Home Blog Page 248

महंगाई की मार : LPG गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा, पेट्रोल-डीजल का उत्पाद शुल्क 2 रुपये बढ़ा

0

दिल्ली। मंगलवार से देश में रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा हो जाएगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोमवार, 7 अप्रैल को यह जानकारी दी। 8 अप्रैल से उज्ज्वला योजना के तहत 14.2 किलोग्राम का गैस सिलेंडर अब 500 रुपये की जगह 550 रुपये में मिलेगा, जबकि गैर-उज्ज्वला कनेक्शन के तहत यह कीमत 803 रुपये से बढ़कर 853 रुपये हो जाएगी।

इसके साथ ही सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में भी दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, इससे इनकी खुदरा कीमतों में बदलाव नहीं होगा क्योंकि तेल कंपनियों ने इस बढ़ोतरी को अपनी लागत में समायोजित करने का फैसला किया है।

सरकार के इस कदम से साफ है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरकर 60 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंचने के बावजूद आम जनता को इसका सीधा लाभ नहीं मिलेगा। इस फैसले पर सवाल उठते हैं कि जब कच्चे तेल के दाम कम हो रहे हैं, तब सरकार कीमतें क्यों बढ़ा रही है?

इस पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सफाई दी कि तेल विपणन कंपनियां काफी समय से लागत से कम कीमत पर रसोई गैस बेच रही थीं, और सरकार की नीति यह रही है कि ऐसी स्थिति में कंपनियों को राहत दी जाती है।

 

 

ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने की ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा,दिए आवश्यक दिशा निर्देश।

0

देहरादून, 7 अप्रैल 2025। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को कैंप कार्यालय में ग्राम्य विकास विभाग के अर्न्तगत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग द्वारा संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली।

ग्राम्य विकास मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि महिला समूहों द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है और इन्हें अधिक अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।

मंत्री ने विशेष रूप से आगामी चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस रुट पर स्थानीय उत्पादों की मार्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक आउटलेट खोले जाएं। इसके साथ ही उन्होंने परम्परागत कृषि विकास योजना के अंतर्गत खुलने वाले शेष 96 आउटलेट को भी जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के जरिए अधिक से अधिक महिलाओं को आजीविका संवर्धन से जोड़ा जा सकता है। विभागीय मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जल्द ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में चारधाम यात्रा रूट पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के आजीविका संवर्धन के लिए करीब 15 लाख रुपये की लागत से 200 नए रेस्टोरेंट खोले जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में शीघ्र आगणन तैयार करने के निर्देश भी दिए। मंत्री जोशी ने यह भी बताया कि राज्य में अब तक 1.68 लाख लखपति दीदी तैयार हो चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि तय लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए राज्य में 2 लाख लखपति दीदी बनेगी।

जनपदवार अभी तक लखपति दीदी– अल्मोड़ा 14143, उत्तरकाशी 9887, देहरादून 12518, चंपावत 5835, नैनीताल 12910, हरिद्वार 23588, चमोली 10315, बागेश्वर 6042, पिथौरागढ़ 9208, टिहरी 12663, ऊधमसिंह नगर 27435, पौड़ी 12771, रुद्रप्रयाग 6072 लखपति दीदी अभी तक बन चुकी है।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष, ऋतु खण्डूडी भूषण, ने कोटद्वार स्थित गढ़वाल मोटर्स ऑनर यूनियन (GMOU) लिमिटेड के सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किया प्रतिभाग।

0

कोटद्वार 7 अप्रैल 2025, सोमवार ।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष, ऋतु खण्डूडी भूषण, ने कोटद्वार स्थित गढ़वाल मोटर्स ऑनर यूनियन (GMOU) लिमिटेड के सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। यह कार्यक्रम यूनियन के नवगठित संचालक मंडल के गठन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने नवगठित संचालन मंडल को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए ईमानदारी, एकजुटता और सेवा भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गढ़वाल मोटर्स ऑनर यूनियन, जो वर्ष 1943 से सतत रूप से संचालित हो रही है, हमारे पर्वतीय क्षेत्र की एक गौरवशाली संस्था है। इसे संजोना और आगे बढ़ाना हम सभी का परम कर्तव्य है।

श्रीमती खण्डूडी ने कर्मचारियों को अपने आचरण में शालीनता, तथा बसों की स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज जबकि अधिकांश लोगों के पास निजी वाहन हैं, इसके बावजूद गढ़वाल मोटर्स की बसों में यात्रियों की भीड़ यह दर्शाती है कि जनता का इस संस्था में आज भी विश्वास और जुड़ाव बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि हम इस ऐतिहासिक संस्था को आधुनिकता से जोड़ें—जैसे कि ऑनलाइन टिकटिंग सुविधा, स्वच्छ और आरामदायक बसें, तथा शिष्ट और प्रशिक्षित चालक। इस प्रकार की सकारात्मक पहलें संस्था की निरंतरता और विश्वसनीयता बनाए रखेंगी।

अपने बचपन को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि, “जब हम दिल्ली से कोटद्वार और फिर यहां से पौड़ी आते थे, तब गढ़वाल मोटर्स की बसों में किया गया सफर आज भी स्मृतियों में जीवंत है। तब सड़कें बहुत अच्छी नहीं हुआ करती थीं, फिर भी यात्राएं होती थीं। आज सुविधाएं बढ़ी हैं, लेकिन आवश्यकता है कि हम अपने आचरण और सेवा में सुधार करें ताकि यह संस्था और अधिक समय तक जनसेवा करती रहे।”

इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज, डायरेक्टर बलराज सिंह रावत, संदीप अग्रवाल, गणेश जुयाल, गजे सिंह, अर्जुन सिंह, सुरेंद्र सिंह रावत, बच्ची पुंडीर, महराज सिंह रावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

गढ़वाली फिल्म ‘मेरी प्यारी बोई’ 11 अप्रैल को देहरादून के सिल्वर सिटी में होगी रिलॉन्च

0

देहरादून: गढ़वाली फीचर फिल्म ‘मेरी प्यारी बोई’ एक बार फिर से बड़े पर्दे पर लौटने को तैयार है। फिल्म का भव्य रिलॉन्च 11 अप्रैल को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल स्थित सिनेमाघर में किया जाएगा। फिल्म के निर्देशक मुकेश धस्माना ने राजपुर रोड स्थित एक होटल में मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह फिल्म वर्ष 2004 में बनी थी, लेकिन उस समय उत्तराखंड में डिजिटल सिनेमा हॉल की सुविधा नहीं थी।

तब इसे देहरादून के कृष्णा पैलेस में विशेष डिजिटल प्रोजेक्टर लगाकर दिखाया गया था। धस्माना ने कहा कि फिल्म को अब मामूली संशोधनों के साथ फिर से रिलॉन्च किया जा रहा है, ताकि यह राज्य के अन्य शहरों के दर्शकों तक भी पहुंच सके।

फिल्म ‘मेरी प्यारी बोई’ पहाड़ की महिला के जीवन, उसके संघर्ष, पीड़ा और पलायन की समस्या पर आधारित एक संवेदनशील और यथार्थपरक प्रस्तुति है। निर्देशक के अनुसार, “यह कहानी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी यह उत्तर प्रदेश के पर्वतीय अंचल के समय में थी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बनने के बाद भी पलायन, बेरोजगारी और महिलाओं के संघर्ष जैसी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, और यही संदेश इस फिल्म के माध्यम से देने की कोशिश की गई है। 11 अप्रैल को फिल्म की रिलॉन्चिंग के अवसर पर फिल्म की प्रमुख अभिनेत्री निवेदिता बौठियाल, अभिनेता धीरज रावत, संतोष खेतवाल समेत पूरी कास्ट मौजूद रहेगी।

इस मौके पर निर्देशक मुकेश धस्माना के छोटे भाई और कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर मनीष यादव, अभिनेता मिहिर दोषी और अन्य प्रमुख सहयोगी भी उपस्थित थे। धस्माना ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी और वह भविष्य में भी पहाड़ की संस्कृति और समाज को केंद्र में रखकर और फिल्में बनाते रहेंगे।

शेयर बाजार में हाहाकार, 2800 अंक लुढ़का सेंसेक्स

0

नई दिल्ली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसे ‘ब्लैक मंडे’ कहा जा सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित नए टैरिफ का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखा, जिससे प्रमुख सूचकांक लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।

इस समय बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2800 अंकों की गिरावट के साथ 72,500 के करीब पहुंच गया है, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 911 अंक लुढ़ककर 22,065 पर कारोबार कर रहा है। प्री-ओपनिंग सेशन में सेंसेक्स करीब 4000 अंकों और निफ्टी 1100 अंकों तक टूटा था।

इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था, जब सेंसेक्स 930 अंकों की गिरावट के साथ 75,364 और निफ्टी 345 अंकों की गिरावट के साथ 22,904 पर बंद हुआ था।

वैश्विक बाजारों में हड़कंप

अमेरिका द्वारा भारत समेत कई देशों पर 26 फीसदी टैरिफ लागू करने की घोषणा के बाद एशियाई और अमेरिकी बाजारों में भी बिकवाली का माहौल बना हुआ है। इस वैश्विक अनिश्चितता के चलते निवेशकों ने सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख किया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।

कौन टॉप गेनर, कौन लूज़र?

BSE सेंसेक्स में Suryalaxmi, 08MPD, Lastmile, Umesltd और Modthread टॉप गेनर्स रहे, जबकि Trent, Sunflag, Edelweiss, Lloyosme और Kscl टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हैं।

NSE निफ्टी में Sintercom, Wipl, ICDS Ltd, Keeplearn और Tntele टॉप गेनर्स बने, जबकि Siemens, Abin-rei, Precot, Iris-re और Trent सबसे अधिक गिरने वाले शेयर रहे। खास बात यह रही कि Tata Group की कंपनी Trent दोनों ही इंडेक्स में टॉप लूजर बनी रही।

सेक्टोरल परफॉर्मेंस

आज के कारोबार में निफ्टी का मेटल सेक्टर सबसे कमजोर नजर आया, जो 7% तक लुढ़क गया। वहीं, आईटी, मीडिया और ऑटो सेक्टर में भी 5% तक की गिरावट देखी गई। शेयर बाजार में जारी इस गिरावट को देखते हुए निवेशकों को फिलहाल सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।

केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फैक्ट्री मालिक समेत दो की मौत, दो कर्मचारी लापता

0

हरिद्वार जनपद के इब्राहिमपुर गांव स्थित गणपति केमिकल फैक्ट्री में रविवार रात भीषण आग लग गई। करीब नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह छह बजे आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में फैक्ट्री मालिक महेश चंद्र अग्रवाल (निवासी हरिलोक फेस-2, ज्वालापुर) और श्रमिक संजय (पुत्र डालचंद, निवासी नवाब नगर, रामनगर, उत्तर प्रदेश) की मौत हो गई।

घटना में रायसी लक्सर निवासी कर्मचारी जोगेंद्र सैनी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं दो कर्मचारी अब भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

आग के दौरान फैक्ट्री में जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए मायापुर, सिडकुल सहित विभिन्न क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मंगानी पड़ीं। मौके पर देर रात तक प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

सोमवार सुबह एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के बाथरूम से एक शव बरामद हुआ, जबकि एक अन्य शव उसके पास ही पड़ा मिला। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रसायन मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे राहत और बचाव कार्यों में काफी मुश्किलें आईं।

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन फैक्ट्री के अंदर मौजूद केमिकल्स के कारण खतरा अभी भी बरकरार है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। प्रशासन ने क्षति का आंकलन शुरू कर दिया है, जो लाखों में बताया जा रहा है।

ब्लैक मंडे! टैरिफ वॉर के डर से ग्लोबल मार्केट में हाहाकार, भारतीय शेयर बाजार क्रैश

0

मुंबई: एशियाई बाजारों और वॉल स्ट्रीट में भारी बिकवाली के चलते वैश्विक संकेतों का प्रभाव घरेलू शेयर बाजारों पर भी साफ़ देखने को मिला। सप्ताह की शुरुआत घरेलू बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स के रेड जोन में भारी गिरावट के साथ हुई। बीएसई सेंसेक्स 3,360 अंकों की गिरावट के साथ 72,004.23 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 5 फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ 21,758.40 पर ओपन हुआ।

वैश्विक स्तर पर भी बाजार में उथल-पुथल रही। टोक्यो का निक्केई 225 सूचकांक लगभग 8 फीसदी, ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 6 फीसदी से ज्यादा और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.4 फीसदी गिर गया। शुक्रवार को नैस्डैक 962.82 अंक यानी 5.82 फीसदी गिरकर 15,587.79 पर बंद हुआ, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि टेक-हैवी इंडेक्स अपने 16 दिसंबर के रिकॉर्ड उच्च स्तर 20,173.89 से मंदी के दौर में प्रवेश कर चुका है।

इस भारी गिरावट के पीछे प्रमुख कारण निवेशकों का सुरक्षित संपत्तियों की ओर रुख करना है, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जवाबी टैरिफ और संभावित वैश्विक व्यापार युद्ध के कारण उत्पन्न भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता से प्रेरित है।

शुक्रवार को कारोबारी सप्ताह का अंत भी भारी गिरावट के साथ हुआ। बीएसई सेंसेक्स 930 अंकों की गिरावट के साथ 75,364.69 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 1.49 फीसदी गिरकर 22,904.45 पर क्लोज हुआ।

कारोबार के दौरान निफ्टी पर बजाज फाइनेंस, टाटा कंज्यूमर, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले और अपोलो हॉस्पिटल्स टॉप गेनर्स रहे, वहीं हिंडाल्को, ओएनजीसी, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और सिप्ला जैसे शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 3 से 4 फीसदी तक की गिरावट आई। व्यापक बिकवाली के चलते मेटल, फार्मा और आईटी सेक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 9.47 लाख करोड़ रुपये घटकर 403.86 लाख करोड़ रुपये रह गया।

यूके रेरा का नया पोर्टल लॉन्च – अब बिल्डर की ‘कुंडली’ भी ऑनलाइन

0

देहरादून : उत्तराखंड में अब भवन खरीददारों को संपत्ति बुकिंग से पहले बिल्डर की पूरी पृष्ठभूमि जानने का मौका मिलेगा। उत्तराखंड भूसंपदा नियामक प्राधिकरण (UK RERA) ने सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (ITDA) के सहयोग से अपना अत्याधुनिक पोर्टल लॉन्च कर दिया है। नया पोर्टल (https://ukrera.uk.gov.in/) सिर्फ सूचना देने वाला नहीं, बल्कि बिल्डर की पांच साल की ‘कुंडली’ खंगालने वाला टूल बन गया है।

रेरा पोर्टल पर अब सभी प्रोजेक्ट्स का तिमाही ऑनलाइन अपडेट अनिवार्य कर दिया गया है। प्रमोटर्स को बताना होगा कि उन्होंने पिछले 5 वर्षों में कितने हाउसिंग और कॉमर्शियल प्रोजेक्ट बनाए, उनकी वर्तमान स्थिति क्या है, और उन पर कोई मुकदमा दर्ज है या नहीं। यह सारी जानकारी बायर्स के लिए खुली रहेगी, जिससे संपत्ति खरीदने से पहले ही वे बिल्डर की विश्वसनीयता को परख सकेंगे।

बिल्डर्स को कॉलोनी या प्रोजेक्ट के लिए आवेदन करते समय कई जरूरी दस्तावेज – ले-आउट प्लान, सीमांकन योजना, नक्शा, राजस्व रिकॉर्ड, पर्यावरण मंजूरी, लागत रिपोर्ट, नॉन-डिफॉल्ट सर्टिफिकेट, अलॉटमेंट लेटर, समझौते की प्रति आदि पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। यह सब कुछ बायर्स के लिए दृश्य होगा।

रेरा के सदस्य नरेश सी मठपाल के मुताबिक, अब नए पोर्टल के ज़रिए नियमों का ऑनलाइन अनुपालन सख्ती से सुनिश्चित किया जाएगा। यदि कोई बिल्डर समय पर तिमाही अपडेट नहीं देता, तो रेरा कार्रवाई करेगा।

UK RERA पहली बार 24 अप्रैल को देहरादून में एक कार्यशाला का आयोजन कर रहा है, जिसमें बिल्डर्स, बायर्स, प्रॉपर्टी एजेंट, अधिवक्ता और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के साथ खुली चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य है – रेरा कानून के पालन को और मजबूत बनाना। चर्चा से निकले सुझावों को रेरा अपनी नीतियों में शामिल करेगा।

इससे उत्तराखंड में रियल एस्टेट खरीददारों को न सिर्फ जानकारी का अधिकार मिलेगा, बल्कि धोखाधड़ी और अधूरे प्रोजेक्ट्स से भी राहत मिल सकती है। यूके रेरा का यह कदम पारदर्शिता की दिशा में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार बालाजी मंदिर सेवक समिति द्वारा आयोजित सामुहिक विवाह समारोह में पहुंचकर वर वधू को दिया आशीर्वाद।

0

कोटद्वार 6 अप्रैल 2025

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार बालाजी मंदिर सेवक समिति द्वारा आयोजित सामुहिक विवाह समारोह में पहुंचकर वर वधू को आशीर्वाद दिया ।

ऋतु खण्डूडी ने बताया कि बालाजी मंदिर समिति द्वारा लगातार समाज में रहकर सामाजिक कार्य किए जाते रहे है उन्होंने बताया आज समिति द्वारा बालाजी मंदिर के प्रांगण में दो नव जोड़ो की सामुहिक विवाह किया जा रहा है और उनके द्वारा अभी तक लगभग 48 गरीब बेटियों का समिति के द्वारा विवाह कर उनके जीवन को सफल बनाया है , यह एक अच्छी पहल है जिससे दो परिवारों का मिलन होता है साथ ही उनके जीवन को निहारने का कार्य होता है ।

अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने कोटद्वार कौड़ियां निवासी आयु० सुनेना संग दुधारखाल निवासी चि० सूरज सिंह और मानपुर निवासी आयु० निर्मला संग रीठाखाल निवासी चि० नीरज सिंह के सामूहिक विवाह में आशीर्वाद देकर उन्हें सुखद जीवन की शुभकामनाएं दी ।

उन्होंने समिति के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दी और उनकी इस पहल के लिए उनका आभार किया । उन्होंने बताया समाज में यदि हम इस तरह के कार्य करते है तो कई गरीब परिवार की बेटियों को एक नया जीवन शुरू करने की प्रेरणा मिलती है।

इस अवसर पर संस्थापक दिनेश अलावादी, अध्यक्ष पवन जैन , सचिव कुंज अग्रवाल , कोषाध्यक्ष राजीव गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।

जली कार से मिला महिला का कंकाल, हादसा या हत्या?

0

चमोली : उत्तराखंड के चमोली ज़िले ज्योतिर्मठ में स्थित नीती-मलारी बॉर्डर रोड पर एक सुनसान इलाके में खड़ी जली हुई कार के भीतर महिला का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना जोशीमठ के तपोवन क्षेत्र के पास की है, जहां शनिवार देर रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया।

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ और पुलिस उपाधीक्षक समेत भारी पुलिस बल ने मौके को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और जांच हर एंगल से की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार सुबह उस कार में एक युवक और एक युवती को घूमते हुए देखा गया था। कार कर्नाटक राज्य से पंजीकृत थी – मारुति रिट्ज (KA 01 AG 0590), जिसका मालिक संतोष कुमार सेनापति (बेंगलुरु) बताया जा रहा है।

घटनास्थल पर महिला का जला हुआ शव कार के भीतर मिला है, जबकि साथ देखा गया युवक लापता है। इस रहस्यमयी गायब होने और जलते शव के चलते हत्या की आशंका गहराती जा रही है। पुलिस लापता युवक की तलाश में जुटी है और उसके मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं।