Home Blog Page 405

उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ

0

राज्य स्तरीय खेल महोत्सव का आरंभ हुआ।

• मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ।

देहरादून 19 दिसंबर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर, देहरादून में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया। राज्य के सभी जनपदों से राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने आये खिलाड़ियों के बीच जाकर मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की जाएगी। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के शुभारंभ के अवसर पर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ स्पर्धा के प्रथम तीन स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। खेल टीमवर्क से कार्य करने का अवसर प्रदान करते हैं। राज्य स्तर पर आयोजित होने वाला यह खेल महाकुंभ उत्तराखण्ड के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। पंचायत स्तर, ब्लॉक स्तर और जिला स्तर पर खेलने के बाद खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर इस खेल महाकुंभ में अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। खेल महाकुंभ का उद्देश्य प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर की बड़ी खेल प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में होने वाले आगामी 38वें राष्ट्रीय खेल, उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए विभिन्न अवस्थापना सुविधाएं तैयार करना प्रारंभ कर दिया गया है। जिसके अंतर्गत राष्ट्रीय खेल सचिवालय का गठन किया गया है, जिससे इन खेलों का संचालन बेहतर रूप से किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को तेजी से बढ़ावा मिला है। भारत ने हाल में चीन में संपन्न हुए एशियाई खेलों में रिकार्ड 107 पदक जीते। नए जोश के साथ भारत 2030 ’’युवा ओलंपिक’’ और 2036 में ’’ओलंपिक’’ खेलों की मेजबानी के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेलों का बजट भी पहले के मुकाबले तीन गुना हो चुका है। उत्तराखण्ड में भी गांव से लेकर शहर तक के युवा खिलाड़ियों के लिए अभिनव प्रयोग किये जा रहे हैं। हरिद्वार बने फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़ी जगह का प्रयोग कर वहां बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबाल कोर्ट, ओपन जिम बनाये जा रहे हैं। सरकार युवा खिलाड़ियों के लिए नौकरियों में खेल कोटे को भी पुनः प्रारंभ करने के लिए प्रयासरत है। राज्य सरकार प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी भी देने जा रही है। नई खेल नीति में राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए उचित आर्थिक प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी राष्ट्रीय खेलों के लिए सभी तैयारियां तेजी से की जाए। खिलाड़ियों की डाइट से लेकर उनके रहने व हर सुविधा की व्यवस्थाएं की जाए। उत्तराखण्ड में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेलों में राज्य का अच्छा प्रदर्शन हो, इसके लिए अभी से अच्छे खिलाड़ियों की खोज कर उनके बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि टीम वर्क के साथ हमें उत्तराखंड को खेलों में आगे लेकर जाना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस खेल महाकुंभ में प्रतिभाग कर रहे हमारे युवा खिलाड़ी अगले वर्ष होने वाले राष्ट्रीय खेलों के साथ ही भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड का ही नहीं बल्कि देश का नाम रोशन करेंगे।

  1. खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में तेजी से कार्य हो रहे हैं। राज्य में नई खेल नीति लागू की जा चुकी है। जिसमें खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने के प्रयास किये गये हैं। राज्य में 08 से 14 वर्ष की आयु के लगभग चार हजार खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना से राज्य में 14 से 23 वर्ष के 2600 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया जा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए स्पोर्ट डेवलपमेंट फंड बनाया जा रहा है। चम्पावत के लोहाघाट में गर्ल्स स्पोर्ट कॉलेज बनाया जा रहा है।

    इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक जितेन्द्र सोनकर एवं खेल विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

देहरादून नगर निगम में भ्रष्टाचार: कांग्रेस

0

देहरादून: नगर निगम में व्याप्त अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, अनियमितताओं को लेकर, नए वार्डों को टैक्स के दायरे में लाने के खिलाफ तथा मलिन बस्तियों को मालिकाना हक देने की मांग के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेसी जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे और उनका घेराव किया। पुलिस ने डीएम कार्यालय का गेट बंद करके प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोका, जिसपर कार्यकर्ताओं ने गेट को जबरन खोलकर नारेबाजी करते हुए अंदर प्रवेश किया। नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर बैठ गए। इसके पश्चात सिटी मजिस्ट्रेट आए और उन्होंने ज्ञापन लिया। प्रदर्शन के दौरान डॉ जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्य कभी न खत्म होने वाली परियोजना की तरह हो गए हैं। कहीं सड़क बनी है तो नालियां खुदी पड़ी हैं, कहीं सीवर लाइन बनी है तो सड़कें टूटी पड़ी हैं, इन अधूरे कामों के कारण लोग चोटिल होते रहते हैं, अधूरे पड़े डक्ट के कामों के कारण पिछली बरसात में भयानक डेंगू का प्रकोप रहा। इससे अनेक लोगों की असमय मृत्यु हुई, और नगर क्षेत्र के प्रभावित परिवार इससे आज तक उबर नहीं पाए। नगर निगम में नालियों व सड़कों की सफाई व्यवस्था भी अनियमित है। निगम कार्यालय में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जिससे वहां अपने कामों के लिए आने वाले लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है।

डॉ जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि मलिन बस्तियों के निवासियों को मालिकाना हक देने की प्रक्रिया कांग्रेस शासन में शुरू की गई थी परंतु इसे भी रोक दिया गया है। तत्काल लोगों को मालिकाना हक दिया जाए। नगर निगम के चालीस नए वार्डों को निगम क्षेत्रों में शामिल करते हुए आश्वासन दिया गया था कि शुरू के दस वर्षों में उन पर टैक्स नहीं लगाया जाएगा। लेकिन अब वादाखिलाफी करते हुए टैक्स लगाया जा रहा है। जब तक इन मामलों का समाधान नहीं हो जाता, कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।

Screenshot 2023 12 18 20 52 14 69 6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7 इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत,प्रदेश महामंत्री मनीष नागपाल, प्रदेश प्रवक्ता आशीष नौटियाल, सोनिया आनंद , सुनीता प्रकाश , आशा मनोरमा शर्मा, कमला रावत ,
सचिन थापा , आलोक मेहता , सैयद अहमद जमाल, अभिषेक तिवारी ,शहजाद अंसारी , हेमंत उप्रेती, संजय गौतम ,राजेश पुंडीर , मुहम्मद शाहिद ,प्रमोद गुप्ता ,मुकीम अहमद ,शाहिद अहमद , सावित्री थापा , जगदीश धीमान ,शकील मंसूरी , महताब आलम ,रवि हसन , ललित बदरी, आदर्श सूद, अशोक कुमार , सलमान अहमद ,विजेंद्र चौहान ,मनीष ,विनय कुंदन ,शिवराम ,देवेंद्र सिंह ,आदि उपस्थित थे। आदि उपस्थित थे।

धामों की सुरक्षा में आईटीबीपी तैनात

0

श्री केदारनाथ व श्री बदरीनाथ के कपाट बंद होने के बाद दोनों धामों में सुरक्षा की दृष्टि से भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की तैनाती कर दी गई है। दोनों धामों में आइटीबीपी जवानों की एक – एक प्लाटून पहुंच गई हैं।

गत वर्ष श्री केदारनाथ धाम के गर्भ गृह के स्वर्ण मंडित होने और दोनों धामों में मास्टर प्लान के तहत व्यापक स्तर पर चल रहे पुनर्निमाण कार्यों के कारण तमाम लोगों की वहां पर आवाजाही को देखते हुए श्री बदरीनाथ -केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष श्री अजेंद्र अजय ने सरकार से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पत्र लिखा था। उन्होंने धामों की विकट भौगोलिक परिस्थितियों के मद्देनजर आईटीबीपी को तैनात किए जाने की मांग की थी। इस पर प्रदेश सरकार ने कार्रवाई करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय से आईटीबीपी की तैनाती का अनुरोध किया था।

प्रदेश सरकार के अनुरोध पर गृह मंत्रालय ने गत वर्ष से शीतकाल में धामों की सुरक्षा आइटीबीपी के जवानों को सौंप दी थी। इस वर्ष पुनः कपाट बंद होने के पश्चात प्रदेश सरकार ने धामों में आईटीबीपी की तैनाती का अनुरोध किया था। धामों में आईटीबीपी के जवानों की तैनाती पर बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

 

कुवैत के शासक अल- सवा के निधन पर उत्तराखंड में शोक घोषित

0

कुवैत के शासक के निधन पर उत्तराखंड में शोक।

देहरादून 17 दिसंबर। कुवैत के शासक शेख नवाफ अल -अहमद अल -जबेर अल -सवा के आकस्मिक निधन पर देश में शोक व्यक्त हो रहा है उत्तराखंड में एक दिवसीय शोक घोषित हुआ है।शासन के निर्देश है कि आज दिनांक 17 दिसंबर रविवार को उत्तराखंड के सरकारी प्रतिष्ठानों में पूरे दिन राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा (जहाँ प्रतिदिन राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता हो ) तथा इस अवधि के दौरान जनपदों में कोई भी शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे

विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि सैनिक कल्याण की घोषणायें

0

विजय दिवस पर देहरादून में शहीदों को श्रद्धांजलि।

• मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने सैनिक कल्याण तथा सैनिक आश्रितों के लिए घोषणायें।

देहरादून 16 दिसंबर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क, देहरादून में विजय दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। विजय दिवस पर मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह् देकर सम्मानित किया। विजय दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध एवं कला प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। *मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि सैनिक आश्रितों को भर्ती पूर्व दिये जाने वाले प्रशिक्षण के दौरान भोजन व्यवस्था के लिए प्रतिदिन दी जाने वाली धनराशि 80 रूपये से बढ़ाकर 225 रूपये प्रति प्रशिक्षणार्थी की जायेगी।* राज्य के गढ़वाल और कुमांऊ मण्डल में सैनिक आश्रित युवाओं को सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा 56 दिनों का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन भारतीय सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का उत्सव मनाने का दिन है। 1971 का युद्ध अमानवीयता पर मानवता, दुराचार पर सदाचार और अन्याय पर न्याय की जीत का युद्ध था। आज ही के दिन वर्ष 1971 में पाकिस्तान के 93,000 से अधिक सैनिकों ने हमारे वीर बहादुर सैनिकों के समक्ष घुटने टेके थे। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद, किसी भी सेना का यह सबसे बड़ा आत्मसमर्पण था। यह युद्ध भारत के वीरों के अटल संकल्प और बलिदान का प्रत्यक्ष उदाहरण था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि, देवभूमि होने के साथ-साथ पराक्रम और बलिदान की भूमि भी है। 1971 के भारत-पाक युद्ध में वीरभूमि उत्तराखंड के 255 जवानों ने भारत मां की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया था। इस युद्ध में अपने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देने वाले प्रदेश के 74 सैनिक विभिन्न वीरता पदकों से सम्मानित हुए थे। ऐसे सभी वीरों के बलिदान की अमर गाथाएं आज भी हमारे युवाओं को प्रेरणा देने का काम करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन के अनुरूप देहरादून में पांचवे धाम सैन्य धाम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह धाम उन सभी वीरों को हमारी ओर से एक विनम्र श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह किये बिना तिरंगे की शान के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। यह सैन्य धाम आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्र आराधना के एक दिव्य प्रेरणा पुंज के रूप में कार्य करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जवानों का मनोबल तेजी से बढ़ा है। आज हमारे सैनिक अत्याधुनिक हथियारों से लैस हैं, उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए विश्व स्तरीय उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। आज हमारे सैनिकों का मनोबल इतना ऊंचा है कि वो दुश्मन के घर में घुस कर उस पर कार्रवाई करने में समर्थ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में उनका प्रयास रहता है कि सैन्य परिवारों के लिए विशेष योजनाएं बने, जिससे एक सैनिक को युद्ध में लड़ते समय अपने परिवार की चिंता न हो। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सैनिकों और उनके परिवार को मिलने वाली सुविधाओं में वृद्धि करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार ने उत्तराखण्ड के वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों को देय एकमुश्त अनुदान राशि में भी वृद्धि की है। जिसके तहत परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिक को 30 लाख से 50 लाख, महावीर चक्र 20 लाख से 35 लाख, कीर्ति चक्र 20 लाख से 35 लाख, वीर चक्र और शौर्य चक्र 15 से 25 लाख और सेना गेलेन्ट्री मेडल 07 लाख से 15 लाख करने को मंजूरी दी गई। उत्तराखण्ड से द्वितीय विश्व युद्ध में भाग लेने वाले सैनिकों की वीरांगनाओं एवं वेटरन की पेंशन प्रतिमाह 8 हजार रूपये से बढ़ाकर 10 हजार रूपये की है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनकी विधवाओं की प्रतिमाह पेंशन 21 हजार से बढ़ाकर 25 हजार की गई है।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, सचिव सैनिक कल्याण दीपेन्द्र चौधरी, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, एसएसपी अजय सिंह, निदेशक सैनिक ब्रिगेडियर कल्याण अमृत लाल (से.नि), मेजर जनरल सम्मी सबरवाल(से.नि), रियर एडमिरल ओ.पी.सिंह राणा(से.नि), ब्रिगेडियर के.जी बहल(से.नि) एवं पूर्व सैन्य अधिकारी और वीरांगनाएं उपस्थित थे।

विकसित भारत स़कल्प यात्रा उत्तराखंड में 4 लाख लोगों तक पहुंची।

0

*प्रदेश में 4 लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंचा विकसित भारत संकल्प यात्रा का कारवां*

– 15 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखण्ड के खूंटी से किया था संकल्प यात्रा का शुभारम्भ
– 2,88,475 से ज्यादा लोगों ने यात्रा के दौरान ली विकसित भारत शपथ, यात्रा में पुरुषों से ज्यादा है महिलाओं की भागीदारी

देहरादून: 15 दिसंबर।समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँच सके और जो किन्ही कारणों से इन योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हों, उन्हें उसका लाभ देने के मकसद से विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की गई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर झारखंड के खूंटी से विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी। उसी दिन उत्तराखंड के दो जनजातीय जिले देहरादून और उद्यमसिंह नगर से जनजातीय क्षेत्रों के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा को रवाना किया गया। देहरादून राजभवन से यात्रा को राज्यपाल ले0ज0 गुरमीत सिंह (से0नि) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद 23 नवंबर को संकल्प यात्रा को उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों और 28 नवंबर को शहरी क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

जनवरी 2024 तक चलने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा में ग्रामीण क्षत्रों में 200 से ज्यादा वाहन लगभग 7797 ग्राम पंचायतों तक सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे । इनमें गढ़वाल परिक्षेत्र की 4380 ग्राम पंचायतें और कुमाऊं की 3415 पंचायतें शामिल हैं। शहरी क्षेत्रों में पांच वाहन विकसित भारत संकल्प यात्रा लेकर लगभग 186 स्थानों पर पहुंचेगे। इनमें गढ़वाल परिक्षेत्र के 108 स्थान और कुमाऊं परिक्षेत्र के 78 स्थान चिन्हित किए गए हैं। अभी मात्र देहरादून क्षेत्र में शहरी विकसित भारत संकल्प यात्रा चल रही है। नैनीताल में 14 दिसंबर को एक वाहन को शहरी क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया है।

15 नवंबर को उत्तराखंड में शुरू हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा एक महीने में 409258 लोगों तक पहुंची है। इनमें 377199 ग्रामीण और 32059 शहरी लोगों तक ये यात्रा पहुंची है। इस यात्रा की खास बात ये है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जहां भी यात्रा अपना पड़ाव लगा रही है, वहां महिलाओं की भागीदारी पुरूषों से ज्यादा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का लक्ष्य है कि जो लोग जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन्हें मौके पर ही इन योजनाओं से जोड़कर उसका लाभ पहुंचाया जाए।

इसी कड़ी में एक महीने में विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेश की 3841 ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों के 33 स्थानों तक पहुंची है। इस दौरान संकल्प यात्रा में 3841 ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में 78564 लोगों ने मुफ्त स्वास्थ्य शिविरों में अपना चेक अप करवाया और इन्हें मुफ्त दवाइयां भी इस दौरान वितरित की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन मुफ्त स्वास्थ्य शिविरों में एक महीने में 42061 लोगों में टीबी की और 11179 लोगों में सिकल सेल एनिमिया की मुफ्त जांच की गई।

एक महीने की इस यात्रा में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में ग्रामीण क्षेत्रों की 4789 महिलाओं का पंजीकरण कर उन्हें इस योजना से जोड़ा गया। शहरी क्षेत्रों में 911 महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ यात्रा के दौरान लगे शिविरों में प्रदान किया गया। पांच लाख तक मुफ्त इलाज प्रदान करने वाली प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में 9653 और शहरी क्षेत्रों में 653 से ज्यादा आयुष्मान कार्ड यात्रा में लगे शिविरों में जारी किए गए। एक महीने में विकसित भारत संकल्प यात्रा में आए विभिन्न योजनाओं के 7500 से ज्यादा लाभार्थियों ने योजनाओं से मिल रहे लाभ के अनुभव ‘मेरी कहानी मेरी जुबानी’ के अंतर्गत सांझा किए। विकसित भारत संकल्प यात्रा जिस भी ग्राम पंचायत या शहरी क्षेत्र में पड़ाव डालती है, वहां लोग भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ लेते हैं। अभी तक 2,88,475 लोग यात्रा के दौरान विकसित भारत शपथ ले चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कैसे ड्रोन के माध्यम से उन्नत खेती की जा सकती है, इसका डेमो किसानों को दिया जा रहा है, जिससे वह लाभांवित हो सकें। अभी तक 924 ग्राम पंचायतों में किसानों को उन्नत खेती के लिए ड्रोन डेमो दिए जा चुके हैं। प्रदेश में लगभग जनवरी तक चलने वाली इस यात्रा में आने वाले दिनों में कई लाख लोग लाभांवित होंगे और इससे जुड़कर योजनाओं के बारे में जान सकेंगे और उसका लाभ ले सकेंगे। यात्रा के दौरान लोगों को सरकार की जनकल्याणकरी योजनाओं की जानकारीयुक्त बुकलेट और कैलेंडर भी मुफ्त में वितिरित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं के बारे में जान सकें।

उत्तराखंड वित्तीय वर्ष 2024 विभागवार समीक्षा बैठक

0

*वित्त सचिव की वर्ष 2024 के बजट प्रस्तावों पर विभागवार समीक्षा बैठक*

देहरादून 14 दिसंबर।प्रदेश के वर्ष 2024-25 के बजट निर्माण की प्रकिया गतिमान है। इस संबंध में सचिव वित्त दिलीप जावलकर की अध्यक्षता में गुरूवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में विभागों द्वारा प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा की गई। सचिव वित्त ने कहा कि वित्त विभाग द्वारा विभागों को 15 दिसम्बर, 2023 तक अपनी मांग वित्त विभाग को प्रेषित करने के निर्देश दिये गये। अब तक 100 विभागाध्यक्षों के सापेक्ष 40 विभागाध्यक्षों द्वारा ही बजट की मांग की जा सकी है। शेष द्वारा मांग नही कर पाने का मुख्य कारण यह है कि उनके द्वारा विभाग में स्वीकृत एवं कार्यरत पदों का विवरण नही भरा गया है। स्वीकृत एवं कार्यरत पदों का सही विवरण नही भरे जाने की स्थिति में वित्तीय प्रबन्धन के दृष्टिकोण से समुचित मॉनीटरिंग नहीं की जा सकती है तथा अपव्यय की आशंका बनी रहती है। स्वीकृत व कार्यरत पदों की सटीक व शत प्रतिशत जानकारी भरे जाने के उपरान्त ही यह सुनिश्चित हो सकेगा कि राजकोष से आहरित होने वाले वेतन के सापेक्ष पदों की सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त की जा चुकी हैं।

सचिव वित्त दिलीप जावलकर ने कहा कि वित्त विभाग द्वारा विगत 06 माह से स्वीकृत एवं कार्यरत पदों का डेटा एकत्रित कर उसे कोषागार के आईएफएमएस पोर्टल पर एकीकृत करने का कार्य किया जा रहा है। फिर भी विभागों द्वारा उदासीनता बरती जा रही थी। इसी आलोक में वर्ष 2024-2025 के बजट मांग करने से पूर्व यह प्रतिबन्ध लगा दिया गया था कि विभागाध्यक्ष को पहले स्वीकृत व कार्यरत पदों का सटीक व शतप्रतिशत विवरण भरना अनिवार्य है।

उन्होंने निर्देश दिये कि भविष्य में कोई भी विभागाध्यक्ष अथवा आहरण वितरण अधिकारी अपने स्तर से, यदि स्वीकृत पद के सापेक्ष तैनातियां नहीं की गयी हैं, उनका वेतन आहरित नही कर पायेगें। साथ ही वेतनमान, प्रोन्नति एंव ससमय पेंशन प्राप्त करने में अधिकारियों एवं कार्मिकों को कठिनाई न हो इस हेतु आईएफएमएस पोर्टल के माध्यम से इसकी निरन्तर समीक्षा की जायेगी।

उन्होंने बताया कि निदेशक माध्यमिक शिक्षा के द्वारा अवगत कराया गया कि आठ हजार पदों की सूचना विभाग के स्तर पर संरक्षित नही होने के कारण सुलभ नही है उनके द्वारा विशेष छूट देने के लिए अनुरोध किया गया था जिसे स्वीकार नही किया गया है और उन्हें त्वरित कार्यवाही करते हुए पूर्ण व सही सूचना अविलम्ब भरने के निर्देश दिये गये। बैठक में विभागाध्यक्ष आयुर्वेद की ओर से किसी भी अधिकारी द्वारा प्रतिभाग नहीं किया गया। विभागाध्यक्ष के स्तर पर पदों की सूचना भी अंकित नहीं की गयी है। इस पर अप्रसन्ता व्यक्त की गयी। महानिदेशक चिकित्सा एवं परिवार कल्याण, निदेशक ई०एस०आई०, न्याय विभाग सहित लगभग 40 विभागों द्वारा अपेक्षित कार्यवाही नही की गयी है। उन्हें त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश बैठक में दिये गये।

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसेण में योजना क्रियान्वयन

0

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात।

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत गैरसैंण में मल्टीस्टोरी वाहन पार्किंग का निर्माण हुआ प्रस्तावित

गोपेश्वर ( चमोली): 14 दिसंबर।गैरसैंण नगर पंचायत में मल्टीस्टोरी वाहन पार्किंग निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत गैरसैंण में 169 वाहन क्षमता के मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को लेकर भूमि चयन के साथ ही इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। पार्किंग बनने से गैरसैंण में लोगों को रोजमर्रा लगने वाले जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा।

उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा गैरसैंण में पार्किंग निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। संस्था के अधिकारियों ने गुरूवार को जिलाधिकारी हिमांशु खुराना के समक्ष गैरसैंण में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग निर्माण हेतु चयनित भूमि, डिजाइन एवं आंगणन की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कुछ बिंदुओं पर संशोधन करते हुए संस्था को शीघ्र संशोधित प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के मुख्य बाजार में प्रस्तावित वाहन पार्किंग में एक समय में करीब 169 गाड़ियां पार्क हो सकेंगी। इससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू होगी। शासन से स्वीकृति मिलते ही पार्किंग का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एलपी भट्ट सहित कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता मौजूद थे।

देश की संसद पर हमला

0

नई दिल्ली: आज जब संसद चल रही थी अचानक दो लोगों ने स्मोक बम सांसद के अंदर जला दिया।

सांसद में किसी को कोई चोट नहीं आई है, यह करने वाले 42 वर्षीय नीलम और 22 वर्षीय सागर शिंदे मैसूर से आए थे।

दोनों नारे लगा रहे थे वंदे मातरम, भारत माता की जय।

दोनों लोगों तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

IMG 20231213 200919

भारत संकल्प यात्रा पहुंची मसूरी। मौके पर योजनाओ का मिला लाभ

0

 

*मसूरी पहुंची संकल्प यात्रा , लोगों को योजनाओं से जोड़ा*

•राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री का संबोधन सुनाया

-मसूरी के लंढौर कैंट और गाँधी चौक में आयोजित हुआ विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम

-मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

देहरादून : 13 दिसंबर। विकसित भारत संकल्प यात्रा बुधवार को मसूरी के लंढौर और गाँधी चौक पहुंची। इस कार्यक्रम में बाल विकास, ग्रामीण, कृषि, स्वास्थ्य आदि विभाग उपस्थित रहे। इन विभागों द्वारा कार्यक्रम में स्टॉल्स भी लगाए गए थे, जिससे लोग जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी ले कर लाभान्वित हो सकें। संकल्प यात्रा के दौरान लोगों ने विकसित भारत बनाने की शपथ भी ली। इस दौरान मौजूद लोगों को राष्ट्रपति द्रोपदी मूर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत को लेकर संबोधन सुनाया गया।

लंढौर कैंट और गाँधी चौक में आयोजित संकल्प यात्रा कार्यक्रम में योजनाओं से वंचित कई लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया।लंढौर कैंट में आयोजित यात्रा कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला यात्रा में हुए शामिल। उन्होंने लोगों को भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ भी दिलाई। इस दौरान उन्होंने लोगों से ज़्यादा से ज़्यादा विकसित भारत संकल्प यात्रा से जुड़ने का आह्वान भी किया।

गाँधी चोक में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को विकसित भारत शपथ भी दिलाई। अपने संबोधन में जोशी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा चलाना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक निर्णय लिये गये जिससे देश विकसित होने की राह पर है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे इसके लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की गई है।

दोनों स्थानों पर आयोजित मुफ़्त चिकित्सा शिविर में 51 लोगों की स्वास्थ्य सम्बन्धी जाँच की गई।साथ ही 18 महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जोड़ा गया। इसके अलावा बाल विकास परियोजना से 30 महिलाओं को कार्यक्रम में जोड़ा गया। पीएम स्वनिधि योजना और पीएम आवास योजना का लाभ 05-05 लोगों को दिया गया। इस दौरान महिलाओं को मुफ़्त गैस चूल्हे भी वितरित किये गए।

यात्रा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कट आउट विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस कट आउट के साथ लोग यादगार के तौर पर तस्वीर भी ले रहे हैं। इसके अलावा कार्यक्रम में लोगों को भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से युक्त बुकलेट भी वितरित की जा रही हैं।