Home Blog Page 166

BJP प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बोले, हरक बनेंगे कांग्रेस की मुसीबत, दिल्ली बैठक पर कही ये बात

0

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव और पार्टी संगठन की रणनीति को लेकर बीजेपी ने अभी से कमर कस ली है। दिल्ली में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और राज्य के सांसदों ने आगामी कार्यक्रमों और मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर गहन चर्चा की। इस दौरान, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही हरक सिंह खुद कांग्रेस के लिए मुसीबत बन जाएंगे।

बैठक में संगठन और सरकार के कामकाज पर चर्चा

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, अजय भट्ट और माला राज्यालक्ष्मी शाह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। हालंकि, यह भी ख़बरें आई थी कि त्रिवेंद्र सिंह रावत होकर बैठक छोड़कर चले गए थे।

बैठक में हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों में पार्टी की शानदार जीत पर संतोष व्यक्त किया गया। सांसदों ने जीत का श्रेय सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को दिया। इसके अलावा, 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, राज्य सरकार की उपलब्धियों और संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नए संगठनात्मक जिलों और पार्टी की प्रदेश एवं जिला इकाइयों के गठन पर भी बातचीत हुई, जिसमें सभी वर्गों- महिला, एससी, एसटी और ओबीसी- को प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया गया।

‘हरक की स्थिति खिसियानी बिल्ली जैसी’

मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हरक सिंह रावत से जुड़े एक सवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने हरक सिंह को पहले ही उनकी हैसियत दिखा दी है और उनकी स्थिति ‘खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे’ जैसी हो गई है। उन्होंने दावा किया कि जैसे-जैसे चुनाव करीब आएंगे, हरक सिंह रावत कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बनेंगे।

‘जीरो टॉलरेंस’ पर बीजेपी का रुख साफ

युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी से जुड़े मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि कानून अपना काम कर रहा है। आरोपी को पार्टी के सभी पदों से तत्काल हटा दिया गया है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम करती है, इसलिए दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

पीएम के जन्मदिन से लेकर आपदा प्रबंधन तक चर्चा 

प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने बताया कि बैठक में उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन के लिए सरकार द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और आगे के लिए सुझाव भी मांगे गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से लेकर सेवा पखवाड़े तक के कार्यक्रमों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की नाराजगी की खबरों पर उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र रावत पार्टी के इतने वरिष्ठ नेता हैं कि वह कभी नाराज नहीं हो सकते।

अनिल अंबानी की रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ मामला दर्ज किया, CBI ने की छापेमारी

0

बैंक धोखाधड़ी मामले में आरकॉम और अनिल अंबानी से जुड़े परिसरों की CBI तलाशी ले रही है। अधिकारियों ने बताया कि CBI ने कथित बैंक धोखाधड़ी के सिलसिले में शनिवार को रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसके परिसरों की तलाशी ली।

इस धोखाधड़ी से भारतीय स्टेट बैंक को 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि एजेंसी आरकॉम और उसके प्रमोटर निदेशक अनिल अंबानी से जुड़े परिसरों की तलाशी ले रही है।

इससे पहले वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पिछले महीने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया था कि आरबीआई के धोखाधड़ी जोखिम प्रबंधन पर मास्टर निर्देशों और बैंक की बोर्ड की ओर से अनुमोदित धोखाधड़ी के वर्गीकरण, रिपोर्टिंग और प्रबंधन नीति के अनुसार इन संस्थाओं को 13 जून को फ्रॉड के रूप में वर्गीकृत किया गया था। उन्होंने कहा था कि 24 जून 2025 को बैंक ने आरबीआई को धोखाधड़ी के वर्गीकरण की सूचना दी।

स्यानाचट्टी में अस्थायी झील का जलस्तर घटा, गाद और मलबा हटाने का काम तेज

0

बड़कोट। उत्तरकाशी जनपद के स्यानाचट्टी क्षेत्र में भारी बारिश से बने अस्थायी झील का संकट धीरे-धीरे कम होता नज़र आ रहा है। झील के मुहाने से लगातार जल निकासी हो रही है और अब यमुना नदी पर बने पुल से पानी लगभग चार फीट नीचे बह रहा है। पुल पर जमी गाद और मलबे को हटाने के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनें लगातार काम कर रही हैं, ताकि आवागमन जल्द सामान्य हो सके।

गदेरे से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यमुना का प्रवाह रुकने से झील का निर्माण हुआ था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बड़कोट स्थित लोनिवि गेस्ट हाउस में संबंधित विभागों की आपात बैठक ली। बैठक में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल भी मौजूद रहे। उन्होंने लोनिवि, सिंचाई विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को समन्वय बनाकर तेज़ी से काम करने के निर्देश दिए।

डीएम आर्य ने झील से पानी की सुरक्षित निकासी के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और गाद हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने के आदेश दिए। साथ ही बरसात के मद्देनज़र संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी और जनशक्ति तैनात रखने के निर्देश भी दिए।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है और टीम भावना के साथ सभी विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। जल्द ही झील को पूरी तरह खाली कर जनजीवन और यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तराखंड: गुलदार का एक और शिकार, तीन साल के बच्चे को उठा ले गया

0

कोटद्वार। लैंसडाउन वन प्रभाग के गुमखाल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गुलदार तीन वर्षीय बच्चे को उठा ले गया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस, वन विभाग और स्थानीय लोग बच्चे की तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। नेपाल मूल के मजदूर गुमखाल-सतपुली सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगे हुए हैं और सड़क किनारे टैंट में रह रहे हैं। उसी दौरान रमेश का तीन वर्षीय पुत्र विवेक को गुलदार उठा ले गया।

सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों के साथ सर्च अभियान शुरू किया गया। फिलहाल बच्चे की तलाश जारी है।

उत्तराखंड: बेटा पीता था शराब, बाप ने उतार दिया मौत के घाट!

0

रुड़की। पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रांघढ़वाला गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां एक पिता ने शराब के विवाद में अपने इकलौते बेटे की नुकीली वस्तु से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, रांघढ़वाला निवासी घसीटा का बेटा सन्नी (35) शराब का आदी था और आए दिन घर में हंगामा करता था। शुक्रवार को भी उसने शराब पी रखी थी, जिस पर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों में हाथापाई हुई और गुस्से में पिता ने नुकीली चीज से सन्नी के सीने में वार कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ नरेंद्र पंत और एसओ रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पत्नी सुषमा और उसके तीन छोटे बच्चे दृ आयुष (15), प्रणिती (8) और दिव्या (6) का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिता की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

उत्तराखंड: इस हत्याकांड के तीन दोषियों को फांसी, दो को उम्रकैद

0

देहरादून। गुच्चूपानी क्षेत्र में वर्ष 2022 में ई-रिक्शा चालक की निर्मम हत्या के मामले में एडीजे प्रथम महेश चंद्र कौशिबा की अदालत ने शुक्रवार को बड़ा फैसला सुनाया। अदालत ने तीन दोषियों को फांसी और दो को कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

मामले के अनुसार, 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक 28 नवंबर 2022 को सवारियां लेकर घर से निकला था, जिसके बाद 29 नवंबर को उसकी लाश गुच्चूपानी नाले में मिली थी। शव को पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से हत्या की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी के आरोपी साबिर अली के साथ अवैध संबंध थे, जिसके चलते इस हत्या की साजिश रची गई। हालांकि अदालत में पत्नी का अपराध साबित न होने के कारण उसे संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।

अदालत ने दोषियों अरशद, शाहरुख और रवि कश्यप को हत्या और आपराधिक साजिश (धारा 302 और 120बी) के तहत फांसी की सजा सुनाई। साथ ही आदेश दिया कि तीनों को तब तक फांसी पर लटकाया जाए जब तक उनकी मौत न हो जाए। दोषी साबिर अली और रईस खान को कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। पांचों दोषियों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

’’बच्चों को मिलेगा मुआवजा’’
अदालत ने आदेश दिया कि दोषी साबिर अली और रईस खान मृतक ई-रिक्शा चालक के बच्चों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देंगे। यह राशि तीन माह के भीतर अदा करनी होगी।

उत्तराखंड: थराली में देर रात बादल फटा, एसडीएम आवास व तहसील परिसर में मलबा घुसा

0
  • एक युवती दबने की आशंका, कई वाहन क्षतिग्रस्त, स्कूल-आंगनबाड़ी आज बंद

चमोली ज़िले के थराली कस्बे में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। आधी रात करीब एक बजे हुई इस घटना में तेज़ बारिश के साथ आया मलबा एसडीएम आवास, तहसील परिसर और कई घरों में घुस गया। कस्बे केदारबगढ़, राडिबगढ़ और चेपड़ों में भी भारी नुकसान की सूचना है।

 

मलबे में कई वाहन दब गए, जबकि सागवाड़ा गांव की एक युवती के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। अचानक आई आपदा से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग घरों से चीखते-चिल्लाते बाहर निकल आए।

 

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन ने एहतियातन शनिवार को थराली तहसील क्षेत्र के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।

 

जिला आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार, लगातार हो रही वर्षा से सड़कों पर पानी भर गया और पूरा कस्बा तालाब में तब्दील हो गया। तहसील परिसर में खड़े कई वाहन मलबे में दबे पाए गए।

 

चमोली जिले के थराली में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। थराली तहसील के पास टूनरी गदेरा में यह घटना घटी, जिससे पूरा तहसील परिसर, बाजार और कई घर मलबे से ढक गए।

 

प्रमुख घटनाएँ और क्षति का विवरण

 

जनहानि और लापता: थराली के सागवाड़ा गाँव में मलबे में दबकर एक 20 वर्षीय लड़की के लापता होने की खबर है। चेपड़ों बाज़ार में भी एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।

 

सड़कें अवरुद्ध: बादल फटने के कारण थराली-ग्वालदम मार्ग मिंग्गदेरा के पास और थराली-सागवाड़ा मार्ग बंद हो गए हैं, जिससे बचाव कार्यों में बाधा आ रही है।

 

व्यापक क्षति: थराली बाजार और कोटदीप तहसील परिसर में भारी मलबा आ गया है, जिसमें कई गाड़ियाँ दब गई हैं। चेपड़ों बाजार में भी कुछ दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

 

बचाव कार्य: एसडीआरएफ (SDRF) की टीम गौचर से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है और बचाव अभियान जारी है।

सत्ता के आसपास मंडराते कालनेमियों से कब मिलेगा छुटकारा?

0
  • प्रदीप रावत ‘रवांल्टा’

हाकम सिंह रावत की तस्वीरें तो आपको याद ही होंगी। उसकी तस्वीरें देखकर ऐसा लगता था मानो वह किसी राजघराने का राजकुमार हो, लेकिन सच्चाई यह थी कि वह नकल माफिया था। हाकम को लोग भूलने लगे थे, लेकिन जितेंद्र की आत्महत्या ने हाकम जैसे कालनेमियों की याद फिर से दिला दी। हाकम का मामला भले ही पूरी तरह से नकल माफिया का हो, लेकिनदोनों में एक समानता जरूर है, वह है बड़े-बड़े नेताओं के साथ खींची गई तस्वीरें…।

हीमांशु चमोली भी इन्हीं तस्वीरों के जरिए लोगों को झांसे में लेता रहा। जितेंद्र भी उसका शिकार ऐसे ही बना होगा! जितेंद्र ने शायद इसलिए मौत को गले लगाया होगा, कि हिमांशु ने उसे बड़े-बड़े नेताओं के साथ अपनी तस्वीरों का रौब दिखाया होगा। अब बात पुलिस के हाथ है। वही बताएगी कि क्या हिमांशु के जाल में एक ही जितेंद्र था या और भी कोई उसके जाल में फंसा हुआ था?

FB IMG 1755855961587

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि जिस तरह से जितेंद्र को लूटा गया, ऐसे कई और जितेंद्र भी लूटे, डराए और धमकाए जा रहे होंगे! हिमांशु चमोली की तस्वीरें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर कैलाश विजयवर्गीय, अनिल बलूनी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र और पूर्व सीएम निशंक तक के साथ सोशल मीडिया पर तैर रही हैं। यही तस्वीरें इन कालनेमियों का हथियार और कवच होती हैं। नेताओं को भी सोचना होगा कि कहीं, उनके आसपास कोई कालनेमी तो नहीं है?

FB IMG 1755855958937

धामी सरकार ने ऑपरेशन कालनेमी चलाया था। अब भी चल रहा होगा। लेकिन, ऐसे लगता है कि यह ऑपरेशन अभी भी अधूरा है, क्योंकि हिमांशु चमोली जैसे कालनेमी अभी भी सत्ता के गलियारों में बेखौफ घूम रहे हैं। ऐसे कालनेमियों के खिलाफ भी एक ऑपरेशन चलाने की जरूरत है।

ऐसे कई अन्य कालनेमी भी सत्ता के आसपास मंडरा रहे हैं। उनसे जितेंद्र जैसे आम युवाओं को, आपको-हमको सबको खतरा है। उस खतरे से आपको खुद बचना होगा। कहीं ऐसा न हो कि कोई कालनेमी आपको ठग ले और फिर कहीं आप भी जितेंद्र की तरह…!

कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड को मिलेगा केंद्र का सहयोग, मुख्यमंत्री धामी ने की केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से मुलाकात

0

नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर राज्य की विभिन्न योजनाओं और आगामी कुंभ 2027 की तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश व हरिद्वार सहित प्रमुख तीर्थ क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और आवास योजनाओं के विकास के लिए केंद्र से सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण व स्वचालन से जुड़े 547.83 करोड़ रुपये के डीपीआर को RDSS योजना में स्वीकृति देने पर केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। साथ ही हरिद्वार कुंभ क्षेत्र के लिए 315 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी RDSS योजना में शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा व्हाइटलिस्टिंग और रिडीमेबल वाउचर प्रणाली के कारण निजी डेवलपर्स परियोजनाओं में रुचि नहीं ले रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती 40:40:20 की चरणबद्ध भुगतान प्रणाली को पुनः लागू करने का आग्रह किया, जिससे योजना को गति मिल सके।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत राज्य में एएचपी घटक के तहत 15,960 आवासीय इकाइयों का निर्माण जारी है, जिनमें से 15,281 लाभार्थियों को आवंटित हो चुकी हैं। लेकिन ईडब्ल्यूएस वर्ग के लाभार्थियों की असंगठित आय और कम CIBIL स्कोर के चलते बैंकों से ऋण सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से बैंकों, एनबीएफसी, एसएलबीसी और आरबीआई को विशेष दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुँच सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ऋषिकेश-गंगा, हरिद्वार-गंगा और टनकपुर स्थित शारदा रिवरफ्रंट को विश्व स्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के रूप में विकसित कर रही है। इसके लिए उन्होंने टीएचडीसी की सीएसआर निधि से 100 करोड़ रुपये सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह पहल नमामि गंगे कार्यक्रम को बल देने के साथ-साथ सतत पर्यटन और स्थानीय आजीविका को भी प्रोत्साहित करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र के सहयोग से उत्तराखंड न केवल आगामी कुंभ को भव्य, सुरक्षित और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील आयोजन के रूप में प्रस्तुत करेगा, बल्कि आवास व आधारभूत संरचना विकास में भी नई ऊँचाइयाँ हासिल करेगा। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

संसद की सुरक्षा में फिर बड़ी चूक: दीवार फांदकर घुसा शख्स, गिरफ्तार

0

संसद भवन की सुरक्षा में एक बार फिर बड़ी चूक हुई है। शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे, एक व्यक्ति पेड़ के सहारे दीवार कूदकर संसद भवन के परिसर में घुस गया। वह रेल भवन की तरफ से दीवार फांदकर नई संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया था। संसद भवन में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है और आरोपी से पूछताछ जारी है। यह घटना संसद की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है, खासकर इसलिए क्योंकि पिछले कुछ समय में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं।

इससे पहले अगस्त 2024 में भी एक युवक दीवार फांदकर संसद परिसर में घुसने की कोशिश कर रहा था, और दिसंबर 2023 में तो दो लोग सीधे लोकसभा के अंदर ही कूद गए थे। ये लगातार हो रही घटनाएं देश की सबसे महत्वपूर्ण इमारत की सुरक्षा व्यवस्था में खामियों को उजागर करती हैं।