Home Blog Page 285

4 मई को प्रातः 6 बजे खुलेंगे श्री बदरीनाथ धाम के कपाट

0

 नरेंद्र नगर: विश्वप्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष रविवार, 4 मई 2025 को प्रातः 6 बजे भक्तों के दर्शनार्थ खुलेंगे। यह निर्णय परंपरागत रूप से टिहरी राजमहल, नरेंद्र नगर में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान लिया गया।

राजमहल में आयोजित इस शुभ अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी, टिहरी राजपरिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की गई।

इसके साथ ही बदरीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन से पूर्व निकाली जाने वाली तेलकलश (गाडू घड़ा) यात्रा की भी तिथि तय की गई। यह पवित्र यात्रा मंगलवार, 22 अप्रैल 2025 को विधिवत प्रारंभ होगी। इस परंपरा के अंतर्गत बदरीनाथ धाम के अभिषेक के लिए तिल का तेल नरेंद्र नगर राजमहल से लेकर मंदिर तक ले जाया जाता है।

गौरतलब है कि श्री बदरीनाथ धाम हिंदू धर्म के चार प्रमुख धामों में से एक है और हर साल लाखों श्रद्धालु यहाँ दर्शन के लिए आते हैं। कपाट शीतकाल में बंद रहते हैं और वसंत ऋतु में विशेष अनुष्ठानों के बाद खोले जाते हैं। श्रद्धालु इस पावन यात्रा की तैयारियों में जुट गए हैं और चारधाम यात्रा 2025 के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

 

अंतिम नक्सली के आत्मसमर्पण के साथ नक्सल मुक्त हुआ ये गांव

0

बेंगलुरु: कर्नाटक ने नक्सलवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है। राज्य ने शनिवार को अपने अंतिम नक्सली के आत्मसमर्पण के साथ नक्सलवाद के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण विजय प्राप्त की है।

चिक्कमगलुरु के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रम आमटे ने यह घोषणा की कि कोटेहोंडा रवींद्र नामक नक्सली के आत्मसमर्पण के बाद, अब राज्य को आधिकारिक तौर पर नक्सल मुक्त घोषित किया जा सकता है।

कौन है कोटेहोंडा रवींद्र?

44 वर्षीय रवींद्र कर्नाटक के शृंगेरी तालुक के पास कोटेहोंडा गांव का निवासी है। वह वर्षों से जंगलों में रहकर नक्सली गतिविधियों में संलग्न था। सुरक्षा बलों की कड़ी रणनीति और सरकार की पुनर्वास नीति के तहत उसने आत्मसमर्पण का निर्णय लिया।

कैसे हुआ आत्मसमर्पण?

रवींद्र शुक्रवार को शृंगेरी में एसपी विक्रम आमटे के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए पहुंचा। इसके बाद उसे उपायुक्त मीना नागराज के पास ले जाया गया, जहां आत्मसमर्पण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई।

कर्नाटक की नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई

कर्नाटक में नक्सलवाद 1980 के दशक से सक्रिय था, विशेष रूप से चिक्कमगलुरु, दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों के घने जंगलों में इसका प्रभाव देखा गया। राज्य सरकार और पुलिस बलों ने वर्षों तक इस खतरे के खिलाफ अभियान चलाया।

नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने के लिए सरकारी पुनर्वास योजनाओं का भी प्रभाव पड़ा, जिसके तहत कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया और सामान्य जीवन जीने लगे।

सरकार और पुलिस का बयान

एसपी विक्रम आमटे ने कहा, यह कर्नाटक पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए गर्व का क्षण है। वर्षों की कड़ी मेहनत और रणनीति के बाद हम राज्य को नक्सल मुक्त बनाने में सफल हुए हैं। अब यहां शांति और विकास की नई राह खुलेगी।”

उपायुक्त मीना नागराज ने कहा,

“राज्य सरकार नक्सलवाद प्रभावित लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए हरसंभव सहायता दे रही है। रवींद्र का आत्मसमर्पण इस दिशा में एक और बड़ा कदम है।”

दिल्ली चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में बढ़ा सियासी तापमान, केजरीवाल ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी

0

नई दिल्ली, 4 फरवरी: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल पूरे जोश के साथ प्रचार में जुटे हुए हैं, लेकिन इस दौरान एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों का मुद्दा उठाया है।

केजरीवाल की चुनाव आयोग से चार अहम मांगें

अरविंद केजरीवाल ने अपनी चिट्ठी में दिल्ली चुनाव में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग से चार प्रमुख मांगें रखी हैं:

1. नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्र चुनाव पर्यवेक्षक (इंडिपेंडेंट इलेक्शन ऑब्जर्वर) नियुक्त किया जाए, ताकि चुनावी प्रक्रिया पर निष्पक्ष निगरानी रखी जा सके।

2. आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि वे किसी भी दबाव या हिंसा के भय के बिना चुनाव प्रचार कर सकें।

3. ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को तुरंत निलंबित किया जाए, ताकि निष्पक्षता बनी रहे और प्रशासन पर जनता का भरोसा कायम रहे।

4. हमला करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, ताकि चुनावी माहौल में किसी भी तरह की हिंसा को रोका जा सके।

राजनीतिक दलों के बीच बढ़ रहा आरोप-प्रत्यारोप

चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सियासी टकराव और बढ़ता नजर आ रहा है। ‘आप’ ने भाजपा पर धनबल और बाहुबल के इस्तेमाल का आरोप लगाया है, वहीं भाजपा ने भी आम आदमी पार्टी पर गलत दावे करने की बात कही है।

इससे पहले भी आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से दिल्ली में निष्पक्ष चुनाव कराने की अपील की थी। पार्टी ने आरोप लगाया था कि विपक्षी दल चुनाव को प्रभावित करने के लिए प्रशासन और पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं।

 

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में पुरस्कार वितरण समारोह में लिया भाग।

0

देहरादून, 1 फरवरी 2025। उत्तराखंड 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेज़बानी कर रहा है, जो राज्य के खेल क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हो रहा है। इस मौके पर उत्तराखंड राइफल संघ द्वारा आयोजित मेडल एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में हुआ।

समारोह में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष, ऋतु खण्डूडी भूषण ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विजेता निशानेबाजों को पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही, उन्होंने निशानेबाजी और अन्य खेलों के प्रति खिलाड़ियों के समर्पण और मेहनत की सराहना की।

इस अवसर पर ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा, “यह गर्व की बात है कि उत्तराखंड 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेज़बानी कर रहा है। यह आयोजन न केवल राज्य की खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा, बल्कि हमारे खिलाड़ियों के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम अपनी युवा पीढ़ी को खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करें और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें।”

इस कार्यक्रम में प्रमुख निशानेबाजों और अन्य खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान आयोजनकर्ताओं ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से राज्य में खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि को बढ़ावा मिलेगा।

उत्तराखंड राइफल संघ के पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य में खेलों को नई दिशा और गति देंगे।

38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन की दिशा में यह कदम एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो राज्य में खेलों के प्रोत्साहन के साथ-साथ खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगा।

इस अवसर पर नारायण सिंह राणा अध्यक्ष उत्तराखंड राइफल संघ, सुभाष राणा महासचिव उत्तराखंड राइफल्स संघ, कलिकेश नारायण अध्यक्ष एन आर ए आई, जेपी नौटियाल अध्यक्ष पी एस ए आई उपस्थित रहे।

बजट 2025 : मिडिल क्लास को बड़ी राहत, टैक्स स्लैब में बदलाव

0

1 फरवरी 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 में मिडिल क्लास को बड़ी राहत देते हुए न्यू टैक्स रिजीम के तहत एक ऐतिहासिक बदलाव का ऐलान किया है। इस बदलाव के अनुसार, अब 12 लाख रुपए तक की वार्षिक आय पर कोई टैक्स नहीं लिया जाएगा। इसके साथ ही, सैलरी क्लास को 75,000 रुपए के स्टैंडर्ड डिडक्शन का भी लाभ मिलेगा, जिससे उनकी कुल 12.75 लाख रुपए तक की आय टैक्स फ्री हो जाएगी।

नए टैक्स स्लैब की घोषणा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह कदम देश के सैलरी क्लास को राहत देने के लिए उठाया गया है, ताकि उनके खर्चों को कम किया जा सके और अधिक बचत की संभावना बनी रहे।

न्यू टैक्स रिजीम के तहत नया टैक्स स्लैब:

  • 4 लाख रुपए तक: शून्य टैक्स
  • 4 लाख रुपए से 8 लाख रुपए तक: 5% टैक्स
  • 8 लाख रुपए से 12 लाख रुपए तक: 10% टैक्स
  • 12 लाख रुपए से 16 लाख रुपए तक: 15% टैक्स
  • 16 लाख रुपए से 20 लाख रुपए तक: 20% टैक्स
  • 20 लाख रुपए से 24 लाख रुपए तक: 25% टैक्स

इस नए टैक्स स्लैब के तहत, 4 लाख रुपए तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लिया जाएगा, और 12 लाख रुपए तक की आय पर जो टैक्स बनेगा, उस पर आम आदमी को टैक्स रिबेट मिलेगा।

वित्त मंत्री ने इस बदलाव को मिडिल क्लास के लिए एक बड़ी राहत बताते हुए कहा कि इससे न केवल सैलरी क्लास को लाभ होगा, बल्कि इससे अर्थव्यवस्था को भी एक मजबूत संजीवनी मिलेगी, क्योंकि अधिक पैसे लोगों के पास रहेंगे, जिससे वे अधिक खर्च कर पाएंगे और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। यह बजट सैलरी क्लास और आम आदमी के लिए एक गेम चेंजर साबित हो सकता है, खासकर टैक्स स्लैब में बदलाव के साथ-साथ 12 लाख तक की आय पर टैक्स छूट मिलने से।

  • टीवी, मोबाइल, इलेक्ट्रिक कारें, और भारत में बने कपड़े सस्ते होंगे: इन वस्तुओं पर टैक्स कम किया जाएगा, जिससे ये उपभोक्ताओं के लिए सस्ती हो जाएंगी।
  • चमड़े से बने सामान सस्ते होंगे: चमड़े से बने उत्पादों पर भी टैक्स में छूट मिलेगी, जिससे उनकी कीमतें घटेंगी।
  • 36 लाइफ सेविंग दवाएं सस्ती होंगी: 36 जरूरी दवाइयों को 100% कस्टम ड्यूटी फ्री किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की लागत में कमी आएगी।
  • एफडीआई सीमा बढ़ी: बीमा क्षेत्र में एफडीआई सीमा 74% से बढ़ाकर 100% की जाएगी।
  • इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का विस्तार: सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की सेवाओं को और बढ़ाएगी।
  • निर्यात संवर्धन मिशन: निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक नया निर्यात संवर्धन मिशन शुरू किया जाएगा।
  • नया इनकम टैक्स बिल: वित्त मंत्री ने घोषणा की कि अगले हफ्ते नया इनकम टैक्स बिल पेश किया जाएगा।
  • गिग कर्मियों के लिए सहायता: एक करोड़ गिग कर्मियों के लिए ई-श्रम मंच पर पहचान पत्र और पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी।
  • परमाणु ऊर्जा मिशन: 20,000 करोड़ रुपये से परमाणु ऊर्जा मिशन शुरू किया जाएगा, जिसका लक्ष्य 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता है।
  • मेडिकल कॉलेज में सीटें बढ़ाई जाएंगी: अगले साल से मेडिकल कॉलेज में 10,000 नई सीटें जोड़ी जाएंगी।
  • बिहार में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट: बिहार में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा और पश्चिमी कोशी नहर के लिए वित्तीय मदद दी जाएगी।
  • स्वच्छ प्रौद्योगिकी मिशन: स्वच्छ प्रौद्योगिकी विनिर्माण को समर्थन देने के लिए एक मिशन शुरू किया जाएगा।
  • 200 डे कैंसर केयर केंद्र: सरकार 200 नए डे कैंसर केयर केंद्र खोलेगी।
  • बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी संस्थान: बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान स्थापित किया जाएगा।
  • AI एक्सिलेंस केंद्र: शिक्षा के लिए AI एक्सिलेंस केंद्र खोले जाएंगे।
  • किफायती आवास की 40,000 इकाइयां: 2025 में किफायती आवास की 40,000 अतिरिक्त इकाइयां पूरी की जाएंगी।
  • संशोधित उड़ान योजना: 120 गंतव्यों को जोड़ने के लिए संशोधित उड़ान योजना शुरू की जाएगी, जिससे 4 करोड़ अतिरिक्त यात्रियों को मदद मिलेगी।

वित्त मंत्री ने बजट भाषण में किए ये एलान…

0

1 फरवरी 2025 को, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट 2025-26 पेश करते हुए किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कृषि उत्पादकता में सुधार, किसानों की आय बढ़ाने और खाद्य उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया।

कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं:

  • सब्जियों, फलों और श्रीअन्न के उत्पादन को बढ़ावा: सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ सब्जियों, फलों और श्रीअन्न का उत्पादन बढ़ाने के लिए नई योजनाएं बनाई हैं। इसके लिए किसान उत्पादक संगठनों और सहकारी समितियों की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
  • मखाना बोर्ड की स्थापना: बिहार में मखानों के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन के लिए मखाना बोर्ड बनाया जाएगा। इस बोर्ड के जरिए किसानों को पथ प्रदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मखाना उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आमदनी बढ़ेगी।
  • कपास मिशन की शुरुआत: कपास उगाने वाले किसानों के लिए कपास मिशन की शुरुआत की जाएगी, जिसका उद्देश्य कपास की लंबी रेशे वाली किस्मों को बढ़ावा देना है। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
  • किसान क्रेडिट कार्ड: किसानों को आसान लोन उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए 7.7 करोड़ किसानों को अल्पकालिक लोन की सुविधा दी जा रही है।
  • यूरिया संयंत्र का विस्तार: यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए असम में यूरिया संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जिसकी क्षमता 12.78 लाख मीट्रिक टन होगी। इससे देश में यूरिया का उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को इसका सुलभता से उपलब्ध होगा।

कृषि उत्पादकता और आत्मनिर्भरता:

वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत 100 जिलों को चुना जाएगा, जहां कृषि उत्पादकता कम है। इस योजना के तहत इन जिलों में उत्पादकता बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं में सुधार, और उपज के बाद भंडारण की क्षमता को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। इससे 1.7 करोड़ किसानों को लाभ होगा।

इसके अलावा, दलहन में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए सरकार छह वर्ष का मिशन शुरू करेगी। इस मिशन का उद्देश्य देश में दलहन उत्पादन बढ़ाना और खाद्य तेलों के उत्पादन को बढ़ावा देना है। इसके लिए नैफेड और एनसीसीएफ तीन प्रकार की दालों की खरीद करेंगे और पंजीकृत किसानों से ये दालें खरीदी जाएंगी।

वित्त मंत्री का बयान: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025-26 को “विकास की रफ्तार बढ़ाने वाला” बजट करार दिया। उनका कहना था कि यह बजट समग्र विकास, निजी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने, घरेलू संवेदनाओं को मजबूत करने और मध्यम वर्ग की खर्च करने की क्षमता को बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है।

BIG NEWS : पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन को लगी गोली

0

दिल्ली: बाहरी उत्तरी दिल्ली के मेट्रो विहार इलाके में शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच एक जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हो गए, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य बदमाश मौके से भागने में सफल हो गए। घायल बदमाशों को पुलिस ने पास के अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि यह कार्रवाई आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर की जा रही थी, जब नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस गश्त पर थी। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गांव खेड़ा खुर्द के बाहरी इलाके में कुछ संदिग्ध लोग गतिविधियां कर रहे हैं। जब पुलिस वहां पहुंची, तो देखा कि 8-9 लोग एक ट्रक में पीवीसी का सामान लोड कर रहे थे।

पुलिस को देख बदमाशों ने भागने की कोशिश की और एक बदमाश ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान तीन बदमाश घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पुलिस यह पता करने की कोशिश कर रही है कि बदमाशों का मंसूबा क्या था और वे किस अपराध में शामिल थे।

इस मुठभेड़ में पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है, क्योंकि यह घटनाक्रम चुनावी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण था। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूरी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि और अपराधियों तक पहुंचा जा सके।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बच्चों के साथ केक काटकर मनाया जन्मदिन, कहा – सेवा ही मेरा संकल्प।

0

नन्हे मुन्ने बच्चे बोले – हैप्पी बर्थडे मंत्री जी

देहरादून, 31 जनवरी 2025। सूबे के सैनिक कल्याण, कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने अपने जन्मदिवस को एक खास और प्रेरणादायक तरीके से मनाया। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें उपहार वितरित किए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा मैने गरीबी को काफी करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि मेरा जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार यही है कि मैं बच्चों के बीच रहूं और जरूरतमंदों की सेवा कर सकूं। उन्होंने कहा कि सेवा ही मेरा संकल्प है और मेरा हमेशा प्रयास रहता है कि समाज के वंचित वर्ग के लिए कार्य करता रहूं। इस दौरान उन्होंने सभी का अपार स्नेह और जन्मदिवस की खुशी में शामिल होने वालों का भी आभार व्यक्त किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पथरिया पीर, बारीघाट और काठबंगला में बच्चों के साथ केक कटिंग सेरामनी हुई और बच्चों ने बहुत आनन्द के साथ हैप्पी बर्थडे मंत्री जी बोलते हुए मिष्ठान ग्रहण किया।

बजट सत्र को विधानसभा भवन देहरादून में कराने का आग्रह सरकार से कर रहे हैं:ऋतु खण्डूडी भूषण

0

देहरादून, 31 जनवरी 2025। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज अपने शासकीय आवास, आर-1, यमुना कॉलोनी, देहरादून में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस वार्ता का मुख्य उद्देश्य ई-नेवा (National e-Vidhan Application) और आगामी पेपरलेस सत्र की तैयारियों से संबंधित विषयों पर चर्चा करना था।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि आगामी बजट सत्र को लेकर देहरादून स्थित विधानसभा सचिवालय पूर्णतः ई-विधानसभा हो गया है । गैरसैंण विधानसभा भवन में अभी कार्य प्रगति पर है इन परिस्थितियों के मध्य नजर बजट सत्र को विधानसभा भवन देहरादून में कराने का आग्रह सरकार से कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि देहरादून विधानसभा सदन में ई-नेवा प्रणाली का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे यह डिजिटल प्रक्रिया के लिए पूरी तरह सक्षम हो गया है। वहीं, गैरसैण विधानसभा में ई-नेवा प्रणाली का कार्य प्रगति पर है। इस संदर्भ में विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने सरकार और माननीय मुख्यमंत्री जी से अनुरोध किया कि आगामी बजट सत्र देहरादून विधानसभा में आयोजित किया जाए ताकि सत्र की कार्यवाही ई-नेवा के माध्यम से सुचारु रूप से संचालित हो सके।

उन्होंने कहा कि पेपरलेस सत्र न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे विधानसभा की कार्यवाही अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगी। ई-नेवा के माध्यम से विधायकों को डिजिटल रूप से सभी दस्तावेज और सत्र से संबंधित जानकारी सुलभ होगी, जिससे विधानसभा कार्यवाही अधिक दक्षता से संपन्न हो सकेगी।

इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विधानसभा अध्यक्ष ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तराखंड विधानसभा डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और राज्य को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए सतत प्रयासरत रहेगी।

उमेश कुमार के समर्थन में प्रदर्शन, पुलिस लाठीचार्ज और पथराव से माहौल गरमाया

0

हरिद्वार, लक्सर: खानपुर विधायक उमेश कुमार के समर्थन में जुटे लोगों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। लक्सर क्षेत्र के गोवर्धनपुर पुलिस चौकी के पास हुए इस घटनाक्रम के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके का फायदा उठाकर पथराव भी किया, जिससे हालात और बिगड़ गए।

सूत्रों के मुताबिक, उमेश कुमार के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन करने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बेरिकेड्स लगाए थे, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक हुई। धीरे-धीरे यह विवाद बढ़ता गया और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ में घुसकर पथराव शुरू कर दिया, जिससे माहौल और गरम हो गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया।

घटना के बाद हरिद्वार SP देहात ने बताया, “हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। कुछ जगहों पर पुलिस ने विधायक समर्थकों को बेरिकेड्स पर रोका था, जिसके चलते हल्की कहासुनी हुई। एक जगह धरना प्रदर्शन भी हुआ, लेकिन अब स्थिति सामान्य है। पुलिस पर पथराव की सूचना भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।”

फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।