Home Blog Page 718

उत्तराखंड : STF का एक और एक्शन, गोवा से नक़ल माफिया का गुर्गा गिरफ्तार

0

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्त चयन सेवा आयोग (UKSSSC) पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने एक और नकल माफिया को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसटीएफ ने गोवा में जाकर एक्शन लिया है। अब तक पेपर लीक कांड में 30 नकल माफिया गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश के नकल माफिया का गुर्गा है और गोवा में घूम रहा था। स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने माफिया और सौदागर के बीच की एक और कड़ी को जोड़ने में सफलता हासिल की है।

पूर्व में गिरफ्तार नकल माफिया से पूछताछ और साक्ष्यों पर एसटीएफ की एक टीम को संदिग्ध की जानकारी के लिए गोवा भेजा गया था। जहां पर अभियुक्त फिरोज हैदर को नॉर्थ गोवा में पणजी से गिरफ्तार करने में सफलता मिली ह

फिरोज हैदर लखनऊ के माफिया गिरोह का सदस्य था, जो परीक्षा के प्रश्न पत्र लेकर अन्य के साथ हल्द्वानी आया और शशिकांत को उपलब्ध कराया था। गहन पूछताछ और साक्ष्यो से अभियुक्त का धामपुर जाना और वहा के नकल माफिया केंद्रपाल से संपर्क में होने की भी पुष्टि हुई है।

अभियुक्त का नाम/पता
फिरोज हैदर पुत्र सैयद मोहम्मद रिजवी निवासी प्लॉट नंबर 2 श्याम विहार कॉलोनी सीतापुर रोड लखनऊ

उत्तराखंड: शासन ने किया बड़ा बदलाव, 13 IAS और 10 PCS अफसरों के विभागों में बदलाव

0

देहरादून: धामी सरकार ने एक बार शासन में बड़ा बदलाव किया है। शासन ने 13 आईएएस अधिकारियों के साथ ही 10 पीसीएस अधिकारियों को ट्रांसफर कर दिया। इस सूची में हाल ही में पीसीएस से प्रमोट होकर आईएएस बने कुछ अधिकारियों को भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई। बड़े प्रशासनिक फेरबदल में सचिव सचिन कुर्वे भी कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से विदा हो गए हैं। कुर्वे विभागीय तबादलों को लेकर मंत्री से तनातनी के लिए चर्चाओं में रहे थे।

इस विभाग के बदले शासन ने कुर्वे को राजस्व विभाग की जिम्मेदारी दी है। अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन राजस्व विभाग से मुक्त कर दिए गए हैं। सचिव कार्मिक शैलेश बगौली ने देर शाम तबादला आदेश जारी किए। आदेश के मुताबिक, बगौली से कृषि व कृषक कल्याण का प्रभार हटाकर बृजेश संत को दिए गए हैं। संत को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के उपाध्यक्ष पद से विदा कर ये जिम्मेदारी डीएम देहरादून सोनिका को दिया गया है। संत खनन महानिदेशक के साथ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों का दायित्व भी देखेंगे।

सचिव (प्रभारी) दीपेंद्र चौधरी से राजस्व हटाकर उन्हें शहरी विकास का जिम्मा दिया गया है। अपर सचिव रणवीर सिंह को सूचना व महानिदेशक सूचना के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। अपर सचिव बंशीधर तिवारी नए सूचना महानिदेशक बनाए गए हैं। उनके बाकी विभाग यथावत रखे गए हैं।

विदेश से लौटे सविन बंसल को अपर सचिव आपदा प्रबंधन, परियोजना प्रबंधक यूईएपी बनाया गया है। सचिव लोक सेवा आयोग से मुक्त कर कर्मेंद्र सिंह को अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता, समाज कल्याण व आयुक्त निशक्तजन बनाया गया है। अपर सचिव डॉ. मेहरबान सिंह से खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले व आयुक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति का दायित्व दिया गया है।

अपर सचिन आनंद श्रीवास्तव से परियोजना प्रबंधक यूईएपी का दायित्व हटा दिया गया है। गिरधारी सिंह रावत को सचिव लोक सेवा आयोग हरिद्वार भेजा गया है। उनसे युवा कल्याण, खेल, निदेशक, युवा कल्याण का दायित्व हटा दिया गया है। अपर सचिव जितेंद्र कुमार सोनकर को आपदा प्रबंधन से मुक्त कर युवा कल्याण, खेल निदेशक बनाया गया है। अपर सचिव प्रताप सिंह शाह खाद्य आपूर्ति व अपर आयुक्त पद से मुक्त कर दिए गए हैं।

अपर सचिव चंद्र सिंह धर्मशक्तू से समाज कल्याण व आयुक्त निशक्तजन हटा दिया गया है। अपर सचिव मदन मोहन सेमवाल की मुख्यमंत्री कार्यालय से विदाई हो गई है। पीसीएस अरविंद कुमार पांडेय को सचिव मानवाधिकार आयोग बनाया गया है। कृष्ण कुमार मिश्र अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी के पद से विदा कर दिए गए हैं।

अब यह जिम्मेदारी पीसीएस श्याम सिंह राणा संभालेंगे। उन्हें रोडवेज के जीएम पद से मुक्त किया गया है। डॉ. शिव कुमार को डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी निदेशक के पद से मुक्त कर दिया गया है। मनीष बिष्ट को चंपावत से तबादला कर ऊधमसिंह नगर के उप जिलाधिकारी व सिडकुल पंतनगर का क्षेत्रीय प्रबंधक पद पर भेजा गया है।

CM केजरीवाल का दावा, 10 दिन में गिरफ्तार होंगे मनीष सिसोदिया, अन्ना को लेकर कही ये बात

0

नई दिल्ली : दिल्ली के CM मुख्यमंत्री केजरीवाल  ने दावा किया है उप मुख्यमंत्री सिसोदिया को सीबीआई द्वारा अनौपचारिक क्लीन चिट दी गई लेकिन राजनीतिक दबाव के तहत उन्हें हफ्ते-दस दिन के अंदर गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही अन्ना हजारे द्वारा लिखे पत्र को लेकर कहा कि उन्होंने BJP अन्ना हजारे का इस्तेमाल कर रही है, क्योंकि लोग उनके शराब घोटाले के आरोपों पर विश्वास नहीं करते।

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर उनकी सरकार की नै आबकारी नीति की निंदा की है। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री ‘सत्ता के नशे में चूर लगते हैं’। हजारे ने यह भी कहा है कि एक ऐतिहासिक आंदोलन को नुकसान पहुंचाने के बाद जन्मी पार्टी अब दूसरे दलों के रास्ते पर है, जो पीड़ादायी है। हजारे ने कहा कि नयी नीति से शराब की बिक्री और खपत को बढ़ावा मिलेगा तथा भ्रष्टाचार भी बढ़ेगा।
दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना ने पिछले महीने दिल्ली की आबकारी नीति 2021-22 के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं के मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। हजारे ने महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में अपने गांव रालेगण सिद्धि में पूरी तरह शराब प्रतिबंध का हवाला देते हुए अपने पूर्व सहयोगी केजरीवाल को उनकी पुस्तक ‘स्वराज’ के बारे में याद दिलाया जिसमें शराब पर पाबंदी की वकालत की गयी है।

45,026 महिलाओं ने की खुदकुशी, देश के इस शहर में होते हैं कम दुष्कर्म

0

नई दिल्ली: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 2021 में देश में 45,026 महिलाओं ने खुदकुशी की। इनमें आधी से ज्यादा गृहिणियां थीं। एनसीआरबी ने दुष्कर्म को लेकर अपनी रिपोर्ट में कहा कि देश के 19 शहरों में से कोलकाता में दुष्कर्म के मामले सबसे कम दर्ज हुए हैं।

एनसीआरबी की एक नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में देश भर में कुल 1,64,033 लोगों ने आत्महत्या की है, जिनमें से 1,18,979 पुरुष थे। आत्महत्या करने वाली महिलाओं में सबसे ज्यादा 23,178 गृहिणियां थीं। उनके बाद विद्यार्थियों और दैनिक वेतन भोगियों का स्थान है। कुल 5,693 विद्यार्थियों और 4,246 दैनिक वेतनभोगियों ने खुदकुशी की। आत्महत्या करने वालों में 66.9 फीसदी (1,64,033 में से 1,09,749) विवाहित थे जबकि 24.0 फीसदी (39,421) अविवाहित थे।

गृहिणियों के सुसाइड मामलों को देखें तो तमिलनाडु में सर्वाधिक 3,221 ने खुदकुशी की। इसके बाद मध्य प्रदेश का नाम आया, जहां 3055 ने तो महाराष्ट्र में 2861 ने आत्महत्या की। प्रतिशत वार देखें तो तमिलनाडु में सर्वाधिक 13.9 फीसदी, मध्य प्रदेश में 13.2 फीसदी और महाराष्ट्र में 12.3 फीसदी गृहिणियों ने खुदकुशी की।

रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में 2021 में 19 महानगरों में से कोलकाता में दुष्कर्म के मामले सबसे कम रहे। रिपोर्ट के अनुसार 2021 में कोलकाता में दुष्कर्म के मामले 11 थे, वहीं दिल्ली महानगर में दुष्कर्म के मामले देश में सबसे ज्यादा 1,226 हुए। जयपुर में 502, वहीं मुंबई में दुष्कर्म के 364 मामले दर्ज किए गए। कोलकाता के अलावा तमिलनाडु के कोयंबटूर में भी दुष्कर्म के केवल 12 मामले सामने आए, पटना में ऐसे मामलों की संख्या 30 रही।

एनसीआरबी रिपोर्ट के अनुसार मध्य प्रदेश के इंदौर में 165, बेंगलुरु में 117, हैदराबाद में 116 और नागपुर में दुष्कर्म के 115 मामले सामने आए। कोलकाता का नाम उन शहरों में भी शामिल है जहां दुष्कर्म के प्रयास का भी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। यहां 2019 में दुष्कर्म के 14 वहीं 2020 में 11 मामले थे।

राजस्थान में पिछले वर्ष दुष्कर्म के सबसे अधिक 6,337 मामले दर्ज किए गए, जबकि नगालैंड में सबसे कम चार मामले दर्ज हुए। पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म के 1,123 मामले दर्ज किए गए। सब मिलाकर देश में पिछले साल दुष्कर्म के 31,677 मामले दर्ज हुए।

फ्लाइट टिकट से जुडी बड़ी खबर, जेब ढीली करने के लिए रहें तैयार

0

फ्लाइट टिकट और हवाई किराए में कल बुधवार से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बुधवार, 31 अगस्त से घरेलू हवाई टिकटों पर सरकार प्राइस कैपिंग खत्म कर रही है। यानी कि अब सरकार किराए की अधिकतम सीमा की निगरानी करना बंद कर देगी। इससे विमान कंपनियों को अपने हिसाब से किराया घटाने-बढ़ाने की छूट मिल जाएगी।

दरअसल, सरकार ने कोरोना महामारी के प्रसार के बाद एयरलाइन कंपनियों द्वारा फ्लाइट के किराए की अधिकतम और न्यूनतम सीमा तय कर दी थी। इसका पालन करना एयरलाइन कंपनियों के लिए अनिवार्य बना दिया गया था। कल से यह प्राइस कैप खत्म हो जाएगा।

प्राइज कैप के खत्म होने के बाद अहम सवाल यह है कि अब टिकटों के दाम घटेंगे या बढ़ेंगे। सरकार का किराया बैंड, जो घरेलू उड़ानों के लिए ऊपरी और निचली कीमत की सीमा निर्धारित करता है, 31 अगस्त को वापस ले लिया जाएगा। अब एयरलाइंस सरकार से किसी भी कैपिंग के बिना किराए को कम करने या बढ़ाने के लिए स्वतंत्र हैं।
ज्यादा संभावना इस बात की है कि पहले की तरह व्यस्त सीजन के दौरान विमान कंपनियां टिकट के दाम बढ़ा देंगी। खराब मौसम और ऑफ सीजन के दौरान टिकट सस्ते होंगे। यदि आप इस दिवाली अपने घर जाने की योजना बना रहे हैं तो टिकट बुक करने का यह सही समय है। कैपिंग हटने के बाद अब टिकटों के दाम बढ़ने की पूरी आशंका है। अधिकांश जगहों के लिए नॉन-स्टॉप उड़ान का किराया पिछले कुछ महीनों की तुलना में सितंबर में सबसे सस्ता है।

 

एक उदाहरण के तहत, सितंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली से मुंबई का सबसे सस्ता रिटर्न टिकट 7,800 रुपए है। जब किराए की सीमा तय की गई थी तो उस समय इसके लिए करीब 12,000 रुपये खर्च होते थे। त्योहारी सीजन के दौरान घरेलू हवाई टिकटों की मांग अधिक होगी। चूंकि किराया सीमा हटा दी गई है, इसलिए किराया डिमांड और सप्लाई के आधार पर तय होगा।

उत्तराखंड: धूमधाम से मनाया जा रहा ज्योतिष्पीठाधीश्वर जंगदगुरु शंकराचार्य का 99वां जन्मदिन

0

जोशीमठ: ज्योतिष्पीठाधीश्वर ओर द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती महाराज के 99वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। उनके जन्मदिन पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उनके जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने पहुंचे हैं।

जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन 64 योगिनी सभा परिसर जोशीमठ में किया जा रहा है। मुक्तानंद महाराज ने बताया कि जन्मोत्सव पर देशभर में आयोजन किया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों में महाराज के शिष्य और भक्त उनका जन्मोत्सव मना रहे हैं।

क्या गिल के साथ डेट पर हैं सारा, सामने आई तस्वीर

0

बॉलीवुड और क्रिकेट का पुराना याराना है। क्रिकेटर और बॉलीवुड एक्ट्रेस के बेच अफेयर पहले भी होते रहे हैं। अब सारा अली खान एक तरह जहां अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर सुर्खियों में हैं। तो वहीं इसी बीच उनकी कुछ तस्वीरें वायरल हुई हैं जिसके बाद एक्ट्रेस के लव अफेयर की चर्चा हो रही है। सामने आई इन तस्वीरों में एक्ट्रेस किसी बॉलीवुड हैंडसम हंक के साथ नहीं बल्कि टीम इंडिया के बल्लेबाज शुभमन गिल के साथ नजर आ रही हैं। फोटो में दोनों किसी रेस्त्रां में डिनर करते दिख रहे हैं।

इस तस्वीर को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि कार्तिक से ब्रेकअप के बाद सारा अब शुभमन को डेट कर रही हैं। फोटो में देखा जा रहा है कि एक तरह शुभमन बैठे हुए तो वहीं दूसरी और सारा बैठी हुई। सारा के पास रेस्त्रां का एक वेटर खड़ा हुआ है जिसे वो कुछ ऑडर करती नजर आ रही है।  सारा अली खान से पहले क्रिकेटर का नाम सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर से जुड़ा था। हालांकि सारा और शुभमन न तो कभी एक साथ दिखे और न ही कभी इन खबरों पर कोई बयान दिया था।

सारा अली खान इससे पहले दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत को डेट किया था। फिल्म केदारनाथ की शूटिंग के दौरान दोनों रिलेशनशिप में आए थे। वहीं फिल्म रिलीज के बाद दोनों के रास्ते अलग-अलग हो गए थे। दोनों ने कभी भी इस रिश्ते को लेकर बात नहीं की। सुशांत सिंह राजपूत के बाद एक्ट्रेस का दिल कार्तिक आर्यन पर आया था। करण जौहर के चैट शो कॉफी विद करण में सारा ने कहा था कि उन्हें कार्तिक बहुत क्यूट लगते हैं और वो उन्हें डेट करना चाहती हैं। इसके बाद सारा और कार्तिक ने लव आज कल में साथ में काम किया और दोनों में प्यार हुआ। कार्तिक आर्यन के साथ भी करीब साल दो साल तक रिलेशनशिप में रही। हालांकि, अब दोनों अलग हो चुके हैं। वहीं अब क्रिकेटर के साथ  तस्वीरें वायरल हुई है।

युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, सड़क किनारे शव फेंककर फरार

0

रुड़की : पथरी गांव निवासी एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपी शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को युवक की बाइक घटनास्थल पर मिली है। मृतक की पहचान उसके आधार कार्ड से सतवीर निवासी इक्कड़ थाना पथरी के रूप में हुई है। आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने हत्या की सूचना परिजनों को दे दी है।

CO रुड़की विवेक कुमार ने बताया कि सालियर से मंगलौर जा रहे बाईपास पर पनियाला के समीप मंगलवार की सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की गला रेत कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है।

मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। बताया गया है कि युवक पंजाब जाने के लिए निकला था। उसके साथ दो युवक और थे। पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

शराब घोटाले के सबूत बैंक लॉकर में तलाश रही CBI, पत्नी संग सिसोदिया भी मौजूद

0

नई दिल्ली : कथित शराब घोटाले को लेकर CBI दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बैंक लॉकर की तलाश कर रही है। गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित मेवाड़ कॉलेज के PNB बैंक में CBI के साथ दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और उनकी पत्नी मौजूद हैं। एक बैंक अधिकारी और सिसोदिया की के सामने CBI की टीम लॉकर की तलाशी ले रही है। बैंक का दरवाजा बंद कर दिया गया है। किसी को अंदर से बाहर या बाहर से अंदर जाने की रोक है।

इससे पहले 19 अगस्त को मनीष सिसोदिया के घर CBI ने 14 घंटे तक तलाशी ली थी। सीबीआई ने उनके घर से कुछ दस्तावेज और डिवाइस अपने कब्जे में लिया था। सीबीआई ने उनके लॉकर को भी सीज करा दिया था। आज सिसोदिया की मौजूदगी में इसे खोला गया है। रविवार को सिसोदिया ने ट्वीट करके यह जानकारी दी थी कि सीबीआई की टीम अब लॉकर की जांच करने जा रही है।

सिसोदिया ने कल ट्वीट किया कि कल CBI हमारा बैंक लॉकर देखने आ रही है। 19 अगस्त को मेरे घर पर 14 घंटे की रेड में कुछ नहीं मिला था। लॉकर में भी कुछ नहीं मिलेगा। CBI का स्वागत है। जांच में मेरा और मेरे परिवार का पूरा सहयोग रहेगा।

उत्तराखंड में यहां हुआ जहरील गैस का रिसाव, 34 लोगों की बिगड़ी तबीयत, SDM भी शामिल

0

IMG 20220828 WA0000

रुद्रपुर: आज सुबह कबाड़ी दुकान में रखे गैस सिलेंडर से अचानक जहरीली गैस का रिसाव हो गया। ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर में कबाड़ी की दुकान में रखे गैस सिलेंडर से जहरीली गैस का रिसाव हो गया। गैस की चपेट में आकर कई लोग बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, सीओ, फायर ब्रिगेड की टीम, और पुलिस जवान मौके पर पहुंचे।

एसडीएफ और कुछ अन्य लोग भी गैस रिसाव की चपेट में आ गए। किच्छा के एसडीएफ कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव और एसडीआरएफ के करीब आठ जवानों की भी तबीयक बिगड़ गई। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गैस का रिसाव होने से वहां आस-पास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। साथ ही उल्टी होने की समस्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बेहोश हुए करीब 34 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां जिला अस्पताल का आईसीयू वार्ड भी फुल हो गया है। डीएम युगल किशोर पंत व एसएसपी डॉण् मंजूनाथ टीसी अस्पताल पहुंचे और गैर की चपेट में आए अधिकारियों और अन्य लोगों का हाल जाना।

IMG 20220818 WA0000