Home Blog Page 26

नानकमत्ता में महाराणा प्रताप जयंती समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

0

नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नानकमत्ता में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकमत्ता साहिब की पावन धरती पर महाराणा प्रताप जैसे महान राष्ट्रनायक का स्मरण करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के शासक नहीं थे, बल्कि भारत की आन, बान और स्वाभिमान के अमर प्रतीक थे। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी गाथा है, जो आज भी लोगों को प्रेरित करती है।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें यह संदेश देता है कि राष्ट्र, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने थारू समाज की परंपराओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली को उत्तराखंड की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वन धन योजना और जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी जनजातीय समाज के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। अटल आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई संस्थानों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान के संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत, महंगाई भत्ता 58 से बढ़कर 60 प्रतिशत

0

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद अब प्रदेश में महंगाई भत्ता मौजूदा 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू होगी।

सरकारी निर्णय के अनुसार राज्य के सभी कार्मिकों, पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनधारकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। प्रदेश में वर्तमान में दो लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी और लगभग डेढ़ लाख पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनधारी इस फैसले से लाभान्वित होंगे।

सरकार के इस निर्णय से बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलेगी। हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ईंधन की कीमतों और खाद्य पदार्थों के दामों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे महंगाई का दबाव बढ़ा है।

महंगाई भत्ता बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों को उसी अवधि से बढ़े हुए डीए का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही एरियर भुगतान को लेकर शासनादेश अलग से जारी किया जाएगा, जिसमें भुगतान की प्रक्रिया और तिथि तय की जाएगी। सरकार के इस फैसले को कर्मचारी हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य के लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

पाकिस्तान को सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की कड़ी चेतावनी, भूगोल का हिस्सा बने रहना चाहता है या इतिहास

0

नई दिल्ली। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को कड़ा सैन्य संदेश देते हुए चेतावनी दी है कि यदि वह भारत के खिलाफ आतंकवादियों को पनाह देना और अपनी गतिविधियां जारी रखता है, तो उसे तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा बने रहना चाहता है या इतिहास का।

यह बयान शनिवार को दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में आयोजित ‘यूनिफॉर्म अनवेल्ड’ कार्यक्रम के एक सत्र के दौरान दिया गया। सत्र में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों को लेकर चर्चा की जा रही थी।

कार्यक्रम के दौरान जब सेना प्रमुख से पूछा गया कि यदि भविष्य में “ऑपरेशन सिंदूर” जैसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न होती हैं तो भारतीय सेना की प्रतिक्रिया क्या होगी, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में सख्त रुख अपनाते हुए यह बयान दिया।

जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि यदि पाकिस्तान आतंकवादियों को समर्थन देना और भारत के खिलाफ गतिविधियां जारी रखता है, तो उसे अपने भविष्य को लेकर गंभीर निर्णय लेना होगा—क्या वह भूगोल में अपना अस्तित्व बनाए रखना चाहता है या इतिहास में दर्ज हो जाएगा। सेना प्रमुख के इस बयान को भारत की सुरक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।

देहरादून में चेकिंग के दौरान कार से 1.55 करोड़ रुपये बरामद, वाहन सीज

0

देहरादून। जनपद में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कैंट पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो कार से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने वाहन को सीज कर लिया है, जबकि मामले की जांच आयकर विभाग द्वारा की जा रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कैंट पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर जांच की। वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा, गुजरात बताया। वाहन में उसके साथ ठाकुर जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन, गुजरात तथा सचिन पटेल निवासी विसनगर, गुजरात भी सवार थे।

पुलिस द्वारा वाहन से संबंधित दस्तावेज मांगने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की जानकारी सामने आई। तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच एक सीक्रेट केबिन बनाया गया था, जिसमें नकदी छिपाकर रखी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम की मौजूदगी में वाहन की विस्तृत तलाशी ली गई, जिसमें सीक्रेट केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये बरामद हुए। बरामद धनराशि के संबंध में वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि यह नकदी वह बनारस से लेकर आया था और इसे वाहन में बैठे जसवंत को सौंपना था। फिलहाल आयकर विभाग की टीम तीनों व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है तथा बरामद धनराशि के स्रोत की जांच की जा रही है। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी, जबकि पुलिस ने संबंधित वाहन को सीज कर दिया है।

साइकिल से दफ्तर पहुंचे बंशीधर तिवारी, “नो व्हीकल डे” का दिया संदेश

0

देहरादून। उत्तराखंड शासन में अपर सचिव मुख्यमंत्री, महानिदेशक सूचना एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे बंशीधर तिवारी ने शनिवार को खुद उदाहरण पेश करते हुए “नो व्हीकल डे” की शुरुआत की। वह सहस्त्रधारा रोड स्थित अपने आवास से रिंग रोड स्थित सूचना निदेशालय तक साइकिल से पहुंचे। बंशीधर तिवारी का यह कदम केवल कार्यालय पहुंचने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जिम्मेदार प्रशासन का मजबूत संदेश भी बन गया।

प्रधानमंत्री Narendra Modi के ऊर्जा बचत आह्वान और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देशों के क्रम में सूचना विभाग में प्रत्येक शनिवार “नो व्हीकल डे” मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी पहल के तहत सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साइकिल जैसे विकल्प अपनाने की अपील की है।

इसके साथ ही एमडीडीए में भी उनके नेतृत्व में “तेल बचाओ मुहिम” चलाई जा रही है। इस अभियान के तहत ईंधन की बचत, सीमित बिजली उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। बंशीधर तिवारी ने इस पहल को केवल बैठकों और सरकारी आदेशों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं साइकिल चलाकर यह संदेश दिया कि बदलाव की शुरुआत खुद से करनी चाहिए।

तेजी से बढ़ते देहरादून शहर में ट्रैफिक जाम और बढ़ते प्रदूषण के बीच एक वरिष्ठ अधिकारी की यह पहल लोगों के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर उठाया गया यह छोटा कदम पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में बड़े बदलाव की सोच को मजबूती देता दिखाई दे रहा है।

बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगी प्राथमिक दर्शन सुविधा

0

देहरादून : श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने चारधाम यात्रा के दौरान श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम पहुंचने वाले वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। समिति ने दोनों धामों में बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर दर्शन कराने की व्यवस्था लागू कर दी है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ (पीसीएस) ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। मंदिर समिति के अनुसार यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के सम्मान, सुरक्षा और सुगम दर्शन को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि दोनों धामों में आने वाले वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर दर्शन कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर समिति द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग भक्तों को बिना परेशानी सुरक्षित एवं सहज दर्शन का लाभ मिल सके।

मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि निर्धारित मानक प्रचालन विधि (एसओपी) के तहत प्राथमिक दर्शन व्यवस्था लागू की गई है। इसके अंतर्गत श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में 50-50 श्रद्धालुओं के चार स्लॉट बनाए गए हैं। प्रत्येक स्लॉट 15 मिनट का होगा, जिससे कुल एक घंटे तक विशेष दर्शन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि निर्धारित समयावधि में केवल वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को ही दर्शन की अनुमति होगी। दर्शन के लिए सुबह 8 बजे से 8:15 बजे तक, सुबह 10 बजे से 10:15 बजे तक तथा शाम 3 बजे से 3:15 बजे तक और शाम 4:45 बजे से 5 बजे तक विशेष समय निर्धारित किया गया है। मंदिर समिति के अनुसार दोनों धामों में तैनात बीकेटीसी कर्मी श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे। इसके अलावा प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड और हेल्प डेस्क से भी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

बीकेटीसी की एसओपी के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं और वास्तविक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों को प्राथमिक दर्शन सुविधा दी जाएगी। इसके लिए श्रद्धालुओं को आधार कार्ड एवं मंदिर समिति के काउंटर पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। दिव्यांग श्रद्धालुओं की स्थिति का सत्यापन करने के बाद ही उन्हें सुविधा का लाभ दिया जाएगा। मंदिर समिति के इस निर्णय का श्रद्धालुओं ने स्वागत करते हुए इसे मानवीय और सराहनीय पहल बताया है।

धस्माना ने महंत देवेन्द्र दास से की मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जताया आभार

0

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने रविवार सुबह गुरु राम राय दरबार साहेब पहुंचकर झंडे साहब में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने दरबार साहेब के श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया।

इस दौरान सूर्यकांत धस्माना ने उत्तराखंड सहित पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के मरीजों के उपचार में महंत इंद्रेश अस्पताल के योगदान की सराहना करते हुए महंत देवेन्द्र दास जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु राम राय ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य बेहद सराहनीय है। धस्माना ने कहा कि जिस स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं ट्रस्ट उपलब्ध करा रहा है, वह कार्य कई बड़े राज्यों की सरकारें भी नहीं कर पातीं।

मुलाकात के दौरान महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने बताया कि उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों के अलावा हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में कैंसर की जांच, रिसर्च और उपचार के लिए विश्वस्तरीय आधुनिक तकनीकों को शुरू किया गया है, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। महंत देवेन्द्र दास जी ने यह भी कहा कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े नर्सिंग, फार्मेसी समेत विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

उत्तरकाशी में देर रात फिर डोली धरती, महसूस किए गए भूकंप के हल्के झटके 

0

उत्तरकाशी मुख्यालय में शुक्रवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। रात के समय अचानक धरती में कंपन महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से उत्तर-पूर्व दिशा में करीब चार किलोमीटर दूर जमीन से लगभग पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के झटके मुख्यालय सहित आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए।

भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया। जिला आपदा अधिकारी शार्दुल गुसाई ने बताया कि देर रात जनपद में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, लेकिन फिलहाल जिले के किसी भी क्षेत्र से नुकसान की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन अथवा आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है।

उत्तरकाशी जिला भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। हिमालयी क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूगर्भीय हलचलों के कारण यहां समय-समय पर हल्के भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि छोटे भूकंप कई बार धरती के भीतर जमा ऊर्जा को बाहर निकालने का काम करते हैं, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखना बेहद जरूरी है। देर रात आए झटकों के बाद लोगों में भय का माहौल जरूर बना, लेकिन राहत की बात यह रही कि भूकंप बेहद हल्का था और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

मुंब्रा में ‘ड्रम कांड’: प्रेमिका ने पति और भाई संग मिलकर प्रेमी की हत्या, शव नाले में फेंका

0

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंब्रा इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने मेरठ के चर्चित “ड्रम कांड” की याद ताजा कर दी है। यहां एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने प्रेमी की कथित तौर पर हत्या कर दी और शव को हरे रंग के ड्रम में बंद कर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति समेत दो आरोपी अब भी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान घर से दादर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने अरबाज के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली। तकनीकी जांच में पता चला कि उसकी आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी। इसी दौरान उसकी कथित प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी क्षेत्र में पाई गई। शक के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

शुरुआत में आरोपी महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मेहजबीन ने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज को पैसे के बहाने वर्सोवा बुलाया था। वहां आरोपियों ने पहले उसके हाथ-पैर बांधे और फिर प्लास्टिक पाइप से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए एक बड़ा हरा ड्रम खरीदा। शव को ड्रम में बंद कर मुंब्रा के एक सुनसान नाले में फेंक दिया गया ताकि पहचान छिपाई जा सके और सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस ने नाले से शव बरामद कर लिया है। मामले में मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी हसन और एक अन्य साथी मुजम्मल पठान की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

टिहरी में भारी बारिश से तबाही, बिलौंदी पुल पर आया मलबा, दुकानों में घुसा पानी

0
  • नगुण-भवान-देहरादून हाईवे रहा बाधित, मंत्री और विधायक घंटों फंसे।

थत्यूड़/टिहरी। टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी। धनोल्टी तहसील के नौघर गांव के ऊपर से आए बरसाती पानी और मलबे ने बिलौंदी पुल बाजार को अपनी चपेट में ले लिया। कई दुकानों और कमरों में पानी व मलबा घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार अचानक हुई मूसलाधार बारिश के बाद पहाड़ी से बहकर आया पानी सीधे बाजार क्षेत्र में पहुंच गया। सबसे अधिक नुकसान कुलवीर सिंह नकचवाल की दुकान और कमरों को हुआ, जहां पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा घुस गया। दुकान में रखा सामान खराब हो गया और आसपास की अन्य दुकानों में भी पानी भर गया।

तेज बारिश के चलते नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे पर भी मलबा जमा हो गया, जिससे मार्ग काफी देर तक अवरुद्ध रहा। सड़क बंद होने के कारण उत्तरकाशी से देहरादून लौट रहे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार भी बिलौंदी पुल के पास घंटों फंसे रहे।

स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। राजस्व उप निरीक्षक अब्बुज चौधरी ने बताया कि शाम करीब तीन से चार बजे के बीच क्षेत्र में अत्यधिक तेज बारिश हुई, जिससे बरसाती पानी मलबे के साथ बाजार में घुस गया। उन्होंने बताया कि बिलौंदी क्षेत्र की करीब दस दुकानों में पानी और मलबा भरने की सूचना है।

बारिश के कारण अगलाड़ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। वहीं हाईवे पर जमा मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई, जिसके बाद मार्ग को दोबारा सुचारू किया जा सका।

लगातार बदलते मौसम और पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।