Home Blog Page 483

राहुल गांधी की सजा बरकरार रहेगी या मिलेगी राहत, SC में आज होगा फैसला

0

मोदी सरनेम मामले में दोषी करार कांग्रेस नेता राहुल गांधी की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। राहुल गांधी ने अपनी याचिका में ‘मोदी उपनाम’ वाली टिप्पणी पर मानहानि मामले में गुजरात हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगाने की मांग की है।

न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति पी के मिश्रा की पीठ आज इस मामले पर सुनवाई कर सकती है। सीजेआई डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ 18 जुलाई को वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी द्वारा मामले का उल्लेख करने और तत्काल सुनवाई की मांग करने के बाद गांधी की याचिका पर सुनवाई के लिए सहमत हुई थी।

राहुल गांधी को अगर आज सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलती है तो वे 2031 तक कोई चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। दरअसल, नियमानुसार सजा पूरी होने के छह साल बाद तक कोई भी व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकता है। इसी कारण राहुल दो साल की सजा के बाद अगले छह साल मतलब 2031 तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। अपनी अपील में राहुल गांधी ने कहा है कि अगर 7 जुलाई के HC के फैसले पर रोक नहीं लगाई गई, तो इससे अभिव्यक्ति और विचार का गला घोंट दिया जाएगा।

गुजरात सरकार में पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने 13 अप्रैल 2019 को कर्नाटक के कोलार में एक चुनावी रैली के दौरान राहुल द्वारा की गई टिप्पणी “सभी चोरों का सामान्य उपनाम मोदी है” को लेकर गांधी के खिलाफ 2019 में आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया था। हालांकि, राहुल ने कहा था कि वे भारत में वांछित दो भगोड़े प्रमुख व्यापारियों नीरव मोदी और ललित मोदी का जिक्र कर रहे थे।

मणिपुर मामले पर SC सख्त, कहा- सरकार नहीं लेगी एक्शन तो हम लेंगे

0

मणिपुर के वायरल VIDEO पर सुप्रीम कोर्ट ने दुख व्यक्त किया है और केंद्र-राज्य सरकार को फटकार लगाई है. मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा है कि यह स्वीकार करने योग्य नहीं है, जो वीडियो सामने आए हैं वह काफी चिंताजनक हैं. CJI ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि इस मामले में मई में ही एक्शन हो जाना चाहिए था, ऐसे मुद्दे नज़रअंदाज नहीं किए जा सकते हैं.

अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए केंद्र और राज्य को कड़ा एक्शन लेने का निर्देश किया. साथ ही अदालत ने साफ कहा कि अगर ग्राउंड पर कोई ठोस कदम नहीं दिखता है तो खुद एक्शन लेंगे. सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को SG और AG से इस मामले में एक्शन लेने की बात कही. उन्होंने कहा कि मीडिया में जो दिखा है, उससे हम काफी डिस्टर्ब हैं.

ये मानवाधिकारों और महिलाओं के अधिकारों का खुलेआम उल्लंघन है, हम केंद्र और राज्य सरकार को तुरंत इस मामले में एक्शन लेने का आदेश देते हैं. बता दें कि सर्वोच्च अदालत अब 28 जुलाई को इस मसले पर सुनवाई करेगी, जिसमें एक्शन की जानकारी ली जाएगी.

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाने का VIDEO सामने आया था, इसी दौरान महिलाओं संग यौन शोषण किया गया था. चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने इसपर कहा कि एक लोकतांत्रिक देश में इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जा सकती है, महिलाओं के अधिकारों को लेकर इस तरह की घटना आत्मा को हिलाने वाली है ये संविधान के अधिकारों का हनन है.

आपको बता दें कि यह वीडियो 4 मई का था, जिसमें पुलिस ने काफी वक्त पहले ही FIR कर ली थी. हालांकि, अबतक कोई एक्शन नहीं हुआ था. बुधवार को यह VIDEO वायरल हुआ था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी हंगामा हुआ.

उत्तराखंड : चमोली करंट हादसे के घायलों में से दो की हालत गम्भीर, इलाज जारी

0

ऋषिकेश: चमोली में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में करंट फैलने से हुए दर्दनाक हादसे के 6 घायलों में से दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जबकि अन्य सभी घायलों का AIIMS के ट्रॉमा वार्ड में उपचार चल रहा है। वहीं, चमोली से 5 अन्य घायलों को हेली एम्बुलेंस से एम्स पहुंचाया गया है। इन सभी को भी अस्पताल की ट्रॉमा इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल और यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट ने भी AIIMS पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

चमोली में नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साईट पर करंट फैलने से हुए हादसे के 5 अन्य घायलों को गुरुवार की दोपहर हेली एम्बुलेंस से AIIMS पहुंचाया गया। इन सभी घायलों को अस्पताल के ट्रॉमा इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। इनमें अभिषेक पाल पुत्र राजेन्द्र पाल उम्र 24 वर्ष, पवन सिह राठौर पुत्र उदय सिंह उम्र 49 वर्ष, जयदीप पुत्र हरीश लाल उम्र 20 वर्ष, धीरेन्द्र रावत पुत्र राजेन्द्र रावत उम्र 41 वर्ष और सुभाष खत्री पुत्र दौलत सिंह उम्र 27 वर्ष शामिल हैं। ट्रॉमा सर्जन डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि सभी घायलों की सभी प्रकार की आवश्यक मेडिकल जांचें की जा रही हैं। बहरहाल इनमें से कोई भी घायल गंभीर स्थिति में नहीं है।

उधर, बीते रोज भर्ती किए गए 6 घायलों में से संदीप कुमार और सुशील की हालत गंभीर बनी है। चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि करंट लगने से बुरी तरह झुलसने के कारण संदीप का बायां हाथ तथा बायां पैर मिड इम्प्युटेशन करना पड़ा। जले स्थान पर उसके हाथ और पैर की मांशपेशियां भी पूरी तरह जल गईं थी। इससे संदीप की किडनी में भी दुष्प्रभाव पड़ रहा है। वह अभी वेंटिलेटर पर हैं और ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती हैं।

जबकि सुशील के सिर में चोट लगने के कारण वह पूरी तरह होश में नहीं है। हालांकि उनकी हालत में पहले से सुधार है। उन्होंने बताया कि स्थिति गंभीर होने के कारण इन दोनों घायलों को चिकित्सकों की गहन निगरानी में रखा गया है और उनका आवश्यक उपचार जारी है। जबकि अन्य नरेंद्र लाल, आनंद कुमार, रामचंद्र और महेश कुमार स्टेबल स्थिति में हैं और इन सभी का इलाज ट्रॉमा वार्ड में चल रहा है।

बृजभूषण शरण सिंह को जमानत, इन शर्तों का करना होगा पालन

0

महिला पहलवानों से यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपित भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने आज गुरुवार को उन्हें नियमित जमानत दी है। मामले में दिल्ली पुलिस का रुख असमंज वाला दिखा।

कोर्ट में दिल्ली पुलिस के वकील ने कहा कि वह जमानत याचिका का न तो विरोध कर रहे हैं और न ही समर्थन कर रहे हैं, उनका कहना केवल इतना है कि इस पर कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले मंगलवार यानी 18 जुलाई को बृजभूषण शरण सिंह को पहलवानों के यौन शोषण के मामले में राहत मिली थी। राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को मामले में बृजभूषण और उनके सह आरोपित विनोद तोमर को दो दिन की अंतरिम जमानत दी थी। इस दौरान बृजभूषण भारी पुलिस सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश हुए थे।

पिछली सुनवाई के दौरान एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल की कोर्ट ने कहा था कि मामले की अगली सुनवाई के दौरान नियमित जमानत याचिका पर बहस के बाद निर्णय लिया जाएगा। कोर्ट ने आरोपितों के विरुद्ध दाखिल आरोपपत्र पर संज्ञान लेकर सात जुलाई को समन जारी कर पेश होने के आदेश दिए थे।

 

उत्तराखंड : मुख्य सचिव ने दिए सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश

0

देहरादून: चमोली में हुई दर्दनाक घटना के बाद सरकार और शासन एक्शन में नजर आ रहा है। जहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गोपेश्वर पहुंचे। वहां मृतकों के परिजनों से मुलाकाम कर उनका ढांढस बंधाया। वहीं, अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलर उनको तत्काल एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। इधर, मुख्य सचिव ने सभी अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों को कड़े निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने चमोली की घटना के मद्देनजर सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों एवं सचिवों को समस्त परियोजनाओं, आस्थानों एवं शासकीय कार्यालयों में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था के मानकों का अविलम्ब परीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने सभी उच्चाधिकारियों को अपने प्रभाराधीन विभागों के विभागाध्यक्षों को इस बाबत निर्देशित किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागाध्यक्ष अपने नियंत्रणाधीन समस्त परियोजनाओं, आस्थाओं एवं शासकीय कार्यालय परिसरों आदि में विद्युत सुरक्षा सम्बन्धी किए गए उपायों का अविलम्ब परीक्षण कराए जाने के साथ ही प्रभारी अधिकारी से सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने का प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों के परीक्षण की कार्रवाई विभाग के मानकों के अनुसार अथवा प्रत्येक 3 माह में किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस मामले में लापरवाही पर सीएम धामी पहले ह एक्शन लेने की चेतावनी दे चुके हैं।

मणिपुर वायरल वीडियो पर संसद में घमासान, सदन स्थगित

0

संसद के मानसून सत्र का आगाज हो गया है। सत्र के पहले दिन ही सरकार और विपक्ष के बीच मणिपुर हिंसा मामले में टकराव देखने को मिला है। उधर, मोदी विरोधी विपक्षी पार्टियों के एकजुट होने के बाद सरकार को घेरने की रणनीति भी बना ली गई है। इस बीच लोकसभा और राज्यसभा को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया है।

मणिपुर में दो महिलाओं के निर्वस्त्र घुमाने के मामले में केंद्र सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। सरकार ने वीडियो पर सोशल मीडिया पर रोक लगा दी है। वहीं, घटना का मुख्य आरोपी भी पकड़ा गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सदन में विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाए हैं। मंत्री ने कहा कि विपक्ष सदन को चलने नहीं देना चाहता है।

AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मणिपुर की घटना पर केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम को वीडियो पर प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर होना पड़ा, क्योंकि यह अब वायरल हो गया है। वहां नरसंहार हो रहा है। न्याय तभी होगा जब सीएम को हटाया जाएगा और मामले की सीबीआई जांच होगी

विपक्ष के हंगामे के चलते संसद के दोनों सदन स्थगित कर दिए गए हैं। लोकसभा को 2 बजे और राज्यसभा को 12 बजे तक स्थगित किया गया है। संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज जब हम लोकतंत्र के इस मंदिर में सावन के पवित्र महीने में मिल रहे हैं, मुझे विश्वास है कि सभी सांसद मिलकर इसका उपयोग करेंगे। पीएम ने कहा कि लोगों का अधिकतम कल्याण करें और सांसद के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।

संसद सत्र से पहले पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हम संसद में हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार हैं। पीएम ने मणिपुर में महिलाओं के वीडियो पर भी बयान दिया। पीएम ने कहा कि इस घटना से मैं बहुत दुखी हूं। हम दोषियों को बख्शेंगे नहीं।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने संसद सत्र से पहले कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि सदन चले, इसलिए वे पहले से ही कैविएट ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने मणिपुर पर चर्चा की मांग की और जब हमने इसके लिए हां कहा, वे नए-नए बहाने ढूंढ रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने मणिपुर जाकर लोगों से बात की और हमारी पार्टी ने मणिपुर का दौरा किया है, हम हिंसा और बर्दाश्त नहीं करेंगे। खरगे ने कहा कि हम मणिपुर पर चर्चा चाहते हैं और चर्चा के बाद हम यह भी चाहते हैं कि सरकार विपक्षी नेताओं को वहां ले जाए, लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं।

चमोली हादसे में हताहत लोगों के परिजनों से मिलकर भावुक हुए CM धामी

0
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली दुर्घटना में हताहत होमगार्ड जवानों को दी श्रद्धांजलि।

  • शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए सीएम ने दिया हर संभव मदद का भरोसा।

  • दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जायेगी, दोषियों पर सख्त कार्रवाई- सीएम।

चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को चमोली पहुंचे। चमोली हादसे में हताहत लोगों के परिजनों से मिलकर मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस मैदान गोपेश्वर में मुख्यमंत्री ने चमोली हादसे में हताहत होमगार्ड के तीनों जवानों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।

cm dhami chamoli 2

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बहुत हृदयविदारक घटना है। हम ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि इस घटना में जो हताहत हुए हैं उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। राज्य सरकार की तरफ से मुआवजा, इलाज आदि से संबंधित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जायेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, स्वास्थ्य मंत्री डा.धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, विधायकगण एवं अधिकारीगण मौजूद थे।

प्रोजेक्ट के’ से प्रभास का लुक देख लोग बोले- सस्ता आयरन मैन

0

‘प्रोजेक्ट-K’ के मेकर्स ने बुधवार को फिल्म के लीड एक्टर प्रभास का फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर किया और इसे सोशल मीडिया पर मिले-जुले रिएक्शन मिले। जहां कुछ फैंस ने फिल्म में एक्टर के नए सुपरहीरो-एस्क लुक को प्यार दिया, वहीं बाकियों ने उनके कैरेक्टर को ‘सस्ता आयरन मैन’ करार देते हुए पोस्टर का मजाक उड़ाया।

ट्विटर पर लोगों ने प्रभास के पोस्टर और रॉबर्ट डाउनी जूनियर के ‘आयरन मैन 3’ पोस्टर के बीच तुलना करना शुरू कर दिया, क्योंकि दोनों में एक्टर्स को एक जैसे पोज में दिखाया गया है। प्रभास के कट्टर फैंस ने सुपरस्टार को ‘भारतीय सिनेमा का आयरन मैन’ कहना शुरू कर दिया। जबकि, बाकियों ने सवाल खड़े किया हैं।

नाग अश्विन के डायरेक्शन में बनी साइंस-फिक्शन ‘प्रोजेक्ट के’ फिल्म में दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दिशा पटानी भी हैं। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने फर्स्ट लुक पोस्टर को कैप्शन दिया, ‘हीरो उठता है। अब से, गेम बदल जाता है। यह प्रोजेक्ट के से रिबेल स्टार प्रभास हैं।’ प्रभास और दीपिका 20 जुलाई को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (SDCC) के पहले दिन फिल्म के आधिकारिक टाइटल, ट्रेलर और रिलीज की तारीख की घोषणा करेंगे।

मणिपुर में महिलाओं के वायरल VIDEO पर बवाल, संसद में गूंजेगा मामला

0

संसद के मानसून सत्र का आज से आगाज होने वाला है। सत्र के पहले दिन ही सरकार और विपक्ष के बीच मणिपुर हिंसा और दिल्ली अध्यादेश मामले में टकराव की आशंका जताई जा रही है। उधर, मोदी विरोधी विपक्षी पार्टियों के एकजुट होने के बाद सरकार को घेरने की रणनीति भी बना ली गई है। अब देखना यह होगा कि संसद सत्र सुचारू रूप से चल पाता है या नहीं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद सत्र के शुरू होने से पहले कहा कि आज हम मणिपुर मुद्दे पर ही फोकस रखेंगे। खरगे ने इस पर नोटिस भी दिया है। खरगे ने कहा कि पीएम के पास 38 दलों को एनडीए बैठक के लिए बुलाने का समय है, लेकिन उनके पास वहां जाने का समय नहीं है।

समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने भी मणिपुर हिंसा पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में जो हुआ है वो भाजपा की सरकार की वजह से हुआ है, इसलिए वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। पीएम मोदी जी भाषण तो अच्छे देते हैं, लेकिन देश में क्या हो रहा है इस पर नहीं बोलेंगे।
सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने पर सरकार की निंदा की है।  उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल कल्याण विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कभी इस पर बात नहीं की, लेकिन अब जब उन पर दबाव है तो वह कहती हैं कि उन्होंने सीएम से बात की। देश की सबसे अक्षम मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने मणिपुर की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कल देश के सामने मणिपुर की दो महिलाओं के साथ जघन्य अपराध का वीडियो आया। ऐसी घटना देश को शर्मसार करती है। उन्होंने कहा कि एक महिला सांसद होने के नाते मैं मणिपुर पर चर्चा चाहती हूं। पीएम को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए और सदन में बोलकर लोगों को जवाब देना चाहिए।
मणिपुर में महिलाओं की वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि आज हमें शर्म आ रही है। इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए, लेकिन पीएम, गृह मंत्री कहां हैं और क्या कर रहे हैं? उन्होंने कहा, मैं पूछना चाहता हूं कि पीएम चुप क्यों हैं। आप कई देशों का दौरा कर रहे हैं और कह रहे हैं कि भारत में सब कुछ ठीक है। हम पूछना चाहते हैं कि आप अपने सीएम से इस्तीफा देने के लिए कहेंगे या नहीं।

बड़ा हादसा : भूस्खलन की चपेट में आया गांव, 50-60 मलबे में फंसे, 5 लोगों की मौत, 75 को बचाया

0

महाराष्ट्र : भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। रायगढ़ जिले के खलालपुर तहसील इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन हुआ है। इसकी चपेट में पूरी एक बस्ती आ गई है। बताया जा रहा है कि भूस्खलन में 50 से अधिक परिवारों के 100 से अधिक लोग फंसे हैं।

हादसा बुधवार रात को हुआ है। भूस्खलन में आदिवासी समाज की बस्ती का 90 प्रतिशत हिस्सा समा गया है। वहीं, घटना के बाद मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर एनडीआरएफ द्वारा बचाव अभियान जारी है। रायगढ़ पुलिस के मुताबिक, 5 लोगों की मौत हो गई है और तीन अन्य घायल हो गए हैं।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने मुंबई में आपातकालीन नियंत्रण कक्ष में बचाव और राहत कार्यों का जायजा लिया। इसके साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रायगढ़ जिले के खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन स्थल पर पहुंचे हैं। जानकारी के मुताबिक अब तक 25 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाया गया है।

भूस्खलन की चपेट में करीब 50 घर आ गया है। घटनास्थल पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि मिट्टी अभी भी ऊपर से गिर रही है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं।

अधिकारी ने बताया कि कम से कम 100 लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा कि भूस्खलन बुधवार रात करीब 11 बजे खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में हुआ। अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन में घायल हुए 20 से अधिक लोगों को नवी मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।