Home Blog Page 283

बजे तक 8.10 फीसदी हुआ मतदान… उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे ज्यादा, यहां सबसे कम

0

नई दिल्ली। राजधानी में आज सुबह से ही मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्धारित समय पर मतदान शुरू होते ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। ताजा आंकड़ों के अनुसार, मतदान के शुरुआती घंटों में 8.10 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे ज्यादा मतदान

अब तक के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया है। यहां के मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों पर कतारों में नजर आए। इस क्षेत्र में अधिक मतदान का कारण मतदाताओं की जागरूकता और चुनावी मुद्दों के प्रति उनकी गंभीरता को माना जा रहा है।

यहां हुआ सबसे कम मतदान

दूसरी ओर, राजधानी के कुछ इलाकों में मतदान की गति सुस्त बनी हुई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, नई दिल्ली जिले में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया है। यहां सुबह के समय मतदान केंद्रों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ देखी गई। अधिकारियों का मानना है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हो सकती है।

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चुनाव आयोग की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

शाम तक मतदान प्रतिशत में इजाफे की उम्मीद

राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में इजाफा होगा। चुनाव आयोग भी मतदाताओं से अपील कर रहा है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।

 

10 दिवसीय कौथिग मुम्बई-2025 का हुआ रंगारंग आगाज,

0

04 फरवरी, 2025 मुंबई।

कौथिग हमारे उत्तराखण्डी सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और अपनी जड़ों से जुड़ा रहने का सराहनीय प्रयास है – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

10 दिवसीय मुंबई कौथिग-2024 का रंगारंग आगाज हो चुका है। विगत 31 जनवरी, 2025 को झांसी की रानी मैदान, सानपाडा, नवी मुंबई में 10 दिवसीय कौथिग की शुरूआत हो चुकी है। हमारे प्रहरी फाउण्डेशन द्वारा आयोजित कौथिग मुम्बई-2025 में उत्तराखण्ड के लोक कलाकारों की विशेष भागीदारी रही है। कौथिग के मुख्य संयोजक केशर सिंह बिष्ट ने बताया है कि कौथिग का शानदार आगाज शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों का यह उत्सव हर साल होता है। इस अवसर पर कौथिग अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।

श्री बिष्ट ने बताया कि इस आयोजन के सफलता के लिए उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना शुभकामना संदेश भेजकर सभी प्रवासियों को उत्साहित किया है। कौथिग उत्सव के लिए भेजे गये संदेश में मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा है कि हमारे प्रहरी फाउण्डेशन द्वारा आयोजित कौथिग मुम्बई-2025 के इस शानदार आयोजन में, मैं आप सभी का हार्दिक अभिनन्दन करता हूँ, और आयोजकों को इस कौथिग के सफल संचालन हेतु बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ। पूर्व नियोजित महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों के चलते आपके बीच व्यक्तिगत रूप से आना मेरे लिए संभव नहीं हो पा रहा है, इस कारण मैं इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से आपसे जुड़ रहा हूँ।,

राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखते हुए उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को एक बड़े दर्शक वर्ग तक पहुँचाने के साथ ही इस कौथिग ने प्रवासी उत्तराखंडियों और व्यवसायियों के बीच सहकार्य और सहयोग के नए रास्ते खोलने के जो प्रयास किये हैं, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। श्री धामी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत के प्रत्येक क्षेत्र, विशेष रूप से उत्तराखण्ड, को सशक्त बनाने के प्रयासों से यह आयोजन और भी महत्वपूर्ण बनता है। यह उत्सव न केवल सांस्कृतिक समागम का प्रतीक है, बल्कि कौशल विकास, सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी उजागर करता है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मुम्बई के विविधतापूर्ण और गतिशील परिवेश में 10 दिनों तक चलने वाला यह कौथिग हमारे उत्तराखण्डी सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और अपनी जड़ों से जुड़ा रहने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा केदार और भगवान बद्रीविशाल जी का आशीर्वाद हम सब पर बना रहे, और यह कौथिग यूं ही हमारे सांस्कृतिक जीवन का हिस्सा बना रहे।

बिष्ट ने कहा कि मुंबई कौथिग 2025 में वृहद स्तर पर स्थानीय उत्पाद एवं उद्यमियों के स्टॉल भी लगाये गये है। उक्त कार्यक्रम में उत्तराखण्ड राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की सहभागिता हो रही है। कौथिग में उत्तराखण्ड राज्य के जाने माने कलाकारों एवं मुंबई फिल्म उद्योग में अपनी अलग पहचान बनाने वाले प्रवासी उत्तराखण्डी कलाकारों द्वारा भी प्रतिभाग किया जा रहा है।
श्री बिष्ट ने सभी प्रवासी उत्तराखंडवासियों की तरफ से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में प्रवासी अपनी सक्रिय भूमिका निभाने को तत्पर है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने फसल बीमा भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी, तत्काल मुआवजा जारी करने के दिए निर्देश।

0

देहरादून, 4 फरवरी 2025। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2023-24 के किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों और एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में किसानों को फसल बीमा भुगतान में हो रही देरी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने फसल बीमा भुगतान में देरी पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। उन्होंने सचिव कृषि को मुआवजा वितरण में हुई देरी के कारणों की जांच के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारीगण पूरी गंभीरता से कार्य करें ताकि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके। कृषि मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसानों को उनका हक समय पर मिले और भविष्य में इस प्रकार की समस्या न हो यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सचिव कृषि एसएन पांडे, डॉ रतन कुमार, महेंद्र पाल, बीमा कंपनी से विपुश डिमरी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पीएनबी बैंक के सीएसआ मद के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, डोभालवाला के छात्र-छात्राओं को वितरित किया स्वेटर ।

0

देहरादून, 4 फरवरी 2025। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज डोभालवाला इंटर कॉलेज में पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से सीएसआ मद के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, डोभालवाला के छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरित किए गए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्य एवं जिला स्तरीय विभिन्न प्रतियोगताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को स्वेटर प्राप्त कर खुशी जाहिर की। इसके अतिरिक कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर ब्लॉक के 35 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों को भी स्वेटर वितरित किए।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा मेरी विधानसभा में कोई भी छात्र नीचे नहीं बैठेगा। हमने सुनिश्चित किया है कि शत-प्रतिशत छात्र कुर्सी-मेज पर बैठकर पढ़ाई करें। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाज की पहचान इस बात से होती है कि वहां के कितने लोग शिक्षित हैं। मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में नई शिक्षा नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि नैतिकता और चरित्र निर्माण की शिक्षा भी दी जानी चाहिए। जिससे वे एक अच्छे नागरिक बन सकें। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय के लिए खेल सामग्री एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर पार्षद मोहन बहुगुणा, प्राधानाचार्य एस. एस. बिष्ट, अजय कुमार, भावना चौधरी, ब्रांच मैनेजर पीएनबी मनीष शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन और “एक दीप कवि प्रदीप का” होगा शानदार आयोजन

0

नागपुर :  हिंदी काव्य और गीत-संगीत की दुनिया में अमर योगदान देने वाले सुप्रसिद्ध कवि प्रदीप की 110वीं जयंती के अवसर पर विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन, नागपुर और कवि प्रदीप फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “उमंग उपक्रम” द्वारा एक विशेष संगीतमयी कार्यक्रम “एक दीप कवि प्रदीप का” आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम गुरुवार, 6 फरवरी 2025 को शाम 6:00 बजे सीताबर्डी स्थित हिंदी मोर भवन के मधुरम सभागृह में संपन्न होगा।

कार्यक्रम में खास

यह संगीतमयी संध्या महान देशभक्त कवि और गीतकार कवि प्रदीप की कालजयी रचनाओं को समर्पित होगी, जिन्होंने अपने ओजस्वी, राष्ट्रभक्ति और मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण गीतों से जनमानस में चेतना का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान कवि प्रदीप द्वारा रचित अमर गीतों की प्रस्तुति की जाएगी, जिसमें प्रमुख रूप से “ऐ मेरे वतन के लोगों”, “आओ बच्चो तुम्हें दिखायें झांकी हिंदुस्तान की”, “दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल”, “हम लाए हैं तूफान से कश्ती निकाल के” जैसे कालजयी गीतों का समावेश रहेगा।

कार्यक्रम की प्रमुख अतिथि मितुल प्रदीप (सुपुत्री कवि प्रदीप), मुंबई होंगी, वहीं श्रीमती राजश्री श्रीकांत जीचकार, नागपुर की विशेष उपस्थिति रहेगी। इस आयोजन की अध्यक्षता दैनिक भास्कर के समूह संपादक श्री प्रकाश जी दुबे करेंगे।

अन्य विशिष्ट अतिथियों में पूर्व सांसद एवं कवि प्रदीप फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश पांडे, राष्ट्रीय व्यापारी परिसंघ, नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष  बी. सी. भरतिया और वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सागर खादीवाला शामिल होंगे।

संगीत संध्या में सुर-संगम की सुरभी ढोमने, सचिन ढोमने और उनके सह-कलाकार कवि प्रदीप के अमर गीतों की प्रस्तुति देंगे, जबकि इस संगीतमयी आयोजन के सूत्रधार डॉ. मनोज साल्पेकर होंगे।

कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क है और आयोजकों ने सभी साहित्य और कला प्रेमियों से इस भव्य संगीतमयी संध्या में सम्मिलित होने की अपील की है।

कवि प्रदीप : देशभक्ति और मानवीय मूल्यों के अमर गीतकार

कवि प्रदीप (जन्म: 6 फरवरी 1915, मृत्यु: 11 दिसंबर 1998) हिंदी सिनेमा और साहित्य जगत के एक ऐसे कवि और गीतकार थे, जिन्होंने अपने गीतों से स्वतंत्रता संग्राम से लेकर भारत के नव निर्माण तक, समाज में चेतना और देशभक्ति की भावना को प्रज्ज्वलित किया। उनका असली नाम रामचंद्र नारायण द्विवेदी था।

कवि प्रदीप ने 1930 के दशक में हिंदी सिनेमा में प्रवेश किया और जल्द ही अपनी राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं और गीतों के कारण लोकप्रिय हो गए। उनके लिखे गीतों में “ऐ मेरे वतन के लोगों” विशेष रूप से ऐतिहासिक महत्व रखता है। 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान शहीद हुए जवानों को समर्पित यह गीत लता मंगेशकर द्वारा गाया गया और पंडित जवाहरलाल नेहरू को भी भावविभोर कर दिया था।

उनके अन्य प्रसिद्ध गीतों में शामिल हैं :

“आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की” (फिल्म: जागृति, 1954)

“हम लाए हैं तूफान से कश्ती निकाल के” (फिल्म: जागृति, 1954)

“दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल” (फिल्म: जागृति, 1954)

“इंसान का इंसान से हो भाईचारा, यही पैगाम हमारा” (फिल्म: पैगाम, 1959)

“देख तेरे इंसान की हालत क्या हो गई भगवान” (फिल्म: नागिन, 1954)

“पिंजरे के पंछी रे तेरा दर्द न जाने कोय” (फिल्म: नाज़, 1954)

“चल अकेला, चल अकेला, चल अकेला” (फिल्म: समय, 1957)

कवि प्रदीप ने हमेशा अपने गीतों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। उनकी लेखनी में देशभक्ति, नैतिकता, मानवीय संवेदनाएं और सामाजिक चेतना का गहरा प्रभाव दिखता है।

सम्मान और पुरस्कार

कवि प्रदीप को उनके अतुलनीय योगदान के लिए 1997 में भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान “दादा साहेब फाल्के पुरस्कार” से नवाजा गया।

उनकी लेखनी आज भी हर भारतीय के हृदय में जोश और प्रेरणा का संचार करती है। उनकी जयंती पर आयोजित यह संगीतमयी संध्या उनके अमर योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।

 

मथुरा में दसवीं के छात्र की अपहरण के बाद हत्या, दोस्तों ने ही मार डाला

0

मथुरा: गोविंद नगर थाना क्षेत्र में एक दसवीं के छात्र के लापता होने के बाद उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में अपहरण और हत्या के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

अपहरण के बाद फिरौती की मांग

जानकारी के मुताबिक, गोविंद नगर थाना क्षेत्र के वृंदावन कट चौकी स्थित लाल दरवाजा निवासी तरुण, जो कक्षा दसवीं का छात्र था, सोमवार दोपहर अचानक घर से लापता हो गया। परिवार ने पहले उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

देर शाम तरुण के मोबाइल फोन से एक फिरौती का संदेश आया, जिससे परिजनों को उसके अपहरण की जानकारी हुई। घबराए स्वजन तुरंत गोविंद नगर थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने पुलिस टीम गठित कर छात्र की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ के बाद उन्होंने अपहरण और हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया।

इलाके में दहशत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने हत्या क्यों और किन परिस्थितियों में की। इस हृदयविदारक घटना से पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।

अब गुजरात में UCC की तैयारी, मसौदा तैयार करने के लिए समिति गठित

0

उत्तराखंड के बाद अब गुजरात सरकार ने भी समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इसकी रूपरेखा तैयार करने और कानून बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना देसाई की अध्यक्षता में एक पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है।

यह समिति 45 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने जानकारी दी कि इस समिति में सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सीएल मीना, अधिवक्ता आरसी कोडेकर, पूर्व कुलपति दक्षेश ठाकर और सामाजिक कार्यकर्ता गीता श्रॉफ भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने समिति को विस्तृत शोध कर सरकार को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है, जिससे आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अमेरिका से निकाले गए 205 लोग, मिलिट्री प्लेन से भेजा भारत

0
Image Source : Internet Media

अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों पर कड़ी कार्रवाई शुरू हो चुकी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी प्रशासन ने 205 भारतीयों को एक सैन्य विमान के जरिए भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को देश से बाहर निकालने के लिए सेना की मदद ली है।

सैन्य विमान से भेजे जा रहे प्रवासी

रिपोर्ट के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि सी-17 मिलिट्री विमान अवैध प्रवासियों को लेकर भारत के लिए रवाना हो चुका है। अमेरिका में इस समय 18,000 से अधिक भारतीय अवैध रूप से रह रहे हैं। इनमें से कुछ का वीजा समाप्त हो चुका है, जबकि कुछ अन्य गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में दाखिल हुए हैं।

अमेरिका का बड़े पैमाने पर निर्वासन अभियान

पेंटागन के अनुसार, एल पासो (टेक्सास) और सैन डिएगो (कैलिफोर्निया) से 5,000 से अधिक प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए उड़ानें चलाई गई हैं। इससे पहले अमेरिकी सैन्य विमानों के जरिए ग्वाटेमाला, पेरू और होंडुरास में भी अवैध प्रवासियों को भेजा गया था।

भारत ने अमेरिका को दिया सहयोग

अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर भारत ने अमेरिका को सहयोग देने की बात कही है। भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हाल ही में कहा था कि भारत, अमेरिका के इस अभियान में सहयोग करने के लिए तैयार है।

538 अवैध प्रवासियों की गिरफ्तारी

ट्रंप प्रशासन के तहत हाल ही में 538 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि इनमें एक संदिग्ध आतंकवादी, ट्रेन डी अरागुआ गिरोह के चार सदस्य और नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराधों में दोषी कई अपराधी शामिल हैं। प्रशासन ने इनमें से सैकड़ों प्रवासियों को सैन्य विमानों के जरिए उनके देश भेज दिया है।

अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त रुख

राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले महीने कहा था कि यह पहली बार है जब अमेरिका अवैध प्रवासियों को सैन्य विमानों से उनके देश वापस भेज रहा है। इस फैसले को लेकर अमेरिकी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है और आने वाले दिनों में और अधिक अवैध प्रवासियों को निर्वासित किया जा सकता है। इस पूरे अभियान से साफ है कि अमेरिका अब अवैध प्रवासियों को बर्दाश्त नहीं करेगा और इस मुद्दे पर भारत समेत कई देशों के साथ मिलकर कार्रवाई कर रहा है।

38वें राष्ट्रीय खेल में मैच फिक्सिंग की थी तैयारी, 3 लाख तय था मेडल का रेट, IOA ने लिया एक्शन

0

देहरादून: 38वें राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड में ताइक्वांडो प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए गेम्स टेक्निकल कंडक्ट कमेटी (GTCC) ने एस. दिनेश कुमार को नया प्रतियोगिता निदेशक नियुक्त किया है। उन्हें टी. प्रवीन कुमार की जगह लाया गया है। यह फैसला तीन सदस्यीय प्रिवेंशन ऑफ मैनिपुलेशन ऑफ कॉम्पिटिशन (PMC) कमेटी की सिफारिशों के आधार पर लिया गया। खेलमंत्री  रेखा आर्य ने कहा कि उनको इसकी जानकारी नहीं है, साथ ही यह भी कहा कि पूरे मामले की जानकारी हासिल कर इस बारे में बता पाएंगी।

GTCC की अध्यक्ष सुनीना कुमारी ने कहा कि समिति ने PMC पैनल की सिफारिशों को स्वीकार करने का निर्णय लिया, ताकि 38वें राष्ट्रीय खेलों की निष्पक्षता और गरिमा बनी रहे। उन्होंने कहा, “हमें पूर्व प्रतियोगिता निदेशक के खिलाफ कई शिकायतें मिली थीं। इसके अलावा, हमें यह जानकर भी झटका लगा कि उन्होंने कुछ राज्य संघों के पदाधिकारियों, कार्यकारी समिति के सदस्यों और एक उपकरण विक्रेता को भी चयन ट्रायल के लिए ‘स्पोर्ट्स स्पेसिफिक वॉलंटियर्स’ के रूप में नामित कर दिया था।”

ये है वायरल लेटर 

NATIONAL GAMES TAEKWONDO MEDAL CASE
वायरल लेटर

आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने किया फैसले का समर्थन

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने GTCC के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि खेलों की निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है। “यह चौंकाने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्रीय खेलों में पदक मैदान से बाहर ही तय किए जा रहे थे।” उन्होंने कहा, “IOA अपने एथलीटों के साथ न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे लोगों से उनकी रक्षा करेगा जो प्रतियोगिता में हेरफेर करके खेलों की छवि को धूमिल करना चाहते हैं।”

PMC समिति की सिफारिशें और IOA की कार्रवाई

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कथित अनियमितताओं और हेरफेर की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए PMC समिति ने चार प्रमुख सिफारिशें दीं ताकि प्रतियोगिता की निष्पक्षता बनी रहे।

PMC समिति में शामिल अधिकारी:

1. आर.के. सुदांशु, आईएएस, प्रमुख सचिव, उत्तराखंड सरकार

2. बी.के. सिन्हा, आईपीएस (सेवानिवृत्त)

3. दुष्यंत शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जम्मू-कश्मीर

PMC समिति की प्रमुख सिफारिशें:

1. IOA को प्रतियोगिता निदेशक को बदलना चाहिए और GTCC के परामर्श से उपयुक्त उम्मीदवार की नियुक्ति करनी चाहिए।

2. नामित तकनीकी अधिकारियों में से कम से कम 50% को बदलकर ऐसे अधिकारियों को नियुक्त किया जाए जिनके पास राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्र हों।

3. पूरी प्रतियोगिता को वीडियो रिकॉर्ड किया जाए और फुटेज को सुरक्षित रखा जाए ताकि यदि भविष्य में आवश्यकता हो, तो इसका उपयोग किया जा सके।

4. GTCC द्वारा नामित एक टीम को पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्थल पर मौजूद रहना चाहिए ताकि हेरफेर की संभावना को कम किया जा सके और सभी एथलीटों को निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का अवसर मिले।

मैचों के नतीजे पहले से तय करने की शिकायतें

PMC पैनल ने यह भी खुलासा किया कि ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नियुक्त कुछ अधिकारियों ने पहले से ही 16 में से 10 भार वर्गों के विजेताओं को तय कर लिया था। IOA को मिली जानकारी के अनुसार, स्वर्ण पदक के लिए ₹3 लाख, रजत पदक के लिए ₹2 लाख और कांस्य पदक के लिए ₹1 लाख की मांग की गई थी।

प्रतियोगिता कार्यक्रम

ताइक्वांडो की क्योरूगी (Kyorugi) और पूमसे (Poomsae) स्पर्धाओं की कुल 26 प्रतियोगिताएं उत्तराखंड के हल्द्वानी के मिलम हॉल में 4 से 8 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी।

इस कड़े फैसले के बाद यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि राष्ट्रीय खेलों की गरिमा बनी रहे और सभी एथलीटों को अपनी प्रतिभा दिखाने का निष्पक्ष मौका मिले।

विधानसभा अध्यक्ष ने ग्रामीण निर्माण विभाग , प्रखण्ड कोटद्वार के कार्यालय भवन का किया उद्घाटन।

0

कोटद्वार 3 फरवरी 2025।विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा में ग्रामीण निर्माण विभाग प्रखण्ड कोटद्वार के कार्यालय का विधिवत पूजा अर्चना कर उद्घाटन किया ।

अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि नए भवन निर्माण से ग्रामीण निर्माण विभाग को तकनीकी कार्यों के साथ विभागीय प्रबंधन करने में सहायता प्राप्त होगी । साथ ही विभाग अधिकारियों को कार्यालय व्यवस्था व देख- रेख करने का भी आग्रह किया, विधानसभा अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्या के निवारण हेतु कार्य करने की संस्कृति विकसित होनी आवश्यक है ।

ऋतु खण्डूडी ने कहा कि ग्रामीण निर्माण विभाग के कार्यालय के निर्माण होने से कोटद्वार सहित आस पास की विधानसभाओं को भी इसका लाभ मिलेगा व क्षेत्र की जनता अपने विकास सम्बन्धित कार्यों जानकारी ले सकेगी अध्यक्ष विधानसभा ने जोर देकर कहा कि अधिकारियों को सदैव अपने क्षेत्र में सक्रिय रहना चाहिए व जनता की समस्याओं को त्वरित गति से समाधान भी करना चाहिए । इसके साथ ही अधिकारियों अपना व्यवहार पक्ष व जनता के प्रति जवाबदेह भी रहना चाहिए ।

अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने पुनः नवनिर्मित भवन निर्माण से क्षेत्र जनता व ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की ।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संजय रावत , पार्षद राजेंद्र बिष्ट , जयदीप नौटियाल ,रजनी बिष्ट ,आशा , विभु रावत मुख्य अभियंता , अनिल कुमार अधिशासी अभियंता देहरादून , दिनेश कुमार अधिशासी अभियंता , सुदेश कुमार सहायक अभियंता , राजीव वर्मा अपर सहायक अभियंता आदि लोग उपस्थित रहे ।