गुजरात (Gujarat) के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल (Keshu Bhai Patel) की तबियत काफी लंबे समय से खराब थी। जिसके चलते गुरुवार के दिन उनका निधन हो गया। घरवालों के मुताबिक उनकी उम्र 92 साल थी। साल 1995 में और साल 1998 से 2001 तक उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री राज्य की जनता की सेवा करी। उनके बाद नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने। उनके निधन को लेकर पीएम मोदी काफी गमगीन हैं। जिसके चलते उन्होंने पटेल के निधन पर ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी।
पीएम मोदी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह राज्य की विकास और हर गुजराती के सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “हम सबके प्रिय और सम्मानित केशुभाई नहीं रहे…मैं बहुत व्यथित और दुखी हूं। वह एक उत्कृष्ट नेता थे, जिन्होंने समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा। उनका जीवन गुजरात के विकास और हर गुजराती के सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहा।” साथ ही पीएम मोदी ने पटेल के बेटे से भी फोन पर बातचीत की और दुख ज़ाहिर किया।
पीएम मोदी ने कहा कि केशुभाई ने उनके जैसे कई युवा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और उन्हें तैयार किया। उन्होंने कहा कि “उनके मिलनसार व्यवहार के चलते हर कोई उनसे प्यार करता था। उनका निधन अपूरणीय क्षति है। हम सब आज शोक में हैं। उनके परिजनों और उनके चाहने वालों के साथ मेरी संवदेनाएं हैं। भाजपा और जन संघ को मजबूत करने के लिए केशुभाई ने पूरे गुजरात का भ्रमण किया और उन्होंने आपातकाल का पुरजोर विरोध किया। किसानों के मुद्दे उनके दिल के बेहद करीब थे। मुख्यमंत्री के रूप में या सांसद या विधायक के रूप में उन्होंने किसानों के हित में कई उपाय सुनिश्चित किए।”