Home Blog Page 585

योग सनातन है, पहले भी था, आज भी है और हमेशा रहेगा: CM धामी

0

•मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ किया

•पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वन मंत्री सुबोध उनियाल सहित कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद

ऋषिकेश, 1 मार्च, 2023। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि योग सनातन है, पहले भी था आज भी है और हमेशा रहेगा। धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने पूरी दुनिया में योग को ले जाने का काम किया और भारत की ऐसी प्राचीन विधियां सबके लिए उपयुक्त है इसलिए आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि ही नहीं बल्कि योग और वेलनेस का भी उत्कृष्ट केंद्र है। सरकार का भी प्रयास है कि प्रदेश में ऐसे अनेक योग व वेलनेस केंद्रों का विकास हो। पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित योग महोत्सव भी इस दिशा में उठाया गया कदम है। योग ने उत्तराखंड के लोगों को देश विदेश में नई पहचान दी है। केंद्र सरकार ने भी योग के लिए काम कर रहे उत्तराखंड के लोगों को सम्मानित किया है। श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य में जी 20 सम्मेलन कराने का निर्णय किया है जो राज्य के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज जब भारत, विश्व को योग का संदेश दे रहा है; ऐसे में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का महत्व और भी बढ़ जाता है। यूं तो ऋषिकेश की नैसर्गिक सुंदरता भी ऐसी है कि लोग खुदबखुद यहां प्रकृति का आनंद लेने के लिए आ जाते हैं, लेकिन योग महोत्सव के दौरान यह सौंदर्य और आनंद अपने चरम को छू लेता है। वसंत ऋतु में जहां एक और आसपास की वादियों के पुष्पों की खुशबू से वातावरण महक उठता है वहीं दूसरी ओर मां गंगा का पवित्र जल इन दिनों और भी स्वच्छ और निर्मल हो जाता है। श्री धामी ने इस अवसर पर गंगा सेतु का विस्तार करने की घोषणा की।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि योग नगरी ऋषिकेश की ख्याति अब पूरी दुनिया में फैल चुकी है। यहां का जो वातावरण है वो योग का वातावरण है। उन्होंने कहा कि आज योग का प्रचार भारत की सीमाओं को लांघता हुआ पूरी दुनिया में फैल चुका है। चीन का मार्शल आर्ट भारत के योग से ही प्रभावित है। माननीय प्रधानमंत्री ने योग को यूनाइटेड नेशन में मान्यता दिलाई जिसकी वजह से पूरी दुनिया में योग का प्रभाव हो रहा है। योग को दुनिया ने अपनाया है। महाराज ने कहा कि योग के प्रचार प्रसार के लिए निश्चित तौर पर हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। इस महोत्सव के माध्यम से योग साधकों को अनेक विधाएं सीखाई जाएगी।

7 मार्च 2023 तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में योग की जहां बारीकियों को सीखने का मौका मिलेगा, वहीं मन की शांति और स्वस्थ शरीर का अनोखा अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही यहां आने वाले योग साधक नृत्य, संगीत के साथ-साथ योग के विभिन्न आयामों पर भी चर्चा का लुत्फ भी उठा सकेंगे। हर साल की भांति इस साल भी धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गूंज होगी। इस अवसर पर वित्त मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, वन मंत्री सुबोध उनियाल, सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे, पदमश्री शिवानंद जी, पद्मश्री रजनीकांत जी, ऋषिकेश की महापौर अनीता ममगाई, नगर पालिका अध्यक्ष मुनि की रेती रोशन रतूड़ी आदि गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

बॉक्स

औपचारिक उद्घाटन से पहले योग महोत्सव के कार्यक्रमों की शुरुआत आज सुबह हुई। सबसे पहले छह प्रसिद्ध योग संस्थानों ईशा फाउंडेशन, आर्ट ऑफ लिविंग, राममणि अयंगर स्मृति योग संस्थान, कैवल्यधाम, कृष्णमाचार्य योग मंदिरम और शिवानंद योगा स्कूल के प्रशिक्षकों की मौजूदगी में साधकों के लिए योग शिविरों का आयोजन किया गया। तत्पश्चात आर्ट ऑफ लिविंग ने ध्यान सत्र का आयोजन किया। आर्ट ऑफ लिविंग की ही तरफ से डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया। शाम को औपचारिक उद्घाटन के बाद प्रसिद्ध रेत कलाकार नीतीश भारती ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके अलावा गंगा आरती का आयोजन भी किया गया। योग साधकों के लिए सात दिन की दिनचर्या तय रहेगी और अलग-अलग विषयों पर साधकों को प्रशिक्षिण दिया जाएगा। प्रतिदिन सुबह योग सत्र आयोजित किए जायेगें।

बाइक टैक्सी सर्विस बैन, डिलीवरी बॉय का कटा 15 हजार का चालान, कंपनी ने उठाया ये कदम

0

नई दिल्ली, पीटीआई। फूड डिलीवरी करने वाले ऐप स्विगी और जोमेटो ने दिल्ली सरकार से उनके दोपहिया वाहनों के चालान काटे जाने पर शिकायत की है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार ने बाइक टैक्सी सर्विस पर प्रतिबंध लगा दिया है। बाइक टैक्सी सर्विस के बीच फूड की डिलीवरी करने वाले स्विगी और जोमैटो के दोपहिया वाहनों के चालान काटने की बात सामने आई है।

अब फूड डिलीवरी करने वाले प्लेटफॉर्म्स ने इस निर्देश पर दिल्ली सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही दावा किया गया है कि बाइक टैक्सी सर्विस के बैन पर जारी नोटिस की गलत व्याख्या की गई है। स्विगी ने सरकार को लिखे पत्र में कहा है कि बाइक टैक्सी सेवाओं पर प्रतिबंध की आड़ में फूड डिलीवरी करने वालों पर 15,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है।

आगे बताया गया कि इसने हमारे डिलीवरी अधिकारियों के बीच डर और आशंका पैदा कर दी है। प्रवक्ता ने कहा कि हम सरकार के निर्देश पर स्पष्टता के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम करना जारी रखते हैं। मामले पर स्पष्टीकरण की मांग करते हुए, ज़ोमैटो ने दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग को लिखे पत्र में कहा है कि आरटीओ अधिकारियों द्वारा अधिसूचना की गलत व्याख्या की गई है।

उन्होंने मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा, “इससे सेवाओं में व्यवधान पैदा हुआ है और डिलीवरी करने वाले एग्रीगेटर्स के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है, जो अब अपनी सेवा प्रदान करने से आशंकित हैं और उन्हें दंडित किए जाने और ड्यूटी के दौरान परेशान किए जाने का डर है।

कोर्ट का अनोखा फैसला, मारपीट के दोषी को दिन में पांच बार नमाज पढ़ने की सजा

0

महाराष्ट्र : नासिक जिले की अदालत का एक अनोखा फैसला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। मारपीट के एक दोषी को कोर्ट ने जेल भेजने के बजाय ऐसी सजा दी, जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो गया। कोर्ट ने दोषी को 21 दिनों तक हर रोज दो पेड़ लगाने और दिन में पांच बार नमाज अदा करने का आदेश दिया है। मारपीट के आरोप में दोषी पाया गया युवक मुस्लिम है। यही कारण है कि उसे दिन में पांच बार नमाज अदा करने को भी कहा गया है।

मजिस्ट्रेट तेजवंत सिंह संधू ने 27 फरवरी को पारित आदेश में कहा कि प्रोबेशन ऑफ ऑफेंडर्स एक्ट के प्रावधानों में एक मजिस्ट्रेट को यह अधिकार दिया है कि वह किसी दोषी को चेतावनी या उचित चेतावनी देकर रिहा कर सकता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वह अपराध नहीं दोहराता है।

अदालत ने कहा कि मौजूदा मामले में केवल चेतावनी ही काफी नहीं होगी और यह महत्वपूर्ण है कि दोषी अपनी  दोषसिद्धि को याद रखे ताकि वह इसे न दोहराए। कोर्ट के आदेश में कहा गया है, ‘मेरे अनुसार, उचित चेतावनी देने का मतलब यह समझना है कि अपराध किया गया था। आरोपी को दोषी साबित कर दिया गया है और वह इसे याद रखे ताकि वह फिर से अपराध न दोहराए।’

30 साल के रऊफ खान पर 2010 के एक मामले में एक व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला करने और सड़क दुर्घटना के विवाद में उसे चोट पहुंचाने के आरोप लगा था। इस मामले में अदालत ने उसे दोषी ठहराया। सुनवाई के दौरान खान ने कहा था कि वह नियमित नमाज नहीं पढ़ते हैं। इसे देखते हुए कोर्ट ने उन्हें 28 फरवरी से शुरू होकर 21 दिनों तक दिन में पांच बार नमाज अदा करने, सोनापुरा मस्जिद परिसर में दो पेड़ लगाने और पेड़ों की देखभाल करने का आदेश दिया।

खान पर IPC की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 325 (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग करने के लिए जानबूझकर अपमान) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। अदालत ने खान को आईपीसी की धारा 323 के तहत दोषी ठहराया और उन्हें अन्य आरोपों से बरी कर दिया।

माफिया अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन के आवास पर चला बुलडोजर

0

प्रयागराज : उमेश पाल हत्याकांड में पूर्व सांसद अतीक अहमद के करीबियों पर एक्शन चल रहा है। प्रयागराज में अतीक के करीबियों पर बुलडोजर चल रहा है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण अवैध संपत्ति पर कार्रवाई कर रहा है। प्रयागराज के धूमनगंज थाना इलाके के कालिंदीपुरम कसारी मसारी में यह कार्रवाई चल रही। मौके पर भारी फोर्स मौजूद है। PDA के अफसर मौके पर हैं। चकिया कसारी मसारी स्थित शाइस्ता परवीन के आवास पर PDA का बुलडोजर कार्रवाई कर रहा है।

इस दौरान कई थानों की फोर्स RAF के जवान और पीडीए के कर्मचारी मौजूद हैं। कार्रवाई के दौरान रास्ते को दोनों तरफ से सील कर दिया गया है। इस दौरान किसी को आने जाने नहीं दिया जा रहा है। घर से पीडीए के कर्मचारियों ने समान बाहर निकाल दिया है। विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या के मामले में शाइस्ता परवीन, अतीक अहमद, इनके पुत्रों और अतिक के भाई अशरफ समेत दर्जन भर लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन फरार है। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। चकिया में वह अपनी जिस बहन के घर रहती हैं, वहां से वह घटना के दूसरे दिन ही निकल गईं थीं। उसके पास शाइस्ता का कुछ पता नहीं है। इस मामले में अफसरों का कहना है कि नामजद सभी लोगों की तलाश की जा रही है। शाइस्ता भी उनमें से एक हैं।

केजरीवाल ने इन मंत्रियों को सौंपे मनीष सोसोदिया के विभाग

0

दिल्ली : केजरीवाल सरकार के मंत्री कैलाश गहलोत और राजकुमार आनंद को नए विभागों की ज़िम्मेदारी देने के सीएम केजरीवाल के प्रस्ताव को उपराज्यपाल ने मंज़ूरी दे दी है.

कल CM केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया के 18 विभागों में से 8 विभाग कैलाश गहलोत को और 10 विभाग राजकुमार आनंद को देने का फ़ैसला किया था और इसकी फाइल LG को भेजी थी.

उत्तराखंड : युवा कांग्रेसियों ने किया CM का विरोध, पुलिस से झड़प, कई गिरफ्तार

0

हल्द्वानी : CM पुष्कर सिंह धामी का हल्द्वानी में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। हालांकि पुलिस ने CM के वहां पहुँचने से पहले है युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था। बुद्ध पार्क में सुबह से ही युवा कांग्रेसी जुटने लगे थे। भारी संख्या में पुलिस बल भी बुद्ध पार्क के पास मौजूद रहा।

मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह और सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी भी मौजूद थे। कुछ ही देर बाद पुलिस ने युवा कांग्रेसियों को पार्क के अंदर से पकड़ना शुरू किया और बाद में दो बसों में भरकर उन्हें ले गए। इस दौरान पुलिस और युवा कांग्रेसियों के बीच कई बार धक्का-मुक्की की भी नौबत आ गई।

नकल विरोधी अध्यादेश को लेकर सीएम का आभार जताने के लिए भाजयुमो आभार रैली का आयोजन करने जा रही है। राम लीला मैदान में आयोजित होने वाले इस रैली में सीएम धामी शामिल होंगे।

उत्तराखंड : आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में होगी बारिश

0

देहरादून : मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार आज से पश्चिमी विक्षोभ के फिर सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है| राज्य के अन्य जिलों के कुछ स्थानों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है| तीन मार्च को छोड़कर बाकी दिनों में बारिश की संभावना बनी रहेगी।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चौबीस घंटे में चमोली, उत्तरकाशी, देहरादून, बागेश्वर, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक कुछ इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना है।

अलर्ट के अनुसार राजधानी दून और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में तेज गर्जना के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। दून में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री बने रहने की संभावना है।

राज्य में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगस्तमुनि, जखोली, मुन्स्यारी, ऊखीमठ, धारचूला जैसे इलाकों में मंगलवार को बारिश हुई। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिली। इससे मैदान से लेकर पहाड़ तक पारा गिर गया।

नए लुक में राहुल गांधी, कटवा ली दाढ़ी, ऐसे आए नजर

0

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपने लंबे बाल और दाढ़ी वाले लुक में दिखने के बाद राहुल गांधी का नया लुक सामने आया है। यह लुक उन्होंने लंदन में कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही रखा है। सोशल मीडिया पर जो तस्वीर वायरल हो रही हैं, उनमें राहुल गांधी को छोटे बाल और ट्रिम्ड दाढ़ी-मूछों में देखा जा सकता है। राहुल यहां अपनी ट्रेडमार्क सफेद टी-शर्ट की जगह कोट-टाई में नजर आए। उनका यह लुक सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।

गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ब्रिटेन की हफ्तेभर की यात्रा पर हैं। यहां वे कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में एक संबोधन देंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। कैंब्रिज जज बिजनेस स्कूल’ (कैम्ब्रिज जेबीएस) में विजिटिंग फेलो के तौर पर राहुल ’21वीं सदी में सुनना-सीखना’ विषय पर व्याख्यन देंगे।

कैंब्रिज जेबीएस ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘‘हमारे कैम्ब्रिज एमबीए कार्यक्रम को भारत के अग्रणी विपक्षी नेता और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी का स्वागत करके बहुत खुशी हुई। ट्वीट में कहा गया, ‘‘वह आज ‘21वीं सदी में सुनना सीखना’ विषय पर कैम्ब्रिज जेबीएस के विजिटिंग फेलो के तौर पर बोलेंगे।

फोटो खिंचाने के लिए भिड़े BJP के दो विधायक…VIDEO

0

बिहार : विधानसभा में बजट पेश होने के बाद BJP के दो विधायक आपस में भिड़ गए। मीडिया के सामने बजट पर प्रतिक्रिया देने के समय BJP के दो विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। एक-दूसरे को विधायकों ने भाषाई मर्यादा में रहने की नसीहत भी दे डाली। सोशल मीडिया पर विधायकों के बीच तू-तू, मैं-मैं की घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। राजद ने भी वीडियो शेयर कर चुटकी ली है।


BJP विधायक संजय सिंह अरुण सिन्हा पर भड़क गए। उन्होंने अरुण सिन्हा को कोहनी मारने पर टोका। इसपर अरुण सिन्हा बिपर पड़े। उन्होंने कहा कि जरा भाषा पर कंट्रोल रखिए। संजय सिंह बोले कि आप सीनियर हैं, तो सीनियर की तरह रहिए। दोनों विधायकों के बीच कैमरे के सामने आने के लिए बहस होने लगी।

मामला बढ़ता देख नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा को बीच-बचाव में आना पड़ा। उन्होंने दोनों विधायकों को समझाया और अरुण सिन्हा को पकड़कर किनारे किया। इस दौरान पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। माइक भी ऑन था, इसलिए नोकझोंक की आवाज भी साफ सुनाई दे रही है।

राजद ने घटना का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया और लिखा कि बिहार विधानसभा में फोटो खिंचाने के लिए बीजेपी के दो वरिष्ठ विधायक आपस में ख़ूब लड़े। अगर कैमरा और गोदी मीडिया नहीं हो तो BJP इस देश में दो सर्वाइव नहीं कर पाएगी, यह बात भाजपाई समझते है इसलिए फोटो के लिए झगड़ते है।

भारत की आधी टीम 56 रन के स्‍कोर पर आउट

0

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच आज इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा  ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत और ऑस्‍ट्रेलिया दोनों ने इंदौर टेस्‍ट के लिए अपनी प्‍लेइंग 11 में दो-दो बदलाव किए हैं।

भारत ने केएल राहुल और मोहम्‍मद शमी की जगह शुभमन गिल  व उमेश यादव को प्लेइंग-11 में मौका दिया है। वहीं ऑस्‍ट्रेलिया ने पैट कमिंस और मैट रेनशॉ की जगह कैमरन ग्रीन व मिचेल स्‍टार्क को शामिल किया है।

टीम इंडिया पहले ही सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है। भारतीय टीम की कोशिश सीरीज 3-0 से अपने नाम करते हुए विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह पक्‍की करने की होगी।

दोनों टीमों के बीच टेस्ट फॉर्मेट में आंकड़ों की बात करें तो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 104 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें टीम इंडिया ने 32 और ऑस्ट्रेलिया ने कुल 43 मैच अपने नाम किए। एक मैच टाई और 28 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

भारत में दोनों टीमें ने 52 टेस्ट में एक-दूसरे का आमना-सामना किया हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 23, तो ऑस्ट्रेलिया ने 13 मैचों में जीत हासिल की। 15 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे और एक मैच टाई रहा। वहीं, इंदौर के होलकर स्टेडियम में दोनों टीमें पहली बार टेस्‍ट में आमने-सामने हुई हैं।