Home Blog Page 1117

18 घंटे बाद खुला बदरीनाथ हाईवे, चारधाम यात्रा सुचारू

0

नई दिल्ली – आफत की बारिश उत्तराखंड, बिहार, असम, बंगाल और यूपी में हो रही है। कई इलाकों में बारिश से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। पिछले दो दिनों से उत्तराखंड के कई इलाकों में हो रही बारिश से भुस्खलन हुआ है। देहरादून में मोहंड के पास बीते बुधवार को भूस्खलन से दिल्ली-देहरादून–सहारनपुर हाईवे करीब नौ घंटे बंद रहा था। हालांकि अब यात्रा सुचारू है। उधर, बारिश से दूसरे दिन भी चारधाम यात्रा प्रभावित रही। केदरानाथ हाईवे बुधवार को बंद था, लेकिन अब खुल गया है। बदरीनाथ हाईवे बंद बुधवार रात छह बजे बंद था। जो बृहस्पतिवार दोपहर को करीब 12 बजे खुला। उधर, यमुनोत्री हाईवे पर आवाजाही शुरू हो गई है। अब चारधाम यात्रा सुचारू हो गई है।

बारिश के कारण सड़क खोलने में दिक्कत आ रही थी। करीब एक हजार यात्री बदरीनाथ हाईवे बंद होने से रुके हुए थे। चमोली जिला प्रशासन के अनुसार यात्रियों को बदरीनाथ ओर पांडुकेश्वर में रोका गया था। सभी यात्री सुरक्षित स्थानों पर थे। अब सभी यात्री रवाना होने लगे हैं। चमोली, जोशीमठ, पांडुकेश्वर समेत कई स्थानों पर बारिश हो रही है। रुद्रप्रयाग की सभी तहसीलों में बादल छाए हुए हैं। केदारनाथ धाम में हल्की बारिश हो रही है। दो दिन बाद केदारनाथ पैदल यात्रा सुचारू हुई है।बुधवार को केवल एक घंटे के लिए यात्रा चली थी। बृहस्पतिवार को केदारनाथ यात्रा चल रही है। हालांकि यात्रियों की संख्या कम है।

बता दें कि बदरीनाथ हाईवे बुधवार शाम छह बजे से बंद हो गया था। लामबगड़ स्थान पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही ठप थी। बीआरओ की टीम ने मलबा हटाकर सड़क को खोल दिया है। इससे यात्रियों को राहत मिली है। यमुनोत्री हाईवे धरासू बैंड के पास बंद हो गया था। कल रात करीब 9 बजे बारिश से मलबा आने के कारण सड़क बंद हो गयी थी। अब यमुनोत्री हाईवे भी खुल गया है। उधर, गंगोत्री हाईवे पर यातायात सुचारू है। देहरादून में बुधवार को तबाही मचाने के बाद बारिश थम गई है। सुबह से मौसम साफ है। कई इलाकों में चटक धूप खिल गई है। कहीं बादल छाए हुए हैं। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों को छोड़ आज ज्यादातर जगह मौसम राहत देने वाला है।

हरिद्वार-उन्नाव के बीच गंगा नदी के तट से 100 मीटर तक का क्षेत्र ‘नो डेवलपमेंट जोन’

0

नई दिल्ली – उत्तराखंड के हरिद्वार और उत्तरप्रदेश के उन्नाव के बीच गंगा नदी के तट से 100 मीटर तक के क्षेत्र को राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने ‘नो डेवलपमेंट जोन’ घोषित किया है। एनजीटी ने कहा कि गंगा नदी के तट से 500 मीटर के दायरे में किसी प्रकार का कचरा डंप नहीं होना चाहिए। एनजीटी ने ये भी कहा कि गंगा नदी में कचरा डंप करने वाले किसी को भी 50 हजार रूपए का पर्यावरण जुर्माना देना होगा।

एनजीटी ने सुनवाई के दौरान कहा कि उत्तरप्रदेश को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए चमड़े के कारखानों को जाजमउ से उन्नाव अथवा किसी भी अन्य स्थान जिसे राज्य उचित समझता हो, वहां छह सप्ताह के भीतर स्थानांतरित करना चाहिए। एनजीटी ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार को गंगा और उसकी सहायक नदियों के तटों पर धार्मिक क्रियाकलापों के लिए दिशानिर्देश बनाने के लिए कहा।

एनजीटी ने 543 पन्नों वाले अपने फैसले के पालन की निगरानी करने और इस संबंध में रिपोर्ट पेश करने के लिए पर्यवेक्षक समिति का भी गठन किया। इसके अलावा एनजीटी ने 35 थर्मल पावर स्टेशनों को नोटिस जारी किया है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने अपनी याचिका में इन स्टेशनों पर पॉल्यूशन मॉनिटरिंग सिस्टम नहीं होने का आरोप लगाया था।

रणवीर ने ही काट ली अपनी मूंछे

0

लाखों लड़कियों को बॉलीवुड के ‘बाजीराव’ रणवीर सिंह की बढ़ी हुई शेव पसंद है। लेकिन अपने फैन्स के दिल रणवीर ने तोड़ दिए हैं और अपनी फेवरिट दाढ़ी पर फैन्स के सामने ही कैंची चला दी। हाल ही में रणवीर ने इंस्टाग्राम पर एक लाइव वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपनी शेव काट रहे हैं। यही नहीं, बढ़ी हुई मूंछ और दाढ़ी की फोटो इंस्टा पर डालकर उन्होंने लिखा ‘आई विल मिस यू’। सिर्फ आप नहीं रणबीर, आपके फैन्स भी आपकी शेव वाले लुक को मिस करने वाले हैं।

बता दें कि इससे पहले ‘बाजीराव मस्तानी’ के बाद रणवीर की मूंछे दीपिका ने काटी थी और उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर भी किया था। लेकिन फिल्म बेफिक्रे में रोल की डिमांड को देखते हुए उन्हें फिर से शेव बढ़ानी पड़ी। बाजीराव इन दिनों फिल्म ‘पद्मावती’ की शूटिंग में बिजी हैं। इसमें वह अलाउद्दीन खिलजी का रोल निभा रहे हैं। अलाउद्दीन के यंग लुक के लिए बाजरीव को अपनी शेव काटनी पड़ी।

लाइव वीडियो के दौरान रणवीर ने अपना पुराना टाइम याद किया। जब दीपीका ने उनकी मूंछों पर कैंची चला दी थी। रणवीर ने वीडियो में फैन्स को बताया कि ऐसा करके दीपिका बहुत खुश थी, लेकिन मैं बिल्कुल भी खुश नहीं हूं। मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मेरी बॉडी से कोई पार्ट अलग हो गया हो।

वीडियों के अंत रणवीर यह कहकर किया कि अभी उन्हें बची हुई शेव को भी क्लीन करना है, लेकिन फिलहाल वह इसी लुक में शूटिंग करने वाले हैं। रणवीर अपने इस लुक से काफी अटैच हैं, लेकिन उनके फैन्स अब उन्हें क्लीन शेव में देखने के लिए और इंतजार नहीं कर सकते।

शशिकला फिर एक बार विवादों में फंसी

0

नई दिल्ली – एआईएडीएमके की प्रमुख शशिकला को बैंगलुरु की सेंट्रल जेल में वीवीआईपी सुविधाएं मिल रही है। जेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक जेल में 2 करोड़ का किचन शशिकला इस्तेमाल कर रही हैं। जेल के सीनियर डीआईजी को डीआईजी ने चिट्ठी लिखकर इसकी जानकारी दी है। हालांकि इन आरोपों से डीजीपी ने इंकार करते हुए कहा कि जहर के डर से शशिकला के खाने पर खास ध्यान रखा गया है, लेकिन अलग से किचन नहीं बनाया गया है।

इस चिठ्ठी में लिखा गया है कि शशिकला ने स्पेशल किचन के लिए 2 करोड़ रुपये की डील की है और इस बात की जानकारी डीजीपी को थी। इस मामले में कर्नाटक के डीजीपी शामिल हैं। आपको बता दें कि शशिकला आय़ से अधिक संपत्ति मामले में चार साल की सजा काट रही हैं। डीआईजी रूपा ने ये चिट्ठी लिखी है। 10 जुलाई को जेल निरीक्षण के बाद ही ये मामला सामने आया है।

एक आरटीआई कार्यकर्ता से मिली जानकारी के मुताबिक एक महीने में शशिकला से 14 मौकों पर 28 लोगों ने बेंगलुरु सेंट्रल जेल में मुलाक़ात की। आरटीआई कार्यकर्ता नरसिम्हा मूर्ति ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसे जेल मैनुएल का उल्‍लंघन बताया था। इस आरटीआई कर्यकर्ता के विरोध के बाद परपनाग्रहारा यानी बेंगलुरु सेंट्रल जेल प्रशासन ने सफाई दी।
Shashi Kala is once again hanged in controversy

उत्तराखंड के कई इलाकों में बाढ़ के हालात

0

नई दिल्ली – उत्तराखंड के कई जिलों में दो दिन से भारी बारिश हुई। खाससर राजधानी देहरादून में बुधवार को बारिश ने कहर ढाया। जगह–जगह जलभराव और नदियां उफान पर होने से लोग बेहाल रहे। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में भी बारिश से लोग बेहाल रहे।

बीते दो दिन प्रदेश में जमकर बरसने के बाद आज से एक सप्ताह बारिश प्रदेशवासियों को राहत देगी। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल कहीं भी ज्यादा बारिश के आसार नहीं है। देहरादून मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक गुरुवार से शनिवार के बीच प्रदेश में मौसम काफी हद तक साफ रहेगा। इस दौरान कहीं कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। सिंह के मुताबिक इसके आगे 20 जुलाई तक भी मौसम तकरीबन ठीक ही बना रहेगा। इस दौरान भी बहुत ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है। इसलिए लोग इस एक सप्ताह में अपने रुके हुए काम पूरे कर सकते हैं।

हल्द्वानी में सबसे अधिक बारिश बीते दो दिनों में प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच प्रदेश में सर्वाधिक बारिश नैनीताल जिले में दर्ज हुई। इस दौरान हल्द्वानी शहर में सर्वाधिक 17.5 सेमी बारिश हुई, इसके बाद नैनीताल में 14.9 सेमी , मसूरी में 11.4, जखोली में 10.6, द्वाराहाट में 7.5, देवप्रयाग में 70.9 बारिश दर्ज हुई।

32 हजारी हुआ सेंसेक्स, निफ्टी भी 9800 के पार

0

मुंबई – बीएसई का सेंसेक्स आज पहली बार मॉनसून की अच्छी प्रगति, कंपनियों के मजबूत तिमाही परिणाम की उम्मीद और महंगाई के आंकड़ों में नरमी के दम पर 32 हजार के अंक को पार कर गया।

चौतरफा लिवाली के दम पर सेंसक्स गत दिवस की तुलना में 91.41 अंक चढ़कर 31896.23 अंक पर खुला और पहले घंटे के कारोबार में ही 32 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया। तकरीबन 240 अंक की बढ़त बनाता हुआ एक समय यह 32044.40 अंक को छूने में कामयाब रहा।

सबसे ज्यादा तेजी रियल एस्टेट, एफएमसीजी और पूंजीगत वस्तुओं के समूह में रही। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में आईटीसी में सबसे ज्यादा तेजी और ओएनजीसी में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 64.35 अंक की बढ़त 9880.45 अंक पहुंच गया।

कुमार विश्वास को बिग बी का नोटिस

0

नई दिल्ली – कवि डॉ कुमार विश्वास को महानायक अमिताभ बच्चन ने लीगल नोटिस भिजवाया है। डॉ.कुमार विश्वास ने पुराने हिन्दी कवियों को श्रद्धांजलि की श्रृंखला, ‘तर्पण’ पिछले सप्ताह शुरू की थी। इस श्रृंखला को लेकर कुमार काफ़ी उत्साहित थे और उन्होंने इसका जिक्र अपने ऑफिसियल फेसबुक, ट्वीटर इत्यादि पर भी किया था। इस श्रृंखला में विश्वास लगभग 15 दिवंगत कवियों की कविताओं की संगीतमय प्रस्तुति करते हैं।

इनमें बाबा नागार्जुन, दिनकर, निराला, बच्चन, महादेवी, दुष्यंत, भवानी प्रसाद मिश्र के साथ अन्य कवियों की कविताएं शामिल है। कुमार ने इस श्रृंखला के चौथे वीडियो के रूप में गत शनिवार को ‘नीड़ का निर्माण फिर-फिर’ नाम से स्व हरिवंश राय बच्चन जी की एक कविता का वीडियो डाला। जब अमिताभ बच्चन के किसी प्रशंसक ने यह वीडियो अमिताभ बच्चन को टैग करते हुए ट्वीट किया तो उन्होंने इसे कॉपीराइट का हनन बताया और लीगल प्रक्रिया की चेतावनी दी।

इसके बाद डॉ. कुमार विश्वास की ईमेल आईडी पर एक नोटिस भेजा गया। इसमें बच्चन की तरफ से 24 घण्टे के अंदर यह वीडियो डिलीट करने और इस वीडियो से हुई कमाई का हिसाब देने की मांग की गई। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।

इसके जवाब में डॉ कुमार विश्वास ने बच्चन को ट्वीट के जरिये जवाब दिया कि अन्य कवियों के परिवारों से मुझे (तर्पण के लिए) प्रशंसा मिली जबकि आपकी तरफ से नोटिस मिला। मैं ‘बाबूजी’ के ट्रिब्यूट वीडियो को डिलीट कर रहा हूं। इससे 32 रुपये की कमाई हुई है। वो मैं आपको भेज रहा हूँ।

इसके अलावा कुमार ने फेसबुक लाइव के माध्यम से अपने श्रोताओं और प्रशंसकों से बातचीत करते हुए कहा कि ‘तर्पण’ श्रृंखला के लिए मुझे भवानी दादा, बाबा नागार्जुन, दिनकर जी और दुष्यंत जी आदि के परिवारों से प्रशंसा और आशीर्वाद मिला है। लेकिन यदि अमिताभ बच्चन जी ने इसे कॉपीराइट का हनन बताया है तो मैं उनके आदेश के अनुसार यह वीडियो डिलीट कर रहा हूँ।

इससे यूट्यूब के माध्यम से मिले 32 रुपए भी मैं उन्हें भेज रहा हूँ। मैंने यह श्रृंखला उन दिवंगत महाकवियों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुरू की थी जिन्हें हम बचपन से ही सुनते आए हैं। लेकिन यदि अमिताभ बच्चन नहीं चाहते कि हरिवंश राय बच्चन जी की कविताएं इसमें शामिल की जाएं तो मैं उनकी बात मानते हुए हरिवंश जी की बाकी कविताएं भी जनता तक नहीं पहुंचाऊंगा। हालांकि मैंने हरिवंश जी के दूसरे पुत्र श्री अजिताभ बच्चन जी से इस संदर्भ में बात की थी और इसी वीडियो पर उन्होंने मुझे बधाई का संदेश भी भेजा था। यह उनका कानूनी अधिकार है, इसलिए मैं यह वीडियो वापस ले रहा हूँ।

पाकिस्तान की ओर से किए सीजफायर उल्लंघन में सेना के दो जवान शहीद

0

नई दिल्ली – जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा सेक्टर में पेट्रोलिंग कर रहे जवानों पर एक बार फिर पाकिस्तान ने फायरिंग की है। सेना के दो जवान पाकिस्तान की ओर से किए सीजफायर उल्लंघन में शहीद हो गए हैं। पाक इस नापाक हरकत का भारत की ओर से सुरक्षाकर्मी मुंहतोड़ जबाव दे रहे हैं। कल रात से ही सेना ने बडगाम सेक्टर में आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रखा है,जिसमें सेना ने हिजबुल के तीन आतंकी मार गिराए हैं।

बता दें कि सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जम्मू-कश्मीर के बडगाम में हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए थे। वे सभी हिजबुल मुजाहिद्दीन के बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

मोदी की नीतियों के कारण कश्मीर में आतंकवादियों को मौका मिला – राहुल गांधी

0

नई दिल्ली – आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कश्मीर नीति को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि कश्मीर में आतंकवादियों को मौका उनकी नीतियों के कारण मिला है तथा निर्दोष भारतीयों का रक्त बह रहा है। आज टवीट कर राहुल ने कहा, कश्मीर में आतंकवादियों को मोदी की नीतियों के कारण मौका मिला। भारत के लिए करारा रणनीतिक झटका।”

जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों पर आतंकवादियों द्वारा किए गये हमले के दो दिन बाद कश्मीर मुद्दे पर आज कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कई टवीट कर मोदी सरकार को घेरा। राहुल ने जम्मू कश्मीर के सुरक्षा हालात के लिए राज्य की पीडीपी़-भाजपा गठबंधन सरकार को भी परोक्ष रूप से निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मोदी ने तात्कालिक लाभ लेने के लिए पीडीपी से गठबंधन किया जिसके कारण भारत को नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने कहा, मोदी को पीडीपी गठबंधन से मिले तात्कालिक लाभ के कारण भारत को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। राहुल ने प्रधानमंत्री पर यह भी आरोप लगाया कि उनके निजी लाभ के कारण भारत को सामरिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और निर्दोष भारतीय लोगों का बलिदान हो रहा है। उन्होंने कहा, मोदी का निजी लाभ भारत का सामरिक नुकसान निर्दोष भारतीय रक्त का बलिदान।

पटना में तेजस्वी यादव के सुरक्षाकर्मियों ने पत्रकारों से की बदसलूकी

0

पटना – डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के सुरक्षाकर्मियों ने पटना सचिवालय में मीडियाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की है। दरअसल यह मामला उस वक्त का है, जब रिपोर्ट्स ने बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से हाल ही में हुई सीबीआई रेड पर सवाल पूछ रहे थे। तेजस्वी यादव के सुरक्षाकर्मियों ने इसी बीच मीडियाकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी।

विपक्ष के नेता सुशील मोदी ने इस मारपीट पर कहा है कि पत्रकारों पर यह हमला तेजस्वी के इशारे पर हुआ। उन्होंने इस हमले को शर्मनाक बताया और नीतीश कुमार से इस मामले में संज्ञान लेने की अपील की। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सबसे छोटे बेटे और बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। जिसके बाद से बीजेपी लगातार उनसे इस्तीफे की मांग कर रही है। बिहार में सत्ता संभाल रही जेडीयू की ओर से तेजस्वी यादव को 4 दिन की मोहलत दी गई है। जेडीयू की ओर से कहा गया है कि तेजस्वी यादव 4 दिन में आरोपों को लेकर जरूरी सबूत सबके सामने रखें।

इस बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सीएम नीतीश कुमार के साथ कैबिनेट की बैठक में बुधवार सुबह शामिल हुए। तेजस्वी यादव ने बैठक के बाद भारतीय जनता पार्टी, अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह जो कुछ भी हो रहा है वह राजनीतिक षडयंत्र है, मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। जिस वक्त का यह मामला है, उस वक्त मैं 14 साल का बच्चा था, मेरी मूंछ भी नहीं आई थी।