Home Blog Page 163

जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकी नेपाल बॉर्डर से बिहार में घुसे, जारी किया गया अलर्ट

0

पटना। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन आतंकियों के नेपाल बॉर्डर के रास्ते बिहार में प्रवेश करने की खुफिया जानकारी सामने आई है। इस इनपुट के बाद पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।

मुख्यालय की ओर से आतंकियों के नाम, फोटो और पासपोर्ट से संबंधित जानकारी जिलों तक पहुंचाई गई है। इनमें रावलपिंडी निवासी हसनैन अली अवान, उमरकोट का आदिल हुसैन और बहावलपुर का मोहम्मद उस्मान शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, तीनों आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुंचे थे और तीसरे सप्ताह में नेपाल बॉर्डर से बिहार में घुसे। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह समूह राज्य में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। मुख्यालय ने सभी जिलों की पुलिस को स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने, सूचना संकलन बढ़ाने और संदिग्धों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विधानसभा चुनाव और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों को लेकर चिंता

बिहार में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस दौरान राजनीतिक रैलियों और जनसभाओं में भारी भीड़ जुटेगी। विपक्ष की ओर से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा फिलहाल चल रही है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आतंकी ऐसे आयोजनों को निशाना बना सकते हैं। राजनीतिक हलकों और सुरक्षा तंत्र दोनों के लिए यह इनपुट गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

BIG NEWS : 20 कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में हुआ ये खुलासा

0

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बम धमाके की धमकी से हड़कंप मच गया है। इस बार निशाना स्कूल नहीं, बल्कि जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत करीब 20 कॉलेज हैं। इन सभी शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सभी कॉलेज प्रशासन ने तत्काल दिल्ली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और पता लगाया कि यह धमकी फर्जी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह ईमेल भेजने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का इस्तेमाल किया गया था, जिससे भेजने वाले की पहचान छुपाना आसान हो जाता है।

इससे पहले स्कूलों को मिली थी धमकी

यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली में इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि, उन मामलों में भी जांच के बाद धमकी फर्जी निकली थी। बार-बार मिल रही इस तरह की धमकियों ने दिल्ली पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है, क्योंकि अभी तक पुलिस धमकी देने वालों को पकड़ नहीं पाई है।

पुलिस की कार्रवाई

  • कॉलेजों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
  • जांच में पता चला कि धमकी फर्जी है और इसके लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया गया था।
  • पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की तलाश कर रही है।
  • मामले की जांच जारी है।

नैनीताल: मल्लीताल में तीन मंजिला भवन में देर रात लगी भीषण आग, जिंदा जली महिला

0

नैनीताल के मल्लीताल मोहनको स्थित ओल्ड लंदन हाउस नामक तीन मंजिला भवन में बुधवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में भवन की स्वामिनी और प्रख्यात इतिहासकार प्रो. अजय रावत की बहन शांता देवी की जलकर मौत हो गई। शव बुरी तरह जला होने से शिनाख्त मुश्किल रही, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि वह शांता देवी का ही है।

जानकारी के अनुसार शांता देवी अपने बेटे निखिल के साथ इस भवन में रहती थीं। रात करीब साढ़े नौ बजे आसपास के रेस्टोरेंट संचालकों और राहगीरों ने भवन से उठती लपटें देखीं। तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। इस बीच स्थानीय लोग रेस्टोरेंट संचालक नफीस अहमद, नितिन जाटव और अन्य युवकों ने साहस दिखाते हुए भीतर घुसकर निखिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

लपटों और धुएं की तीव्रता के चलते किसी को भी अंदर जाना संभव नहीं हो सका। तेज हवाओं ने आग को और विकराल बना दिया। रात 11 बजे तक पूरा भवन धू-धू कर जल रहा था। दमकल विभाग ने पास के हाईड्रेंट से पानी लेने की कोशिश की, मगर हाईड्रेंट खाली मिला। मजबूरन वाहनों के टैंकों से ही पानी की बौछार की गई।

लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब साढ़े बारह बजे आग पर काबू पाया गया। जब दमकल कर्मी भवन के अंदर पहुँचे तो एक कमरे से महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

सीएम धामी पहुंचे स्यानाचट्टी, आपदा प्रभावितों को दिलाया हर संभव मदद का भरोसा

0

बड़कोट : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जनपद उत्तरकाशी की बड़कोट तहसील के स्यानाचट्टी क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा से प्रभावित स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

यमुना नदी के स्यानाचट्टी क्षेत्र में गडगाड गदेरे से भारी मलबा आने से नदी का प्रवाह बाधित होकर अस्थायी झील बन गई थी। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर झील की स्थिति का जायजा लिया और नदी मार्ग से गाद हटाने तथा झील के मुहाने को चौड़ा कर त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम ने जिलाधिकारी को प्रभावित क्षेत्र का तत्काल नुकसान आंकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही आलू की फसल के उचित मूल्य पर क्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कुपड़ा–कुंशाला पुल का भी निरीक्षण किया और कहा कि कार्यदायी संस्था को शीघ्र नामित कर पुल निर्माण शुरू किया जाए। जब तक पुल का निर्माण नहीं होता, तब तक स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग व्यवस्थित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जगह-जगह भूस्खलन से अवरुद्ध मार्गों को तत्काल खोला जाए और यमुनोत्री मार्ग को शीघ्र सुचारू कर यात्रियों की आवाजाही बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। प्रभावितों को हुए नुकसान का आंकलन कर जल्द से जल्द हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, कमांडेंट एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंत्री और विधायक पर हमला, 1 किलोमीटर तक तक भागकर बचाई जान, बॉडीगार्ड सहित कई लोग घायल

0

पटना। बिहार के नालंदा जिले में एक दुखद घटना के बाद सियासी हंगामा खड़ा हो गया। तीन दिन पहले सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत के बाद शोक संतप्त परिवारों से मिलने पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और स्थानीय विधायक पर गुस्साए ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

यह घटना हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव की है। जैसे ही मंत्री और विधायक अपनी संवेदना व्यक्त कर लौटने लगे, ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और मुआवजे की मांग करने लगे। ग्रामीण चाहते थे कि नेता कुछ देर और गांव में रुकें, लेकिन मंत्री ने अपने अगले कार्यक्रम का हवाला देते हुए जाने की बात कही।

यह सुनकर ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क दुर्घटना के दिन विधायक के कहने पर उन्होंने सड़क जाम हटा दिया था, लेकिन अब तक उन्हें कोई उचित मुआवजा नहीं मिला है। गुस्साए ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पथराव शुरू कर दिया।

इस हमले से बचने के लिए मंत्री और विधायक को करीब एक किलोमीटर तक दौड़कर भागना पड़ा। हमले में मंत्री के अंगरक्षकों सहित कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ के सिर फट गए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए तत्काल भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया, जिससे पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस फिलहाल आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश कर रही है।

मुंबई के वसई में इमारत ढही, दो लोगों की मौत

0

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के उपनगरीय इलाके वसई में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहाँ नारंगी रोड पर स्थित चार मंजिला रमाबाई अपार्टमेंट का एक हिस्सा कल देर रात ढह गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।

यह हादसा चामुंडा नगर और विजय नगर के बीच स्थित इमारत के पिछले हिस्से में हुआ। यह इलाका मुंबई सबअर्बन का हिस्सा है, लेकिन प्रशासनिक रूप से पालघर जिले में आता है।

हादसे की सूचना मिलते ही पालघर पुलिस और वसई-विरार नगर निगम के अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही, बचाव कार्यों में सहायता के लिए एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की दो टीमों को भी बुलाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, बचाव दल ने अब तक 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इन सभी घायलों को इलाज के लिए विरार और नाला सोपारा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, बचाव और राहत कार्य जारी है और मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

भारत पर लागू हुआ ट्रंप का अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ, निर्यात पर कुल 50% शुल्क

0

नई दिल्ली। रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर अमेरिका और भारत के बीच चल रहे व्यापारिक तनाव में एक और इजाफा हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर भारत पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ बुधवार से लागू हो गया है, जिससे भारतीय उत्पादों पर कुल शुल्क बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।

होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) द्वारा जारी एक मसौदा आदेश के अनुसार, यह बढ़ा हुआ शुल्क उन सभी भारतीय उत्पादों पर लागू होगा, जो 27 अगस्त, 2025 को पूर्वी डेलाइट समय के अनुसार रात 12:01 बजे या उसके बाद अमेरिका में आयात किए गए हैं।

70 अन्य देश भी दायरे में

यह शुल्क वृद्धि सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। इससे पहले, 7 अगस्त को भी ट्रंप प्रशासन ने भारत सहित लगभग 70 अन्य देशों पर 25% का पारस्परिक टैरिफ लागू किया था। हालांकि, रूस से तेल खरीद के मुद्दे पर भारत के लिए टैरिफ को 50% करने की घोषणा की गई थी, लेकिन बातचीत के लिए 21 दिन का समय दिया गया था।

‘दबाव के आगे नहीं झुकेंगे’- प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह किसानों, पशुपालकों और लघु उद्योगों के हितों से समझौता नहीं कर सकते। उन्होंने आगाह किया कि भले ही भारत पर दबाव बढ़े, लेकिन देश इसे सहन करेगा।

विशेषज्ञों की राय

वॉशिंगटन स्थित एक बिजनेस कंसल्टिंग फर्म ‘द एशिया ग्रुप’ के वरिष्ठ सलाहकार मार्क लिनस्कॉट ने इस कदम को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक संबंध एक “अभूतपूर्व जीत-जीत की स्थिति” की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन अब वे इसे एक “उल्लेखनीय हार” में बदलने में सफल रहे हैं।

इन क्षेत्रों पर पड़ेगा असर

50 प्रतिशत के इस भारी शुल्क का सीधा असर भारत के 30-35 अरब डॉलर के निर्यात पर पड़ेगा। इससे अमेरिका के बाजार में भारतीय वस्तुएं काफी महंगी हो जाएंगी। मुख्य रूप से समुद्री उत्पाद (विशेषकर झींगा), ऑर्गेनिक केमिकल्स, परिधान, वस्त्र, हीरे और सोने के जेवरात, मशीनरी, फर्नीचर और बिस्तर जैसे आइटम सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे।

इन क्षेत्रों को मिली छूट

अच्छी खबर यह है कि फार्मास्यूटिकल्स, स्मार्टफोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक और पेट्रोलियम उत्पादों को इस 50% के शुल्क से मुक्त रखा गया है। यह छूट संभवतः इन क्षेत्रों में भारत के निर्यात को बचाने के लिए दी गई है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका कृषि, डेयरी और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में भारतीय बाजार को पूरी तरह शुल्क मुक्त करवाना चाहता है।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर: डोडा और किश्तवाड़ में बादल फटने से चार की मौत, जनजीवन अस्त-व्यस्त

0

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में लगातार जारी भारी बारिश ने कहर बरपाया है, जिससे डोडा और किश्तवाड़ में बादल फटने की घटनाएँ हुई हैं। इन घटनाओं में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। बारिश और भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है और कई सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

मुख्यमंत्री ने संभाली कमान

जम्मू में बादल फटने से पैदा हुई गंभीर स्थिति पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वह अगली उड़ान से खुद जम्मू पहुँच रहे हैं ताकि व्यक्तिगत रूप से राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षाएँ और स्कूल बंद

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए 27 अगस्त को होने वाली 10वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। इसके अलावा, सभी स्कूलों को भी 27 अगस्त के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है।

NH-244 पूरी तरह बहा

डोडा के डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, खासकर चेनाब नदी से सटे इलाकों में। उन्होंने कहा कि एनएच-244 पूरी तरह से बह गया है और एक निजी स्वास्थ्य केंद्र को भी नुकसान पहुँचा है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचा दिया है।

अन्य प्रभावित क्षेत्र

डोडा और किश्तवाड़ के अलावा, भलेसा के चरवा इलाके में भी बाढ़ की सूचना है, हालांकि यहाँ किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनका कार्यालय लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।

इसी बीच, ऊधमपुर जिले के बसंतगढ़ के ललोन गला में भी बादल फटा, जिससे बग्गन नाले में बाढ़ आ गई। नाले में मवेशी चराने गए आठ लोग फंस गए। बसंतगढ़ के एसएचओ राबिन चलोत्रा ने पुष्टि की कि फंसे हुए लोग नाले के बीच एक सुरक्षित जगह पर हैं और उन्हें बचाने के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।

BIG BREAKING: वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश से हुए भूस्खलन में 30 लोगों की मौत

0

वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश से हुए भूस्खलन में 30 लोगों की मौ

 

-जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 30 लोगों की मौत हो गई है: एसएसपी रियासी परमवीर सिंह

-इस हादसे में तीस लोगों की मौत की खबर है।

-हादसे के बाद यात्रा रोक दी गई है।

-रेस्कयू के लिए एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच रही हैं।

-गृह मंत्री मित शाह ने जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री से बात की है।

-भूस्खलन के बाद यात्रा को रोक दिया गया है। अर्द्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास बचाव अभियान जारी है।

-कटड़ा के पास ही दोमेल मार्ग पर भूस्खलन से पानी में पांच युवक बह गए। दो ने किसी तरह पेड़ पकड़कर अपनी जान बचाई। तीन अब भी लापता हैं।

ध्वस्त कानून व्यवस्था व भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का राजभवन कूच, सैकड़ों गिरफ्तार

0

देहरादून। महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा-बलात्कार-हत्या, भ्रष्टाचार और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में कथित वोट डकैती जैसे मुद्दों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने सोमवार को राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, हीरा सिंह बिष्ट और शूरवीर सजवाण समेत पार्टी के दिग्गज नेताओं के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से जुलूस की शक्ल में राजभवन की ओर बढ़े।

वोट चोर गद्दी छोड़ो, गुंडागर्दी की सरकार नहीं चलेगी” के नारे लगाते हुए जुलूस राजपुर रोड से बहल चौक, दिलाराम बाजार होते हुए कैंट रोड पहुंचा। हाथीबड़कला चौकी के पास बैरिकेडिंग पर पुलिस ने रोका तो कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की हुई।

इस दौरान कई नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। स्थिति काबू से बाहर न जाए इसके लिए प्रशासन ने करीब डेढ़ सौ नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला है। भाजपा नेताओं की संलिप्तता के चलते महिलाओं पर हमले और बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं। पंचायत चुनावों में भाजपा ने आयोग के साथ मिलकर वोट डकैती की और प्रदेश को बिहार-यूपी जैसी स्थिति में धकेल दिया। आपदा प्रबंधन पूरी तरह विफल रहा और सत्ताधारी आपसी खींचतान में उलझे हैं।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और रोजगार सभी मोर्चों पर फेल साबित हुई है। जनता ने दो बार भरोसा जताया, लेकिन बदले में केवल निराशा मिली।

कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने घोषणा की कि “अब कांग्रेस की लड़ाई आर-पार की होगी। 2027 विधानसभा चुनाव तक भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए राज्यव्यापी जन आंदोलन चलाया जाएगा।