Home Blog Page 697

टूट गए सारे रिकॉर्ड, अब तक के सबसे निचले स्तर पर रुपया

0

नई दिल्ली: डॉलर के मुकाबले रुपया गुरुवार को अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। गुरुवार को रुपया 80.27 पर खुला और शुरुआती ट्रेंड में यह 80.47 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं, दूसरी तरफ डॉलर 20 साल के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। बता दें, बुधवार को एक डॉलर की कीमत 79.98 रुपये थी।

डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत गिरने की एक बड़ी वजह यूएस फेड के द्वारा ब्याज दरों को बढ़ाया जाना है। बुधवार को यूएस फेड ने मंहगाई को नियंत्रित करने के 0.75 बेसिस प्वाइंट ब्याज दर बढ़ाया था। इससे पहले जुलाई में भी यूएस फेड के द्वारा ब्याज दरों में इजाफा किया गया था। बता दें, रुपये की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय बैंक ने जुलाई में 19 अरब डॉलर के रिजर्व को बेच दिया था। लेकिन स्थिति बहुत बेहतर नहीं हुई है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स को नाम ना छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि बाजार के बुनियादी अनुरूप कमजोर रुपया हमारे लिए चिंता का विषय नहीं है। अधिकारी के अनुसार भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए काफी मददगार साबित होगा। इससे इंपोर्ट घटेगा और एक्सपोर्ट बढ़ेंगा।” हालांकि, इस पूरे मसले पर अभी वित्त मंत्रालय ने कोई कमेंट नहीं किया है।

इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.88 प्रतिशत चढ़कर 111.61 पर आ गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.49 प्रतिशत बढ़कर 90.27 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 461.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

बड़ी खबर: PFI के खिलाफ बड़ा एक्शन, 10 राज्यों में छापेमारी, परवेज अहमद गिरफ्तार

0

नई दिल्ली: पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया यानी पीएफआई के खिलाफ देशभर में पहली बार एक साथ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। दिल्ली में भी एनआईए की छापेमारी चल रही है। जांच एजेंसी ने दिल्ली में PFI के हेड परवेज आलम को गिरफ्तार किया गया है। आतंकी कनेक्शन को लेकर जांच एजंसियों के रडार पर आई एजेंसी के 3 एजेंट को दिल्ली में पकड़ा गया है। नोएडा में भी एटीएस और एनआईए की टीम छापेमारी कर रही है।

इस बीच दिल्ली में एनआईए के दफ्तर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। देश के कई हिस्सों में छापेमारी के खिलाफ संगठन के सदस्य सड़कों पर विरोध जताने उतर गए हैं। एनआईए और ईडी ने गुरुवार सुबह 10 राज्यों में आतंकी वित्त पोषण में कथित तौर पर शामिल संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान NIA और ED ने आतंकियों का कथित तौर पर समर्थन करने के आरोप में PFI के लगभग 100 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।’ अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी मुख्यत: दक्षिण भारत में की जा रही है और एनआईए ने इसे ‘अब तक का सबसे बड़ा जांच अभियान’ करार दिया है।

NIA ने कहा कि आतंकवदियों को कथित तौर पर धन मुहैया कराने, उनके लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करने और लोगों को प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ने के लिए बरगलाने में शामिल व्यक्तियों के परिसरों पर छापे मारे जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी दस राज्यों में की जा रही है और इस दौरान पीएफआई के शीर्ष नेताओं सहित लगभग 100 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा चुका है।

उत्तराखंड : कई जिलों में बारिश, गंगोत्री हाईवे बंद, तीर्थयात्री फंसे

0

देहरादून : राज्य में भारी बारिश की सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहरादून समेत कई जिलों में कल से बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने  भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी में भारी बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे दो जगह बाधित है। इससे हाईवे पर दो हजार से अधिक तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। रुद्रप्रयाग जिले में हल्की बारिश हो रही है। गौरीकुंड हाइवे फाटा से आगे तरसाली में भूस्‍खलन से अवरुद्ध हो रखा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिन हल्की से मध्यम वर्षा के आसार बन रहे हैं। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। जबकि, कुमाऊं के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तरकाशी में बुधवार की रात को हुई भारी बारिश के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्गू गाड़ और सुनगर के बीच बाधित है। राजमार्ग को खोलने का कार्य चल रहा है। राजमार्ग के बाधित होने के कारण 2,000 से अधिक तीर्थयात्री फंसे हुए हैं।

तेज बारिश के कारण देहरादून में सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे आवाजाही में दिक्कतें हुई। बीते रोज दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। इसके बाद कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का का दौर शुरू हुआ। कुमाऊं मंडल के नैनीताल और चम्पावत जिले में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, मैदानी क्षेत्र में मौसम सामान्य रहेगा। 24 के बादबारिश में कमी आएगी।

उत्तराखंड : भारी बारिश ने बरपाया कहर, मकान गिरने से महिला की मौत

0

उत्तरकाशी: राजभर में लगातार हो रही भारी बारिश तबाही मचा रही है। कई जगहों पर भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हैं, तो कहीं मकान गिरने की भी खबरें सामने आई हैं।

उत्तरकाशी जिले के कुमराड़ा गांव में देर रात अतिवृष्टि के कारण भारी नुकसान हुआ है। इस दौरान एक मकान ढह गया, जिसमें दबने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि, एक व्यक्ति घायल है।

IMG 20220922 WA0002

ग्राम प्रधान से मिली जानकारी के अनुसार देर रात लगभग 01:30 बजे तहसील चिन्यालीसौड़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कुमराडा के मुंडरा थोला नामे तोक में अतिवृष्टि के कारण एक आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हुआ है।

मकान गिरने से भट्टू देवी पत्नी जुरूलाल, उम्र लगभ 60 वर्ष की मकान के मलवा में दबने से मौत हो गई। जबकि जुरूलाल को हल्की चोटें आई, जो सुरक्षित हैं। महिला के शव को मलवा से निकालने का प्रयास लगातार जारी है।

वहीं, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्वारीगाड़/हेल्गुगाड़ के पास मार्ग बाधित है। BRO की ओर से मार्ग खोलने हेतु मशीनरी कार्यरत है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थान डाबरकोट के पास मार्ग बाधित है।

 

उत्तराखंड : राज्यपाल ने लगाई मुहर, 15 PCS अधिकारियों के प्रमोशन

0

देहरादून : उत्तराखंड शासन से आज की बड़ी खबर सामने आ रही है कि राज्य में उत्तराखंड सिविल सेवा कर्मचारी शाखा के श्रेणी वेतनमान ग्रेड पर 6600 में कार्यरत अधिकारियों को उत्तराखंड सिविल सेवा के चयन श्रेणी के वेतनमान 7600 ग्रेड पे में पदोन्नति किए जाने पर राज्यपाल ने स्वीकृति प्रदान की है।

देखें लिस्ट 

pcs promotion

उत्तराखंड : क्या मंत्रियों की छिनेगी कुर्सी, इसलिए लगाई जा रही अटकलें!

0

देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में कुछ ना कुछ चलता ही रहता है। इन दिनों भी प्रदेश की सियासी फिजाओं में चर्चाएं तैर रही हैं। हालांकि, इन चर्चाओं और बातों में कितनी सच्चाई है। यह कोई फैसला होने के बाद ही साफ हो पाएगा। भाजपा सरकार में भर्ती घोटालों का खुलासा होने के बाद से कुछ खिचड़ी पकनी शुरू हो गई थी। खासकर विधानसभा बैकडोर भर्ती और दूसरी भर्तियों में पार्टी नेताओं के नाम सामने आने के बाद से ही कुद बदलाव की बातें सामने आने लगी थी। इस बीच RSS के कुछ पदाधिकारियों के नाम भी सामने आए थे।

उत्तराखंड में भर्ती घोटालों के बाद सरकार में उथल-पुथल मची हुई है। तमाम तरह की अटकलें और कयास लगाए जा रहे हैं। अटकलों और कयासों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली पहुंचे तो इन अटकलों और कयासों ने और तेजी पकड़ ली। सूत्रों की मानें तो कैबिनेट में कुछ बदलाव हो सकता है।

यह भी माना जा रहा है राज्य कैबिनेट में खाली तीन मंत्री पदों पर भी जल्द फैसला हो सकता है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री से मंत्रियों और विधायकों की परफारमेंस रिपोर्ट मांगी गई थी। रिपोर्ट लेकर सीएम धामी आज भी दिल्ली में ही हैं और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने के साथ ही राज्य के जरूरी मसलों पर चर्चा कर सकते हैं।

नवरात्र पर्व के आसपास मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल का विस्तार या उसमें फेरबदल कर सकते हैं। उनके मंत्रिमंडल में तीन मंत्री पद खाली हैं। इसके अलावा बैक डोर भर्ती मामले की जांच रिपोर्ट आनी है। जानकारों का मानना है कि यदि जांच समिति बैकडोर नियुक्तियों को रद्द करने की सिफारिश करती है तो तत्कालीन स्पीकर जो वर्तमान में कैबिनेट मंत्री हैं, पर नैतिक दबाव बना सकते हैं।

फिर एक बार सोना हुआ सस्ता, 49 हजार के करीब पहुंचे दाम…

0

सोने के भाव में आज फिर एक बार गिरावट देखने को मिल रही है। ये लगातार दूसरा दिन है जब सोने के दामों में गिरावट देखी जा रही है। इससे पहले कल मंगलवार के दिन सोना सस्ता हुआ था। आज की गिरावट के साथ सोने की कीमत 49 हजार के पास पहुंच गई है। अंतरराष्‍ट्रीय बाजार की बात करें तो आज अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोना और चांदी दोनों के दामों में गिरावट आई है। लेकिन भारतीय वायदा बाजार में चांदी कीमत में बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार की कीमतों की बात करें तो मंगलवार को एमसीएक्‍स पर सोना 91 रुपये गिरकर 49211 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

वहीं, चांदी भी 319 रुपये लुढ़ककर 56,365 प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। लेकिन बुधवार के दिन इसमें और भी गिरावट देखने को मिली। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को सोने के भाव में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिला। पहले 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का भाव 49,153 रुपये प्रति 10 ग्राम हुए। कुछ ही देर बाद इसके दाम में 36 रुपए का उछाल आया, लेकिन बाद में सोना 49,153 रुपये ट्रेड करने लगा। वहीं बात करें वायदा बाजार में आज चांदी के भाव की तो इसमें बढ़त देखी गई है।

images 15

चांदी का रेट बुधवार को 234 रुपये बढ़कर प्रति किलो 56,577 रुपये हो गया है। अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में दोनों ही धातुओं के दाम में गिरावट आई है। सोने का भाव जहां 0.71 फीसदी गिरा है। वहीं, चांदी का रेट 1.08 फीसदी लुढ़क गया। घरेलू सर्राफा बाजार में 20 सितंबर यानी मंगलवार को सोने की कीमत में हल्का सा उछाल आया था। इस दौरान सोने की कीमत में 24 रुपये की बढ़त आई थी। लेकिन चांदी में 222 रुपए की गिरावट देखने को मिली थी।

सायरस मिस्त्री की मौत के बाद दो और एक्सीडेंट, पांच लोगों का निधन…

0

आज कल सड़क हादसे के काफी मामले सुनने को मिल रहे हैं। हाल ही में टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस की जान भी एक सड़क हादसे में गई थी। जिसके बाद अब खबर है कि जहां उनका एक्सीडेंट हुआ था, उस ही सड़क पर मंगलवार के दिन दो और एक्सीडेंट हुए। जिसमें पांच लोगों की जान चली गई। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर साइरस मिस्त्री की मौत हुई थी। ये हादसा चरोटी के पास पेश आया था और जो हादसे मंगलवार को हुए हैं वो हादसे आमगांव गांव के पास पेश आए हैं।

गोरतलब हैं कि इन हादसों का जिम्मेदार खराब सड़क को बताया जा रहा है। सड़क में काफी गड्ढे हैं, जिनके कारण गाड़ी अपना नियंत्रण खो देती है। जो हादसा का बड़ा कारण बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों दुर्घटनाएं महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास तलासरी तालुका के आमगांव गांव के नजदीक घटित हुई हैं। पहला हादसा मुंबई से गुजरात जा रही एक कार का हुआ। इस गाड़ी में में चार लोग मौजूद थे जिसमें से दो की मौत मौके पर ही हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं।

images 4 1

इसके साथ ही जिस टैंपो से ये गाड़ी टकराई थी उसके चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा दूसरा हादसा भी इस ही रास्ते पर हुआ। दूसरी गाड़ी गुजरात की ओर से आ रही थी, जो आमगांव के पास मुंबई की ओर से आ रहे टेंपो से टकरा गई थी। इस हादसे में कार चालक द्वानिथ पटेल और उसके दोस्त राठौड़ की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि यह हाईवे टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस की मौत के बाद से चर्चा में आया था।

BMC ने इनको भेजा नोटिस, हर गड्ढे के देने होंगे 2000, ये है वजह

0

मुंबई: मुंबई महानगर निगम ने लालबागचा राजा गणेशोत्सव मंडल को नोटिस भेजा है। नोटिस के अनुसार उनको सड़क पर खोदे गए गड्ढे करने के लिए मंडल पर 3.66 लाख का जुर्माना लगाया है। जुर्माना 2000 रुपये प्रति गड्ढे के हिसाब से लगाया गया है। बीएमसी के अधिकारी ने कहा कि सड़कों या फुटपाथों पर गड्ढे नहीं खोदे जा सकते। नागरिक निकाय मंडलों को इस स्थिति में सड़क पर मंडप बनाने की अनुमति देता है।

बीएमसी के नोटिस के मुताबिक, फुटपाथ पर 53 गड्ढे और दत्ताराम लाड मार्ग जंक्शन से टीबी कदम मार्ग पर नेकजत मराठा बिल्डिंग तक 150 गड्ढे मिले। नोटिस में यह भी कहा गया है, कि 5 सितंबर को एक अवैध बैरिकेड्स भी लगे मिले हैं। नगर निकाय ने मंडल को प्रति गड्ढे के लिए 2,000 रुपये का भुगतान करने का भी निर्देश दिया है।

हालांकि मंडल के अध्यक्ष बालासाहेब कांबले ने ऐसा कोई नोटिस मिलने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि “हमारा मंडल बीएमसी के एफ साउथ वार्ड के अधिकार क्षेत्र में आता है। वार्ड हमें कैसे नोटिस भेज सकता है? उस क्षेत्र में कई मंडल हैं। ई-वार्ड के सहायक नगर आयुक्त अजय यादव ने कहा, “हमने मंडल को अवैध गड्ढों के लिए जुर्माना भरने के लिए नोटिस जारी किया है। इसका भुगतान मंडल करेगा। ”

गड्ढा खोदने पर मंडल हर साल 4 लाख से 5 लाख रुपये तक का जुर्माना भरता है। 2018 में, नागरिक निकाय ने संगठन को 2013 से 2018 की अवधि के लिए 60 लाख रुपये का पांच साल का जुर्माना देने के लिए कहा। लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि संगठन ने अपने बकाया का भुगतान किया है। प्रत्येक गड्ढे के लिए नगर निकाय की ओर से 2000 रुपए का जुर्माना लगाया जा रहा है।

कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का निधन, हार्ट अटैक के बाद AIIMS में थे भर्ती

0

मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया है। उनके परिवार ने इस खबर को कन्फर्म कर दिया है। बता दें कि 10 अगस्त को जिम में कसरत करते हुए उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें एम्स दिल्ली में भर्ती किया गया था। वहां उनका इलाज चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। इस बीच उनके परिवार और साथ काम करने वालों की तरफ से लगातार अपडेट्स मिल रहे थे। इलाज के दौरान उनकी तबीयत में सुधार की खबर भी आई थी। लेकिन, अब उनके निधन की दुखद खबर ने सबको बड़ा सदमा दे दिया है।

राजू, दिल्ली के एक होटल में रुके थे और वहीं के जिम में वह वर्कआउट कर रहे थे। वर्कआउट के दौरान राजू की तबीयत बिगड़ गई थी और ट्रेडमिल पर गिर पड़े थे। राजू को फिर तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया, जहां कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में उनका इलाज चल रहा था। राजू के करीबियों ने जानकारी दी थी कि उनको ब्रेन इंजरी हो गई थी। हार्ट अटैक के बाद गिरने से काफी देर तक दिमाग में ऑक्सीजन नहीं पहुंची थी। डॉक्टर्स ने बताया था कि उनको होश में आने में वक्त लग सकता है। इलाज के बीच उनकी बॉडी में कुछ मूवमेंट की रिपोर्ट्स भी थीं।

राजू के बारे में बता दें कि वह कई पॉपुलर शोज में काम कर चुके थे। वह देश के पॉपुलर कॉमेडियन थे। उन्होंने द ग्रेड इंडियन लाफ्टर चैलेंज, बिग बॉस, शक्तिमान, कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो जैसे शोज किए। इसके अलावा वह बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके थे जैसे मैंने प्यार किया, तेजाब, बाजीगर जैसी फिल्मों में काम किया है। हाल ही में वह इंडियन लाफ्टर चैम्पियन में स्पेशल गेस्ट के तौर पर नजर आए थे।

एक इंटरव्यू में राजू ने कॉमेडी शोज को लेकर कहा था, ‘जब मैं मुंबई आया था तब लोग कॉमेडियन को ज्यादा कुछ नहीं समझते थे। उस वक्त तो जोक्स जॉनी वॉकर से शुरू होकर जॉनी वॉकर तक खत्म हो जाती है। उस वक्त स्टैंड अप कॉमेडी की कोई जगह नहीं होती थी तो तब जो जगह मुझे चाहिए थी वो मिली नहीं।’

ऑटो भी चलाया

राजू जब मुंबई में स्ट्रगल कर रहे थे तब अपना गुजारा करने के लिए वह ऑटो तक चलाते थे। इतना ही नहीं एक पैसेंजर की वजह से ही राजू को बड़ा ब्रेक मिला था।