Home Blog Page 538

नवजात की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री ने दिये जांच के आदेश

0

देहरादून : अल्मोड़ा में सरकारी अस्पताल से रेफर नवजात की हायर सेंटर ले जाते समय हुई मौत के प्रकरण को सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मामले में परिजनों को सख्त कार्रवाई का भरोसा देते हुये स्वास्थ्य महानिदेशक एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा को प्रकरण की जांच के आदेश दिये हैं, डॉ. रावत ने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महानिदेशक से एक सप्ताह के भीतर प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

अल्मोड़ा जिला के फलसीमा निवासी आरती आर्या के नवजात शिशु की मौत का संज्ञान लेते हुये सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने इसे दुःखद घटना बताया है। मीडिया को जारी बयान में डॉ. रावत ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये जिलाधिकारी व विभागीय स्तर पर अलग-अलग जांच कराई जायेगी। जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा उसके विरूद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।

इस तरह की घटना को कतई भी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महानिदेशक को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिये गये हैं। रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो तथा अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज के उपचार में लापरवाही न हो सके।

महिला पर हाथी का हमला, अस्पताल में भर्ती

0

कोटद्वार : हाथी ने महिला पर हमला कर पटक दिया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सनेह कोटड़ीढांग निवासी महिला सुलोचना देवी (55) पत्नी स्व. पुष्कर सिंह मंगलवार सुबह जंगल में चारा पत्ती लेने गई थी।

साथी महिलाओं के चिल्लाने पर भागा हाथी इस दौरान अचानक झाड़ी से निकलकर हाथी ने महिला पर हमला कर दिया। हाथी ने पहले महिला को दौड़ाया उसके बाद सूंड से उठाकर पटक दिया। साथी महिलाओं के चिल्लाने पर हाथी भाग गया।

साथी महिलाओं ने तुरंत हादसे की सूचना वन विभाग और परिजनों को दी। परिजनों ने महिला को गंभीर हालत में बेस अस्पताल में भर्ती कराया है। रेंजर डीएन ध्यानी ने बताया कि हाथी के हमले में महिला घायल हुई है। महिला का इलाज चल रहा है।

आर्मी के बेस अस्पताल में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

0

दिल्ली के कैंट इलाके में स्थित आर्मी बेस अस्पताल में आग लगने की खबर है। बताया जा रहा है कि ग्राउंड फ्लोर पर बने आईसीयू के स्टोर रूम में आग लगी है। सूचना मिलने के तुरंत बाद, आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गांड़ियां मौके पर पहुंची हैं और आग पर काबू पाने का काम किया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वाग पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रह है।

‘द केरल स्टोरी’ : पश्चिम बंगाल में बैन, यूपी ने की ‘टैक्स फ्री’

0

उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी में द केरल स्टोरी फिल्म को टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है. इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ स्पेशल स्क्रीनिंग भी देख सकते हैं. उत्तर प्रदेश में ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म को टैक्स फ्री किया जाएगा. इससे पहले मध्य प्रदेश में फिल्म को टैक्स फ्री किया गया था.

 पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी ने इसे बैन कर दिया है. इस फिल्म को लेकर लगातार राजनीति बढ़ती जा रही है. तमिलनाडु में भी फिल्म की स्क्रीनिंग न करने का फैसला सिनेमाहॉल की ओर से लिया गया है. उत्तर प्रदेश दूसरा राज्‍य है, जहां इसे टैक्‍स फ्री किया जाएगा. मध्‍य प्रदेश में इसे टैक्‍स फ्री किया जा चुका है.

इससे पहले पश्चिम बंगाल में इस फिल्‍म को दिखाने पर तुरंत रोक लगा दी गई है. वहां फिल्म दिखाने वाले किसी भी सिनेमाघर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. यह फिल्म ट्रेलर के बाद मुश्किल में पड़ गई, जिसमें दावा किया गया था कि केरल की 32,000 लड़कियां लापता हो गईं हैं.

फिल्म डायरेक्टर सुदिप्तो सेन के निर्देशन में बनी ‘द केरल स्टोरी’ शालिनी, नीमा और गीतांजलि नाम की लड़कियों पर आधारित है, जो नर्स बनने का सपना लिए घर से दूर एक कॉलेज में आती हैं, जहां उनकी मुलाकात आसिफा से होती है. आसिफा एक फंडामेंटलिस्ट है और जैसे-जैसे फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे यह पता चलता है कि वह आईएसआईएस के लिए लड़की भेजने का काम करती है. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे आसिफा अपने साथियों की मदद से उन तीन लड़कियों का ब्रेनवॉश करके उन्हें अपना धर्म बदलने के लिए उकसाती है.

मध्य प्रदेशमें बड़ा हादसा, पुल से नीचे गिरी बस, 15 लोगों की मौत

0

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक सड़क हादस में 15 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे हुआ। बताया जाता है कि श्रीखंडी से इंदौर जा रही बस दंसवा, डोंगरगांव के बीच बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। बस ओवरलोड थी।

घटना की सूचना मिलने पर  एसपी, कलेक्टर और विधायक मौके पर पहुंचे हैं। वहीं, घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पहुंचे विधायक रवि जोशी से चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि यहां से रोजाना बसें ओवरलोड होकर तेज रफ्तार में गुजरती है। कई बार हमने बस वालों को टोका, लेकिन वो दादागिरी करने लगते हैं।

क्रू मेंबर को मिली धमकी, कहानी दिखाकर अच्छा नहीं किया, पुलिस ने दी सुरक्षा

0

फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के क्रू मेंबर को एक अज्ञात नंबर से धमकी मिली है। मुंबई पुलिस के अनुसार फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ के निर्देशक सुदीप्तो सेन ने पुलिस को बताया कि क्रू मेंबर्स में से एक को एक अनजान नंबर से मैसेज आया। पुलिस ने कहा कि संदेश ने उक्त व्यक्ति को घर से अकेले बाहर नहीं निकलने की धमकी दी और कहा कि उन्होंने कहानी दिखाकर अच्छा काम नहीं किया।

पुलिस ने चालक दल के सदस्य को सुरक्षा प्रदान की लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई क्योंकि उन्हें अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार ने 8 मई को “शांति बनाए रखने” और राज्य में “नफरत और हिंसा” की घटनाओं से बचने के लिए फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ पर प्रतिबंध लगा दिया।

ममता ने कहा कि राज्य में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए फिल्म पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस फिल्म में दिखाए गए सभी दृश्य राज्य की शांति व्यवस्था के लिए खतरनाक हो सकते हैं।  प्रतिबंध पर प्रतिक्रिया देते हुए फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने कहा कि वे इस फैसले के खिलाफ कानूनी विकल्प अपनाएंगे। शाह ने कहा कि अगर राज्य सरकार हमारी बात नहीं सुनेगी, तो हम कानूनी रास्ते तलाशेंगे। हालांकि, हम जो भी रास्ता अपनाएंगे, वह कानूनी सलाह पर आधारित होगा।

जानें कब जारी होगा CBSE 10वीं-12वीं का रिजल्ट

0

CBSE 10वीं-12वीं के नतीजे जारी होने वाले हैं। बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो रिजल्ट इसी हफ्ते में जारी किया जा सकता है। अगर इस साल परीक्षा में 1000 छात्र शामिल हुए और इनमें से 800 पास हुए। अब सबसे पहले मेरिट के आधार पर ए+ ग्रेडिंग होगी। 1/8 फॉर्मूले के आधार पर 800 में से पहले 100 स्टूडेंट को ए-1 ग्रेड मिलेगा। अब बाकी बचे 700 छात्रों के लिए फिर 1/8 का फॉर्मूला लागू होगा और करीब 88 छात्रों को ए-2 ग्रेड देगा।

अब बचे 612 छात्र में से 76 छात्रों को बी-1 ग्रेड मिलेगा। ऐसे ही बचे हुए बच्चों पर 1/8 का फॉर्मूला लागू किया जाएगा। यानी 67 छात्रों को बी-2 ग्रेड  मिलेगा। ऐसे ही सी-1,सी-2,डी, ई के लिए आगे की ग्रेडिंग की जाएगी। हर ग्रेड के लिए अलग पॉइन्ट दिए जाएंगे। ग्रेडिंग सिस्टम में छात्रों के परिणाम को प्रतिशत के बजाय ग्रेड के रूप में (ए-1 ग्रेड, ए-2, बी1, बी2) जारी किया जाता है। इस कारण छात्रों के लिए अपना अंक प्रतिशत में बदलना थोड़ा कठिन हो जाता है। चलिए इसको आसान तरीके से जानते हैं।

CBSE ने बीते साल कक्षा 12वीं का परिणाम ग्रेडिंग सिस्टम से जारी किया था। परीक्षा परिणाम नौ पॉइन्ट स्केल ग्रेडिंग सिस्टम पर आधारित था। छात्रों के लिए ग्रेडिंग सिस्टम में परीक्षा परिणाम को कैलकुलेट करना थोड़ा कठिन हो जाता है। CBSE की ओर से कक्षा 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी किया जाने वाला है। परिणाम जारी होने के बाद करीब 38 लाख छात्र अपने परिणाम देख सकेंगे।
छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक और डाउनलोड कर सकते हैं। सीबीएसई 10वीं की परीक्षा 15 फरवरी से 21 मार्च तक और 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 05 मार्च तक आयोजित की गईं थीं। सीबीएसई परीक्षाओं में इस साल कुल 38,83,710 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण किया था। इनमें से 21,86,940 कक्षा 10वीं के परीक्षार्थी थे जबकि 16,96,770 कक्षा 12वीं के विद्यार्थी थे।

Whats App कॉल से रहें सावधान! विदेशी नंबर उठाना पड़ सकता है भारी

0

क्या आपको विदेशी नंबरों से वाट्सएप कॉल आते हैं? अगर आपको ऐसे कॉल आ रहे हैं तो आप भी उन लाखों लोगों में से हैं जो WhatsApp कॉल से फ्रॉड का शिकार हो सकते हैं. ऐसे नंबरों से सावधान रहने की जरूरत है न ही उसे उठाने की जरूरत है और न ही ऐसे नंबरों से आने वाले वाट्सएप मैसेज का कोई जवाब देना है. साइबर अपराधियों के निशाने पर अब वाट्सएप के यूजर्स हैं. भारत में करीब 50 करोड़ लोग वाट्सएप का उपयोग करते हैं. दुनिया में सबसे ज्यादा यूजर्स भारत में हैं.

जानकारी के अनुसार इंटरनेशनल नंबर से स्कैम कॉल लोगों को आ रहे हैं. अमूमन ये नंबर वियतनाम, इंडोनेशिया, माली जैसे जगहों से आ रहे हैं. ये कॉल VOIP नेटवर्क के माध्यम से वाट्सएप पर आते हैं. गौरतलब है कि किसी भी देश से कही भी वाट्सएप पर मुफ्त में कॉल की जा सकती है. ऐसे में देश में बैठे फ्रॉड भी इंटरनेशनल नंबर खरीद कर इस तरह के घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.

लोगों के सामने यूट्यूब पर लाइक बटन प्रेस करने जैसा जॉब ऑफर लोगों को आ रहा है. जब लोग इन ठगों के जाल में फंस जाते है तो ऐप इंस्टॉल करने और टेलीग्राम चैनल में शामिल होने के लिए उन्हें कहा जाता है जिसके बाद उनसे ठगी की जाती है. जानकारों का मानना है कि एक बार फ्रॉड होने के बाद कॉल ट्रेस कर पाना बेहद मुश्किल हो जाता है. क्योंकि पुलिस के पास भी इन्हे ट्रेस करना बेहद मुश्किल होता है.

WhatsApp की तरफ से लगातार इसे रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं. वाट्सएप के मासिक इंडिया रिपोर्ट के अनुसार 1 मार्च, 2023 से 31 मार्च  2023 तक फर्जी कॉल से जुड़े 47,15,906 एकाउंट्रस पर पाबंदी लगाई गई है. वहीं Truecaller की रिपोर्ट के अनुसार भारत में एक यूजर को हर दिन औसतन 17 स्पैम कॉल्स आते हैं.रिपोर्ट में कहा गया है कि स्पैम प्रभावित देशों में भारत का नंबर 2020 में भारत अभी 9 वें स्थान पर है.

POCSO में फौरन गिरफ्तारी के नियम, फिर बृजभूषण सिंह को क्यों मिल रही छूट?

0

कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर FIR दर्ज हुए भी 10 दिन बीत चुके हैं। नाबालिग समेत 7 महिला रेसलर्स ने उनके खिलाफ यौन शोषण का केस दर्ज कराया है। इनमें POCSO जैसी गंभीर धाराएं हैं, जिनमें आरोपी को फौरन गिरफ्तार करने के नियम हैं। इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।

बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और सेक्शुअल हैरेसमेंट के केस दर्ज हुए हैं। नाबालिग से होने वाले सेक्शुअल हैरेसमेंट को रोकने के लिए पॉक्सो एक्ट कानून बना है। ये कानून काफी सख्त है। इस केस में आरोपी को पुलिस बेल नहीं दे सकती है। पुलिस सबसे पहले आरोपी को गिरफ्तार करती है और उसके बाद जांच आगे बढ़ाती है।

यूपी के पूर्व DGP विक्रम सिंह के मुताबिक पुलिस गिरफ्तारी से पहले आरोप की सत्यता की जांच कर सकती है। प्राइमरी जांच में पुलिस को आरोप सही लगता है तो आरोपी को गिरफ्तार होने से कोई नहीं रोक सकता है। सुप्रीम कोर्ट के वकील विराग गुप्ता के मुताबिक पॉक्सो कानून में केस दर्ज होने के बाद अपराधों की जांच और उनके ट्रायल के लिए विशेष व्यवस्था बनी है। ऐसे मामलों में गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलने में भी मुश्किल होती है। FIR और गिरफ्तारी के लिए CrPC में कानूनी व्यवस्था बनाई गई है।

केस दर्ज करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 2014 में अरनेश कुमार और बिहार सरकार के मामले में गाइडलाइन बनाई थीं, लेकिन बृजभूषण शरण सिंह के मामले में उनका पालन नहीं हुआ। सुप्रीम कोर्ट में मामला जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। CrPC की धारा-41 और 42 के तहत पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर सकती है।

VIDEO : मौसम विभाग ने दी बड़ी जानकारी, इस दिन तट से टकराएगा मोका तूफान?

0

मौसम विभाग ने साइक्लोन ‘मोका’ को लेकर अलर्ट जारी किया था। अब व‍िभाग ने इस तूफान को लेकर बड़ी जानकारी दी है। IMD के DG मृत्‍युंजय मोहापात्रा ने बताया क‍ि चक्रवाती तूफान 10 मई तक धीरे-धीरे बढ़ेगा और तीव्र होता रहेगा। यह बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग की ओर बढ़ेगा और 12 मई की सुबह तक यह बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी के मध्य भाग के ऊपर होगा।

उन्‍होंने कहा कि हम उम्मीद कर रहे हैं कि यह बंगाल की मध्य खाड़ी के ऊपर एक बहुत ही भयंकर चक्रवाती तूफान बन जाएगा और 12 मई  से यह अपना रास्ता बदल लेगा। इसके बाद इसके बांग्लादेश और म्यांमार तट की ओर बढ़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक देश के कई राज्‍यों में भारी बार‍िश की आशंका जताई है। व‍िभाग के मुताब‍िक, आंध्र प्रदेश, बिहार, पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, केरल, कर्नाटक के दक्षिणी भाग, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कई इलाकों में भारी बारिश होगी। वहीं, नौ और 10 मई को अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि हो सकती है।