Home Blog Page 27

आरजी कर कांड में बड़ी कार्रवाई, तीन वरिष्ठ IPS अधिकारी निलंबित

0

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद बहुचर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज कांड में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राज्य सचिवालय नवान्न में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के निलंबन की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तत्कालीन कोलकाता पुलिस आयुक्त Vineet Goyal, आईपीएस अधिकारी Indira Mukherjee और Abhishek Gupta को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही तीनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नवान्न में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि आरजी कर मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या तथ्यों को दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार जल्द ही आरजी कर कांड की विस्तृत जांच के लिए विशेष आयोग के गठन की घोषणा कर सकती है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

हालिया विधानसभा चुनाव में यह मामला बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनकर उभरा था। पीड़िता की मां ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए जीत दर्ज की, जिसके बाद इस प्रकरण ने राज्य की राजनीति में और अधिक महत्व हासिल कर लिया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नई सरकार की यह कार्रवाई प्रशासनिक जवाबदेही और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बड़ा संदेश देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है।

धार भोजशाला विवाद पर बड़ा फैसला: कोर्ट ने कहा- ‘यह मंदिर है, हिंदुओं को पूजा का अधिकार’

0

इंदौर। मध्य प्रदेश के बहुचर्चित भोजशाला विवाद मामले में अदालत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए कहा है कि भोजशाला एक मंदिर है और हिंदू पक्ष को वहां पूजा करने का अधिकार प्राप्त है। कोर्ट ने अपने फैसले में यह भी माना कि यह स्थल परमार वंश के राजा भोज के समय संस्कृत शिक्षा का प्रमुख केंद्र और देवी सरस्वती का मंदिर था।

सुनवाई के दौरान अदालत ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की रिपोर्ट और उपलब्ध ऐतिहासिक तथ्यों को आधार बनाया। जज ने कहा कि पुरातत्व विज्ञान एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है और उसके आधार पर निकाले गए निष्कर्षों पर भरोसा किया जा सकता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में संविधान के तहत नागरिकों को मिले मौलिक अधिकारों को भी ध्यान में रखा गया है।

अदालत ने अपने आदेश में कहा, “हम उन सभी वकीलों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने कोर्ट की सहायता की। तथ्यों, एएसआई एक्ट और पुरातात्विक साक्ष्यों का अध्ययन करने के बाद यह स्पष्ट होता है कि भोजशाला मंदिर स्वरूप स्थल है।”

कोर्ट की प्रमुख टिप्पणियां

  • भोजशाला परिसर एक संरक्षित स्मारक है।
  • यह स्थल मंदिर है।
  • हिंदुओं को पूजा का अधिकार प्राप्त है।
  • सरकार और एएसआई वहां संस्कृत शिक्षा की व्यवस्था विकसित करने पर विचार करें।

अदालत ने अपने फैसले में भोजशाला के ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया। फैसले के अनुसार परमार वंश के राजा भोज के शासनकाल में यह स्थान संस्कृत अध्ययन और विद्या का प्रमुख केंद्र था, जहां देवी सरस्वती की उपासना की जाती थी।

लंबे समय से चल रहा था विवाद

धार स्थित भोजशाला को लेकर लंबे समय से हिंदू और मुस्लिम पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा है। हिंदू संगठन इसे मां सरस्वती का प्राचीन मंदिर बताते रहे हैं, जबकि मुस्लिम पक्ष इसे कमाल मौला मस्जिद का हिस्सा मानता रहा है। मामले को लेकर कई वर्षों से अदालत में सुनवाई चल रही थी।

कोर्ट के इस फैसले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। वहीं हिंदू संगठनों ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे “ऐतिहासिक निर्णय” बताया है।

NEET-UG पेपर लीक के बाद बड़ा फैसला: अगले साल से ऑनलाइन होगी परीक्षा

0

नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक मामले पर पहली बार केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने शुक्रवार को विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी हाल में “परीक्षा माफिया” को प्रतिभाशाली छात्रों का भविष्य खराब नहीं करने देगी। इसी के तहत अगले वर्ष से NEET-UG परीक्षा को पूरी तरह ऑनलाइन यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में कराने का फैसला लिया गया है।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। छात्रों को परीक्षा शहर चुनने के लिए अतिरिक्त एक सप्ताह का समय दिया जाएगा, जबकि परीक्षा अवधि में 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी जोड़ा गया है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।

माफिया किसी योग्य छात्र की सीट न छीन सके

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 3 मई को परीक्षा होने के बाद 7 मई तक एनटीए को शिकायतें मिली थीं कि कुछ प्रश्न तथाकथित “गेस पेपर” से मेल खा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि प्रश्नपत्र लीक हुआ था। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि शिक्षा माफिया के कारण किसी योग्य छात्र का भविष्य प्रभावित हो, इसलिए परीक्षा रद्द करने जैसा कठोर निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि हम छात्रों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। किसी भी प्रतिभाशाली छात्र का हक नहीं छीना जाना चाहिए।”

छात्रों पर नहीं पड़ेगा आर्थिक बोझ

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी छात्रों को परेशानी न हो। इसके लिए राज्य सरकारों और मुख्यमंत्रियों से समन्वय किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जून में बारिश और मौसम संबंधी चुनौतियों को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं और बैकअप प्लान तैयार किए जाएंगे।

परीक्षा शहर बदलने की सुविधा

एनटीए उम्मीदवारों को एक सप्ताह का अतिरिक्त समय देगा, जिसमें वे अपनी वर्तमान स्थिति के अनुसार परीक्षा शहर चुन सकेंगे। मंत्री ने कहा कि कई छात्र कोचिंग छोड़कर अपने घर लौट चुके हैं, इसलिए यह सुविधा दी जा रही है। सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।

अगले साल से ऑनलाइन परीक्षा

धर्मेंद्र प्रधान ने स्वीकार किया कि एनटीए के सिस्टम में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध और टेलीग्राम चैनलों के जरिए पेपर लीक जैसी नई चुनौतियां सामने आई हैं। इसी को देखते हुए अगले वर्ष से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि“एनटीए में सुधार की जरूरत है और इसे और मजबूत बनाया जाएगा।”

सीबीआई जांच जारी

पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल Central Bureau of Investigation कर रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जांच एजेंसी को निष्पक्ष रूप से काम करने दिया जाना चाहिए और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को यह जानकारी है कि कई राज्यों में शिक्षा माफिया सक्रिय हैं और उन पर कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों की सुरक्षा और सुविधा पर जोर

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छात्रों की सुरक्षा जांच प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठे। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि छात्रों को अनावश्यक परेशानी न हो। सरकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से सुरक्षित और छात्र हितैषी बनाने के लिए व्यापक सुधार किए जाएंगे।

उत्तराखंड : अगले कुछ दिनों तक बदलेगा मौसम, बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

0

देहरादून । उत्तराखंड में आगामी दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश, गर्जन के साथ बौछारें और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी और अन्य जिलों में अधिकांश समय मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 मई को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 4500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

17 मई को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इन क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं, जबकि बाकी जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 18 और 19 मई को पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि 20 और 21 मई को एक बार फिर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम से सामान्य के बीच दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है। इसके बाद आगामी 4 से 5 दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

NEET UG री-एग्जाम 21 जून को, दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं

0

नई दिल्ली। नीट यूजी पेपर लीक मामले के बाद रद्द की गई परीक्षा को लेकर आखिरकार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने नई परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। अब NEET UG री-एग्जाम 21 जून को देशभर में आयोजित कराया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले करीब 23 लाख छात्रों के लिए यह बड़ी अपडेट मानी जा रही है।

एनटीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार परीक्षा के एडमिट कार्ड जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी NTA NEET Official Website पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही परीक्षार्थियों से किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी। एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा की तैयारी में तेजी लाएं और आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।

गौरतलब है कि नीट यूजी परीक्षा से पहले कथित पेपर लीक का मामला सामने आया था। राजस्थान के सीकर समेत कुछ कोचिंग सेंटरों में व्हाट्सएप के जरिए ‘गेस पेपर’ छात्रों तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई थी। जांच के दौरान राजस्थान एसओजी को कई ऐसे सवाल मिले, जो परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते बताए गए।

इसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे और परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। पेपर लीक मामले के बाद देशभर के छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। अब नई परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद छात्रों को दोबारा तैयारी का मौका मिलेगा।

उत्तराखंड में हरियाणा की युवती से बंधक बनाकर दुष्कर्म, महिला समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

0

रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में हरियाणा की एक युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता हरियाणा के करनाल जिले की रहने वाली है और मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही है। बताया गया कि अप्रैल माह में युवती घर से निकलकर पिरान कलियर पहुंची थी। आरोप है कि 18 अप्रैल को उसकी मुलाकात दो युवकों से हुई, जिन्होंने उसे बहला-फुसलाकर रायपुर क्षेत्र स्थित एक कमरे में ले गए।

पीड़िता का आरोप है कि कमरे में पहले से एक आरोपी की पत्नी मौजूद थी। वहां उसे नशीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने आरोप लगाया कि करीब पांच दिनों तक उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान आरोपी महिला ने अन्य लोगों को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म कराने और उसे जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने का प्रयास किया।

किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर युवती अपने घर हरियाणा पहुंची। शुरुआत में डरी-सहमी रहने के बाद उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन युवती को लेकर पिरान कलियर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस संबंध में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बड़ी खबर : बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, देशभर में महंगा हुआ ईंधन

0

नई दिल्ली :  लंबे समय से लग रहे कयास आखिरकार शुक्रवार को सच साबित हो गए, जब देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3.11 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। करीब चार साल बाद ईंधन की कीमतों में यह बड़ा बदलाव हुआ है।

नई दरों के लागू होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। चेन्नई में पेट्रोल 103.80 रुपये तथा डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए दाम

शहर पेट्रोल (रु./लीटर)
दिल्ली 97.77
मुंबई 106.68
कोलकाता 108.74
चेन्नई 103.80
बेंगलुरु 105.92
हैदराबाद 110.50

प्रमुख शहरों में डीजल के नए दाम

शहर डीजल (रु./लीटर)
दिल्ली 90.67
मुंबई 93.14
कोलकाता 95.13
चेन्नई 95.25
बेंगलुरु 91.98
हैदराबाद 98.73

बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। कुछ समय पहले तक ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब बढ़कर 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। इससे भारतीय तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा और उन्हें हर महीने हजारों करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजार में जारी अस्थिरता का सीधा असर भारत जैसे तेल आयातक देशों पर पड़ रहा है। हालांकि केंद्र सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।

इस बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने हाल ही में कहा था कि वैश्विक संकट और बढ़ती कीमतों के बावजूद भारत ने ईंधन की आपूर्ति को स्थिर बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मजबूत नीति समन्वय और प्रभावी सप्लाई मैनेजमेंट के जरिए देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की है।

उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 8 जून से, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

0

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग ने देश के 19 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान चलाने की घोषणा की है। इसी क्रम में उत्तराखण्ड में भी 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोग के निर्देशानुसार राज्य में 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की छपाई और निर्वाचन कर्मियों के प्रशिक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को उत्तराखण्ड की ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर 2026 को राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में वर्तमान में 11,733 पोलिंग बूथ हैं, जिनके सापेक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 21,808 बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए जा चुके हैं। इस संबंध में बुधवार को अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस ब्रीफिंग कर अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की।

नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, दोषियों पर कार्रवाई की मांग, गणेश गोदियाल ने धर्मेंद्र प्रधान को लिखा पत्र

0

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को युवाओं के भविष्य पर बड़ा हमला बताते हुए केंद्र सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र भेजकर नीट परीक्षा समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताई।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा है कि पिछले कुछ वर्षों में नीट और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जैसी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की संलिप्तता की चर्चाओं ने युवाओं का भरोसा और कमजोर किया है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामलों ने लाखों छात्रों और अभिभावकों को मानसिक रूप से परेशान किया है। वर्षों की मेहनत और कठिन तैयारी के बाद भी यदि परीक्षा की गोपनीयता सुरक्षित नहीं रह पाती, तो ईमानदार और प्रतिभाशाली छात्रों का मनोबल टूटना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में पेपर लीक, सॉल्वर गैंग, फर्जी परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्रों में अनियमितताओं के कई मामले सामने आए हैं, जो व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करते हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि नीट परीक्षा से जुड़े सभी पेपर लीक मामलों की सर्वोच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी मॉनिटरिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की।

गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि जरूरत पड़े तो प्रभावित अभ्यर्थियों के हित में पुनः परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सख्त कानून बनाने की भी मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से आयोजित हों, ताकि युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली पर भरोसा कायम रह सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र, युवाओं को दिया सेवा का संदेश

0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक और मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और दुर्गम राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका बेहद अहम है, क्योंकि संकट की स्थिति में लोगों की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों से होती है। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, जबकि करीब 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों और नर्सिंग संस्थानों का तेजी से विकास किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और दो का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं।

देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जबकि हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र को भी नई दिशा देने के लिए कार्य कर रही है।

कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी सेब, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त युवा कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान दिलाने में योगदान देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही हैं और नकल विरोधी सख्त कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश के 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य में कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, मधुमक्खी पालन नीति और जाइका परियोजना जैसी योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की नियुक्ति से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी तथा दुर्गम क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।