विवादित बयान के चलते विपक्ष के निशाने पर आई भाजपा, ब्राह्मण और बनिया समुदाय पर…

0
92

विवादित बयान के चलते एक बार फिर भाजपा पर मुसीबत छा गई है। मध्य प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महासचिव पी मुरलीधर राव (P Muralidhar Rao) के बयान के बाद भाजपा की आलोचना शुरू हो गई है। दरअसल, मुरलीधर राव ने अपने एक बयान में ब्राह्मण और बनिया समुदाय के लोगों को लेकर कई बातें कहीं जिसके कारण आज वह विपक्ष के निशाने पर हैं। मुरलीधर का कहना था कि ब्राह्मण और बनिया समुदाय के लोग उनकी ‘जेब’ में हैं। हालांकि बाद में वह अपनी बात से पलट गए और दावा किया कि विपक्षी दल ने उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। उनके इस बयान का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें उनको ये बातें कहते हुए साफ सुना जा सकता है।

सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक सम्मेलन के दौरान उनसे जनजातियों को वोट बैंक के रूप में देखे जाने पर सवाल किया गया। जिसके जवाब में उन्होंने अपनी जेब की तरफ इशारा करते हुए कहा कि “ब्राह्मण और बनिया मेरी जेब में हैं…. आपने (मीडिया के लोग) हमें ब्राह्मण और बनिया पार्टी करार दिया जब ज्यादातर कार्यकर्ता और वोट बैंक इन्हीं वर्गो से थे। भाजपा समाज के सभी वर्गों का विश्वास हासिल करने की दिशा में काम कर रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि “जब कुछ वर्गों के लोगों की संख्या अधिक थी तो लोग कहते थे कि पार्टी उनकी है. हम अपनी पार्टी में एससी/एसटी वर्ग के और लोगों को जोड़ने का काम कर रहे हैं क्योंकि उनका प्रतिनिधित्व कम है। हम सभी तक पहुंच रहे हैं और भाजपा को हर वर्ग की पार्टी बना रहे हैं। भाजपा ब्राह्मण और बनियों सहित किसी भी वर्ग को छोड़ नहीं रही है बल्कि केवल उन लोगों को शामिल कर रही है जिन्हें सही मायने में पहले छोड़ दिया गया था।” मुरलीधर राव का ये बयान भाजपा के लिए मुसीबत बन चुका है। कांग्रेस के नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उनके खिलाफ वार करना भी शुरू कर दिया। उन्होंने फिलहाल ट्विटर पर ट्वीट कर भाजपा पर हमला बोला।