Home Blog Page 529

पलामू में ‘निर्भया’ जैसा कांड, पीड़िता के प्राइवेट पार्ट पर 7 टांके, पार कर दीं दरिंदगी की सारी हदें

0

झारखण्ड : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पलामू में गुरुवार की रात एक दलित किशोरी से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता की हालत गंभीर है। आरोपियों ने वहशीपन और दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। पीड़िता का प्राइवेट पार्ट फट गया है। पीड़िता का मेदिनी राय मेडिकल कालेज एंड अस्पताल (MRMCH) में उसका इलाज चल रहा है। सामूहिक दुष्कर्म के दौरान उसका प्राइवेट पार्ट फट गया है। इलाज के दौरान सात टांके लगाए गए हैं। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म के दौरान उसके साथ मारपीट भी की। मारपीट की गवाही उसकी छाती, पीठ और पेट पर जख्म के गहरे निशान दे रहे हैं। दूसरी तरफ इस मामले में पांच आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

बता दें कि हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक किशोरी से गुरुवार की रात सामूहिक दुष्कर्म किया गया। छह युवकों ने दलित किशोरी को उसके घर से अगवा कर खेत में ले गए। इसके बाद दुष्कर्म किया। किशोरी के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने एक आरोपी दिनेश कुमार ठाकुर को पकड़कर पिटाई की। इसके बाद पुलिस के हवाला कर दिया। पांच आरोपी अब भी फरार हैं। पीड़िता की मां ने छह युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

 

पीड़िता का MRMCH मेदिनीनगर में इलाज चल रहा है। किशोरी के प्राइवेट पार्ट में जख्म गंभीर है। इलाज के लिए डॉक्टरों की पांच सदस्यीय टीम बनाई गई है। जिसमें डा. आरके रंजन, डा. विजेता सिंह, डा. जयंत घोष, डा. आशीष और एक अन्य शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, काफी ब्लीडिंग होने से किशोरी की स्थिति गंभीर है। हुसैनाबाद के SDPO पूज्य प्रकाश ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही गिरफ्तार होंगे।

बदलेगा मौसम का मिजाज, जारी किया येलो और ऑरेंज अलर्ट

0
देहरादून : उत्तराखंड में आने वाले तीन दिन बाद एक बार फिर मौसम (weather uttarakhand) करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने 24 मई को प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि की संभावना जताई है। IMD ने कहा कि इस दौरान मैदानी इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इसको देखते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग (weather chardham) की मानें तो 23 मई प्रदेशभर में तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। साथ ही 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। इसके लिए येला अलर्ट जारी किया गया है।

 

24 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में कहीं’कहीं तेज गर्जना के साथ ही आकाशीय बिजली चकने का अनुमान है। औलावृष्टि के साथ ही 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ सकती है। 25 मई के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के अलर्ट को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों और चारधाम तीर्थ यात्रियों के लिए एडवाजरी जारी की है। तीर्थ यात्रियों को मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा पर आने का प्लान बनाने को कहा गया है।

मौसम विभाग की सलाह 

  • ओलावृष्टि वृक्षारोपण, बागवानी और खड़ी फसलों को नुकसान पंहुचा सकती है।
  • खुले स्थानों पर ओलावृष्टि से लोग और मवेशी घायल हो सकते हैं ।
  • कहीं-कहीं बिजली गिरने से जान-माल की हानि हो सकती है।
  • झक्कड़ से कच्चे/असुरक्षित मकानों में हल्के से मध्यम नुकसान होना हो सकता है।
  • पेड़ों के जड़ से उखड़ने व शाखाओं के टूटने का ख़तरा भी बना रहता है।
  • ओलावृष्टि/झक्कड़ से खुले में खड़े वाहन को क्षति पहुंच सकती है।
  • झक्कड़ से फसलों को भी नुक्सान हो सकता है।
  • कटी हुई उपज (यदि खेत में हो) को सुरक्षित स्थान पर रखें ।
  • लोगो को सलाह दी जाती है कि वे गर्जन/ओलावृष्टि/झक्कड़ के समय सुरक्षित स्थानों/पक्के मकानों में रहें, पेड़ो के नीचे और आस-पास ना रहें।
  • गर्जन/आकाशीय बिजली के दौरान बिजली का संचालन करने वाली सभी वस्तुओं से दूर रहें।
  • गर्जन/आकाशीय बिजली/ओलावृष्टि/ झक्कड़ के दौरान जानवरों को बाहर न बांधें । लोगो को सलाह दी जाती है कि वे अपने वाहन को सुरक्षित स्थानों में रखें।

प्लेऑफ में एक स्लॉट के लिए MI और RCB के बीच जंग, ये हैं समीकरण

0

IPL 2023 में प्लेऑफ की जंग रोमांचक हो चली है। चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर और लखनऊ सुपर जाएंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर प्लेऑफ की टिकट पक्की की। अब प्लेऑफ में बस एक सीट बाकी है और आज दो मुकाबलों से उस पर भी फैसला हो जाएगा। रविवार को मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले होने हैं।

अब प्लेऑफ में पहुंचने के लिए MI, RCB और RR के बीच जंग है। इनमें से जो भी टीम क्वालिफाई करेगी, वह चौथे स्थान पर रहेगी। चेन्नई और लखनऊ के अलावा गुजरात टाइटंस भी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम एलिमिनेट हो चुकी है।

मुंबई के 13 मैचों में सात जीत और छह हार के साथ 14 अंक हैं। मुंबई के अंक तो ठीक-ठाक हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट नेगेटिव पॉइंट है। मुंबई का नेट रन रेट -0.128 है। टीम को अगर प्लेऑफ में पहुंचना है तो सबसे पहले वानखेड़े में होने वाले हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में जीत हासिल करनी होगी। फिर यह मनाना होगा कि बैंगलोर गुजरात के खिलाफ अपना मुकाबला हार जाए। इस स्थिति में मुंबई की टीम डायरेक्ट क्वालिफाई कर जाएगी।

ipl table

MI का मैच पहले होना, उस स्थिति में मुंबई अगर हैदराबाद के खिलाफ 80 रन से ज्यादा रन से या फिर चेज करते हुए 11.5 ओवर में जीत हासिल करती है, तभी उसका नेट रन रेट पॉजिटिव हो पाएगा और बैंगलोर के मौजूदा नेट रन से बेहतर हो पाएगा। इसके बाद RCB का मैच है और अगर बैंगलोर की टीम गुजरात से दो-तीन रन से भी जीतती है तो मुंबई की टीम प्लेऑफ से बाहर हो जाएगी और आरसीबी क्वालिफाई कर जाएगी।

बैंगलोर का मैच लीग राउंड का आखिरी मैच है। इस मैच पर न सिर्फ मुंबई बल्कि राजस्थान रॉयल्स की नजरें भी टिकी होंगी। बैंगलोर और गुजरात के बीच आरसीबी के होम ग्राउंड चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच खेला जाना है। इस मैच को बैंगलोर की टीम एक रन से भी जीतने में कामयाब हो पाती है तो प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाएगी और मुंबई-राजस्थान बाहर हो जाएंगे। हारने पर टीम के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। बैंगलोर के फिलहाल 13 मैचों में सात और छह हार के साथ 14 अंक हैं। उसका नेट रन रेट +0.180 है।

अगर बैंगलोर की टीम हारती है और मुंबई ऊपर दिए गए रन से या ओवर में जीतने में कामयाब हो पाती है तो मुंबई आरसीबी-आरआर को पीछे छोड़ते हुए बेहतर रन रेट के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। मुंबई के उतने रन से या उतने ओवर में नहीं जीतती है और बैंगलोर की टीम गुजरात से पांच या इससे ज्यादा रन से हार जाती है या फिर गुजरात की टीम 19.3 ओवर से पहले रन चेज कर लेती है तो राजस्थान का नेट रन रेट बैंगलोर से बेहतर हो जाएगा। इस स्थिति में राजस्थान की टीम मुंबई-बैंगलोर को पीछे छोड़ते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लेगी।

PM मोदी, बाइडन और ऋषि सुनक का यारान, G-7 से आई ख़ास तस्वीरें

0

जापान के हिरोशिमा शहर में जी-7 शिखर सम्मेलन में शनिवार को पीएम मोदी ने कई बड़े नेताओं से मुलाकात की। भारत इस संगठन का हिस्सा नहीं है, लेकिन एक मेहमान देश के तौर पर पीएम मोदी इस शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। यहां उन्होंने दुनियाभर के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की। इनमें अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन से लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक तक शामिल रहे।

G-7 की इस बैठक के दौरान पीएम मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन से भी मुलाकात की। हॉल में बाइडन के प्रवेश करते ही पीएम मोदी ने उनसे गले मिलकर अभिवादन किया, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ बाते भी हुई।

PM मोदी ने इस बैठक में ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक से भी मुलाकात की।

यहां भी दोनों नेताओं ने गले लगाकर एक दूसरे का अभिवादन किया। ब्रिटेन पीएम सुनक ने अपने ट्विटर अकाउंट पर गले मिलने की तस्वीरें भी शेयर की है। पीएम मोदी जी-7 सम्मेलन के लिए जापान में 19 से 21 मई तक रहेंगे, इसके बाद वह एफआईपीआईसी शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पापुआ न्यू गिनी जाएंगे।

CM और डिप्टी CM के साथ 8 विधायक बने मंत्री, पढ़ें पूरी खबर

0

कर्नाटक: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया आज कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु के कांटेरावा स्टेडियम में दोपहर 12ः30 बजे हुआ। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शिरकत की।

8 विधायक बने मंत्री
सिद्धरमैया और शिवकुमार के साथ जिन प्रमुख नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है, उनमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जी परमेश्वर, लिंगायत नेता एम बी पाटिल शामिल हैं। इसके अलावा केजे जॉर्ज, के एच मुनियप्पा, सतीश जरकीहोली, जमीर अहमद खान और रामलिंगा रेड्डी भी मंत्री बनें है। साथ ही कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन कार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।

प्रियांक खरगे
प्रियांक खरगे ने साल 2013 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था। साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने चित्तपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी। 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर प्रियांक खरगे तीसरी बार विधाय बनें हैं। प्रियांक खरगे जिस सीट से अभी विधायक हैं, उस सीट से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे साल 2008 के विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए थे।

केजे जॉर्ज
एचडी कुमारस्वामी की सरकार में केलचंद्र जोसेफ जॉर्ज उद्योग मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कर्नाटक के गृह मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाली थी। साथ ही वीरेंद्र पाटिल सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) परिवहन, खाद्य और नागरिक आपूर्ति और एस बंगारप्पा सरकार में आवास और शहरी विकास के कैबिनेट मंत्री भी थे। केजे जॉर्ज 1968 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए थे।

जी परमेश्वर
कांग्रेस नेता जी परमेश्वर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह कांग्रेस-JDS गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। बता दें कि जी परमेश्वर 6 बार के विधायक हैं। उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव 1989 में लड़ा था।

सतीश जारकीहोली
सतीश जारकीहोली कर्नाटक के प्रभावशाली नायक/वाल्मीकि समुदाय से संबंध हैं और इस परिवार के सदस्यों को बेलगावी जिले में साहूकार कहा जाता है। सतीश जारकीहोली साल 2008 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और तभी से पार्टी के भीतर के पायदानों के माध्यम से ऊपर उठे हैं और कम-से-कम तीन बार मंत्री के रूप अपनी सेवाएं दी हैं।

के एच मुनियप्पा
कम्बदहल्ली हनुमप्पा मुनियप्पा ने लगातार सात बार कोलार लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया है। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाली है।

रामलिंगा रेड्डी
रामलिंगा रेड्डी कर्नाटक के वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष हैं। रामलिंगा रेड्डी ने राज्य के गृह मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाली हैं। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य अहम जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। इंदिरा गांधी और डी. देवराज के गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों से प्रेरित होकर वह कांग्रेस में शामिल हुए थे।

जमीर अहमद खान
कर्नाटक की चामराजपेट व‍िधानसभा सीट से जमीर अहमद खान चार बार के विधायक हैं और नेशनल ट्रैवल्स के मैनेजिंग पार्टनर भी हैं। जमीर अहमद खान पूर्व की कर्नाटक सरकार में हज और वक्फ बोर्ड के मंत्री रह चुके हैं।

एम बी पाटिल
मल्लनगौड़ा बसनगौड़ा पाटिल कर्नाटक के गृह मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा एम बी पाटिल जल संसाधन मंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बता दें कि पाटिल पांचवीं बार चुने गए हैं। वह प्रभावशाली लिंगायत समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।

चतुर्थ केदार रूद्रनाथ, श्री हेमकुंट साहिब और लोकपाल तीर्थ लक्ष्मण मंदिर के कपाट खुले

0

चमोली: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। चारों धामों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस बीच आज चतुर्थ केदार भगवान श्री रूद्रनाथ मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ खोले गए। ग्रीष्मकाल में 6 माह तक मंदिर में भगवान रूद्रनाथ के दर्शन होंगे। पुजारी जनार्दन प्रसाद तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु रूद्रनाथ पहुंचे हैं।

वहीं, प्रसिद्ध गुरूद्वारा हेमकुंट साहिब की यात्रा आज से शुरू हो गयी है। आज सुबह दस बजे जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के उदघोष के बीच गुरूद्वारा श्री हेमकुंट साहिब के द्वार खुल गये हैं। कपाट खुलने के बाद हजारों श्रद्धालुओं ने अरदास की तथा गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ किया।

इस अवसर पर गुरूद्वारा हेमकुंट साहिब ट्रस्ट के पदाधिकारी गण और हजारों श्रद्धालुगण मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि हेमकुंट साहिब के लिए भी श्रद्धालुओं हेतु पंजीकरण अनिवार्य है मार्ग में अभी भी बर्फ जमी है सेना ने बड़ी मशक्कत के बाद हेमकुंट साहिब तक पहुंचने का मार्ग बनाया है।

17 मई को हेमकुंट साहिब गुरुद्वारा ऋषिकेश से राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल अवकाश प्राप्त गुरूमीत सिंह जी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंज प्यारों तथा निशान साहिब को रवाना किया था। बीते शुक्रवार को जत्था घांघरिया पहुंचा था तथा आज सुबह घांघरिया से कपाट खोलने हेतु हेमकुंट पहुंच गया। हेमकुंट साहिब के निकट आज ही प्रसिद्ध श्री लोकपाल तीर्थ लक्ष्मण जी मंदिर के कपाट भी खुल गये है।

सचिवालय की अलमारी में संदिग्ध ट्रॉलीबैग में मिले 2.31 करोड़, 1 किलो गोल्ड बिस्किट

0

जयपुर : जयपुर में एक बेहद चौंकाने वाल अमामला सामने आया है। पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव, मुख्य सचिव उषा शर्मा, डीजीपी उमेश मिश्रा, एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बीती देर रात को बहुत ही लिमिटेड और सलेक्टेड प्रेस और मीडिया की वार्ता बुलाकर मामले की जांच करवाने और विशेष टीम गठित करने की बात कही है। लेकिन इसी मुद्दे पर सवाल खड़े हो गए हैं कि भ्रष्टाचार की यह रकम योजना भवन के बेसमेंट में किसने सूटकेस में भरकर रखी थी।

जानकारी के मुताबिक दो अलमारियों की चाबी कर्मचारियों को काफी समय से नहीं मिल रही थी। जब पुलिस को बुलाकर अलमारियों को खोला गया। तो एक आलमारी में फाइलें मिलीं। जबकि दूसरी आलमारी में लैपटॉप बैग और ट्रॉली बैग मिला। जिसमें बड़ी मात्रा में यह नकदी और सोना बरामद हुआ।

योजना भवन में कई डिपार्टमेंट संचालित होते हैं, लेकिन यह रकम किस डिपार्टमेंट के अफसर या कार्मिक ने आलमारी में छिपाई है, यह देर रात तक पता नहीं चल सका। क्योंकि कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हुआ। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने प्रदेश की गहलोत सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर घेरा है।

योजना भवन में IT डिपार्टमेंट के बेसमेंट में रखी 2 अलमारी को खोलने का प्रयास किया गया। उनमें लैपटॉप बैग और ट्रॉली वाला सूटकेस मिला। बैग में करेंसी नोट थे। तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस मौके पर पहुँची, तो बैग में 2 करोड़ 31 लाख 49 हजार की रकम पाई गई। साथ में 1 किलो गोल्ड बिस्कुट मिला। 500 और 2000 रुपए के इंडियन करेंसी के नोट मिले।

पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की है, जो जांच करेगी कि ये पैसा किसका था ? पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने प्रेस से रूबरू होकर यह जानकारी दी है। ये अलमारी कौनसे डिपार्टमेंट की थी, इसकी बात की जांच चल रही है। क्योंकि कोई भी जिम्मेदारी नहीं ले रहा है। पुलिस ने करीब 7-8 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें ज्यादातर मेंटेनेंस स्टाफ और कर्मचारी हैं।मौके के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। इस रकम और अलमारी की जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं है।

SC कमेटी से क्लीनचिट मिलने के बाद अदाणी ग्रुप के शेयरों में उछाल

0

मुंबई: शेयर बाजार में अदाणी ग्रुप पर सुप्रीम कोर्ट कमेटी की रिपोर्ट के सार्वजनिक होने के बाद ग्रुप की लगभग सभी कंपनियों के शेयरों में आज तेजी देखने को मिली. बता दें कि हिंडनबर्ग केस में सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त की गई कमेटी ने अदाणी ग्रुप को क्लीन चिट दे दी है, और कहा कि पहली नज़र में किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया गया है, तथा SEBI को कीमतों में बदलाव की पूरी जानकारी थी.

अदाणी एंटरप्राइजेस के शेयर में दोपहर 2.30 बजे के करीब 3.89 प्रतिशत बढ़कर कारोबार कर रहे थे. जबकि अदाणी ग्रीन, अदाणी पावर और अदाणी ट्रांसमिशन के शेयरों में अपर सर्किट लग गया. अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में 2.82 प्रतिशत की तेजी दिखी जबकि एडब्लूएल के शेयरं में 6 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी जा रही थी. एनडीटीवी के शेय भी 4.52 प्रतिशत बढ़कर कारोबार कर रहे थे. अंबुजा सीमेंट के शेयरों में भी तेजी देखी जा रही थी. एसीसी के शेयर में भी 1.43 प्रतिशत की तेजी दिख रही थी.

d19qfn6o

हिंडनबर्ग केस में सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त की गई कमेटी ने अदाणी ग्रुप को क्लीन चिट दे दी है, और कहा कि पहली नज़र में किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया गया है, तथा SEBI को कीमतों में बदलाव की पूरी जानकारी थी. हिंडनबर्ग केस की जांच के लिए नियुक्त की गई कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक हो गई, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया कि अदाणी ग्रुप ने शेयरों की कीमतों को किसी भी तरह प्रभावित नहीं किया.

कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार, अदाणी समूह की कंपनियों में गैरकानूनी तरीके से किए गए निवेश के सबूत भी नहीं मिले हैं, संबंधित पार्टी से निवेश में किसी भी तरह के नियमों का उल्लंघन नहीं किया गया है. SC कमेटी ने कहा है कि अदाणी समूह ने लाभ पाने वाले मालिकों के नाम उजागर किए, और SEBI ने भी अदाणी समूह की ओर से दी गई जानकारी को गलत नहीं बताया है. सुप्रीम कोर्ट कमेटी के मुताबिक-अदाणी समूह ने न्यूनतम पब्लिक शेयरहोल्डिंग को लेकर भी कानून का पालन किया.

दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर केंद्र सरकार ने फंसाया पेंच

0

नई दिल्ली: दिल्ली में ट्रांसफर पोस्टिंग के अधिकार को लेकर केंद्र सरकार ने शुक्रवार को नया अध्यादेश जारी किया है. नया अध्यादेश कहता है कि दिल्ली में अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग को लेकर अंतिम फैसला उपराज्यपाल का होगा. केंद्र सरकार यह अध्यादेश सुप्रीम कोर्ट उस फैसले के बाद लाई है जिसमें कोर्ट ने कहा था कि दिल्ली में ट्रांसफर पोस्टिंग के अधिकार दिल्ली सरकार के पास रहेंगे. अब केंद्र ने अपने अध्यादेश के जरिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलट दिया है.

क्या होता है अध्यादेश?
जब सरकार किसी विशेष परिस्थिति से निपटने के लिए कानून बनाना चाहती है तो पहले अध्यादेश लाती है. यह एक तरह का आधिकारिक आदेश होता है. इसे तब लाया जाता है जब सरकार आपातस्थिति में किसी कानून को पास कराने की योजना बनाती है, लेकिन उसे अन्य राजनीतिक दलों का समर्थन नहीं मिल रहा होता. ऐसे में सरकार उस अध्यादेश के जरिए कानून को पास करा सकती है.

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 123 के तहत सरकार के कहने पर राष्ट्रपति द्वारा उस समय अध्यादेश जारी किया जाता है जब सदन में कोई सत्र न चल रहा हो. यह राष्ट्रपति का विधायी अधिकार होता है. एक अध्यादेश की अवधि 6 हफ्ते की होती है. जिसे केंद्र सरकार इसे पास करने के लिए राष्ट्रपति के पास भेजती है.

  • केंद्र सरकार के अध्यादेश में 4 बड़ी बातें कही गई हैं. पहला, दिल्ली में ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए एक नेशनल कैपिटल सिविल सर्विसेज अथॉरिटी बनाई जाएगी.
  • इस अथाॉरिटी में दिल्ली के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और गृह विभाग के सचिव को शामिल किया जाएगा. कोई भी फैसला बहुमत के आधार पर होगा.
  • अथॉरिटी की मीटिंग में अगर मुख्यमंत्री नहीं शामिल होते हैं तो भी बैठक मान्य होगी और अथॉरिटी की सभी सिफारिशें उपराज्यपाल के पास भेजी जाएंगी. और अंतिम फैसला उन्हीं का होगा.
  • हालांकि, यह उपराज्यपाल पर निर्भर होगा कि वो उन सिफारिशों को मानते हैं या नहीं. दिल्ली की विधानसभा के पास केंद्र और राज्य के अधिकारियों को लेकर उस मामले में कोई भी कानून बनाने का अधिकार नहीं होगा.

ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर लम्बे समय से मामला फंसा रहा है. यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा. सुप्रीम कोर्ट ने फैसला आप सरकार के पक्ष में सुनाते हुए कहा कि अफसरों की ट्रांसफर और पोस्टिंग पर दिल्ली सरकार का अधिकार है. कोर्ट ने अपने आदेश में दो बड़ी बातें कहीं. पहली, दिल्ली में कानून व्यवस्था, जमीन से जुड़े मामले, पब्लिक ऑर्डर और पुलिस पर तो केंद्र का अधिकार है, लेकिन अन्य मामलों में प्रशासनिक अधिकार दिल्ली सरकार के पास रहेंगे. सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को दिल्ली की आप सरकार के लिए बड़ी जीत बताया गया.

अब आगे क्या होगा?
अब अगले छह माह के अंदर केंद्र को यह अध्यादेश सदन में पेश करना होगा. अगर ये पारित हो जाता है जो यह कानून में बदल जाएगा. अगर ऐसा नहीं होता है तो यह समाप्त हो जाएगा. हालांकिश् सरकार दोबारा भी अध्यादेश जा सकती है. अगर यह कानून बन जाता है तो सुप्रीम कोर्ट का फैसला नहीं लागू होगा और ट्रांसफर पोस्टिंग के अधिकार उपराज्यपाल के पास आएंगे क्योंकि ऐसे हालात में अंतिम फैसला उन्हीं का मान्य होगा.

कर्नाटक में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण, ये विधायक बनेंगे मंत्री

0

कर्नाटकः कर्नाटक में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया आज कर्नाटक के नए सीएम के तौर पर शपथ लेंगे। वहीं डीके शिवकुमार डिप्टी सीएम के पद की शपथ लेंगे। सीएम और डिप्टी सीएम के साथ मंत्री पद की शपथ लेने वाले नामों का भी खुलासा हो गया है।

जिनमें जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल, सतीश जारकिहोली, प्रियांक खरगे, रामालिंगा रेड्डी और बीजेड जमीर अहमद खान सीएम के साथ मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। मंत्री पद के साथ भी कांग्रेस ने जातीय समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश की है। बता दें कि जी परमेश्वर, प्रियांक खरगे और केएच मुनियप्पा दलित समुदाय से आते हैं।

वहीं केजे जॉर्ज अल्पसंख्यक-ईसाई समुदाय से, एमबी पाटिल लिंगायत समुदाय से, सतीश जारकिहोली एसटी वाल्मिकी वर्ग, रामालिंगा रेड्डी रेड्डी समुदाय से और बीजेड जमीर अहमद खान अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय से आते हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले सिद्धारमैया कुरुबा समुदाय से और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार वोक्कालिगा समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।

मंत्री पद के लिए नाम तय करने में भी कांग्रेस ने पूरा मंथन किया है और डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया शुक्रवार रात को दिल्ली में मौजूद रहे और दोनों ने पार्टी आलाकमान के साथ संभावित मंत्रियों के नामों और उन्हें मिलने वाले विभागों पर चर्चा की। कर्नाटक में सीएम पद के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कई विपक्षी नेताओं को न्योता दिया गया है। कांग्रेस कर्नाटक सीएम के शपथ ग्रहण समारोह के जरिए विपक्षी एकता का संदेश देने का कोशिश कर रही है।

शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु के श्री कांतीरावा स्टेडियम में होगा। साल 2013 में भी सिद्धारमैया ने इसी स्टेडियम में सीएम पद की शपथ ली थी। शपथ ग्रहण समारोह राज्यपाल थावरचंद गहलोत की देखरेख में आयोजित होगा और दोपहर 12.30 बजे से शुरू होगा। शपथ ग्रहण समारोह में जो नेता शामिल होंगे, उनमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

इनके अलावा तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ ही एनसीपी चीफ शरद पवार और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे कर्नाटक सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।