Home Blog Page 1196

अदालत का यह निर्णय बताता है कि आरक्षण तो ठीक है, लेकिन योग्यता भी जरूरी है

0

(शीर्ष अदालत का मानना है कि नियुक्तियों के वक्त सीटें खाली रह जाना न्यूनतम योग्यता को दरकिनार करने की वजह नहीं हो सकता)

बात 2011 की है. पंजाब में पीसीएस (जे) की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन हुआ था. पीसीएस (जे) यानी न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की परीक्षा. इसी के जरिये निचली अदालतों में जजों की नियुक्ति होती है. पंजाब लोक सेवा आयोग ने जब इस परीक्षा के परिणाम जारी किये तो वे सारे देश में चर्चा का मुद्दा बन गए. दरअसल इस परीक्षा में जहां सामान्य वर्ग के परीक्षार्थी न्यूनतम 315 अंक और अनुसूचित जाति के परीक्षार्थी न्यूनतम 265 अंक लेकर पास हुए थे, वहीं एक परीक्षार्थी ऐसा भी था जो माइनस दस अंक लेकर भी इस परीक्षा को पास कर गया था. इस परीक्षार्थी का नाम था तजिंदर सिंह.
तजिंदर ने इस परीक्षा में कुल 125 सवालों के जावाब दिए थे. इसमें से उनके सिर्फ 23 जवाब ही सही थे जबकि 102 गलत. नेगेटिव मार्किंग के चलते उनके कुल अंक माइनस दस बने. लेकिन इसके बावजूद भी वे इस परीक्षा को इसलिए पास कर गए क्योंकि वे आरक्षण की एक ऐसी श्रेणी में आते थे जहां एक तरह से उन्हें अपनी न्यूनतम योग्यता खुद ही तय करनी थी.
वे अनुसूचित जाति के साथ ही ‘लीनिअल डिसेंडेंट ऑफ़ एक्स-सर्विसमैन’ (भूतपूर्व सैनिक के नजदीकी वंशज) की भी श्रेणी में आते थे. इस श्रेणी में बेहद कम परीक्षार्थी होने के चलते प्रतियोगिता इतनी कम थी कि तजिंदर माइनस दस अंकों के साथ भी जज बनने की पहली सीढ़ी पार कर गए.
तजिंदर सिंह का यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया. हालांकि तजिंदर पीसीएस (जे) की मुख्य परीक्षा में असफल रहे क्योंकि यहां आयोग और उच्च न्यायलय द्वारा अंकों का एक न्यूनतम आंकड़ा तय किया गया था जिसे पार करना हर परीक्षार्थी के लिए अनिवार्य था. लेकिन तजिंदर के मुख्य परीक्षा तक पहुंचने से ही देश भर में आलोचकों ने पूरी आरक्षण व्यवस्था को ही सवालों के घेरे में ला खडा किया था. इस मामले ने कई लोगों को यह मौका दे दिया था कि वे आरक्षण व्यवस्था पर पुनर्विचार के लिए सरकार से मांग करने लगे थे.
2011 के इस मामले का जिक्र आज हम इसलिए कर रहे हैं क्योंकि हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में एक संस्था ने एक जनहित याचिका दाखिल की थी. इस याचिका में मांग की गई थी कि आरक्षित परीक्षार्थियों के लिए उस न्यूनतम योग्यता को भी समाप्त कर दिया जाए जिसके चलते तजिंदर जज नहीं बन सके थे. ‘वालंटियर्स फॉर सोशल जस्टिस’ नाम की इस संस्था का याचिका में कहना था कि उच्च न्यायालय तथा पंजाब लोक सेवा आयोग द्वारा पीसीएस (जे) की मुख्य परीक्षा में अनुसूचित जाति के परीक्षार्थियों के लिए जो न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक हासिल करने की बाध्यता रखी गई है, उसे समाप्त कर दिया जाए.
संस्था ने यह याचिका हाल ही आए पीसीएस (जे) के परिणामों को देखते हुए दाखिल की थी. कुछ समय पहले पंजाब में हुई यह परीक्षा कुल 119 पदों के लिए आयोजित की गई थी. इनमें से 22 पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थे. परीक्षा में नियमों के अनुसार सामान्य वर्ग के परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत और अनुसूचित जाति के परीक्षार्थियों को न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक हासिल करने जरूरी थे. चूंकि इस परीक्षा में अनुसूचित जाति के सिर्फ तीन छात्र ही मुख्य परीक्षा पास कर पाए थे इसलिए इस याचिका दाखिल करने वाली संस्था का मानना था कि इस शर्त को समाप्त कर दिया जाए.
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस पीबी भजंतरी की पीठ ने इस याचिका की सुनवाई की. उन्होंने इस याचिका को यह कहते हुए ख़ारिज कर दिया कि कई मौके ऐसे भी आते हैं जब सामान्य वर्ग के पद भी योग्य परीक्षार्थियों की कमी के चलते खाली रह जाते हैं. लिहाजा किसी परीक्षा में पदों के खाली रह जाने के चलते न्यूनतम योग्यता जैसी शर्तों को समाप्त नहीं किया जा सकता. बीती दस मार्च को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने इस याचिका को ख़ारिज कर दिया था जिसके चलते संस्था ने अब सर्वोच्च न्यायालय में अपील दाखिल कर दी.
सर्वोच्च न्यायालय पहुंचे इस मामले की सुनवाई बीती 25 जुलाई को मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर, जस्टिस एएम खानविलकर और जस्टिस डीवाई चंद्रचूड की संयुक्त पीठ में हुई. इस पीठ ने भी संस्था की अपील को ठुकराते हुए उच्च न्यायालय के फैसले को ही सही ठहराया है. न्यायालय ने याचिका ख़ारिज करते हुए कहा कि ‘जजों की नियुक्ति के लिए एक न्यूनतम योग्यता होना जरूरी है, इसके लिए एक पैमाना होना जरूरी है. सिर्फ इसलिए कि कोई व्यक्ति अनुसूचित जाति से आता है, उसके लिए सारे पैमानों को समाप्त नहीं किया जा सकता.’

मुंबई हमले के मुख्य आरोपित जुंदाल को औरंगाबाद हथियार बरामदगी मामले में उम्रकैद

0

मुंबई आतंकी हमले के मुख्य आरोपित अबू जुंदाल सहित सात दोषियों को साल 2006 के औरंगाबाद हथियार बरामदगी मामले में उम्र कैद की सजा सुनाई गई है. मुंबई की मकोका अदालत ने इसी मामले में दो अन्य दोषियों को 14 साल और तीन दोषियों को आठ साल की सजा सुनाई. अदालत के मुताबिक 2002 के गुजरात दंगों के बाद राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया की हत्या की साजिश रची गई थी और औरंगाबाद से बरामद ये हथियार इसी साजिश को अंजाम देने के लिए ढोए जा रहे थे.
2006 में औरंगाबाद के करीब आतंकवाद निरोधी दस्ते ने एक टाटा सूमो और इंडिका कार से 30 किलो आरडीएक्स,10 एके-47 राइफलें और 3,200 कारतूस बरामद किए थे. इन वाहनों में से एक जुंदाल चला रहा था लेकिन, हथियार बरामदगी के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया. इसके बाद बांग्लादेश के रास्ते वह पाकिस्तान पहुंच गया था. 2012 में अबू जुंदाल को सऊदी अरब से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था.
अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील वैभव बगाडे ने अदालत से दोषियों को गैर- कानूनी गतिविधियां निवारण अधिनियम के तहत अधिकतम सजा की मांग की थी.

मुंबई-गोवा हाइवे पर भारी बारिश से पुल ढहा, 2 बसें बहीं, 22 लापता

0

मुंबई: रायगढ़ के महाड़ में मुंबई-गोवा हाइवे पर बना ब्रिटिश कालीन पुल बारिश की वजह से बह गया है. महाबलेश्वर इलाके में भारी बारिश के चलते सावित्री नदी में आए तेज बहाव के बाद पुल बहा. इसमें 2 बसें और तीन गाड़ियां बह गई हैं, जिसमें 18 मुसाफिर, दो ड्राइवर और दो कंडक्टर लापता हैं. बसों की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 02141222118 जारी किया गया.
पुलिस ने एपी को बताया कि दो या तीन वाहनों के इसमें बह जाने की खबर हैं, जिसमें कई लोग मौजूद थे. पुलिस अधिकारी संजय पाटिल ने कहा कि बचावदल को अभी तक कोई वाहन या लापता लोग नहीं मिले हैं. यह ब्रिज मंगलवार रात टूट गया था.
एनडीआरएफ के ओपी सिंह ने कहा कि करीब 80 बचावकर्मी, जिसमें गोताखोर भी शामिल हैं, बचावकार्य में लगे हैं, लेकिन भारी बारिश की वजह से उनका काम प्रभावित हो रहा है. कोस्ट गार्ड ने चेतक हेलीकॉप्टर से लापता लोगों को ढूंढने का अभियान शुरू किया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से बात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
सीएम फडणवीस ने कहा, ‘‘मुंबई-गोवा राजमार्ग पर स्थित पुल के ढहने की घटना के बारे में मैंने रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से बात की है। बचाव कार्य और तात्कालिक उपायों के लिए प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।’’ उन्होंने बताया, ‘‘वहां दो समानांतर पुल थे। इनमें से एक पुल नया था जबकि दूसरा अंग्रेजों के जमाना का था। पुराना वाला पुल गिरा है।’’ उन्होंने कहा कि पुल पर पड़ने वाला भारी दबाव पुल गिरने की मुख्य वजह लग रहा है। यह दबाव महाबलेश्वर में भारी बारिश के कारण सावित्री नदी में आई बाढ़ के कारण है।
फडणवीस ने आज सुबह ट्वीट कर कहा, ‘‘राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है। प्रशासन नए पुल की मजबूती और क्षमता का आकलन कर रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हताहत हुए लोगों के बारे में कोई निश्चित जानकारी नहीं है।’’

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने का प्रस्ताव, ममता ने विशेष सत्र बुलाया

0

पश्चिम बंगाल का नाम जल्द ही बदल सकता है. राज्य के संसदीय कार्य मंत्री पार्थ चटर्जी ने मीडिया को बताया, ‘हमने पश्चिम बंगाल का नाम फिर से अंग्रेजी में ‘बंगाल’ और बंगाली में ‘बंग’ या ‘बांग्ला’ रखने का प्रस्ताव किया है. इसके लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा. 29 व 30 अगस्त को सदन में इस पर चर्चा होगी और हम सभी दलों से इसे स्वीकार करने का आग्रह करेंगे जिसके बाद इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा.’
उन्होंने यह भी बताया कि यह कोई नई मांग नहीं है और इसकी वजह अंग्रेजी की वर्णमाला है. राज्य के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जब सभी राज्यों के सम्मेलन आयोजित होते हैं तो उसमें पश्चिम बंगाल के वक्ताओं को काफी देर से बोलने का मौका मिलता है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि इन सम्मेलनों में वक्ताओं को अंग्रेजी की वर्णमाला के क्रम में बोलने के लिए बुलाया जाता है. इस वजह से उन्हें अपने विचारों को रखने के लिए अक्सर काफी कम वक्त मिल पाता है और उस वक्त वे काफी थके हुए भी होते हैं.
राज्य सरकार इससे पहले साल 2011 में भी राज्य का नाम बदलने का प्रयास कर चुकी है लेकिन तब उसे केंद्र से इसकी अनुमति नहीं मिल पाई थी.

ओडीशा: अब जेल की सुरक्षा किन्नर करेंगे

0

शादी ब्याह में नाचते हुए, रेलगाडियों में पैसा मांगते हुए नज़र आने वाले किन्नरों की ज़िंदगी में बदलाव के लिए ओडीशा सरकार ने एक अनोखा कदम उठाया है. सरकार ने जेल सुरक्षा के लिए ट्रांसजेंडरों को नियुक्त करने की योजना बनाई है. ओडीशा देश का पहला राज्य है जहां किन्नरों को जेल की सुरक्षा में लगाया जा रहा है.
सर्वोच्च न्यायालय के एक निर्देश के मुताबिक किन्नरों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए ये फ़ैसला किया गया है. इसके लिए किन्नरों को अन्य वर्गों की तरह कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा भी पास करनी होगी.
ओडीशा के जेल आईजी अरुण कुमार राय ने बताया कि ओडीशा में 90 जेल हैं और यहां 250 वॉर्डन के पद खाली हैं. इन पर नियुक्ति के लिए ट्रांसजेंडर आवेदन कर सकते हैं. शारीरिक परीक्षा में किन्नरों को महिलाओं में शामिल किया गया है. ओडीशा में लगभग 20 हज़ार किन्नर रहते हैं, इनमें से दो से ढाई हज़ार किन्नर शिक्षित हैं.
राज्य में विकलांगों के लिए सामाजिक सुरक्षा और सश्कितकरण योजना के सचिव नितिन चंद्रा ने बताया, “अब राज्य में किन्नरों को मुख्य धारा में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.”किन्नरों ने भी सरकार के इस कदम का स्वागत किया है.
भुवनेश्वर स्थित ट्रांसजेंडर सुरक्षा ट्रस्ट की प्रमुख मेनका ने राज्य सरकार के इस कदम की सराहना की. मेनका का मानना है कि अगर सरकार शैक्षणिक योग्यता में किन्नरों के लिए थोड़ी छूट दे तो किन्नर इसका ज़्यादा लाभ ले सकते हैं.

नारकोटिक्स कानून को केंद्र सरकार करे सख्त : नीतीश

0

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शराबबंदी को लेकर राज्य सरकार ने सख्त कानून बनाया है. अब केंद्र सरकार को नारकोटिक्स कानून को भी सख्त बनाना चाहिए. हम समर्थन को तैयार हैं. मंगलवार को विधान परिषद में उन्होंने उत्पाद विधेयक पर हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विपक्ष इस मामले में भ्रम फैला रहा है.
विपक्ष को इस विधेयक का पारित कराने में सहयोग करना चाहिए. एक ओर विपक्ष जहरीली शराब पीने से लोगों के मरने की बात उठा रहा है. वहीं, सरकार सख्त कानून बना रही है, तो विरोध किया जा रहा है. विपक्ष के बहिष्कार के बीच विधान परिषद से बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद विधेयक, 2016 पारित हो गया. अब इसे राज्यपाल की सहमति के लिए भेजा जायेगा.
इसके पहले मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सारे सवालों को जवाब देते हुए अधिकारी और पुलिस के निरंकुश होने संबंधी आशंकाओं को खारिज कर दिया और कहा कि इसी के लिए नया विधेयक लाया गया है. फंसाने या तंग करनेवाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के लिए सजा तीन माह से बढ़ा कर 10 साल कर दी गयी है. साथ ही जुर्माने की राशि को 10 हजार से बढ़ा कर एक लाख कर दिया गया है. इसके अलावा बरखास्तगी और आइपीसी की अन्य धाराएं भी उन पर लागू होंगी. मुख्यमंत्री ने विधेयक के प्रावधानों की वकालत करते हुए कहा कि इससे गरीब-गुरबों में खुशी की लहर है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समुदाय को ताड़ी के सवाल पर भड़काने की बहुत कोशिश की गयी. विपक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये लोग चाहते हैं कि उनकी छाती और घुटने में घट्ठा बना रहे, उनके बाल-बच्चे भी इसी कार्य में लगे रहें. हम इनके लिए तमिलनाडु के तर्ज पर यहां नीरा के उत्पादन की व्यवस्था कर रहे हैं. विकास आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है.
ताड़ी से नीरा, गुड़, कैंडी, चाकलेट और मिठाई बनाया जायेगा. सजावट की सामग्री भी बनेगी. उनकी आमदनी तिगुनी हो जायेगी. विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि ये लोग उनके हिमायती बन रहे हैं. 1991 के आदेश के तहत ताड़ के व्यवसाय में लगे लोग अपना व्यवसाय करते रहेंगे. अगले वैशाख से पहले हम चाहते हैं कि नीरा का काम शुरू हो जाये.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी से विपक्ष का कलेजा फट रहा है. इनका कोई भविष्य नहीं दिख रहा. पहले हल्ला किया कि मुखिया जेल जायेगा, फिर कहा कि पड़ोसी जेल जायेगा. कोई पागल है क्या कि ऐसा कानून बनायेगा. बहस पर जब मुख्यमंत्री ने बोलना आरंभ किया, तो भाजपा समेत संपूर्ण विपक्ष ने सदन से वाकआउट कर गये.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल विपक्ष भांग का हिमायती बन गया है. जो भांग स्वत: उगता है, उस पर किसी को आरोपित नहीं किया जायेगा. गोवध कानून का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने गाय को माला पहना कर घुमाया था और उस समय चुनाव आयोग क्या कर रहा था?
ये लोग लालू प्रसाद और नीतीश कुमार को खत्म करना चाहते हैं. ये लोग मुलायम वाला जूता-चप्पल पहनते हैं. सब लोग जानते हैं कि यह बछड़ा का बनता है. इतने ही गाय सेवक हैं, तो उन्हें सड़क पर घूमनेवाले गाय-बछड़ों की सेवा करनी चाहिए.

बुलंदशहर गैंगरेप मामला: पीड़ित परिवार ने तीन महीने में न्याय न मिलने पर आत्महत्या की धमकी दी

0

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के पास सामूहिक बलात्कार की शिकार लड़की, उसकी मां और पिता ने आत्महत्या की धमकी दी है. मंगलवार को हादसे की शिकार नाबालिग पीड़िता के पिता ने मीडिया से कहा, ‘बदमाशों ने मेरी बेटी और पत्नी के साथ जो किया उससे खौफनाक और कुछ नहीं हो सकता…अगर आरोपियों को अगले तीन महीने में सजा नहीं हुई तो हम तीनों खुदकुशी कर लेंगे.’
बीते शुक्रवार की रात नोएडा से शाहजहांपुर जा रहे इस परिवार की गाड़ी को बदमाशों ने बुलंदशहर के पास रोककर इनके साथ लूटपाट की थी. उन्होंने इस दौरान 13 वर्षीय बच्ची और उसकी मां के साथ कथित रूप से बलात्कार भी किया था.
इस घटना के बाद हरकत में आई उत्तर प्रदेश सरकार ने बुलंदशहर के एसएसपी, एसपी और सीओ सिटी सहित कई पुलिस अधिकारियों को लापहरवाही करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया था. पुलिस ने इस मामले में सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि 50 से ज्यादा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस घटना में कुख्यात बावरिया गिरोह का हाथ होने की बात कह रही है.

स्वामी प्रसाद मौर्य थामेंगे भाजपा का हाथ, मायावती को होगा कैडर वोट का नुकसान

0

लखनऊ/नयी दिल्ली : बहुजन समाज पार्टी का परित्याग करने वाले नेता स्वामी प्रसाद मौर्य भाजपा में शामिल होंगे. इसके संकेत तब मिले जब कल मौर्य ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की. खबर है कि मौर्य आठ अगस्त को अधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे.
मौर्य बसपा के कद्दावर नेता थे लेकिन उन्होंने पार्टी छोड़ते वक्त मायावती पर यह आरोप लगाया था कि उन्हें दलितों से कोई लेना-देना नहीं है. वे भले ही दलितों के नाम पर राजनीति करतीं हैं, लेकिन अपने हित के लिए. इसके साथ ही उन्होंने मायावती पर टिकटों की खरीद-फरोख्त का भी आरोप लगाया था. हालांकि मौर्य के पार्टी छोड़कर जाने के बाद मायावती ने यह बयान दिया था कि मैं उन्हें पार्टी से निकालने ही वाली थी, उनकी बहुत शिकायत आ रही थी.
स्वामी ने जब बसपा छोड़ी तो यह कयास लगाये जा रहे थे कि वे मायावती की धुर विरोधी पार्टी समाजवादी पार्टी के साथ जायेंगे. लेकिन सपा नेता आजम खां ने उनपर तीखी प्रतिक्रिया कर दी. उन्होंने यहां तक कह दिया था कि वे जहां से आये हैं वहीं चले जायें, जिसके बाद ऐसा लगा कि मौर्य सपा के साथ नहीं जायेंगे. मौर्य ने सपा पर टिप्पणी भी की थी.
स्वामी प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश के मजबूत दलित नेता हैं, उनका अपना एक वोट बैंक है, जो इस बात से दुखी है कि मायावती ने स्वामी का सम्मान नहीं किया. स्वामी पडरौना विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं, वे चार बार विधायक रह चुके हैं. संभव है कि अगर वे भाजपा के साथ आये, तो उनके समर्थक भी भाजपा के साथ आयेंगे, जिसका फायदा आगामी विधानसभा चुनाव में दिखेगा. यह स्थिति निश्चित रूप से मायावती को परेशान करेगी, क्योंकि दलित उनके कैडर वोटर हैं.

बुखार के बावजूद बनारस में सोनिया ने किया रोड शो

0

वाराणसी : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से अपनी पार्टी का बिगुल फूंकते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को यहां एक बड़ा रोड शो किया. सर्किट हाउस से इंग्लिशिया लाइन तक आठ किमी लंबे रोड शो में कांग्रेस के हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. हालांकि, रोड शो के खत्म होने से कुछ देर पहले ही सोनिया गांधी को वायरल हो गया, जिसके बाद उन्हें यह कार्यक्रम छोड़ कर दिल्ली जाना पड़ा.
इससे पहले, सर्किट हाउस में सोनिया गांधी ने बीआर आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मार्च की शुरुआत की और इस पवित्र शहर की गलियों और संकरे मार्गों से सफर तय किया. सोनिया शुरू में कार में सफर कर रही थीं, लेकिन बाद में एक वाहन में सवार हुईं, जिसकी छत खुली हुई थी और उन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाती हुई जनता का हाथ हिला कर अभिवादन किया. वह मुसलिम महिलाओं के समूह सहित समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करने के लिए कई बार वाहन से बाहर निकलीं.
रोड शो कई इलाके से गुजरा और सोनिया और उनके काफिले पर गुलाब के फूल की वर्षा की गयी. कई मिनी ट्रक पर पोस्टर पर नारे लगे थे ‘27 साल, यूपी बेहाल’. सैकड़ों कार्यकर्ताओं के हाथों में यही नारे लिखी हुई तख्तियां थीं. वहीं, सोनिया गांधी ने ‘दर्द ए बनारस’ अभियान की शुरुआत की. इस मौके पर पार्टी के मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित, कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद, राज्य पार्टी के प्रमुख राजबब्बर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी तथा संजय सिंह भी सोनिया के साथ थे.
जब सोनिया गांधी एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, तो 10 हजार मोटरसाइकिल सवार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले की अगुआई की. मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद सोनिया की यह पहली वाराणसी यात्रा है. हालांकि, वह यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित नहीं कर सकी.
कांग्रेस 27 वर्षों से उत्तरप्रदेश की सत्ता से बाहर है. पार्टी यूपी में दोबारा सरकार बनाने के लिए कमर कस ली है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में वाराणसी मुख्य स्थान है. राज्य के 403 विधानसभा क्षेत्रों में से 160 पूर्वी उत्तर प्रदेश में पड़ते हैं. 2014 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने केवल दो सीटें – अमेठी और रायबरेली पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा और इसकी सहयोगी अपना दल को 80 में से 73 सीटों पर जीत हासिल हुई थी. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का असर 2019 के लोकसभा चुनाव पर भी होगा.
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि राज्य के सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी के कारण कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनावों में अमेठी सीट से चुनाव जीत सके. उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी की जीत का श्रेय सपा को देती है. अब वह उसे राज्य में सत्ताविरोधी लहर में वोट काट कर उसे फायदा पहुंचाने का प्रयास कर रही है. यह सपा को समर्थन करने के प्रयास के लिए ऐसा कर रही है.
तबीयत खराब होने की वजह से सोनिया के काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया. सोनिया वायरल बुखार से जूझ रही थीं, लेकिन फिर उन्होंने रोड शो करने का फैसला किया, क्योंकि वह आखिरी वक्त में इसे रद्द नहीं करना चाहती थीं. सोनिया के बीमार पड़ने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की. मोदी ने ट्वीट किया, सोनिया जी के वाराणसी दौरे के दौरान उनकी खराब सेहत के बारे में सुना. मैं उनके जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.

आनंदीबेन का इस्तीफा मंजूर, नायडू बोले- शाह के CM बनने का सवाल ही नहीं

0

नई दिल्ली। गुजरात के नए सीएम के लिए बुलाई गई बीजेपी की संसदीय बोर्ड की बैठक में आनंदीबेन पटेल का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए वेंकैया नायडू ने कहा कि आनंदीबेन ने लाखों कार्यकर्ताओं के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है। 18 साल से लगातार मंत्री और अब मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने जो बढ़िया काम किया है उसकी संसदीय बोर्ड ने सराहना की।
नायडू ने बताया कि नितिन गडकरी और सरोज पांडेय केंद्र के प्रतिनिधि के तौर पर गुजरात जाएंगे और पार्टी नेताओं से बात करेंगे। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह खुद भी विधायक हैं इसलिए वह भी उस बैठक में उपस्थित रहेंगे। इस सलाह मशविरे के बाद ही नए सीएम पर फैसला होगा।
वेंकैया से जब अमित शाह के सीएम बनने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इसका कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने कहा, ‘शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, उनके नेतृत्व में बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी। पार्टी उनके नेतृत्व में उत्तर-दक्षिण, पूर्व-पश्चिम सब तरफ बहुत आगे बढ़ी है। मीडिया वाले चर्चा करते रहें, ऐसा कुछ नहीं होना जा रहा।
वहीं, बीजेपी के उच्च सूत्रों ने बताया कि संसदीय बोर्ड की बैठक में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को सीएम पर आखिरी फैसले के लिए अधिकृत किया गया है।