Home Blog Page 572

दर्शन करने जा रहे 17 श्रद्धालु बहे, अब तक तीन की मौत

0

MP : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां चम्बल नदी पार करते समय 17 श्रद्धालु बह गए हैं, इनमें से आठ लोग तैरकर राजस्थान की तरफ बाहर निकल आये जबकि सात लोग पानी में डूब गए। घटना के बाद गोताखोरों ने तीन लोगों के शव बरामद कर लिइ हैं। चार लोग लापता हैं। घटना टेंटरा थाना क्षेत्र स्थित रायडी-राधेन घाट की है। चम्बल में डूबने वाले सभी श्रद्धालु शिवपुरी जिले के बताए गए हैं।

बताया जा रहा है कि कुशवाह समाज के लोग शिवपुरी से पैदल-पैदल करौली माता मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे। जो कि चंबल नदी पार करते समय बह गए, हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जानकारी लगते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की टीम बुलाकर रेस्क्यू शुरू किया। जानकारी के अनुसार शिवपुरी जिले के सिलायचौन गांव निवासी कुशवाह समाज के 17 लोग पैदल-पैदल करौली माता मंदिर के दर्शन करने के लिए निकले थे।

श्रद्धालुओं में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। शनिवार की सुबह श्रद्धालु मुरैना जिले के टेंटरा थाना क्षेत्र स्थित रायडी-राधेन घाट पर चम्बल नदी पार कर रहे थे, इसी दौरान पानी के तेज बहाव में सभी लोग बहने लगे। बताया जा रहा है कि इनमें से आठ लोग तैरकर नदी के दोनों घाटों पर पहुंच गए जबकि सात लोग पानी में डूब गए। दो घंटे की मेहनत के बाद गोताखोरों ने एक महिला सहित तीन लोगों के शव पानी से बाहर निकाले।

CM शिवराज सिंह चौहान ने चंबल नदी में हुए दुखद हादसे का संज्ञान लिया और हादसे पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि चंबल नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज किया जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन आवश्यक संसाधन के साथ घटनास्थल पर है, एसडीआरएफ की टीम पहुंच रही है, स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से नदी में बह गए लोगों की तलाश की जा रही है। रेस्क्यू एवं आवश्यक मदद की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय सीएमओ द्वारा की जा रही है।

बारिश के बाद दून में हाल-बेहाल, कई वाहन फंसे

0

देहरादून: राजधानी देहरादून में मोहल्ला-मोहल्ला बदहाल है। राजधानी के कई मोहल्लों में सड़कों की हालत खराब है। मोहल्लों में वाहनों का चलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। सीवर लाइन बिछाने के काम के लिए सड़कों को खोद कर मिट्टी को ऐसी ही छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

राजधानी देहरादून के मोथरोवाला की महालक्ष्मीपुरम कॉलोनी में भी सड़कों स्थिति बेहद खराब है। सीवर लाइन निर्माण कर रही एजेंसी का काम बेतरतीब और बहुत की धीमी गति से चल रहा है। बार-बार कहने के बाद कुछ दिन काम होता है और फिर मनमाने ढंग से बंद कर दिया जाता है। विधायक के निर्देशों को भी निर्माण एजेंसी पर कोई असर नजर नहीं आता है।

कल से लगातार हो रही बारिश के बाद स्थिति बहुत खराब हो गई है। सड़कें पैदल चलने लायक भी नहीं रही हैं। वाहनों की स्थिति यह है कि सड़क पर निकलते ही फंस रहे हैं। महालक्ष्मीपुरम में हालत और भी खराब है। मिट्टी खुदाई कर ऐसे ही छोड़ी गई है, जिससे कीचड़ हो गया है।

लोगों के वाहन फंस गए हैं। निर्माण एजेंसी कोा बार-बार कहने के बाद भी काम में तेजी नहीं लाई जा रही है। कॉलोनी में कई जगहों पर खुदाई के बाद मिट्टी को सड़क पर डाल तो दिया गया, लेकिन उसे दबाया नहीं गया। जिसके चलते कई जगहों पर सड़क धंस गई है। सड़क धंसने से मकानों को भी खतरा हो रहा है।

कोरोना ने फिर पकड़ी रफ्तार, 126 दिनों बाद इतने पहुंचे मामले

0

नई दिल्ली : देश में एक बार फिर कोविड के मामले में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। हालांकि, इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग अभी से सक्रिय नजर आने लगा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार आज यानी शनिवार को 126 दिनों के बाद भारत में COVID-19 मामलों की एक दिन की संख्या 800 को पार कर गई, जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 5,389 हो गई।

पिछले 24 घंटे में देश में कोविड ते 843 ताजा मामले सामने आए हैं, जिसके बाद देश में संक्रमण का केसलोड बढ़कर 4.46 करोड़ (4,46,94,349) हो गया। सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों में चार मौतों के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,30,799 हो गई, जबकि झारखंड और महाराष्ट्र ने एक-एक मौत की सूचना दी, वहीं, केरल में मरने वालों की संख्या दो है।

5,839 पर, सक्रिय मामलों में अब कुल संक्रमणों का 0.01 प्रतिशत रहा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रीय COVID-19 रिकवरी दर 98.80 प्रतिशत दर्ज की गई। संक्रमण से ठीक होकर घर जाने वालों की संख्या बढ़कर 4,41,58,161 हो गई है और मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत रह गई है।

मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत कोविड-19 टीके की 220.64 करोड़ खुराक दी गई है। देश के कई राज्यों में फिलहाल कोरोना के साथ ही एन्फ्लुएंजा ए के H3N2 के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।

इसके मद्देनजर दिल्ली सरकार ने जिला प्रशासन और अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। साथ ही सरकार का कहना है कि पूरी स्थिति पर नजर बनी हुई है। अभी तक के जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट के अनुसार कोरोना के किसी खतरनाक नए वैरिएंट का संक्रमण नहीं फैला हुआ है, इसलिए घबराने जैसी कोई बात नहीं है।

उत्तराखंड: पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश का सिलसिला जारी, लौटी ठंड

0

देहरादून: पहाड़ से लेकर मैदान तक पिछले कई घंटों से बारिश का दौर जारी है। सर्दियों में जहां बहुत कम बारिश हुई थी। वहीं, अब बारिश होने से लोगों को बढ़ती गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी। पहाड़ी जिलों में किसानों को भी कुछ राहत मिलेगी।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। रात भर रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम में ठंड बढ़ गई है। दूसरी ओर मैदानी जिलों खासकर हरिद्वार शहर और रुड़की में मूसलधार बारिश से कई इलाकों में पानी भी भर गया। केदारनाथ धाम में एक बार फिर बर्फबारी हुई। कुमाऊं के अत्यधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी देखने को मिली है।

इस बीच मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों में भी मौसम का रुख बदला रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले चार दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।

20 और 21 मार्च को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ हिमपात हो सकता है। जिसका असर ठंड के रूप में मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जनपदों में गरज के साथ बिजली चमकेगी।

उत्तराखंड : लगने वाला है महंगाई का झटका, इतना बढ़ेगा रेट!

0

देहरादून: महंगाई पहले ही लोगों की कमर तोड़ रही है। लेकिन, इस बीच उत्तराखंड वालों के लिए एक ऐसी खबर आई, जिससे 27 लाख 50 हजार 872 लोगों को महंगाई करंट लगने जा रहा हैं। सरकार ने एक अप्रैल से बिजली के रेट में 12 फीसदी बढ़ोतरी करने की तैयारी कर ली है। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने इस पर मुहर लगा दी है। आयोग 23 मार्च को बढ़ी हुई दरें जारी कर देगा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस साल UPCL ने नियामक आयोग के सामने बिजली दरों में 16.96 प्रतिशत, UJVNL ने करीब 2.43 प्रतिशत, और पिटकुल ने 9.27 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव नियामक आयोग के समक्ष रखा था। आयोग ने इन सभी प्रस्तावों पर प्रदेशभर में जनसुनवाई कर हितधारकों और तीनों ऊर्जा निगमों की बातें सुनीं। अब आयोग ने बोर्ड की बैठक कर सभी के प्रस्तावों पर मंथन किया है। सूत्रों के मुताबिक, नियामक आयोग ने यूपीसीएल के टैरिफ में करीब 12 फीसदी बढ़ोतरी का निर्णय लिया है।

हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। खास बात ये है कि इस बार नियामक आयोग 23 मार्च को ही नई दरें जारी करने जा रहा है। यह दरें प्रदेश में एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी। इसी प्रकार, UJVNL और PITCUL के प्रस्तावों के सापेक्ष भी नियामक आयोग कुछ बढ़ोतरी कर सकता है।

जनसुनवाई में आने वाले उपभोक्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, कृषकों ने फिक्स चार्ज को लेकर भारी विरोध जताया था। सूत्रों के मुताबिक, नियामक आयोग फिक्स चार्ज पर भी कोई निर्णय ले सकता है। गौरतलब है कि प्रदेश में वर्ष 2003 से 2008 के बीच कोई फिक्स चार्ज नहीं वसूला जाता था। इसके बाद आयोग ने दोबारा फिक्स चार्ज की शुरुआत की थी। आयोग इस पर भी कोई निर्णय ले सकता है। वर्तमान में फिक्स चार्ज 18 रुपये प्रति किलोवाट से लेकर 430 रुपये तक है।

इस बार जनसुनवाई में प्रदेशभर के मछली पालकों ने अपना दर्द बयां किया था। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री उन्हें कृषक का दर्जा दे चुके हैं। बावजूद इसके उन्हें कॉमर्शियल कनेक्शन दिया जाता है जो कि बहुत महंगा पड़ता है। प्रदेश में ऐसे करीब 7000 मत्स्य पालकों को नियामक आयोग इस बार नए टैरिफ में कुछ राहत दे सकता है।

यूट्यूबर मनीष कश्यप ने किया सरेंडर, सुबह-सुबह कुर्की-जब्ती करने घर पहुंच गई पुलिस टीम

0

पटना : अगर आप कुछ भी काम कर रहे हैं तो संभालकर करें। एक छोटी सी गलती आपको सलाखों के पीछे पहुंचा सकती है। कुछ ऐसा ही बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप के साथ भी हुआ। तमिलनाडु में बिहारी श्रमिकों पर हमले का झूठा और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के आरोपी मनीष कश्यप ने शनिवार को सरेंडर कर दिया। पुलिस टीम शनिवार सुबह यूट्यूबर मनीष कश्यप के घर कुर्की करने पहुंची, इसके बाद आरोपी ने सरेंडर किया।

तमिलनाडु में बिहारी श्रमिकों पर हमले का झूठी अफवाह फैलाने के आरोप में यूट्यूबर मनीष कश्यप को बिहार और तमिलनाडु पुलिस तलाश रही थी। पुलिस शनिवार सुबह चंपारण के महनवा गांव में मनीष के घर कार्रवाई करने पहुंची। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी और अपनों के घर कुर्की-जब्ती के डर से उसने पुलिस के सामने सरेंडर किया है। इसके अलावा, मनीष के खिलाफ ट्विटर पर खुद की गिरफ्तारी का झूठा पोस्ट डालने का भी आरोप है। इसको लेकर भी उसपर प्राथमिकी दर्ज की गई।

 

पुलिस ने मनीष कश्यप के घर कुर्की-जब्ती करने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। मंजूरी मिलने के बाद शनिवार को पुलिस उसके घर कुर्की की कार्रवाई करने पहुंची है। बता दें कि बिहारी श्रमिकों के साथ कथित हिंसा की पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए पटना के जक्कनपुर थाना अंतर्गत बंगाली कालोनी के किराए के मकान में फर्जी वीडियो शूट किया गया था।

इस वीडियो में अनिल कुमार और आदित्य कुमार मरहम-पट्टी लगाकर नकली मजदूर बने थे। वीडियो को राकेश रंजन ने छह मार्च को यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था, जिसे आठ मार्च को यूट्यूबर मनीष कश्यप ने ट्वीट कर प्रसारित कर दिया था। इस मामले में दो को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, EOU ने कार्रवाई करते हुए मनीष कश्यप और उसके यूट्यूब चैनल के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया था। अलग-अलग चार बैंक खातों में कुल 42 लाख 11 हजार 937 रुपये जमा मिले।

PMO का फर्जी अधिकारी, लेता रहा Z+ सिक्योरिटी और सरकारी सेवा का मजा

0

श्रीनगर : श्रीनगर में पकड़ा गया PMO का फर्जी अधिकारी किरण पटेल पहली बार कश्मीर दौरे पर नहीं आया था। वह लगभग छह माह के दौरान कश्मीर के चार से पांच दौरे कर चुका था। हर बार न केवल पांच सितारा होटल में सरकारी मेहमान बनकर रहा, बल्कि Z+ सुरक्षा में संवेदनशील क्षेत्रों में भी घूमता रहा और सरकारी सेवा का आनंद उठाता रहा। चेहरे पर काला चश्मा और सूट-बूट में किरण का टशन ही ऐसा था कि सरकारी अधिकारी प्रोटोकाल भूलकर उसकी जी हुजूरी में जुट जाते थे।

एक बार वह परिवार के साथ भी आया और कई दिन कश्मीर में रहा। वह जनवरी में रूस का भी दौरा कर चुका है। प्रशासनिक अधिकारी भले ही इस प्रकरण पर कुछ बोलने को तैयार न हों, लेकिन एक बात साफ है कि इस प्रकरण में प्रशासिनक व पुलिस अफसरों ने एक बार नहीं बल्कि कई बार निर्धारित प्रोटोकाल का खुला उल्लंघन किया। इसका फायदा जालसाज किरण पटेल उठाता रहा। पुलिस व प्रशासन के अलावा अर्धसैनिक बल और सेना के अफसरों को भी उसने अपनी बातों से झांसे में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि एक बार वह उरी दौरे पर गया और कड़ी सुरक्षा के बीच भारत-पाक सीमा पर कमान अमन सेतु को देखने पहुंचा। उस दौरान उसके पास अर्धसैनिक बल की सुरक्षा थी।

एक अधिकारी ने बताया कि वह अक्टूबर 2022 में पहली बार कश्मीर आया था। संबंधित अधिकारियों ने उसे PMO कार्यालय का उच्चाधिकारी मानकर उसे जेड प्लस सुरक्षा कवच दिया था। उसे घूमने के लिए स्कार्पियो व अन्य एसयूवी वाहन प्रदान किए। उसने कश्मीर में कई अधिकारियों के साथ बैठकें कीं, जिसमें कश्मीर में निवेश की इच्छुक कंपनियों के बारे में चर्चा की गई। वह गुलमर्ग, उरी के अलावा अहरबल (कुलगाम), पुलवाम, शोपियां, बड़गाम के दुधपथरी में घूमने भी गया।

श्रीनगर में वह अक्सर बुल्वोर्ड रोड पर सैर करता था। कई अधिकारियों से मिलता था। यहां कुछ एनजीओ के साथ भी उसने कथित तौर पर संपर्क किया और कुछ समारोहों में भाग लिया। इसके अलावा किरण अग्रिम चौकियों के निरीक्षण के लिए भी पहुंचा। किरण इंटरनेट मीडिया पर खूब सक्रिय था और एक पोस्ट में उसने कश्मीर को अपनी कर्मभूमि बताया था। वह इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालकर खुद कश्मीर आने का ऐलान करता था और नए-नए क्षेत्रों में दौरा करता था।

सपना चौधरी ने गन के साथ कराया फोटोशूट, ट्रोल्स ने पूछा अब कहां है पुलिस?

0

हरियाणा : डांसर सपना चौधरी ने इंस्टाग्राम पर अपनी लेटेस्ट फोटोशूट की 4 तस्वीरें शेयर की है। इसमें उन्हें हाथ में गन लेकर पोज देते हुए देखा जा सकता है। दूसरी तस्वीर में वह गाड़ी में बैठकर पोज दे रही है। वहीं, तीसरी फोटो में वह खड़े होकर लेकर बोल्ड पोज दे रही है। चौथी तस्वीर में वह फिर से गाड़ी में बैठकर अलग अंदाज में पोज देती नजर आ रही है। इसे लेकर सपना चौधरी को ट्रोल भी किया गया है। एक ने लिखा है, ‘अब कहां है पुलिस, ओपन लेकर ही घूम रही है।

गौरतलब है कि सपना चौधरी की तस्वीरों को देखकर लगता है कि उन्होंने लेटेस्ट फोटोशूट कराया है। इसमें उन्हें ऑल वेस्टर्न आउटफिट में देखा जा सकता है। उन्होंने चोटी बांध रखी है और स्टाइलिश गॉगल भी लगा रखा है। उन्होंने मेकअप कर रखा है और ईयररिंग भी पहन रखी है। वह हाई हील्स पहनकर गाड़ी के पास खड़ी होकर बोल्ड पोज देती हुई नजर आ रही है। सपना चौधरी की तस्वीरों को देखकर ऐसा लगता है कि यह किसी गाने के सेट का बैकग्राउंड है। उन्होंने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा है, ‘थमने नू लागे मोम का से, ना ना छोरी का दिल स्टोन का से!’

सपना चौधरी हरियाणा की लोकप्रिय डांसर हैं। उन्होंने बिग बॉस में भी काम किया है। वह कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी है। वह लाइव परफॉर्म करने के लिए फेमस है। सपना का डांस फैंस को काफी पसंद आता है। ल ही में उन्हें एक बेटी भी हुई है, इसके बावजूद वह कई शादियों में डांस करती हुई नजर आती है। हाल ही में उन्होंने टुन्ना-टुन्ना गाने पर डांस किया था। उनका यह म्यूजिक वीडियो हाल ही में रिलीज किया गया था। इसके बाद वह एक शादी में इस गाने पर थिरकती हुई भी नजर आई थी।

HC ने पूछा…पुलिस से पकड़वा कर लोगों को वोटिंग के लिए भेजें क्या?

0

नई दिल्ली : दिल्ली हाई कोर्ट ने संसद और विधानसभा चुनावों में मतदान अनिवार्य करने के लिए केंद्र और चुनाव आयोग को निर्देश देने की मांग वाली जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि वह किसी व्यक्ति को मतदान के लिए बाध्य नहीं कर सकते हैं। प्रधान न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ ने कहा कि हम लॉ मेकर्स नहीं हैं। हम इस तरह के निर्देश पारित नहीं कर सकते। क्या संविधान में कोई प्रावधान है जो मतदान को अनिवार्य बनाता है?

हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता अधिवक्ता अश्विनी कुमार उपाध्याय को चेतावनी भी दी कि वह याचिका को जुर्माने के साथ खारिज कर देंगे। जिसके बाद उन्होंने इसे वापस ले लिया। गौरतलब है कि उपाध्याय ने जनहित याचिका दायर की थी, जिसमें कहा गया था कि संसद और विधानसभा चुनावों में अनिवार्य मतदान यह सुनिश्चित करेगा कि प्रत्येक नागरिक की आवाज हो, लोकतंत्र की गुणवत्ता में सुधार होगा और मतदान का अधिकार सुरक्षित होगा।

कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा गया है कि मतदान का कम प्रतिशत एक कान्सटेंट प्रॉब्लम है। लेकिन अनिवार्य मतदान करने से वोटिंग प्रतिशत को बढ़ाने में मदद मिल सकती है। खासकर वंचित समुदायों के बीच इसका लाभ मिल सकता है। सुनवाई के दौरान, याचिकाकर्ता उपाध्याय ने ड्राइवरों का उदाहरण देते हुए कहा कि उनमें से कई लोग वोट डालने में सक्षम नहीं हैं क्योंकि उन्हें दूसरे शहरों में काम करना पड़ता है।

दिल्ली हाई कोर्ट की पीठ ने याचिकाकर्ता के उदाहरण का जवाब देते हुए कहा कि यह उनका अधिकार और उनकी पसंद है। पीठ ने कहा कि हम चेन्नई में मौजूद किसी व्यक्ति को श्रीनगर में अपने गृहनगर वापस आने और वहां मतदान करने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।

आप चाहते हैं कि हम पुलिस को उसे पकड़ने और श्रीनगर भेजने का निर्देश दें। कोर्ट मे चुनाव आयोग को याचिका को प्रतिनिधित्व के रूप में मानने का निर्देश देने से भी इनकार कर दिया। याचिका में यह भी कहा गया कि जब मतदाता मतदान अधिक होता है, तो सरकार लोगों के प्रति अधिक जवाबदेह होती है और उनके सर्वोत्तम हित में कार्य करने की अधिक संभावना होती है।

उन्होंने कहा कि अनिवार्य मतदान को नागरिक कर्तव्य बनाकर राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जा सकता है। जब मतदान अनिवार्य होता है, तो लोगों की राजनीति में रुचि लेने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होने की संभावना अधिक होती है।

रिलीज हो गई ‘ज्विगाटो’, कपिल की एक्टिंग की हो रही तारीफ़

0
  • T.S. Lama 

कपिल शर्मा की फिल्म ‘ज्विगाटो’ रिलीज हो गई है। टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में पहले से ही इस फिल्म को लोगों ने खूब सराहा है। अब सोशल मीडिया पर भी फिल्म देख चुकी ऑडियंस अलग-अलग तरह प्रतिक्रिया जाहिर कर रही है।हमेशा से कपिल का कॉमेडी अंदाज देखने वाले दर्शक फिल्म ‘ज्विगाटो में उनकी सीरियस एक्टिंग देखकर हैरान रह गए। दर्शकों से पहले ये फिल्म कई सेलेब्स ने देखी। उनकी इस फिल्म का सितारों ने रिव्यू भी किया। बीती रात कपिल शर्मा ने अपने इंडस्ट्री के दोस्तों को भी ये फिल्म दिखाई, जिन्होंने उनकी फिल्म और एक्टिंग पर अपनी राय दी।

कपिल शर्मा की फिल्म ‘ज्विगाटो’  की मुंबई में स्क्रीनिंग रखी गई। इस फिल्म की स्क्रीनिंग को अटेंड करने के लिए रैपर एमसी स्टैन से लेकर शहनाज गिल, अदनान सामी और अनूप सोनी जैसे कई सितारे पहुंचे। नंदिता दास के निर्देशन में बनी इस फिल्म को देखने के बाद सोशल मीडिया पर ये सितारे इस फिल्म की काफी तारीफ कर रहे हैं।

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राज बब्बर ने भी इस फिल्म की स्क्रीनिंग को अटेंड किया। फिल्म ‘ज्विगाटो’ का उन्होंने ट्विटर पर रिव्यू करते हुए लिखा, ‘ज्विगाटो एक खोज है। एक आम आदमी की कहानी, जिसे खास तरह से दर्शाया गया है। कपिल शर्मा इसमें बिल्कुल ही अलग नजर आ रहे हैं।

jagran

एक अभिनेता के तौर पर उनकी ईमानदारी और उनका ठहराव बहुत ही शानदार है। नंदिता दास, आपको इस फिल्म के लिए बहुत-बहुत बधाई’। राज बब्बर के अलावा शहनाज गिल ने भी फिल्म देखकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। फिल्म देखकर निकली शहनाज गिल ने लिखा, ‘आज मैंने इंडिया के सबसे फनी मैन का एक बिल्कुल ही अलग और नया साइड देखा है, जो इस बात को सुनिश्चित करता है कि हर कोई मुस्कुराए। क्या शानदार परफॉर्मेंस है।

jagran

फिल्म का हर मोमेंट मुझे पसंद आया है। शानदार डायरेक्शन और बहुत ही अमेजिंग कास्ट है’। अदनान सामी ने लिखा, ‘लास्ट नाइट, ज्विगाटो देखकर मजा आ गया, जिसमें बहु-प्रतिभाशाली अभिनेता कपिल शर्मा हैं। उन्होंने अपनी एक्टिंग का एक बिल्कुल नया साइड लोगों को दिखाया है, जो बहुत ही शानदार है’।

कपिल शर्मा की फिल्म ‘ज्विगाटो’ की कहानी पैंडेमिक के बाद लोगों की बढ़ी मुश्किलों को दर्शाती है। इस फिल्म में कपिल शर्मा ने एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभाया है, जो पैंडेमिक के बाद अपनी जॉब खो देता है और उसे अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए डिलीवरी मैन का काम करना पड़ता है।