Home Blog Page 126

मद्रास हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: क्रिप्टोकरेंसी को माना संपत्ति, वजीरएक्स को निवेशक के XRP क्वॉइन पर कार्रवाई से रोका

0

चेन्नई: मद्रास हाईकोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसले में क्रिप्टोकरेंसी को भारतीय कानून के तहत संपत्ति माना है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि भले ही क्रिप्टोकरेंसी कानूनी मुद्रा नहीं है, लेकिन इसमें संपत्ति के सभी गुण मौजूद हैं। यह फैसला एक निवेशक की याचिका पर आया, जिसके XRP क्वॉइन वजीरएक्स प्लेटफॉर्म पर साइबर हमले के बाद फ्रीज कर दिए गए थे।

निवेशक की याचिका और साइबर हमला

जस्टिस आनंद वेंकटेश ने 54 पन्नों के अपने फैसले में कहा, “क्रिप्टोकरेंसी न तो भौतिक संपत्ति है और न ही मुद्रा, लेकिन यह एक ऐसी संपत्ति है जिसे व्यक्ति अपने पास रख सकता है या ट्रस्ट में रख सकता है।” याचिकाकर्ता ने जनवरी 2024 में वजीरएक्स पर 1,98,516 रुपये का निवेश कर 3,532.30 XRP क्वॉइन खरीदे थे। जुलाई 2024 में वजीरएक्स पर हुए साइबर हमले में करीब 230 मिलियन डॉलर के Ethereum और ERC-20 टोकन चोरी हो गए, जिसके बाद प्लेटफॉर्म ने सभी यूजर अकाउंट्स फ्रीज कर दिए। इससे निवेशक अपने XRP क्वॉइन तक नहीं पहुंच पाए।

निवेशक की दलील और कोर्ट का निर्णय

निवेशक ने कोर्ट में दलील दी कि उनके XRP क्वॉइन चोरी हुए टोकनों से अलग हैं और वजीरएक्स उनकी संपत्ति को ट्रस्ट कस्टोडियन के रूप में संभाल रहा था। उन्होंने मांग की कि कंपनी को उनके क्वॉइन को पुनर्वितरित या इस्तेमाल करने से रोका जाए। वजीरएक्स की भारतीय ऑपरेटर कंपनी Zanmai Labs ने दावा किया कि असली मालिकाना हक सिंगापुर की Zettai Pte Ltd के पास है, जो साइबर हमले के बाद पुनर्गठन की प्रक्रिया में है। कंपनी ने कहा कि सिंगापुर हाईकोर्ट की मंजूरी के तहत नुकसान को सभी यूजर्स में ‘प्रो-राटा’ आधार पर बांटा जाएगा।

हालांकि, मद्रास हाईकोर्ट ने माना कि निवेशक का लेनदेन भारत से हुआ था, इसलिए उसे अधिकार क्षेत्र प्राप्त है। कोर्ट ने कहा कि ब्लॉकचेन पर मौजूद क्रिप्टो टोकन पहचाने जा सकते हैं, ट्रांसफर किए जा सकते हैं और निजी कुंजी के जरिए नियंत्रित किए जा सकते हैं, जो संपत्ति के गुण हैं। कोर्ट ने भारतीय मामलों जैसे अहमद जीएच आरीफ बनाम CWT और जिलूभाई नानभाई खाचर बनाम स्टेट ऑफ गुजरात का हवाला देते हुए संपत्ति की परिभाषा को रेखांकित किया। साथ ही, रूस्कॉ बनाम क्रिप्टोपिया और AA बनाम पर्सन अननोन जैसे अंतरराष्ट्रीय मामलों का भी जिक्र किया, जहां क्रिप्टो को संपत्ति माना गया।

XRP क्वॉइन पर कोर्ट का रुख

कोर्ट ने पाया कि साइबर हमले में केवल Ethereum और ERC-20 टोकन चोरी हुए थे, जबकि निवेशक के 3,532.30 XRP क्वॉइन उससे पूरी तरह अलग थे। इसलिए, वजीरएक्स का इन क्वॉइन पर दावा या उन्हें पुनर्वितरण योजना में शामिल करना गलत है। कोर्ट ने कहा कि अगर सिंगापुर की पुनर्गठन योजना के तहत निवेशक की संपत्ति का मूल्य घटाया गया, तो वे कमजोर पक्ष बन जाएंगे।

कोर्ट का आदेश

मद्रास हाईकोर्ट ने Zanmai Labs और उसके निदेशकों को आदेश दिया कि वे निवेशक के 3,532.30 XRP क्वॉइन को पुनर्वितरित, बांट या पुनः आवंटित न करें, जब तक कि मध्यस्थता में अंतिम फैसला नहीं आ जाता। यह फैसला क्रिप्टोकरेंसी को संपत्ति के रूप में मान्यता देने वाला भारत में पहला बड़ा कदम है, जो भविष्य में इस क्षेत्र के लिए कानूनी ढांचे को मजबूत कर सकता है।

निवेशकों के लिए राहत

यह फैसला उन निवेशकों के लिए राहत की खबर है, जो क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करते हैं और साइबर हमलों या प्लेटफॉर्म की मनमानी के कारण अपनी संपत्ति खोने के डर से जूझ रहे हैं। कोर्ट का यह कदम क्रिप्टोकरेंसी के कानूनी दर्जे को स्पष्ट करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पद्मभूषण शोभा गुर्टू जी को जन्म शताब्दी पर दी गई संगीतमय श्रद्धांजलि

0
  • जलोटा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में शास्त्रीय संगीत जगत में विशेष आयोजन किया गया

मुंबई: जलोटा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में पद्मभूषण शोभा गुर्टू जी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में एक विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 24 अक्टूबर, शुक्रवार को वीर सावरकर ऑडिटोरियम, दादर पश्चिम, मुंबई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6:30 बजे से हुआ।

IMG 20251026 WA0014

इस अवसर पर शोभा गुर्टू जी की वरिष्ठ शिष्याएं — धनश्री पंडित राय, स्रबोनी चौधरी, और अदिति बनर्जी — अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। इनके साथ — निरंजन लेले (हारमोनियम), स्वप्निल भिसे (तबला) और संदीप मिश्रा (सरंगी) ने बखूबी साथ दिया।

IMG 20251026 WA0017

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति स्वयं पद्मश्री भजन सम्राट अनुप जलोटा जी द्वारा पद्मभूषण शोभा गुर्टू जी को अपनी श्रद्धा को संगीत के सुरों में पिरोकर अपनी और से उनको विशेष श्रद्धांजलि दी। उनका तबले पर अमित चौबे, गिटार पर धीरेन रायचूरा, वायलिन पर महेश राव और कीबोर्ड पर विजय चंद्रा जी ने साथ दिया, कार्यक्रम का संचालन अंकिता “नादान” खत्री ने किया।

IMG 20251026 WA0011कार्यक्रम में संगीत के प्रसिद्ध एवं नामांकित व्यक्ति जैसे सुप्रसिद्ध वायलिन वादक सुनीता भुइयां, भवदीप जयपुरवाले, अभिजीत घोषाल, अर्नब चटर्जी एवं सोमेश माथुर उपस्थित रहे।

IMG 20251026 WA0015

कार्यक्रम का आयोजन “तथास्तुप्रोडक्शंस” द्वारा प्रबंधित किया गया। यह आयोजन न केवल शोभा गुर्टू जी के असाधारण योगदान को याद करने का अवसर था, बल्कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सुंदर प्रयास जलोटा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा किया गया।

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी और प्रदूषण की दोहरी मार, ‘सांस लेना हुआ खतरनाक’

0

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम अब पहले से कहीं ज्यादा सर्द हो गया है। दिन में भले ही धूप निकल रही हो, लेकिन स्मॉग की मोटी चादर के कारण उसका असर न के बराबर है। रात के समय ठंड ने जोर पकड़ लिया है और शनिवार रात न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।

नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत आसपास के इलाकों में भी रातें अब ठंडी होने लगी हैं, जिसके चलते लोग सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं। रविवार सुबह कई इलाकों में हल्की धुंध और छिछला कोहरा भी देखा गया।

प्रदूषण ने बढ़ाईं सांस की तकलीफें

सर्दी के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता भी तेजी से बिगड़ रही है। रविवार सुबह आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 430 के पार पहुंच गया, जो ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में आता है। इस स्तर पर सांस लेना दूभर हो गया है और लोगों को आंखों में जलन व सांस लेने में तकलीफ की शिकायतें बढ़ रही हैं। अन्य इलाकों में भी स्थिति चिंताजनक है। वजीरपुर में AQI 403, विवेक विहार में 371, जहांगीरपुरी में 370, चांदनी चौक में 376, रोहिणी में 362, बुराड़ी में 344, नरेला में 338, सोनिया विहार में 330, ओखला और आरके पुरम में 324, जबकि लोदी रोड में 290 दर्ज किया गया। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-2) लागू कर दिया है।

मौसम में बदलाव, छठ पर बारिश की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हालांकि, सोमवार (27 अक्टूबर) से मौसम में बदलाव की संभावना है। हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 27 और 28 अक्टूबर को दिल्ली में बारिश हो सकती है। इस बारिश से छठ पूजा के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

प्रदूषण और सर्दी की दोहरी मार से जूझ रहे दिल्लीवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। मास्क पहनने, अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और खासकर बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। दिल्ली सरकार और संबंधित विभाग प्रदूषण नियंत्रण के लिए कदम उठा रहे हैं, लेकिन नागरिकों की जागरूकता और सहयोग भी इस संकट से निपटने में अहम होगा।

पाकिस्तान ने सलमान खान को घोषित किया आतंकी, बलूचिस्तान को अलग देश बताने पर बवाल

0

कराची/मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सऊदी अरब में हाल ही में आयोजित जॉय फोरम 2025 के दौरान सलमान ने बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग देश के रूप में उल्लेख किया, जिसके बाद पाकिस्तान सरकार ने उन्हें आतंकवादी घोषित कर दिया है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने सलमान खान को एंटी-टेररिज्म एक्ट के तहत फोर्थ सेड्यूल में शामिल कर लिया है, जिसका मतलब है कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

सलमान ने क्या कहा?

सऊदी अरब में आयोजित एक कार्यक्रम में सलमान खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कहा, “ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, सभी सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहे हैं।” इस बयान में बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग देश के रूप में उल्लेख करने पर पाकिस्तान में हंगामा मच गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि सलमान ने यह बयान जानबूझकर दिया या अनजाने में। सलमान या उनके प्रतिनिधियों की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

बलूच नेताओं ने की तारीफ

बलूचिस्तान में स्वतंत्रता की मांग करने वाले नेता मीर यार बलूच ने सलमान खान के बयान की सराहना की। उन्होंने कहा, “सलमान खान का बलूचिस्तान का उल्लेख छह करोड़ बलूच लोगों के लिए गर्व का क्षण है। यह सांस्कृतिक कूटनीति का शक्तिशाली उदाहरण है, जो बलूचिस्तान को एक अलग राष्ट्र के रूप में मान्यता दिलाने में मदद कर सकता है।”

बलूचिस्तान में क्यों है तनाव?

बलूचिस्तान, जो पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है और इसका क्षेत्रफल देश का 46% है, लंबे समय से आजादी की मांग को लेकर चर्चा में रहा है। यह प्रांत खनिज संसाधनों से समृद्ध है, लेकिन आर्थिक रूप से बेहद पिछड़ा है। यहां की लगभग 70% आबादी गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करती है। बलूच नागरिकों का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार, विशेष रूप से पंजाब क्षेत्र के मुस्लिम, उनके साथ भेदभाव करते हैं। ग्वादर पोर्ट को चीन को सौंपे जाने और चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को कोई लाभ न मिलने के कारण भी असंतोष बढ़ा है।

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की हिंसक कार्रवाइयां

बलूचिस्तान में आजादी की मांग के साथ-साथ हिंसक घटनाएं भी बढ़ रही हैं। हाल की कुछ प्रमुख घटनाएं:

4 जनवरी 2025: BLA ने हमला कर 43 पाकिस्तानी सैनिकों की हत्या की।

1 फरवरी 2025: अर्धसैनिक बलों पर हमले में 18 जवान मारे गए।

12 मार्च 2025: ट्रेन हाइजैक, 200 सैनिकों की मौत।

16 मार्च 2025: बस पर हमले में 90 सैनिक मारे गए।

6 मई 2025: 6 सैनिकों की हत्या।

7 मई 2025: 12 सैनिक मारे गए।

पाकिस्तान का रुख

पाकिस्तान सरकार ने सलमान खान के बयान को देश की संप्रभुता के खिलाफ माना है। गृह मंत्रालय ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सलमान को फोर्थ सेड्यूल में शामिल किया है, जिसके तहत उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

इस घटना ने भारत-पाकिस्तान के बीच पहले से तनावपूर्ण रिश्तों को और जटिल कर दिया है। सलमान खान के इस बयान के बाद भारत में भी इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।

चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी की जन्म शताब्दी पर डाक विभाग ने जारी किया विशेष माई स्टाम्प

0

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के रैणी गांव में शनिवार को डाक विभाग ने चिपको आंदोलन की प्रणेता और पर्यावरण संरक्षण की प्रतीक स्वर्गीय गौरा देवी की जन्म शताब्दी के अवसर पर एक विशेष माई स्टाम्प और विशेष आवरण जारी किया। यह आयोजन जोशीमठ के रैणी गांव में आयोजित किया गया, जहां गौरा देवी ने अपने साहसिक नेतृत्व से पर्यावरण संरक्षण का इतिहास रचा था।

IMG 20251026 WA0006
गौरा देवी का जन्म 1925 में जोशीमठ के लाता गांव में हुआ था। विवाह के बाद वे रैणी गांव की निवासी बनीं। मार्च 1974 में उनके नेतृत्व में रैणी और लाता गांव की महिलाओं ने नंदा देवी बायोस्फियर रिजर्व के हिस्से रहे जंगलों को कटने से बचाने के लिए ठेकेदारों का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने पेड़ों को गले लगाकर वनों की रक्षा की, जिसे वे अपना “मायका” मानती थीं। इस दृढ़ संकल्प के आगे ठेकेदारों को पीछे हटना पड़ा, और वन सुरक्षित रहा।

गौरा देवी के नेतृत्व में शुरू हुआ चिपको आंदोलन हिमालयी पारिस्थितिकी, पर्यावरण न्याय, और ग्रामीण आजीविका के अधिकारों का प्रतीक बन गया। इस आंदोलन ने विश्वभर के पर्यावरणीय आंदोलनों को प्रेरणा दी और एक नई दिशा प्रदान की।

IMG 20251026 WA0005
डाक विभाग द्वारा जारी विशेष माई स्टाम्प और विशेष आवरण गौरा देवी के इस ऐतिहासिक योगदान को सम्मानित करने का एक प्रयास है। यह आयोजन न केवल उनकी स्मृति को जीवित रखेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित भी करेगा।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया, रोहित शर्मा का ऐतिहासिक शतक, लौटी विराट कोहली चमक

0

सिडनी: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे मैच में शानदार जीत दर्ज कर सीरीज का सम्मानजनक अंत किया। सिडनी में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने मेजबान टीम को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 169 गेंदों में 168 रनों की साझेदारी की, जिसने भारत की जीत की नींव रखी।

रोहित का ऐतिहासिक शतक, कोहली का साथ 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 38.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रोहित शर्मा ने नाबाद 121 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 50वां शतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 33वां शतक था। विराट कोहली ने नाबाद 74 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर रोहित का बखूबी साथ दिया। कप्तान शुभमन गिल ने 24 रनों का योगदान दिया।

रोहित शर्मा ने इस शतक के साथ इतिहास रच दिया। वह क्रिकेट के तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे, टी20) में पांच या उससे अधिक शतक लगाने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में किसी मेहमान बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा वनडे शतक (6) बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, जिसमें उन्होंने विराट कोहली (5) और कुमार संगकारा (5) को पीछे छोड़ा।

रोहित के अंतरराष्ट्रीय शतक

  • टेस्ट: 12
  • वनडे: 33
  • टी20I: 5

हर्षित राणा की शानदार गेंदबाजी इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.4 ओवर में 236 रन बनाए। रेनशॉ ने सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि कप्तान मिचेल मार्श ने 41 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8.4 ओवर में 39 रन देकर चार विकेट चटकाए। वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट हासिल किए।

रो-को की आलोचनाओं का जवाब रोहित और कोहली की फॉर्म को लेकर हाल के दिनों में कई सवाल उठ रहे थे, लेकिन इस मैच में दोनों ने अपने बल्ले से जवाब दिया। रोहित की आक्रामक बल्लेबाजी और कोहली की संयमित पारी ने साबित कर दिया कि वे अब भी भारत को जीत की राह पर ले जा सकते हैं। इस जीत ने न केवल सीरीज का अंत शानदार तरीके से किया, बल्कि भारतीय प्रशंसकों को एक बार फिर गर्व करने का मौका दिया।

‘बाहुबली’ की भव्य वापसी: ट्रेलर रिलीज, इस दिन सिनेमाघरों में दोबारा गूंजेगी महाकाव्य गाथा

0

हैदराबाद: भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्म ‘बाहुबली- द एपिक’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो चुका है, और प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी है। एस.एस. राजामौली की इस महाकाव्य फिल्म ने एक बार फिर दर्शकों को उस जादुई दुनिया में खींच लिया है, जिसने भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। 31 अक्टूबर को होने वाली इस फिल्म की ग्रैंड री-रिलीज के लिए उत्सुकता चरम पर है, जब दर्शक एक बार फिर बड़े पर्दे पर इस भव्य गाथा का आनंद ले सकेंगे।

‘बाहुबली’ ने न केवल कहानी कहने की कला को नया आयाम दिया, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व सफलता हासिल कर पैन-इंडिया सिनेमा का मार्ग प्रशस्त किया। इस फिल्म ने ‘KGF’ और ‘पुष्पा’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए रास्ता खोला। अपनी शानदार सिनेमैटोग्राफी, गहन कहानी और सांस्कृतिक प्रभाव के साथ, ‘बाहुबली’ भारतीय सिनेमा की असीमित संभावनाओं का प्रतीक बन गई है। जहां ‘शोले’ सबसे लंबे समय तक चलने वाली फिल्मों में शुमार है, वहीं ‘बाहुबली 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जो आज भी अटूट हैं।

यह री-रिलीज दर्शकों को माहिष्मति की जादुई दुनिया में वापस ले जाने का सुनहरा अवसर है, जहां प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी जैसे सितारों ने अपने किरदारों को अमर कर दिया। यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की एकता और शक्ति का उत्सव है।

सोशल मीडिया पर ट्रेलर ने तहलका मचा दिया है। प्रभास के प्रशंसक इसे जमकर शेयर कर रहे हैं। एक प्रशंसक ने लिखा, “बाहुबली इज बैक! माहिष्मति की जय!” तो दूसरे ने कहा, “31 अक्टूबर को सिनेमाघरों में होगा असली धमाका!” प्रशंसकों की यह दीवानगी साबित करती है कि ‘बाहुबली’ आज भी उतनी ही प्रासंगिक और प्रिय है। तो तैयार हो जाइए, क्योंकि ‘बाहुबली’ की यह भव्य वापसी भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ने को तैयार है। 31 अक्टूबर को सिनेमाघरों में इस महाकाव्य को फिर से जिएं!

महिला डॉक्टर ने की आत्महत्या, पुलिस अधिकारी पर बलात्कार और उत्पीड़न का आरोप, सांसद का नाम!

0

सतारा : महाराष्ट्र के सतारा जिले के फलटण उप-जिला अस्पताल में कार्यरत 26 वर्षीय महिला डॉक्टर ने गुरुवार देर रात आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपने पीछे चार पेज का एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदने पर चार बार बलात्कार और पांच महीने से अधिक समय तक शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया गया है। सुसाइड नोट में यह भी खुलासा हुआ कि पुलिस अधिकारियों और एक सांसद के सहायकों ने उन पर आरोपियों के लिए फर्जी फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने का दबाव डाला था।

सुसाइड नोट के अनुसार, पिछले 23 महीनों से अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर पर पुलिस अधिकारियों ने फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने के लिए दबाव बनाया, जिनमें से कई आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए भी नहीं लाया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदने और अन्य लोगों ने उन्हें परेशान किया। नोट में एक विशेष घटना का जिक्र है, जिसमें एक सांसद के दो निजी सहायक अस्पताल में घुस आए और सांसद से फोन पर बात कराकर उन्हें परोक्ष रूप से धमकाया गया। पुलिस ने अभी तक सांसद का नाम उजागर नहीं किया है।

डॉक्टर की हथेली पर लिखे नोट में भी गोपाल बदने पर बलात्कार और उत्पीड़न का आरोप लगाया गया। उनके चचेरे भाई ने बताया कि उन्होंने दो-तीन बार पुलिस अधीक्षक (एसपी) और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) को पत्र लिखकर शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पत्र में उन्होंने परिसर में सुरक्षा की कमी और अपनी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया था, साथ ही पूछा था कि अगर उनके साथ कुछ हुआ, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।

डीएसपी को फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। डॉक्टर का बॉन्ड पीरियड एक महीने में खत्म होने वाला था, जिसके बाद वह स्नातकोत्तर डिग्री हासिल करना चाहती थीं। लेकिन कथित तौर पर लगातार दबाव और उत्पीड़न ने उन्हें यह कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर किया।

पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदने और एक अन्य व्यक्ति, बांकर, के खिलाफ बलात्कार और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। बदने को निलंबित कर दिया गया है, और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। कोल्हापुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक सुनील फुलारी ने बताया कि एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर जांच चल रही है।

उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग के छेनागाड़ में आपदा के दो महीने बाद दो शव बरामद, एक की हुई शिनाख्त

0

रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में छेनागाड़ में दो महीने पहले आई आपदा के बाद राहत कार्यों के दौरान दो शव बरामद किए गए हैं। इनमें से एक शव की पहचान हो गई है, जबकि दूसरे शव की केवल आंशिक अवशेष मिलने के कारण पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, छेनागाड़ में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का कार्य चल रहा था। इस दौरान कार्यरत टीम को दो शव दिखाई दिए, जिसकी सूचना तत्काल राहत दल को दी गई। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया।

बरामद शवों में से एक की पहचान कुलदीप सिंह (24 वर्ष), पुत्र बीरबल सिंह, निवासी ग्राम उछोला भोर के रूप में हुई है। दूसरा शव केवल पैर के रूप में मिला, जिसके कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

राहत कार्यों में जुटी टीमें लगातार क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही हैं। आपदा के बाद से लापता लोगों की खोज और राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए स्थानीय प्रशासन और डीडीआरएफ की टीमें सक्रिय हैं। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि दूसरे शव की पहचान और आपदा से संबंधित अन्य जानकारी का पता लगाया जा सके।

स्थानीय लोगों ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को और तेज करने की मांग की है, ताकि लापता लोगों का पता लगाया जा सके और प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान की जा सके।

बड़ी खबर : तेज रफ्तार कार ने मचाया कोहराम, 5 की मौत, 2 गंभीर

0

आगरा : थाना न्यू आगरा के केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर नगला बूढ़ी में शुक्रवार रात करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार कार ने कहर बरपाया। अनियंत्रित कार ने पहले एक बाइक सवार डिलीवरी ब्वॉय को कुचला, फिर मां-बेटे सहित दो दोस्तों को चपेट में लिया और अंत में डिवाइडर से टकराकर पलटते हुए एक घर के बाहर बैठे लोगों पर जा गिरी। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक नशे में था और पुलिस चेकिंग से बचने के लिए उसने गति बढ़ा दी थी।

हादसे का खौफनाक मंजर घटना दयालबाग मार्ग से 80 फुटा की ओर नगला बूढ़ी की तरफ आ रही एक कार से शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शी और नगला बूढ़ी निवासी प्रेमचंद ने बताया कि उनके पिता दौलतराम की गुरुवार को मृत्यु हो गई थी, जिसके चलते उनके घर के बाहर टेंट लगाया गया था। परिवार के लोग टेंट के नीचे बैठे थे। इसी दौरान, जतिन रिसॉर्ट के पास शराब के ठेके के सामने कार ने एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी कर्मचारी को टक्कर मारी, जो बाइक पर था। टक्कर के बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास में ही पुलिस चेकिंग कर रही थी। चालक ने पकड़े जाने के डर से कार की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद वह अनियंत्रित हो गई। कार ने रास्ते में नगला बूढ़ी निवासी बबली (38) और उनके बेटे गोलू, पेंटर का काम करने वाले दो दोस्त कमल (23) और कृष उर्फ कृष्णा (20) को कुचल दिया। करीब 100 मीटर आगे जाकर कार डिवाइडर से टकराई और तीन बार पलटते हुए प्रेमचंद के घर के बाहर टेंट में बैठे लोगों पर जा गिरी। इसमें प्रेमचंद के भतीजे राहुल और वीरेंद्र दब गए।

चीख-पुकार के बीच राहत कार्य हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने कार को सीधा कर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। कार के साइलेंसर से निकली आग से देवेंद्र और जतिन झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां बबली, भानु प्रताप, कमल, कृष्णा और बंटेश (50) को मृत घोषित कर दिया गया। दो अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

नशे में था चालक, लोगों ने की पिटाई प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार चालक नशे में था। हादसे के बाद कार का एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई, लेकिन कार लॉक हो गई। गुस्साए लोगों ने कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर चालक को भीड़ से बचाया और उसे थाने ले गई।

हंगामे के बाद पुलिस ने लिया कार कब्जे में हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की। अपर पुलिस उपायुक्त आदित्य सिंह और एसीपी हरीपर्वत अक्षय संजय महाडिक ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद भीड़ को शांत किया। इसके बाद पुलिस ने हादसे वाली कार को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

सुरक्षा पर सवाल इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और नशे में ड्राइविंग पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस चेकिंग के बावजूद ऐसी घटनाओं पर अंकुश न लगने पर नाराजगी जताई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।