि हुई है, लेकिन नए घरों में दरारें नहीं आई हैं। वहीं, पानी का रिसाव भूमि के अंदर न हो इसके लिए खेतों की दरारों को भरने का काम भी जारी है।

सरकारी नौकरी का मौका, UKPSC ने निकाली भर्तियां, जल्द करें आवेदन

0

पटवारी-लेखपाल पेपर लीक प्रकरण के बीच ही राज्य लोक सेवा आयोग ने दो और भर्तियां निकाली हैं। दोनों भर्तियों के लिए दो फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

जनरल, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 176.55 रुपये और एससी, एसटी को 86.55 रुपये और दिव्यांग को 26.55 रुपये शुल्क देना होगा।पटवारी-लेखपाल भर्ती का पेपर लीक प्रकरण के बीच ही राज्य लोक सेवा आयोग ने  दो नई भर्तियां निकालीं।

डाटा एंट्री ऑपरेटर और रक्षक भर्ती के विज्ञापन जारी होने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन भी शुरू हो गए। आयोग ने शुक्रवार को दो विज्ञापन जारी किए। पहला विज्ञापन आयोग कार्यालय में रक्षक के दो पदों के लिए जारी किया गया।आयोग के सचिव गिरधारी सिंह रावत ने बताया, दूसरी भर्ती आयोग कार्यालय में ही डाटा एंट्री ऑपरेटर के पांच पदों के लिए निकाली गई है। दोनों भर्तियों के लिए दो फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

जनरल, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 176.55 रुपये और एससी, एसटी को 86.55 रुपये और दिव्यांग को 26.55 रुपये शुल्क देना होगा।डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए 200 अंकों की तीन घंटे की परीक्षा होगी, जिसमें 200 सवाल पूछे जाएंगे। इसके अलावा टाइपिंग टेस्ट भी होगा।

महिला आरक्षण कानून का मिलेगा लाभ

कुल सात पदों के लिए निकली दोनों भर्तियों में उत्तराखंड महिला आरक्षण कानून का लाभ दिया जाएगा।

दोनों भर्तियों में उत्तराखंड की महिलाओं के लिए एक-एक सीट आरक्षित की गई है। इनमें नए कानून के तहत उत्तराखंड की महिलाओं के लिए एक पद आरक्षित किया गया है।

किसकी है असली शिवसेना, दावेदार पर आज खत्म हो सकता है सस्पेंस!

0

महाराष्ट्र में किसकी सरकार है, ये तो स्पष्ट है, लेकिन ये स्पष्ट नहीं है कि शिवसेना का असली दावेदार कौन है? वहीं आज यानी मंगलवार को शिवसेना के असली दावेदार को लेकर सस्पेंस खत्म हो सकता है. चुनाव आयोग इलेक्शन सिंबल पर अपना फैसला सुना सकता है.

इससे पहले, 10 जनवरी को जब चुनाव आयोग में सुनवाई हुई तब एकनाथ शिंदे के वकील महेश जेठमलानी ने दलील दी थी कि 2018 में जिस तरह से शिवसेना का संविधान बदला गया, वह गैरकानूनी था. शिंदे गुट की ओर से कहा गया कि एकनाथ शिंदे के पास बहुमत है. चाहे विधायक हों, सांसद हों या संगठन के लोग, एकनाथ शिंदे ही असली शिवसेना है.

शिंदे गुट ने यह भी तर्क दिया कि सुप्रीम कोर्ट  अयोग्यता के मामले की सुनवाई कर रहा है, जो सिंबल वॉर से अलग है. हालांकि, दोनों धड़ों ने तर्क दिया कि वे पार्टी के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की विरासत को आगे बढ़ाएंगे. वहीं उद्धव ठाकरे के वकील कपिल सिब्बल ने आयोग से मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करने का अनुरोध किया है.

शिवसेना के मामले में नए गुट (शिंदे खेमे) को तत्काल अलग पार्टी के रूप में मान्यता नहीं दी सकती. दल-बदल विरोधी कानून बागी विधायकों को तब तक संरक्षण देता है जब तक कि वे किसी अन्य पार्टी में विलय कर लेते हैं या एक नई पार्टी बना लेते हैं. एक बार जब पार्टियां आयोग से संपर्क करती हैं तो चुनाव आयोग चुनाव चिह्न (आरक्षण और आवंटन) आदेश, 1968 के आधार पर निर्णय लेता है.

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने शिवसेना के धनुष और तीर के चिह्न को फ्रीज कर दिया था और शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट को ‘दो तलवारें और ढाल’ का प्रतीक आवंटित किया था और उद्धव ठाकरे गुट को ‘ज्वलंत मशाल’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था. बता दें कि एकनाथ शिंदे ने बागी विधायकों की मदद से ठाकरे गुट से अलग होकर भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार बनाई थी.

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक!

0

होशियारपुर के दसूहा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर राहुल गांधी के करीब पहुंच गया और राहुल गांधी के गले लग गया. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे हटाया. इस घटना के बाद राहुल गांधी की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

इससे पहले भी इस तरह के सवाल खड़े हो चुके है. कांग्रेस ने केंद्र सरकार को चिट्ठी भी लिखी थी. जिस पर खूब राजनीति भी हुई थी. सीआरपीएफ ने भी राहुल की सुरक्षा को लेकर बयान दिया था. अब एक बार फिर से सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है।

वाराणसी से डिब्रूगढ़ के लिए रवाना विलास क्रूज छपरा में फंसा

0

गंगा नदी में वाराणसी से डिब्रूगढ़ के लिए रवाना हुआ ‘गंगा विलास क्रूज’ बिहार के छपरा (Chhapra) में फंस गया. इससे क्रूज-ऑपरेटर्स का माथा ठनकने लगा. क्रूज के फंसने का पता चलते ही SDRF की टीमें बुलवाई गईं. बताया जा रहा है कि नदी में पानी कम होने की वजह से क्रूज को किनारे लाना मुश्किल हो गया है. अब SDRF की टीम छोटी नाव के जरिए सैलानियों को चिरांद लाने की कोशिश कर रही है.

बता दें कि गंगा विलास क्रूज दुनिया की सबसे लंबी नदी यात्रा पर निकला है. 3-4 दिन पहले ही इस क्रूज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से लॉन्‍च किया था. लॉन्चिंग के वक्‍त कहा गया था कि गंगा विलास क्रूज नदी के रास्‍ते 3200 किलोमीटर का सफर करेगा. यह वाराणसी से रवाना हुआ और फिर बिहार की सीमा में प्रवेश किया. बिहार के बक्सर, जो कि विश्वामित्र की नगरी मानी जाती है, वहां से होते हुए यह क्रूज पूर्व की ओर बढ़ रहा था.

हालांकि, सोमवार, 16 जनवरी को जब क्रूज छपरा के डोरीगंज इलाके में पहुंचा, तो वहां फंस गया. जिसके बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट हुआ और कुछ देर बाद SDRF की टीम बुलवा ली गई. बताया जा रहा है कि SDRF छोटी नाव के जरिए सैलानियों को चिरांद लाने की कोशिश में है, इसके अलावा क्रूज को भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा. तब तक सैलानी चिरांद के पुरातात्विक महत्व से रूबरू कराए जाएंगे.