Home Blog Page 560

राहुल गांधी ने कहा : अदाणी की शेल कंपनियों में बेनामी संपत्ति किसकी, BJP को देना ही होगा जवाब

0

राहुल गांधी आज एक बार फिर अदाणी मामले को लेकर भाजपा को घेरते दिखे। कांग्रेस द्वारा न्यायपालिका पर दबाव डालने के भाजपा के आरोपों पर जवाब देते हुए राहुल ने कहा कि सबसे पहले भाजपा को जवाब देना चाहिए की अदाणी की शेल कंपनियों में 20 हजार की बेनामी संपत्ति किसकी है।

राहुल गांधी आज जैसे ही कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे तो कुछ पत्रकारों ने उनसे सूरत कोर्ट में कल उनके द्वारा डाली गई याचिका पर सवाल किया। पत्रकार ने कहा कि भाजपा बोल रही है कि कांग्रेस द्वारा न्यायपालिका पर दबाव बनाया जा रहा है। पत्रकार का सवाल सुनते ही राहुल गांधी बिफर गए और कहा कि आप हमेशा भाजपा की बात क्यों करते हैं।

राहुल गांधी को मोदी सरनेम टिप्पणी को लेकर सूरत की मजिस्ट्रेट कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी लोकसभा सदस्यता भी चली गई थी। सूरत कोर्ट के इस फैसले को राहुल ने सोमवार को सेशंस कोर्ट में चुनौती दी, जहां उन्हें मामले में जमानत मिल गई।

BJP विधायक ने थामा कांग्रेस का हाथ

0

कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक एन वाई गोपालकृष्ण सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और जनता दल (एस) के कई विधायक कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि जनता की लहर पार्टी के पक्ष में है।

कुदलिगी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा भाजपा विधायक एन वाई गोपालकृष्ण को पार्टी में शामिल करने के बाद अपने भाषण में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी। गोपालकृष्ण ने गत शुक्रवार को ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। शिवकुमार ने कहा कि भाजपा और जद (एस) के कई नेता हमारा दरवाजा खटखटा रहे हैं। यह इस बात का सबूत है कि राज्य की जनता की आवाज कांग्रेस के पक्ष में है और हमारा रास्ता सही दिशा में सत्ता की तरफ है।

शिवकुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि गोपालकृष्ण ने भाजपा विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया और अब कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह जद (एस) विधायक केएम शिवलिंगे गौड़ा भी इस्तीफा दे चुके हैं और वह जल्द ही कांग्रेस में शामिल होंगे।

केपीसीसी प्रमुख ने कहा, “भाजपा और जद (एस) नेता स्वैच्छिक रूप से कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं, जो इस बात का बड़ा सबूत है कि लोगों ने डबल इंजन सरकार की नाकामी के कारण परिवर्तन करने का मन बना लिया है।” छह बार के विधायक गोपालकृष्ण पहले कांग्रेस में थे। वह चार बार चित्रदुर्ग जिले के मोलाकलमुरु विधानसभा क्षेत्र से और एक बार बल्लारी सीट से विधायक चुने गए। भाजपा में शामिल होने के बाद वह कुदलिगी से विधायक बने।

 2018 में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर वह विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गये थे और कुदलिगी सीट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की। गोपालकृष्ण ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद अपने और अपने परिवार के लंबे जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि वह बल्लारी, चित्रदुर्ग और विजयनगर जिलों में पार्टी की जीत के लिए काम करेंगे।

इंडिगो की बेंगलुरु-वाराणसी फ्लाइट यहां हुई आपात लैंडिंग

0

एयरलाइन कंपनी इंडिगो की बेंगलुरु से वाराणसी जा रही फ्लाइट (6E897) की मंगलवार सुबह तेलंगाना के शमशाबाद एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। बताया गया है कि विमान में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया गया है कि इस विमान में 137 यात्री सवार थे। डीजीसीए ने कहा है कि सभी यात्री सुरक्षित है।

मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को राहत, ट्वीट कर कहा ‘मित्रकाल’ चल रहा है…

0

2019 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी सरनेम को लेकर विवादित टिप्पणी दी थी। इस घटना को लेकर सूरत के मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मानहानि के मामले पर राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी।

सोमवार को राहुल गांधी ने सूरत मजिस्ट्रेट कोर्ट के फैसले के खिलाफ सेशंस कोर्ट में अपील दायर की थी। राहुल को अदालत से राहत मिली है। अब मामले में अगली सुनवाई 13 अप्रैल को होगी। सूरत की अदालत ने सभी पक्षों से राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में 10 अप्रैल तक जवाब दाखिल करने को कहा है।

राहुल गांधी को 15 हजार के बॉन्ड पर जमानत दी गई है। सजा पर कोर्ट ने स्टे देते हुए राहुल गांधी को जमानत दी है। साथ ही इस मामले में जो शिकायतकर्ता हैं उन्हें भी अदालत ने नोटिस जारी किया है।

सजा को निलंबित करने की मांग को लेकर कोर्ट का कहना है कि दूसरे पक्ष को सुने बिना ऐसा आदेश पारित नहीं किया जा सकता। इस मामले में शिकायतकर्ता को 10 अप्रैल तक जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

राहुल गांधी के वकील गौरव पंड्या ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी की अपील पर अदालत 3 मई को सुनवाई करेगी।

अभी जेल में ही रहेंगे मनीष सिसोदिया, इतने दिन बढ़ी न्यायिक हिरासत

0

दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े सीबीआई के मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत दो सप्ताह यानी 17 अप्रैल तक बढ़ा दी है। न्यायिक हिरासत अवधि समाप्त होने पर सीबीआई ने सिसोदिया को अदालत के समक्ष किया था पेश।

इससे पहले 20 मार्च को भी अदालत ने बढ़ाई थी न्यायिक हिरासत की अवधि। 31 मार्च को अदालत ने इसी मामले में सिसोदिया की जमानत याचिका कर दी थी खारिज। 26 फरवरी को सिसोदिया को आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआइ ने किया था गिरफ्तार। ईडी के मनी लांड्रिंग मामले में भी न्यायिक हिरासत में हैं।

PM मोदी से मिले CM धामी, रखी ये मांग, चारधाम यात्रा में आने का न्योता

0

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार द्वारा राज्य के विकास हेतु जमरानी बांध परियोजना की स्वीकृति सहित विभिन्न बाह्य साहयतित परियोजनाओं एवं पूंजीगत परियोजनाओं हेतु विशेष सहायता योजनाओं के लिए व्यापक सहयोग प्रदान करने पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। राज्य को G-20 की तीन महत्वपूर्ण बैठकों का दायित्व दिए जाने पर धन्यवाद देते हुए कहा कि रामनगर में मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के वर्किंग ग्रुप की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमन्त्री जी को चारधाम यात्रा, आदि कैलाश और लोहाघाट स्थित मायावती आश्रम के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री के साथ लगभग एक घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की और प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने PM मोदी  को चारधाम यात्रा, आदि कैलाश और लोहाघाट स्थित मायावती आश्रम के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री के साथ लगभग एक घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की और प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री को मुनस्यारी की शॉल, उत्तराखंड में G-20 के सफल आयोजन की कॉफी टेबल बुक, एक साल नई मिसाल की कॉफी टेबल बुक, मिलेट एवं जागेश्वर धाम की प्रतिकृति भेंट की।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को चमोली के जोशीमठ क्षेत्र में भूधंसाव से प्रभावितों को राहत और विस्थापन कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि भूस्खलन एवं भू-धसाव हेतु आर्थिक पैकेज 2942.99 करोड़ की आवश्यकता है। उक्त पैकेज में प्रभावितों को अस्थाई राहत व आवास व्यवस्था हेतु 150 प्री फॅब्रिकेटेड घरों का निर्माण, साइट डेवलपमेंट कार्य, प्रभावित भत्ता प्रमुख है। आवासीय एवं व्यवसायिक अवसंरचनाओं के मुआवजे, असुरक्षित जोन में आने वाले परिवारों की जमीनों के मुआवजे, प्रभावित व्यक्तियों के स्थायी पुनर्वास एवं भूमि के अधिग्रहण व विकास और प्रभावित विभागीय अवसंरचनाओं की मरम्मत व पुनर्स्थापना का कार्य सम्मिलित है। जोशीमठ के स्थरीकरण तथा पुनर्विकास का कार्य भी किया जाना है।

राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एण्ड मैनेजमेंट सेंटर स्थापित किया गया है, जो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर भूमि धसाव सुधार एवं प्रबंधन पर सलाह देगा। सेंटर ने जोशीमठ में कार्य करना आरम्भ कर दिया है, इसके द्वारा प्रभावित भू धसाव, आपदा प्रभावित जोखिम क्षेत्र का रोडमैप तैयार कर दिया गया है

cm dhami meet to pm modi 1

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के लिए वित्त मंत्रालय द्वारा आयोजित पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड की बैठक में संस्तुति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना की वित्तीय स्वीकृति आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी से भी कराए जाने का अनुरोध किया।मुख्यमंत्री ने हरिद्वार से वाराणसी के लिए वन्दे भारत रेल सेवा शुरू किए जाने का भी आग्रह करते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अन्तर्गत आस्ट्रेलिया से 240 मैरीनो भेड़े दिसम्बर, 2019 में आयात की गई थी। इसकी सफलता के आधार पर प्रथम चरण में 500 मैरीनो भेड़ों को आयात करने का प्रस्ताव है जिससे आगामी 3-4 महीनों में लगभग 500 मैट्रिक टन उच्च गुणवत्ता ऊन प्राप्त हो सकती है जो आत्मनिर्भर भारत के अवधारणा के अन्तर्गत भारतीय वस्त्र उद्योग के लिये महत्वपूर्ण है। इसके लिए पशुधन मंत्रालय एवं कपड़ा मंत्रालय से सहयोग अपेक्षित है।

प्रदेश द्वारा स्टेट मिलेट मिशन का वर्ष 2023-24 से 2027-28 तक संचालन किया जा रहा है। मिलेट मिशन में 10,000 मै0टन मडुवा, किसानों से खरीद कर पी०डी०एस० के माध्यम से वितरित किया जायेगा। साथ ही झंगोरे की खीर को मिड-डे-मील में सप्ताह में एक बार विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जायेगा । झंगोरा, रामदाना एवं काकुनी के लिये न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी किये जाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, दलहन व तिलहन के अन्तर्गत गहत व काला भट्ट फसल के सत्य बीज के प्रयोग की अनुमति प्रदान करने का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नाबार्ड द्वारा 18 हजार पॉलीहाउस की स्थापना हेतु 280 करोड़ की स्वीकृति दी गयी है, इससे लगभग 1 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। राज्य में सेब उत्पादन को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने हेतु एप्पल मिशन के अन्तर्गत रू0 35 करोड़ की योजना स्वीकृत की गयी है। उच्च मूल्य वाली फसलों जैसे- कीवी ड्रैगन फ्रूट, स्ट्राबेरी आदि को राज्य सरकार द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मौनपालन के समग्र विकास हेतु राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं शहद मिशन योजना (NBHM) के दिशा निर्देशानुसार 249.529 करोड़ का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को प्रेषित किया गया है, जिसमें कुल अनुदान 203.391 करोड़ केन्द्र सरकार से अपेक्षित है। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि उक्त प्रस्ताव से लगभग 45,000 मौनपालकों को सीधे लाभ पहुंचेगा जबकि प्रदेश के समस्त बागवानों एवं कृषकों को उत्पादन में वृद्धि के माध्यम से अप्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

ऋषिकेश एम्स का 280 शैय्याओं युक्त सैटेलॉइट सेन्टर, ऊधम सिंह नगर (कुमांऊ मण्डल) हेतु स्वीकृत है। सी०पी०डब्ल्यूडी कार्यदायी संस्था है। कार्य में त्वरित गति अपेक्षित है। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे में हवाई सेवाओं के संचालन करने तथा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के दृष्टिगत हवाई अड्डे को भारतीय वायुसेना ( रक्षा मंत्रालय) को हस्तांतरित किए जानें के लिए संबंधित को निर्देशित किए जाने के लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया।

cm dhami meet to pm modi 2

मुख्यमंत्री ने राज्य में PMGSY -1 & ॥ के समस्त अवशेष 473 कार्यों को पूर्ण करने हेतु मार्च, 2024 तक की अनुमति प्रदान करने पर विचार किए जाने का निवेदन किया। पीएमजीएसवाई के अन्तर्गत राज्य में 150 से 249 की जनसंख्या वाली 407 बसावटें अवशेष हैं, जिसमें 3200 किमी0 लम्बी सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है, तथा अनुमानित लागत रू० 2900 करोड़ है। इन बसावटों की स्वीकृति हेतु अनुमति प्रदान किया जाना निवेदित है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अन्तर्गत उत्तराखण्ड में अवशेष 25,423 लाभार्थियों हेतु आवास आवंटन का लक्ष्य माह अप्रैल, 2023 में प्राप्त होना आवश्यक है, जिससे इनको माह दिसम्बर, 2023 तक पूर्ण किया जा सके। इससे वर्ष 2024 तक सभी पात्र लाभार्थियों को आवास योजना से संतृप्त किये जाने का लक्ष्य पूर्ण हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा देश की अर्थव्यवस्था को USD 5 Trillion बनाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा राज्य की आर्थिकी को सुदृढ़ करने हेतु “सशक्त उत्तराखण्ड” मिशन लॉच किया है जिसके अन्तर्गत अगले 5 वर्षो में (2022-2027) GSDP  2.75 लाख करोड़ से दोगुना कर 5.5 लाख करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में McKinsey Global Firm द्वारा इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पर्यटन, कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य एवं शिक्षा तथा सर्विस सेक्टर में निजी निवेश को आकर्षित करने की फोकस एप्रोच के साथ आधारभूत संरचनाओं के विकास का सामन्जस्य बिठाते हुए रणनीति तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की नई पर्यटन नीति की जानकारी देते हुए कहा कि काशी विश्वनाथ तथा उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की भांति हर की पैड़ी हरिद्वार तथा ऋषिकेष कॉरिडोर पर कार्य किया जा रहा है। जनपद चमोली में माणा गांव से 5 कि०मी० की दूरी पर अवस्थित मूसापानी स्थल को नाडावेट (गुजरात) की तर्ज पर विकसित किये जाने हेतु चिन्हित किया गया है।

केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम के पुनर्विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम धार्मिक पर्यटन की भांति कुमाऊं क्षेत्र में स्कन्द पुराण में उल्लेखित मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के अन्तर्गत सर्किट के रूप में 48 मंदिरों तथा गुरूद्वारों को चिन्हित किया गया है। जिसमें प्रथम चरण में 16 मंदिरों का सर्किट बनाने हुये अवस्थापना विकास किया जाना प्रस्तावित है।

राज्य में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार प्रदान करने हेतु मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना बनायी जा रही है, जिसके अन्तर्गत ग्लोबल प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से युवाओं को विदेशों में विशेषकर जापान, जर्मनी, यूके अमेरिका, सिंगापुर आस्ट्रेलिया तथा कनाडा में मुख्य रूप से एल्डर केयर, नर्सिंग, आतिथ्य सत्कार, आयुष (योग, ध्यान तथा आयुर्वेद) से संबंधित सेक्टर में आकर्षक पैकेज दिलाया जायेगा।

औद्योगिकी एवं रोजगार को बढ़ावा दिये जाने हेतु नई मैगा एवं इण्डस्ट्रियल पॉलिसी, प्राइवेट इण्डस्ट्रियल पार्क पॉलिसी एवं कस्टमाइज पैकेज प्रख्यापित की गयी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अक्टूबर-नवम्बर में इन्वेस्टमेंट समिट प्रस्तावित है।

राज्य में नीति आयोग, भारत सरकार की तर्ज पर सेतु “State Institute for Empowering and Transforming Uttarakhand-SETU” बनाया जा रहा है। पी०एम० गति शक्ति पोर्टल की तर्ज पर राज्य का पीएम गतिशक्ति पोर्टल भी विकसित किया गया है। स्टार्ट अप नई पॉलिसी जिसमें अन्य सभी लाभ सहित लगभग200 करोड़ का वेंचर फंड स्थापित किया गया है।

माननीय प्रधानमंत्री जी की 13 फ्लैगशिप योजनाओं के अन्तर्गत किसान सम्मान निधि, स्वामित्व योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड में शत-प्रतिशत प्रगति एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में 94 प्रतिशत की प्रगति प्राप्त कर ली गयी है राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार के सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के विजन के दृष्टिगत सोलर पावर पॉलिसी लाई गयी है। वर्ष 2027 तक 2500 मेगावाट सोलर ऊर्जा क्षमता को प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

बड़ी सफलता : मुठभेड़ में 25 लाख के इनामी टॉप नक्सली कमांडरों समेत 5 ढेर

0

झारखंड : पुलिस के हाथ सोमवार को बड़ी सफलता लगी। दरअसल पुलिस के साथ मुठभेड़ में पांच नक्सली ढेर हो गए हैं। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में दो टॉप कमांडर हैं, जिन पर 25-25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मुठभेड़ झारखंड के चतरा में हुई। मारे गए नक्सलियों के पास से दो एके47 भी बरामद हुई हैं। पुलिस का ऑपरेशन अभी भी चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए टॉप कमांडर के अलावा अन्य तीन पर भी पांच-पांच लाख का इनाम है।

जांच में पता चला है कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में गौतम पासवान और चार्ली शामिल हैं। दोनों SAC के सदस्य हैं। दोनों पर 25-25 लाख का इनाम घोषित था। वहीं मुठभेड़ में मारे गए तीन अन्य नक्सलियों की पहचान नंदू, अमर गंझु और संजीव भुईयान के रूप में हुई है। ये तीनों सब-जोनल कमांडर थे और तीनों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था। मारे गए नक्सलियों के पास से एके47 के अलावा इंसास राइफल भी बरामद हुई है।

इससे पहले रविवार को पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने नक्सल प्रभावित कांकेर जिले से तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान समुंद  उर्फ सुमन सिंह अंचला, संजय कुमार उसेंडी और परासरम धंगुल के रूप में हुई। अंतागढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमान सिन्हा ने बताया कि हमें नक्सिलयों के बारे में खूफिया सूचना मिली थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए एक संयुक्त टीम ने ऑपरेशन शुरू किया। जिसमें कोयेलिबेड़ा थाना क्षेत्र के जंगलों में तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया।

अस्पताल में घुसा कुत्ता, नवजात बच्चे को नोचते हुए बाहर ले गया और फिर…

0

कर्नाटक : शिवमोग्गा जिले के सरकारी अस्पताल से खौफनाक खबर सामने आई है। यहां एक कुत्ता अस्पताल में घुस गया और प्रसूति विभाग से नवजात बच्चे को नोचते हुए बाहर ले गया। हैरानी की बात है कि इस दौरान किसी की भी नजर कुत्ते पर नहीं पड़ी। बाहर जब सिक्योरिटी गार्ड ने देखा तो उसने कुत्ते के चंगुल से बच्चे को छुड़ाया। तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

मैकगैन जिला अस्पताल के सुरक्षा गार्डों ने मीडिया को बताया कि उन्होंने कुत्ते के मुंह में बच्चे को देखा। इसके बाद उसका पीछा किया। कुत्ता शनिवार सुबह करीब 7 बजे अस्पताल के प्रसूति वार्ड के चारों ओर दौड़ रहा था। बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ा लिया गया। इसके बाद डॉक्टर्स ने उसकी जांच की। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी बच्चे के माता-पिता की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, शिशु की मौत का सही समय पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगा। अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं के रिकॉर्ड को सत्यापित करने के लिए आसपास के सभी निजी और सरकारी अस्पतालों की जांच शुरू कर दी है।

राहुल गांधी सूरत के लिए रवाना, भरूच में हिरासत में लिए गए कांग्रेस के कई कार्यकर्ता

0

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मानहानि मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट द्वारा सुनाई गई सजा को सूरत की ही सेशन अदालत में चुनौती देंगे। राहुल फैसले से के खिलाफ अपील दायर करने आज सूरत जाएंगे। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस शासित राज्यों के कुछ मुख्यमंत्री और कई बड़े नेता भी सूरत जा रहे हैं।

इसके अलावा उनकी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी गुजरात जाएंगी। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के बड़े नेताओं का सूरत जाना शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। राहुल गांधी सूरत के लिए रवाना हो गए हैं। सूरत जाने से पहले सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी राहुल के आवास पर पहुंची। सोनिया और प्रियंका ने राहुल से मुलाकात की है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में भरूच से सूरत जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका और हिरासत में लिया। सूरत की सेशन कोर्ट के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में हाथों में पोस्टर लिए हुए हैं।

केजरीवाल की PM मोदी को को चिट्ठी, सर रेलवे में बुजुर्ग कोटा बहाल कर दीजिए…

0

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखते हुए बड़ी अपील की है। उन्होंने रेलवे में दिए जाने वाले बुजुर्ग कोटा को फिर से बहाल करने की विनती की है। केजरीवाल ने चिट्ठी ट्वीट करते हुए लिखा, श्रेल में बुजुर्गों को मिलने वाली रियायत को कृपया बंद ना कीजिए। इस रियायत से करोड़ों बुजुर्गों को फायदा हो रहा है।

पढ़ें केजरीवाल की चिट्ठी

आदरणीय प्रधानमंत्री जी,

देश के बुजुर्गों को पिछले कई सालों से रेल यात्रा में 50ः तक की छूट मिल रही थी। इसका लाभ देश के करोड़ों बुजुर्गों को मिल रहा था। आपकी सरकार ने इस छूट को समाप्त कर दिया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पिछले दिनों लोकसभा में आपकी सरकार ने बताया कि रेल यात्रा में बुजुगों को दी जा रही छूट को बंद करने से सालाना 1600 करोड़ रुपयों की बचत हो रही है। कई बार हमें अहंकार हो जाता है कि हमें जो कुछ जिंदगी में मिला वो केवल हमारी मेहनत का नतीजा है। ऐसा नहीं है। हमारी तरक्की में हमारे बुजुर्गाे का आशीर्वाद होता है।

बिना उनके आशीर्वाद के कोई व्यक्ति, कोई समाज या कोई देश तरक्की कर ही. नहीं सकता। जैसे दिल्ली में हम बुजुर्गों को उनके पसंद के तीर्थ स्थल की फ्री यात्रा करवाने ले जाते हैं। उनका आना, जाना, वहां रहना, खाना पीना सब कुछ सरकार देती है। इस से बुजुर्गों को असीम खुशी मिलती है। वो दिल की गहराइयों से हमें आशीर्वाद देते हैं। आज दिल्ली हर क्षेत्र में खूब तरक्की कर रही है। उसका कारण इन बुजुर्गों का आशीर्वाद है।

…समुद्र में बूंद जैसी है 1600 करोड़ की राशि

सर बात पैसे की नहीं है। बात नीयत की है। दिल्ली सरकार अपने 70,000 करोड़ के बजट में से बुजुगों की तीर्थ यात्रा पर अगर 50 करोड़ खर्च कर देती है तो दिल्ली सरकार कोई गरीब नहीं हो जाती। आने वाले साल में केंद्र सरकार 45 लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसमें बुजुगों की रेल यात्रा में छूट पर मात्र 1600 करोड़ खर्च होते हैं। ये राशि समुद्र में एक बूंद जैसे है। इसके खर्च ना करने से कोई केंद्र सरकार अमीर नहीं हो जाएगी और इसके खर्च करने से केंद्र सरकार गरीब नहीं हो जायेगी।

लेकिन, जब इसे रोका जाता है तो हम एक तरह से अपने बुजुर्गों को संदेश दे रहे हैं कि हम आपकी परवाह नहीं करते। ये बहुत गलत है। ये भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। मैंने कई बुजुगों से बात की। रेल यात्रा में दी जा रही यह छोटी सी रियायत उनके लिए बड़ा मायने रखती है। अतः मेरी आपसे विनती है कि बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द से जल्द इस रियायत को बहाल करने का कष्ट करें।