Home Blog Page 245

उत्तराखंड मौसम अपडेट, कल से अगले तीन दिन साफ रहेगा मौसम, फिर होगी बारिश!

0

उत्तराखंड में बीते दिन हुई बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है और येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जिलों में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की आशंका है। वहीं, हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी, चंपावत और नैनीताल में भी तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा), ओलावृष्टि और बारिश की संभावना जताई गई है।

उधम सिंह नगर और हरिद्वार में भी आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि के साथ झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। देहरादून में आज आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश, बिजली की गरज और ओलावृष्टि हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 17°C के आसपास रह सकता है।

गुरुवार को हुई तेज बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दीं। चमोली के थराली में रामलीला मैदान के पास एक गदेरा उफान पर आ गया, जिससे पहाड़ी से मलबा गिरा और कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। साथ ही कुछ सड़कों पर यातायात बाधित हुआ।

देहरादून में आज शनिवार, 12 अप्रैल 2025 को मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 17°C के आसपास रहने की संभावना है।

अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान (13–17 अप्रैल 2025):

दिनांक अधिकतम/न्यूनतम तापमान मौसम की स्थिति वर्षा की संभावना
रविवार, 13 अप्रैल 34°C / 17°C साफ 1%
सोमवार, 14 अप्रैल 35°C / 19°C साफ 1%
मंगलवार, 15 अप्रैल 37°C / 21°C साफ 1%
बुधवार, 16 अप्रैल 35°C / 21°C थोड़ी बारिश संभव 25%
गुरुवार, 17 अप्रैल 36°C / 20°C थोड़ी बारिश संभव 20%

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, नदी में गिरा वाहन, चार लोग लापता

0

देवप्रयाग-श्रीनगर मार्ग पर मूल्य गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरकर नदी में जा समाया। वाहन में सवार पांच लोग एक ही परिवार के थे, जो पौड़ी से गौचर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, श्रीनगर और देवप्रयाग पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। ढालवाला से भी एक बचाव दल रवाना किया गया। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि वाहन में सवार एक महिला को गंभीर हालत में बचाकर अस्पताल भेजा गया है। शेष चार लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।

बचाव दल कठिन परिस्थितियों में नदी और आसपास के क्षेत्र में लापता लोगों का पता लगाने में जुटे हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

LOC पर मुठभेड़ में सेना का JCO शहीद, आतंकियों की घुसपैठ नाकाम

0

जम्मू के सुंदरबनी क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के केरी-बट्टल इलाके में 11 अप्रैल 2025 की रात आतंकवादियों की घुसपैठ को नाकाम करने के दौरान भारतीय सेना की 9 पंजाब रेजिमेंट के जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) सूबेदार कुलदीप चंद बलिदान हो गए। उनकी वीरता और नेतृत्व ने आतंकियों के मंसूबों को विफल कर दिया।

नियंत्रण रेखा पर साहसिक ऑपरेशन
व्हाइट नाइट कोर के जीओसी और सभी रैंकों ने सूबेदार कुलदीप चंद के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया है। सेना के अनुसार, कुलदीप चंद ने अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए आतंकवादियों की घुसपैठ को रोकने के लिए साहसिक कदम उठाया। इस ऑपरेशन में उनकी टीम ने आतंकियों के प्रयास को पूरी तरह नाकाम कर दिया, लेकिन इस दौरान सूबेदार कुलदीप चंद गंभीर रूप से घायल हो गए और देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

शहीद के परिवार के साथ सेना की संवेदना
व्हाइट नाइट कोर ने शहीद के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और इस दुख की घड़ी में उनके साथ एकजुटता दिखाई है। सेना ने कहा कि सूबेदार कुलदीप चंद की वीरता और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

डॉ. योगेश दुबे की याचिका का असर, महिला कैदियों और उनके बच्चों के लिए सुधार की दिशा में बढ़े कदम

0

मुंबई। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता डॉ. योगेश दुबे की याचिका (केस क्रमांक 367/90/0/2025) के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने देश भर की जेलों में महिला कैदियों, उनके बच्चों और अन्य कैदियों की समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लिया है।

आयोग ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जेलों की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें महिला कैदियों, उनके साथ रहने वाले बच्चों, विचाराधीन और दोषी कैदियों, तथा एक वर्ष से अधिक समय से जेल में बंद कैदियों की संख्या और उनकी स्थिति शामिल होनी चाहिए।

डॉ. दुबे ने अपनी याचिका और जेलों के दौरे के आधार पर कई गंभीर मुद्दों को उजागर किया है। इनमें जेलों में क्षमता से अधिक कैदी, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी, महिला कैदियों की गरिमा और सुरक्षा का उल्लंघन, उनके खिलाफ हिंसा, अपर्याप्त शौचालय, सैनिटरी नैपकिन और स्वच्छ पेयजल की अनुपलब्धता, खराब भोजन की गुणवत्ता, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं में कुपोषण, जेल में रहने वाले बच्चों के लिए शिक्षा की कमी, कानूनी सहायता, व्यावसायिक प्रशिक्षण और पुनर्वास कार्यक्रमों का अभाव जैसे मुद्दे शामिल हैं।

आयोग ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इससे पहले भी डॉ. दुबे ने जेलों में बंद बुजुर्ग कैदियों के लिए विशेष प्रयास किए थे।

उन्होंने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के दौरान बुजुर्ग कैदियों की दुर्दशा पर ध्यान आकर्षित किया था, जो सजा पूरी होने के बावजूद जुर्माना न भर पाने के कारण जेलों में बंद हैं। उन्होंने ऐसे कैदियों की रिहाई और उनके परिवार के साथ जीवन बिताने की सुविधा प्रदान करने की अपील की थी।

इसके अतिरिक्त, डॉ. दुबे ने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए उनके लिए रोजगार के अवसर, सरकारी नौकरियों में आरक्षण कोटा पूर्ण करने और उनकी कठिनाइयों को कम करने की वकालत की है। उनकी याचिका और प्रयासों ने जेल सुधार और सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने के लिए प्रेरित किया है।

चारधाम यात्रा 2025: आज से ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू

0

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2025 की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस पवित्र यात्रा के लिए परिवहन विभाग ने सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। एआरटीओ प्रशासन रावत सिंह कटारिया ने जानकारी दी कि शुक्रवार, 11 अप्रैल 2025 से चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड बनाए जाएंगे।

इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों और वाहन चालकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। परिवहन विभाग ने ग्रीन कार्ड जारी करने के लिए दो काउंटर स्थापित किए हैं। इन काउंटरों पर कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।

ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी। एआरटीओ ने बताया कि पूजा-अर्चना के बाद वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी किए जाएंगे। यह ग्रीन कार्ड चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की वैधता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनिवार्य होगा।

एक कार्ड से होगा पूरे मुंबई का सफर, ‘Mumbai 1’ कार्ड जल्द होगा लॉन्च

0

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को ऐलान किया कि मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने के लिए सिर्फ एक कार्ड की जरूरत होगी। इस कार्ड के जरिए लोग आसानी से कहीं भी आ-जा सकेंगे।

‘Mumbai 1’ कार्ड की होगी शुरुआत
सीएम फडणवीस ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सार्वजनिक परिवहन के लिए ‘Mumbai 1’ नामक सिंगल कार्ड जल्द लॉन्च किया जाएगा। यह कार्ड मेट्रो, मोनो रेल, उपनगरीय लोकल ट्रेन और सार्वजनिक बसों में यात्रा के लिए मान्य होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्ड अगले एक महीने में तैयार हो जाएगा।

रेलवे परियोजनाओं पर जोर
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि महाराष्ट्र में 1.73 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं। इस साल 23,778 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। मुंबई उपनगरीय नेटवर्क के लिए 238 नई एयर-कंडीशन्ड (एसी) ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है, जिनका निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके अलावा, शहर में 17,000 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जो मुंबई के रेल नेटवर्क को और मजबूत करेंगी।

विदर्भ और पड़ोसी राज्यों को जोड़ेगी नई रेल लाइन
रेल मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि पूर्वी महाराष्ट्र में गोंदिया-बल्लारशाह रेलवे लाइन को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने 4,019 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह रेल लाइन विदर्भ को छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से बेहतर ढंग से जोड़ेगी।

छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट ट्रेन की घोषणा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम फडणवीस ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि ‘छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट ट्रेन लाइन’ शुरू की जाएगी। यह ट्रेन पर्यटकों को मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के काल के ऐतिहासिक किलों तक ले जाएगी। इसके साथ ही, मुंबई और महाराष्ट्र में परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली इन पहलों से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र का आर्थिक विकास भी तेज होगा।

सियासी बवाल, हिरासत में कन्हैया कुमार, पुलिस को करना पड़ा लाठी चार्ज

0

पटना: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान बड़ा सियासी बवाल हुआ। पुलिस ने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार सहित कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिया।

इससे पहले, पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठियां चलाईं और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। यह प्रदर्शन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) द्वारा बिहार में पलायन और बेरोजगारी के खिलाफ आयोजित पदयात्रा का हिस्सा था।

मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की थी योजना
शुक्रवार को पटना में इस पदयात्रा के दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। “पलायन रोको, नौकरी दो” नामक यह यात्रा अपने अंतिम दिन मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ज्ञापन सौंपने के उद्देश्य से निकाली गई थी।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खूब हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब और बिहार युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास को भी हिरासत में लिया गया है। सभी को पटना के कोतवाली थाने ले जाया जा रहा है।

उत्तराखंड के 27 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को जोर का झटका, बिजली 5.62 प्रतिशत महंगी

0

देहरादून। उत्तराखंड के 27 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को नया वित्तीय वर्ष एक और झटका लेकर आया है। विद्युत नियामक आयोग ने वर्ष 2025-26 के लिए बिजली दरों में 5.62 प्रतिशत की औसत वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा, क्योंकि प्रति यूनिट करीब 15 पैसे का अतिरिक्त भार उपभोक्ताओं को उठाना होगा।

बिजली दरों में वृद्धि का पूरा गणित

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए यूपीसीएल (UPCL) ने जहाँ 12.01% टैरिफ वृद्धि का प्रस्ताव दिया था, वहीं समस्त बिजली कंपनियों द्वारा लगभग 29.23% की कुल वृद्धि प्रस्तावित की गई थी। लेकिन आयोग ने इसमें से केवल 5.62% वृद्धि को स्वीकृति दी है।

इस वृद्धि से UPCL को अनुमानतः ₹27.09 करोड़ का अधिशेष प्राप्त होगा, जिसे आयोग ने भविष्य की आपातकालीन बिजली खरीद की लागत के लिए आरक्षित किया है।

 

टैरिफ बदलाव की मुख्य बातें

 

क्रॉस सब्सिडी में संतुलन: आयोग ने सभी श्रेणियों में क्रॉस-सब्सिडी को संतुलित करने का प्रयास किया है, ताकि सभी उपभोक्ताओं के बीच अधिक न्यायसंगत दरें सुनिश्चित हो सकें।

 

डिमांड चार्ज में कोई बदलाव नहीं: RTS-4A (कृषि संबंधी गतिविधियों को छोड़कर) सहित किसी भी श्रेणी में डिमांड चार्ज नहीं बढ़ाए गए हैं।

 

BPL उपभोक्ताओं को मामूली झटका: करीब 4.64 लाख बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट दर में केवल 10 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।

 

स्नोबाउंड क्षेत्रों के लिए संशोधन: ऐसे क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 10 पैसे और गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि लागू की गई है, जो उनके कनेक्शन लोड पर निर्भर करती है।

 

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए दरें

 

100 यूनिट/माह तक: 25 पैसे की वृद्धि

101-200 यूनिट/माह: 35 पैसे की वृद्धि

201-400 यूनिट/माह: 45 पैसे की वृद्धि

400 यूनिट से अधिक: 45 पैसे की वृद्धि

एकल बिंदु थोक आपूर्ति: 50 पैसे/kVAh की वृद्धि

 

क्रॉस सब्सिडी और नीति की कसौटी

 

राष्ट्रीय टैरिफ नीति के अनुसार क्रॉस सब्सिडी को +/- 20% के भीतर रखना अनिवार्य है। घरेलू श्रेणी में यह फिलहाल 19.63% है, जो नीति के अनुरूप है। सबसे निचले स्लैब (100 यूनिट तक) के लिए दर को ₹3.65/kWh से बढ़ाकर ₹6.13/kWh तक करने की आवश्यकता जताई गई, ताकि यह औसत आपूर्ति लागत के 80% के करीब रहे।

आरओ/एआरओ पेपर लीक केस: एसटीएफ ने दो फरार अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

0

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा के पेपर लीक मामले में वांछित चल रहे दो परीक्षार्थियों को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नमन शांबरी है, जो भोपाल के पीपलानी, नरेला शकरी का निवासी है, जबकि दूसरा शाहिद सिद्दीकी चंदौली की नई बस्ती मुगलसराय का रहने वाला है।

एसटीएफ के एएसपी लाल प्रताप सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान नमन शांबरी ने खुलासा किया कि उसकी पहचान राजीव नयन मिश्रा से थी, जो 2014 से उसके घर के पास रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था। 2021 में राजीव ने मकान बदलकर भारत नगर में रहना शुरू किया, जहां से उसकी मुलाकात सुभाष प्रकाश से कराई गई। सुभाष ने बताया था कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक कराते हैं और आरओ/एआरओ परीक्षा का भी पेपर दिलवा सकते हैं, इसके बदले 10-12 लाख रुपये की मांग की गई।

नमन ने कुछ पैसे सुभाष के खाते में ट्रांसफर किए थे, जिसके बाद राजीव और सुभाष ने उसे व्हाट्सएप के जरिए पेपर भेजा। यही पेपर परीक्षा में आया था। नमन ने आगरा के एक सेंटर पर परीक्षा दी थी। बाद में जब उसे राजीव और सुभाष की गिरफ्तारी की जानकारी मिली, तो उसने अपने मोबाइल से सभी डेटा डिलीट कर दिया था। एसटीएफ अब दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

NAI की 18 दिन की हिरासत में मुंबई हमले का आरोपी तहव्वुर राणा

0

मुंबई 26/11 हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया है। अमेरिकी एजेंसी यूएस मार्शल्स ने 9 अप्रैल को उसे भारत के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को सौंपा। राणा को सख्त सुरक्षा के बीच दिल्ली लाया गया, जहां एनआईए ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया और अदालत ने उसे 18 दिन की NAI हिरासत में भेज दिया। पूछताछ CCTV निगरानी में होगी और हर दिन की रिकॉर्डिंग के साथ एक डायरी तैयार की जाएगी। राणा पर भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने, हत्या, जालसाजी और यूएपीए जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है।

वह मुंबई हमले के मास्टरमाइंड डेविड हेडली का करीबी रहा है। प्रत्यर्पण रोकने के लिए राणा ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट और चीफ जस्टिस से अपील की थी, लेकिन दोनों जगह से याचिका खारिज हो गई। अब NIA की पूछताछ से उम्मीद की जा रही है कि हमले की साजिश से जुड़े कई अहम राज सामने आएंगे।

राणा 9 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे दिल्ली पहुंचा, जहां उतरते ही NIA ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसका मेडिकल चेकअप कराया गया और फिर उसे सीधा NIAकोर्ट ले जाया गया, जहां से 18 दिन की हिरासत मिली।

NIA की पूछताछ SP और DSP रैंक के अफसर करेंगे। राणा से की जा रही हर पूछताछ CCTV कैमरे की निगरानी में होगी और वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी। एजेंसी हर दिन की पूछताछ का एक डायरी रिकॉर्ड तैयार करेगी, ताकि जांच में कोई कड़ी न छूटे।