Home Blog Page 165

एशिया कप से पहले बड़ा झटका: ड्रीम11 और बीसीसीआई का करार टूटा

0
  • नए ऑनलाइन गेमिंग कानून के चलते समय से पहले खत्म हुई 358 करोड़ की डील

नई दिल्ली। एशिया कप 2025 की शुरुआत से ठीक पहले टीम इंडिया के टाइटल स्पॉन्सर ड्रीम11 और बीसीसीआई के बीच का करार समाप्त हो गया है। हाल ही में लागू हुए ऑनलाइन गेमिंग (प्रमोशन और रेग्युलेशन) बिल 2025 के बाद यह बड़ा कदम उठाया गया।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की कि बोर्ड अब भविष्य में ऐसी कंपनियों से करार नहीं करेगा जो नए कानून के दायरे में आती हैं।

2023 में हुई थी 3 साल की 358 करोड़ की डील

  • बीसीसीआई और ड्रीम11 के बीच अनुबंध 2023 में हुआ था।
  • करार 2026 तक चलना तय था, लेकिन अब समय से पहले ही खत्म।
  • जर्सी पर दिखाई देने वाली ड्रीम11 की स्पॉन्सरशिप अब हटेगी।

क्या बिना स्पॉन्सर उतरेगी टीम इंडिया?

एशिया कप 9 सितंबर से शुरू होगा, भारत का पहला मैच 10 सितंबर को यूएई से।

14 सितंबर को मुकाबला पाकिस्तान से और 19 सितंबर को ओमान से होगा।

माना जा रहा है कि बीसीसीआई किसी जल्दबाजी में नया लंबा करार नहीं करेगा, शॉर्ट-टर्म डील की संभावना तलाश रहा है।

नए कानून से मनी गेमिंग कंपनियों पर सख्ती

  • मनी गेमिंग चलाने वालों को 3 साल की जेल या 1 करोड़ रुपये तक जुर्माना।
  • विज्ञापन करने वालों को 2 साल की जेल या 50 लाख रुपये का दंड।
  • अब सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलेगा, ई-स्पोर्ट्स को पहली बार मिलेगा आधिकारिक “खेल” का दर्जा।

कुदरत का कहर: बांध ओवरफ्लो, 100 फीट से अधिक चौड़ी खाई बनी, सेना तैनात

0

राजस्थान: राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का कहर जारी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सवाई माधोपुर में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां लगातार बारिश के कारण सुरवाल बांध ओवरफ्लो हो गया। इसके परिणामस्वरूप बांध के पास एक बड़ा गड्ढा और लंबी खाई बन गई है, जिससे भारी तबाही हुई है।

खाई बनी और गांव में मचा हड़कंप

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बांध के ओवरफ्लो होने से 2 किलोमीटर लम्बी, करीब 100 फीट से अधिक चौड़ी और 50 फीट से अधिक गहरी है। इसका सबसे ज्यादा असर जड़ावता गांव पर पड़ा है। इस खाई से होकर पानी अब खेतों में बह रहा है, जिससे कृषि योग्य भूमि को भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, दो घर, दो दुकानें और दो मंदिर भी ढह गए हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

प्रशासन और सेना अलर्ट

बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। आपदा से निपटने के लिए भारतीय सेना और राहत बलों को इलाके में तैनात किया गया है। आसपास के घरों को खाली करा लिया गया है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और राहत दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और बचाव कार्य जारी है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो स्थिति और भी बिगड़ सकती है।

अभी कम नहीं हुआ खतरा, हर्षिल घाटी में डरा रही है तेलगाड़

0

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हर्षिल घाटी रविवार शाम एक बार फिर खतरे की जद में आ गई। दोपहर बाद हुई तेज बारिश के बाद तेलगाड नदी अचानक उफान पर आ गई, जिससे पूरे बाजार और गांव में दहशत फैल गई। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने नदी किनारे बसे होटल, आवासीय भवन, जीएमवीएन गेस्ट हाउस और पुलिस थाने को खाली करवा दिया है। देर रात को जीएमवीएन की ओर कटाव काखतरा भी बढ़ गया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी में लगातार बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा आने से भागीरथी का प्रवाह रुकने और झील का जलस्तर बढ़ने की आशंका गहरा गई है। इससे पहले भी धराली क्षेत्र में खीरगंगा का मलबा खतरा बढ़ा रहा था, लेकिन अब तेलगाड में फंसे बोल्डर और मलबा अचानक नीचे आने से हालात और गंभीर हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, तेलगाड का पानी पहले गंगोत्री हाईवे पर जमा मलबे की ओर बहा, जिसके बाद कई बार और मलबा व पानी नीचे आने से आर्मी कैंप व भागीरथी नदी का किनारा प्रभावित हुआ। लगातार बारिश और नदी में उफान ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना दिया है। प्रशासन की ओर से लगातार नजर रखी जा रही है।

भारी बारिश का अलर्ट : देहरादून समेत चार जनपदों में आज स्कूल बंद

0

देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए चार जिलों में स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है।

जानकारी के अनुसार देहरादून, बागेश्वर, उत्तरकाशी और चमोली जनपदों में 25 अगस्त (सोमवार) को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।

प्रशासन ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सतर्कता बरतें।

मंत्रिमंडल विस्तार पर सीएम धामी ने दिए संकेत, कहा- पार्टी हाईकमान से वार्ता के बाद होगा फैसला

0

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे के बाद से ही इस विषय पर अटकलें लगाई जाने लगीं। हालांकि, इस पर खुद सीएम धामी ने स्पष्ट किया है कि मंत्रिमंडल विस्तार का निर्णय पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद ही होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी संविधान और संगठन के सिद्धांतों से चलती है। पार्टी हाईकमान जब भी इस विषय पर वार्ता करेगा, तभी इस पर निर्णय लिया जाएगा।”

राज्य में फिलहाल धामी मंत्रिमंडल में कई विभागों का अतिरिक्त प्रभार मंत्रियों के पास है। राजनीतिक हलकों में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट जारी है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने के साथ ही संगठनात्मक संतुलन भी बनाया जा सकता है।

थराली आपदा प्रभावित क्षेत्रों का सीएम धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को मिली 5-5 लाख की सहायता राशि

0

थराली (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चमोली जिले के थराली क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कुलसारी राहत शिविर सहित विभिन्न स्थानों पर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित हो रहे हैं और इनमें किसी भी प्रकार की कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”

सीएम ने कुलसारी राहत शिविर का निरीक्षण कर प्रभावितों से व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। इस दौरान उन्होंने आपदा में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों और मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की तत्काल सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए। साथ ही बेघर हुए लोगों के पुनर्वास के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

जिला प्रशासन की तैयारियां

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि प्रभावितों को सुरक्षित शिविरों में रखा गया है। राजकीय पॉलिटेक्निक कुलसारी में 12, प्राथमिक विद्यालय चेपड़ो में 36 और थराली अपर बाजार के प्राथमिक विद्यालय में 20 लोगों को ठहराया गया है। सभी को भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डीएम ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों को सुचारू कर दिया गया है, वहीं जल्द ही विद्युत आपूर्ति और पेयजल लाइनों की मरम्मत कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। प्रभावित क्षेत्रों में मलवा हटाने और क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के आकलन का कार्य जारी है।

ओडिशा तट पर डीआरडीओ ने किया एकीकृत वायु रक्षा हथियार प्रणाली का सफल परीक्षण

0

बालासोर/भुवनेश्वर। देश की प्रमुख रक्षा अनुसंधान एजेंसी डीआरडीओ ने शनिवार को ओडिशा तट से एकीकृत वायु रक्षा हथियार प्रणाली (IADWS) का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया। यह परीक्षण 23 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से संपन्न हुआ।

डीआरडीओ की यह अत्याधुनिक बहुस्तरीय वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है। इसमें त्वरित प्रतिक्रिया सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (QRSAM), उन्नत अति-लघु दूरी वायु रक्षा प्रणाली (VSHORADS) और लेजर आधारित उच्च शक्ति निर्देशित ऊर्जा हथियार (DEW) शामिल हैं। इन सभी का संचालन डीआरडीओ द्वारा विकसित केंद्रीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र से किया गया।

उड़ान परीक्षण के दौरान तीन अलग-अलग लक्ष्यों—दो उच्च गति वाले मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) और एक मल्टीकॉप्टर ड्रोन—को अलग-अलग दूरी और ऊंचाई पर QRSAM, VSHORADS और लेजर हथियार प्रणाली से एक साथ निशाना बनाया गया। सभी लक्ष्यों को पूरी तरह नष्ट करने में प्रणाली ने सफलता हासिल की।

इस अभियान में मिसाइल प्रणाली, ड्रोन डिटेक्शन-डिस्ट्रक्शन सिस्टम, कमान एवं नियंत्रण, संचार और रडार जैसे सभी घटकों ने अपेक्षानुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उड़ान डेटा की पुष्टि चांदीपुर रेंज पर तैनात उपकरणों के माध्यम से की गई।

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस परीक्षण ने भारत की वायु रक्षा क्षमता को नई मजबूती प्रदान की है और भविष्य में उभरते हवाई खतरों से निपटने के लिए देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।

थराली आपदा : कुलसारी में आपदा प्रभावितों से मिले सीएम धामी

0

 

थराली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को कुलसारी पहुंचे और आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड पर प्रशासनिक अधिकारियों से आपदा राहत और बचाव कार्यों की अद्यतन जानकारी ली।

इसके बाद मुख्यमंत्री राहत शिविर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम धामी ने हर संभव मदद और शीघ्र राहत उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है और किसी को भी असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।

उत्तराखंड में अगले 5 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट

0

उत्तराखंड में अगले पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट, 9 जिलों के लिए चेतावनी

देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले पांच दिनों तक (23 से 27 अगस्त) भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

चेतावनी मुख्य रूप से देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के लिए जारी की गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के निवासियों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

प्रशासन ने नदियों और नालों के किनारे जाने से परहेज करने तथा आपात स्थिति में पुलिस और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। यात्रियों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करने की हिदायत दी गई है।प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए रेस्क्यू टीमें तैयार रखी गई हैं।

उत्तराखंड : धोखाधड़ी के आरोप, आत्महत्या की धमकी का VIDEO वायरल

0

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के भांजे विक्रम सिंह राणा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने आत्महत्या की धमकी देते हुए आरोप लगाया है कि उनके साथ करीब 18 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है।

लेकिन मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विक्रम सिंह ने प्रशासन और पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार शिकायत करने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है।

इस मामले पर देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि पूर्व में सीओ मसूरी द्वारा जांच की गई थी, लेकिन उस समय कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आए थे।

अब मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी को दोबारा जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि निष्पक्ष जांच की जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।