Home उत्तराखंड आशा, आउटसोर्स और स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी घोषित करने की उठी...

आशा, आउटसोर्स और स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी घोषित करने की उठी मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा 17 सूत्रीय मांगपत्र

0
6

देहरादून। न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये घोषित करने, आशा कार्यकर्ताओं समेत सभी स्कीम वर्कर्स और आउटसोर्स कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को देहरादून में मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (ऐक्टू) के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मजदूरों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मियों और आउटसोर्स कर्मचारियों ने भागीदारी की।

प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशन से जुलूस निकाला, जो गांधी पार्क पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए ऐक्टू के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड राजीव डिमरी ने केंद्र और राज्य सरकार पर मजदूर विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों का वादा करने वाली केंद्र सरकार की नीतियों से आम जनता को बेरोजगारी, कम वेतन और महंगाई का सामना करना पड़ रहा है, जबकि पूंजीपतियों को लगातार राहत दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियों के साथ उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार भी मजदूरों के हितों की अनदेखी कर रही है।

IMG 20261123 WA0001

राजीव डिमरी ने कहा कि मजदूर वर्ग और उनकी यूनियनें सरकार से 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन घोषित करने की मांग कर रही हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने चार श्रम संहिताओं को मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि इनके जरिए श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। आशा कार्यकर्ताओं सहित सभी स्कीम वर्कर्स और आउटसोर्स कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी घोषित करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिकों से स्थायी कर्मचारियों के समान काम लेकर उन्हें समान वेतन और सुविधाएं नहीं देना अन्याय है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की स्थिति में बदलाव संघर्ष से ही संभव है और ऐक्टू इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की कामगार आबादी अपनी बदहाली का जवाब बदलाव की लहर से देगी।

मजदूरों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के अधिकारों पर हमले का आरोप

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के उत्तराखंड राज्य सचिव कॉमरेड इंद्रेश मैखुरी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सत्ता लूट, झूठ और फूट की राजनीति के सहारे शासन चला रही है तथा मजदूरों, महिलाओं, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है। उन्होंने पीआरडी कार्मिकों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए हरिद्वार में मजदूर नेताओं को जिला बदर करने के फैसले को भी अनुचित बताया। उन्होंने सरकार से इस फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की।

वादे पूरे नहीं होने तक सरकार पर भरोसा नहीं : दिनेश तिवारी

सभा की अध्यक्षता कर रहे ऐक्टू के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड दिनेश तिवारी ने कहा कि यदि सरकार मजदूरों के लिए 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन घोषित नहीं करती है तो मजदूर इस सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के मुद्दे पर कहा कि वर्ष 2021 में खटीमा घोषणा के तहत किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया गया है। यह सरकार की उदासीनता और मनमाने रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार अपने वादों को धरातल पर लागू नहीं करती, तब तक मजदूर वर्ग को उस पर भरोसा नहीं होगा।

कार्यक्रम का संचालन ऐक्टू के प्रदेश महामंत्री कॉमरेड केके बोरा ने किया। सभा के अंत में मुख्यमंत्री के नाम 17 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। साथ ही सर्वसम्मति से मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान चलाने का प्रस्ताव पारित किया गया। मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आगामी चुनाव में धामी सरकार और भाजपा के खिलाफ राजनीतिक गोलबंदी करने का भी ऐलान किया गया।

प्रदेशभर से पहुंचे मजदूर और कर्मचारी

प्रदर्शन में धारचूला से लेकर ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, हरिद्वार और देहरादून समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रमिकों ने भाग लिया। इनमें आशा कार्यकर्ता, औद्योगिक मजदूर, एनएचपीसी के श्रमिक, आउटसोर्स कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, भोजनमाता और निर्माण मजदूर शामिल रहे।

इस दौरान ऐक्टू के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं किसान नेता कैलाश पांडे, आइसा के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज कुमार, ऐक्टू प्रदेश उपाध्यक्ष जोगेंद्र लाल, प्रदेश उप सचिव विनोद कुमार, राष्ट्रीय पार्षद उदय धामी, सरस्वती पुनेठा, औद्योगिक श्रमिक नेता प्रकाश नेगी, हीरा राठौर, आशा अध्यक्ष कमला कुंजवाल, उपाध्यक्ष रीता कश्यप, बबीता, सुधा, अनीता अन्ना, ममता पानू, शरमीन, दीपक कांडपाल, दयाल गाड़िया, निर्माण मजदूर अध्यक्ष उत्तम दास और ललित मटियाली सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here