Home Blog Page 688

आज बदल गए गैस के दाम, अब इतने रुपये में मिलेगा सिलेंडर, पढ़ें पूरी खबर

0

नवरात्र में एलपीजी सिलेंडर के दामों में कटौती की गई है। हालांकि, यह कटौती देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों (LPG latest price) में की गई है। घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई कमी नहीं हुई है। IOCL के मुताबिक, आज 1 अक्टूबर से दिल्ली में इंडेन के 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर के दाम 25.5 रुपये, कोलकाता में 36.5 रुपये, मुंबई में 32.5 रुपये, चेन्नई में 35.5 रुपये कम में मिलेगा। 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर पुराने दामों पर ही मिलेगा।

दिल्ली में इंडेन का 19 किलो का सिलेंडर 1885 रुपये की जगह 1859.5 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 1959 रुपये में मिलेगा। पहले यह 1995.50 रुपये में मिलता था।  वहीं, मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 1844 रुपये की जगह 1811.5 रुपये में मिलेगा।  चेन्नई में एलपीजी सिलेंडर 2009.50 रुपये में मिलेगा। इससे पहले 2045 रुपये में मिल रहा था।

गैस कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडरों के दाम तय करती हैं। कमर्शियल एलपीजी गैस का इस्तेमाल अधिकतर होटलों, खाने पीने की दुकानों आदि में होता है। इससे उन्हें दाम में कमी से बड़ी राहत मिलेगी। यह लगातार पांचवां महीना है जब कमर्शियल गैस के दाम घटे हैं।

उत्तराखंड ब्रेकिंग: केदारनाथ धाम में फिर आया एवलांच, देखें वीडियो

0

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम में एक बार फिर से एवलांच आया है। हालांकि, गनीमत यह रही कि इससे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। केदारनाथ में स्थितियां सामान्य हैं। एवलांच आने के कारण दूर-दूर तक बर्फ के धुएं का गुब्बार सा नजर आया। जानकारी के अनुसार यह एवलांच चोराबाड़ी से तीन किमी ऊपर आया है। बर्फ का पूरा पहाड़ खिसक गया। राहत की बात ये है कि इस एवलांच से केदारनाथ मंदिर को कोई नुकसान नहीं हुआ। श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने इसकी जानकारी दी।

ANI के अनुसार, मंदिर के पास बर्फ का पहाड़ खिसकने का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा रहा है कि बर्फ का पहाड़ देखते ही देखते पूरी तरह ढह गया। बताया जा रहा है कि हिमखंड काफी बढ़ा था, जिससे बर्फ के धुएं का गुबार काफी दूर तक रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि अभी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। केदारनाथ में सबकुछ सामान्य है। मंदिर सहित आसपास के क्षेत्र में सब ठीक है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी सामान्य है।

बीती 23 सितंबर को भी मंदाकिनी नदी के उद्गम स्थल चोराबाड़ी से तीन किमी ऊपर हिमालय क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते ग्लेशियर टूटा था। इस ग्लेशियर पर ताजी बर्फ अधिक जम गई थी जिससे यह टूट गया था। विशेषज्ञ का कहना था कि ये पाउडर ग्लेशियर है। हालांकि उससे भी आसपास के क्षेत्र में किसी नुकसान नहीं हुआ था। विशेषज्ञों ने इसे हिमालय क्षेत्र में होने वाली सामान्य घटना बताया था।

उत्तराखंड: प्रधानाचार्य कक्ष की गिरी छत, ऐसे टला बड़ा हादसा

0

टिहरी: पिछले दिनों चंपावत में स्कूल के बाथरूम की छत गिरने से एक बालिका की मौत हो गई थी। उसके बाद जर्जर स्कूलों के कायाकल्प का आदेश भी जारी हुआ। लेकिन, उस पर अब तक अमल शरू नहीं हुआ है। हालांकि, यह एक-दो दिनों का काम नहीं है। लेकिन, एहतियातन ऐसे स्कूलों को खाली कराया जाना चाहिए।

राजकीय इन्टरकॉलेज गल्याखेत में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। प्रधानाचार्य कार्यालय की छत टूटने से वहां पर रखी कुर्सी मेज और अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। हादसे के वक्त प्रधानाचार्य दिवाकर प्रसाद पैन्यूली किसी कक्षा में पढ़ा रहे थे। अगर प्रधानाचार्य अपने कक्ष में बैठे होते तो आज एक बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रधानाचार्य दिवाकर प्रसाद पैन्यूली ने बताया कि दिन में करीब 12 बजे ये हादसा हुआ। उन्होंने इसकी सूचना जिलाधिकारी, सीईओ अपने अन्य उच्चाधिकारियों के साथ ही उपजिलाधिकारी प्रतापनगर को दी है।

स्कूलों की जर्जर स्थिति की तरफ जरूर सभी को सोचना होगा,। वरना स्कूलों में किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। राइका गल्याखेत भदूरा में प्रधनाचार्य कार्यालय में हुए हादसे के बाद स्कूल के बच्चों व शिक्षकों में डर बना हुआ है। सभी लोग स्कूल भवन की जर्जर हालत को सुधारने की मांग कर रहे हैं।

इंतजार खत्म, आ गया है BIG BOSS-16, देखें कंटेस्टेंट की लिस्ट, बदले नियम…

0

Big Boss के फैन्स का इंतजार खत्म होने जा रहा है और टीवी का सबसे मशहूर रियलिटी शो ’बिग बॉस 16’ आने वाला है। पिछले कुछ समय से सलमान खान के इस शो की लगातार चर्चा हो रही है। मेकर्स ने कुछ कंटेस्टेंट के प्रोमो भी रिलीज कर दिए हैं जिसके बाद से फैन्स की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। शो के नियमों में इस बार बदलाव की जानकारी सामने आ रही है। अब जब ’बिग बॉस 16’ के ऑन एयर होने में कुछ ही वक्त बचा है तो चलिए इस शो से जुड़ी हर जानकारी देते हैं। ’बिग बॉस 16’ को आप टीवी के साथ ही ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के जरिए भी देख सकेंगे।

कब होगा ग्रैंड प्रीमियर

’बिग बॉस 16’ का ग्रैंड प्रीमियर दो दिन होगा। 1 और 2 अक्टूबर को रात 9.30 बजे से कलर्स चैनल पर दिखाया जाएगा। शो का प्रसारण सोमवार से शुक्रवार को रात 10 बजे से होगा। वीकेंड में ’बिग बॉस’ रात 9.30 बजे से आएगा।

ऑनलाइन भी देख सकेंगे शो

अगर टीवी पर एपिसोड देखने से चूक गए तो कोई बात नहीं आप कहीं पर भी मोबाइल में इसे देख सकते हैं। ’बिग बॉस 16’ की स्ट्रीमिंग वूट और एमएक्स प्लेयर एप होगी। जियो  के सब्सक्राइबर्स शो के ग्रैंड फिनाले को जियो टीवी पर लाइव देख सकते हैं जबकि एयरटेल के ग्राइक इसे एयरटेल एक्सस्ट्रीम पर लाइव देख पाएंगे।

सबसे बड़ा बदलाव

’बिग बॉस 16’ में सबसे बड़ा बदलाव वीकेंड का वार को लेकर किया गया है। अब वीकेंड का वार शनिवार और रविवार को नहीं बल्कि शुक्रवार और शनिवार को आएगा, जब सलमान खान शो को होस्ट करते नजर आएंगे। जारी किए प्रोमो में यह भी बताया गया है कि सीजन 16 में ’बिग बॉस’ खुद खेलेंगे। हालांकि यह किस तरह से होगा अभी इसकी जानकारी नहीं है।

कौन-कौन होगा शो में शामिल

27 सितंबर को सलमान खान ने पहले कन्फर्म कंटेस्टेंट की घोषणा की। तजाकिस्तान के कलाकार अब्दु रोजिक ’बिग बॉस 16’ में हिस्सा लेंगे। ’बिग बॉस 16’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका खुलासा हुआ। उनके अलावा जिन कंटेस्टेंट के नाम सामने आए हैं, उनमें निमरित कौर अहलूवालिया, गौतम विग और सुंबुल तौकीर सहित अन्य हैं।

उत्तराखंड : अंकिता भंडारी के परिवार से मिलने पहुंचे CM धामी

0

पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पौड़ी के श्रीकोट पहुंचे और अंकिता भंडारी के परिजनों से मुलाकात की। CM धामी ने भरोसा दिलाया कि पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्ट ट्रेक कोर्ट में सुनवाई कराते हुए अंकिता के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पौड़ी जनपद अंतर्गत श्रीनगर के डोभ श्रीकोट गांव पहुँचे और अंकिता के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए हमारी सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मामले की जांच को डीआईजी पी.रेणुका देवी के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित की गई है जिसने अपनी जांच प्रारंभ कर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हत्याकांड के तीनों आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और जांच में जिन भी लोगों की भूमिका संदेह के दायरे में है उन पर भी कानून सम्मत कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की धनराशि भी प्रदान की।

एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए रुका PM मोदी का काफिला, देखें VIDEO

0

अहमदाबाद : गुजरात में एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का काफिला अहमदाबाद से गांधीनगर जाते समय रास्ते में रुक गया। पीछे से आ रही एक एंबुलेंस को रास्ता देने के बाद ही प्रधानमंत्री का काफिला रवाना हुआ।

अपने दौरे के दूसरे दिन गांधीनगर में स्वदेशी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन करने के बाद अहमदाबाद में गुजरात की पहली मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अहमदाबाद के समारोह के पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का काफिला गांधीनगर के लिए रवाना हुआ था।

रास्ते में पीछे से एक एंबुलेंस को आता देख प्रधानमंत्री का काफिला रुक गया तथा एंबुलेंस को रास्ता देकर उसके आगे बढ़ जाने के बाद ही रवाना हुआ। वीआइपी मूवमेंट व अतिविशिष्ट लोगों के दौरे के वक्त कई बार ऐसी खबरें आती हैं कि बुजुर्ग , स्कूली बच्चों तथा एंबुलेंस को भी रोक दिया जाता है।

लेकिन प्रधानमंत्री मोदी का काफिला अहमदाबाद-गांधीनगर मार्ग पर उस वक्त ठहर गया, जब पीछे से आ रही एक एंबुलेंस का सायरन सुनाई दिया। घटना अपने आप में बहुत छोटी लगती हो, लेकिन देश के पीएम के काफिले को रोककर सुरक्षाकर्मियों की ओर से एंबुलेंस के लिए रास्ता देना अनूठा कदम है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए थरूर, खड़गे और त्रिपाठी के बीच मुकाबला

0

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की स्थिति अब साफ होती दिख रही है। सीनियर नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद शशि थरूर और  झारखंड कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने पार्टी चीफ के लिए नॉमिनेशन फाइल किया है। ऐसे में कांग्रेस की टॉप पोस्ट के लिए त्रिकोणीय मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं।

थरूर ने आज दोपहर AICC ऑफिस पहुंचकर अपना नॉमिनेशन फाइल किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि खड़गे साहब का बहुत सम्मान करता हूं। अगर कई लोग नामांकन दाखिल करेंगे तो अच्छी बात है और लोगों को भी विकल्प मिलेगा। मैंने किसी को नीचा दिखाने के लिए ऐसा नहीं किया है। हमें एक साथ काम करने की जरूरत है। मुझे लगता है कि वे हमारी पार्टी के भीष्म पितामह हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उनकी उम्मीदवारी के प्रस्तावकों में पार्टी नेता अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी, पी एल पुनिया, ए के एंटनी, पवन कुमार बंसल और मुकुल वासनिक शामिल रहे। कांग्रेस में बदलाव की वकालत करने वाले जी23 समूह के नेता आनंद शर्मा और मनीष तिवारी भी खड़गे के नामांकन के प्रस्तावकों में शामिल थे। तिवारी ने कहा कि खड़गे पार्टी के सबसे अनुभवी नेताओं में शामिल हैं और दलित भी हैं।

झारखंड कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने भी पार्टी अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरा है। नॉमिनेशन के बाद उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं के फैसले का सम्मान किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए वह कितने गंभीर हैं और क्या पार्टी आलाकमान से इस संबंध में कोई बातचीत हुई है। त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है। आंतरिक लोकतंत्र का यह तकाजा है कि एक किसान का बेटा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकता है। भाजपा में ऐसा संभव नहीं है।

एआईसीसी के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय के प्रांगण में एक तंबू लगाया गया है, जहां पार्टी के नेता दोपहर 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान 17 अक्टूबर को होगा और इसके परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

उत्तराखंड: विधानसभा सचिव देहरादून से सस्पेंड, गैरसैंण अटैच, 5 साल में मिले थे 3 प्रमोशन

0

देहरादून: हाल में विधानसभा बैकडोर भर्ती मामले में विधानसभा सचिव मुकेश सिंघल को निलंबित कर दिया गया था। मामले की जांच पूरी होने और कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने का फैसला लेने के बाद अब मुकेश सिंघल को गैरसैंण विधानसभा से अटैच कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने इसकी पुष्टि की।

विधानसभा भर्ती प्रकरण में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने मुकेश सिंघल पर जांच करने के आदेश जारी किए थे। जांच के दायरे में सचिव विधानसभा मुकेश सिंघल भी हैं।

जानकारी के मुताबिक उप सचिव शोध से सचिव विधानसभा बने सिंघल को पांच साल में तीन पदोन्नति दी गईं थीं। इतना ही नहीं उनका कैडर बदलकर उन्हें संयुक्त सचिव विधानसभा के पद पर पदोन्नति दी गई थी।

उत्तराखंड : Ankita Murder case : कौन था चौथा दरिंदा?, जल्द होगा खुलासा!

0

देहरादून: अंकिता हत्याकांड (#ankitamurdercase) में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। आरोपियों की SIT को रिमांड मिल चुकी है। ऐसे में पूछताछ के दौरान SIT को कुछ और जानकारियां मिल सकती हैं। लेकिन, इस बीच एक और खुलासा हुआ हे। हालांकि, उसका अब तक आधिकारिक खुलासा तो नहीं किया गया है। लेकिन, माना जा रहा है कि बहुत जल्द इसको लेकर जानकारी सामने आ सकती है और SIT इस चौथे व्यक्ति को भी आरोपी बना सकती है।

इससे पहले यह पता लगाया जा रहा है कि ये चौथा व्यक्ति कौन था। बताया जा रहा है कि इसी व्यक्ति ने पटवारी के पास गुमशुदगी दर्ज कराने की सलाह दी थी। इसकी पूरी जानकारी कॉल डिटेल के बाद बाहर आ सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गिरफ्तार तीन आरोपियों के अलावा कोई चौथा भी इस मामले में शामिल था, जिसने हत्या के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी थी।

यह साल लगातार उठ रहा है कि वो वीआईपी कौन था, जिसके लिए एक्स्ट्रा सर्विस देने के लिए अंकिता पर दबाव बनाया गया था, जिसके लिए उसे मौत के घाट उतार दिया गया। अंकिता हत्याकांड में पकड़े गए तीन आरोपियों के अलावा इस हत्या का चौथा राजदार भी था।

रिपोर्ट की मानें तो SIT की पूछताछ में ये बात सामने आई है कि हत्या के बाद इस बात से निश्चिंत थे अब उनको कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। लेकिन, देर रात और सुबह कुछ लोगों से बातचीत के बाद पुलकित सक्रिय हुआ और उसने 19 सितंबर को पटवारी चौकी में अंकिता की गुमशुदगी लिखवाई। SIT उस रात इन सभी आरोपियों के पास मौजूद मोबाइल और अन्य मोबाइलों की डिटेल निकाल रही है।

ताकि ये पता चल सके कि किससे उनकी बात हुई। इसके अलावा पुलकित का जो मोबाइल घटना से पहले कथित रूप से अंकिता ने नहर में फेंका था, उस पर रातभर आए कॉल की भी SIT डिटेल निकाल रही है, ताकि ये पता चले कि किस-किस से उसका संपर्क हुआ था। इस चौथे राजदार (VIP) को भी इस केस में आरोपी बनाया जा सकता है।

पुलकित के फोन को लेकर पहले दिन से ही बातें कही जार रही थी कि पुलकित का फोन नहर में फेंक दिया गया था। लेकिन, अंकिता के जिस दोस्त ने इस मामले को मीडिया तक पहुंचाया उसने एक और खुलासा किया है। पुलिस को आरोपियों ने बताया कि पुलकित का मोबाइल फोन अंकिता ने नहर में फेंक दिया था। यह वाकया लगभग 9 बजे के आसपास का होगा, लेकिन पुलकित के मोबाइल पर रात साढ़े दस बजे तक घंटी जाती रही।

उसी रात को अंकिता के दोस्त पुष्प ने भी पुलकित के मोबाइल पर फोन किया था और फोन में घंटी गई थी, लेकिन किसी ने उठाया नहीं। जब पुष्प ने मैनेजर अंकित को फोन किया तो वह चौंक गया था। उसने हड़बड़ाते हुए पूछा था कि पुलकित सर के फोन में घंटी जा रही है?

मल्लिकार्जुन खड़गे बनेंगे कांग्रेस अध्यक्ष!

0

नई दिल्ली: कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में लगातार नया मोड़ आर है। जिस तरह से क्रिकेट में हर एक बॉल में मैच का रुख बदल जाता है। ठीक उसी तरह से कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव का माहौल भी बदल रहा है। तीन दिन तक पहले जहां राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था। लेकिन, फिर कुछ ऐसा सियासी ड्रामा हुआ, जिससे पूरा सियासी दृश्य भी बदल गया।

अशोक गहलोत के अध्यक्ष पद की रेस से बाहर होने के बाद दिग्विजय सिंह का नाम इसके लिए तय माना जा रहा था। लेकिन अब इस मुकाबले में मल्लिकार्जुन खड़गे की भी एंट्री हो गई है। यही नहीं कहा जा रहा है कि अब उनके नाम पर ही सहमति बनाई जा सकती है। मल्लिकार्जुन खड़गे से दिग्विजय सिंह की मुलाकात हुई है और वह नामांकन न दाखिल करने का फैसला ले सकते हैं। ऐसी स्थिति में अध्यक्ष पद को लेकर सीधा मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच ही होगा।

साफ है कि शशि थरूर को बागी जी-23 का नेता माना जाता है, जबकि मल्लिकार्जुन खड़गे गांधी परिवार के वफादार हैं। अशोक गहलोत के बागी तेवरों के बाद अब वही गांधी परिवार और पार्टी की पसंद बनकर उभर सकते हैं। वह दक्षिण भारत से आते हैं, जहां पार्टी अपने पैर मजबूती से जमाने की कोशिश में है। इसके अलावा वह विवादों से भी परे रहे हैं, जबकि दिग्विजय सिंह अपने बयानों के चलते चर्चा में रहे हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम अचानक ही अध्यक्ष पद की रेस में जरूर आया है, लेकिन कांग्रेस में चल रहे घटनाक्रमों से साफ है कि वही बाजी मार सकते हैं।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी गुरुवार को कहा था कि शुक्रवार शाम तक अध्यक्ष पद को लेकर फैसला हो जाएगा। उनके बयान से साफ था कि आखिरी दौर तक कुछ भी बदल सकता है। खुद दिग्विजय सिंह ने ही नामांकन पत्र लेते हुए भी कहा था कि कल तक तय हो जाएगा कि मेरा नामांकन होगा या नहीं। अब दिग्विजय सिंह की मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात ने साफ कर दिया है कि वह रेस से हट सकते हैं। इस बीच राजस्थान में भी बड़े बदलाव होने की उम्मीद है। अध्यक्ष पद के बाद कभी भी विधायक दल की मीटिंग हो सकती है और उसमें नए सीएम को लेकर प्रस्ताव पारित हो सकता है।