मुंबई: एक हजार और 500 रुपये के नोट को हटाने का फैसला आने के बाद हजारों मुंबई वासियों को आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी और अपने कार्यस्थल पर पहुंचने के लिए स्थानीय ट्रेनों एवं बसों की सेवा लेने जैसे रोजमर्रे के काम में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है.
एटीएम के बंद रहने के कारण लोगों की दिक्कतें और भी बढ़ गईं. कई स्थानों पर लोगों को 1000 और 500 रुपये का नोट लेकर 100 रुपये के नोट का खुल्ला लेने के लिए भटकते हुए देखा गया. शहर के विभिन्न हिस्सों में लोग 100 रुपये का नोट निकालने के लिए कल एटीएम के बाहर कतारबद्ध थे.
कई स्थानीय लोगों ने बताया कि 100 रुपये के पर्याप्त नोट नहीं होने के कारण आज सुबह वे दूध, सब्जी, दवा नहीं खरीद सके और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा. टैक्सी और ऑटो रिक्शा जैसे सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने वाले कई दैनिक यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा क्योंकि वे 500 रुपये का नोट लेने से इनकार कर रहे थे.
पेट्रोल पंप के मालिकों ने बताया कि जो कोई भी खुल्ला लेने के इरादे से ईंधन भरवाने आ रहे हैं उन्हें 100 रुपये के नोट नहीं होने के कारण मना कर दिया जा रहा है. पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने उपभोक्ताओं से 500 या 1,000 रुपये का ईंधन भरवाने की अपील की है.
पेट्रोल डीलर्स एसोएिशन के अध्यक्ष रवि शिंदे ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि उन्होंने शहर में सभी 223 सदस्य पेट्रोल पंपों को उपभोक्ताओं के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह हमने उपभोक्ताओं से अपने नोटों का इस्तेमाल करने के लिए 500 और 1,000 रुपये का तेल भरवाने की अपील की है.’’
सौ रुपये के नोट के लिए मुंबई वासियों को करना पड़ रहा दिक्क्तों का सामना
शहीद राजेंद्र का अंतिम संस्कार, हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई
मुंबई: पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा की गई गोलीबारी में शहीद हुए जवान राजेंद्र नारायण तुपारे को आज हजारों ग्रामीणों ने अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी। रविवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा की गई गोलीबारी में तुपारे शहीद हो गए थे। महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में शहीद जवान का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद को मुखाग्नि उनके नौ वर्षीय बेटे आर्यन ने दी।
शहीद जवान के सम्मान में गांव में दो दिन का स्वैच्छिक बंद रहेगा। बंद का उद्देश्य पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का लगातार उल्लंघन किए जाने के खिलाफ विरोध जताना भी है। राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल जो जिले के पालक मंत्री भी हैं उन्होंने शहीद को श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को पूरी सहायता देने का आश्वासन दिया। शहीद के शव को कल शाम विमान के जरिए बेलगांव लाया गया था जहां से आज उसे उनके पैतृक गांव लाया गया। राज्य सरकार ने शहीद के परिवार को 15 लाख रुपए की सहायता की घोषणा की है।
रविवार को पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ सेक्टरों और कृष्ण घाटी में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की थी जिसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए थे और पांच अन्य घायल हो गए थे। घायलों में दो जवान, एक बीएसएफ का अधिकारी और दो महिलाएं हैं।
बैंकों और पोस्ट ऑफिस में आज से 500 और 2000 के नए नोट मिलने शुरू
नई दिल्ली : बाजार में 500 और 1000 रुपये के नोटों का चलन बंद होने के बाद बैंक और डाकघरों से ऊंचे मूल्य के नए नोट आज से मिलने शुरू हो गए हैं। अब बैंक और डाकघर 500 और 2000 के पुराने नोंटों के बदले आज से नए नोट दे रहे हैं। बैंक ग्राहकों के लिए शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे। बैंकों में आज से 500 और 2 हजार रुपए के नए नोट मिलने शुरू हो गए हैं। पुराने नोट बदलने और नए नोट के लिए हर जगह लंबी लाइनें देखी जा रही है।
500 रूपये और 1000 रूपये के नोटों के बंद होने के बाद नकदी जमा करने या निकासी के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ की आशंका के मद्देनजर बैंक इस शनिवार और रविवार को खुले रहेंगे और बैंककर्मी अगले तीन दिनों तक रात 9 बजे तक काम करेंगे। बैंकों ने बैंकिंग घंटे बढ़ाने, एटीएम शुल्क समाप्त करने और ऋण सीमा बढ़ाने सहित कई उपायों की भी घोषणा की जिससे 500 और 1000 रपये के नोटों को लौटाने वाली भीड़ से निपटा जा सके।
बैंक कर्मियों को अगले एक महीने के लिए अतिरिक्त अवकाश नहीं लेने की भी सलाह दी गई है। इस दौरान सरकार ने 22 अरब करेंसी नोटों के धारकों को इन्हें बैंक खातों में जमा करने को कहा है। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने ट्वीट किया कि आम जनता की सुविधा के लिए बैंक आगामी शनिवार और रविवार को खुले रहेंगे। रिजर्व बैंक ने भी एक आदेश जारी कर सभी बैंकों को रविवार समेत आगामी सप्ताहांत में अपने काउंटर कारोबार के लिए खुले रखने का निर्देश दिया। आरबीआई ने यह भी कहा कि एटीएम कल भी बंद रहेंगे।
देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई ने कल शाम छह बजे तक काम चालू रखने की घोषणा की और कहा कि उसकी प्रत्येक शाखा में करेंसी नोटों को बदलने के लिए एक समर्पित ‘एक्सचेंज काउंटर’ होगा। आईसीआईसीआई बैंक की प्रबंध निदेशक और सीईओ चंदा कोचर ने कहा कि बैंक की शाखाएं बृहस्पतिवार और शुक्रवार को शाम 8 बजे तक खुली रहेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काले धन, जाली मुद्रा और आतंकवादियों के वित्तपोषण के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुराने 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करने की मंगलवार को घोषणा की। यह पाबंदी आधी रात से लागू हो गई है और इससे इस समय चलन में 86 प्रतिशत नोट बाहर हो जाएंगे। अभी एटीएम से प्रतिदिन 2000 रुपये और निकासी फार्म के जरिये बैंक खाते से 10,000 रुपये निकाल सकते हैं जबकि सप्ताह में कुल 20,000 रुपये की निकासी सीमा तय की गई है।
गठबंधन हुआ तो 300 से ज्यादा जीतेंगे सीटें : अखिलेश
लखनऊ। दूसरे दलों से गठबंधन पर अभी तक गोलमोल बयान दे रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि हम अकेले दम पर फिर अपनी सरकार बना लेंगे लेकिन अगर गठबंधन हुआ तो तीन सौ से ज्यादा सीटें जीतेंगे।
मुख्यमंत्री बुधवार को होटल ताज में एक न्यूज चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
प्रशांत किशोर से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं किसी को शिकायत का मौका नहीं देना चाहता कि मैं मिलता नहीं हूं। पीके की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि अच्छी मुलाकात रही। गठबंधन के मुद्दे पर अखिलेश ने यह भी कहा कि यह इतना आसान नहीं है कि तुरंत कोई फार्मूला निकल जाएगा। नेताजी से दिल्ली में नेताओं की वार्ता चल रही है। उनका अनुभव लंबा है और वह सही फैसला लेंगे।
देश में पांच सौ और हजार रुपये के नोट बंद होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ हैं लेकिन नोट बंद होने से भ्रष्टाचार नहीं रुकेगा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने उप्र का चुनाव देखते हुए ऐसा किया है।
कहा कि इस मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा की जा सकती थी लेकिन केंद्र सरकार ने ऐसा न कर जल्दबाजी में फैसला ले लिया। मुख्यमंत्री ने यह भी माना कि दो हजार की नोट समस्या का समाधान नहीं है। यह भी कहा कि प्रदूषण, कालाधन और भ्रष्टाचार ही देश की सबसे बड़ी समस्या है।
अखिलेश ने नोट बंद होने पर बिना नाम लिए मायावती और बसपा पर भी तंज कसे। कहा कि सुना है कि एक दल के प्रत्याशी सदमे में आ गए हैं। मुख्यमंत्री ने इसके पहले फेसबुक पर सैयद जाकिर हुसैन की एक पोस्ट भी साझा की।
इस पोस्ट में जाकिर ने जानकारी दी है कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने सभी उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि तत्काल 24 घंटे के अंदर अपनी दी हुई रकम वापस ले लो वरना टिकट काट दिया जाएगा। पोस्ट साझा कर जाकिर की बात को मुख्यमंत्री ने भी समर्थन दे दिया।
PM मोदी 3 दिन के दौरे पर जापान रवाना, दोनों देशों में हो सकता है परमाणु समझौता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को तीन दिन की यात्रा पर जापान रवाना हो गए. इस इस दौरान दोनों देशों के बीच असैन्य परमाणु करार पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है. साथ ही सुरक्षा और अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के कदमों पर भी चर्चा होगी.
प्रधानमंत्री मोदी अपने जापानी समकक्ष शिंजो आबे के साथ सालाना शिखर स्तरीय बैठक करेंगे और जापान के सम्राट से भी मिलेंगे. इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच असैन्य परमाणु करार पर भी हस्ताक्षर किये जाने की उम्मीद है जिससे अमेरिका स्थित शीर्ष परमाणु कंपनियों का भारत में संयंत्र स्थापित करने का रास्ता साफ होगा.
पिछले साल दिसंबर में आबे की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने इस बारे में व्यापक सहमति बनाई थी, लेकिन अंतिम करार पर हस्ताक्षर नहीं किया जा सका था क्योंकि कुछ तकनीकी और कानूनी पहलुओं को सुलझाया जाना बाकी था. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने पिछले सप्ताह कहा था कि दोनों देशों ने करार के मसौदे के जुड़े कानूनी एवं तकनीकी पहलुओं समेत आंतरिक प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया है.
यह पूछे जाने पर कि क्या मोदी की यात्रा के दौरान करार पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, स्वरूप ने कहा था, ‘मैं बातचीत के परिणामों के बारे में पहले से कुछ आकलन नहीं कर सकता.’ भारत और जापान के बीच परमाणु करार के विषय पर बातचीत कई वषरे से जारी है लेकिन इसके बारे में प्रगति रुकी हुई थी क्योंकि फुकुशिमा परमाणु उर्जा संयंत्र में 2011 में दुर्घटना के बाद जापान में राजनीतिक प्रतिरोध की स्थिति थी.
ट्रंप के राष्ट्रपति बनते ही उनके खिलाफ प्रदर्शन, सिएटल में हुई फायरिंग में कई घायल
वॉशिंगटन के सिएटल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ निकाली गई रैली में फायरिंग की खबर है. ट्रंप की जीत से नाखुल लोगों ने रैली निकाली थी. इसी दौरान वहां फायरिंग हुई. फायरिंग में कई लोगों के घायल होने की खबर है. घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है.
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की जीत से एक बड़ा तबका नाखुश है. जगह-जगह उनके खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं और रैलियां निकाली जा रही हैं. कल वोटिंग के दौरान कैलिफोर्निया में भी फायरिंग हुई थी. इसमें एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हुए थे.
अमेरिका के बहुचर्चित राष्ट्रपति पद का चुनाव आखिरकार अपनी मंजिल तक पहुंच ही गया है. रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए डेमोक्रेट की हिलेरी क्लिंटन को 218 के मुकाबले 276 वोटों से हरा दिया है. हालांकि, व्हाइट हाउस पहुंचने के लिए किसी भी उम्मीदवार को 270 वोटों की ही जरूरत थी. अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव में अब अगली प्रक्रिया इलेक्ट्रोरियल कॉलेज की होगी. ट्रंप जनवरी में राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे.
आपको बता दें कि अमेरिका में हर बार की राष्ट्रपति शपथ की सेरेमनी पिछली बार से अलग होती है. साथ ही राष्ट्रपति का विदाई समारोह भी किसी थीम पर आयोजित किया जाता है.
डीआरएस कोई रॉकेट साइंस नहीं: कोहली
राजकोट: इंग्लैंड के खिलाफ कल से यहां शुरू हो रही पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में अंपायरों के फैसले की समीक्षा प्रणाली(डीआरएस) के लागू होने से भारतीय क्रिकेट टीम की नींद नहीं उड़ी है और भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि यह रैफरल प्रक्रिया कोई ‘रॉकेट साइंस’ नहीं है.
यहां एससीए स्टेडियम में कल से शुरू होने वाले पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर मेजबान टीम के कप्तान कोहली ने कहा, ‘‘डीआरएस में कोई रॉकेट साइंस नहीं है. एक क्रिकेटर के रूप में आपको समझ होती है, आपको जानकारी होती है कि गेंद पैड से कहां टकराई है, सही जगह पिच हुई या टकराई थी या नहीं. यह क्रिकेट की सामान्य चीजें हैं. यह जरूरी नहीं कि डीआरएस के लिए आपको कोई कोर्स करना पड़े.’’
कोहली ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टीम पर देखकर हमने काफी सीखा है कि डीआरएस का इस्तेमाल कैसे होता है. अगर रैफरल लिया जाना है तो यह काफी हद तक इस पर निर्भर करता है कि गेंदबाज और विकेटकीपर विशिष्ट मामले को लेकर क्या सोचते हैं. यह सामान्य सी बात है. ऐसा नहीं है कि हम इस पर काफी ध्यान लगा रहे हैं. यह आपको सिर्फ उस फैसले को दोबारा देखने का मौका देता है जो आपको लगता है कि सही नहीं है. और मुझे लगता है कि यह उचित है.’’
हालांकि बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज़ में डीआरएस को ट्रायल के तौर पर इस्तेमाल करने का मन बनाया है लेकिन विराट कोहली ने सीरीज़ में इसके इस्तेमाल और बीसीसीआई के नतीजे से पहले ही इस पर अपना फैसला सुना दिया है.
अन्य सभी देशों द्वारा द्विपक्षीय श्रृंखला में स्वीकार की गई डीआरएस प्रणाली का लगातार विरोध करने के बाद बीसीसीआई हाल में इसे लेकर झुका है और प्रयोग के तौर पर इसका इस्तेमाल करने का फैसला किया है.
कोहली ने हालांकि इंग्लैंड के कप्तान एलिस्टेयर कुक और तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्राड के इन बयानों को अधिक तवज्जो नहीं दी जिसमें उन्होंने स्वीकार किया था कि उनकी टीम श्रृंखला में प्रबल दावेदार नहीं है.
इस साल दो दोहरे शतक जड़ने वाले कोहली ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि कुछ टीमें श्रृंखला की शुरूआत आकषर्ण से दूर रहकर करना चाहती है और इसके बाद विरोधी को हैरान करना चाहती हैं लेकिन हम इन चीजों से अवगत हैं. हम अतीत में भी इस तरह की रणनीति का सामना कर चुके हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन साथ ही हम काफी आगे के बारे में नहीं सोचना चाहते. हमें पता है कि हमें क्या करने की जरूरत है, इसलिए हम इस तरह की तारीफ में नहीं बहने वाले. साथ ही आलोचना में भी. अगर टीम प्रबंधन या खेल से ताल्लुक रखने वाले लोग सकारात्मक आलोचना करते हैं तो इसका हमेशा स्वागत है.’’ भारत की ओर से 48 टेस्ट खेलने वाले कोहली ने कहा कि टीम अब मैच जीतने में यकीन करती है और सिर्फ प्रतिस्पर्धी नहीं बने रहना चाहती.
कोहली ने कहा, ‘‘मानसिकता अब सिर्फ प्रतिस्पर्धा पेश करने की नहीं है. हम श्रृंखला जीतना चाहते हैं, हम टेस्ट मैच जीतना चाहते हैं. इसके लिए आपको हमेशा अपना शीर्ष खेल दिखाना होता है और अपने शीर्ष खेल में सुधार करना होता है. यह मानसिकता है और खिलाड़ी चुनौती के लिए तैयार हैं.’’ भारतीय कप्तान ने कहा कि टीम ने पिछली श्रृंखला में भले ही न्यूजीलैंड का 3-0 से क्लीनस्वीप किया हो लेकिन भारत के प्रदर्शन में कुछ खामियां थी जिन्हें दूर करने की जरूरत है.
कोहली ने कहा, ‘‘वेस्टइंडीज से लौटने के बाद से ही हमें पता था कि घरेलू सत्र काफी कड़ा होने वाला है. हमें न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया जैसी स्तरीय टीमों का सामना करना है जो टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं. इसलिए हमें पता है कि घरेलू सत्र कड़ा होने वाला है. कुछ ऐसे विभाग हैं जिन पर हमने ध्यान दिया है जिनमें सुधार की जरूरत है.’’
340 करोड़ के बिग बजट में ‘न्यूक्लियर’ बनाएंगे RGV
अपराध और गैंगस्टर्स की कहानियों वाली फिल्में बनाने के लिए मशहूर बॉलीवुड फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा अंतरराष्ट्रीय फिल्म बनाने जा रहे हैं। उनकी अंतरराष्ट्रीय फिल्म ‘न्यूक्लियर’ की कहानी बड़े खतरे को पर्दे पर लेकर दिखाएगी। राम गोपाल वर्मा की ये अंतरराष्ट्रीय फिल्म 340 करोड़ के बिग बजट में बनाने जा रहे हैं।
राम गोपाल वर्मा के इस एलान के बाद फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी सी फैल गई है और रामगोपाल के प्रोजेक्ट को लेकर फिल्म निर्माता उत्सुकता ज़ाहिर कर रहे हैं। 340 करोड़ के बड़े बजट से बन रही है ये इंटरनेशनल फिल्म भारत के अलावा अमेरिका, चीन और रूस में शूट की जाएगी, जिसमें कई भारतीय और अंतरराष्ट्रीय मुख्य किरदारों में दिखाई देंगे।
रामगोपाल ने बताया है कि इस फिल्म की शूटिंग ‘सरकार 3’ के बाद शुरू की जाएगी। वो इन दिनों अमिताभ बच्चन स्टारर ‘सरकार 3’ बना रहे हैं।
500-1000 के नोट बंद होने से चमका गोल्ड, 12 घंटे में 4 हजार रुपये तोला महंगा
मुंबई : कालाधन पर लगाम लगाने के लिए मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए मंगलवार आधी रात से 500 और 1000 रुपये के नोट बंद कर दिए हैं. इसके बाद सोने के दाम में उछाल आया है. मुंबई में प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत में 4000 रुपये का इजाफा हुआ है. सोने के नए रेट सुबह 11 बजे मार्केट खुलने के बाद आएंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का कालाधन 30 लाख करोड़ तक पहुंच गया है, जो जीडीपी का 20 फीसदी है. हालांकि, फिलहाल 16.6 लाख करोड़ कालाधन ही सर्कुलेशन में है. एक्सपर्ट की मानें, तो ये कालाधन ज्यादातर सोने या रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट के रूप में है. कालेधन पर 2012 में प्रकाशित वित्त मंत्रालय के श्वेत पत्र में यह कहा गया कि भारतीय अर्थव्यवस्था में रियल एस्टेट कुल जीडीपी का 11 फीसदी शेयर करता है.
एक्सपर्ट का कहना है कि मोदी सरकार का ये फैसला सोने और रियल एस्टेट ट्रांसएक्शन पर असर जरूर डालेगा. यूपी और पंजाब में चुनाव नजदीक हैं. कैंपेनिंग के लिए राजनीतिक पार्टियां खूब पैसा बहा रही हैं. माना जा रहा है कि मोदी सरकार का ये फैसला राजनीतिक पार्टियों के चुनाव में खर्च को भी प्रभावित करेगा.
पीएम ने ऐलान किया कि 9 और 10 नवंबर को ATM काम नहीं करेंगे. 11 नवंबर की रात 12 बजे तक नागरिकों के लिए कुछ विशेष व्यवस्था की गई है. पीएम ने कहा कि 11 नवंबर की रात्रि 12 बजे तक सभी सरकारी अस्पतालों में पुराने 500 के नोट भुगतान के लिए स्वीकार किए जाएंगे. इसी तरह 72 घंटों तक रेलवे के टिकट बुकिंग काउंटर, सरकारी बसों के टिकट बुकिंग काउंटर और हवाई अड्डों पर भी केवल टिकट खरीदने के लिए पुराने नोट मान्य होंगे. उन्होंने कहा कि आपकी धनराशि आपकी ही रहेगी, आपको कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है.
वहीं, पीएम के ऐलान के ठीक बाद भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर उर्जित पटेल ने मंगलवार को कहा कि 10 नवंबर से 500 रुपये और 2000 रुपये के नए नोट जारी किए जाएंगे. वित्तसचिव शक्तिकांत दास ने नए नोट की घोषणा करते हुए कहा कि आरबीआई 10 नवंबर से नए नोट जारी करेगी. दास ने कहा कि जो लोग नकदी बदलने के लिए आएंगे, बैंक उनके रिकॉर्ड रखेंगे.
आरबीआई प्रमुख उरिजीत पटेल ने कहा कि नए नोट ब्रेल लिपि के साथ आएंगे. इससे दृष्टिहीनों को मदद मिलेगी. 2000 रुपये के नए नोटों के सर्कुलेशन पर आरबीआई नजर रखेगा. 24 नवंबर के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी. बाजार में तरलता की कमी नहीं आएगी.
नोटों पर बैन से बाजार धड़ाम, 1 मिनट में डूबे निवेशकों के 7 लाख करोड़
कालेधन को लेकर पीएम मोदी के फैसले और अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव का असर शेयर बाजार पर दिख रहा है. घरेलू स्टॉक मार्केट और इंटरनेशनल मार्केट क्रैश हो गए हैं. बुधवार को सेंसेक्स 1600 प्वांइट की गिरावट के साथ खुला. निफ्टी भी 500 प्वाइंट की गिरावट के साथ 8,034 पर कारोबार कर रही है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट दर्ज की गई है.
8 नवंबर (मंगलवार) को बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 111.44 लाख करोड़ रुपये पर था. बुधवार सुबह जब मार्केट खुला तो ये आंकड़ा 104.35 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया. ऐसे में मार्केट खुलते ही इन्वेस्टर्स के 7 लाख करोड़ रुपये डूब गए. हालांकि, कुछ देर बाद ही मार्केट संभल गया. बावजूद इसके अभी भी ये आंकड़ा 6 लाख करोड़ रुपये से ऊपर बना हुआ है.
500 और 100 के नोट बंद होने के बाद रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता आने की उम्मीद है. इस सेक्टर में कालेधन का खूब इस्तेमाल होता है. इस कदम से प्रॉपर्टी की कीमतों में गिरावट तय है. ऐसे में इन्वेस्टर्स रियल एस्टेट में पैसा नहीं लगा पाएंगे और बिल्डर्स को मजबूरन प्रॉपर्टी के रेट्स गिराने होंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को हिलेरी क्लिंटन से मिलती बढ़त से एशियाई मार्केट्स में गिरावट जारी है. जापान का निक्की 2.4 फीसदी यानी 225 अंकों तक गिरा. दक्षिण कोरिया के मार्केट भी 1.4 फीसदी तक गिर गए हैं. तेल के दामों में भी 2 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है. यूरोप में प्रमुख सूचकांक कुछ नेगेटिव रुझान के साथ फ्लैट रहे. इसके और नीचे जाने की संभावना है.
अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप के आगे होने की खबरों के बीच येन और यूरो के मुकाबले डॉलर में जोरदार गिरावट आई है. डॉलर के मुकाबले मेक्सिकन पीसो भी कमजोर हुआ है. येन के मुकाबले डॉलर 3.8 फीसदी टूटकर 101.50 येन पर आ गया. वहीं, यूरो के मुकाबले डॉलर करीब 2 फीसदी टूट गया. टोक्यो में कारोबार यूरो के मुकाबले 1.1224 डॉलर पर आ गया.







