Home Blog Page 98

उत्तराखंड : राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल दहला देने वाला हादसा, हिमाचल के बुजुर्ग की मौत

0

विकासनगर : बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात महाराजा होटल के पास तेज रफ्तार कार ने पैदल सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी थाना क्षेत्र के निवासी सलगी राम पुत्र शोभा राम (68 वर्ष) की मौत हो गई।

कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से आए 10 लोग महाराजा होटल में भोजन करके बाहर निकले थे। उनका इरादा पांवटा साहिब जाने का था। उनके दो वाहन सड़क के दूसरी ओर खड़े थे। सड़क पार करने के दौरान देहरादून की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सलगी राम को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और साथियों ने तुरंत उन्हें धर्मावाला के विवेकानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा कर दिया है। मृतक के परिजनों व साथियों की शिकायत मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा उठा दिया है।

उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हिमाचल प्रवास के लिए निकले छत्रधारी चालदा महाराज

0

उत्तराखंड के देहरादून जिले में स्थित जौनसार बावर क्षेत्र के दसऊ गांव से छत्रधारी चालदा महासू महाराज की पावन प्रवास यात्रा ने नया मोड़ लिया है। करीब ढाई वर्षों तक यहां विराजमान रहने के बाद, सोमवार 8 दिसंबर को विधि-विधान से देवता की डोली मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकाली गई। यह यात्रा हिमाचल प्रदेश की ओर प्रस्थान कर रही है, जहां देवता पहली बार पश्मी गांव के नवनिर्मित मंदिर में विराजमान होंगे।

महासू देवता जौनसार बावर की संस्कृति और आस्था का प्रतीक हैं। ये चार भाई हैं – बाशिक, पवासी, बौठा और चालदा महाराज। इनमें से चालदा महाराज सबसे छोटे हैं और हमेशा चलायमान रहते हैं। वे न्याय के देवता के रूप में पूजे जाते हैं और दूर-दूर से श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए उमड़ते हैं। देवता की प्रवास यात्रा क्षेत्र की खुशहाली, न्याय और सुरक्षा का प्रतीक मानी जाती है।

यात्रा का कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • 9 दिसंबर: दसऊ गांव में एक परिवार की बागड़ी में विश्राम।
  • 10 दिसंबर: भूपऊ गांव में एक परिवार की बागड़ी।
  • इसके बाद यात्रा आगे बढ़ेगी।
  • 13 दिसंबर: हिमाचल प्रदेश के द्राविल में बागड़ी विश्राम।
  • 14 दिसंबर: सिरमौर जिले के पश्मी गांव के नए मंदिर में विराजमान।

सोमवार को पश्मी गांव से करीब छह सौ लोग दसऊ पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें वाद्य यंत्रों, फूल-मालाओं और जयकारों से जोरदार स्वागत किया। देवता के बजीर दीवान सिंह राणा ने बताया कि यह यात्रा एक वर्ष तक हिमाचल के सिरमौर में रहेगी, उसके बाद जौनसार बावर के जगथान में लौटेंगे। शेर सिंह ने कहा कि चालदा महाराज चलायमान देवता हैं और उनकी यात्रा क्षेत्र की भलाई के लिए है।

पश्मी गांव के बजीर नरेंद्र सिंह चौहान ने खुशी जताई कि देवता पहली बार उनके गांव में आ रहे हैं। हिमाचल सरकार और ग्रामीणों ने भव्य व्यवस्था की है। मंदिर से डोली निकलते समय स्थानीय महिलाएं भावुक हो गईं। उन्होंने देवता से क्षेत्र की समृद्धि की प्रार्थना की और जयकारे लगाए। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

इंडिगो संकट लगभग खत्म, आज केवल 67 उड़ानें रद्द; 1800 से ज्यादा फ्लाइट्स बहाल, 827 करोड़ का रिफंड जारी

0

नई दिल्ली : पिछले 10 दिनों से जारी इंडिगो का फ्लाइट कैंसिलेशन संकट अब लगभग सामान्य हो चुका है। एक हफ्ते तक रोजाना सैकड़ों उड़ानें रद्द करने के बाद आज (9 दिसंबर) इंडिगो ने केवल 67 फ्लाइट्स ही रद्द की हैं। कंपनी का दावा है कि उसका नेटवर्क पूरी तरह रिकवर हो चुका है और 90% से ज्यादा उड़ानें समय पर चल रही हैं। करीब 1800 से अधिक फ्लाइट्स को फिर से बहाल कर लिया गया है।

आज रद्द हुईं प्रमुख फ्लाइट्स

  • बेंगलुरु: 58 आगमन और 63 प्रस्थान फ्लाइट्स रद्द।
  • चेन्नई और तमिलनाडु: 41 फ्लाइट्स प्रभावित।
  • तिरुवनंतपुरम (केरल): कई उड़ानें रद्द।
  • अन्य शहरों में भी सीमित कैंसिलेशन।
  • पिछले 7-10 दिनों का कुल आंकड़ा।
  • 4500 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं।
  • 827 करोड़ रुपये का रिफंड यात्रियों को जारी।
  • 9000 में से 4500 से ज्यादा गुम हुए लगेज वापस किए गए।
  • 3 से 15 दिसंबर के बीच रद्द सभी फ्लाइट्स पर पूरा रिफंड देने की घोषणा।

सरकार सख्त, स्लॉट कटौती और नई एयरलाइंस का ऐलान

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने संसद में साफ कहा है कि इंडिगो के खिलाफ जांच शुरू हो चुकी है और सख्त कार्रवाई होगी ताकि भविष्य में दूसरी एयरलाइंस के लिए सबक बने। सरकार इंडिगो के कुछ स्लॉट्स छीनकर दूसरी एयरलाइंस को देने की तैयारी कर रही है। मंत्री ने कहा, “देश को कम से कम 5 बड़ी एयरलाइंस की जरूरत है। नई एयरलाइंस शुरू करने का यह सबसे सही समय है। इंडिगो फिलहाल रोजाना 2200 से ज्यादा घरेलू उड़ानें संचालित करती है। इनकी संख्या में कटौती तय मानी जा रही है।

हालांकि ज्यादातर रूट्स पर सेवाएं बहाल हो चुकी हैं, लेकिन कई यात्री अभी भी रिफंड और गुम लगेज की समस्या से जूझ रहे हैं। एयरपोर्ट्स पर पिछले कुछ दिनों का हंगामा अब कम हुआ है, पर छोटे शहरों जैसे गोरखपुर, तिरुवनंतपुरम आदि में अभी भी परेशानी बरकरार है।

इंडिगो ने यात्रियों से धैर्य रखने और वेबसाइट/ऐप के जरिए लेटेस्ट स्टेटस चेक करने की अपील की है। कंपनी का कहना है कि अगले 24-48 घंटों में 100% नेटवर्क पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर परेड का निरीक्षण किया, जवानों के लिए कई कल्याणकारी घोषणाएं 

0

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ननूरखेड़ा स्थित होमगार्ड्स परेड ग्राउंड में 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावशाली रैतिक परेड का निरीक्षण किया तथा होमगार्ड्स जवानों की अनुशासन और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका-2025 तथा विभागीय कैलेंडर-2026 का विमोचन किया। साथ ही सेवा निवृत्त एवं दिवंगत होमगार्ड जवानों के आश्रितों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए।

जवानों के लिए प्रमुख घोषणाएँ:

  • होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को अब वर्दी भत्ता अनुमन्य होगा।
  • अंतरजनपदीय ड्यूटी पर तैनात जवानों का भोजन भत्ता ₹100 से बढ़ाकर ₹150 प्रतिदिन किया गया।
  • नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण भत्ता ₹50 से बढ़ाकर ₹140 प्रतिदिन किया गया।
  • 9,000 फीट से अधिक ऊँचाई पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड्स को पुलिस व एनडीआरएफ की तर्ज पर ₹200 प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि।
  • SDRF के साथ प्रशिक्षित होमगार्ड्स जवानों को ₹100 प्रतिदिन अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि।
  • मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड्स जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश तथा महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा भी शुरू की है।

CM धामी ने कहा कि होमगार्ड्स जवान हर मौसम और कठिन परिस्थितियों में प्रदेश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कुंभ-कांवड़ जैसे विशाल आयोजनों तथा चारधाम यात्रा में यात्रियों-पुलिस की सहायता में अहम भूमिका निभाते हैं। प्राकृतिक आपदाओं में भी ये जवान सबसे आगे रहकर राहत व बचाव कार्य करते हैं।

अंत में मुख्यमंत्री ने सभी होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को स्थापना दिवस की बधाई दी और आश्वासन दिया कि उनके कल्याण व सम्मान के लिए राज्य सरकार हरसंभव कदम उठाती रहेगी।

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड में चाह-गाडोलिया के सतीश राणा की मौत, गांव में छाया मातम

0

टिहरी : गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में शनिवार रात लगी भीषण आग में टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक के चाह-गाडोलिया गांव निवासी सतीश सिंह राणा (28) की दर्दनाक मौत हो गई। सतीश उसी नाइटक्लब में स्टाफ के रूप में कार्यरत थे। उनके शव की शिनाख्त हो चुकी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

सतीश सुरेंद्र सिंह राणा व संगीता देवी के चार संतानों में सबसे बड़े थे। दो साल पहले चंडीगढ़ से बेहतर नौकरी की तलाश में गोवा गए थे। जनवरी में वे छुट्टी लेकर घर आने वाले थे। अचानक आई बेटे की मौत की खबर से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। खेती-मजदूरी से परिवार का गुजारा करने वाले सुरेंद्र सिंह राणा और संगीता देवी बार-बार बेहोश हो जा रहे हैं।

मृतक के छोटे भाई सौरभ राणा मौत की खबर मिलते ही चंडीगढ़ से गोवा रवाना हो गए। सतीश के साथ गोवा में काम करने वाले विजेंद्र और अरविंद उनके शव को लेकर गांव के लिए निकल चुके हैं। शव आज रात 7-8 बजे तक चाह-गाडोलिया पहुंचने की उम्मीद है। कल 9 दिसंबर को पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।

खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में सतीश के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। गांव के लोग बेटे की मौत से पूरी तरह स्तब्ध हैं। गोवा अग्निकांड में अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

बेरीनाग में तेंदुए का हमला, 16 साल के किशोर को गंभीर रूप से घायल किया

0

पिथौरागढ़ : जिले में जंगली जानवरों का खौफ बढ़ता जा रहा है। बेरीनाग क्षेत्र के रीठा-रैतौली में रविवार देर शाम एक तेंदुए ने 16 वर्षीय किशोर अमित सिंह बोरा (निर्वासी ठांगा गांव) पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। वहीं थल-चौसला क्षेत्र के कई गांवों में भालू की दहशत से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है।

तेंदुए का हमला, किशोर गंभीर रूप से घायल बेरीनाग बाजार से घर लौट रहे अमित सिंह बोरा पर प्राथमिक पाठशाला ठांगा के पास अचानक तेंदुए ने हमला बोल दिया। अमित की चीख सुनकर परिजनों और आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। हमले में अमित के हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव हुए हैं। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रात भर क्षेत्र में गश्त की। लाउडस्पीकर से लोगों को शाम ढलने के बाद अकेले बाहर न निकलने, छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ने और महिलाओं को जंगल में अकेले घास काटने न जाने की चेतावनी दी गई। वन क्षेत्राधिकारी चंदा मेहरा ने बताया कि टीम को सतत गश्त के निर्देश दिए गए हैं और ग्रामीणों से घरों के आसपास झाड़ियां साफ करने तथा शाम के समय प्रकाश की व्यवस्था करने की अपील की जा रही है।

थल-चौसला क्षेत्र में भालू का आतंक इधर, थल-चौसला के भटीगांव, हीपा, दड़मौली, अधौली, लेपार्थी, अडखेत समेत कई गांवों में भालू के लगातार दिखाई देने से दहशत का माहौल है। भालू फसलों के साथ-साथ मालटा और संतरे के बगीचों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि भालू की वजह से महिलाएं पशुओं को चराने और घास काटने जंगल जाना बंद कर चुकी हैं।

हाल ही में चौसला की कला कार्की और सरिता कार्की पांखू से लौटते समय चन्याथी जंगल में भालू से सामना हो गया। शोर मचाने पर भालू पहाड़ी की ओर भाग निकला। भाटीगांव निवासी मनोज पाठक और देवराज रौतेला ने बताया कि भालू ने उनके फलों के पेड़ों को भारी क्षति पहुंचाई है।

वन विभाग ने भालू के आतंक की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वन बीट अधिकारी की अगुवाई में टीम को भटीगांव-चौसला क्षेत्र में भेज दिया है। टीम ग्रamiणों को जागरूक करने के साथ-साथ भालू की मॉनिटरिंग कर रही है।ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र दोनों खतरनाक जानवरों को पकड़ने या जंगल के गहरे हिस्सों में खदेड़ने की गुहार लगाई है। क्षेत्र में लगातार बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

धुरंधर ने मचाया धमाल! तीन दिन में भारत में 103 करोड़, विश्वभर में 140 करोड़ के करीब पहुंची कमाई

0

नई दिल्ली : रणवीर सिंह स्टारर एक्शन थ्रिलर धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा दिया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह साढ़े तीन घंटे की मेगा-बजट फिल्म रिलीज़ के पहले ही वीकेंड में सुपरहिट साबित हो चुकी है। दर्शकों और क्रिटिक्स से मिल रही जबरदस्त तारीफ के बीच फिल्म ने भारत में 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है और ग्लोबल कलेक्शन 200 करोड़ के बहुत करीब पहुंच गया है।

तीन दिन का शानदार बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (भारत नेट कलेक्शन)

  • दिन 1 (शुक्रवार): 28 करोड़.
  • दिन 2 (शनिवार): 32 करोड़ (14% ग्रोथ).
  • दिन 3 (रविवार): 42-43 करोड़ (अर्ली अनुमानित).

कुल (भारत नेट): 102-103 करोड़

विश्वव्यापी कमाई (ग्रॉस)

सैकनिल्क और ट्रेड अनुमानों के अनुसार, धुरंधर ने तीन दिनों में दुनिया भर में लगभग ₹138-142 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। ओवरसीज़ मार्केट में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार कहानी, शानदार एक्शन सीक्वेंस और रणवीर सिंह सहित पूरे स्टारकास्ट का धमाकेदार परफॉर्मेंस है। 6 साल बाद निर्देशन में वापसी कर रहे आदित्य धर की यह फिल्म दर्शकों को थिएटर से बांधे रखने में पूरी तरह कामयाब रही है।

ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि सोमवार को भी फिल्म अच्छा बिजनेस करेगी और पहले हफ्ते में 170-180 करोड़ (भारत नेट) का आंकड़ा छू सकती है। अगर वर्ड-ऑफ-माउथ इसी तरह मजबूत रहा तो धुरंधर साल 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनने की राह पर है। बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर का यह धमाकेदार प्रदर्शन एक बार फिर साबित करता है कि कंटेंट किंग है और दर्शक बड़े पर्दे के लिए बेताब हैं!

रोमियो लेन नाइटक्लब मालिक गिरफ्तार, अब तक 25 लोगों की हो चुकी मौत

0

नई दिल्ली: गोवा के उत्तर जिले के अरपोरा इलाके में शनिवार रात ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में लगी भयानक आग के मामले में पुलिस ने मालिक सौरभ लूथरा और उनके भाई गौरव लूथरा के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का एफआईआर दर्ज कर लिया है। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर स्टाफ सदस्य और कुछ पर्यटक शामिल हैं। सौरभ लूथरा, जो रोमियो लेन चेन के चेयरमैन हैं। गोवा स्थित रोमियो लेन नाइट क्लब के मालिक सौरभ लूथरा को गोवा पुलिस ने उत्तरी जिला के सब्जी मंडी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइंस इलाके में भी इसका रोमियो लेन नाम से रेस्तरां है।

घटना के बाद पुलिस ने अब तक क्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोडक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और ऑपरेशंस मैनेजर भारत सिंह समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अरपोरा-नागोआ पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, क्योंकि उन्होंने 2013 में क्लब को ट्रेड लाइसेंस जारी किया था।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में आग का कारण बेसमेंट में सिलेंडर विस्फोट या डांस फ्लोर पर फायरवर्क्स बताया जा रहा है। क्लब में संकरी निकासी के रास्ते, अपर्याप्त वेंटिलेशन और अवैध निर्माण की वजह से हादसा इतना भयावह हो गया। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को भी संकरी गलियों के कारण 400 मीटर दूर से पानी की सप्लाई करनी पड़ी।

सौरभ लूथरा के बारे में: गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर से रेस्टोरेटर बने सौरभ लूथरा रोमियो लेन चेन के संस्थापक हैं, जो दिल्ली के सिविल लाइंस में रेस्तरां के रूप में शुरू हुआ और अब 22 शहरों व चार देशों में फैला है। उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वे ‘बर्च’, ‘मामा’स बुओई’ और ‘बीइंग जीएस प्राइवेट लिमिटेड’ के भी चेयरमैन हैं। उन्हें 2016 से कई अवॉर्ड्स मिल चुके हैं, लेकिन एक्टिविस्ट्स का आरोप है कि वे अपने वेंचर्स से दूर रहते हैं और ऑपरेशंस पर नजर नहीं रखते।

सरपंच रोशन रेडकर ने बताया कि सौरभ और उनके पार्टनर के बीच विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत पंचायत को मिली थी। जांच में पाया गया कि क्लब का निर्माण बिना अनुमति के किया गया था। घटना के बाद रोमियो लेन के वागाटोर आउटलेट को भी सील कर दिया गया है। पुलिस ने लूथरा भाइयों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। मृतकों के शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं, जबकि घायलों का इलाज चल रहा है नहीं कर रहे।

जनरल बिपिन रावत की चतुर्थ पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि

0

देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के कनक चौक पार्क में भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उनकी चतुर्थ पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने जनरल रावत के अतुलनीय साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना को याद किया। उन्होंने उन्हें उत्तराखंड का गौरव और पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। श्री धामी ने कहा कि जनरल बिपिन रावत का जीवन देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का जीवंत उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को हमेशा देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सेवारत जवानों और आम नागरिकों के साथ मुख्यमंत्री ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने शहीदों के सम्मान और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति राज्य सरकार की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

जनरल बिपिन रावत का 8 दिसंबर 2021 को तमिलनाडु के कूनूर में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित निधन हो गया था। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के सैण गांव के निवासी जनरल रावत भारतीय सेना के परमवीर चक्र विजेता के पुत्र थे और देश की रक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।

उत्तराखंड : बैंक में 1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी, कर्मचारी पर आरोप, मुकदमा दर्ज

0

हरिद्वार : हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र में स्थित एसडीएफसी बैंक की शाखा में बड़ा फ्रॉड सामने आया है। कई खाताधारकों के अकाउंट से बिना उनकी जानकारी के 1 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक की रकम का अनधिकृत लेन-देन किया गया। बैंक की आंतरिक जांच में एक कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके बाद बैंक प्रबंधन ने रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक के शाखा प्रबंधक नवल जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई ग्राहकों ने अपने खातों से हुई बड़ी रकम की निकासी पर सवाल उठाए। ग्राहकों की शिकायत पर बैंक ने तुरंत आंतरिक जांच शुरू की, जिसमें चौंकाने वाली अनियमितताएं मिलीं। जांच में एक कर्मचारी पर ही पैसे निकालने का शक गहराया।

इन खातों से निकाली गई रकम

  • विपिन कुमार के खाते से 46,94,635.
  • पूनम गुप्ता के खाते से 17 लाख.
  • कुंदन सिंह नेगी के खाते से 16 लाख.
  • महेश कुमार टोलिया के खाते से 10 लाख.
  • पूनम शर्मा के खाते से 7,12,475.
  • अनुज भटनागर के खाते से 7 लाख.
  • अंशुल शर्मा के खाते से 61,350.

खाताधारकों का कहना है कि उन्हें इन ट्रांजेक्शन की कोई जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्हें मैसेज या स्टेटमेंट के जरिए पता चला, उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क किया। रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि बैंक की शिकायत पर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक से प्राप्त दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

आरोपी कर्मचारी से पूछताछ और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों को आश्वासन दिया है कि प्रभावित खातों में गलत तरीके से निकाली गई रकम जल्द वापस की जाएगी। साथ ही पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है।