Home Blog Page 97

गोवा नाइटक्लब आग कांड के आरोपी लूथरा बंधु थाईलैंड भागे, अग्रिम जमानत की अर्जी

0

नई दिल्ली :  गोवा के वागाटोर बीच पर ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में पिछले हफ्ते लगी भयानक आग से 25 लोगों की मौत के मामले में मालिक लूथरा बंधुओं ने दिल्ली की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है। सेशंस कोर्ट में आज इस मामले की सुनवाई होने की संभावना है। दोनों भाइयों सौरभ और उनके भाईकी लीगल टीम के एक वकील ने इसकी पुष्टि की है।

मामले ने तब तूल पकड़ा जब दोनों आरोपी भाई घटना के तुरंत बाद मुंबई से इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट लेकर रविवार तड़के भारत छोड़कर थाईलैंड के फुकेट भाग गए। गोवा पुलिस ने 7 दिसंबर को उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने के बाद सीबीआई के जरिए इंटरपोल को सूचित किया। इंटरपोल ने तत्काल थाईलैंड की सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क साधा और दोनों की लोकेशन, पहचान व गतिविधियों की जानकारी मांगी।

ब्लू नोटिस जारी, फुकेट पुलिस को हिरासत का निर्देश

इंटरपोल ने लूथरा बंधुओं के खिलाफ ‘ब्लू नोटिस’ भी जारी कर दिया है, जो आरोपियों की तलाश, लोकेशन ट्रैकिंग और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए होता है। नोटिस में फुकेट पुलिस को निर्देश दिया गया है कि दोनों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर हिरासत में लें और गोवा पुलिस को सूचित करें। सूत्रों के अनुसार, थाईलैंड पुलिस दोनों की तलाश में सक्रिय है।

बीच पर बनी झोपड़ी पर बुलडोजर चलेगा

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कई रिपोर्ट्स में कहा है कि नाइटक्लब चलाने वाले लूथरा भाइयों की बीच पर बनी अवैध झोपड़ी को जल्द गिराया जाएगा। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वागाटोर में स्थित ‘रोमियो लेन’ रेस्टोरेंट—जो कथित तौर पर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना था—को सील कर दिया गया है। अब इसे बुलडोजर से ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। आग की चपेट में आकर नाइटक्लब सहित आसपास की संरचनाएं बर्बाद हो गईं, जिससे करोड़ों का नुकसान हुआ।

मैनेजर भरत कोहली गिरफ्तार, लाइसेंस उसके नाम पर

गोवा पुलिस ने सोमवार सुबह पंजाबी बस्ती, सब्जी मंडी से नाइटक्लब के मैनेजर भरत कोहली को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, भरत सौरभ लूथरा की कार भी चलाता था, जबकि उसके पिता सौरभ के पिता की गाड़ी ड्राइव करते थे। सूत्रों का कहना है कि सौरभ लूथरा ने गोवा में भरत के नाम पर ही कुछ क्लबों के लाइसेंस ले रखे थे। इसलिए नाइटक्लब के ऑपरेशनल कामकाज की जिम्मेदारी भरत को सौंपी गई थी। पूछताछ में भरत से आग लगने के कारणों और सुरक्षा लापरवाही पर सवाल किए जा रहे हैं।

जांच तेज, जनहानि पर सवाल

इस हादसे में 25 लोगों की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया है। आग बुझाने में देरी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं। गोवा पुलिस के अलावा एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें जांच में जुटी हैं। लूथरा बंधुओं के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज हो चुकी है, जबकि अदालत में उनकी अग्रिम जमानत पर फैसला आज तय होगा।

बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद पर आज सुप्रीम फैसला, पूरा इलाका छावनी में तब्दील

0

हल्द्वानी : उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की करीब 29 हेक्टेयर जमीन पर चले लंबे विवाद पर आज सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक सुनवाई होने जा रही है। इस मामले से सीधे तौर पर करीब 4365 मकानों में रहने वाली लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित है। पिछले साल अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई बड़े पैमाने पर हिंसा की यादें ताजा होने के कारण जिला एवं पुलिस प्रशासन ने कोई रिस्क नहीं लिया है। पूरे बनभूलपुरा क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

आज दोपहर बाद होगी सुनवाई, फैसला भी संभव

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस दीपांकर दत्ता की बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी। पहले यह सुनवाई 2 दिसंबर को होनी थी, लेकिन समयाभाव के कारण इसे आज के लिए टाल दिया गया था। याचिका से जुड़े पक्षकार मंगलवार को ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। सूत्रों के अनुसार आज ही मामले में अंतिम फैसला भी आ सकता है।

क्या है पूरा मामला?

रेलवे का दावा है कि बनभूलपुरा की गफूर बस्ती, इंदिरा नगर, नई बस्ती एवं रेलवे पटरी से सटे इलाकों में करीब 29 हेक्टेयर जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा कर मकान बना लिए हैं। वहीं स्थानीय लोग कहते हैं कि वे पिछले 40-50 साल से यहां रह रहे हैं और उनके पास पुराने दस्तावेज भी हैं।

2022 में हल्द्वानी निवासी रविशंकर जोशी की जनहित याचिका पर नैनीताल हाईकोर्ट ने रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश दिए थे। इसके खिलाफ स्थानीय लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। फरवरी 2024 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भयंकर हिंसा हुई थी, जिसमें 6 लोग मारे गए थे और दर्जनों घायल हुए थे।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, 800 से अधिक जवान तैनात

  • क्षेत्र में करीब 800 पुलिसकर्मी एवं अधिकारी तैनात.
  • 3 एएसपी, 4 सीओ, 12 थानाध्यक्ष/इंस्पेक्टर, 45 एसआई/एएसआई, 400 कांस्टेबल.
  • पीएसी की तीन कंपनियां.
  • फायर ब्रिगेड की 4 यूनिट, टीयर गैस यूनिट, ड्रोन निगरानी.
  • सभी प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग, सिर्फ लोकल आईडी पर एंट्री.
  • सुबह 6 बजे से बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित.
  • गौला बाईपास से डायवर्ट किया गया ट्रैफिक.

20 और लोगों को किया पाबंद, इमाम मोहम्मद आसिम भी शामिल

बिलाली मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद आसिम सहित 20 लोगों को मंगलवार देर शाम निजी मुचलके पर पाबंद किया गया। इससे पहले 1 दिसंबर को 121 लोगों को पाबंद किया गया था। पुलिस के अनुसार मौलाना की क्षेत्र में अच्छी पकड़ है और उनके कहने पर भीड़ जुट सकती है। इसके अलावा बनभूलपुरा हिंसा के कुछ आरोपी सहित 15 संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया गया है।

स्कूल-कॉलेज से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम तक बंद

  • बनभूलपुरा क्षेत्र के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल-कॉलेज बुधवार को बंद.
  • गौलापार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी खिलाड़ियों के लिए बंद.
  • बसों से आने वाले बच्चों के स्कूलों में भी अवकाश.

प्रशासन की अपील – शांति बनाए रखें

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अपील की है, “सुप्रीम कोर्ट के किसी भी फैसले का सभी लोग सम्मान करें। कानून-व्यवस्था बनाए रखें। अफवाहें न फैलाएं और न ही कोई गलत बयानबाजी करें। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर है। खुफिया तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय है और क्षेत्र के माहौल पर पैनी नजर रखी जा रही है। आज पूरा बनभूलपुरा क्षेत्र सांसें थामे सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून-व्यवस्था से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खाटू श्याम जा रहे तीर्थयात्रियों की बस ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 28 घायल

0

सीकर/जयपुर : राजस्थान के सीकर जिले में जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जम्मू की माता वैष्णो देवी यात्रा पूरी कर खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रही तीर्थयात्रियों से भरी स्लीपर बस फतेहपुर के पास विपरीत् दिशा से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हो गए। घायलों में से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 11 बजे हुआ। बस में लगभग 50 तीर्थयात्री सवार थे, जो वैष्णो देवी से दर्शन कर लौटे थे और अब खाटू श्याम जी मंदिर जा रहे थे। अधिकांश यात्री बस के अंदर सो रहे थे, इसलिए टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई।

फतेहपुर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार ने बताया, “हाद्य तेल से लदा ट्रक अचानक बस के सामने आ गया। बस चालक ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण बस ट्रक से जा टकराई। तीन यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।”

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को पहले फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में गंभीर घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया।

मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता राशि देने की भी घोषणा की गई है।

अब घर बैठे ऑनलाइन बनेंगे राशन कार्ड

0

देहरादून : प्रदेश में राशन कार्ड बनवाने की पूरी प्रक्रिया नए साल से पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएगी। साथ ही राशन विक्रेताओं का भुगतान और बिलिंग सिस्टम भी डिजिटल किया जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया।

बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि राशन कार्ड बनाने में आने वाली शिकायतों और विसंगतियों को दूर करने के लिए आवेदन से लेकर सत्यापन तक सब कुछ ऑनलाइन होगा। उन्होंने कहा कि नया राशन कार्ड बनाते समय सिर्फ आवेदन की तारीख को आधार नहीं बनाया जाए, बल्कि सबसे ज्यादा जरूरतमंद को प्राथमिकता दी जाए। विकलांग, तलाकशुदा, परित्यक्ता, अनाथ और मानसिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को सबसे पहले राशन कार्ड जारी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने बताया कि राशन डीलरों का मई तक का लाभांश सभी जनपदों में दे दिया गया है और जून-जुलाई-अगस्त का तीन महीने का बकाया लाभांश अगले 2-3 दिन में उनके खातों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।

धान खरीद के मामले में रेखा आर्या ने कहा कि इस साल केंद्र के लक्ष्य के मुकाबले 98% धान की खरीद हो चुकी है। शेष किसानों की फसल भी MSP पर खरीदने के लिए केंद्र सरकार से लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया जा रहा है।

बैठक में खाद्य सचिव एल फैनई, खाद्य आयुक्त रणवीर सिंह चौहान, अपर आयुक्त पीएस पांगती तथा राशन डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधार बृजवासी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड :12 लाख की धोखाधड़ी में बड़ा खुलासा, 50 हजार का इनामी आरोपी मुम्बई से गिरफ्तार

0

हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की CID-आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सात वर्ष पुराने धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड धोखाधड़ी कांड में बड़ी सफलता हासिल की है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अनिल कुमार तिवारी को पुलिस ने रविवार को मुम्बई के कल्याण (ठाणे) क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

यह मामला 2018 का है जब ज्वालापुर स्थित धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड कंपनी ने हरिद्वार के सैकड़ों निवेशकों से RD और फिक्स्ड डिपॉजिट के नाम पर ऊंचा ब्याज देने का लालच देकर करीब 12.26 लाख रुपये की ठगी की थी। कंपनी ने बॉन्ड/सर्टिफिकेट जारी किए, लेकिन मैच्योरिटी पर न तो पैसा लौटाया और न ही ब्याज दिया।

कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज होने के बाद विवेचना CID-EOW को सौंपी गई। जांच में कंपनी के MD अनिल कुमार तिवारी (कानपुर निवासी) और COO देवेंद्र प्रकाश तिवारी की संलिप्तता पाई गई। दोनों पर धारा 406/420/120B IPC के साथ-साथ उत्तरांचल निक्षेपक हित संरक्षण अधिनियम-2005, चिटफंड अधिनियम और RBI एक्ट की धाराएं भी लगाई गईं।

दोनों भाइयों पर अपर पुलिस महानिदेशक ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पिछले सात साल से फरार चल रहे अनिल कुमार तिवारी को CID टीम ने मुखबिर की सूचना पर 7 दिसंबर 2025 को कल्याण (पूर्व), मुम्बई से दबोच लिया। ठाणे कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे हरिद्वार लाया जा रहा है। उसका भाई देवेंद्र प्रकाश तिवारी अभी भी फरार है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक वेद प्रकाश थपलियाल, उप निरीक्षक सुरेश स्नेही, आरक्षी करमवीर सिंह और चालक आरक्षी मनोज कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार अभियुक्त अनिल तिवारी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी 9 अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। शीघ्र ही दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी गई है।

देहरादून नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस पर सीएम धामी ने 46 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण किया

0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और शहर को बड़ी सौगात देते हुए कुल 46 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार देहरादून को विश्वस्तरीय स्मार्ट सिटी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शहर में निम्नलिखित प्रमुख योजनाओं के तहत तेजी से कार्य हो रहा है :

  • स्वच्छ भारत मिशन (अर्बन)
  • स्मार्ट सिटी मिशन
  • अमृत मिशन 2.0
  • प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना
  • प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)
  • ओडीएफ++ एवं खुले में शौच मुक्त अभियान
  • लीगेसी वेस्ट मैनेजमेंट
  • रिन्यू रिस्पना अभियान
  • नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP)

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन योजनाओं के अंतर्गत देहरादून में 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएँ चल रही हैं। इनमें आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, 35 नए पार्क, केदारपुरम में योगा थीम आधारित सबसे बड़ा पार्क, वीर स्मृति पार्क, 50 हजार वर्ग मीटर से अधिक हरित क्षेत्र, 30 इलेक्ट्रिक बसें, 11 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, रिस्पना-बिंदाल पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड तथा भूमिगत पार्किंग शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निम्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया :

  1. किरसाली चौक से सहस्त्रधारा क्रॉसिंग सड़क-फुटपाथ विकास एवं सौंदर्यीकरण – ₹264.21 लाख
  2. मोथरोवाला में गैस आधारित पशु शवदाह गृह – ₹147.89 लाख
  3. कैनाल रोड (लक्जूरिया फार्म से अजंता होटल) सड़क-फुटपाथ एवं ग्रीनरी – ₹247.58 लाख
  4. कुठाल गेट से राजपुर चौक सड़क-फुटपाथ एवं सौंदर्यीकरण – ₹257.67 लाख
  5. घंटाघर से आरटीओ चौक सड़क-फुटपाथ – ₹165.84 लाख
  6. घंटाघर से यमुना कॉलोनी सड़क-फुटपाथ – ₹193.11 लाख
  7. विवेकानंद चौक से कुठाल गेट सड़क-फुटपाथ – ₹234.79 लाख

लोकार्पण की गई प्रमुख परियोजनाएँ :

  • मैकेनाइज्ड स्मार्ट कार पार्किंग – ₹3.29 करोड़
  • राजपुर रोड पार्किंग – ₹1.00 करोड़
  • धोरण में मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन – ₹6.29 करोड़
  • आईटी पार्क रोड (वार्ड-60) में पार्क विकास – ₹116.75 लाख
  • नगर निगम की कॉफी टेबल बुक, डायरी व ई-ऑफिस का भी अनावरण किया गया।

कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

असिस्टेंट प्रोफेसर्स को सौंपे नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड से चयनित 142 असिस्टेंट प्रोफेसर्स को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने नव नियुक्त प्रोफेसर्स को बधाई देते हुए कहा कि ये नियुक्तियाँ प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र को नई ताकत देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा, आप सभी से अपेक्षा है कि छात्रों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, मानवता और सेवा भावना भी सिखाएँ ताकि वे कुशल चिकित्सक के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनें।

आयुष्मान भारत योजना के तहत बड़ा लाभ श्री धामी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 61 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी हो चुके हैं। इस योजना से लगभग 17 लाख मरीजों का 3,300 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस इलाज हो चुका है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज का लक्ष्य मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज हो।

  • अभी तक 5 मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुके हैं।
  • 2 और मेडिकल कॉलेजों का निर्माण तेजी से चल रहा है।
  • देहरादून, हल्द्वानी व श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर-स्पेशियलिटी विभाग स्थापित।
  • हल्द्वानी में प्रदेश का पहला आधुनिक कैंसर संस्थान बन रहा है।
  • हेली एम्बुलेंस सेवा सुदूर क्षेत्रों में जीवनरक्षक साबित हो रही है।
  • सभी सरकारी अस्पतालों में पैथोलॉजी जांचें निःशुल्क।
  • टेलीमेडिसिन से दूरस्थ गाँवों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह मिल रही है।

स्टाफ भर्ती में पारदर्शिता और तेजी मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्तियों में धांधली आम थी, लेकिन अब देश के सबसे सख्त नकल-विरोधी कानून के कारण सभी चयन पूरी तरह मेरिट आधारित हो रहे हैं।

  • आज 142 असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त।
  • 356 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
  • 1248 नर्सिंग अधिकारी व 170 टेक्नीशियन पहले ही नियुक्त।
    600 और नर्सिंग अधिकारियों का चयन जल्द पूरा होगा।
  • अब तक 27,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है।

मेडिकल शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दी जानकारी कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अभी 62% स्थायी फैकल्टी है, जल्द यह आंकड़ा और बढ़ेगा।

  • पिथौरागढ़ व रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का 70% कार्य पूरा, अगले सत्र से शुरू हो जाएंगे।
  • वर्तमान में 625 एमबीबीएस व 256 पीजी छात्र पढ़ रहे हैं।
  • प्रदेश में 14,000 से अधिक छात्र-छात्राएँ हर साल नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं।
  • हाल ही में भर्ती 3000 नर्सिंग स्टाफ में 100% उत्तराखण्ड के युवा हैं।
  • 32 लाख लोगों की निःशुल्क जांच हुई, 350 मरीजों को एयर एम्बुलेंस से रेफर किया गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जहाँ कहीं भी रिक्तियाँ हैं, उन्हें शीघ्रता से पारदर्शी प्रक्रिया से भरा जाएगा ताकि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ और मजबूत हों तथा आम जनता को बेहतर इलाज मिल सके।

गोवा अग्निकांड: पौड़ी गढ़वाल के सुमित नेगी की दर्दनाक मौत, गांव में कोहराम

0

पौड़ी गढ़वाल। गोवा के एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग ने पाबौ ब्लॉक के छानी गांव के 31 वर्षीय सुमित नेगी की जिंदगी छीन ली। सुमित अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और महज 8 महीने की मासूम बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गए। हादसे की खबर रविवार देर शाम गांव पहुंचते ही मातम पसर गया।

सुमित पिछले तीन महीने से गोवा के होटल में नौकरी कर रहे थे और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। इस त्रासदी में उत्तराखंड के चार अन्य युवक जितेंद्र सिंह, मनीष सिंह, सतीश सिंह और सुरेंद्र सिंह भी जिंदगी की जंग हार गए। ये सभी नाइट क्लब में कर्मचारी थे। हादसे में दिल्ली से घूमने गए चार पर्यटकों समेत कुल 9 लोगों की मौत हुई।

परिजनों और ग्रामीणों के लगातार प्रयास और राज्य सरकार की पहल से सुमित का पार्थिव शरीर गोवा से दिल्ली विमान से और फिर एम्बुलेंस से हरिद्वार लाया गया। हरिद्वार में ही पूरे विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीन भाइयों में सबसे छोटे और परिवार के चहेते सुमित के जाने से घर और गांव में गम का माहौल है। गांव वाले कह रहे हैं, “हमारा बेटा चला गया, अब उसकी आठ महीने की बेटी बाप के बिना बड़ी होगी।

उत्तराखंड : सुअर का मीट और कच्ची गोभी खाने से आंख में पहुंच गया खतरनाक परजीवी, डॉक्टरों ने दी चेतावनी

0

हल्द्वानी। डॉ. सुअर का कच्चा या अधपका मीट और बिना धुली कच्ची गोभी-सब्जियां खाने की आदत आपकी आंखों की रोशनी छीन सकती है। सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग में हाल ही में ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें मरीज की आंख में “ऑक्यूलर सिस्टीसर्कोसिस” नाम का खतरनाक परजीवी (लार्वा) मिला।

नेत्र रोग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रतीक कौल ने बताया कि जमरानी बांध क्षेत्र का एक मरीज अचानक आंखों में धुंधलापन और दृष्टि कम होने की शिकायत लेकर ओपीडी पहुंचा। जांच में पता चला कि उसकी आंख के अंदर टीनिया सोलियम (सूअर का फीताकृमि) का लार्वा पहुंच गया था, जिसे ऑक्यूलर सिस्टीसर्कोसिस कहते हैं। यह परजीवी आंख में सिस्ट बनाकर रेटिना को नुकसान पहुंचाता है और अनदेखी करने पर स्थायी अंधापन तक हो सकता है।

डॉक्टर ने बताया कि यह संक्रमण कैसे होता है:

  • सुअर का कच्चा या अधपका मीट खाने से.
  • कच्ची गोभी, सलाद या बिना अच्छी तरह धुली सब्जियां खाने से.
  • इनमें मौजूद परजीवी के सूक्ष्म अंडे पेट में पहुंचते हैं, फिर खून के जरिए आंख, दिमाग और शरीर के अन्य हिस्सों में फैल जाते हैं.

मुख्य लक्षण

  • आंखों में लगातार दर्द या सूजन.
  • चीजें दो-दो दिखना.
  • पलकें अपने आप नीचे झुकना.
  • अचानक धुंधलापन या दृष्टि कम होना.

डॉ. कौल के अनुसार, भारत में हर 1000 में से लगभग एक व्यक्ति को जीवन में कभी न कभी यह संक्रमण हो सकता है। अगर समय पर पता चल जाए तो दवाओं और सर्जरी से इलाज संभव है।

बचाव के आसान उपाय

  • सब्जियां और फल अच्छी तरह धोकर या छिलकर खाएं.
  • मीट को पूरी तरह पकाकर ही खाएं.
  • सलाद और कच्ची गोभी बाहर खाने से बचें.
  • बार-बार आंखों को छूने की आदत छोड़ें.
  • हमेशा साफ-सुथरा भोजन करें.

डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि छोटी-सी लापरवाही आंखों की रोशनी हमेशा के लिए छीन सकती है। संदेह होने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें।

उत्तराखंड : राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल दहला देने वाला हादसा, हिमाचल के बुजुर्ग की मौत

0

विकासनगर : बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात महाराजा होटल के पास तेज रफ्तार कार ने पैदल सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी थाना क्षेत्र के निवासी सलगी राम पुत्र शोभा राम (68 वर्ष) की मौत हो गई।

कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से आए 10 लोग महाराजा होटल में भोजन करके बाहर निकले थे। उनका इरादा पांवटा साहिब जाने का था। उनके दो वाहन सड़क के दूसरी ओर खड़े थे। सड़क पार करने के दौरान देहरादून की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सलगी राम को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और साथियों ने तुरंत उन्हें धर्मावाला के विवेकानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा कर दिया है। मृतक के परिजनों व साथियों की शिकायत मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा उठा दिया है।