Home Blog Page 1092

शिवसेना की चेतावनीः राम मंदिर बनाओ, नहीं तो राम नाम सत्य है

0

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शिवसेना ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के मुखपत्र सामना के सम्पादकीय में राम मंदिर को मुद्दा बनाते हुए लिखा है कि राम मंदिर बनाओ नहीं तो जनता तुम्हारा राम नाम सत्य कर देगी। इस संपादकीय में राम मंदिर मुद्दे को लेकर शिवसेना ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है।

संपादकीय में लिखा है,पीएम नरेंद्र मोदी सिर्फ जय श्रीराम का उद्घोष करते हैं, लेकिन राम मंदिर निर्माण के बारे में एक भी शब्द नहीं बोलते। ऐसा लगता नहीं है कि बीजेपी सरकार में राम मंदिर बनेगा। यूपी विधानसभा चुनावों के दौरान प्रचार सभाओं में मोदी जय श्रीराम का नारा लगा रहे थे और सामने की भीड़ से भी जय श्रीराम का नारा लगवा रहे थे। उस समय ऐसा लग रहा था कि केंद्र में बीजेपी का राज है, और अब यूपी में भी बीजेपी का राज आते ही अयोध्या में तुरंत राम मंदिर का निर्माण शुरू हो जाएगा और करोड़ों हिंदुओं के मन की आकांक्षा पूरी हो जाएगी। लेकिन अब मोदी और उनके लोग हिंदुत्व और राम मंदिर के मुद्दे पर बोलने को तैयार नहीं हैं।

शिवसेना ने बीजेपी पर राम मंदिर निर्माण की आवाज उठाने वालों को परेशान करने का भी आरोप लगाया है। राम मंदिर निर्माण की मांग के लिए आमरण अनशन पर बैठे महंत परमहंस दास को फैजाबाद पुलिस ने जबरन कब्जे में लेकर उन्हें अस्पताल में ठूंस दिया। कहा जा रहा है कि परमहंस दास का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनकी जान को खतरा पैदा हो गया था।

संपादकीय में लिखा है कि तीन दशक पहले अयोध्या की कारसेवा में हजारों रामभक्त उतरे थे। उन पर की गई गोलीबारी में करीब 500 रामभक्त शहीद हुए थे. रामभक्तों के खून से सरयू लाल हो गई थी। तब जाकर आज की बीजेपी दिल्ली के तख्त तक पहुंची थी। बीजेपी के लिए आज का “अच्छा दिन” जिन श्रीराम ने दिखाया, वे राम आज भी अयोध्या में वनवास ही भोग रहे हैं।

मध्य प्रदेश : कांग्रेस से नहीं बसपा से गठबंधन करेगी समाजवादी पार्टी

0

मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को झटका देते हुए गठबंधन करने से इंकार कर दिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमें बहुत इंतजार करा दिया है। अब हम उनके साथ गठबंधन नहीं करेंगे। अखिलेश ने बहुजन समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन पर बताते हुए कहा कि उनके साथ हमारी बात चल रही है।

अखिलेश यादव से पहले मायावती ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को झटका देते हुए अजित जोगी की पार्टी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया है। इसी के साथ मायावती ने हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस उनकी पार्टी को खत्म करना चाहती है और बीएसपी उनसे कभी गठबंधन नहीं करेगी।

मायावती के बाद अब समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस के साथ गठबंधन को नकार दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एमपी में बीएसपी के साथ गठबंधन के संकेत देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमें लंबा इंतजार कराया। अब हम बहुजन समाज पार्टी के साथ मिलकर प्रदेश में चुनाव लड़ेंगे।

 

मुजफ्फरपुर बालिका आश्रय गृह मामले में सीबीआई जांच शुरू, नरकंकाल बरामद

0

बिहार के मुजफ्फरपुर में बालिका आश्रय गृह यौनशोषण मामले की जांच सीबीआई ने शुरू कर दी है। मामले की शुरूआती जाँच में ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को अहम् सुराग हाथ लगे हैं। सीबीआई ने इस मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के एक ड्राईवर से पूछताछ में मिली जानकारी जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर स्थित श्मशान घाट की खुदाई के बाद एक नरकंकाल बरामद किया है। चार घंटे चले इस अभियान में जमीन के अंदर से एक नरकंकाल बरामद किया गया, जिसे बाद में फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया।

आपको बता दें कि मुजफ्फरपुर आश्रय गृह में रह रही लड़कियों में से एक बच्ची ने आरोप लगाया था कि वहां के कर्मचारियों द्वारा उनके साथ रह रही एक लड़की की हत्या कर उसे बालिका गृह के परिसर में ही दफना दिया गया था। इस आरोप के बाद पुलिस ने पिछले दिनों परिसर में भी खुदाई कराई थी लेकिन कोई ऐसी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

मुजफ्फरपुर बालिका आश्रय गृह के मामले का खुलासा मुंबई स्थित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज द्वारा राज्य सरकार को सौंपी गई सामाजिक अंकेक्षण रिपोर्ट से हुआ था। इस रिपोर्ट में दवा किया गया था कि समाज कल्याण विभाग के मुजफ्फरपुर बालिका आश्रय गृह में रह रही लड़कियों के साथ यौन शोषण हो रहा है। इसके बाद यहां की लड़कियों की चिकित्सकीय जांच कराई गयी जिसमे से 34 लड़कियों के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को गिरफ्तार कर जांच प्रारंभ कर दी थी। इसके बाद सरकार ने पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। अब तक इस मामले में 10 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

राजकोट टेस्ट : पहली पारी में भारत की मजबूत शुरुआत

0

राजकोट। भारत दौरे पर आयी वेस्टइंडीज के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने एक विकेट खोकर 133 रन बना लिए हैं। पृथ्वी शॉ (75) और चेतेश्वर पुजारा (56) की शानदार शतकीय साझेदारी के दम पर अच्छी शुरुआत करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पहले टेस्ट मैच के पहले सत्र में एक विकेट गंवाकर 133 रन बना लिए हैं। सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच से टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले शॉ और पुजारा नाबाद हैं।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले ही ओवर में लोकेश राहुल के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। उन्हें शेनन गेब्रियल ने खाता खोलने का मौका दिए बगैर पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद, शॉ ने पुजारा के साथ भोजनकाल तक भारतीय पारी को संभालते हुए बिना कोई विकेट गंवाए 130 रनों की शतकीय साझेदारी से टीम का स्कोर 133 तक पहुंचाया।

इस बीच, शॉ ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक भी पूरा किया। उन्होंने 74 गेंदों पर 11 चौके लगाए। पुजारा ने भी 63वें टेस्ट मैच में 19वां अर्धशतक लगाया है। उन्होंने 74 गेंदों का सामना कर नौ चौके लगाए।

‘राफेल सौदा बोफोर्स घोटाले का भी बाप है’ : शिवसेना

0

मुंबई। महाराष्ट्र में बीजेपी की मुख्य सहयोगी पार्टी शिवसेना बीते कुछ समय से बीजेपी पर आक्रामक रवैया अपना रही है। इस बार राफेल सौदे को लेकर शिवसेना ने रविवार को कहा है कि राफेल सौदे में हुआ घोटाला पूर्व में बोफोर्स रक्षा सौदे में हुए घोटाले का भी बाप है।

शिवसेना के मुखपत्र सामना में शिवसेना के संसद संजय राउत ने बीजेपी पर हमलावर होते हुए लिखा है कि ये मामला जल्दी नहीं निपटने नहीं वाला है। जिन लोगों ने 65 करोड़ रुपये के लाभ प्राप्त करने के लिए सोनिया गांधी के रिश्तेदारों पर आरोप लगाया था, वे आज सत्ता में हैं और उन पर राफेल जेट सौदे में 700 करोड़ रुपये की कमाई करने का आरोप है।

बता दें कि 2016 में भारत ने 58,000 करोड़ रुपये की लागत से 36 राफेल लड़ाकू जेट खरीदने के लिए फ्रांस के साथ एक अंतर सरकारी समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। कांग्रेस और कई अन्य पार्टी के नेताओं ने नरेंद्र मोदी सरकार पर एक अतिरंजित सौदा करने का आरोप लगाया है।

आपको बता दें कि 21 सितंबर, 2018 को फ्रांसीसी मीडिया आउटलेट मेडियापार्ट ने पूर्व राष्ट्रपति ओलांद का बयान छापा जिसमें कहा गया कि भारत सरकार ने अनिल अंबानी के रिलायंस डिफेंस का नाम डेसाल्ट एविएशन के साथ ऑफसेट अनुबंध के लिए प्रस्तावित किया है, जो लड़ाकू जेट बनाती है। ओलांद के इस बयान के बाद से ही कांग्रेस और राहुल गांधी मोदी सरकार को इस मामले पर लगातार घेर रहे है। हालांकि ओलांद के इस बयान का भारत के रक्षा मंत्रालय, फ्रांसीसी सरकार और डेसॉल्ट एविएशन ने का खंडन किया है।

ईडी ने जब्त की नीरव मोदी की 637 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी

0

पंजाब नेशनल बैंक का करोड़ों रुपये लेकर फरार नीरव मोदी की 637 करोड़ की प्रॉपर्टी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जब्त कर ली है। धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ईडी ने नीरव मोदी के पांच ओवरसीज बैंक अकाउंट सील किये हैं, इन खातों में कुल 278 करोड़ रुपये जमा हैं।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) 22.69 करोड़ की कीमत के हीरे के गहने हॉन्गकॉन्ग से भारत लेकर आई है। दक्षिण मुंबई में 19.5 करोड़ की कीमत का एक मकान भी ईडी ने जब्त किया है। इसके साथ ही न्यूयॉर्क में नीरव मोदी के नाम पर खरीदी गई दो अचल संपत्तियां भी ईडी ने जब्त की है। इनकी कीमत करीब 216 करोड़ रुपये है।

गौरतलब है कि पंजाब नेशनल बैंक में 13 हजार करोड़ से अधिक का घोटाला कर विदेश भागे हीरा करोबारी नीरव मोदी को मुंबई की विशेष अदालत ने एक महीने में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर सुनवाई करते हुए नीरव मोदी को 29 अक्टूबर तक अपना जवाब दाखिल करने के लिए कहा है। ईडी ने नए कानून के तहत नीरव मोदी को भगौड़ा घोषित करने की मांग की थी।

विदेश मंत्रालय ने अगस्त के पहले सप्ताह में बताया था नीरव मोदी लंदन में है और गृह मंत्रालय ने मोदी के प्रत्यर्पण के लिए आवेदन भी भेजा था। विदेश मंत्रालय ने नीरव मोदी का पासपोर्ट इस साल फरवरी में रद्द कर दिया था।

 

‘मनोरंजन की मशीन हैं राहुल गांधी’ : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

0

लखनऊ। राफेल डील को लेकर लग रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी मनोरंजन की मशीन हैं। उन्हें पीएम मोदी के बारे में इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राफेल डील पर राहुल गांधी जो बातें कर रहे हैं उसमें उनके जीजा रॉबर्ट वाड्रा का नाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की तारीफ अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने की है लेकिन राहुल की तारीफ पाकिस्तान के नेता करते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने पाकिस्तान द्वारा सीमा पर गोलीबारी और आतंकियों के घुसपैठ के मुद्दे पर कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है, सेना के हाथ खोल दिए गए हैं। लेकिन कांग्रेस भारतीय सेना पर घटिया बयानबाजी कर रही है जिसका जवाब जनता उनको देगी। साथ ही उन्होंने लखनऊ में पुलिसकर्मी की गोली से एक शख्स की मौत के मामले पर कहा कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रोहित शर्मा बने नये ‘कैप्टन कूल’, शास्त्री ने की जमकर तारीफ

0

दुबई में खेले गए एशिया कप के कल फाइनल मैच में आखिरी गेंद पर जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने सातवीं बार इस खिताब पर अपना कब्जा जमाया। बांग्लादेश पर मिली करीबी जीत में रोहित शर्मा की कप्तानी की भी जमकर तारीफ हो रही है। विराट कोहली की गैर-मौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे रोहित शर्मा की कप्तानी से टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री काफी संतुष्ट नजर आए।

शुक्रवार को खेले गए फाइनल मैच में बांग्लादेश ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाए थे। बांग्ला टीम के ओपनर बल्लेबाजों लिटन दास और मेहदी हसन की शानदार बल्लेबाजी के बदौलत 20 ओवर में ही बांग्लादेश ने बिना विकेट खोए 120 रन बना लिए। लेकिन इसके बाद मेहदी हसन के आउट होते ही रोहित शर्मा ने अपने गेंदबाजों का बखूबी इस्तेमाल किया और बांग्लादेश मिडल ऑर्डर को टिकने नहीं दिया। यही वजह रही कि लिटन दास (121 रन) के अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ स्कोर नहीं कर सका और बाकी पूरी टीम महज 100 रन ही बना पायी।

मैच के बाद कोच रवि शास्त्री से जब रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने रोहित की जमकर तारीफ की। शास्त्री ने कहा कि रोहित शर्मा बहुत कूल थे, जो उनकी कप्तानी में भी दिखा। उन्होंने हर जगह धैर्य का परिचय दिया। बॉलिंग में जो बदलाव उन्होंने किए, वो तारीफ के लायक हैं। आखिरी 30 ओवर में सिर्फ 100 रन खर्च करना काबिल-ए तारीफ है।

दुबई में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 48.3 ओवर में 222 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत को जीत के लिए 223 रनों का लक्ष्य मिला। जवाब में टीम इंडिया ने इस लक्ष्य को आखिरी गेंद पर हासिल करते हुए खिताब अपने नाम किया।

भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा (48) ने सर्वोच्च स्कोर किया। उन्होंने अपनी पारी में 55 गेंदों का सामना किया और तीन चौकों के अलावा इतने ही छक्के लगाए। दिनेश कार्तिक ने 37 और महेंद्र सिंह धोनी ने 36 रन बनाए। केदार जाधव ने चोट के बाद भी 27 गेंदों में 23 रनों की नाबाद पारी खेली।

सबरीमाला मंदिर के रिवाज हिंदू महिलाओं के खिलाफ :सुप्रीम कोर्ट

0

नई दिल्‍ली : सुप्रीम कोर्ट ने केरल के सबरीमाला मंदिर में युवा महिलाओं के प्रवेश पर रोक को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया। चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली 5 जजों की संविधान पीठ ने सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर लगी रोक के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए शुक्रवार को अहम फैसला सुनाया। न्‍यायालय की संविधान पीठ ने अपने फैसले में कहा कि महिलाएं पुरुषों से किसी मामले में कम नहीं है। सबरीमाला मंदिर के रिवाज हिंदू महिलाओं के खिलाफ हैं। दैहिक नियमों पर महिलाओं को रोकना एक तरह से छूआछूत है।

कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि भगवान अयप्‍पा हिंदू थे, उनके भक्‍तों का अलग धर्म न बनाएं। भगवान से रिश्‍ते दैहिक नियमों से नहीं तय हो सकते। सभी भक्‍तों को मंदिर में जाने और पूजा करने का अधिकार है। न्‍यायालय ने कहा, जब पुरुष मंदिर में जा सकते हैं तो औरतें भी पूजा करने जा सकती हैं। महिलाओं को मंदिर में पूजा करने से रोकना महिलाओं की गरिमा का अपमान है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, एक तरफ हम औरतों की पूजा करते हैं तो दूसरी तरफ हम उन पर बैन लगाते हैं। महिलाएं पुरुषों से किसी भी मामले में कम नहीं हैं।

आपको बता दें कि केरल के सबरीमाला मंदिर में 15 साल से ऊपर की लड़कियां और महिलाओं को प्रवेश करने पर मंदिर प्रशासन ने रोक लगायी थी। यहां सिर्फ छोटी बच्चियां और बूढ़ी महिलाएं ही प्रवेश कर सकती हैं। इसके पीछे मान्यता है कि भगवान अयप्पा ब्रह्मचारी थे। सबरीमाला मंदिर में हर साल नवम्बर से जनवरी तक, श्रद्धालु अयप्पा भगवान के दर्शन के लिए जाते हैं, बाकि पूरे साल यह मंदिर आम भक्तों के लिए बंद रहता है।

मध्य प्रदेश के किसानों का कर्ज कांग्रेस 10 दिन में माफ कर देगी : राहुल गांधी

0

भोपाल। मध्य प्रदेश के चित्रकूट में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में जब हमारी सरकार आएगी तो 10 दिन के अंदर हम किसानों का कर्जा माफ़ कर देंगे। राहुल गांधी ने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हमने दस दिन के भीतर किसानों का कर्जा माफ़ कर दिया। भले ही हमारा मुख्य मंत्री नहीं है लेकिन उन्होंने किसानों का कर्जा माफ़ कर दिया। मध्य प्रदेश में भी यही होने वाला है।

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन चित्रकूट पहुंचे। भगवान कामतानाथ का दर्शन करने के उपरांत उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने अपनी इस जनसभा में राफेल के मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा और उनपर जमकर हमला बोला। राहुल ने पीएम मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने दोस्त (अनिल अंबानी) की जेब में 30 हजार करोड़ रुपए डाल दिए। पीएम मोदी ने देश के साथ विश्वासघात किया और विश्वास खोया।

राहुल गाँधी ने कहा कि मैंने पीएम मोदी से चार सवाल पूछा था कि आपने HAL से कॉन्ट्रैक्ट छीन कर अनिल अंबानी को क्यों दे दिया? आपने हिंदुस्तान के साथ धोखा क्यों किया? मगर मेरे सवालों का पीएम मोदी ने कोई जवाब नहीं दिया। जब आंख से मिलाकर मैंने नरेंद्र मोदी से बात की तो वह कभी इधर देखे- कभी उधर देखे, लेकिन मेरे आंख से आंख मिलाकर बात नहीं कर पाए। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर भी जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि उनके शासनकाल में प्रदेश की हालत बदतर हो गई है। मध्य प्रदेश किसानों की आत्महत्या में, भ्रष्टाचार में, अपराध में, कुपोषण में देश में नंबर वन है।