Home Blog Page 626

बस और कार की जोरदार टक्कर, 9 लोगों की मौत; 15 घायल

0

गुजरात : गुजरात के नवसारी जिले में शनिवार तड़के स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के एक लग्जरी बस से टकरा जाने से नौ लोगों की मौत हो गई और करीब 15 अन्य घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि इनमें भी कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर वेसमा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि चलती गाड़ी में बस चालक को हार्ट अटैक आ गया। इसकी वजह से वह गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और कार में टक्कर मार दी।

गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर ट्वीट कर शोक जताया। अमित शाह ने कहा, ‘गुजरात के नवसारी में हुुआ सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। इस घटना में जिन लोगों ने अपने परिवारों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों को तत्काल उपचार मुहैया करा रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’

उत्तरकाशी में मिले पाकिस्तानी गुब्बारे और झंडा, जांच में जुटी खुफिया एजेंसी

0

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ तुल्याड़ा गांव में पाकिस्तानी झंडों के साथ कुछ गुब्बारे मिले हैं। जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। जिला प्रशासन, पुलिस और खुफिया एजेंसियां इसकी जांच में जुट गई हैं।

चिन्यालीसौड़ ब्लाक के तुल्याड़ा गांव के जंगलों में पाकिस्तानी झंडों के साथ कुछ गुब्बारे मिले हैं। स्थानीय खुफिया एजेंसी का कहना है कि ये गुब्बारे पाकिस्तान से ही उड़कर आए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

शुक्रवार को चिन्यालीसौड़ के तुल्याड़ा गांव के जंगलों में करीब 200 से 250 गुब्बारे मिले। जिन पर पाकिस्तान के कुछ झंडे लगे हुए थे। पाकिस्तानी झंडे दिखते ही लोगों में हड़कंप मच गया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गयी। एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि गुब्बारों पर एक-दो पाकिस्तानी झंडे लगे हुए हैं।

यह माना जा रहा है कि गुब्बारे पाकिस्तान से ही आने की बात सामने आई है। लेकिन, सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान से इतनी दूर तक गुब्बारे उड़कर आ सकते हैं। केंद्रीय खुफिया एजेंसी ही इसके बारे में ज्यादा कुछ बता सकती हैं। इधर, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने बताया कि स्थानीय खुफिया एजेंसी से इसकी सूचना मिली है। मामले की जांच करवाई जा रही है।

दिल्ली NCR में निर्माण कार्य-खनन पर रोक, ये वाहन भी होंगे बैन

0

नई दिल्ली : दिल्ली एनसीआर में ठंड बढ़ते ही वायु प्रदूषण बढ़ गया है। यानी वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने प्रदूषण को कम करने के लिए एक बार फिर से दिल्ली एनसीआर में ग्रेप (ग्रेडेड रिस्पॉस एक्शन प्लान) का तीसरा चरण लागू कर कर दिया है। यानी कि अब खनन, निर्माण कार्य सहित कामों पर पाबंदियां लागू हो गई हैं।

दिल्ली का शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 399 पर रहा, जो गंभीर श्रेणी से सिर्फ दो पायदान नीचे है। दिल्ली से सटे शहरों गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद में भी वायु की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में है। आइएमडी के मुताबिक नए साल में और ज्यादा सर्दी पड़ने वाली है। इससे वायु गुणवत्ता गंभीर से बेहद गंभीर में जा सकती है।

CAQM द्वारा लगाए गए GRAP-3 के प्रतिबंधों के अंतर्गत अब दिल्ली के सभी निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा किसी भी तरह के तोड़-फोड़ पर भी रोक लग गई है। साथ ही खनन पर भी बैन लगाया गया है। ईंट भट्ठे पर भी बैन लगा दिया गया है। वहीं, बीएस-3 पेट्रोल (BS-3 Petrol Vehicle) और बीएस-4 डीजल (BS-4 Deisel Vehicle) पर बैन लगाने का फैसला राज्य सरकार पर छोड़ दिया गया है।

CAQM ने कई सरकारी और जरूरी प्रोजेक्ट्स पर रोक नहीं लगाई है। जिनमें रेलवे, मेट्रो रेल, एयरपोर्ट और अंतरराज्यीय बस अड्डे, राष्ट्रीय सुरक्षा और देश के लिए जरूरी प्रोजेक्ट पर ग्रेप के तीसरे चरण के प्रविधान लागू नहीं होंगे। अस्पताल, हाईवे, फ्लाईओवर, पुल, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, वाटर सप्लाई प्लांट पर भी रोक नहीं रहेगी।

दूध-डेयरी, दवा सहित अन्य जरूरी चीजों पर बैन नहीं रहेगा। बता दें कि सुबह के समय पूरे दिल्ली-NCR में कोहरे और धुंध की चादर छाई रहती है। इस कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को गले में खराश से लेकर आखों में जलन जैसी परेशानिया झेलनी पड़ रही है।

वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) एक नंबर होता है जिसके जरिए हवा की गुणवत्ता को आंका जाता है। इससे वायु में मौजूद प्रदूषण के स्तर का भी पता लगाया जाता है। एक्यूआई की रीडिंग के आधार पर हवा की गुणवत्ता को छह कैटेगरी में बांटा गया है। शून्य से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 और 100 संतोषजनक, 101 और 200 मध्यम, 201 और 300 खराब, 301 और 400 बहुत खराब, और 401 और 500 के बीच AQI को गंभीर माना जाता है

Rishabh Pant Car Accident : BCCI ने दिया ऋषभ पंत का हेल्थ अपडेट

0

ऋषभ पंत की कार का रुड़की में शुक्रवार सुबह एक्सीडेंट हो गया. वे हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. ऋषभ फिलहाल बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं. उन्हें देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है. इससे पहले वे रुड़की के एक अस्पताल में एडमिट थे. बीसीसीआई ने अब ऋषभ पंत की हेल्थ को लेकर ताजा अपडेट दिया है. बोर्ड ने मीडिया स्टेटमेंट जारी किया है.

बीसीसीआई ने ऋषभ की हेल्थ का अपडेट ट्विटर के जरिए दी. बोर्ड ने मीडिया स्टेटमेंट ट्वीट किया है. बोर्ड ने अपने बयान में कहा,”भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के रुड़की के पास एक कार दुर्घटना का शिकार हो गए. उन्हें सक्षम अस्पताल मल्टीस्पेशियलिटी और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उनका चोट लगने के तुरंत बाद इलाज किया गया.

बोर्ड ने कहा, ”ऋषभ के माथे पर दो कट लगे हैं, उनके दाहिने घुटने में लिगामेंट फट गया है और उनकी दाहिनी कलाई, टखने, पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है. उनकी पीठ पर रगड़ने की चोट लगी है. ऋषभ की हालत स्थिर बनी हुई है और उन्हें अब मैक्स अस्पताल, देहरादून में शिफ्ट कर दिया गया है. यहां उनकी चोटों की सीमा का पता लगाने और उनके आगे के उपचार के लिए एमआरआई स्कैन किया जाएगा.

बोर्ड ने आगे कहा, ”बीसीसीआई ऋषभ के परिवार से लगातार संपर्क में है, जबकि मेडिकल टीम ऋषभ का इलाज कर रहे डॉक्टरों से लगातार संपर्क में है. बोर्ड इसका ध्यान रखेगा कि ऋषभ को सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल मिले. हम उनकी इस दर्दनाक दौर से बाहर आने के लिए हर संभव सहायता करेंगे.

उत्तराखंड : गणतंत्र दिवस परेड-2023 के लिए झांकी तैयार, कर्त्तव्य पथ पर नजर आएगा “मानसखंड”

0

गणतंत्र दिवस परेड-2023 के लिए उत्तराखण्ड राज्य की झांकी का अंतिम चयन हो गया है। सूचना विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन के उपरान्त मानसखण्ड पर आधारित झांकी प्रस्तावित की गई थी। भारत सरकार द्वारा अंतिम रुप से इस बार नई दिल्ली कर्त्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में ‘मानसखण्ड’ की झांकी का प्रदर्शन करने की स्वीकृति पदान की है। यह जानकारी देते हुए सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि झांकी के अग्र तथा मध्य भाग में कार्बेट नेशनल पार्क में विचरण करते हुए हिरन, बारहसिंघा, घुरल, मोर तथा उत्तराखण्ड में पाये जाने वाली विभिन्न पक्षियों व झांकी के पृष्ठ भाग में प्रसिद्ध जागेश्वर मन्दिर समूह तथा देवदार के वृक्षों को दिखाया जायेगा साथ ही उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक कला ‘ऐपण’ का भी झांकी के मॉडल में समावेश किया गया है। झांकी के साथ उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए छोलिया नृत्य का दल सम्मिलित होगा। झांकी का थीम सांग उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित होगा।

गौरतलब है कि श्री केदारनाथ व श्री बदरीनाथ की तर्ज पर कुमाऊ के पौराणिक मंदिरों के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मानसखण्ड मंदिर माला मिशन योजना पर काम किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर मानसखण्ड पर आधारित झांकी का प्रदर्शन होगा। देश विदेश के लोग मानसखण्ड के साथ ही उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति से भी परिचित होंगे।

ज्ञातव्य है कि गणतंत्र दिवस की झांकी के लिए लगभग 27 राज्यों ने अपने प्रस्ताव भारत सरकार को प्रेषित किये थे, जिसमें 16 राज्यों का ही अंतिम चयन हुआ है। राष्ट्रीय समारोह के नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक, के.एस. चौहान द्वारा झांकी का डिजाइन, थ्री-डी मॉडल तथा संगीत के संदर्भ में रक्षा मंत्रालय के अधीन गठित विशेषज्ञ समिति के सम्मुख नई दिल्ली में 7 बार प्रस्तुतिकरण करने के उपरान्त उत्तराखण्ड राज्य का अंतिम चयन हुआ है।

उत्तराखण्ड राज्य द्वारा अभी तक गत् वर्षों में 13 झांकियों एवं उत्तराखण्ड की कला एवं संस्कृति का प्रदर्शन कर्त्तव्य पथ पर किया गया है, इनमें वर्ष 2003 में ‘फुलदेई’, वर्ष 2005 में ‘नंदा राजजात’, वर्ष 2006 में ‘फूलों की घाटी’, वर्ष 2007 में ‘कार्बेट नेशनल पार्क’, वर्ष 2009 में ‘साहसिक पर्यटन’, वर्ष 2010 में ‘कुम्भ मेला हरिद्वार’, वर्ष 2014 में ‘जड़ीबूटी’, वर्ष 2015 में ‘केदारनाथ’, वर्ष 2016 में ‘रम्माण’, वर्ष 2019 में ‘अनाशक्ति आश्रम’, वर्ष 2021 में ‘केदारखण्ड’ तथा वर्ष 2022 में ‘प्रगति की ओर बढ़ता उत्तराखण्ड’ सम्मिलित हैं।

झांकी का निर्माण 31 दिसम्बर से सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक/नोडल अधिकारी श्री के.एस. चौहान के दिशानिर्देशन में राष्ट्रीय रंगशाला शिविर, नई दिल्ली में किया जायेगा तथा झांकी के साथ उत्तराखण्ड की संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए उत्तराखंड का प्रसिद्ध छोलिया नृत्य का ग्रुप 13जनवरी, 2023 को राष्ट्रीय रंगशाला शिविर, नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगा।

राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए 41 नेता, कपिल सिब्बल समेत ये नाम शामिल

0

नई दिल्ली: शुक्रवार को राज्यसभा के लिए 41 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया. इन उम्मीदवारों में राजीव शुक्ला, कपिल सिब्बल समेत राष्ट्रीय जनता दल की मीसा भारती और राष्ट्रीय लोकदल के जयंत चौधरी आदि सहित कई नाम शामिल हैं. निर्विरोध निवार्चित उम्मीदवारों में उत्तर प्रदेश से सभी 11, बिहार से पांच, मध्य प्रदेश से तीन, छतीसगढ, पंजाब और झारखंड से दो-दो और उत्तराखंड से एक उम्मीदवार बिना किसी मुकाबले के निर्वाचित घोषित किए गए हैं. चलिए जानते हैं किस प्रदेश से किस पार्टी के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं.

बता दें कि उत्तर प्रदेश के 11 निर्विरोध निर्वाचित उम्मीवारों में से बीजेपी के आठ प्रत्याशी हैं. जबकि समाजवादी पार्टी और रालोद के एक-एक प्रत्याशी हैं. वहीं निर्दलीय सिब्बल हैं. जिन नेताओं को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है, उनमें रालोद के जयंत चौधरी, समाजवादी पार्टी के जावेद अली खान और बीजेपी के दर्शन सिंह, बाबू राम निषाद, मिथिलेश कुमार, राधा मोहन दल अग्रवाल, के.लक्ष्मण, लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सुरेंद्र सिंह नागर, संगीता यादव शामिल हैं.

बिहार राज्य से भी सभी पांच उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. इनमें राजद से मीसा भारती और फैयाज अहमद, बीजेपी से सतीश चंद्र दूबे और शंभू शरण पटेल व जेडीयू से खीरू महतो शामिल हैं. गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती और बीजेपी के दुबे लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने लगे हैं.

पंजाब से निर्विरोध चुने गए दो उम्मीदवारों में आप प्रत्याशी और पर्यावरणविद बलबीर सिंह सीचेवाल और उद्यमी-सामाजिक कार्यकर्ता विक्रमजीत सिंह साहनी शामिल हैं. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के दोनों प्रत्याशी राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन निर्विरोध चुने गए हैं. वहीं उत्तराखंड से बीजेपी प्रत्याशी कल्पना सैनी निर्विरोध निर्वाचित की गई है.

बीजेपी की सुमित्रा वाल्मीकि और कविता पाटीदार व कांग्रेस के विवेक तंखा का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है.विकेक तन्खा राज्यसभा के लिए लगातार दूसरी बार चुने गए हैं. उनका कार्यकाल अगले महीने खत्म हो रहा था. कांग्रेस ने उनपर भरोसा जताते हुए एक बार फिर राज्य सभा भेजा है. वहीं जबलपुर की सुमित्रा वाल्मीकि और इंदौर की कविता पाटीदार पहली बार राज्य सभा के लिए चुनी गई हैं. दलित और पिछड़े समाज से आने वाली ये दोनों नेता बीजेपी की स्थानीय स्तर की नेता हैं. बीजेपी ने उन्हें राज्य सभा चुनाव का उम्मीदवार बनाकर चौंका दिया था.

पंद्रह राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों के लिए 10 जून को चुनाव निर्धारित हैं. ये सीटें जून और अगस्त में अलग-अलग तारीखो पर सदस्यों की सेवानिवृत्ति के कारण खाली हो जाएंगी. वहीं शुक्रवार को नामांकन वापस लेने की लास्ट डेट थी. इसी के साथ बता दें कि महाराष्ट्र राज्य की 6 राज्यसभा सीट, राजस्थान की 4 सीट और हरियाणा की दो सीटों के लिए 10 जून को चुनाव होंगे और उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे.

मकान पर नगर निगम ने लगाई सील, गुस्से में महिला ने खुद को लगाई आग

0

छत्तीसगढ़ : राजनांदगांव शहर के लखोली क्षेत्र में एक महिला के खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाकर आत्मदाह करने की कोशिश की. दरअसल महिला प्रधानमंत्री आवास योजना से बने मकान आवंटन की मांग कर रही थी. घटना के बाद महिला को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

दरअसल राजनांदगांव शहर के लखोली क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने अवास में अनाधिकृत रूप से निवास कर रहे लोगों को नगर निगम ने मकान खाली करने नोटिस जारी किया. इतना ही नहीं बुधवार को कुछ मकानों को सील करने की कार्रवाई भी की गई. वहीं गुरुवार को इस मकान में आवंटन से पहले अपने बच्चों के साथ निवास कर रही तलाकशुदा महिला यासमीन मेमन ने मकान आवंटन नहीं होने से आक्रोशित होते हुए स्वयं पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया गया. घटना के बाद महिला गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. वहीं इस घटना से आसपास के लोग सक्ते में आ गए और नगर निगम के खिलाफ उनका आक्रोश भी दिखा.

इस पूरे मामले में राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर का कहना है कि, नोटिस तामिली के लिए नगर निगम और प्रशासन की टीम गई हुई थी. इसी दौरान यासमीन मेमन ने अचानक अपने आप को आग लगा ली. उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

शहर लखोली क्षेत्र में बने प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान पाने की चाहत लिए यासमीन मेमन ने भी आवश्यक दस्तावेज नगर निगम में जमा कराए थे और मकान आवंटन की मांग की थी. वहीं निगम के अधिकारियों का कहना है कि झुग्गी बस्तियों में निवासरत लोगों के व्यवस्थापन के लिए इन मकानों का आवंटन नगर निगम द्वारा किया जाना था.इसके चलते उसे मकान आवंटित नहीं किया गया था.यासमीन मेमन अनाधिकृत रूप से इस आवास में निवास कर रही थीं.इस मामले में नगर निगम प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी यूके रामटेके का कहना है कि यासमीन मेमन को पेंड्री क्षेत्र में आवास का आवंटन किया जा चुका है, लेकिन वो लगभग सात महीने से अवैध रूप से लखोली क्षेत्र के आवास में रह रही थीं.

राजनांदगांव शहर के लखोली क्षेत्र में झुग्गी बस्तियों में निवासरत लोगों के व्यवस्थापन के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों का निर्माण किया गया है. इस आवास योजना में आवंटन से पहले ही कई परिवारों के लोग अनाधिकृत तरीके से यहां निवास करने लगे. इसके बाद इन मकानों को खाली कराने के लिए नगर निगम द्वारा अवैध रूप से यहां निवास कर रहे लोगों को नोटिस जारी किया गया और 28 दिसंबर तक मकान खाली करने कहा गया था.जब  28 दिसंबर तक भी लोगों ने मकान खाली नहीं किया, तो अब नगर निगम ने कब्जा किए हुए इन मकानों को सील कर दिया है.

उर्वशी रौतेला ने इंस्टाग्राम पर लिखा- प्रार्थना कर रही हूं, लोगों ने कर दी खिंचाई

0

भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस के लिए शुक्रवार को सुबह-सुबह एक बुरी खबर सामने आई। ऋषभ पंत की कार का भीषण एक्सीडेंट देखकर लोगों का कलेजा मुंह को आ गया। रिपोर्ट्स के अनुसार ऋषभ पंत की मर्सिडीज दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर एक डिवाइडर से टकरा गई। जो तस्वीरें सामने आई वो दिल दहला देने वाली थीं। एक्सीडेंट के बाद कार का बुरा हाल था, लोगों को अपने फेवरेट क्रिकेटर के लिए चिंता होने लगी। इसी बीच कुछ को याद आई एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला की।

उर्वशी रौतेला के इंस्टाग्राम पोस्ट पर लोगों ने कमेंट करना शुरू कर दिया। शायद उन्हें उम्मीद थी की इस भयानक एक्सीडेंट के बाद वो  ऋषभ पंत के लिए गेट वेल सून का मैसेज करेंगी और ऐसा ही हुआ। उर्वशी ने कुछ ही देर पहले एक तस्वीर शेयर की जिसमें वो किसी अप्सरा की तरह खूबसूरत नजर आ रही हैं और कैप्शन में लिखा है ‘प्रेयिंग’। लोगों ने उनकी खूबसूरती पर तो ध्यान भी नहीं दिया और उल्टे उन्हें सुनाना शुरू कर दिया।

एक यूजर ने उन्हें लिखा- अरे क्या फोटो पोस्ट कर रही हो, ऋषभ भाई का एक्सीडेंट हो गया है, गेल वेल सून ऋषभ पंत। तो दूसरे ने लिखा कि तभी तो इन्होंने कैप्शन में लिखा है “प्रेयिंग’। एक यूजर तो इतने गुस्से में था कि उसने सीधे लिखा- पड़ गई कलेजे को ठंडक? तो किसी ने कहा कि आरपी कौन है जानती नहीं लेकिन पोस्ट के साथ लिखा है कि प्रार्थना कर रही हूं। तो एक ने लिखा टेशन मत लो वो आउट ऑफ डेंजर है, हम तो कर ही रहे हैं प्रेयर।

नए साल पर मुंबई की सड़कों पर निकलने से पहले जानें- ट्रैफिक एडवाइजरी, ये रूट रहेगा बंद

0

मुंबई : नए साल के जश्न को लेकर पुलिस ने प्लान तैयार किया है। मुंबई पुलिस ने भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए मुंबई में नए साल के जश्न से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. विभिन्न सड़कों पर यातायात प्रतिबंधों के अलावा, मुंबई पुलिस लोगों को यातायात सलाह का पालन करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने से बचने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी. कोलाबा, मरीन ड्राइव, नरीमन पॉइंट क्षेत्र, और कई अन्य समुद्री मोर्चों, समुद्र तटों, होटलों, क्लबों आदि में भारी भीड़ होगी जिसके परिणामस्वरूप ट्रैफिक जाम हो सकता है. इसलिए एडवाइजरी 31 दिसंबर 2022 से 1 जनवरी 2023 सुबह 6 बजे तक है.

देखें बंद सड़कों की पूरी लिस्ट-
N.S के उत्तर की ओर, NCPA से प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर तक की सड़क सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रहेगी. (प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर से उत्तर की ओर आने वाला यातायात एन.एस. सड़क को खुला रखा जाएगा), मैडम कामा रोड के उत्तर की ओर मंत्रालय जंक्शन के पास एयर इंडिया जंक्शन की ओर बंद कर दिया जाएगा.  फ्री प्रेस जर्नल मार्ग के उत्तर की ओर स्थानीय निवासियों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रहेगा. छत्रपति शिवाजी महाराज मार्ग के दक्षिण की ओर सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रहेगा.

पार्किंग प्रतिबंध की लिस्ट देखें-
31 दिसंबर, 2022 को रात 8 बजे से 1 जनवरी, 2023 को सुबह 6 बजे तक दक्षिण और उत्तर की ओर निम्नलिखित सड़कों पर पार्किंग प्रतिबंध लगाया जाएगा. लिस्ट में एन.एस. सड़क, मैडम कामा रोड, वीर नरीमन रोड, छत्रपति शिवाजी महाराज मार्ग, महाकवि भूषण मार्ग, एडम स्ट्रीट, हेनरी रोड, हाजी नियाज अहमद आजमी मार्ग, पीजे रामचंदानी मार्ग, बेस्ट मार्ग, महर्षि कर्वे मार्ग शामिल है.

देखें वैकल्पिक रास्तों की पूरी लिस्ट-
-वाहन सुंदर महल से सी.एस.एम.टी. चर्चगेट स्टेशन और हजारीमल सोमानी मार्ग के माध्यम से.
-एन.एस. रोड टू फ्रीवे-चर्चगेट, सीटी0, हुतात्मा चौक और रीगल जंक्शन होते हुए वाहन सुंदर महल से फ्रीक वे की ओर बढ़ेंगे.
-एन.एस. जेजे फ्लाईओवर के लिए सड़क- वाहन सुंदर महल से चर्चगेट और सीएसएमटी स्टेशन के माध्यम से जेजे फ्लाईओवर तक आगे बढ़ेंगे.
-एन.एस. कफ परेड के लिए सड़क- वाहन एयर इंडिया से कफ परेड के लिए मंत्रालय, गोदरेज, अंबेडकर जंक्शन, रीगल और एसबीएस रोड के माध्यम से आगे बढ़ेंगे.
-नरीमन पॉइंट/एनसीपीए से पेडर रोड- विनय के. शाह मार्ग, रजनी पटेल मार्ग, आईनॉक्स, मंत्रालय, गोदरेज, लेफ्ट टर्न, केसी कॉलेज जंक्शन, चर्चगेट, जीएसटी भवन, सैफी अस्पताल, ओपेरा हाउस, विल्सन कॉलेज, बैंडस्टैंड से वाहन आगे बढ़ेंगे और आगे बढ़ें.
-गेटवे ऑफ इंडिया से गिरगांव चौपाटी- छत्रपति शिवाजी महाराज मार्ग, एस.पी. मुखर्जी चौक, एम.जी. रोड, मेट्रो जंक्शन
-जगन्नाथ शंकरशेठ रोड, श्यामलदास गांधी मार्ग, प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर, एन.एस. रोड, गिरगांव चौपाटी.
-मंत्रालय से गिरगांव चौपाटी- मैडम कामा रोड, गोदरेज जंक्शन, महर्षि कर्वे रोड, चर्चगेट जंक्शन, इनकम टैक्स भवन, एस.के. पाटिल उद्यान, सैफी अस्पताल, ओपेरा हाउस, सुख सागर जंक्शन, विनोली चौपाटी, गिरगांव.
-मैडम कामा रोड, डॉ. अंबेडकर चौक, कर्मवेचर भाऊराव पाटिल मार्ग से वाहन आगे बढ़ेंगे. सीटीओ जंक्शन, एम.जी. रोड, मैक्ट्रो जंक्शन, जगन्नाथ शंकरशेठ रोड, श्यामलदास गांधी मार्ग, प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर, एन.एस. रोड, मफतलाल, गिरगांव चौपाटी.

बड़ी खबर : क्रिकेटर ऋषभ पंत सड़क हादसे में घायल, रेलिंग से टकराई कार, दिल्ली रेफर

0

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत की कार का दिल्‍ली से घर लौटते समय बड़ा हादसा हो गया। रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के समीप मोड पर उनकी कार कर एक्सीडेंट हो गया। जिस स्थान पर क्रिकेटर ऋषभ की कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, वह ब्लैकस्पाट है। हादसे का कारण नींद की झपकी आने का अनुमान लगाया जा रहा है। कार में ऋषभ अकेले थे, वह खुद गाड़ी चला रहे थे। उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल लाया जा रहा है। खानपुर विधायक उमेश कुमार उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे।

डॉक्‍टरों के मुताबिक ऋषभ पंत के माथे और पैर में चोट आई है। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक देहात स्वप्न किशोर सिंह मौके पर पहुंच गए हैं। सक्षम हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ सुशील नागर ने बताया कि फिलहाल ऋषभ पंत की हालत स्थिर बनी हुई है, उनको रुड़की से देहरादून के मैक्‍स अस्‍पताल रेफर किया गया है। वहां उनकी प्‍लास्टिक सर्जरी की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक ऋषभ की कार रेलिंग से जा टकराई, जिसके बाद कार में आग लग गई। बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया गया गया। वहीं हादसे गंभीर रूप से घायल ऋषभ पंत को दिल्ली रोड स्थित सक्षम अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऋषभ पंत कार से सवार होकर दिल्ली से रुड़की की ओर आ रहे थे। बता दें कि रुड़की में ऋषभ पंत का घर है। जब उनकी कार नारसन कस्बे में पहुंची तो कार अनियंत्रित होकर रेलिंग और खंभों को तोड़ते हुए पलट गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन दुर्घटना में घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत के बारे में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके इलाज का सारा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। अगर एयर एंबुलेंस की आवश्यकता होती है, तो उसकी भी व्यवस्था की जाए।