Home Blog Page 510

क्लैट एग्जाम पैटर्न में बड़ा बदलाव, प्रश्नों की संख्या भी घटाई

0

नई दिल्ली:  कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज क्लैट परीक्षा पैर्टन में बड़े बदलाव की घोषणा की है. एनएलयूएस ने क्लैट यूजी परीक्षा पैर्टन में बदलाव किया है. यह बदलाव साल 2024 में होना वाली क्लैट यूजी 2024 एग्जाम पैर्टन में ही नहीं बल्कि सिलेबस के साथ प्रश्नों की संख्या में भी हुआ है. अब क्लैट यूजी एग्जाम में छात्रों को 150 की जगह मात्र 120 प्रश्नों को हल करना होगा. एनएलयूएस अगले साल 3 दिसंबर को कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT 2024) का आयोजन करने वाला है.

कंसोर्टियम ऑफ एनएलयू ने कहा, कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT)  परीक्षा को छात्रों के लिए अधिक अनुकूल और सुलभ बनाने के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों के संघ के शासी निकाय ने 20 मई, 2023 को आयोजित अपनी बैठक में निम्नलिखित का समाधान किया.

  • नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक वर्ष 2024-2025 में शुरू होने वाले अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्लैट यूजी 2024 परीक्षा में छात्रों को 150 प्रश्नों के बजाय 120 प्रश्नों का जवाब देना होगा.
  • 120 प्रश्नों को हल करने के लिए उम्मीदवारों को 2 घंटे का समय दिया जाएगा.
  • 120 प्रश्नों को पांच सेक्शन में बांटा गया है. ये प्रश्न अंग्रेजी भाषा और करंट अफेयर्स जिसमें सामान्य ज्ञान, कानूनी तर्क, तार्किक तर्क और क्वांटिटेटिव टेक्निक्स से पूछे जाएंगे.
  • कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ने साल 2024 में होने वाली क्लैट पीजी परीक्षाओं में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया है. एनएलयूएस ने क्लैट पीजी 2024 परीक्षा पैटर्न, सिलेबस और प्रश्नों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया है.

    कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) देश में 22 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी द्वारा प्रस्तावित स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) लॉ प्रोग्राम में प्रवेश के लिए नेशनल लेवल की प्रवेश परीक्षा है. क्लैट का आयोजन नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज के कंसोर्टियम द्वारा किया जाता है.

आदिपुरुष को देखने थिएटर्स में उमड़ी भीड़, हनुमान जी के लिए भी छोड़ी गई सीट

0
  • T.S. Lama

आदिपुरुष रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आज सुबह से सिनेमाघरों में लंबी लाइनें देखी जा सकती हैं। हैदराबाद के सुदर्शन थिएटर में सुबह से ही शोज हाउसफुल चल रहे हैं। भीड़ इतनी है कि पैर रखने तक की जगह नहीं है।

कई थिएटर में हनुमान जी के लिए एक सीट भी छोड़ी गई है। डायरेक्टर ओम राउत ने थिएटर मालिकों से अपील की थी कि फिल्म के दौरान एक सीट हनुमान जी के लिए छोड़ दी जाए। ऐसी मान्यता है कि जहां राम कथा होती है वहां हनुमान जी जरूर होते हैं।

एक और वीडियो सामने आया है कि जिसमें आदिपुरुष की स्क्रीनिंग के दौरान थिएटर के अंदर एक बंदर आ जाता है। बंदर आता है कि और स्क्रीन पर कुछ देर देखने के बाद वापस चला जाता है। बंदर को देखते ही थिएटर के अंदर लोग ताली और सीटियां बजाने लगते हैं।

बंदर को हिंदू धर्म में कुछ लोग हनुमान का स्वरूप मानते हैं। हम देखते हैं कि जहां हनुमान जी का मंदिर होता है वहां बंदरों की संख्या काफी ज्यादा होती है। सोशल मीडिया पर कल रात से आदिपुरुष ट्रेंड हो रहा है। फिल्म को देखने के बाद लोग अपना-अपना एक्सपीरिएंस शेयर कर रहे हैं। शुरुआती रुझानों की बात करें तो फिल्म को लेकर काफी सारे पॉजिटिव रिस्पॉन्स सुनाई दे रहे हैं। थिएटर जय श्री राम के नारों से गूंज रहा है।

नेपाल में फिल्म आदिपुरुष को लेकर एक विवाद देखने को मिला। दरअसल फिल्म में एक डायलॉग है जिसमें सीता जी को भारत की बेटी कहा गया। नेपाली सेंसर बोर्ड ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सीता का जन्म भारत में नहीं बल्कि जनकपुर, नेपाल में हुआ था। इसके बाद मेकर्स ने फिल्म से वो डायलॉग हटा दिया जिसके बाद फिल्म को वहां रिलीज करने की अनुमति मिल गई।

शिल्पा शेट्टी के घर हो गई चोरी, जांच में जुटी पुलिस

0

पिछले हफ्ते शिल्पा शेट्टी के जुहू स्तिथ बंगले में में चोरी हुई थी। मुंबई पुलिस ने इस केस में मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस इन दो लोगों से पूछताछ कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक्ट्रेस के घर से कीमती सामान चोरी किया गया है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक जुहू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

शिल्पा शेट्टी के घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ऑफिसर ने अपडेट दी है। हालांकि, घर से चोरी हुए सामान और सामान की कीमत के बारे में अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की ओर से इस मामले में अब तक कोई रिएक्शन नहीं आया है।

हाल ही में शिल्पा ने सोशल मीडिया पर इटली के टस्कनी से फोटोज शेयर की थीं। 8 जून को शिल्पा शेट्टी ने अपना 48वां बर्थडे सेलिब्रेट किया। शिल्पा अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने लंदन गई थीं।

बीते दिनों शिल्पा ने बॉक्स-ऑफिस पर अपनी फिल्म हंगामा 2 के साथ कमबैक किया था। इसके बाद शिल्पा फिल्म निकम्मा में अभिमन्यु दासानी और शिर्ले सेतिया के साथ नजर आई थीं। जल्द ही शिल्पा शेट्टी रोहित शेट्टी की वेब सीरीज इंडियन पुलिस फोर्स के साथ OTT डेब्यू करेंगी।

केंद्रीय मंत्री के घर को उपद्रवियों ने लगाई आग, पेट्रोल बम भी फेंके…VIDEO

0

मणिपुर सरकार की ओर से बताया गया कि भीड़ ने गुरुवार देर रात केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री आरके रंजन सिंह के कोंगबा स्थित आवास में आग लगा दी। गनीमत रही कि केंद्रीय मंत्री घटना के समय घर पर नहीं थे। इससे पहले कुछ उपद्रवियों ने बुधवार को इंफाल पश्चिम के लाम्फेल क्षेत्र में एक मंत्री के घर को आग लगा दी थी।

नेमचा किपगेन भाजपा और राज्य सरकार में मंत्री हैं। किपजेन 2017 से कांगपोकपी निर्वाचन क्षेत्र से मणिपुर विधानसभा की सदस्य हैं। विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि मैं इस समय आधिकारिक काम के लिए केरल में हूं। शुक्र है कि कल रात मेरे इंफाल स्थित घर में कोई घायल नहीं हुआ।

बदमाश पेट्रोल बम लेकर आए थे। मेरे घर के भूतल और पहली मंजिल को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि मेरे गृह राज्य में जो हो रहा है उसे देखकर बहुत दुख होता है। मैं अब भी शांति की अपील करता रहूंगा। इस तरह की हिंसा में लिप्त लोग बिल्कुल अमानवीय हैं।

LOC पर घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम, 5 आतंकी ढेर

0

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए घुसपैठ-विरोधी ऑपरेशन के दौरान पांच आतंकवादी मार गिराए गए हैं.

उत्तरी कश्मीर जिले में LoC के पास जुमागुंड इलाके में एक इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों द्वारा लॉन्च किए गए ऑपरेशन के बाद शुक्रवार तड़के आतंकवादियों से मुठभेड़ हुई.

कश्मीर के पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (ADGP) विजय कुमार ने माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट पर लिखा, “पांच (05) विदेशी आतंकवादी मुठभेड़ में मार गिराए गए हैं. इलाके में तलाशी अभियान जारी है.

सिलेबस से हटाई गई RSS संस्थापक हेडगेवार की जीवनी, BJP बोली- हिंदू विरोधी है कांग्रेस

0

कर्नाटक की सिद्दरमैया सरकार ने स्कूली पाठ्यपुस्तक के पाठों से आरएसएस संस्थापक केबी हेडगेवार से संबंधित सामग्री को हटाने का फैसला किया है। शिक्षा मंत्री मधु बंगारप्पा ने यह जानकारी दी।

BJP का कांग्रेस पर हमला

कर्नाटक के पूर्व शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने सिद्दरमैया सरकार के इस फैसला का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुसलमानों के वोट चाहते हैं और सिद्दरमैया की सरकार हिंदुओं के खिलाफ है। पूर्व मंत्री ने कहा कांग्रेस सरकार अब हिजाब को पहनना फिर से लागू कर सकती है। वे अल्पसंख्यकों के वोटों को आकर्षित करना चाहते हैं और हर चीज का राजनीतिकरण करना चाहते हैं।

कर्नाटक के मंत्री दिनेश गुंडू राव ने इससे पहले कहा था कि हमारे पास ऐसे लोगों की कहानियां होनी चाहिए जिन्होंने वास्तव में राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि यदि स्वतंत्रता संग्राम के बारे में बात करें, तो जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया है उसी को दिखाना चाहिए, न कि अपनी व्यक्तिगत पसंद को या उसे जिसे आप अपना आदर्श मानते हो।

उत्तराखंड: पुरोला में महापंचायत को लेकर भारी पुलिस बल तैनात, जगह-जगह रोके गए प्रदर्शनकारी

0

पुरोला में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। यमुना घाटी के तीनों बाजार बंद कर दिए गए हैं। बड़कोट, पुरोला, नौगांव के सभी बाजारों में कोई दुकान नहीं खुली। वहीं महापंचायत के लिए पुरोला जाने की जिद पर अड़े हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं व व्यापारियों को पुलिस ने पुरोला जाने से रोका। पुलिस के साथ देर तक नोंकझोक के बाद प्रदर्शनकारी यही धरने पर बैठ गए।

पुरोला में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर जिला प्रशासन ने बुधवार शाम ही क्षेत्र में धारा-144 लागू कर दी थी। जिले के बॉर्डर भी सील कर दिए गए। भारी संख्या में क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया, बावजूद आज व्यापारी और हिंदू संगठनों के लोग महपंचायत करने की जिद पर अड़े हैं।

महापंचायत के लिए पुरोला जाने की कोशिश कर रहे रुद्रसेना के संस्थापक राकेश तोमर उत्तराखंडी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं बजरंग दल का दावा है कई कार्यकर्ता पुरोला पहुंचे हैं।

यमुनाघाटी हिन्दू जागृति मंच के संयोजक केशव गिरी महाराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद धरने पर बैठे सभी लोगों ने गिरफ्तारी दी। पुलिस वाहन में गिरफ्तार किए व्यापारी और हिन्दू संगठन के लोगों को धरना स्थल से आधा किमी दूर जा कर छोड़ा गया। केशव गिरी महाराज ने अब 25 जून को बड़कोट में महा पंचायत होने की घोषणा की है। धरने की वजह से करीब ढाई घंटे तक पुरोला बफकोट मार्ग बंद रहा।

पुरोला जाते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा रोकने के बाद हिन्दू वादी संगठन धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों ने जबरन पुरोला जाने की कोशिश की। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ धक्का मुक्की हुई, लेकिन मौजूद भारी पुलिस फ़ोर्स के कारण प्रदर्शनकारी आगे नहीं बढ़ पाए। अब प्रदर्शनकारी गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं। कई हिन्दूवादी संगठन के लोग बड़कोट तिलाडी पौंटी राजगढ़ी मार्ग से पुरोला की ओर निकले। सुबह से ही हिन्दू वादी संगठन के लोगों ने पुलिस प्रशासन को खूब छकाया।

नौगांव से एक किमी आगे राजगढ़ी बैंड पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर नौगांव बड़कोट के व्यापारी और हिन्दू संगठन के लोग हरिकी दून मोटर मार्ग पर धरने पर बैठे। जिससे दोनों ओर एक घंटे से वाहनों की आवाजाही बंद है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई है। नौगांव व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीस असवाल का कहना था कि कुछ लोगों द्वारा भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है कि दूसरे समुदाय के लोगों को क्षेत्र से भगाया जा रहा। जबकि एक भी ऐसा नहीं है।

BJP-शिंदे सरकार में विज्ञापन घमासान, पढ़ें पूरी खबर

0

महाराष्ट्र में भाजपा शिवसेना (शिंदे) सरकार में एक बार फिर रार नजर आ रही है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री शिंदे के बेटे ने इस्तीफा दे दिया था अब विज्ञापन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (शिंदे) की तरफ से बुधवार को अखबारों में एक नया विज्ञापन जारी कर मंगलवार को दिए गए विज्ञापन से हुए डैमेज को कंट्रोल करने की कोशिश की गई। राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन से जुड़ा एक इश्तहार बुधवार को मराठी अखबारों में छपा जिसमें शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी दिखाई दिए।

राज्य में कुछ प्रमुख अखबारों में मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीरों वाले विज्ञापन प्रकाशित हुए थे। इस प्रकाशित एक पन्ने के विज्ञापन में एक सर्वे के हवाले से मुख्यमंत्री पद के लिए शिंदे को फडणवीस की तुलना में अधिक लोगों की पसंद बताया गया था।

हालांकि, इस विज्ञापन में फडणवीस या बाल ठाकरे की तस्वीर नहीं थी। इस पर विपक्ष ने घेर लिया था। ‘राष्ट्र में मोदी, महाराष्ट्र में शिंदे सरकार’ शीर्षक वाले विज्ञापन पर विपक्ष ने दावा किया था कि सत्तारूढ़ भाजपा और शिंदे शिवसेना के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।

 

इसके एक दिन बाद बुधवार को राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन से जुड़ा एक इश्तहार बुधवार को मराठी अखबारों में छपा। इस विज्ञापन में शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी तस्वीरें हैं। इस पर कहा जा रहा है कि शिवसेना का यह कदम डैमेज कंट्रोल करने के लिए उठाया गया है।

वहीं, बुधवार को मराठी दैनिकों में प्रकाशित अखबारों में भी एक सर्वेक्षण के हवाले से दावा किया गया है कि महाराष्ट्र में 49.3 प्रतिशत मतदाता भाजपा और शिवसेना को पसंद करते हैं। बताया गया है कि 84 प्रतिशत मतदाताओं को लगता है कि पीएम मोदी के नेतृत्व ने देश को विकास की दृष्टि दी है और 62 प्रतिशत मानते हैं कि ‘डबल इंजन’ की सरकार राज्य में विकास कार्य तेजी से कर रही हैं।

कोचिंग सेंटर में आग, कई मंजिला इमारत से रस्सी के सहारे नीचे उतरे छात्र

0

दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके के कोचिंग सेंटर में आग लगी है। मौके पर दमकर की 11 गाड़ियां पहुंच गई हैं। कोचिंग सेंटर की तीसरी मंजिल पर आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग लगने के बाद कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्र रस्सी के सहारे नीचे उतरकर जान बचाते हुए दिखे।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आ गया है। जिसमें देख सकते हैं कि कैसे एक के बाद एक छात्र रस्सी से नीचे बाहर की तरफ लटके हुए हैं और नीचे की तरफ एक के बाद एक उतर रहे हैं। कोचिंग सेंटर के चार छात्र घायल बताए जा रहे हैं।

आग लगने के बाद कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्र बाहर की ओर लटकी हुई रस्सी के सहारे नीचे उतरे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसमें देख सकते हैं कि कैसे एक के बाद एक छात्र रस्सी से नीचे बाहर की तरफ उतर रहे हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि मुखर्जी नगर में बत्रा सिनेमा के पास गयाना भवन है, जहां पर आग लगी है। दमकल की कुल 11 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। राहत बचाव अभियान जारी है। बताया जा रहा है कि कोचिंग सेंटर में धुंआ फैलने की वजह से छात्रों में अफरातफरी मच गई। सभी छात्रों को बचा लिया गया है।