अस्पताल में घुसा कुत्ता, नवजात बच्चे को नोचते हुए बाहर ले गया और फिर…

0
127

कर्नाटक : शिवमोग्गा जिले के सरकारी अस्पताल से खौफनाक खबर सामने आई है। यहां एक कुत्ता अस्पताल में घुस गया और प्रसूति विभाग से नवजात बच्चे को नोचते हुए बाहर ले गया। हैरानी की बात है कि इस दौरान किसी की भी नजर कुत्ते पर नहीं पड़ी। बाहर जब सिक्योरिटी गार्ड ने देखा तो उसने कुत्ते के चंगुल से बच्चे को छुड़ाया। तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

मैकगैन जिला अस्पताल के सुरक्षा गार्डों ने मीडिया को बताया कि उन्होंने कुत्ते के मुंह में बच्चे को देखा। इसके बाद उसका पीछा किया। कुत्ता शनिवार सुबह करीब 7 बजे अस्पताल के प्रसूति वार्ड के चारों ओर दौड़ रहा था। बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ा लिया गया। इसके बाद डॉक्टर्स ने उसकी जांच की। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी बच्चे के माता-पिता की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, शिशु की मौत का सही समय पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगा। अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं के रिकॉर्ड को सत्यापित करने के लिए आसपास के सभी निजी और सरकारी अस्पतालों की जांच शुरू कर दी है।