Home Blog Page 167

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश : नसबंदी-टीकाकरण के बाद आवारा कुत्ते छोड़े जाएंगे उसी क्षेत्र में, सार्वजनिक स्थानों पर खिलाने पर रोक

0

नई दिल्ली। सर्वोच्च न्यायालय ने 11 अगस्त के अपने आदेश में संशोधन करते हुए आवारा कुत्तों के प्रबंधन को लेकर अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि नसबंदी और टीकाकरण के बाद आवारा कुत्तों को उसी क्षेत्र में छोड़ा जाएगा, सिवाय उन कुत्तों के जो रेबीज से संक्रमित हों या जिनका व्यवहार आक्रामक पाया जाए।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों को खाना खिलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए नगर निगम (एमसीडी) को निर्देश दिया गया है कि वह प्रत्येक वार्ड में कुत्तों को खिलाने-पिलाने के लिए अलग से समर्पित स्थान बनाए। कोर्ट ने टिप्पणी की कि “सार्वजनिक जगहों पर कहीं भी खाने-पीने की वस्तुएं देने से ही कई घटनाएं घटी हैं।”

लोक सेवक को रोकने पर सख्त रुख

कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि यदि किसी लोक सेवक को अपने कर्तव्य के निर्वहन से रोका जाता है तो वह व्यक्ति इसके लिए उत्तरदायी होगा। साथ ही, पशु प्रेमियों के लिए यह विकल्प खुला रखा गया है कि वे चाहें तो कुत्तों को गोद लेने हेतु एमसीडी के सामने आवेदन कर सकते हैं।

राष्ट्रीय नीति पर मांगी राय

शीर्ष अदालत ने आवारा कुत्तों की समस्या पर अपनी कार्यवाही का दायरा बढ़ाते हुए सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पशुपालन विभाग के सचिवों को नोटिस जारी किया है। उनसे इस मुद्दे से निपटने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक समान नीति बनाने पर प्रतिक्रिया मांगी गई है।

लंबित मामलों को सुप्रीम कोर्ट में स्थानांतरित करने का आदेश

कोर्ट ने अपनी रजिस्ट्री को निर्देश दिया है कि देशभर के उच्च न्यायालयों में लंबित सभी याचिकाओं का ब्यौरा जुटाया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि आवारा कुत्तों से जुड़े सभी मामले अब शीर्ष अदालत को ही हस्तांतरित किए जाएंगे।

स्यानाचट्टी में भूस्खलन के बाद बनी कृत्रिम झील, प्रशासन सतर्क

0

बड़कोटः: यमुना घाटी के स्यानाचट्टी में भूस्खलन के कारण मलबा जमा होने से एक कृत्रिम झील बन गई है। इस स्थिति से निपटने और झील को सुरक्षित रूप से खोलने के लिए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

अधिकारी और टीमें मौके पर

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, खाद्य आपूर्ति, और लोक निर्माण विभाग (PWD) सहित सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य खुद घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

घबराने की जरूरत नहीं

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्थानीय लोगों से घबराने की बजाय धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।

झील खोलने की तैयारी

आर्य ने बताया कि मलबे से बनी इस झील को खोलने के लिए सभी एजेंसियां पूरी तैयारी के साथ जुटी हुई हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जैसे ही स्थिति अनुकूल होती है, झील को सुरक्षित तरीके से खोलने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और लोगों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

स्थानीय लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा है कि स्थानीय लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा लोगों के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहें हैं साथ ही मलबे से बनी कृत्रिम झील को खोलने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां भी मौके पर हैं। स्तिथि अनुकूल होते ही झील को खोलने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तरकाशी ब्रेकिंग: यमुना नदी पर स्यानाचट्टी के पास बनी बड़ी झील, 150 लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट, घर और होटल जलमग्न

0

उत्तरकाशी जिले की यमुनाघाटी से बड़ी खबर सामने आई है। यमुना नदी पर स्यानाचट्टी के पास गढ़गाड़ नाले में अचानक भारी मात्रा में मलबा और पानी आने से नदी पर कृत्रिम झील जैसी स्थिति बन गई है। इस झील के कारण निचले क्षेत्रों में बसे होटल और घर जलमग्न हो गए हैं, जबकि पुल तक पानी भर गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने सभी घरों को खाली करवा दिया और करीब 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

मौके पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस, सिंचाई विभाग और राजस्व टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। उप जिलाधिकारी बड़कोट भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रशासन ने एहतियातन आसपास के गांवोंकृओजरी, पूजारगांव, पाली गांव, खराड़ी, कुथनौर और स्यानाचट्टीकृको अलर्ट पर रखा है।

जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे स्यानाचट्टी कस्बे के पास से गुजरती यमुना नदी में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दरअसल, स्याना मोटर पुल से 200 मीटर आगे कुपड़ा गाड़ में लगातार बरसाती मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर यमुना में गिर रहे हैं। यह मलबा नदी की मूल धारा को रोक रहा है और जल प्रवाह बाधित होने से पानी रुककर विशालकाय कृत्रिम झील का रूप ले चुका है।

वर्तमान में इस झील में बने होटलों की पहली मंजिल तक पानी भर चुका है। जलस्तर लगातार बढ़ते हुए स्यानाचट्टी मोटर पुल तक पहुंचने की स्थिति में है। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी स्थान पर कृत्रिम झील बन चुकी है। उस समय सिंचाई विभाग ने नदी के मुहाने को पंचर कर मैनुअल तरीके से झील का पानी बहाया था। लेकिन अब एक बार फिर झील का जलस्तर बढ़ने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की चिंताएं गहरा गई हैं।

स्पीड पोस्ट से भक्तों तक पहुंचेगा बदरीनाथ और केदारनाथ धाम का प्रसाद

0

देहरादून : श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने श्रद्धालुओं को धामों का प्रसाद घर-घर पहुंचाने की नई पहल शुरू कर दी है। एमओयू के तहत बीकेटीसी ने आज प्रसाद के पैकेट भारतीय डाक विभाग को औपचारिक रूप से सौंपे। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने केनाल रोड स्थित कार्यालय में भगवान बदरी विशाल और भगवान केदारनाथ जी का प्रसाद डाक विभाग के अधिकारियों को स्पीड पोस्ट सेवा हेतु सुपुर्द किया।

अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि अनुबंध के तहत डाक विभाग के प्रतिनिधि बीकेटीसी कार्यालय से नियमित रूप से प्रसाद के पैकेट प्राप्त करेंगे और उन्हें श्रद्धालुओं तक पहुंचाएंगे। विशेष रूप से, जिन श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल और भगवान केदारनाथ जी की दीर्घकालिक पूजा करवाई है, उन्हें 5 से 10 वर्ष तक प्रति यात्रा वर्ष प्रसाद भेजा जाएगा।

आज समिति की ओर से कुल 42 प्रसाद पैकेट डाक विभाग को सौंपे गए। इस अवसर पर बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, सहायक निदेशक (मार्केटिंग) आशीष कुमार, सहायक डाक अधीक्षक दिनेश तोमर और मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव योवन कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।

Uttarakhand : वीडियो बनाकर युवक ने खुद को गोली मारी, BJP युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री को बताया जिम्मेदार

0

उत्तराखंड से आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया। डोईवाला के कोठारी मोहल्ला निवासी जितेंद्र नेगी ने श्रीनगर में खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाला, जिसमें उसने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली पर करोड़ों रुपये की ठगी के गंभीर आरोप लगाए।

वायरल वीडियो में जितेंद्र नेगी ने दावा किया कि हिमांशु चमोली ने समय-समय पर लाखों रुपये के मोबाइल फोन अपनी पत्नी और भाई के नाम पर लिए, जमीन दिलाने के नाम पर बड़ी रकम ऐंठी और एक न्यूज पोर्टल शुरू करने का झांसा देकर भी उससे पैसे वसूले। कुल मिलाकर उसने 57 लाख रुपये से अधिक की ठगी का आरोप लगाया। रकम लौटाने से इनकार के बाद ही उसने आत्महत्या का कदम उठाने की बात कही।

घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और वीडियो को संज्ञान में लेते हुए हिमांशु चमोली को गिरफ्तार कर लिया। श्रीनगर पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

उपराष्ट्रपति पद: विपक्षी गठबंधन INDIA के उम्मीदवार बने बी. सुदर्शन रेड्डी, दाखिल किया नामांकन

0

नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन आई.एन.डी.आई.ए. ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने संयुक्त उम्मीदवार के रूप में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त जज बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। रेड्डी ने शुक्रवार को चार सेट में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे सहित 20 नेता उनके प्रस्तावक बने।

नामांकन के मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और विपक्षी गठबंधन के कई अन्य बड़े नेता मौजूद रहे। नामांकन से पहले बी. सुदर्शन रेड्डी ने संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होगा। नामांकन की अंतिम तिथि 21 अगस्त है, जबकि 25 अगस्त तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी।

नामांकन से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, “बी. सुदर्शन रेड्डी विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार हैं। यह चुनाव केवल एक पद के लिए मुकाबला नहीं है, बल्कि हमारे राष्ट्र की आत्मा के लिए एक वैचारिक लड़ाई है।”

सीएम फडणवीस से मिले राज ठाकरे, महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज

0

मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों तेज हलचल देखने को मिल रही है। इसी क्रम में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। दोनों नेताओं की यह मुलाकात राज्य की राजनीति में नए समीकरणों की ओर संकेत करती दिख रही है।

क़रीब दो दशक बाद एक साथ आए ठाकरे ब्रदर्स को हाल ही में हुए बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में करारी हार झेलनी पड़ी थी। बुधवार को हुए इस चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) और मनसे समर्थित ‘उत्कर्ष’ पैनल को एक भी सीट हासिल नहीं हो सकी। इसी हार के अगले ही दिन राज ठाकरे का फडणवीस से मिलना राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को और तेज कर रहा है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस चुनाव को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि शिवसेना (यूबीटी) और मनसे ने “ठाकरे ब्रांड” के नाम पर सोसाइटी चुनाव का राजनीतिकरण किया।

इधर, स्थानीय निकाय चुनाव नज़दीक आते ही राज्य में नए राजनीतिक गठबंधनों को लेकर अटकलें तेज हैं। शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के बीच संभावित गठबंधन की चर्चाएं पहले से ही गर्म हैं। ऐसे में राज ठाकरे और फडणवीस की मुलाकात ने सियासी हलचल को और बढ़ा दिया है।

पूर्व वन मंत्री हरक सिंह रावत का दावा- पाखरो टाइगर सफारी केस में सीबीआई से मिली क्लीन चिट

0

देहरादून। प्रदेश के पूर्व वन मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने दावा किया है कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पाखरो सफारी प्रकरण में सीबीआई ने उन्हें क्लीन चिट दे दी है। उनका कहना है कि सीबीआई और ईडी की ओर से दाखिल आरोप पत्र में उनका नाम शामिल नहीं है।

पाखरो सफारी मामले में लंबे समय तक जांच चलने के बाद सीबीआई ने रावत से पूछताछ भी की थी। फिलहाल मामला कोर्ट में विचाराधीन है। रावत ने कहा कि पेड़ काटने या टेंडर जारी करने का जिम्मा मंत्री का नहीं होता, बल्कि प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी के बाद ही फाइल मंत्री तक आती है। “मंत्री की सीधी भूमिका सिर्फ नीतिगत फैसलों तक सीमित रहती है। यदि गड़बड़ी हो, तो जांच कराने का अधिकार मंत्री के पास होता है,” उन्होंने कहा।

रावत ने पाखरो टाइगर सफारी को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट के जरिए पर्यटन को बढ़ावा मिलता, कोटद्वार से लेकर दिल्ली और जौलीग्रांट तक होटल उद्योग फलता-फूलता और हजारों लोगों को रोजगार मिलता। उनका दावा है कि इस तरह की सफारी से घायल और वृद्ध बाघों की उम्र भी पांच से सात साल तक बढ़ाई जा सकती थी, क्योंकि उन्हें सुरक्षित बाड़ों में भोजन मिल जाता और वे गांवों में हमला करने से भी बचते।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि वन विभाग के कुछ अधिकारियों और रामनगर होटल लॉबी ने मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची। उन्होंने कहा कि यदि हजारों पेड़ काटे जाते, तो इसकी जानकारी जांच एजेंसियों को जरूर मिलती और लकड़ी की आवाजाही पर भी पकड़ बनती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली के कुछ एनजीओ को भी इसमें शामिल किया गया।

क्या है मामला

केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद पाखरो रेंज की 106 हेक्टेयर वन भूमि पर टाइगर सफारी प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। सरकारी स्तर पर दावा किया गया था कि इस प्रोजेक्ट के लिए मात्र 163 पेड़ काटे जाएंगे। लेकिन आरोप है कि इसके स्थान पर 6,903 पेड़ काट दिए गए, जिस पर पूरे प्रकरण ने विवाद का रूप लिया।

उत्तराखंड कैबिनेट के बड़े फैसले: युवाओं-महिलाओं के लिए नई नीति, अपराध पीड़ितों और साक्षियों की सुरक्षा पर जोर

0

देहरादून :  उत्तराखण्ड मंत्रिमंडल की बैठक में मंगलवार को कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में युवाओं, महिलाओं और भूतपूर्व सैनिकों के लिए अलग-अलग रोजगार नीति बनाने पर सहमति बनी। इसके अलावा अपराध पीड़ितों और साक्षियों की सुरक्षा को लेकर भी दो महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई।

युवाओं और महिलाओं के लिए नई नीति

राज्य सरकार ने युवाओं, महिलाओं और भूतपूर्व सैनिकों को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अलग-अलग नीति बनाने का निर्णय लिया है। प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे सरकारी सेवाएं, नीट, नर्सिंग, विदेशी भाषाएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी।

बृहद स्तर पर युवा महोत्सव और रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। आईटीआई, पॉलिटेक्निक और स्कूल मिलकर व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देंगे। रोजगार जोड़ने के लिए अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य होगा।

स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मौन पालन, एप्पल मिशन और बागवानी में हर ब्लॉक से 200 युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य उत्पादों—फल, सब्जी, दूध आदि—की खरीद के लिए कृषि विभाग ने आईटीबीपी से एमओयू किया है, इसी तरह एसएसबी व अन्य केंद्रीय एजेंसियों से भी समझौते होंगे।

उद्योग विभाग निजी क्षेत्र में भी स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देगा। भूतपूर्व सैनिकों को भी सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी योग्यता के अनुसार सेवाओं व स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।

अपराध पीड़ित सहायता योजना में संशोधन

कैबिनेट ने उत्तराखण्ड अपराध से पीड़ित सहायता (संशोधन) योजना, 2025 को मंजूरी दी। इसके तहत अब पोक्सो एक्ट के पीड़ितों के लिए भी न्यूनतम और अधिकतम क्षतिपूर्ति राशि तय की गई है। सचिव गृह शैलेश बगोली ने बताया कि अब पीड़ितों को समयबद्ध और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना संभव होगा।

साक्षी संरक्षण योजना, 2025 को हरी झंडी

न्यायिक प्रक्रिया को और मजबूत करने के लिए कैबिनेट ने साक्षी संरक्षण योजना, 2025 को भी मंजूरी दी। इसका उद्देश्य साक्षियों को भय और दबाव से मुक्त कर सुरक्षित माहौल में गवाही देने की सुविधा उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत पहचान गोपनीयता, स्थान परिवर्तन, सम्पर्क विवरण में बदलाव, भौतिक सुरक्षा और वित्तीय सहायता जैसे उपाय किए जाएंगे। इसके लिए राज्य स्तरीय साक्षी संरक्षण समिति गठित की गई है, जिसमें न्यायपालिका, पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि इस योजना से न्याय प्रक्रिया और अधिक निष्पक्ष व सुरक्षित होगी और यह विधि शासन के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी।

सिंगटाली पुल निर्माण को मिली हरी झंडी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

0

देहरादून :  गंगा नदी पर प्रस्तावित सिंगटाली मोटर पुल के निर्माण को लेकर प्रदेश सरकार ने 57 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस घोषणा के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

द्विवेदी ने कहा कि 150 मीटर लंबे इस पुल के बनने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच दूरी कम होगी। देहरादून से रामनगर (नैनीताल) के बीच यात्रा लगभग 45 किलोमीटर घट जाएगी। इसके साथ ही पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र के सात विकासखंडों और करीब एक हजार गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पुल न केवल गढ़वाल-कुमाऊं को जोड़ेगा बल्कि पर्यटन, तीर्थाटन, व्यापार और स्थानीय विकास को भी नई गति देगा।

बीकेटीसी अध्यक्ष का कहना है कि सिंगटाली पुल निर्माण के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत थे। वर्ष 2006 में पहली बार इस पुल की मांग उठी थी, जबकि 2008 में भूमि पूजन भी किया गया था। गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान सरकार ने मंगलवार को पुल निर्माण के लिए बजट प्रावधान किया, जिससे वर्षों पुराना सपना अब साकार होता दिख रहा है।