Home Blog Page 1089

वंदे भारत एक्‍सप्रेस; दिल्‍ली से वाराणसी जाने के लिए देने होंगा इतना किराया

0

नई दिल्‍ली – अपनी सबसे तेज गति से चलने वाली ट्रेन वंदे भारत एक्‍सप्रेस (ट्रेन 18) के लिए किराया सूची भारतीय रेलवे ने जारी कर दी है। डायनामिक प्राइजिंग को वंदे भारत एक्‍सप्रेस में लागू नहीं किया जाएगा। वंदे भारत एक्‍सप्रेस के दिल्‍ली से वाराणसी के लिए एसी चेयर कार का किराया 1760 रुपए होगा, जबकि एक्‍जीक्‍यूटिव चेयर कार का किराया 3310 रुपए तय किया गया है।

इसी प्रकार वाराणसी से दिल्‍ली का वापसी किराया एसी चेयर कार में 1700 रुपए और एक्‍जीक्‍यूटिव चेयर कार का किराया 3260 रुपए होगा। दिल्‍ली से वाराणसी के बीच की यात्रा वंदे भारत एक्‍सप्रेस 8 घंटे में पूरी करेगी। यह ट्रेन कानपुर और प्रयागराज दो स्‍टेशनों पर रुकेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 फरवरी को नई दिल्‍ली रेल्‍वे स्‍टेशन से हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत एक्‍सप्रेस ट्रेन की शुरुआत करेंगे। इसकी नियमित सेवा 16 फरवरी से शुरू होगी। वंदे भारत एक्‍सप्रेस ट्रेन के किराये में आईआरसीटीसी का कैटरिंग शुल्‍क शामिल होगा, हालांकि यात्रियों को भोजन न लेने का विकल्‍प नहीं दिया जाएगा।

दुनिया की सबसे ऊंची सरस्वती प्रतिमा जलपाईगुड़ी में

0

कोलकाता. बसंत पंचमी का त्योहार रविवार को मनाया जाएगा. मां सरस्वती की पूजा इस दिन रस्मो रिवाज से की जाती है. सरस्वती पूजा के मामले में इस बार पश्चिम बंगाल ने एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की है. यहां के जलपाईगुड़ी जिले में दुनिया की सबसे ऊंची सरस्वती प्रतिमा बनाई जा रही है. इसकी ऊंचाई 51 फीट है. कल रविवार को इसका अनावरण किया जाएगा| दावा किया गया है कि यह विश्व रिकॉर्ड होगा.

15 शिल्पकार यहां मां सरस्वती की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाने के लिए कई दिनों से लगे हैं. सेंट्रल डुआर्स क्लब की ओर से यह पूजा आयोजित की गई है. करीब दो लाख रुपये मां सरस्वती की इस प्रतिमा को बनाने में खर्च हुए हैं. फिलहाल, बांग्लादेश के नाम सबसे ऊंची सरस्वती प्रतिमा का कीर्तिमान है| वहां ढाका विश्वविद्यालय में 34 फीट की सरस्वती प्रतिमा है. क्लब के सदस्य कृष्णा दे ने बताया कि प्रतिमा को वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स संस्था से भी संपर्क किया गया है.

कृष्णा दे ने बताया, ‘मुझे पता चला कि बांग्लादेश में दुनिया की सबसे ऊंची सरस्वती प्रतिमा तैयार कर पूजा की गई है, तो सोचा कि ऐसा भारत में भी तो हो सकता है. उस दिन से ये ठान लिया कि सबसे ऊंची सरस्वती प्रतिमा को तैयार करना है.’ इस सरस्वती प्रतिमा के आठ हाथ हैं और ये देवी मातंगी का स्वरूप है. इस मूर्ति की चर्चा पूरे इलाके में है. मीडिया में खबरें आने के बाद सुर्खियां भी बन गई हैं.

ए. आर. रहमान ने ट्रोल होने के बाद शेयर की ये फोटोज

0

हाल ही में एक इवेंट में बॉलिवुड के साथ ही हॉलिवुड में नाम कमाने वाले म्यूजिक कंपोजर ए आर रहमान की बेटी खतीजा रहमान बुर्का पहने नजर आई थीं. रहमान को इसे लेकर काफी ट्रोल किया गया. रहमान ने ट्रोल्स को करारा जवाब देने के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तीनों बच्चों के प्यारे फोटोज शेयर किए हैं.


ए आर रहमान के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट इन फोटोज में से एक में रहमान के तीनों बच्चे रहीमा, खतीजा और आमीन साथ नजर आ रहे हैं. इस फोटो में रहीमा गोल्डन गाउन पहने नजर आ रही हैं और काफी खूबसूरत लग रही हैं.

फोटो में रहमान का बेटा आमीन सूट पहने दिखा तो वहीं खतीजा ब्लैक और गोल्डन कॉम्बिनेशन का सूट पहने थीं. इस फोटो में भी वह बुर्का पहनी दिखीं. शेयर की गई दूसरी फोटो आमीन रहमान की है तो तीसरी फोटो उन सबकी है जो पहली बार हैलो मैगजीन में नजर आने वाले हैं, जिसमें से तीन रहमान के बच्चे भी हैं.

अमेरिका से इलाज कर अरुण जेटली की घरवापसी

0

नयी दिल्ली. अमेरिका से इलाज कराने के बाद शनिवार को केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली स्वदेश लौट आये हैं. जेटली ने ट्वीट किया कि वापस आकर खुश हूं. उल्लेखनीय है कि जेटली इलाज कराने के लिये पिछले महीने अमेरिका चले गये थे. इसकी वजह से वह नरेन्द्र मोदी सरकार का छठा और अंतिम बजट पेश नहीं कर पाये. अमेरिका इलाज के लिये जाने से पहले मोदी सरकार में वह वित्त मंत्री थे. उनकी अनुपस्थिति में वित्त मंत्रालय का कार्यभार पीयूष गोयल को सौंपा गया. गोयल ने ही इस बार लोकसभा में अंतरिम बजट भी पेश किया.

हालांकि, अमेरिका में रहते हुए भी जेटली सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहे. उन्होंने इस दौरान फेसबुक और ट्विटर पर कई बार लिखा तथा बजट पेश होने के बाद वीडियो कांफ्रेंस के जरिये एक संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर कुछ साक्षात्कार भी दिये. पीटीआई-अमेरिका में एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि उनकी स्वदेश वापसी चिकित्सकों की हिदायत पर निर्भर करेगा. उन्होंने कहा था कि वह बजट पर होने वाली चर्चा का जवाब देने के लिये शायद ही संसद में उपस्थित हो सकें क्योंकि यह डाक्टरों की सलाह पर निर्भर करेगा. संसद का बजट सत्र 13 फरवरी को समाप्त होने वाला है. अंतरिम बजट पर लोकसभा में चर्चा शुरू हो चुकी है.

रॉबर्ट वाड्रा से लगातार तीसरे दिन पूछताछ

0

नई दिल्ली. रॉबर्ट वाड्रा शनिवार को तीसरे बार मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुए. गौरतलब है कि इससे पहले छह और सात फरवरी को उनसे करीब लंबी पूछताछ की जा चुकी है.

विदेश में संपत्ति खरीदने में मनीलांड्रिंग से जुड़े एक मामले में आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा तीसरी बार ईडी के सामने पेश हुए. वाड्रा मध्य दिल्ली के जामनगर हाउस स्थित केंद्रीय जांच एजेंसी के कार्यालय में अपने निजी वाहन से सुबह करीब दस बजकर 45 मिनट पर पहुंचे.

इससे पहले उनसे छह और सात फरवरी को पूछताछ की गई थी. वाड्रा से पहली बार करीब साढ़े पांच घंटे और दूसरी बार करीब नौ घंटे तक पूछताछ की गई थी. माना जा रहा है कि पिछली बार पूछताछ के दौरान वाड्रा का “सामना उन दस्तावेजों से कराया गया जो एजेंसी ने मामले की जांच के दौरान हासिल या जब्त किये हैं. उनमें फरार रक्षा डीलर संजय भंडारी से जुड़े दस्तावेज भी शामिल हैं.

जानकारी के मुताबिक वाड्रा ने जांच अधिकारी के साथ दस्तावेज साझा किये तथा कहा कि जब उन्हें और दस्तावेज प्राप्त होंगे तो उन्हें भी साझा किया जाएगा. सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों की पूछताछ में वाड्रा ने लंदन में अपनी किसी प्रॉपर्टी से इनकार किया है, जबकि प्रवर्तन एजेंसी का आरोप है कि वाड्रा ने विदेश में अवैध जायदाद खरीदने के लिए मनी लॉन्ड्रिंग की है.

मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला 19 लाख पाउंड की विदेश में मौजूद अघोषित प्रॉपर्टी से जुड़ा है, जो कथित रूप से वाड्रा की है. ईडी की जांच के दौरान वाड्रा के करीबी मनोज अरोड़ा का नाम सामने आने के बाद अरोड़ा के खिलाफ भी मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था. लंदन की प्रॉपर्टी कथित रूप से भंडारी ने खरीदी और इसकी मरम्मत पर अलग से हुए खर्च के बावजूद इसे खरीदी गई कीमत पर ही 2010 में बेच दिया गया.

उनसे गुरुवार को भी इसी मामले में लंबी पूछताछ हुई. वाड्रा के साथ उनके वकीलों की पूरी टीम मौजूद थी. दावा है कि पिछले दिनों की पूछताछ में वाड्रा ने पूरी जानकारी नहीं दी है, इसलिए उनसे आगे की जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है. उनका जवाब प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जाएगा. बताया जा रहा है कि वाड्रा को बीकानेर में एक भूमि घोटाले से संबंधित धन शोधन के मामले में जयपुर में 12 फरवरी को ईडी के समक्ष पेश होना है. राजस्थान उच्च न्यायालय ने उन्हें मामले में एजेंसी के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए थे.

उत्तराखंड-उप्र में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढोतरी

0

सहारनपुर. जहरीली शराब पीने से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के दो पड़ोसी जिलों में होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 85 के पार हो गई है. हरिद्वार के एक गांव में मरने वालों ने ये शराब पी थी. यह जानकारी अधिकारियों ने शनिवार को दी. उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अशोक कुमार ने बताया कि बालूपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति की ‘तेरहवीं’ पर इन सभी लोगों ने शराब पी थी. मरने वालों में से 24 बालूपुर और इसके निकटवर्ती गांवों के थे. बृहस्पतिवार को बालूपुर से शराब पीकर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित अपने घर पहुंचे 60 लोगों की भी मौत हो गई.

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 35 मौतें सहारनपुर जिले में ही हुई हैं. वहीं 11 अन्य लोगों को इलाज के लिए सहारनपुर से मेरठ भेजा गया था, उनकी मौत मेरठ में हुई. शुक्रवार से लेकर अब तक कुछ और लोगों के मरने की रिपोर्टें मिली हैं और यह पता लगाने के लिए उनकी विसरा की जांच की जा रही है कि क्या उनकी मौत का संबंध भी जहरीली शराब से है. उत्तर प्रदेश पुलिस ने बताया कि गांव का एक निवासी तेरहवीं पर पिलाने के लिए शराब के 30 पाउच संभवत: उत्तराखंड से लाया था. इस मामले में अभी और जानकारी आनी बाकी है और तफ्तीश जारी है.

दोनों राज्यों की सरकारों ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं. दोनों प्रशासनों ने मृतकों के परिवारों को दो दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. इससे पहले सहारनपुर के जिला मजिस्ट्रेट आलोक पांडेय ने कहा कि उनके जिले के नांगल और आसपास के गांवों के निवासी बृहस्पतिवार को बालूपुर में शराब पीकर आने के बाद बीमार पड़ गए. शुक्रवार तक हरिद्वार में 16 लोगों की मौत हो गई थी और सहारनपुर में 18 और मौतें हुईं. शनिवार दोपहर तक यह संख्या बढ़कर 70 पहुंच गई.

एक अन्य घटना में इसी हफ्ते पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत हुई. उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर और सहारनपुर जिलों के जिला आबकारी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का आदेश दिया है. उत्तराखंड में आबकारी विभाग के 13 अधिकारियों और चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. दोनों राज्यों में जहरीली शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया गया है.

हज यात्रा प्रक्रिया को ऑनलाइन कर देने से किफायती हो गई: नकवी

0

मुंबई: हज संबंधी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन कर देने से यह सालाना यात्रा किफायती हो गई है, जबकि अब सब्सिडी नहीं दी जा रही है. सरकार ने हज सब्सिडी पिछले साल खत्म कर दी थी, ऐसा दावा केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किया

बता दें, ऐसा उच्च न्यायालय के 2012 के एक आदेश के अनुपालन में किया गया था. अल्पसंख्यक कार्य मंत्री के हवाले से एक बयान में कहा गया है कि समूची हज प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन/डिजिटल कर देने से यह सालाना यात्रा किफायती हो गई है, जबकि हज सब्सिडी खत्म कर दी गई है. साथ ही प्रक्रिया पूरी तरह से हज यात्रियों के लिए अनुकूल बना दी गई है.

यहां दो दिवसीय एक प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करने के दौरान उन्होंने यह टिप्पणी की. हज यात्रा के दौरान सहायता मुहैया करना शिविर का उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि 2018 में सब्सिडी हटाए जाने के बावजूद हज यात्रियों ने हवाई यात्रा में करीब 57 करोड़ रूपये बचाए.

नकवी ने आगे कहा कि हज यात्रा पर इस साल जीएसटी 18 फीसदी से घटा कर पांच फीसदी कर दिया गया है. जीएसटी घटाने से विमान किराये में कम लागत आएगी. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पिछले साल 1,75,025 भारतीय मुसलमानों ने हज यात्रा की और वह भी बगैर किसी सब्सिडी के. इनमें 48 फीसदी महिलाएं थी. उन्होंने यह भी बताया कि इस साल 2,340 मुस्लिम महिलाएं बगैर मेहरम के हज पर जाएंगी.

भविष्यवाणी में दावा, नरेंद्र मोदी नहीं बनेंगे पीएम

0

मुंबई : देश में लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी वापसी का जोरदार दावा कर रही है, तो कांग्रेस का कहना है कि वह नरेंद्र मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेगी और 5 साल बाद फिर से सत्ता में वापसी करेगी। इतर ज्योतिषविद सियासी दलों से भी अपने-अपने दावे कर रहे हैं। बीजेपी किसी तरह सत्ता में वापसी तो कर लेगी, लेकिन उसे कई दलों का साथ लेना पड़ेगा, ऐसा ओंकारेश्वर के ज्योतिष विश्वविद्यालय अध्यक्ष डॉ भूपेश गाडगे ने कहा है ।

कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के विदर्भ की सांस्कृतिक राजधानी और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण अमरावती में ज्योतिष सम्मेलन हुआ था। देश भर से आए ज्योतिषियों ने इसमें धार्मिक मुद्दों पर अपनी राय तो दी ही, राजनीतिक रुझानों पर भी टिप्पणियां की। मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर के ज्योतिष विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ भूपेश गाडगे ने दावा किया है कि पीएम नरेंद्र मोदी 2019 में 2014 के नतीजों को दोहरा नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा है कि किसी तरह बीजेपी सत्ता में वापसी तो कर लेगी, लेकिन 2019 नवंबर आते-आते गठबंधन की मजबूरियों के चलते नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री पद से छुट्टी हो जाएगी। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी प्रधानमंत्री के पद पर विराजमान होंगे। बता दें कि पिछले दिनों कुछ निजी सर्वेक्षणों में भी दावा किया गया था की 2019 में बीजेपी का जनाधार खिसक रहा है।

भूपेश गाडगे द्वारा अमरावती में हुई इस ज्योतिष सभा में यह भी कहा गया कि महाराष्ट्र में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में भी बीजेपी पिछड़ जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार तो एनडीए की बनेगी लेकिन शिवसेना की ताकत बढ़ जाएगी। गाडगे के मुताबिक भाजपा अपना मुख्यमंत्री महाराष्ट्र में नहीं बना पाएगी और उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े नेता के तौर पर उभरेंगे। बता दें कि महाराष्ट्र में बीजेपी ने पहली बार अपने दम पर सरकार बनाई है, इस सरकार को पहले शिवसेना का समर्थन हासिल था, लेकिन बाद में शिवसेना इस सरकार से अलग हो गई थी।

रणजी ट्रॉफी: लगातार दूसरी बार चैंपियन बना विदर्भ

0

विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी 2018-19 के फाइनल मुकाबले में सौराष्ट्र को 78 रन से मात देकर लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। गुरुवार को विदर्भ के 206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्टार क्रिकेटर्स से भरी सौराष्ट्र की टीम 127 रनों पर ढेर हो गई।

बता दें कि विदर्भ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 312 रन बनाए थे, जिसके जवाब में सौराष्ट्र 307 रन पर ढेर हो गई थी। विदर्भ ने पांच रन की बढ़त के बाद दूसरी पारी में कुल 200 रन बनाए और सौराष्ट्र के सामने 206 रन का लक्ष्य रखा।

इसके बाद सौराष्ट्र की पूरी टीम दूसरी पारी में 58.4 ओवर खेलकर सिर्फ 127 रन बनाकर सिमट गई और विदर्भ की टीम लगातार दूसरी बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनी। फाइनल में विदर्भ की इस जीत में सबसे अहम किरदार बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे ने अदा किया। उन्होंने दूसरी पारी में 24 ओवर फेंके और छह विकेट अपने नाम किए।

सरवटे ने मैच की पहली पारी में भी 98 रन देकर पांच विकेट चटकाए थे। वहीं, सौराष्ट्र के सबसे बड़े स्टार चेतेश्वर पुजारा फाइनल की दोनों ही पारियों में फ्लॉप हुए। पुजारा पहली पार में मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए थे, जबकि दूसरी पारी में वह खाता तक नहीं खोल पाए। दोनों ही पारियों में उन्हें सरवटे ने पवेलियन का रास्ता दिखाया।

जयपुर में ही हुई थी 1300 करोड़ रुपये के पासवर्ड के साथ सीईओ की मौत

0

भारत में ही कनाडा की एक क्रिप्टोकरेंसी कंपनी क्वाड्रिगासीएक्स के 30 वर्षीय सीईओ गेराल्ड कोटेन की मौत हुई है। 190 मिलियन डॉलर (करीब 1300 करोड़) कीमत की करेंसी का पासवर्ड भी सीईओ की मौत के साथ ही उसी के साथ चला गया है। केवल सीईओ को ही ये पासवर्ड याद था। गेराल्ड की मौत को लेकर कुछ लोगों का कहना था कि इस बात का क्या सबूत है कि उनकी मौत भारत में ही हुई है, लेकिन अब जयपुर के एक अस्पताल ने इसकी पुष्टि कर दी है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार भारत में ही गेराल्ड की मौत हुई है। गेराल्ड की मौत बीते साल 9 दिसंबर को कार्डिक अरेस्ट से हो गई थी। उन्होंने अपनी मौत से एक दिन पहले जयपुर के फोर्टीस एस्कोर्ट अस्पताल में पूरा दिन बिताया। वह आंत संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और एक अनाथाल्य खोलने के लिए जयपुर आए थे। वह अपनी पत्नी जेनिफर रॉबर्टसन के साथ अस्पताल आए थे। यह बात दस्तावेजों में कही गई है। गेराल्ड 8 दिसंबर, 2018 को अस्पताल में भर्ती हुए थे।

अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार गेराल्ड कोटेन जब अस्पताल में भर्ती हुए थे तब उन्हें सेप्टिक शॉक, परफोरेशन, पेरिटोनिटिस और आंतों की बीमारी थी। उन्होंने बताया कि गेराल्ड को और भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने उल्टी और दर्द की भी शिकायत की थी। उन्हें बुखार महसूस हो रहा था। उनकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी और 7.26 बजे मौत से पहले उन्हें कार्डिक अरेस्ट आया था। फोर्टिस एस्कोर्टस अस्पताल की प्रवक्ता प्रज्ञा शर्मा ने गेराल्ड के अस्पताल में भर्ती होने और मौत की पुष्टि की है।

10 दिसंबर, 2018 को जयपुर पुलिस ने गेराल्ड की पत्नी को नो ऑबजेक्शन नोटिस (एनओसी) दिया था। ताकि गेराल्ड का शव उनके कनाडा के नेवा स्कोटिया स्थित घर ले जाया जा सके। स्थानीय नगरपालिका द्वारा गेराल्ड का डेथ सर्टिफिकेट भी जारी किया गया था। गेराल्ड की मौत के साथ ही उस अकाउंट का पासवर्ड भी उनके साथ चला गया है, जिसमें उनकी संपत्ति थी। टॉप सिक्योरिटी एक्सपर्ट भी पासवर्ड को अनलॉक करने में असमर्थ हैं, जिससे लोगों के करोड़ों रुपये डूब गए हैं। यहां तक कि मृतक की पत्नी को भी पासवर्ड याद नहीं है।