Home Blog Page 1129

नवाज शरीफ ने फिर उगला जहर, कश्मीर तनाव को बताया उरी हमले के लिए जिम्मेदार

0

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने फिर से कश्मीर का राग अलापा है. नवाज शरीफ का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के उरी में आर्मी बेस पर हुआ आतंकी हमला कश्मीर तनाव की देन है. पाकिस्तानी पीएम इसके पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा के 71वें सम्मेलन में कश्मीर का मुद्दा उठा चुके हैं.
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 71वें सम्मेलन से हिस्सा लेकर लंदन पहुंचे पाक पीएम ने कहा, ‘मैं कश्मीर तनाव पर कुछ नहीं करना चाहता. भारत दूसरों पर आरोप लगा रहा है. उरी हमले के 12 घंटे के अंदर भारत ने पाकिस्तान को दोषी ठहरा दिया, जबकि हमले को लेकर भारत ने कोई जांच भी नहीं की है. कोई भी संवेदनशील व्यक्ति इस तरह की चीजों को मंजूर नहीं करेगा.’
इसके पहले कश्मीर में तनाव को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने अमेरिका से मदद मांगी थी. सोमवार को नवाज ने न्यूयॉर्क में अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी से मुलाकात की. पाक पीएम ने कश्मीर में मानव अधिकारों के कथित उल्लंघन का मुद्दा उठाया और कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच के तनाव को खत्म करने के लिए अमेरिका को दखल देना चाहिए.
बयान के मुताबिक, शरीफ ने केरी से कहा कि उन्हें अभी तक ‘राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का वो वादा याद है कि अमेरिका, पाकिस्तान और भारत के बीच के द्विपक्षीय विवादों और मुद्दों को हल करने में मदद करने के लिए अपनी भूमिका निभाएगा. शरीफ ने कहा, ‘मैं अमेरिकी प्रशासन और विदेश मंत्री केरी से उम्मीद करता हूं कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मुद्दों को हल करने के लिए अपने पद का इस्तेमाल करेंगे.’
गौरतलब है कि अमेरिका ने 18 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के उरी में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है. अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा कि अमेरिका आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए भारत के साथ मजबूती से खड़ा है. उरी हमले में सेना के 17 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 19 से ज्यादा घायल हुए हैं.

EU ने PAK को दी चेतावनी, बलूचिस्तान में अत्याचार बंद करो नहीं तो लगेगा बैन

0

बलुचिस्तान के लोगों से एकजुटता दिखाते हुए यूरोप के कई देशों के संगठन यूरोपियन यूनियन ने कहा है कि वह पाकिस्तान पर आर्थिक और राजनीतिक प्रतिबंध लगा सकता है. यूरोपियन पार्लियामेंट के वाइस प्रेसिडेंट रिजार्ड सी. (Ryszard Czarnecki) ने कहा है कि अगर पाकिस्तान बलुचिस्तान में मानवाधिकार हनन पर रोक नहीं लगाता को उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बलुचिस्तान का मुद्दा उठाया था. वाइस प्रेसिडेंट रिजार्ड ने एएनआई से बातचीत में कहा कि वे यूरोपियन यूनियन की मानवाधिकार के मुद्दे पर आयोजित हुई डिबेट में बोल चुके हैं कि जब देश ह्युमन राइट स्डैंड्रड को फॉलो नहीं करते तो उन पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.
रिजार्ड ने यहां तक कहा कि अब बोलने का नहीं, बल्कि कार्रवाई का समय है. रिजार्ड के मुताबिक, पाकिस्तान के साथ यूरोपियन यूनियन के द्विपक्षीय संबंध हैं, ऐसे में अगर पाकिस्तान बलुचिस्तान को लेकर अपनी पॉलिसी नहीं बदलता तो यूनियन अपना स्डैंट बदलेगी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के दो चेहरे हैं, एक साफ चेहरा जो वह दुनिया को दिखाता है और दूसरा क्रूर चेहरा जो मानवाधिकार को लेकर है. रिजार्ड ने इस बात को स्वीकार किया कि पाकिस्तान की समस्या ये भी है कि वहां की सरकार पर मिलिट्री का नियंत्रण है.

वॉशिंगटन के एक मॉल में फायरिंग, तीन लोगों की मौत, बंदूकधारियों की तलाश जारी

0

वॉशिंगटन: वॉशिंगटन के एक मॉल में आज हुई गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि दो घायल हो गए. पुलिस इस मामले में कम से कम एक व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसे ‘हिस्पैनिक पुरुष’ बताया जा रहा है. हिस्पैनिक उन लोगों को कहा जाता है जो स्पेनिश (स्पेन में बोली जाने वाली भाषा) बोलते हैं.
सार्जेंन्ट मार्क फ्रांसिस ने सिएटल से करीब 100 किमी उत्तर में बर्लिंगटन के कास्केड मॉल में हुई गोलीबारी के बारे में बताया कि पुलिस कम से कम एक हमलावर की तलाश कर रही है और मॉल के स्टोरों की तलाश कर रही है.
वॉशिंगटन स्टेट पेट्रोल के प्रवक्ता फ्रांसिस ने ट्वीट किया, ‘मॉल में गोलीबारी में चार लोगों के मरने की पुष्टि हुई है. पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर भाग गए या गया. हमलावरों या हमलावर के बारे में पता नहीं है. संभवत: एक ही हमलावर था. पुलिस अब मॉल को खाली करा रही है.’
उन्होंने कहा, ‘हम हमलावर की तलाश कर रहे हैं और सभी सुरागों को जांच रहे हैं.’ स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार हमलावर (स्थानीय समयानुसार शुक्रवार) शाम करीब सात बजे यहां के एक स्टोर मैकेज के जरिये मॉल में घुसा था. स्थानीय पुलिस ने हमलावर की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार वह दुबला पतला था, उसके काले बेतरतीब बाल थे और उसने काले रंग की शर्ट पहन रखी थी. फ्रांसिस ने बताया कि हमलावर एक ‘हिस्पैनिक पुरुष’ था.
अधिकारी ने बताया, “बर्लिगटन में कासकेड मॉल क्षेत्र से बचें.” अधिकारी का कहना है कि इस हादसे में जीवित बचे लोगों को बस से पास से गिरजाघर ले जाया गया.

यूएस ओपन जीतकर नंबर वन बनी केर्बर

0

जर्मनी की एंजेलिक केर्बर ने 2016 में अपना स्वर्णिम सफर जारी रखते हुए यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट का महिला एकल का खिताब जीतकर विश्व में नंबर एक खिलाड़ी बनने की उपलब्धि का शानदार जश्न मनाया.
इस साल के साल के शुरू में आस्ट्रेलियाई ओपन जीतने वाली दूसरी वरीयता प्राप्त केर्बर ने चेक गणराज्य की दसवीं वरीय कारोलिना प्लिसकोवा को तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में 6-3, 4-6, 6-4 से हराया. केर्बर ने बड़े मैचों में खेलने के अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया. पहले सेट में वह प्लिसकोवा के डबल फाल्ट की बदौलत सेट प्वाइंट तक पहुंची और फिर फोरहैंड शाट से 44 मिनट में यह सेट अपने नाम किया.
केर्बर ने जीत के बाद कहा, ‘यहां इस साल खिताब जीतना, इसको मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती. एक साल में दूसरा ग्रैंड स्लैम जीतना शानदार है. यह मेरे कॅरियर का सर्वश्रेष्ठ साल रहा. मैंने पांच साल पहले यहां सेमीफाइनल में पहुंचकर शुरुआत की थी और अब मेरे हाथ में ट्रॉफी है.’
बाएं हाथ से खेलने वाली 28 वर्षीय केर्बर ने आस्ट्रेलियाई ओपन में सेरेना विलियम्स को हराकर खिताब जीता था लेकिन विम्बलडन फाइनल में वह इस अमेरिकी खिलाड़ी से हार गई थी. सेरेना के सेमीफाइनल में प्लिसकोवा के हाथों हारने के साथ ही केर्बर ने अपने लिए विश्व में नंबर एक स्थान सुरक्षित कर लिया था. सोमवार को रैंकिंग जारी होने पर वह आधिकारिक रूप से नंबर एक खिलाड़ी बन जाएंगी.
केर्बर ने कहा, ‘नंबर एक बनना और ग्रैंड स्लैम खिताब जीतना बचपन से मेरा सपना था. यह मेरे लिये बहुत मायने रखता है.’ प्लिसकोवा इससे पहले कभी किसी ग्रैंड स्लैम के तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ी थी.
उन्होंने फाइनल तक की राह में वीनस और फिर सेरेना विलियम्स को हराया. वह एक ग्रैंड स्लैम में दोनों विलियम्स बहनों को हराने वाली चौथी खिलाड़ी हैं. प्लिसकोवा ने केर्बर को काफी परेशान किया लेकिन इस बीच 47 गलतियां की जिसने आखिर में अंतर पैदा कर दिया.
प्लिसकोवा ने 40 विनर भी लगाए लेकिन उनकी गलतियां इन पर भारी पड़ गई. जब प्लिसकोवा का फोरहैंड बाहर गया केर्बर खुशी से झूम उठी. वह बॉक्स में गई जहां उनके कोच टोर्बेन बेल्ज बैठे थे और फिर कोर्ट पर लौटकर अश्रुधारा बहाने लगीं.

टेस्ट सीरीज के लिए हुआ टीम इंडिया का ऐलान, बिन्नी को नहीं मिली जगह

0

न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 सितंबर से शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैच की सीरीज के लिए अब से कुछ ही देर में टीम का ऐलान होना है. हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया में बदलाव की उम्मीद बेहद कम दिखाई दे रही है.
भारतीय टीम के सेलेक्टर्स को कुछ नामों पर माथापच्ची करनी पड़ सकती है. सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का हालिया फॉर्म सवालों में रहा है. धवन वेस्टइंडीज में सिर्फ एक ही अर्धशतक लगा पाए थे, और उन्हें टीम से अंदर बाहर होना पड़ा था.
दिल्ली के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने दलीप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है, और वो पूरे दो सालों से टीम इंडिया में वापसी की कोशिशों में जुटे हैं. गंभीर ने पहले मैच में इंडिया रेड के खिलाफ 77 रन की पारी खेली, फिर इंडिया ग्रीन के खिलाफ पहली पारी में 90 और दूसरी पारी में 59 रन बनाए. इसके बाद फाइनल की पहली पारी में 94 रन की पारी खेल चुके हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि चयनकर्ता धवन की जगह गंभीर को टीम में मौका दे सकते हैं. दलीप ट्रॉफी का मुकाबला देखने के लिए संदीप पाटि‍ल एंड कंपनी स्टेडियम में मौजूद थी.

अपनी इस दोस्त के लिए डांस करेंगी मौनी

0

जी टीवी के शो ‘कुमकुम भाग्य’ में जल्द ही अभिनेत्री मौनी रॉय एक डांस परफॉर्मेंस करती नजर आएंगी। कुमकुम भाग्य में ‘देवा श्री गणेशा’ के नाम से एक विशेष एपिसोड दिखाया जाने वाला है, इसी विशेष एपिसोड में मौनी डांस परफॉर्मेंस देंगी। मौनी रॉय फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के लोकप्रिय गाने ‘मोहे रंग दो लाल’ पर प्रस्तुति देती नजर आएंगी।
अभिनेत्री मौनी रॉय ने अपने इस डांस परफॉर्मेंस को अपनी दोस्त और शो में मुख्य भूमिका निभा रहीं श्रीति झा को समर्पित किया है।
मौनी ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं अपनी दोस्त श्रीति झा के शो ‘कुमकुम भाग्य’ में गणपति विशेष एपिसोड में ‘देवा श्री गणेशा’ पर प्रस्तुति देने का मौका दिए जाने पर आभारी हूं। मैं यह प्रस्तुति अपनी दोस्त को समर्पित करती हूं।’
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘देवों के देव महादेव’, और ‘नागिन’ जैसे शो में काम कर चुकीं मौनी इस प्रस्तुति के लिए पहली बार अभिनेत्री आशा नेगी और अमृता खानविलकर के साथ काम करके बेहद खुश हैं।
दिग्गज अभिनेता जीतेंद्र भी अपनी बेटी व निर्माता एकता कपूर के इस शो में नजर आएंगे। जी टीवी पर प्रसारित होने वाले इस शो में श्रीति के अलावा शब्बीर अहलूवालिया, शिखा सिंह और लीना जुमानी भी हैं।

टीवी शो के जरिये 'कहानियों का पिटारा' खोलेंगे विक्रम भट्ट

0

बॉलीवुड निर्देशक विक्रम भट्ट जल्द ही कहानी का एक शो ले कर आ रहे हैं। निर्देशक विक्रम भट्ट सोनी एलआईवी के लिए ‘वन्स अपॉन ए टाइम विथ विक्रम भट्ट’ नाम से एक शो लेकर आ रहे हैं। इस शो के हर एपिसोड में एक छोटी कहानी होगी। शो के लिए 104 एपिसोड का निर्माण किया जाएंगा।
फिल्मकार विक्रम भट्ट का कहना है कि निर्देशक कई बार वह कहानी नहीं सुना पाते जो वे सुनाना चाहते हैं, क्योंकि उन पर आर्थिक दबाव और निर्माताओं या कलाकारों का दबाव होता है। इसलिए उन्हें वेब एक अच्छी जगह लगती है। इस शो के ज़रिये ऐसी कई बेहतरीन कहानियों को सुनाया जायेगा जिनपर फिल्मे नहीं बन पाती हैं।
भट्ट ने कहा, ‘हम फिल्मकार इसलिए बनते हैं, ताकि हम अपनी कहानियां सुना सकें। दुर्भाग्य से हम अर्थव्यवस्था के कारण फंस गए हैं। हम केवल ऐसी फिल्म बना सकते हैं, जिसे कोई स्टार करना चाहता है, जिसका कोई निर्माता निर्माण करना चाहता है। इसकी नतीजा यह होता है कि हम ऐसी कहानियां नहीं लिख पाते जो हम करना चाहते हैं।’’
उन्होंने सोनी एलआईवी की तारीफ करते हुए गकहा कि वे ऐसा विचार लेकर सामने आए। उनके संग्रह की एक कहानी भी इस शो का हिस्सा है।
विक्रम ने आगे कहा, ‘आजकल हर कोई कह रहा है कि फिल्म बनाना काफी महंगा होता जा रहा है। मैं ऐसे ट्वीट्स और बातें पढ़ता रहता हूं कि उद्योग को फिल्म बनाने के लिए काफी अधिक धन की जरूरत होती है। इसलिए इस समय मैं सामने आकर कहता हूं कि ‘चलो, वेब की तरफ चलें’।’
भट्ट अपनी हॉरर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनका कहना है कि उन्हें पौराणिक कहानियां काफी पसंद आती हैं, खासकर भगवान कृष्ण से जुड़ी कहानियां।

फिल्मों में महिलाओं की इमेज को लेकर ऋचा को है ये शिकायत

0

बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा का मानना है कि बॉलीवुड की सभी फिल्मों में महिलाओं के किरदार को अच्छा नहीं दिखाया जाता। उन्होंने एक चर्चा में कहा, ‘मनोरंजन जगत में बनने वाली सभी फिल्मों में महिलाओं के अच्छे किरदार को नहीं दर्शाया जाता। हालांकि बॉलीवुड में काफी अच्छी फिल्में भी बनी हैं।’
ऋचा का कहना है कि बॉलीवुड में ऐसे समझदार लोग भी है, जो महिलाओं, बच्चों के खिलाफ हिंसा या तस्करी को सहन नहीं करते। उन्होंने मुंबई में एक ‘जेंडर बेस्ड वॉयलेंस इन इंडिया’ के विषय पर हुई चर्चा में हिस्सा लिया था। ऋचा ने इस बात पर ध्यान दिया कि किस प्रकार कई लोग महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर खुल के चर्चा करने के बजाए अपनी बेटियों इनके साथ जीने देते हैं। उन्होंने अपने साथ हुई उस घटना का भी जिक्र किया, जिसने उन्हें काफी प्रभावित किया।
ऋचा ने कहा, “मैं ‘मैं और चार्ली’ की शूटिंग कर रही थी, जब मेरी किशोर पुनर्वास केंद्र में एक लड़के से मुलाकात हुई। उसे अपनी पड़ोस की 11 साल की लड़की से दुष्कर्म के आरोप में यहां लाया गया था। उसने काफी आराम से अपने अपराध के बारे में बात की।’ उन्होंने कहा कि इस प्रकार के लोग पुनर्वास केंद्र में रहकर भी नहीं सुधर सकते।

'बार-बार देखो' की अच्छी ओपनिंग के बाद दरगाह पहुंची कैटरीना

0

बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ सोमवार सुबह फतेहपुरसीकरी हजरत चिश्ती के मजार पर पहुंची। वहां उन्होंने मनोती का धागा बांधा और चादर पोशी की। आपको बता दें कि कैटरीना हमेशा अपनी फिल्म से पहले दरगाह जाती हैं। लेकिन इस बार वो अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘बार-बार देखो’ की रिलीज के लगभग 4 दिन बाद (12 सितंबर) सोमवार को दरगाह गईं। कह सकते हैं कि इस बार शायद फिल्म रिलीज से पहले प्रमोशन के चलते उन्हें वक्त नहीं मिल पाया हो।
गौरतलब है कि ‘बार-बार देखो’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत करते हुए भारत में दो दिनों में (शुक्रवार और शनिवार को) 14.46 करोड़ रुपए की कमाई की है।

हाई स्‍पीड टैल्‍गो ट्रेन : सपने को पटरियों पर हकीकत बनने में लगेगा अभी वक्‍त

0

स्‍पेनिश टैल्‍गो ट्रेन ने दिल्‍ली-मुंबई की निर्धारित 12 घंटे की यात्रा को 18 मिनट रहते हुए भले ही पूरा कर लिया हो लेकिन भारतीय रेलवे का हिस्‍सा बनने में इसे कम से एक साल का वक्‍त लगेगा. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इसको कमर्शियल रूप से हरी झंडी देने से पहले सुरक्षा मानकों समेत कई मुद्दों का पहला निपटारा करना होगा.
इसके ट्रायल रन के डाटा का विश्‍लेषण भारतीय रेलवे द्वारा करने के बाद उसे स्‍वतंत्र निकाय रेलवे सुरक्षा कमिश्‍नर के पास भेजा जाएगा. उनके द्वारा संतुष्‍ट होने और इसे हरी झंडी देने के बाद ही रेलवे अंतिम बाधा के निपटाने के लिए इसकी खरीद प्रक्रिया शुरू करेगी.
इस संबंध में रेलवे के प्रवक्‍ता अनिल सक्‍सेना का कहना है, ”हमने इस संकल्‍पना को साबित कर दिया है कि उस स्‍पीड को हासिल कर सकते हैं. अब डाटा का विश्‍लेषण किए जाने की जरूरत है.” रेलवे इसके टेक्निकल और स्‍पीड टेस्‍टों के नतीजों को मिलाकर अध्‍ययन करने के बाद ही टैल्‍गो कोचों की खरीद पर निर्णय करेगा.
सूत्रों के मुताबिक फिलहाल इस वक्‍त रेलवे, टैल्‍गो से कोचों को लीज पर लेने पर विचार कर रहा है. दूसरे विकल्‍प में इनके कमर्शियल उपयोग के लिए निजी कंपनियों को इन स्‍पेनिश कोचों की खरीद की अनुमति देने का भी प्रस्‍ताव है.
उल्‍लेखनीय है कि दिल्‍ली और मुंबई का रेलवे ट्रैक करीब 1400 किमी दूरी कवर करता है. फिलहाल राजधानी एक्‍सप्रेस 16 घंटे में इस दूरी को तय करती है. रेलवे इस यात्रा के समय को और कम करना चाहती है. इसीलिए ट्रायल रन के लिए इसके नौ सुपर लाइटवेट कोचों को मंगाया गया.
गौरतलब है कि मई से टैल्‍गो कोचों का ट्रायल रन चल रहा है और इस दौरान इसने कई टेस्‍टों को पास किया. इसका पहला ट्रायल रन यूपी में बरेली-मुरादाबाद रेल रूट पर किया गया. उसके बाद उत्‍तर-मध्‍य रेलवे के पलवल-मथुरा सेक्‍शन में ट्रायल रन किया गया.