IT रेड के बाद भाजपा पर अखिलेश यादव का वार, बोले “मुख्यमंत्री अनुपयोगी हैं, हमारे फोन…”

0
83

विधानसभा चुनाव के करीब आते ही उत्तर प्रदेश में सियासत गर्मा गई है। माना जा रहा है कि इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा को सरकार बनाने में काफी मुश्किलें पैदा होंगी और इन मुश्किलों को सबसे ज्यादा समाजवादी पार्टी बढ़ाएगी। सपा ने अपना काम शुरू भी कर दिया है। बीते कुछ समय से सपा भाजपा पर लगातार हमला कर रही है। आज एक बार फिर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा पर हमला बोला है। अखिलेश ने इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अनुपयोगी मुख्यमंत्री करार दिया है।

बता दें कि सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय और पार्टी के अन्य नेताओं के घरों पर आयकर विभाग की छापेमारी के बाद अखिलेश यादव का यह बयान सामने आया है। उन्होंने इस दौरान भाजपा पर आरोप भी लगाया। अखिलेश ने कहा कि “पार्टी के नेताओं के ठिकानों पर छापेमारी इस बात का संकेत है कि बीजेपी चुनाव हारने वाली है। बीजेपी भी उसी स्क्रिप्ट पर काम कर रही है जो कांग्रेस बतौर शासक सौंपकर गई है। मुख्यमंत्री अनुपयोगी हैं। उन्हें कम्प्यूटर और स्मार्टफोन भी चलाना नहीं आता। अगर कोई उन्हें कम्प्यूटर दिखा दे तो वह डर जाते हैं।”

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं के फोन टैप किए जा रहे हैं। सीएम योगी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री खुद हर शाम उसकी रिकॉर्डिंग सुनते हैं।” गौरतलब हैं कि उत्तर प्रदेश में अगली साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसको लेकर सभी तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। इस बीच अब सभी दल जनता का सपोर्ट पाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।