उत्तराखंड में फिर तेज हुई सियासी हलचल, भाजपा को दूसरा झटका मिलने की संभावना, विधायक काऊ के साथ…

0
90

उत्तराखंड में एकबार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आते जा रहे हैं, वैसे ही राजनीतिक दलों में बदलाव भी होते जा रहे हैं। हाल ही के उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे यशपाल आर्य भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। यशपाल आर्य का कांग्रेस में शामिल होना भाजपा के लिए बड़ा झटका साबित हो रहा है। जानकारी के मुताबिक भाजपा को एक और बड़ा झटका मिलने वाला है। खबर है कि यशपाल आर्य के बाद अब राज्य की भाजपा सरकार में एक और मंत्री हरक सिंह रावत की कांग्रेस में वापसी होने वाली है।

बताया जा रहा है कि बीजेपी के विधायक उमेश काऊ के साथ हरक सिंह रावत आज दिल्ली पहुंचे हैं। दोनों की कांग्रेस में शामिल होने की पूरी संभावना है। जिस फ्लाइट से दोनों दिल्ली गए हैं उसमें कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह भी मौजूद थे। जिसको देखते हुए ये अटकलें और भी तेज हो गई हैं। गौरतलब हैं कि इससे पहले यशपाल आर्य के साथ साथ उमेश काऊ की भी कांग्रेस में शामिल होने की बात कही जा रही थी। जिसके लिए वो दिल्ली भी पहुंचे थे। लेकिन जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि “आर्य के कांग्रेस जॉइन करने के वक्त वह दिल्ली में इसलिए थे कि आर्य को मना सकें और कांग्रेस में जाने से रोक सकें।”

बता दें कि अभी तक हरक सिंह रावत ने खुद कांग्रेस में शामिल होने की कोई बात नहीं कही है। उन्होंने इन अटकलों पर कहा कि वह दिल्ली कांग्रेस में शामिल होने नहीं बल्कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बुलाने पर जा रहे हैं और फ्लाइट में संयोगवश नेता प्रतिपक्ष किसी पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने दिल्ली आए हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंप सकता है। इसी क्रम में उन्हें दिल्ली बुलाया गया है।