Home Blog Page 605

बर्फबारी के बीच राहुल बोले- मैंने यात्रा से बहुत कुछ सीखा, लोगों का मिला अपार समर्थन

0

श्रीनगर : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में समाप्त होने जा रही है। राहुल के नेतृत्व में की जा रही इस यात्रा में आज कई विपक्षी पार्टियों को बुलाया गया था, जिसमें से कई दलों ने यात्रा से दूरी बनाने का फैसला किया। वहीं, यात्रा के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि मैंने इस यात्रा से बहुत कुछ सीखा है और लोगों ने अपार समर्थन दिया है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में जो राजनीति चल रही है, उससे देश का भला नहीं हो सकता। प्रियंका ने कहा कि भाजपा की राजनीति देश को बांटती और तोड़ती है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से राहुल ने देश के लोगों का दर्द समझा है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरा भाई कन्याकुमारी से 4-5 महीने पैदल चला और वे जहां भी जाते, लोगों से उन्हें काफी प्यार मिलता। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि इस देश में अभी भी देश के लिए, इसकी विविधता के लिए एक जुनून है जो सभी भारतीयों के दिलों में बसता है।

प्रियंका ने कहा कि जब मेरा भाई कश्मीर आ रहा था, तो उसने मेरी मां और मुझे एक संदेश भेजा। कांग्रेस नेता ने बताया कि राहुल कश्मीर को अपने घर की तरह मानते हैं और इसलिए ही राहुल ने कहा था कि मेरे परिवार के लोग मेरा इंतजार कर रहे हैं।

पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती राहुल की इस यात्रा के समापन कार्यक्रम में आज भी शामिल हुईं। उन्होंने बर्फबारी के बीच लोगों को संबोधित किया और राहुल गांधी की खूब प्रशंसा की। मुफ्ती ने कहा कि राहुल ने यात्रा में कहा था कि वे कश्मीर में अपने घर आ गए हो ऐसा लगता है, लेकिन यह उनका घर ही है। पीडीपी नेता ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि गोडसे की विचारधारा ने जम्मू-कश्मीर से जो छीन लिया, वह इस देश से वापस मिल जाएगा और राहुल गांधी में देश आशा की किरण देख रही है।

भारत जोड़ो यात्रा के फिनाले पर जमी बर्फ तो राहुल-प्रियंका ने लिया स्नोफॉल का मजा

0

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज समापन समारोह है. यात्रा शहर के बुलेवार्ड क्षेत्र में नेहरू पार्क तक जाएगी और आज खत्म होगी. भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन समारोह से पहले सोशल मीडिया पर भाई-बहन राहुल और प्रियंका की खूबसूरत फोटो वायरल हो रही हैं.

जिसमें दोनो बर्फ के साथ खेलते नजर आ रहे हैं. तस्वीरों में राहुल और प्रियंका को मस्ती करते हुए देखा जा रहा है. इन प्यारी तस्वीरें में राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका के साथ एक प्यारा सा बॉन्ड शेयर करते नजर आए.

वहीं दूसरी तस्वीर में प्रियंका राहुल के हाथों को पीछे से पकड़कर उनके सिर पर स्नोबॉल फेंक रही हैं. कांग्रेस कार्यकर्ता भी राहुल-प्रियंका के सिर पर मुट्ठी भर बर्फ बरसाते नजर आ रहे हैं. हालांकि कश्मीर में खराब मौसम के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया है.

7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करने के बाद 30 जनवरी को श्रीनगर में खत्म होगी. श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में रैली के साथ यात्रा का समापन होगा. रैली में 10 से ज्यादा विपक्षी दलों के नेता मौजूद रहेंगे.

नगद सौदा है श्रीमद्भागवत कथा- ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती

0

बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बमेतरा में ’परमाराध्य’ परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरु श्रीश्री शंकराचार्य जी स्वामिश्रीः अविमुक्तेश्वरानन्दः सरस्वती ’1008’ अपने प्रवास के चतुर्थ दिवस दिन रविवार को बेमेतरा के कृष्णा विहार स्थित निवास पर प्रातः भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर की पूजा कर दीक्षार्थियों को दीक्षा पश्चात दर्शन। शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने बताया कि शंकराचार्य जी बेमेतरा निवास से कथा स्थल 1 बजे पहुँच श्रीमद्भागवत कथा स्थल पहुँचे जहाँ प्रारम्भ सुरेंद्र कुमार छाबड़ा एवं परिवार द्वारा श्रीभागवत भगवान की आरती व पदुकापुजन कर चतुर्थ दिवस का कथा प्रारम्भ हुआ।

शंकराचार्य ने व्यासपीठ से कहा श्रीमद्भागवत के कथा के श्रवण का माहात्म्य अनेक ग्रन्थों में वर्णित है। यह कथा हमें तत्काल फल प्रदान करती है इसीलिए इसे नगद सौदा कहा जाता है। ऐसा नहीं है कि यह कथा सुनकर जब हमारी मृत्यु होगी तब हमें इसका फल मिलेगा।  कहा गया है कि जैसे ही श्रद्धा भक्ति से युक्त होकर हम भगवान् की कथा को सुनते हैं तत्काल हमें इसका फल मिल जाता है।

उक्त बातें ’परमाराध्य’ परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य स्वामिश्रीः अविमुक्तेश्वरानन्दः सरस्वती महाराज ने छत्तीसगढ के बेमेतरा जिले में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा के प्रवचन में कही। उन्होंने कहा कि संसार में दो प्रकार के मन्दिर हैं। एक जो मनुष्यों ने बनाए और एक जो भगवान् ने बनाए। भगवान् ने अपना स्थान सबके हृदय में बना रखा है। इसी बात को गीता में स्वयं भगवान् श्रीकृष्ण ने कहा कि ईश्वरः सर्वभूतानां हृद्देशेर्जुन तिष्ठति। इसलिए सबमें परमात्मा को देखना चाहिए।

उन्होंने समझाते हुए कहा कि अनायास मरण भगवान् की कृपा से होता है। किसी को भी आत्महत्या नहीं करना चाहिए।  क्योंकि व्यक्ति यदि जीवित रहेगा तो अनेक शुभ चीजें देख सकता है। भगवान् ने हमें यह जीवन दिया है तो अच्छे कर्म करते हुए इसे व्यतीत करना चाहिए ।

श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आज बेमेतरा में चौथा दिन है, जहां पर श्रद्धालुजन शंकराचार्य के श्री मुख से भागवत कथा का श्रवण कर रहे हैं। चौथे दिन इस भव्य कार्यक्रम के आयोजक विधायक आशीष छाबड़ा ने शंकराचार्य स्वामीश्रीश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का धन्यवाद किया और भक्तों से कहा कि हम सभी भाग्यशाली हैं कि शंकराचार्य भगवान स्वयं ही भागवत कथा हमें सुना रहे हैं।

उन्होंने कहा कथा के प्रथम दिवस में शंकराचार्य महाराज ने बताया था किस तरह से श्रीमद् भागवत महापुराण जीवन में हम सब को मुक्ति का मार्ग बताता है। जितनी ही आत्मीयता से हम सुनेंगे हमारा अंतःकरण पवित्र होगा। वही, विधायक ने कहा कि सभी को कथा अच्छे मन से सुनना है व जीवन में उसे उतारना है।

वही, विधायक आशीष छाबड़ा ने बताया जिस तरह उन्होंने शनिवार को सपाद लक्षेश्वर सवालाख शिवलिंग, जो बेमेतरा जिले में एशिया का सबसे बड़ा शिव जी का मंदिर बन रहा है। उसके लिए धर्म प्रेमियों से अपील की थी कि वह अपने परिवार जन के नाम से एक शिवलिंग की स्थापना करवाएं। धर्म प्रेमियों ने तत्काल इस बात को माना और लगातार ही शिवलिंग स्थापना के लिए राशि देकर रसीद ले रहे हैं। आज ही करीब 12 श्रद्धालुओं ने शिवलिंग स्थापना के लिए नाम दिया है।

हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुँच किया प्रसाद ग्रहण

दूर दराज से पहुँच रहे श्रद्धालुओं के लिए प्रथम दिन से ही प्रतिदिन 12 से शाम 6 बजे तक विशाल भंडारा का आयोजन होता है जिसमे रविवार को पांच हज़ार श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुँच प्रसाद ग्रहण किया। यह भंडारा नियमित रूप से 2 फरवरी तक भक्तो के लिए उपलब्ध रहेगा।

प्रमुख रूप से ब्रह्मचारी ब्रह्मविद्यानन्द, साध्वी पूर्णम्बा, साध्वी शारदाम्बा, चन्द्रप्रकाश उपाध्याय विशेष कार्याधिकारी ज्योतिर्मठ, ब्रह्मचारी ज्योतिर्मयानंद, ब्रह्मचारी केशवानन्द, ब्रह्मचारी हृदयानंद, ब्रह्मचारी परमात्मानंद, पंडित कृष्णा परासर, पंडित देवदत्त दुबे, प्रदीप चौबे वरिष्ठ नेता कांग्रेस, भूपेंद्र उपाध्याय सीएमओ, छोटू महेश्वरी अध्यक्ष भद्रकाली ट्रस्ट, हेमन्त अरोरा पीडब्ल्यूडी रायपुर, प्रकाश सितलानी अध्यक्ष सिन्धी समाज, सुरेश तेजवानी, गोविंद अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल, हीरा बाई वर्मा जनपद अध्यक्ष, शकुंतला साहू नगर पालिका अध्यक्ष, संध्या परघनिया, सुनीता जोशी, बलराम साहू, रविपाल अरोरा, राजेश पुनिया, रंजीत सिंह बैस, वीणा सिंह बैस सहित हज़ारो संख्या में श्रद्धालुओं ने भागवत कथा श्रवण किया।

स्वामी प्रसाद मौर्य का सिर कलम करने पर 21 लाख का इनाम देने का ऐलान

0

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस पर की गई टिप्पणी का विवाद फिलहाल थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। राजनीतिक दलों के साथ साथ साधु-संतों द्वारा भी स्वामी के बयान की निंदा की जा रही है, इसी कड़ी में अयोध्या स्थित हनुमान मंदिर के महंत रादू दास ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का सिर कलम करने पर 21 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है।

इससे पहले तपस्वी छावनी के परमहंस दास ने मौर्य की जीभ काटने वाले पर इनाम देने की घोषणा की थी। बताते चलें कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने यह कहकर विवाद को जन्म दे दिया था कि रामचरित मानस के कुछ छंद समाज के एक वर्ग का अपमान कर रहे हैं, लिहाजा इस पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।

परमहंस दास ने मौर्य को पार्टी का महासचिव बनाए जाने पर भी सपा की आलोचना की है। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें पार्टी का महासचिव बनाकर उनका कद बढ़ा दिया है। विवाद गरमाने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने कदम पीछे करने से इनकार कर दिया है।

सपा नेता मौर्य ने कहा, “धर्म के नाम पर आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के अपमान की साजिशों का मैं विरोध करता रहूंगा। जिस तरह कुत्तों के भौंकने से हाथी बेफिक्र रहता है और अपना रास्ता नहीं बदलता, मैं भी नहीं बदलूंगा. उन (आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और महिलाओं) के लिए सम्मान पाने की दिशा में मेरा रुख यही रहेगा।

अखिलेश यादव ने इस विषय पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि भगवान राम और रामचरितमानस के खिलाफ कोई नहीं है.. बकौल अखिलेश, कल मैं मंदिर गया तो RSS-BJP के गुंडे आ गए, हमें पता होता BJP गुंडे भेजने वाली है तो हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ आते। उन्होंने कहा कि काला झंडा जब समाजवादी दिखाते हैं तो उन्हें 1 साल के लिए जेल भेजा जाता है।

तेजी से बढ़ रही ‘पठान’ की कमाई, 5 दिनों में 500 करोड़ पार

0
  • TS Lama 

बड़े पर्दे पर चार साल बाद ‘पठान’ से वापसी करने वाले शाह रुख खान ने एक बार साबित किया है कि उन्हें क्यों किंग खान कहा जाता है। पठान सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में उनकी फिल्म ने झंडे गाड़े हैं। महज चार दिनों में ही 400 करोड़ का आंकड़ा वर्ल्डवाइड पार कर लिया। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि बॉक्स ऑफिस पर शाह रुख खान का धमाका इतना जोर का होगा। लेकिन इस धमाके की गूंज सिर्फ यहीं खत्म नहीं हुई। पांचवे दिन फिल्म ने और भी बेहतरीन कलेक्शन किया है।

‘पठान’ फिल्म बुलेट की रफ्तार से कमाई कर हर रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। डॉमेस्टिक फ्रंट पर ‘पठान’ ने 250 करोड़ का आंकड़ा पहले ही पार कर लिया है। पांचवे दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 60-62 करोड़ के बीच कमाई की। यह सिर्फ हिंदी भाषी फिल्म का कलेक्शन है। अगर ‘पठान’ के पांचवे दिन के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को देखें, तो आंखे फटी की फटी रह जाएंगी।

दुनियाभर के डेली आंकड़ों को देखें, तो पता लगेगा कि फिल्म हर रोज 50 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर रही है। चार दिनों में फिल्म ने 429 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया। वहीं, पांचवे दिन फिल्म की कमाई 500 करोड़ पार चली गई। पांचवे दिन ‘पठान’ का कारोबार 550 करोड़ के आसपास खत्म हुआ। ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने ट्वीट किया, ‘#Pathaan का पांचवे दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 550 करोड़ की रेंज में हो सकता है।

24 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा हमला, 6 ट्रकों पर प्लेन से गिराए गए बम

0

ईरान पर 24 घंटे के अंदर दूसरा बड़ा हमला हुआ है. ईरान के ट्रकों के काफिले पर एयर स्ट्राइक किया गया है. सीरिया-इराक बॉर्डर पर ट्रकों पर बमबारी की खबर है. जानकारी के मुताबिक ईरान के 6 ट्रकों पर प्लेन से बम गिराए गए हैं. इससे पहले रविवार को ईरान के इस्फहान शहर में सैन्य ठिकाने पर ड्रोन अटैक हुआ था. सीरिया और दूसरे अरब मीडिया ने रविवार (29 जनवरी) की रात को कहा कि अज्ञात प्लेन ने सीरिया-इराक बॉर्डर पर अल-काइम क्रॉसिंग के पास ईरानी ट्रकों के एक काफिले पर हमला किया.

सऊदी के अल-अरबिया नेटवर्क ने अज्ञात स्रोतों का हवाला देते हुए कहा कि हमले से पहले 25 ट्रक इराक से सीरिया की सीमा पार कर चुके थे. सीरिया के Sham एफएम रेडियो स्टेशन और अन्य स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार छह रेफ्रिजरेटर ट्रकों को निशाना बनाया गया है. अल-अरबिया ने कहा कि अज्ञात विमान ने ट्रक चालकों पर बम गिराने से पहले पहले चेतावनी दी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अल-काइम क्रॉसिंग ईरानी मिलिशिया की ओर से नियंत्रित किया जाता है.

यूरोप स्थित सीरियाई एक्सपर्ट उमर अबू लैला ने बताया कि ट्रक ईरानी मिलिशिया के थे और हमलों ने अबू कमल क्षेत्र में ईरानी कमांडरों को भी निशाना बनाया. ऑनलाइन प्रसारित एक फ़ुटेज में क्षेत्र में एक बड़ी आग जलती हुई दिखाई जा रही है. हालांकि वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की गई है.

ईरान के सेंट्रल शहर इस्फहान (Isfahan) में शनिवार (28 जनवरी) को मिलिट्री साइट पर ड्रोन से हमला (Drone Attack) किया गया था. हालांकि, ईरान के रक्षा मंत्रालय ने इसे एक नाकाम ड्रोन हमला बताया था. सुरक्षा अधिकारियों ने बताया था कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ. ईरानी ने ड्रोन को मार गिराने का भी दावा किया था.

ऐसा माना जाता है कि ईरान (Iran) अक्सर इराक से और सीरिया के रास्ते लेबनान के हिजबुल्लाह आतंकवादी ग्रुप को हथियार भेजता है. इज़राइल की ओर से अक्सर हवाई हमलों के जरिए सीरियाई एयर डिफेंस सिस्टम को टारगेट किया जाता रहा है. पिछले साल नवंबर की शुरुआत में सीरिया-इराक बॉर्डर पर ईरानी हथियारों को ले जाने वाले एक काफिले पर इजरायली वायु सेना की ओर से हवाई हमला किया गया था. सीरिया के हवाई क्षेत्र में इजरायल के हमले काफी हद तक रूस से नियंत्रित बताए जाते हैं.

BJP विधायक का विवादित बयान, अब गला काटने वाला हिंदू बनने की जरूरत

0

अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले तेलंगाना बीजेपी के विधायक टी राजा सिंह ने एक फिर विवादित बयान दिया है. उन्होंने रविवार (29 जनवरी) को कहा कि अब घन्टा बजाने वाला नहीं, गला काटने वाला हिन्दू  बनने की जरूरत है. टी राजा सिंह  मुंबई  में हिन्दू आक्रोश मोर्चे के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे.

हैदराबाद की गोशामहल सीट से बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने कहा कि जोमैटो, रैपिडो टैक्सी, ओला, उबर से हिन्दू लड़कियों का नाम नंबर लिया जाता है और लव जिहाद किया जा रहा है. आप मुस्लिमों की दुकानों से सामान लेने से बचें. मोदी जी से मेरी गुजारिश है कि ‘हम दो, हमारे दो’ हमें स्वीकार है, लेकिन मुस्लिमों पर भी ये लागू हो.

बीजेपी विधायक ने आगे कहा कि हिंदुओं से गुजारिश है कि वो 1 रुपये का सामान हो या 1 लाख का, सिर्फ हिन्दुओं की दुकान से ही खरीदें. हाल ही में उन्होंने पुणे में एक कार्यक्रम में कहा था कि देश में लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण, गोहत्या आदि के मामले बढ़े हैं. मैं राज्य सरकार और केंद्र से लव जिहाद के खिलाफ कानून लाने की मांग करता हूं.

इससे पहले हैदराबाद पुलिस ने 19 जनवरी को टी राजा सिंह को पिछले साल एक धार्मिक समुदाय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर एक नोटिस भेजा था. टी राजा सिंह को पिछले साल गिरफ्तार भी किया गया था. उन्हें तेलंगाना पुलिस ने पैगंबर मुहम्मद पर कथित अपमानजनक टिप्पणी के आरोप में गिरफ्तार किया था. हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी. बीजेपी ने उन्हें निलंबित कर दिया था.

टी राजा सिंह ने कथित तौर पर पैगंबर मुहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हुए 10 मिनट का एक वीडियो जारी किया था. कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा था कि यह एक “कॉमेडी” वीडियो था, जैसे फारूकी के हिंदू देवताओं पर कथित वीडियो होते हैं. उनके इस बयान के बाद हैदराबाद में खूब हंगामा हुआ था.

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास पर फायरिंग, सीने में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती.

0

ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और झारसुगुड़ा के विधायक नव किशोर दास को एक पुलिसकर्मी ने जनसभा में जाने के दौरान गोली मार दी। एएसआई गोपाल दास ने करीब से मंत्री पर छह राउंड फायर किए थे, जिसमें से पांच राउंड उनके सीने में लगे।आनन-फानन में नव किशोर दास को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रहा है। घटना दोपहर करीब सवा बारह बजे झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में गांधी चौक पर हुई।

इस मामले पर जानकारी देते हुए ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने कहा कि गांधी चौक पुलिस अधिकारी गोपाल दास ने स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास को गोली मारी है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। ASI ने सरकारी रिवाल्वर से गोली मारी है।  पुलिसकर्मी ने वाहन से बाहर निकलते ही नव दास पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी ने 6 राउंड गोली चलाई थी, जिसमें 5 गोलियां उनके सीने में लगी हैं।

उन्हें बड़े अस्पताल में स्थानांतरित किये जाने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपित पुलिस कर्मी को हिरासत में लिया गया है। पुलिसकर्मी से पूछताछ जारी है।इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य मंत्री पर फायरिंग की घटना के बाद बीजद कार्यकर्ताओं के धरने पर बैठने से मौके पर तनाव व्याप्त है।

राहुल गांधी ने लाल चौक पर फहराया तिरंगा, बने दूसरे कांग्रेसी नेता

0

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर के लाल पहुंच गई. यहां राहुल गांधी ने तय कार्यक्रम के मुताबिक ध्वजारोहण किया. तिरंगा फहराते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गजब का जोश देखने को मिला. राहुल गांधी के साथ उनकी बहन एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं. सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए. लाल चौक के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया और सिटी सेंटर के चारों तरफ बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है. राहुल गांधी आज शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे.

लाल चौक पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “लाल चौक से भारत का तिंरगा फहराकर हमने ये दिखाया है कि न तो नफरत चलेगी, न बंटवारा और न ही विभाजन. इस देश में प्रेम मोहब्बत और भाईचारा चलेगा… मोदी सरकार को बेरोजगारी और महंगाई पर जवाबदेह होना पड़ेगा. आज देश में नफरत और विभाजन का माहौल है.
140 करोड़ लोग देश के प्रधानमंत्री से भी बड़े हैं, वो मोदी हों या कोई और… इस देख के लोग ही इस देश का झंडा हैं. आज हम देश को फिर से जोड़ने का एलान कर रहे हैं.सोमवार को राहुल गांधी श्रीनगर में एमए रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराएंगे, जिसके बाद एसके स्टेडियम में एक जनसभा आयोजित की जाएगी. इस जनसभा के लिए 23 विपक्षी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है.

उत्तराखंड : अगले 48 घंटे हो सकती है बारिश और बर्फबारी, अलर्ट जारी

0

देहरादून : मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में मैदान से लेकर पहाड़ तक भारी बारिश के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम करवट भी बदलने लगा है। राजधानी देहरादून में बादल छाए हुये हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटे में उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी, नैनीताल, देहरादून में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, पर्वतीय जिलों में 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले 24 घंटे में पूरे उत्तराखंड में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। रविवार और सोमवार को बारिश और बर्फबारी के साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है। सरकार, शासन और आपदा आपदा प्रबंधन को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

देहरादून और आसपास के इलाकों में भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन के अधिकारियों को आपदा की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आपदा प्रबंधन के कार्य तेजी से शुरू करने को कहा है।