Home Blog Page 99

उत्तराखंड : बैंक में 1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी, कर्मचारी पर आरोप, मुकदमा दर्ज

0

हरिद्वार : हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र में स्थित एसडीएफसी बैंक की शाखा में बड़ा फ्रॉड सामने आया है। कई खाताधारकों के अकाउंट से बिना उनकी जानकारी के 1 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक की रकम का अनधिकृत लेन-देन किया गया। बैंक की आंतरिक जांच में एक कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके बाद बैंक प्रबंधन ने रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक के शाखा प्रबंधक नवल जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई ग्राहकों ने अपने खातों से हुई बड़ी रकम की निकासी पर सवाल उठाए। ग्राहकों की शिकायत पर बैंक ने तुरंत आंतरिक जांच शुरू की, जिसमें चौंकाने वाली अनियमितताएं मिलीं। जांच में एक कर्मचारी पर ही पैसे निकालने का शक गहराया।

इन खातों से निकाली गई रकम

  • विपिन कुमार के खाते से 46,94,635.
  • पूनम गुप्ता के खाते से 17 लाख.
  • कुंदन सिंह नेगी के खाते से 16 लाख.
  • महेश कुमार टोलिया के खाते से 10 लाख.
  • पूनम शर्मा के खाते से 7,12,475.
  • अनुज भटनागर के खाते से 7 लाख.
  • अंशुल शर्मा के खाते से 61,350.

खाताधारकों का कहना है कि उन्हें इन ट्रांजेक्शन की कोई जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्हें मैसेज या स्टेटमेंट के जरिए पता चला, उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क किया। रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि बैंक की शिकायत पर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक से प्राप्त दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

आरोपी कर्मचारी से पूछताछ और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों को आश्वासन दिया है कि प्रभावित खातों में गलत तरीके से निकाली गई रकम जल्द वापस की जाएगी। साथ ही पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है।

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: तीन युवकों की मौत, दो थे सगे भाई, बंद कमरे में मिले शव

0

विकासनगर : देहरादून जिले की त्यूणी तहसील के भूठ गांव में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। राजकीय हाईस्कूल की पुरानी बिल्डिंग में बने एक कमरे में तीन राजमिस्त्री मृत पाए गए। प्रथम दृष्टया मौत का कारण एलपीजी गैस रिसाव माना जा रहा है।

मृतकों की पहचान इस प्रकार है:

  • प्रकाश (35 वर्ष), पुत्र केवल राम, निवासी ग्राम डिरनाड।
  • संजय (28 वर्ष), पुत्र केवल राम, निवासी ग्राम डिरनाड (प्रकाश का सगा छोटा भाई).
  • संदीप (25 वर्ष), पुत्र जमन सिंह, निवासी ग्राम पट्यूड।

तीनों युवक पिछले काफी समय से भूठ गांव में ठेकेदारी का काम कर रहे थे और स्कूल परिसर की पुरानी बिल्डिंग के एक कमरे में ही रहते थे। नायब तहसीलदार त्यूणी सरदार सिंह ने बताया कि 7 दिसंबर को स्थानीय लोगों ने दूरभाष पर सूचना दी कि कमरे का दरवाजा सुबह से बंद है, अंदर से कोई हलचल नहीं है और रसोई गैस की तेज गंध आ रही है। सूचना मिलते ही राजस्व टीम मौके पर पहुंची। खिड़की-दरवाजा खोलकर देखा गया तो तीनों युवक बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे। उनके मुंह से झाग और लार निकली हुई थी तथा कमरे में गैस सिलेंडर से रिसाव हो रहा था।

शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी भेज दिया गया है। राजस्व पुलिस ने प्रथम दृष्टया एलपीजी गैस रिसाव से दम घुटने को मौत का कारण माना है। हालांकि सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृतक प्रकाश और संजय एक ही परिवार के थे, जिससे उनके परिजनों पर तो दोगुना दुख पहाड़ बनकर टूट पड़ा है। पुलिस और राजस्व विभाग मामले की जांच कर रहा है।

इंडिगो का परिचालन संकट बरकरार, दिल्ली-मुंबई समेत कई एयरपोर्ट पर सैकड़ों उड़ानें रद्द

0

नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस का परिचालन संकट सोमवार को भी जारी रहा। खराब मौसम, ऑपरेशनल दिक्कतों और क्रू शेड्यूलिंग की समस्या के चलते देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुईं और देरी हुईं। सबसे ज्यादा असर दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर देखने को मिला।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने सोमवार सुबह 6:30 बजे यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि इंडिगो की कई उड़ानों में देरी हो सकती है या वे रद्द हो सकती हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि हवाई अड्डे पर अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े। आज दिल्ली एयरपोर्ट से इंडिगो की कुल 134 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 75 डिपार्चर (प्रस्थान) और 59 अराइवल (आगमन) फ्लाइट्स शामिल हैं। इसी तरह बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी इंडिगो की 127 उड़ानें रद्द हुईं।

मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और चेन्नई समेत कई अन्य एयरपोर्ट्स पर भी इंडिगो की उड़ानों में व्यापक देरी और रद्दीकरण की खबरें हैं। यात्री सोशल मीडिया पर लगातार अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं। कई लोग घंटों एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं और उन्हें न तो सही जानकारी मिल पा रही है, न ही वैकल्पिक व्यवस्था।

इंडिगो की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक तकनीकी खराबी, क्रू की कमी और मौसम संबंधी चुनौतियां मुख्य वजह बताई जा रही हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे फ्लाइट स्टेटस के लिए इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप नियमित रूप से चेक करते रहें और संभव हो तो अपनी यात्रा को कुछ दिन टालने पर विचार करें।

SSC ने जारी की मेगा भर्ती: 25 हजार से अधिक पदों पर आवेदन शुरू

0

नई दिल्ली। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने वर्ष 2026 के लिए जीडी कांस्टेबल के 25,487 पदों पर बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। लंबे समय से तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। आयोग ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो 31 दिसंबर 2025 तक चलेगी।

जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक 10वीं पास उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। भर्ती केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), असम राइफल्स और एसएसएफ जैसे सुरक्षा बलों में की जानी है। कुल रिक्तियों में से पुरुषों के लिए 23,467 और महिलाओं के लिए 2,020 पद निर्धारित किए गए हैं।

भर्ती प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PST) और मेडिकल टेस्ट शामिल होंगे। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं में इस मेगा भर्ती को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। कई उम्मीदवारों का मानना है कि यह वर्ष की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक है, जो हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान करेगी।

योग्यता

  • शैक्षिक योग्यता: उम्मीदवार का 10वीं (मैट्रिक) पास होना अनिवार्य।
  • आयु सीमा: 18 से 23 वर्ष
  • SC/ST को 5 वर्ष, OBC को 3 वर्ष की छूट।
  • राष्ट्रीयता: उम्मीदवार भारतीय नागरिक होना चाहिए।

शारीरिक मानक (PST):

  • पुरुष: लंबाई 170 सेमी, निर्धारित दौड़ 5 किमी (24 मिनट)।
  • महिला: लंबाई 157 सेमी, दौड़ 1.6 किमी (8.5 मिनट)।

कहां और कैसे करें आवेदन

  • एसएससी भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
  • उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट SSC.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
  • होमपेज पर उपलब्ध “SSC GD Constable 2026 Recruitment” लिंक पर क्लिक करें।
  • नया उम्मीदवार पहले One-Time Registration (OTR) पूरा करें।
  • रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरें।
  • आवश्यक दस्तावेज—शैक्षिक प्रमाणपत्र, फोटो, हस्ताक्ष—अपलोड करें।
  • ऑनलाइन फीस का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें और प्रिंट लेकर सुरक्षित रखें।

चयन प्रक्रिया

  • चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा, शारीरिक दक्षता/मापदंड परीक्षा (PET/PST) और मेडिकल टेस्ट के आधार पर होगा।

स्मृति मंधाना और पलाश मुछाल की शादी रद्द: दोनों ने इंस्टाग्राम पर किया आधिकारिक ऐलान

0

नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना और मशहूर संगीतकार पलाश मुछाल का छह साल पुराना रिश्ता आखिरकार टूट गया। रविवार दोपहर दोनों ने लगभग एक साथ इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर शादी रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि की।

23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। 21 नवंबर को हल्दी और 22 नवंबर को मेहंदी की रस्में पूरी हो चुकी थीं। शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, रेणुका सिंह, राधा यादव जैसी टीम इंडिया की साथी खिलाड़ी भी पहुंची थीं। लेकिन शादी वाले दिन अचानक खबर आई कि स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं, जिस कारण शादी अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई। अगले ही दिन पलाश भी अस्वस्थ हो गए थे।

इसके बाद 17 दिनों तक चले सन्नाटे और सोशल मीडिया पर उड़ी अफवाहों को खत्म करते हुए स्मृति ने सबसे पहले रविवार दोपहर 1:08 बजे इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा:

“पिछले कुछ हफ्तों में मेरे निजी जीवन को लेकर काफी अटकलें लगाई गई हैं। मैं बहुत निजी इंसान हूं और इसे निजी ही रखना चाहती हूं, लेकिन मुझे स्पष्ट करना जरूरी लगा कि शादी रद्द कर दी गई है। मैं इस मामले को यहीं खत्म करना चाहती हूं और आप सबसे भी यही अनुरोध करती हूं। इस मुश्किल समय में दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें। मेरा फोकस हमेशा की तरह देश के लिए खेलने और ट्रॉफी जीतने पर रहेगा। आप सबका प्यार और सपोर्ट हमेशा मिलता रहे, इसके लिए शुक्रिया। अब आगे बढ़ने का वक्त है।”

ठीक चार मिनट बाद पलाश मुछाल ने भी लंबा पोस्ट शेयर किया:

“मैंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और निजी रिश्तों से दूरी बनाए रखने का फैसला किया है। पिछले दिनों बिना किसी आधार के फैलाई जा रही अफवाहों को देखना मेरे लिए बेहद दुखद रहा। यह मेरे जीवन का सबसे कठिन दौर है। मैं अपने विश्वासों पर कायम रहकर इससे उबरूंगा। मेरी टीम झूठी और अपमानजनक अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इस मुश्किल वक्त में साथ खड़े सभी लोगों का दिल से शुक्रिया।”

शादी टलने के बाद स्मृति ने अपने इंस्टाग्राम से शादी से जुड़ी सारी तस्वीरें डिलीट कर दी थीं, जिससे कयास और तेज हो गए थे। पलाश पर चीटिंग के आरोप तक लगे। कुछ दिन पहले पलाश वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम में मास्क लगाकर नजर आए थे, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

दोनों ने कभी रिश्ता टूटने का सटीक कारण नहीं बताया, लेकिन संयुक्त रूप से दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के प्रति सम्मान जताते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया है।

क्रिकेट फैंस और संगीत प्रेमी इस खबर से स्तब्ध हैं। स्मृति जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगी, जबकि पलाश ने कहा है कि वे अपना पूरा ध्यान संगीत और आध्यात्म पर केंद्रित रखेंगे।

दोनों ने प्रशंसकों से एक ही अपील की – उनकी निजता का सम्मान करें और अफवाहें फैलाना बंद करें।

उत्तराखंड: बैग से 512 ग्राम चरस बरामद, महिला तस्कर गिरफतार

0

चमोली: चमोली पुलिस की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति एक बार फिर रंग लाई। एसपी सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान में कोतवाली चमोली और SOG की संयुक्त टीम ने शनिवार (6 दिसंबर) को बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर 512.20 ग्राम अवैध चरस के साथ एक महिला तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा।

महिला की पहचान गौचर निवासी कुँवरी देवी (32 वर्ष), पत्नी इन्द्र मोहन के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में चरस की खेप आने वाली है। इसी इनपुट पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक अनुरोध व्यास की टीम ने क्षेत्रपाल पेट्रोल पंप से पहले स्लाइडिंग जोन के पास चेकिंग तेज कर दी।

चेकिंग के दौरान एक महिला का हाव-भाव संदिग्ध लगा। जब टीम ने उसका बैग चेक किया तो उसमें से 512.20 ग्राम उच्च क्वालिटी की चरस बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने कबूला कि चरस उसने किसी व्यक्ति से खरीदी थी और आगे ऊंचे दामों में बेचने की योजना थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उसका पूरा खेल बिगाड़ दिया।

महिला के खिलाफ कोतवाली चमोली में मुकदमा संख्या 37/2025 धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे आज न्याय जोधपुर में पेश किया जाएगा।

पिछले एक महीने में चौथी बड़ी कामयाबी

यह चमोली पुलिस की पिछले एक माह में चरस तस्करी के खिलाफ चौथी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले तीन अलग-अलग मामलों में चार तस्करों को जेल भेजा जा चुका है।

एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने टीम को बधाई देते हुए कहा, “चमोली को नशे का हब बनाने की हर कोशिश को हम नाकाम करेंगे। कोई भी तस्कर बख्शा नहीं जाएगा।”

कार्रवाई करने वाली टीम

  • प्रभारी निरीक्षक अनुरोध व्यास।
  • उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला (SOG प्रभारी)।
  • हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह।
  • कांस्टेबल बनबीर, सलमान, रविकांत।
  • महिला कांस्टेबल अंकिता।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे की तस्करी की कोई भी सूचना तुरंत 112 या नजदीकी थाने पर दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पौड़ी जिले में स्कूल-आंगनबाड़ी के समय में बदलाव

0

पौड़ी: जिला प्रशासन ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं और सर्दियों में जल्दी अंधेरा होने के खतरे को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पूरे जनपद पौड़ी गढ़वाल में दिसंबर माह के लिए सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में अस्थायी बदलाव के आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार:

  • कोई भी स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 9:15 बजे से पहले नहीं खोला जाएगा।
  • दोपहर 3:00 बजे के बाद भी कोई कक्षा या गतिविधि नहीं चलेगी।

यह निर्णय गढ़वाल वन प्रभाग की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है, जिसमें बताया गया कि सर्दियों में जंगली जानवर (खासकर गुलदार) दिन में भी सक्रिय हो रहे हैं। स्कूल आने-जाने के रास्ते संवेदनशील हो गए हैं और सुबह देर तक अंधेरा व शाम जल्दी ढलने से बच्चों पर खतरा बढ़ गया है।

जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 34(ड) के तहत यह आदेश जारी किया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को सख्त हिदायत दी गई है कि शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। अगर कहीं उल्लंघन मिला तो संबंधित संस्था प्रमुख और प्रबंधन के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों को अकेले स्कूल न भेजें और समय का विशेष ध्यान रखें। यह व्यवस्था फिलहाल पूरे दिसंबर माह तक लागू रहेगी। जनवरी में स्थिति की समीक्षा के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।

पौड़ी में मानव-वन्यजीव संघर्ष पर CM धामी सख्त, सचिव एसएन पांडेय को दो पौड़ी में कैंप करने के आदेश 

0

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जिले में गुलदार और अन्य जंगली जानवरों के लगातार हमलों से हो रही जनहानि पर गहरी चिंता जताते हुए तत्काल बड़ा एक्शन लिया है। CM ने सचिव राजस्व एवं सचिव मुख्यमंत्री एसएन पांडेय को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत पौड़ी पहुंचें और कम से कम दो दिन वहां कैंप करके जिला प्रशासन, वन विभाग और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने की ठोस और प्रभावी रणनीति तैयार करें।

शनिवार को कैम्प कार्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा, कि “लोगों की जान की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वन्य जीवों से बचाव के लिए न तो संसाधनों की कमी होने दी जाएगी और न ही कोई कोताही बर्दाश्त की जाएगी।”

मुख्यमंत्री के प्रमुख निर्देश:

  • सचिव एसएन पांडेय पौड़ी में कैंप करेंगे और सभी संबंधित पक्षों के साथ मंथन करेंगे।
  • विशेषज्ञों की सलाह ली जाए और ग्रामीणों को जागरूक करने का व्यापक अभियान चलाया जाए।
  • हमलों में मारे गए लोगों के परिजनों को तत्काल राहत राशि दी जाए।
  • घायलों का समुचित एवं निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नई रणनीति में अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों उपाय शामिल होंगे ताकि पौड़ी सहित पूरे राज्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लग सके।

पौड़ी जिले में पिछले कुछ महीनों में गुलदार के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है और दर्जनों घायल हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। CM के इस त्वरित हस्तक्षेप से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि अब जल्द ही ठोस समाधान सामने आएगा।

उत्तराखंड: गेल की मनमानी पर जिलाधिकारी का कड़ा एक्शन, सभी रोड कटिंग परमिशन रद्द

0

देहरादून :जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की कीमत चुकानी पड़ी। जिलाधिकारी सविन बंसल ने गेल (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) की सभी रोड कटिंग अनुमतियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है और आगामी दो महीने तक कंपनी को शहर में कोई भी नई रोड कटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही गंभीर अनियमितताओं के चलते कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एसडीएम कुमकुम जोशी के नेतृत्व में गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सामने आया कि गेल एजेंसी बिना अनुमति कई जगहों पर सड़कें खोद रही थी, जबकि जिन जगहों पर अनुमति थी वहां भी सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ा दी गईं।

प्रमुख अनियमितताएं जो टीम ने पकड़ीं:

  • रिस्पना-आराघर चौक, कारगी-मौथरोवाला रोड, दून यूनिवर्सिटी रोड, शिमला बाईपास सहित कई जगह बिना अनुमति रोड कटिंग।
  • जहां अनुमति थी, वहां भी बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टिव टेप और चेतावनी साइनेज तक नहीं लगाए गए।
  • रात की अनुमति लेकर दिन में खोदाई का काम।
  • सड़कों पर मलवे के बड़े-बड़े ढेर, जिससे रास्ते संकीर्ण और खतरनाक हो गए।
  • दिन-रात लगातार काम से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी।
  • टीम ने गेल के साइट प्रबंधकों को तत्काल सभी मलवा एक दिन के अंदर हटाने और सड़कों को पूरी तरह बहाल करने के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि, “जनता की जान जोखिम में डालकर कोई भी एजेंसी काम नहीं कर सकती। सुरक्षा मानकों से समझौता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

प्रशासन के इस कड़े कदम से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। लोग लंबे समय से इन खोदाई और मलवे की शिकायत कर रहे थे। अब दो महीने तक गेल को कोई नई अनुमति नहीं मिलेगी और पुरानी अनुमतियां (क्रमांक 01, 4(1), 4(2), 6(2), 7) भी रद्द कर दी गई हैं।

जिला प्रशासन ने सभी एजेंसियों को चेताया है कि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई होगी।

DGCA ने इंडिगो CEO पीटर एल्बर्स को जारी किया शो-कॉज नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब

0

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के खिलाफ नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को उसके CEO पीटर एल्बर्स और अकाउंटेबल मैनेजर व COO इसिड्रो पोरक्वेरास को शो-कॉज नोटिस जारी कर दिया। रेगुलेटर DGCA ने पिछले पांच दिनों में हुई भारी फ्लाइट कैंसिलेशन और देरी पर 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि बड़े पैमाने पर ऑपरेशनल फेलियर प्लानिंग, निरीक्षण और संसाधन प्रबंधन में गंभीर चूक दर्शाते हैं, जो एयरक्राफ्ट रूल्स 1937 और सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स का उल्लंघन है।

इस संकट ने पूरे देश में हाहाकार मचा दिया है। 1 दिसंबर से अब तक 2,700 से अधिक फ्लाइट कैंसल हो चुकी हैं, जिससे हजारों यात्री फंस गए हैं। इंडिगो का भारतीय विमानन क्षेत्र में 60% से ज्यादा मार्केट शेयर है, इसलिए इसका असर अन्य एयरलाइंस पर भी पड़ा है। शनिवार को ही बेंगलुरु में 124, मुंबई में 109, दिल्ली में 86 और हैदराबाद में 66 फ्लाइट कैंसल हुईं। कई हवाई अड्डों पर यात्रियों ने हंगामा किया, तोड़फोड़ की और रिफंड की मांग की।

FDTL नियमों की तैयारी में चूक बनी वजह

DGCA के अनुसार, समस्या की जड़ 1 नवंबर 2025 से लागू नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों की तैयारी में कमी है। इन नियमों में पायलटों की ड्यूटी घंटे, रेस्ट पीरियड और नाइट फ्लाइटिंग पर सख्ती की गई थी, लेकिन इंडिगो ने पर्याप्त क्रू प्लानिंग नहीं की। नोटिस में CEO एल्बर्स से कहा गया, “आपकी जिम्मेदारी थी कि विश्वसनीय ऑपरेशन सुनिश्चित करें, लेकिन आप अपनी ड्यूटी में विफल रहे।” पोरक्वेरास को भी इसी आधार पर नोटिस मिला है। इसके अलावा, DGCA ने फ्लाइट डिसरप्शन के कारणों की जांच के लिए चार सदस्यीय कमिटी गठित की है, जो क्रू प्लानिंग, ऑपरेशनल प्रिपेयर्डनेस और FDTL अनुपालन की कमियों का मूल्यांकन करेगी। कमिटी को दो सप्ताह में रिपोर्ट सौंपनी है।

मंत्रालय की सख्ती: रिफंड आज शाम तक

सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने शनिवार को CEO एल्बर्स के साथ ‘गंभीर बैठक’ की, जिसमें सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे। मंत्रालय ने निर्देश दिए कि सभी कैंसल फ्लाइट्स के रिफंड आज (7 दिसंबर) शाम 8 बजे तक पूरे हो जाएं। साथ ही, डिसरप्शन से बढ़े किरायों पर अस्थायी कैप लगाया गया: 7,500 से 18,000 रुपये तक, दूरी के आधार पर।

इंडिगो का बयान: नेटवर्क रीबूट, 10-15 दिसंबर तक सामान्य

इंडिगो ने कहा कि वह नेटवर्क रीबूट कर रही है। शनिवार को 1,500 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करने का लक्ष्य है, जो शुक्रवार (700 फ्लाइट्स) से दोगुना है। 95% कनेक्टिविटी बहाल हो चुकी है, 135 में से 138 डेस्टिनेशन पर उड़ानें चल रही हैं। एयरलाइन ने FDTL नियमों के लिए माफी मांगी और कहा कि 10-15 दिसंबर तक पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। हालांकि, विपक्ष ने सरकार और DGCA पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

संसदीय पैनल ने बुलाई मीटिंग

इंडिगो संकट पर संसदीय परिवहन, पर्यटन व सिविल एविएशन कमिटी ने DGCA, मंत्रालय और सभी एयरलाइंस को समन जारी किया है। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने इसे ‘मैनेजमेंट, मिनिस्ट्री और गवर्नमेंट की बड़ी फेलियर’ बताया। यह संकट इंडिगो के 20 साल के इतिहास का सबसे बड़ा है, जो पीक ट्रैवल सीजन (छुट्टियां व शादियां) में आया। यात्रियों से अपील है कि इंडिगो ऐप या हेल्पलाइन पर स्टेटस चेक करें और वैकल्पिक ट्रैवल ऑप्शन चुनें। जांच पूरी होने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत हैं।