Home Blog Page 431

दानिश अली ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी, आप इस बार भी हैं खामोश…

0

BSP सांसद दानिश अली ने BJP सांसद रमेश बिधूड़ी द्वारा टिप्पणी करने के मामले में PM मोदी को पत्र लिखा है। BSP सांसद दानिश अली ने PM को पत्र लिखकर BJP सांसद को उचित सजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने PM मोदी को लिखे पत्र में अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

डेनिश अली ने पोस्ट में लिखा कि दुनिया देख रही है…. आप इस बार भी ख़ामोश हैं! उन्होंने आगे लिखा कि आज मैंने माननीय प्रधानमंत्री और लोकसभा के नेता नरेन्द्र मोदी जी को पत्र लिखा, आपसे अनुरोध है कि संसदीय मर्यादा को बनाए रखें और उसकी रक्षा करें, अपनी चुप्पी तोड़ें, क्योंकि दुनिया भारत को करीब से देख रही है।

संसद के विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने बसपा सांसद दानिश अली पर अमर्यादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया है।

मस्जिद के पास बम धमाका, 34 लोगों की मौत, 130 से ज्यादा घायल

0

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के एक मस्जिद के पास एक आत्मघाती हमले में लगभग 34 लोगों की मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 130 से अधिक लोग इस हमले में घायल हो गए हैं। मालूम हो कि जब लोग पैगंबर मुहम्मद का जन्मदिन मनाने के लिए एक रैली के लिए एकत्र हुए थे, जिस दौरान यह हादसा हुआ है। न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, विस्फोट मस्तुंग जिले में मदीना मस्जिद के पास हुआ। मृतकों में मस्तुंग के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) नवाज गशकोरी भी शामिल हैं। वह हमले के दौरान रैली के लिए ड्यूटी पर थे।

ANI के मुताबिक, जब लोग पैगंबर मुहम्मद की जयंती ईद मिलादुन नबी मनाने के लिए एकत्र हो रहे थे, इसी दौरान यह विस्फोट हुआ। सिटी स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) मोहम्मद जावेद लेहरी ने कहा कि विस्फोट एक आत्मघाती विस्फोट था और हमलावर ने डीएसपी की कार के बगल में खुद को उड़ा लिया। लेहरी ने कहा कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय डॉन अखबार ने शहीद नवाब गौस बख्श रायसानी मेमोरियल अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सईद मीरवानी के हवाले से कहा कि विस्फोट में लगभग 34 लोग मारे गए और 130 से अधिक घायल हो गए। इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बलूचिस्तान के अंतरिम सूचना मंत्री जान अचकजई ने कहा कि बचाव दल को मस्तुंग भेजा गया है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल लोगों को क्वेटा स्थानांतरित किया जा रहा है और सभी अस्पतालों में आपात स्थिति लागू कर दी गई है।

अचकजई ने कहा कि दुश्मन बलूचिस्तान में धार्मिक सहिष्णुता और शांति को नष्ट करना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री अली मर्दन डोमकी ने अधिकारियों को विस्फोट के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। इस बीच, अंतरिम गृह मंत्री सरफराज अहमद बुगती ने विस्फोट की कड़ी निंदा की।

एशियन गेम्स: शूटिंग में भारत का दबदबा, अब तक जीत चुके इतने मेडल

0

19वें एशियन गेम्स में आज छठवें दिन भारत ने अब तक 5 मेडल जीत लिए हैं। चीन के हांगझोउ में शुक्रवार को भारत के शूटर्स का शनदार प्रदर्शन जारी है। शूटर्स ने आज 2 गोल्ड और 2 सिल्वर जीते। वहीं टेनिस में रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी ने मेंस डब्ल्स में सिल्वर जीता, जबकि स्क्वॉश में भारतीय विमेंस टीम को ब्रॉन्ज मेडल मिला।

इसके साथ ही भारत के 31 मेडल हो गए हैं। इनमें 8 गोल्ड, 11 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारत मेडल टैली में चौथे नंबर पर आ गया है। चीन 173 मेडल्स के साथ पहले, साउथ कोरिया 88 के साथ दूसरे और जापान 82 के साथ तीसरे स्थान पर है।

10 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम इवेंट में भारत को छठे दिन का पहला मेडल दिलाया। ईशा सिंह, पलक और दिव्या ने 1731 स्कोर कर सिल्वर जीता। इस इवेंट में चीन की टीम टॉप पर रही। चीनी टीम ने 1736 स्कोर कर गोल्ड जीता। वहीं चीनी ताइपे की टीम ने 1723 स्कोर कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

 

50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में मेंस टीम ने भारत को 7वां गोल्ड दिलाया। ऐश्वर्य प्रताप सिंह, अखिल शिरोन और स्वप्निल सुरेश ने 1769 स्कोर कर गोल्ड जीता। यह शूटिंग में भारत का पांचवां गोल्ड है। इस इवेंट में चीन की टीम ने 1763 स्कोर कर सिल्वर और साउथ कोरिया ने 1748 स्कोर कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

 

10 मीटर एयर पिस्टल इंडिविजुअल में भारतीय महिला शूटरों ने दो मेडल जीते। पलक ने 242.1 स्कोर कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि ईशा सिंह ने 239.7 स्कोर कर सिल्वर मेडल जीता। इस इवेंट में पाकिस्तान की किश्माला तलत ने 218.2 स्कोर कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

उत्तराखंड : यहां बड़ा हादसा, एक युवक की मौत, एक घायल

0

देहरादून : ओल्ड मसूरी मार्ग पर एक हादसा हो गया है।इस हादसे में एक युवक की मौत हो ग, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम  मौके के लिए रवाना हुई। SDRF की टीम को दोनों युवकों खाई में मिले। जबकि सड़क पर चार पहिया वाहन खड़ा था। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। मिली जानकारी के अनुसार एक युवक का पैर फिसलने से वह खाई में गिर गया, उसे बचाने के चक्कर में दूसरा युवक भी खाई में गिर गया।

आज सुबह देहरादून कंट्रोल रूम से SDRF टीम को सूचित किया गया कि ओल्ड मसूरी मार्ग, राजपुर में दो युवक खाई में गिर गए जिनके रेस्क्यू के लिए SDRF टीम की आवश्यकता है। इसके  बाद SDRF टीम मुख्य आरक्षी संतोष सिंह रावत टीम व रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

SDRF की टीम घटनास्थल पहुंचकर लगभग सौ मीटर नीचे खाई में उतरी और उक्त युवकों तक पहुंची। इसमें से एक युवक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी जबकि दूसरा घायल अवस्था में मिला। घायल को कड़ी मशक्कत करते हुए खाई से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया।

युवकों का विवरण 

घायल का नाम : कपिल चौधरी (30) पुत्र ब्रजपाल, निवासी :- सुभाष नगर बणत शामली।

 मृतक का नाम :  विनीत चौधरी (35) पुत्र बिल्लू, निवासी :- सुभाष नगर बणत शामली।

ट्रूडो के बदले सुर…भारत बढ़ती आर्थिक शक्ति, राजनीति में कद काफी मजबूत

0

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत से गतिरोध के बीच कहा है कि कनाडाअभी भी भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। ट्रूडो ने एक बार फिर कथित आरोपों को लेकर कहा कि खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार की संलिप्तता के विश्वसनीय आरोपों के बावजूद कनाडा अभी भी भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत के दुनिया भर में बढ़ते प्रभाव की ओर इशारा करते हुए ट्रूडो ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि कनाडा और उसके सहयोगी भारत के साथ जुड़े रहें। गुरुवार को मॉन्ट्रियल में एक प्रेस कांफ्रेंस में बोलते हुए ट्रूडो ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह बेहद महत्वपूर्ण है कि कनाडा और उसके सहयोगी विश्व मंच पर भारत के बढ़ते महत्व को देखते हुए उसके साथ रचनात्मक और गंभीरता से जुड़ते रहें।

उन्होंने कहा कि भारत एक बढ़ती हुई आर्थिक शक्ति और महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक खिलाड़ी है। जैसा कि हमने पिछले साल अपनी इंडो-पैसिफिक रणनीति में कहा था कि हम भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने को लेकर बहुत गंभीर हैं।” नेशनल पोस्ट ने ट्रूडो के हवाले से कहा, जाहिर तौर पर कानून के शासन वाले देश के रूप में, हमें इस बात पर जोर देने की जरूरत है कि भारत को यह सुनिश्चित करने के लिए कनाडा के साथ काम करने की जरूरत है कि हमें निज्जर के मामले के पूरे तथ्य मिलें।

पीएम ट्रूडो ने कहा कि उन्हें अमेरिका से आश्वासन मिला है कि विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन गुरुवार को वाशिंगटन में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक के दौरान निज्जर हत्या में भारत की भूमिका के बारे में सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों को उठाएंगे। नेशनल पोस्ट के मुताबिक ट्रूडो ने कहा कि अमेरिका भारत सरकार से बात करने में हमारे साथ रहा है। उन्होंने कहा, यह कुछ ऐसा है जिसे सभी लोकतांत्रिक देशों और कानून के शासन का सम्मान करने वाले सभी देशों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। ट्रूडो ने कहा, हम भारत सरकार के प्रति अपने दृष्टिकोण सहित अपने सभी साझेदारों के साथ कानून के शासन में रहते हुए एक विचारशील, जिम्मेदार तरीके से आगे बढ़ रहे हैं।

BJP MLA की मनोज झा को खुली धमकी, आपकी गर्दन उतारकर आपके हाथ में रख देंगे…!

0

राज्यसभा में RJD के सांसद मनोज झा ने ऐसी कविता सुनाई, जिसपर विवाद थमने का नाम ले रहा. तमाम दलों के नेता मनोज झा पर निशाना साध चुके हैं. BJP तो खासतौर से मनोज झा पर हमलावर है. पार्टी के विधायकराघवेंद्र प्रताप ने मनोज झा को चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि आप ठाकुरों के बारे में ऐसी टिप्पणी कर रहे हैं, झा जी… एक सेकंड नहीं लगेगा और ठाकुर आपकी गर्दन उतारकर आपके हाथ में रख देंगे. इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के ही ठाकुर विधायक नीरज बबलू ने मुंह तोड़ने की बात कही थी. वहीं आनंद मोहन ने जीभ खींचने की बात कही.

TV9 की रिपोर्ट के अनुसार बिहार में सभी पार्टियों के ठाकुर नेताओं के बीच मनोज झा को बुरा भला कहने की होड़ सी लग गई है. हालांकि इन सबके बीच RJD मनोज झा के पक्ष में ही खड़ी नजर आ रही है. बुधवार रात को आरजेडी ने मनोज झा की उसे कविता का सोशल मीडिया में पोस्ट कर इसे जानदार-शानदार बताया. JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह मनोज झा का समर्थन कर चुके हैं तो NDA की सहयोगी हम के सुप्रीमो जीतन राम मांझी भी मनोज झा के कविता पाठ के साथ खड़े हैं.

इधर, आनंद मोहन ने मनोज झा का नया नामकरण करते हुए उन्हें फिटकरी झा बताया है. उन्होंने कहा कि जैसे फिटकरी दूध में पढ़ते ही दूध को फाड़ देता है वैसे ही मनोज झा फिटकरी बनाकर लोकतंत्र का दूध फाड़ रहे हैं. भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड के BJP से विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सबसे पहले ये मनोज झा कौन हैं और ये कितने बड़े विद्वान हैं और कितने बड़े राजनीतिज्ञ हैं, इसकी जानकारी हमको नहीं है.

राघवेंद्र प्रताप ने कहा कि मनोज झा से हम एक ही बात कहना चाहते हैं कि आपने जो टिप्पणी की है, आप पंडित जी हैं और आज के युग में पंडित जी को प्रणाम करने वाले केवल राजपूत ही हैं. इसको आप भूल गए हैं. एक बात आप और भूल गए. राजूपतों को एक सेकेंड नहीं लगेगा, वे आपकी गर्दन उतारकर आपके हाथ पर रख देंगे. पुरानी कहानी याद मत दिलवाइए, इसलिए आपने जो कहा है उसको वापस लीजिए. माफी मांगिए, अगर नहीं तो भविष्य में क्षत्रियों के आक्रोश को सामना करने के लिए आप तैयार रहिए.

उन्होंने कहा कि अगर मैं आरजेडी में होता तो लालू प्रसाद अभी बुलाकर उनको मेरे सामने एक थप्पड़ मारते. मुझे कहने की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन आज जो लोग वहां हैं वो कह रहे हैं कि यह गलत है. जब यह गलत है तो लालू प्रसाद से बोलकर उन्हें सजा दिलवाना चाहिए. बीजेपी विधायक ने कहा कि आनंद मोहन के पुत्र मेरे लिए भी पुत्र समान है तो लालू से बोलकर उनको पार्टी से बाहर करवाना चाहिए.

राघवेंद्र सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद कभी गलत चीज नहीं सिखाते हैं. उनकी राजनीति उनकी जगह पर है. बीजेपी नेता ने कहा कि यह बात याद रखिएगा झा जी, एक बात हम आपको चेता देते हैं राजपूतों पर जब गर्मी चढ़ जाती है न तो 80 वर्ष की उम्र में अपना बाह काट कर गंगा जी में फेंक देते हैं, हम उस खानदान के हैं.

‘चंद्रमुखी’ बनकर कंगना रनौत ने डर का लेवल क्या है, लोगों को पसंद आई या नहीं?

0

धाकड़ के बाद एक बार फिर से कंगना रनोट सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी हैं। उनकी और राघव लॉरेंस की फिल्म ‘चंद्रमुखी-2’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गयी है। लायका प्रोडक्शन में बनी ‘चंद्रमुखी-2’ ओरिजिनली तमिल भाषा की फिल्म है, लेकिन इसे मेकर्स ने तेलुगु और हिंदी भाषा में भी 28 सितंबर को ही रिलीज किया है।

कंगना रनोट के करियर की ये पहली कॉमेडी हॉरर फिल्म है। हिंदी भाषा में ये फिल्म ‘द वैक्सीन वॉर’ और ‘फुकरे-3’ को टक्कर देती हुई नजर आई। पी वासु के निर्देशन में बनी इस फिल्म से कंगना रनोट डर का लेवल हाई करने में कामयाब रहीं या नहीं, चलिए जानते हैं ट्विटर यूजर्स का इस पर क्या है कहना।

कंगना रनोट की लास्ट रिलीज ‘धाकड़’ में एक्ट्रेस के एक्शन अवतार ने भले ही फैंस को बहुत ज्यादा इम्प्रेस न किया हो, लेकिन ‘चंद्रमुखी-2’ के साथ उन्होंने बॉलीवुड क्वीन के ताज को फिर से पा लिया है। ट्विटर पर यूजर्स ‘चंद्रमुखी’ बनी कंगना के अभिनय की तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं।

एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि चंद्रमुखी का फर्स्ट हाफ और सेकंड हाफ दोनों ही फायर है। कंगना रनोट ने फिल्म में शानदार अभिनय किया है। मूवी में कई डरा देने वाले सीन हैं और क्लाइमेक्स तो बहुत ही शानदार है। चंद्रमुखी 2 आप देख सकते हैं।

81 डॉक्टरेट उपाधियां और पद्म भूषण, हरित क्रांति के जनक स्वामीनाथन का निधन

0

हरित क्रांति के जनक कहे जाने वाले एम एस स्वामीनाथन का 98 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने चेन्नई में अंतिम सांस ली. महान एग्रीकल्चर साइंटिस्ट को भारत में हरित क्रांति का जनक कहा जाता है. कृषि के क्षेत्र में सराहनीय काम के लिए उन्हें भारत सरकार की तरफ से पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था. डॉ. एमएस स्वामीनाथन लंबे समय से बढ़ती उम्र की वजह से परेशानियों का सामना कर रहे थे. देश-विदेश के प्रतिष्ठित सम्मानों के साथ-साथ डॉ स्वामीनाथन के नाम 81 डॉक्टरेट उपलब्धियां हैं. आइए उनके करियर पर एक नजर डालते हैं.

स्वामीनाथन का जन्म 7 अगस्त 1925 को चेन्नई (उस समय के कुंभकोणम, मद्रास प्रेसीडेंसी) में हुआ था. उनके पिता एक सर्जन थे. स्वामीनाथन ने तिरुवनंतपुरम के महाराजा कॉलेज से जूलॉजी में और कोयंबटूर एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से एग्रीकल्चर साइंस में BSc की डिग्री ली है. इसके बाद उन्होंने साल 1949 में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) से एग्रीकल्चर साइंस में मास्टर्स की डिग्री ली.

पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद स्वामीनाथन कैंब्रिज यूनिवर्सिटी चले गए. 1952 में उन्होंने यहां से पीएचडी की. साल 1954 में भारत आकर IARC नई दिल्ली के फैकल्टी बन गए. 1961 से लेकर 1972 तक 11 साल वो यहां निदेशक के तौर पर कार्यरत थे. बतौर एग्रीकल्चर साइंटिस्ट स्वामीनाथन को कई पुरस्कार मिले.

अवॉर्ड

  • 1961 में जैविक विज्ञान में अहम योगदान के चलते स्वामीनाथन को एसएस भटनागर पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
  • 1971 में सामुदायिक नेतृत्व के लिए रेमन मैग्सेस पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया.
  • 1986 में स्वामीनाथन को विश्व स्तर के अल्बर्ट आइंस्टीन विश्व विज्ञान पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.
  • उनके महान योगदान के सम्मान में, स्वामीनाथन को 1987 में प्रथम विश्व खाद्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
  • साल 2000 में उन्हें यूनेस्को में महात्मा गांधी पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
  • 2007 में उनके नाम लाल बहादुर शास्त्री पुरस्कार शामिल हो गया.

डॉ एमएस स्वामीनाथन को दुनिया भर के यूनिवर्सिटी से सम्मानित किया जा चुका है. उन्हें 81 डॉक्टरेट उपाधिया मिली हुई हैं. वह संसद भी रह चुके हैं. स्वामीनाथन साल 2007 से 2013 तक राज्यसभा के सदस्य थे.

उत्तराखंड : महिला की मौत के तीन दिन बाद जगा प्रशासन, जांच के निर्देश

0

उत्तरकाशी: तीन दिन पहले मोरी क्षेत्र के भंकवाड़ गांव में ट्राली को खींचने वाली रस्सी टूटने से ट्रॉली में सवार महिला नदी किनारे पत्थरों पर जा गिरी थी, जिससे महिला की मौत हो गई थी। पिछले पांच सालों के ग्रामीण ट्रॉली की मरम्मत की मांग कर रहे थे, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। अब जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने जिले की सभी ट्रॉलियों की जांच के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने जिले में संचालित सभी ट्रॉलियों की जांच कराने के निर्देश देते हुए सबंधित अधिकारियों को ट्रॉलियों के सुरक्षित होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने जनमानस की सुरक्षा के दृष्टिगत जिले में संचालित सभी ट्रॉलियो की तत्काल तकनीकी दल से जांच और सर्वेक्षण कराकर जर्जर व मरम्मत योग्य ट्रॉलियों को शीघ्र व्यवस्थित किए जाने के निर्देश दिए हैं, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

जिलाधिकारी ने जिले के सभी वन प्रभागों के प्रभागीय वनाधिकारियों, पार्काे के उप निदेशकों, लोनिवि, NH और PMGSY के सभी डिवीजनों के अधिशासी अभियंताओं के साथ ही सीमा सड़क संगठन के कमान अधिकारियों को लिखित हिदायत जारी की है।

उन्होंने इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट के साथ ही ट्रॉलियों की सुरक्षा सबधी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किए जांय। जिलाधिकारी ने इस सिलसिले में सभी उप जिलाधिकारियों, सीमा सड़क संगठन के कमांडर और लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को भी पत्र भेजकर कार्रवाई करने की अपेक्षा की है।

मणिपुर में फिर हिंसक विरोध प्रदर्शन, DC ऑफिस में तोड़फोड़, 2 गाड़ियां फूंकी

0

मणिपुर : दो युवकों की मौत की तस्वीरें सामने आने के बाद मणिपुर में फिर हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. भीड़ ने इंफाल पश्चिम में उपायुक्त कार्यालय में तोड़फोड़ की. जानकारी के मुताबिक, इस दौरान दो चार पहिया वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया. अधिकारियों ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि जुलाई में लापता हुए दो युवकों के शवों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसके बाद मंगलवार को राज्य की राजधानी में छात्रों के नेतृत्व में हिंसा की एक ताजा घटना भड़क गई.

बुधवार के देर रात को प्रदर्शनकारी उरीपोक, याइस्कुल, सागोलबंद और तेरा इलाकों में सुरक्षा कर्मियों से भिड़ गए. जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बलों को कई राउंड आंसू गैस के गोले दागने पड़े. उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों को आवासीय इलाकों में प्रवेश करने से रोकने के लिए सड़कों को टायर, बोल्डर और लोहे के पाइप जलाकर अवरुद्ध कर दिया.

भीड़ ने डीसी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की और दो चार पहिया वाहनों को आग लगा दी. उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ जवानों ने स्थिति को नियंत्रित किया. इस दौरान मंगलवार से 65 प्रदर्शनकारी घायल हो गए. सुरक्षा बलों ने हिंसक विरोध प्रदर्शनों का मुकाबला करने के लिए दो जिलों (इम्फाल पूर्व और पश्चिम) में फिर से कर्फ्यू लगा दिया है.

पुलिस ने कहा कि इस बीच, थौबल जिले के खोंगजाम में एक भाजपा कार्यालय में आग लगा दी गई. मणिपुर पुलिस ने एक बयान में कहा कि भीड़ ने एक पुलिस वाहन को निशाना बनाया. उन्होंने पुलिस वाहन में आग लगा दी और एक पुलिसकर्मी से मारपीट कर उसका हथियार छीन लिया. इसमें कहा गया है कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने कहा कि छीने गए हथियारों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
मणिपुर बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने सुरक्षा बलों से किशोरों के खिलाफ ‘मनमाने ढंग से और अचानक’ लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियों का इस्तेमाल नहीं करने का आग्रह किया. 3 मई को मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से 180 से अधिक लोग मारे गए हैं और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं.
यह तनाव उस समय शुरू हुआ जब बहुसंख्यक मैतेई समुदाय की अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग के विरोध में पहाड़ी जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ आयोजित किया गया था. मणिपुर की आबादी में मैतेई लोगों की संख्या लगभग 53 प्रतिशत है और वे ज्यादातर इम्फाल घाटी में रहते हैं, जबकि नागा और कुकी सहित आदिवासी 40 प्रतिशत हैं और ज्यादातर पहाड़ी जिलों में रहते हैं.