कौमी एकता दल और मुख्तार अंसारी के नाम पर समाजवादी पार्टी में अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है. यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को ‘पंचायत आज तक’ के मंच से दो टूक शब्दों में कहा कि मुख्तार अंसारी किसी भी सूरत में सपा का हिस्सा नहीं होंगे.
दिचलस्प बात यह है कि अखिलेश यादव के इस बयान से ठीक पहले उनके चाचा और कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने इसी मंच से कहा कि कौमी एकता दल का जल्द ही सपा में विलय होगा. अखिलेश कैबिनेट में पीडब्लूडी मंत्री शिवपाल ने कहा कि कौमी एकता दल के विलय का फैसला जल्द ही लिया जाएगा और सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव ही अंतिम फैसला करेंगे.
यूपी सरकार में मंत्री और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी में अंदरूनी घमासान की खबरों को खंडन किया है. यूपी चुनाव पर ‘पंचायत आज तक’ के मंच से शिवपाल ने कहा कि उन्होंने कभी सपा से इस्तीफे की बात नहीं की. शिवपाल ने कहा कि कौमी एकता दल का जल्द ही समाजवादी पार्टी में विलय होगा. इस ओर आखिरी फैसला नेताजी ही लेंगे. शिवपाल ने कहा, ‘मुझे लगता है कि कौमी एकता दल का विलय जल्द ही होगा. नेताजी भी इसके लिए तैयार हो गए हैं. जल्द ही वह इस ओर अाखिरी फैसला लेंगे.’
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुख्तार अंसारी की वजह से कौमी एकता दल से हाथ मिलाने के सख्त खिलाफ हैं. कौमी एकता दल को लेकर उनका विरोध किसी से छिपा नहीं है और वह सार्वजनिक मंच से भी कर चुके हैं, क्योंकि पार्टी अपने काम के दम पर चुनाव जीत सकती है और उन्हें ऐसे किसी भी दल की जरूरत नहीं है. अखिलेश के कड़े विरोध और उनके तेवर को देखते हुए एक बार कौमी एकता दल से हाथ मिलाने के बाद समाजवादी पार्टी ने फैसला पलट लिया था और ऐलान किया था कि अब मुख्तार अंसारी की पार्टी से उनका कोई लेना देना नहीं होगा.
पिछले दिनों मुख्तार अंसारी और उनके भाई अफजाल अंसारी की शिवपाल यादव, आजम खान और मुलायम सिंह यादव से मुलाकात हो चुकी है. ‘पंचायत आज तक’ में शिवपाल यादव ने यह भी कहा कि आने वाले चुनाव में चेहरा तो अखिलेश यादव का होगा. लेकिन सभी बड़े फैसले मुलायम सिंह यादव ही करेंगे, क्योंकि वही पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं.
'मुख्तार अंसारी पार्टी में नहीं होंगे शामिल' : शिवपाल
अखिलेश का मास्टर स्ट्रोक: फिर सरकार बनी तो मुफ्त में बंटेगा स्मार्टफोन!
लखनऊ: विधानसभा चुनाव नजदीक आने के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पिछले दिनों दिये गये संकेत को अमली जामा पहनाते हुए सूबे के 18 साल या उससे अधिक उम्र के ‘पात्र’ लोगों को मुफ्त ‘समाजवादी स्मार्ट फोन’ देने का आज ऐलान कर दिया.
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने समाज के सभी वर्गो की सुविधा के लिए सरकार द्वारा जल्द ही ‘समाजवादी स्मार्ट फोन योजना’ शुरू करेगी. इसके लिए एक माह के अंदर ऑनलाइन पंजीयन की कार्रवाई शुरू हो जाएगी. स्मार्ट फोन का वितरण साल 2017 की दूसरी छमाही में ‘पहले रजिस्ट्रेशन: पहले पाओ’ की व्यवस्था के माध्यम से किया जाएगा.
चुनावी बेला में मुख्यमंत्री की इस घोषणा को ‘मास्टर स्ट्रोक’ माना जा रहा है. चुनाव से पहले यह घोषणा की गयी है और वितरण का समय अगले साल की दूसरी छमाही तय की गयी है. यानी अगर अगली सरकार भी एसपी की बनी, तो ही लोगों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा.
अखिलेश ने गत 31 अगस्त को एक कार्यक्रम में प्रदेश की जनता को सूचना क्रांति की नयी दुनिया से जोड़ने के लिये सभी को मुफ्त मोबाइल फोन देने का संकेत देते हुए कहा था कि यह एसपी के घोषणापत्र का भी हिस्सा होगा.
प्रवक्ता ने बताया कि फोन के लिये ऑनलाइन आवेदन करने वाले के लिए उत्तर प्रदेश का नागरिक होना जरूरी है और एक जनवरी 2017 को उसकी उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए. सरकारी सेवा में कार्य करने वाले व्यक्ति आवेदन के पात्र नहीं होंगे. इसके अलावा अगर आवेदक का अभिभावक भी सरकारी सेवा में कार्यरत है तो वह भी आवेदन नहीं कर सकेगा.
उन्होंने बताया कि ‘समाजवादी स्मार्ट फोन’ के लाभार्थियों के चयन का तरीका पूरी तरह से पारदर्शी होगा. इसके लिये किसी सरकारी दफ्तर में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. ऑनलाइन लाभार्थी के चयन के बाद स्मार्ट फोन सीधे लाभार्थी के घर भेजा जाएगा, ताकि इसमें किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार सम्भव न हो सके. इच्छुक लाभार्थी को कम से कम हाईस्कूल पास होना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसपी सरकार द्वारा करीब 18 लाख फ्री लैपटॉप वितरित किए गए. दुनिया की सबसे बड़ी नि:शुल्क लैपटॉप वितरण योजना होने के बावजूद लैपटॉप की गुणवत्ता एवं इसके वितरण में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार की शिकायत नहीं मिली. उसी तरह समाजवादी स्मार्ट फोन योजना के तहत वितरित किए जाने वाले फोन भी उच्च गुणवत्ता के होंगे.
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी सम्भावनाओं की शताब्दी है. इसको ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार लगातार सूचना तकनीक के प्रयोग को बढ़ावा दे रही है, जिससे समाज के सभी वर्गो को विकास के लिए समान अवसर उपलब्ध हो सकें. उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी नि:शुल्क लैपटॉप वितरण योजना की मदद से समाजवादी सरकार ने सही मायने में समाज के सभी वर्गो में डिजिटल लोकतंत्र लाने का काम किया है.
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी स्मार्ट फोन के माध्यम से जनता एवं सरकार के बीच द्विमार्गी संचार सम्भव हो सकेगा. इसके माध्यम से जहां राज्य सरकार द्वारा संचालित समस्त योजनाओं से सम्बन्धित सूचनाएं एवं जानकारियों के साथ-साथ राज्य सरकार की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, वहीं सीधे जनता एवं लाभार्थियों से योजना के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण फीडबैक मिल सकेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी स्मार्ट फोन के एप में किसानों एवं ग्रामीणों के लिए अद्यतन तकनीक, कृषि उत्पादों के वर्तमान बाजार दर तथा अभिनव कार्य पद्घति (बेस्ट प्रैक्टिसेस) के अलावा मौसम की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी. इसी प्रकार दुग्ध उत्पादकों के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी, दूध संग्रह एवं परिवहन केन्द्र के साथ-साथ दुग्ध मूल्य तथा इस क्षेत्र में अपनायी जाने वाली बेहतर कार्यप्रणाली की जानकारी शामिल होगी.
इस स्मार्ट फोन में नौकरी के आवेदकों के लिए भी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी. इसके माध्यम से आवेदन की सुविधा तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध नौकरियों की सूचनाएं भी मिल सकेंगी. विद्यार्थियों के लिए पठनीय सामग्री, प्रवेश एवं परिणाम की घोषणा से सम्बन्धित सूचनाएं भी एप में मिल सकेंगी. छोटे व्यवसायियों के लिए वित्तीय समावेशन से सम्बन्धित जानकारी के साथ-साथ ऐसे व्यापारियों के वास्ते सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं अनुदान की जानकारी के अलावा फोन के माध्यम से ही आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.
मोदी ने एरदोगान के समक्ष NSG और ओलांद के साथ पनडुब्बी लीक का मुद्दा उठाया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समूह 20 की शिखर बैठक से इतर तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तय्यप एरदोगान के साथ भारत के एनएसजी सदस्यता के प्रयासों का मुद्दा उठाया और साथ ही फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रास्वां ओलांद के साथ इंडियन स्कोर्पिन पनडुब्बी के गोपनीय आंकड़ों के लीक होने के मुद्दे पर चर्चा की।
इस पूर्वी चीनी शहर में शिखर बैठक के अंतिम दिन मोदी ने एरदोगान और ओलांद से अलग-अलग मुलाकात की। इससे पूर्व वह ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री थेरेसा मे से मिले और यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के अलग होने के फैसले के बाद के परिदृश्य में ‘अवसरों के निर्माण’ को लेकर उनसे चर्चा की।
एरदोगान के साथ अपनी मुलाकात में प्रधानमंत्री ने 48 सदस्यीय परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत की सदस्यता के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने यह जानकारी दी।
एरदोगान के साथ एनएसजी पर चर्चा महत्वपूर्ण थी क्योंकि तुर्की उन कुछ देशों में शामिल था जिसने चीन के साथ सोल में जून में एनएसजी की बैठक में भारत के शामिल होने का विरोध किया था। चीन ने यह कहते हुए आपत्ति जतायी थी कि भारत परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) का हस्ताक्षरकर्ता नहीं है।
तुर्की ने भी असंतुष्ट मुस्लिम नेता फतुल्लाह गुलेन के समर्थकों की भारत में मौजूदगी पर आपत्ति जतायी थी जिस पर तुर्की ने जुलाई के विफल सत्ता पलट की साजिश रचने का आरोप लगाया था। स्वरूप ने बताया कि तुर्की के साथ नागर विमानन संबंधों को बढ़ाने पर भी मुलाकात के दौरान चर्चा की गयी।
ओलांद के साथ अपनी द्विपक्षीय वार्ता में मोदी ने स्कोर्पिन श्रेणी की पनडुब्बियों से संबंधित संवेदनशील गोपनीय आंकड़ों के लीक होने का मामला उठाया। स्वरूप ने कहा, ‘यह मुद्दा भी उठा।’ फ्रांसीसी रक्षा कंपनी डीसीएनएस के सहयोग से मुंबई में भारतीय नौसेना के लिए बनायी जा रही छह अत्याधुनिक पनडुब्बियों की क्षमता के संबंध में 22 हजार से अधिक पन्नों के गोपनीय आंकड़े लीक हो गए थे। बताया जाता है कि ये आंकड़े विदेश में लीक हुए हैं।
दक्षिण एशिया में एक देश ‘आतंक के एजेंट’ फैला रहा है, जी-20 में पीएम मोदी
हांगझोउ: जी-20 शिखर सम्मेलन में पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि दक्षिण एशिया में ‘एक अकेला देश’ ‘आतंक के एजेंट’ फैला रहा है और इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद का प्रायोजन करने वालों को प्रतिबंधित और अलग-थलग किया जाना चाहिए.
मोदी ने पाकिस्तान का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए कहा, ‘‘दक्षिण एशिया में निश्चित तौर पर एक ऐसा देश है जो हमारे क्षेत्र के देशों में आतंक के एजेंट फैला रहा है.’’ उन्होंने जी-20 के समापन सत्र के दौरान कहा, ‘‘हम आशा करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय एकसाथ बोलेगा और कदम उठाएगा तथा इस समस्या से लड़ने के लिए तत्कालिक आधार पर कदम उठायेगा. जो आतंकवाद का प्रयोजन और समर्थन करते हैं उनको अलग-थलग और प्रतिबंधित किया जाना चाहिए. उनको पुरस्कृत नहीं किया जाना चाहिए.’’
प्रधानमंत्री ने आतंकवाद का वित्तपोषण करने की समस्या का मुकाबला करने को लेकर जी-20 की ओर से उठाए कदमों की सराहना करते हुए इस बात पर जोर दिया कि सभी देशों को ‘वित्तीय कार्यबल’ (एफएटीएफ) के मानकों को पूरा करना चाहिए. मोदी ने कहा, ‘‘आतंक और हिंसा की बढ़ रही ताकतें एक बुनियादी चुनौती खड़ी करती हैं. ऐसे कुछ देश हैं जो राष्ट्र की नीति के औजार के तौर पर इसका इस्तेमाल करते हैं. आतंकवाद को लेकर भारत की बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की नीति है. क्योंकि उससे कुछ भी कम पर्याप्त नहीं होगा.’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए आतंकवादी आतंकवादी हैं.’’ मोदी का यह बयान उस वक्त आया है जब एक दिन पहले भारत और ब्रिक्स के अन्य सदस्य देशों ने आतंकवाद का मुकाला करने के लिए प्रयास तेज करने का आह्वान किया था.
ओबामा ने साउथ चाइना सी को लेकर चीन को दी चेतावनी
चीन के आक्रामक आचरण के लिए उसे परिणामों का सामना करने की चेतावनी देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने साम्यवादी देश से कहा है कि वह विवादित दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में अपने पड़ोसियों को चिंतित करने से बचे। ओबामा ने कहा राष्ट्रपति शी (चिनफिंग) को संदेश देने के लिए मैंने जो कहा वह यह है कि अमेरिका संयंम बरत कर यहां तक पहुंचा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जी़ 20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन जाने से पहले सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में कहा हम अंतरराष्ट्रीय मानकों और नियमों का पालन इसलिए नहीं करते क्योंकि ऐसा करना है बल्कि इसलिए करते हैं क्योंकि हम इन्हें मानते हैं, दीर्घकाल में एक मजबूत अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बनाना हमारे हित में है। और मेरा मानना है कि दीर्घ काल में यह चीन के हित में भी होगा।
ओबामा ने कहा इसलिए जहां भी हमने उन्हें अंतरराष्ट्रीय नियमों और मानकों का उल्लंघन करते देखा, जैसा कि हमने दक्षिण चीन सागर में कुछ मामलों में देखा या आर्थिक नीति के संबंध में उनका जो आचरण रहा तो हम बहुत दढ़ रहे हैं। और हमने उन्हें संकेत दिया है कि इसके परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा अमेरिका ने चीन को जिन बातों पर जोर देने की कोशिश की है, वह यह कि अगर वह अंतरराष्ट्रीय नियमों और मानकों के मुताबिक काम कर रहा है तो उन्हें भागीदार होना चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा ऐसा कोई कारण नहीं है कि दोनों देशों के लिए खतरा बनीं अंतरराष्ट्रीय समस्याओं से निपटने की बात हो तो वाणिज्यिक संदर्भ में चीन और अमेरिका दोस्ताना प्रतिस्पर्द्धी तथा महत्वपूर्ण भागीदार नहीं बन सकते। ओबामा ने कहा कि अरसे से चीन में एक कम्युनिस्ट पार्टी का शासन रहा है जो अतीत में कहीं अधिक पश्चिम विरोधी रही है।
उन्होंने कहा बीते 20 सालों को देखें तो 90 के दशक में और राष्ट्रपति के पद पर मेरे कार्यकाल की शुरूआत से, सरकार प्रायोजित पूंजीवाद और निर्यातोन्मुखी माॠडल जहां बेहद सफल रहा वहीं चीन की इसका लाभ उठाने में दिलचस्पी कम रही है। राष्ट्रपति ने कहा लेकिन आप एक अरब से अधिक की आबादी के साथ दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक हैं। इसलिए यह अपेक्षा की जाती है कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में आपकी भूमिका भी बड़ी होगी। और हम लगातार कहते रहे हैं कि हम अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करने वाले चीन के शांतिपूर्ण उदय का स्वागत करते हैं। यह सबके लिए अच्छा है। एक शक्तिहीन और बिखरता चीन सबके लिए खतरनाक होगा।
'हॉकी खिलाड़ियों को ट्रेन के फर्श पर बिठाने की बात झूठी': रेलवे
नई दिल्ली। रेलवे ने कहा कि उन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है जिनमें कहा गया था कि भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों को रियो ओलिंपिक से लौटने के बाद रांची से राउरकेला लौटते समय ट्रेन के फर्श पर बैठने के लिए मजबूर किया गया।
रेलवे ने बयान में कहा- “इसमें भी सच्चाई नहीं है कि बोकारो अलेपी एक्सप्रेस के टीटीई ने उन्हें बोगी के फर्श पर बैठने के लिए कहा था।” रेलवे ने कहा कि हॉकी खिलाड़ी रांची एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन पहुंचीं और उन्होंने शनिवार को ट्रेन पकड़ी। रेलवे अधिकारियों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी जिससे वे खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्था कर सकते थे। रेलवे ने कहा- “हालांकि जब खिलाड़ी प्रतीक्षा सूची वाले टिकटों के साथ ट्रेन में सवार हुईं तो टीटीई ने उनको सीट उपलब्ध कराने में केवल 20 मिनट का समय लिया।” रेलवे ने कहा है कि हॉकी खिलाड़ियों के मन में भारतीय रेलवे के प्रति किसी तरह की दुर्भावना नहीं है और उन्होंने अधिकारियों से भी यह बात कही। बयान में कहा गया है- “उन्होंने इसके साथ ही कहा कि वे अपने परिजनों से मिलने को उत्सुक थीं और इसलिए उन्होंने इसलिए जल्दी घर पहुंचने की योजना बना ली जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई।”
टी-20 रैंकिंग: टॉप 5 में अश्विन की वापसी, कोहली नंबर वन
टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान विराट कोहली मंगलवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की ओर से जारी टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप पर बने हुए हैं, जबकि स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन आईसीसी टी-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप-5 में वापसी करने में सफल रहे।
अश्विन ने तीन स्थानों की छलांग लगाते हुए चौथा स्थान हासिल किया। इनके अलावा रोहित शर्मा और लोकेश राहुल भी बल्लेबाजी रैंकिंग में सुधार करने में सफल रहे। रोहित ने पांच स्थान की छलांग लगाई और 17वें पायदान पर पहुंच गए, जबकि लोकेश राहुल ने 67 स्थानों की लंबी छलांग लगाते हुए रैंकिंग में 31वां स्थान हासिल कर लिया।
लोकेश राहुल को हाल ही में अमेरिकी धरती पर वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए इंटरनेशनल टी-20 मैच में नॉटआउट सेंचुरी लगाने का फायदा मिला है। लोकेश राहुल ने इस मैच में 110 रनों की नॉटआउट पारी खेली थी, हालांकि बेहद रोमांचक रहे इस मैच में भारत को एक रन से हार झेलनी पड़ी थी।
इसी सीरीज में वेस्टइंडीज की ओर से सेंचुरी लगाने वाले एविन लुईस ने भी 288 स्थानों की छलांग लगाई और 51वें पायदान पर पहुंच गए। आईसीसी टी-20 गेंदबाजों की वरीयता सूची में वेस्टइंडीज के सैमुअल बद्री टॉप पर हैं, जबकि चौथे पायदान पर पहुंचे अश्विन टॉप वरीय भारतीय गेंदबाज हैं।
वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े स्कोर के सामने पस्त पाकिस्तान
नॉटिंघमः पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में इंग्लैंड ने वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर नया इतिहास रच दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मजेबान टीम ने तीन विकेट खोकर निर्धारित 50 ओवर में 444 रन बनाए. जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम मात्र 275 रन ही बना सकी. इस मैच में पाक को 169 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
445 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरूआत अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज समी असलम 13 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए. तब पाक का स्कोर 21 रन था. इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे अजहर अली भी कुछ खास नहीं कर पाए और 14 गेंदों में दो चौको की मदद से मात्र 13 रन बना पाए.
हालांकि सलामी बल्लेबाज शरजील खान ने कुछ दम दिखाया और तेज खेलते हुए अपनी हॉफ सैंचुरी पूरी की लेकिन शरजील भी 12 चौके और दो छक्के लगाकर 58 रन बनाकर आउट हो गए. इस वक्त पाकिस्तान का स्कोर मात्र 83 रन था.
पाकिस्तान की तरफ से कोई बल्लेबाज खास टिक्कर नहीं खेल पाया. पाक की तरफ से सरफराज अहमद ने 38, मोहम्मद नवाज़ ने 34 रन बनाए. हालांकि बल्लेबाजी में पुछल्लों ने भी कुछ दम दिखाया. वाहब रियाज ने 14 और यासिर शाह ने नाबाद 26 रनों की पारी खेली.
पाकिस्तान के 199 के स्कोर पर ही 9 विकेट गिर गए थे. लेकिन इसके बाद गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने बल्लेबाजी में दम दिखाया. आमिर ने 28 गेंदों पर 5 चौको और 4 छक्कों की मदद से 58 रन बनाएं. आमिर ने अपनी इस पारी से पाक को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया. इसके बाद पाकिस्तान की पूरी टीम 275 रनों पर ऑल आउट हो गई.
इंग्लैंड के लिए सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने 122 गेंद पर 4 चौके और 22 छक्के के साथ 171 रन की पारी खेली जो वनडे इतिहास में इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी पारी है. इससे पहले रॉबिन स्मिथ ने 1993 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 167 रन की पारी खेली थी.
हेल्स के अलावा जो रूट ने 86 गेंद पर 85, जोल बटलर ने सात चौके और सात छक्के की मदद से 51 गेंद पर 90 रन की तूफानी पारी खेली. बटलर ने अपने देश के लिये सबसे तेज अर्धशतक लगाने का नया रिकॉर्ड बनाया. उनके साथ कप्तान इयान मोर्गन 27 गेंद पर 53 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 161 रन की साझेदारी कर टीम को सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाया.
इससे पहले वनडे में सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका के नाम था श्रीलंका ने 2006 में नादरलैंड के खिलाफ 9 विकेट पर 443 रन बनाए थे.
इंग्लैंड का इससे पहले सर्वाधिक स्कोर नौ विकेट पर 408 रन था जो उसने पिछले साल बर्मिंघम में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था. इंग्लैंड ने आखिरी दस ओवरों में 135 रन जोड़े और यह भी नया रिकॉर्ड है.
अनुराग ने बताया कुछ ऐसी होगी रणबीर-कैटरीना की 'जग्गा जासूस'
बॉलीवुड फिल्म मेकर अनुराग बसु अपनी आने वाली फिल्म ‘जग्गा जासूस’ को बच्चों की फिल्म मानते हैं। नृत्य पर आधारित डांस रियलिटी शो ‘डांस का कल-सुपर डांसर’ में पहुंचे अनुराग ने प्रेस से मुखातिब होते हुए कहा, ‘जब बर्फी की स्क्रीनिंग चल रही थी, सभी खुश थे। जब फिल्म का परीक्षण चल रहा था, मैंने सोचा कि सब इस फिल्म को पसंद करेंगे, लेकिन मेरी बेटी को यह फिल्म समझ में नहीं आई और वह ज्यादा प्रभावित भी नहीं हुई। इसलिए मैंने बच्चों के लिए फिल्म बनाने की सोची और ‘जग्गा जासूस’ बच्चों के लिए बनी फिल्म है।’
वह इस शो में शिल्पा शेट्टी और गीता कपूर के साथ निर्णायक मंडल में शामिल हैं। अनुराग कहते हैं कि इस शो में वह निर्णायक की अपेक्षा दर्शक ज्यादा हैं। ‘जग्गा जासूस’ हास्य पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में रणबीर कपूर, कैटरीना कैफ और अदा शर्मा हैं। फिल्म सात अप्रैल 2017 को रिलीज होने की उम्मीद है।
फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' में ऐश्वर्या राय और अनुष्का के रोल की डिटेल्स हुईं लीक
फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ में अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय बच्चन के कैरेक्टर की जानकारी लीक हो गई है। यह काम किसी और ने नहीं बल्कि फिल्म के डायरेक्टर करण जौहर ने किया है। हाल ही में एक बात चीत ने दौरान करण जौहर ने कहा कि ऐश्वर्या ने इस तरह का किरदार पहले कभी नहीं निभाया है। इस पर बोलते हुए उनके मुंह से निकल गया कि ऐश्वर्या राय इस फिल्म में एक पोएट के रोल में नजर आने वाली हैं। अनुष्का शर्मा के रोल के बारे में बताते हुए करण जौहर ने बताया कि फिल्म में अनुष्का का किरदार एक खराब फैमिली से आता है। दोनों एक्ट्रेसेज ने फिल्म में स्ट्रॉन्ग महिलाओं का रोल किया है।
बता दें कि रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा, ऐश्वर्या राय बच्चन और फवाद खान स्टारर फिल्म ऐ दिल है मुश्किल का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज किया गया था। रिलीज होते ही ट्रेलर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया । लंबे इंतजार के बाद सामने आए इस ट्रेलर को काफी पसंद किया जा रहा है। इस ट्रेलर में ऐश्वर्या राय, रणबीर कपूर, फवाद खान और रणबीर कपूर सभी कलाकारों की झलक है। लेकिन किसी के भी बारे में खुलकर नहीं बताया गया है। ट्रेलर की शुरुआत में रणबीर कपूर फिल्म का टाइटल सॉन्ग गाते हुए दिख रहे हैं। इस ट्रेलर को ट्वीट करते हुए करण ने लिखा कि यह इकतरफा प्यार, गहरी दोस्ती और दिल टूटने की कहानी है। इस ट्रेलर में ऐश्वर्या राय और रणबीर कपूर के कुछ रोमांटिक सीन्स भी हैं।







