Home Blog Page 514

उत्तराखंड : मुख्यमंत्री के अधिकारियों को सख्त निर्देश, समस्याओं का हो त्वरित समाधान

0

देहरादूनः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलों में नियमिततैर पर बहुद्देशीय शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इनके जरिए लोगों को केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाय। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिकांश जन समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही हो।

भ्रष्टाचार को रोकने के लिए टोल फ्री नम्बर 1064 का बोर्ड सभी कार्यालयों में लगे, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद स्तर पर विवेचना से संबंधित जो भी मामले एक साल से अधिक समय से लम्बित हैं, अभियान चलाकर तीन माह के अन्दर उनको निस्तारित किया जाए।

उन्होंने सख्त निर्देश दिये कि जन समस्याओं के निस्तारण के लिए जन प्रतिनिधियों एवं आम जन के फोन रिसीव न करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए। गढ़वाल और कुमांऊ कमिश्नर अपने मंडलों में जन समस्याओं के त्वरित निदान के साथ ही सरकार की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि बरसात का समय शुरू होने वाला है। वर्षाकाल के दृष्टिगत सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखें। जिला अधिकारी जनपदों में प्रतिमाह आय-व्ययक की भी समीक्षा बैठक करें। मुख्यमंत्री घोषणाओं पर जनपदों में प्रगति की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट भेजी जाए।

जनपदों में जिन दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य किये जा रहे हैं, उनमें तेजी लाई जाए। तात्कालिक रूप वाले कार्यों को समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। सड़कों की स्थित हर जगह सही हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जनपदों में जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

यदि उनमें किसी स्तर पर विलंब हो रहा है, तो जिलाधिकारी इसकी सूचना शीघ्र शासन को दें। सभी जनपदों में जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारियों से बचने के लिए अभी से पूरी तैयारियां की जाएं।

शरद पवार को मिली धमकी, सुप्रिया सुले ने पुलिस से मांगी मदद

0

NCP प्रमुख शरद पवार को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी एक वेबसाइट के जरिए दी गई है। उनकी बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने पुलिस से मदद और न्याय की गुहार लगाई है। वे मुंबई पुलिस कमिश्नर से मिलने भी पहुंचीं।

सुप्रिया सुले ने कहा कि मुझे व्हाट्सएप पर पवार साहब के लिए एक संदेश मिला। उन्हें एक वेबसाइट के माध्यम से धमकी दी गई है। इसलिए मैं पुलिस के पास न्याय मांगने आई हूं। उन्होंने कहा कि मैं महाराष्ट्र के गृह मंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से भी न्याय की गुहार लगाती हूं। इस तरह की हरकतें निचले स्तर की राजनीति हैं, जिसे बंद करना चाहिए।\

रिलीज हुई शाहिद कपूर की ‘ब्लडी डैडी’, फिल्म में एक्शन का धमाल

0

अली अब्बास जफर की नई फिल्म ‘ब्लडी डैडी’ की चर्चा अभी लंबे समय तक चलने वाली है। फिल्म ‘ब्लडी डैडी’ उन लोगों को बहुत पसंद आएगी, जिन्हें हीरो-हीरोइन के बगीचों में लगने वाले चक्कर बिल्कुल नहीं भाते और उन्हें भी जिन्हें तोता-मैना की कहानियों में जरा भी दिलचस्पी नहीं है। ये फिल्म उन हिंदी भाषी दर्शकों के लिए है जो अपनी पसंद की प्यास कभी ‘द घोस्ट राइडर’ तो कभी ‘जॉन विक’ सीरीज की फिल्मों से पूरी करते हैं। यहां शाहिद कपूर का किरदार देसी जॉन विक सरीखा है। वह नारकोटिक्स विभाग में काम करता है। ड्रग्स पकड़ता भी है और उसे हजम कर जाने के ख्वाब भी देखता है। बस इस बार बीच में उसका बेटा आ जाता है। वह जंग लड़ने निकलता है। उसके अपने विभाग के लोग उसे कदम कदम पर धोखा देते रहते हैं।

जबकि, उसका टारगेट है दिल्ली एनसीआर का एक ऐसा ड्रग माफिया किंग जिसकी जान 50 करोड़ रुपये की कोकीन में अटकी है। और, इस जंग के बीच में कहीं अटका है एक मासूम बेटा। साल 2011 में रिलीज हुई फ्रेंच फिल्म ‘नुई ब्लॉन्श’ की कहानी पर देश में पहले भी एक फिल्म बन चुकी हैं। इस तमिल फिल्म के हीरो थे कमल हासन। इस बार फिल्म शाहिद कपूर के कंधे पर है। शाहिद कपूर को अली अब्बास जफर ने उनके उस रूप में पेश किया है जिसमें दर्शकों ने कोरोना काल से ठीक पहले फिल्म ‘कबीर सिंह’ में खूब पसंद किया। बीच में शाहिद ने एक ‘फर्जी’ सी सीरीज भी लेकिन यहां मामला दोनों के कॉकटेल सरीखा है। सुमैर के किरदार में शाहिद कपूर फिर से अपने अतरंगी मूड में हैं।

सुमैर की बीवी किसी दूसरे की हो चुकी है। बेटे में उसकी जान बसती है। लेकिन, अपनी आदतों से वह बाज नहीं आता। वह हिंदी सिनेमा का घिसा पिटा हीरो नहीं है। ईमानदारी पर कायम रहना सिर्फ उसकी ही जिम्मेदारी नहीं है। वह सिस्टम की चूलें हिलाना चाहता है लेकिन इसके लिए उसका अपना स्टाइल है। और, सुमैर के इस स्टाइल से शाहिद कपूर का स्टाइल फिल्म ‘ब्लडी डैडी’ में पूरी तरह मेल खाता है।अली अब्बास जफऱ ने एक विदेशी फिल्म को अपनी फिल्म का विषय़ बनाया है, ये खबर जब से सार्वजनिक हुई है, फिल्म ‘ब्लडी डैडी’ पर सबकी निगाहें लगी रही हैं। जियो सिनेमा ने इसे सिनेमाघरों मे रिलीज क्यों नही किया, ये तो इसके कर्ता धर्ता ही जानें लेकिन सिनेमाघरों में जाने वाले दर्शकों का इन दिनों जो माहौल है।

उसे सुधारने के लिए ये फिल्म बिल्कुल सही हिंदी फिल्म होती। ‘जॉन विक 4’ की कामयाबी इसकी मुनादी पहले ही कर चुकी है, लेकिन जियो सिनेमा शायद ज्यादा रिस्क लेने के मूड में है नहीं। अली अब्बास जफर की पिछली फिल्म ‘जोगी’ भी अपने कथन के हिसाब से कमाल फिल्म रही है और फिल्म ‘ब्लडी डैडी’ का कमाल उससे बिल्कुल अलहदा है। अली ने अपने कलाकारों का चयन भी फिल्म में बिल्कुल सटीक किया है। पहले 50 मिनट कब गुजर जाते हैं, पता भी नहीं चलता। करीब दो घंटे की ये फिल्म इस सप्ताहांत का परफेक्ट बिंज वॉच है। अली के सिनेमा में सामाजिक सटायर की जो एक अंतर्धारा हर फिल्म में बहती रहती है, उसकी एक स्रोत यहां भी है।

फिल्म ‘ब्लडी डैडी’ को शाहिद कपूर के आसपास खड़ी की गई दुनिया से भी काफी सहारा मिलता है। शुरुआती दृश्यों के बाद फिल्म की मूल कहानी एक रात और एक लोकेशन पर आ गिरती है। और, एक रात की कहानी को कहना किसी भी फिल्म निर्देशक के लिए एक बड़ी चुनौती से कम नहीं होता। अली इसमें सम्मान सहित अंकों से उत्तीर्ण हुए हैं तो इसमें उनके चुने फिल्म के साथी कलाकार काफी मदद करते हैं।

संजय कपूर भले यहां ‘द नाइट मैनजेर’ के अनिल कपूर की कॉपी करते नजर आते हों, लेकिन ये फिल्म बनी उसके समानांतर ही है। रोनित रॉय इस फिल्म के दूसरे टेंट पोल हैं और उनकी साथी टीम के सारे कलाकार अपनी अपनी जगह बिल्कुल फिट हैं। राजीव खंडेलवाल को अरसे बाद परदे पर देखना और वह भी स्याह किरदार में, फिल्म को एक नया रंग देता है। डायना पेंटी भी बहुत अरसे बाद परदे पर दिखी और उनके किरदार के सामने पल पल बदलती चुनौतियां उन्हें अपनी अभिनय क्षमता दिखाने का मौका भी खूब देती हैं।

स्टीवन बर्नाड का संपादन और मारसिन लास्काविएक की सिनेमैटोग्राफी फिल्म ‘ब्लडी डैडी’ के असल मस्तूल हैं। इनकी तकनीकी गुणवत्ता के चलते इतनी शानदार है कि ये दिल्ली एनसीआर को भी लॉस वेगास बना देती हैं। आमतौर पर ऐसी कहानियां मुंबई जैसे शहरों की पृष्ठभूमि में ही सोची जाती हैं, लेकिन सियासी माहौल को दरकिनार कर इस इलाके को एक नए रंग में पेश करना अली अब्बास जफर की अलहदा सोच का ही नतीजा है। गाने के बीच ढपली पीटकर ‘गो कोरोना गो’ का स्वांग रचना बहुत कुछ कह जाता है। क्लाइमेक्स के बीच में बादशाह का गाना भी सही बुना गया है। एक्शन फिल्मों के शौकीनों को ये फिल्म खूब पसंद आएगी। हां, फिल्म के ये एक्शन दृश्य थोड़े वीभत्स हैं लिहाजा फिल्म देखते समय थोड़ी सावधानी जरूरी है।

यहां लगे भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.7 रही तीव्रता

0

असम के तेजपुर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने इसकी जानकारी दी है। केंद्र ने बताया कि तेजपुर से 39 किमी पश्चिम में भूकंप का झटका लगा है। इसकी गहराई 10 किमी थी।  इससे पहले 29 मई को भी असम में भूकंप आया था। सोनितपुर में भूकंप के झटके लगे थे। सोमवार सुबह आए भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई थी।

उधर, गुरुवार रात केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में भी भूकंप के झटके लगे थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.2 थी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप गुरुवार रात 10 बजकर 22 मिनट पर आया था। हालांकि, भूकंप से किसी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई। भूकंप की गहराई 10 किमी थी।

एक बार फिर डाउन हुआ इंस्टाग्राम, महीने में दूसरी बार सेवाएं ठप

0

Instagram के एक बारत फिर डाउन होने की खबर है। आउटेज को ट्रैक करने वाली साइट डाउनडिटेक्टर ने भी इसकी पुष्टि की है। रिपोर्ट के मुताबिक 56 फीसदी यूजर्स को Instagram एप के साथ दिक्कत हो रही, जबकि 23 फीसदी यूजर्स को लॉगिन में परेशानी हो रही है। 21 फीसदी यूजर्स ने सर्वर एरर की शिकायत की है।

इंस्टाग्राम के अलावा कई फेसबुक यूजर्स ने भी आउटेज की शिकायत की है। फेसबुक यूजर्स की टाइमलाइन रिफ्रेश नहीं हो रही है। एक महीने के अंदर इंस्टाग्राम में यह दूसरा आउटेज है। इससे पहले पिछले महीने भी 21 मई को Instagram कई घंटे ठप रहा था। Instagram में एक टेक्निकल बग आने के कारण ऐसा हुआ था। Instagram के इस बग के कारण पूरी दुनिया में 1,80,000 यूजर्स के अकाउंट प्रभावित हुए थे।

उत्तराखंड: इन जिलों में बारिश का अलर्ट, इस बार देरी से पहुंच रहा मानसून

0

देहरादून: मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। हालांकि, मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक ब्रिकम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

10 से 12 जून तक पर्वतीय इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। हिदायत देते हुए कहा कि मौसम खराब और तेज झोंकेदार हवाएं चलने के दौरान खुले स्थान की बजाए पक्के मकान में रहें।

उत्तराखंड में इस साल पांच दिन देरी से मानसून आएगा। बिक्रम सिंह ने बताया कि इस साल मानसून ने पांच दिन की देरी से प्रवेश किया है। सामान्य रफ्तार से मानसून आएगा तो उत्तराखंड में 20 से 25 जून को मानसून आएगा। हालांकि, इससे पहले मौसम में कुछ एक दिन परिवर्तन देखने को मिलेंगे। जिससे गर्मी का अहसास कम होगा।

धर्म का मेरुदंड है काशी नगरी : जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

0

वाराणसी : जम्मू से माता वैष्णों देवी का दर्शन कर त्रिदिवसीय प्रवास के बाद दिल्ली होते हुए  से परमधर्माधीश ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य महाराज अविमुक्तेश्वरानंद काशी पहुंचे। जहां उनका भक्तों ने जयकारों और फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।

IMG 20230608 WA0007

शंकराचार्य जी के मीडिया प्रभारी ने बताया कि पूज्यपाद शंकराचार्य महाराज का बाबतपुर एयरपोर्ट पर वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश उपाध्याय, सतीश अग्रहरी,चांदनी चौबे के नेतृत्व में भक्तों ने स्वागत किया। बाबतपुर  शंकराचार्य जी महाराज सोनारपुरा चौराहे पहुंचे जहां उपस्थित सन्तों व भक्तों के भारी भीड़ ने डमरू के थाप पर पुष्पवर्षा व जयकारे के साथ उनका स्वागत व वंदन किया।

IMG 20230608 WA0004

सोनारपुरा से हरिश्चंद्र मार्ग होते हुए पूज्य महाराज जी रामानंद भवन (मोक्षायतयन) पहुंचे, जहां उनका चरण पादुका पूजन हुआ। जिसके अनन्तर पूज्यश्री श्रीविद्यामठ पहुचे। जहां ब्रह्मचारी भृतानंद सहित अनेकों वैदिक विद्वानों ने पुनः उनका चरणपादुका पूजन किया।

श्रीविद्यामठ में उपस्थित संतों भक्तों को अपना आशीष प्रदान किया। एक प्रश्न के उत्तर में पूज्यश्री ने कहा कि धर्म का मेरुदंड काशी नगरी शुरू से सम्पूर्ण विश्व का मार्गदर्शन करती रही है। काशीवास का सौभाग्य विरले ही प्राप्त होता है। काशीवासियों को दृढ़ता से धर्म का पालन कर अपने जन्म को सफल बनाना चाहिए।

IMG 20230608 WA0005

समस्त कार्यक्रम में प्रमुख से साध्वी पूर्णम्बा दीदी,साध्वी शारदम्बा दीदी, ज्योतिर्मठ के मुख्य कार्याधिकारी चन्द्रप्रकाश उपाध्याय, मीडिया प्रभारी सजंय पाण्डेय, डॉ. गिरीश चन्द्र तिवारी,बसंत राय भट्ट,यतींद्र चतुर्वेदी,हजारी कीर्ति शुक्ला,हजारी सौरभ शुक्ला,सुनील शुक्ला,सतीश अग्रहरी,अशोक शाहू,अभय शंकर तिवारी, क्षण शास्त्री, सुनील उपाध्याय,राकेश पाण्डेय, जंतलेश्वर यादव, सदानंद तिवारी,आशीष गुप्ता,किशन जायसवाल,विवेक पाण्डेय,संदीप राय,सावित्री पाण्डेय,नीलम दुबे,लता पाण्डेय,अजित मिश्रा,मनोज सोलंकी,अमित तिवारी, रास शुक्ला आदि लोग सम्मलित थे।

 

भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार पति-पत्नी, बच्ची समेत 4 की मौत

0

लखीमपुर खीरी जनपद के पलियाकलां क्षेत्र में बृहस्पतिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। निघासन मार्ग पर बोझवा के पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास कार और ट्रैक्टर की आमने सामने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। ट्रैक्टर का एक हिस्सा जहां रोड के किनारे उतर गया। वहीं दूसरा हिस्सा पीछे से आ रही बाइक से जा टकराया। हादसे में बाइक पर सवार युवक, उसकी पत्नी, बच्ची और उसके साले की मौके पर ही मौत हो गई। कार और ट्रैक्टर सवार लोग मामूली रूप से चोटिल हुए हैं।

सीतापुर के बिसवां निवासी जाबिर पुत्र अलीशेर (32) पत्नी-बच्ची के साथ अपनी ससुराल त्रिलोकपुर आया था। बृहस्पतिवार को वह परिवार के साथ घर जाने के लिए निकला था। उसका साला चांद उनको बाइक पर बैठाकर पलिया तक छोड़ने जा रहा था। एक ही बाइक पर चारों लोग सवार थे। बोझवा के पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास हुए हादसे के बाद ट्रैक्टर का एक टुकड़ा बाइक से जा टकराया, जिससे बाइक पर सवार जाबिर, उसकी पत्नी खुशनुमा, बेटी जन्नत और साले चांद की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मंजर देख लोगों का कलेजा कांप गया। मासूम बच्ची का एक पैर तक कट गया था। चारों के शव सड़क पर इधर-उधर पड़े थे। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कार और ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। हादसे की खबर मिलते ही जाबिर और चांद के परिजन अस्पताल पहुंचे। शवों को देखकर चीख-पुकार मच गई।

नई पीढ़ी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि प्राइम का सफल परीक्षण

0

बालासोर : भारत लगातार अपने रक्षा क्षेत्रों को मजबूत कर रहा है। वहीं, अब नई पीढ़ी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि प्राइम का डीआरडीओ ने सफलता पूर्व परीक्षण किया है। यह परीक्षण 07 जून को शाम 7.30 बजे किया गया था।

भारत की स्ट्रैटेजिक फोर्सेस कमांड और डीआरडीओ ने मिलकर ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप पर अग्नि प्राइम का परीक्षण किया था। मिसाइल अपने सभी मानकों पर खरा उतरा। इस टेस्ट के दौरान मिसाइल ने निर्धारित सभी मानकों और उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

अग्नि प्राइम मिसाइल नई पीढ़ी की मिसाइल है। इसकी रेंज एक से दो हजार किलोमीटर है। अधिकारी ने जानकारी दी कि अग्नि प्राइम मिसाइल के तीन सफल परीक्षणों के बाद यह पहला प्री-इंडक्शन नाइट लॉन्च था। यह परीक्षण इस सिस्टम की सटीकता और विश्वसनीयता को मापने के लिए किया गया था। जिसमें यह खरा उतरा है।

इस मिसाइल के पूरे ट्रैजेक्टरी को कवर करने और उड़ान डेटा को कैप्चर करने के लिए टर्मिनल बिंदु पर दो डाउनरेंज जहाजों को लगाया गया था। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर रडार, टेलीमेट्री और इलेक्ट्रो ऑप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम जैसे कई रेंज इंस्ट्रूमेंटेशन तैनात किए गए थे।

डीआरडीओ औरस्ट्रैटेजिक फोर्सेस कमांड के वरिष्ठ अधिकारियों ने सफल उड़ान परीक्षण को देखा है। इस परीक्षण से सशस्त्र बलों की ताकत में और इजाफा हो गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ और सशस्त्र बलों को सफलता के लिए बधाई दी। वहीं, इससे पहले भी एक जून को भारत ने अग्नि-1 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल प्रशिक्षण प्रक्षेपण किया था।

इस टेस्ट के दौरान रणनीतिक हथियार के सभी परिचालन और तकनीकी मापदंडों को सत्यापित किया गया। रक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी थी। मंत्रालय ने कहा कि सामरिक बल कमान (एसएफसी) ने ओडिशा में ए.पी.जे.अब्दुल कलाम द्वीप से मिसाइल का प्रक्षेपण किया।

WhatsApp का नया फीचर हुआ लॉन्च, बदल जाएगा इस्तेमाल का अंदाज

0

इंस्टैंट मल्टीमीडिया मैसेजिंग एप WhatsApp ने अपने एक नए फीचर को पेश किया है जिसे “Channels” नाम दिया गया है। इस चैनल फीचर की मदद से एक बड़े ग्रुप में किसी मैसेज को ब्रॉडकास्ट किया जा सकेगा। WhatsApp Channels फीचर कॉलेज, संस्था और कंपनियों के लिए एक बड़े काम का फीचर साबित होगा।

व्हाट्सएप ने अपने इस चैनल फीचर की लॉन्चिंग को लेकर कहा कि यह लोगों और संगठनों की ओर से सीधे व्हाट्सएप में महत्वपूर्ण अपडेट पाने का एक सरल, भरोसेमंद और प्राइवेट तरीका है। हम ‘चैनल’ को ‘अपडेट’ नाम के एक नए टैब में लेकर आ रहे हैं, जहां आपको ‘स्टेटस’ और फॉलो किए जा रहे चैनल दिखाई देंगे। WhatsApp Channels फीचर को कोलंबिया और सिंगापुर में लॉन्च किया गया है और जल्द ही इसे भारत सहित और देशों में लॉन्च किया जाएगा।

क्या है WhatsApp Channels?

व्हाट्सएप चैनल, उसके ब्रॉडकास्ट की ही एक विस्तारित रूप है। चैनल एकतरफा ब्रॉडकास्ट वाला एक ऐसा टूल है, जिसके जरिए एडमिन टेक्स्ट, फोटो, वीडियो, स्टिकर और पोल भेज सकते हैं। आप अपनी पसंद के अनुसान किसी चैनल को फॉलो कर सकेंगे। इसके लिए एक सर्च डायरेक्टरी भी बनेगी जिसमें आप अपने शौक, स्पोर्ट्स टीमों, स्थानीय अधिकारियों के अपडेट ले सकेंगे।

उसके एडमिन या अन्य फॉलोअर्स को आपका फोन नंबर नहीं दिखेगा। आप किस चैनल को फोलो करना चाहते हैं, यह पूरी तरह आप पर निर्भर करेगा और आपकी पसंद प्राइवेट रहेगी। बता दें कि पूरी दुनिया में व्हाट्सएप के यूजर्स की संख्या 2 अरब से भी अधिक है। एडमिन यह भी तय कर सकेंगे कि उनके चैनल को कौन फॉलो कर सकता है और यह भी कि उनके अनुसार लोगों को डायरेक्टरी में सर्च करने पर उनका चैनल मिलना चाहिए या नहीं। फिलहाल चैनल एन्क्रिप्टेड नहीं हैं लेकिन कंपनी इस पर विचार कर रही है।